Sunday, July 5, 2026 3:10 am

हीरानगर में सुरक्षाबलों को आतंकी के छिपे होने की मिली थी खबर, सुरक्षाबलों ने इलाके को घेरा, सर्च ऑपरेशन जारी

जम्मू-कश्मीर जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के रविवार (23 मार्च 2025) को आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई. कठुआ जिले के हीरानगर में सुरक्षाबलों को आतंकी के छिपे होने की खबर मिली थी, जिसके बाद यहां बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था. इसी दौरान सुरक्षाबलों ने तीन से चार आतंकियों को देखा और फिर मुठभेड़ शुरू हो गई. अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास तलाशी अभियान भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे इलाके में संदिग्ध देखे जाने के बाद सुरक्षा बलों ने ऑपरेशन चलाया है. सुरक्षाबलों को शक है कि इस इलाके में आतंकी छिपे हो सकते हैं. खुफिया जानकारी के आधार पर जम्मू-कश्मीर पुलिस की विशेष टीम, सेना और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की टीमों ने कठुआ जिले के हीरानगर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास जंगल के क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया. सुरक्षा बलों ने भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों के एक ग्रुप को रोका और फिर मुठभेड़ शुरू हो गई. जिस जगह पर ये एनकाउंटर हो रहा है वह इलाका घने जंगलों वाला है. ऐसे में यह ऑपरेशन लंबे समय तक चल सकता है. कठुआ में तीन निर्दोषों को मारा जम्मू में पिछले कुछ दिनों से आतंकियों की घुसपैठ की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. 17 मार्च 2025 को कुपवाड़ा जिले में आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई थी, जिसमें एक पाकिस्तानी आतंकी मारा गया था. हाल ही में कठुआ जिले में आतंकवादियों ने तीन निर्दोष नागरिकों की हत्या कर दी थी. इनमें से एक 14 साल का लड़का भी था. मृतक की पहचान दर्शन सिंह (40), योगेश सिंह (32) और वरुण सिंह (15) में हुई, जो 5 मार्च को बिलावर तहसील के लोहाई मल्हार में एक शादी समारोह से लौटते समय लापता हो गए थे. इसके बाद पुलिस, सेना, सीआरपीएफ, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप और विलेज डिफेंस गार्ड ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया. उनके शवों को एक झरने से बरामद किया गया. recent visitors 49

काला जठेड़ी गिरोह के दो शार्पशूटरों को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया, गिरोह के कई सदस्य सक्रिय

नई दिल्ली दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने देर रात छावला इलाके में मुठभेड़ के बाद कुख्यात काला जठेड़ी गिरोह के दो शार्पशूटरों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अमित डागर और उसके सहयोगी अंकित के रूप में हुई है। अमित डागर, जेल में बंद गैंगस्टर ओमप्रकाश उर्फ काला का भाई है।  पुलिस को रात अमित डागर और उसके सहयोगी की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इस पर स्पेशल सेल की टीम ने छावला इलाके में जाल बिछाया। जब पुलिस ने दोनों को घेरने की कोशिश की, तो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिससे दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।   गिरोह के कई सदस्य दिल्ली-NCR में सक्रिय पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी काला जठेड़ी गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं और कई संगीन अपराधों में शामिल रहे हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह का नेटवर्क काफी फैला हुआ है और इसके कई सदस्य दिल्ली-एनसीआर समेत आसपास के इलाकों में सक्रिय हैं।   पुराने आपराधिक गतिविधियों की हो रही पड़ताल पुलिस ने कहा कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और उनकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और गिरोह की गतिविधियों की पड़ताल कर रही है।   काला जठेड़ी गैंग का बढ़ रहा प्रभाव दिल्ली-एनसीआर में काला जठेड़ी गैंग का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। यह गिरोह जबरन वसूली, हत्या और अवैध हथियारों की तस्करी जैसे अपराधों में संलिप्त है। पुलिस ने हाल के दिनों में इस गिरोह के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। recent visitors 45

पेपर लीक की खबर के बाद बोर्ड ने लिए लिया फैसला, असम में कक्षा 11वीं की परीक्षाएं रद: शिक्षा मंत्री

नई दिल्ली पूर्वोत्तर राज्य असम में राज्य बोर्ड की कक्षा 11वीं की 24 मार्च से 29 मार्च तक होने वाली सभी परीक्षाओं को रद कर दिया गया है। इस बात की जानकारी शिक्षा मंत्री रनोज पेगू ने दी है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य के कई स्थानों से परीक्षा पेपर लीक होने की खबरें सामने आई हैं। इन खबरों का संज्ञान लेते हुए कक्षा 11वीं की 24 मार्च से 29 मार्च तक होने वाली सभी परीक्षाओं को रद करने का फैसला लिया गया है। जानकारी दें कि इससे पहले असम राज्य विद्यालय शिक्षा बोर्ड (एएसएसईबी) का 21 मार्च को होने वाला उच्चतर माध्यमिक प्रथम वर्ष का गणित का पेपर भी लीक हो गया था। इस पेपर लीक के बाद अधिकारियों ने सभी परीक्षाओं रद करने का फैसला लिया था। अब कक्षा 11वीं की 24 मार्च से होने वाली सभी परीक्षाओं को रद कर दिया गया।  बता दें कि कक्षा 11वीं की सभी विषयों की परीक्षाएं छह मार्च से शुरू हुईं और 29 मार्च तक होने वाली थीं। recent visitors 48

मुंबई को चेन्नई ने 155 रनों पर रोका, नूर ने झटके 4 विकेट

चेन्नई. इंडियन प्रीमियर लीग के 18वें सीजन का तीसरा मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच चेपॉक में खेला जा रहा है। मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 155 रन बनाए। मुंबई के लिए तिलक वर्मा ने सर्वाधिक 31 रन बनाए। चेन्नई की ओर से नूर अहमद ने चार और खलील अहमद ने तीन विकेट लिए। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत खराब रही। टीम को पहले ही ओवर में पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के रूप में झटका लगा। रोहित बिना खाता खोले आउट हुए। रेयान रिकल्टन 7 गेंद में 13 रन ही बना सके। विल जैक्स 11 रन बनाकर आउट हुए। सूर्यकुमार यादव 26 गेंद में 29 रन बनाकर आउट हुए। रॉबिन मिन्ज ने तीन और तिलक वर्मा 31 रन बनाकर आउट हुए। नमन 17 रन ही बना सके। सैंटनर 11 रन बनाकर पवेलियन लौटे। बोल्ट एक बना सके। दीपक चाहर 15 गेंद में 28 रन बनाकर नाबाद लौटे। चेन्नई की ओर से नूर अहमद ने चार और खलील अहमद ने तीन विकेट लिए। recent visitors 51

स्वामी कृष्णानंद महाराज ने गौशाला से गायों के लापता होने पर जताई नाराजगी, मामले में न्यायिक जांच की मांग की गई

उज्जैन मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक गौशाला से 498 गायों के लापता होने के मामले में एक बड़ा मोड़ आया है। बगलामुखी मंदिर के संत स्वामी कृष्णानंद महाराज ने कार्रवाई न होने से नाराज होकर आश्रम छोड़ने और हिमालय जाने का फैसला किया है। उन्होंने अपनी 3 बीघा जमीन में से आधी श्मशान और आधी कब्रिस्तान को दान करने का भी ऐलान किया है। स्वामी कृष्णानंद महाराज 23 मार्च 2025 को हिमालय के लिए प्रस्थान करेंगे। उन्होंने यह कदम गौशाला से गायों के लापता होने के मामले में न्याय नहीं मिलने के कारण उठाया है। स्वामी कृष्णानंद महाराज मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर से लगभग 75 किलोमीटर दूर मां बगलामुखी मंदिर के पीठाधीश्वर हैं। उन्होंने लेकोडिया गांव की गौशाला से 498 गायों के लापता होने के मामले में न्यायिक जांच की मांग की थी। साथ ही, उन्होंने दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की भी मांग की थी। इस मामले को लेकर वे लंबे समय से आंदोलन कर रहे थे, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। इससे दुखी होकर उन्होंने आश्रम छोड़ने का फैसला किया है। संत समाज में नाराजगी आश्रम छोड़ने और अपनी जमीन दान करने की घोषणा करते हुए स्वामी कृष्णानंद महाराज ने कहा कि वे अपनी जमीन का आधा हिस्सा कब्रिस्तान और आधा श्मशान को दान करेंगे। उन्होंने कहा कि वे 23 मार्च 2025 को हिमालय के लिए रवाना होंगे। कार्रवाई नहीं होने पर देश भर से आए संतों ने नाराज़ होकर मुंडन भी करवाया था। गौशाला से गायों के लापता होने के मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से संत नाराज थे। 1028 गायों में से 530 ही मिलीं संत ने दावा किया कि गौशाला में 1028 गाय रजिस्टर्ड हैं, लेकिन मौके पर सिर्फ 530 गायें ही मिलीं। उन्होंने 14 जनवरी को पशुपालन मंत्री लखन पटेल को पत्र लिखकर मामले की न्यायिक जांच और दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। गायों के लापता होने से स्वामी कृष्णानंद महाराज बहुत दुखी हैं। इसी वजह से उन्होंने हिमालय जाने का फैसला लिया है। recent visitors 49

ऊर्जा मंत्री तोमर ने पर्यावरण संवारने और सेहतमंद जीवन बनाने का संदेश देने चलाई साइकिल

भोपाल ग्वालियर उप नगर के वाशिंदों को पर्यावरण सुरक्षा और सेहतमंद जीवन बनाने का संदेश देने के लिए ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर रविवार की सुबह कांच मील न्यू कॉलोनी स्थित अपने निवास से हजीरा इंटक मैदान सब्जी मंडी तक साइकिल से पहुँचे। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने इस दौरान सब्जी विक्रेताओं की समस्याओं को सुना और ताज़ी सब्जियां ख़रीदीं।   ऊर्जा मंत्री श्री  तोमर ने समाज से स्वच्छ हवा, स्वस्थ जीवनशैली और हरियाली को अपनाने का आहवान करते हुए कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का जिम्मेदारी से उपयोग करें ताकि प्रदूषण को कम कर पृथ्वी के संतुलन को बनाए रखा जा सके। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वस्थ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। हम सभी को अपने जीवन में छोटी-छोटी आदतों से बड़े बदलाव लाने का प्रयास करना चाहिए। बच्चों के साथ क्रिकेट ऊर्जा मंत्री श्री  तोमर ने इंटक मैदान में क्रिकेट खेल रहे बच्चों के साथ क्रिकेट खेली तथा बच्चों को बेहतर खिलाड़ी बनकर देश का नाम रोशन करने की सलाह दी। उन्होंने क्रिकेट खेलने के लिए किट दिलाने का आश्वासन दिया। recent visitors 33

औरंगजेब की कब्र पर ताला लगाने की चेतावनी, बालराजे आवारे ताला लगाने के इरादे से निकले थे, पुलिस ने किया अरेस्ट

संभाजीनगर महाराष्ट्र में औरंगजेब की कब्र हटाने को लेकर विवाद चल रहा है। इस बीच छत्रपति संभाजीराजे शौर्य प्रतिष्ठान ने औरंगजेब की कब्र पर ताला लगाने की चेतावनी दी। इसके बाद बालराजे आवारे मुंबई से खुल्दाबाद में औरंगजेब की कब्र पर ताला लगाने के इरादे से निकले थे। हालांकि, पुलिस ने उन्हें समृद्धि राजमार्ग पर अजंता इंटरचेंज के पास रोक दिया और छत्रपति संभाजी नगर जिले से बाहर भेज दिया। पुलिस ने उन्हें नोटिस भी जारी किया, इसके बावजूद आवारे छत्रपति संभाजी नगर शहर की सड़कों पर घूमते नजर आए। पुलिस ने उन्हें कार से उतारा और हिरासत में ले लिया। बालराजे आवारे ने कहा कि हम कब्र पर ताला लगाकर ही रहेंगे, जिससे उनकी मंशा साफ हो गई। इस बीच, प्रशासन ने कब्र की सुरक्षा और बढ़ा दी है। अब कब्र के चारों ओर सुरक्षा दीवार पर कंटीले तार लगा दिए गए हैं, ताकि कोई अनधिकृत व्यक्ति वहां न पहुंच सके। पुलिस और प्रशासन ने इस मामले में किसी भी तरह की अशांति को रोकने की पूरी तैयारी की है। बता दें कि महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से औरंगजेब की कब्र को हटाने की मांग जोर पकड़ रही है। इस मांग को लेकर पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। नागपुर में भी विरोध प्रदर्शन के बाद हिंसा हो गई थी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा था कि नागपुर हिंसा में हुए नुकसान की भरपाई दंगाइयों से कराई जाएगी और अगर वे भुगतान नहीं करते, तो उनकी संपत्ति जब्त कर बेची जाएगी। सीएम फडणवीस ने जानकारी दी थी कि हिंसा में शामिल 104 लोगों को पकड़ा गया है, इनमें से 92 गिरफ्तार किए गए हैं, जबकि शेष नाबालिग हैं। दंगाइयों की पहचान सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग के जरिए की जा रही है और अंतिम आरोपी की गिरफ्तारी तक कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा था कि हिंसा औरंगजेब की प्रतीकात्मक कब्र जलाने के बाद फैली। इसके बाद सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाई गईं कि एक चादर जलाई गई थी, जिस पर कुरान की आयतें लिखी थीं, लेकिन यह पूरी तरह झूठ था। उन्होंने ऐलान किया था कि सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाने वालों को भी आरोपी बनाया जाएगा। इसके साथ ही बांग्लादेशी कनेक्शन की जांच भी की जाएगी, हालांकि इस पर फिलहाल कुछ कहना जल्दबाजी होगी। recent visitors 40