Monday, July 6, 2026 8:08 pm

गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग का फैसला किया

नई दिल्ली आईपीएल 2025 का पांचवां गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स के बीच आज खेला जा रहा है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग का फैसला किया। 2022 की आईपीएल विजेता टीम गुजरात टाइटंस ने पिछले सीजन में आठवें पायदान पर अपना सफर खत्म किया था। गुजरात टाइटंस ने शुभमन गिल को पिछले साल अपनी टीम का कप्तान बनाया था। अब पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2025 के लिए अपनी टीम का कप्तान श्रेयस अय्यर को बनाया है। अगर बात करें आईपीएल में गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स के बीच हेड-टू-हेड रिकॉर्ड की तो दोनों टीमों के बीच 5 बार भिड़ंत हो चुकी है। इन मैचों में गुजरात की टीम ने 3 बार जीत हासिल की है, जबकि पंजाब की टीम ने दो बार जीत हासिल की है।  recent visitors 33

विपक्ष के नेताओं ने 2024 के चुनाव में न सिर्फ दुष्‍प्रचार किया बल्कि विदेशी पैसे का भी इस्‍तेमाल हुआ: CM योगी

लखनऊ सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने अमेरिकी अरबपति जॉर्ज सोरोस का नाम लेते हुए कांग्रेस और इंडिया गठबंधन में शामिल उसके सहयोगी दलों पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्‍होंने कहा कि विपक्ष के नेताओं ने 2024 के चुनाव में न सिर्फ दुष्‍प्रचार किया बल्कि इन चुनावों में विदेशी पैसे का भी बड़े पैमाने पर इस्‍तेमाल हुआ। सीएम योगी ने एएनआई के एक पॉडकास्‍ट में सवालों का जवाब देते हुए ये बातें कहीं। उन्‍होंने कहा कि ये लोग (विपक्षी दलों के कई नेता) चुनाव में विदेशी पैसों के इस्‍तेमाल में प्रत्‍यक्ष या अप्रत्‍यक्ष ढंग से शामिल रहे। 2024 में चुनाव में क्‍या गलत हुआ? इस सवाल के जवाब में सीएम योगी ने कहा कि दुष्प्रचार किया गया था। दुष्‍प्रचार ही नहीं किया था बल्कि विदेशी पैसे भी इसमें इंवॉल्व (शामिल) था। जार्ज सोरोस ने तो बहुत पहले ही इसकी घोषणा कर दी थी। क्‍या सोरास के पैसे यूपी में भी लगे थे? इस सवाल पर सीएम योगी ने कहा- ‘मैं कह रहा हूं कि पूरे देश में विदेशी पैसा इंवॉल्व था लोकसभा चुनाव के दौरान जिसमें कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने, जो भी इंडी गठबंधन से जुड़े हुए दल थे ये लोग धड़ल्‍ले से डायरेक्‍ट-इन डायरेक्‍ट (प्रत्‍यक्ष या अप्रत्‍यक्ष) ढंग से उसमें लिप्‍त थे। उसी के माध्‍यम से इन्‍होंने पूरे चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास किया।’ सीएम योगी ने कहा कि यह कृत्‍य देशद्रोह की श्रेणी में आता है। बता दें कि बीजेपी अमेरिकी उद्योगपति जार्ज सोरोस के नाम पर कांग्रेस को घेरती रही है। पिछले साल दिसम्‍बर में बीजेपी के राज्‍यसभा सदस्‍य सुधांशु त्रिवेदी ने एक प्रेस कांफ्रेंस में आरोप लगाया था कि 'फोरम फॉर डेमोक्रेटिक लीडर्स ऑफ एशिया पैसिफक' से कांग्रेस की वरिष्‍ठ नेता सोनिया गांधी के संबंध हैं। बीजेपी का आरोप है कि इस फोरम में भारत विरोधी और पाकिस्‍तान समर्थित बातें हो रही हैं और इसकी फंडिंग जार्ज सोरोस के फाउंडेशन से की जाती है। तब कांग्रेस और समाजवादी पार्टी सहित कई विपक्षी दलों ने बीजेपी के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए खंडन किया था। recent visitors 30

शनि, शुक्र और राहु की युति मीन राशि में बन रही, इन राशियों के लिए शुभ संकेत और तरक्की के योग

 मार्च महीने के आखिरी कुछ दिन ज्योतिषीय घटनाओं के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण होने वाला है। इस दिन साल का सबसे बड़ा राशि परिवर्तन होने जा रहा है, जिसमें शनि कुंभ राशि की अपनी यात्रा को विराम देते हुए गुरु की राशि मीन में प्रवेश करेंगे। ऐसे के अलावा इस दिन सूर्य ग्रहण भी है। आपको बता दें मीन राशि में पहले से शुक्र, बुध, सूर्य और राहु एक साथ चारों ग्रह विराजमान हैं। 29 मार्च को शनि का गोचर होगा। शनि, शुक्र और राहु का मीन राशि में त्रिग्रही योग बनेगा। इस त्रिग्रही योग के बनने से कुछ राशि वालों का भाग्य चमक सकता है, जिससे कुछ राशि वालों को इस युति से आर्थिक लाभ, सामाजिक लाभ और  मान-सम्मान में वृद्धि हो सकती है। आइए जानते हैं कौन-कौन होंगी भाग्यशाली राशियां। मिथुन राशि शनि गोचर के समय राहु, शनि और शुक्र की युति से बना संयोग मिथुन राशि वालों के लिए बहुत ही लाभकारी साबित हो सकता है। यह त्रिग्रही योग मिथुन से कर्म भाव में बनने जा रहा है। ऐसे में आपको करियर-कारोबार में अच्छी सफलता मिल सकती है। नौकरी में प्रमोशन और कारोबार में अच्छा मुनाफा मिल सकता है। आपके कार्यों की खूब सराहना होगी। धन लाभ के अवसरों में वृद्धि होगी। समय-समय पर खुशखबरी मिलती रहेंगी। मान-सम्मान और यश में वृद्धि के योग हैं। कुंभ राशि त्रिग्रही योग के निर्माण से कुंभ राशि के जातकों को अच्छा लाभ मिलने के योग हैं। जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली आएगी। यह त्रिग्रही योग आपकी कुंडली के दूसरे भाव यानी धन के स्थान पर बनेगा। ऐसे में आर्थिक नजरिए से यह त्रिग्रही योग बहुत ही लाभकारी साबित होगा। करियर- कारोबार में तरक्की के योग है। कार्यों में सफलता और रूका हुआ धन वापस मिल सकता है। आपको कार्यक्षेत्र में आपकी मेहनत का फल मिलेगा। धनु राशि धनु राशि के जातकों के लिए बनने वाला राहु, शनि और शुक्र के संयोग से त्रिग्रही योग बहुत ही अनुकूल साबित हो सकता है। यह आपकी राशि से चौथे भाव में बनने जा रहा है। इससे आपकी सुख-सुविधाओं में इजाफा होने के योग हैं। धन लाभ के अवसरों में वृद्धि होगी। आपके आत्मविश्वास में बढ़ोतरी होगी। जमीन-जायदाद से जुड़ा को मामला आपके लिए शुभ साबित हो सकता है। भाग्य का अच्छा साथ मिलेगा जिससे आपके कार्यों में अच्छी सफलता मिलन के योग हैं। recent visitors 54

मायावती ने आज विशेष बैठक बुलायी और भाईचारा कमेटी का ऐलान भी कर दिया, चुनाव के लिए नया दांव चला

लखनऊ यूपी की राजनीति में लगातार पिछड़ने के बाद बहुजन समाज पार्टी ने आने वाले विधानसभा चुनाव के लिए नया दांव चल दिया है। बसपा प्रमुख मायावती ने 2007 की तरह 2027 के लिए भाईचारा कमेटियों का ऐलान करते हुए बड़े स्तर पर आयोजनों की तैयारी शुरू कर दी है। मायावती ने 2007 में भाईचारा कमेटियों के जरिए ही दलितों के साथ ब्राह्णण समाज को जोड़ते हुए बसपा की बहुमत वाली सरकार बनाई थी। इस बार मायावती की नजर पिछड़े यानी ओबीसी समाज पर है। मायावती ने मंगलवार को पिछड़े समाज की विशेष बैठक बुलायी और भाईचारा कमेटी का ऐलान भी कर दिया। बसपा ने 2007 में इसी तरह से भाईचारा कमिटियां बनाकर पहली बार बिना किसी सहयोग अपनी सरकार बनाई थी। अगले चुनाव में सपा से हारने के बाद भाईचारा कमेटियों का कार्यकाल खत्म हो गया और दोबारा नहीं बन सकीं। इसके बाद लगातार लोकसभा और विधानसभा चुनावों में बसपा की ताकत घटती चली गई। लोकसभा में बसपा शून्य हो चुकी है और विधानसभा में केवल एक विधायक रह गया है।   बहुजन समाज के सभी अंग को संगठित करेंगे मंगलवार को आयोजित पिछड़ा समाज के भाईचारा कमेटी के ऐलान पर मायावती ने कहा कि दलितों की तरह ही अन्य पिछड़े वर्गों (ओबीसी) के प्रति केन्द्र व राज्य सरकारों के जातिवादी द्वेषपूर्ण, हीन व संकीर्ण रवैये के कारण उनकी हर स्तर पर उपेक्षा, शोषण, तिरस्कार आदि का अपमान झेलते रहने से मुक्ति के लिए डॉक्टर भीमराव अम्बेडकर के संघर्ष के अनुरूप ’बहुजन समाज’ के सभी अंग को आपसी भाईचारा के आधार पर संगठित राजनीतिक शक्ति बनकर वोटों की ताकत से सत्ता की मास्टर चाबी प्राप्त करेगी। पार्टी मुख्यालय में पिछड़ी जातियों की विशेष बैठक में मायावती ने कहा कि और अधिक ऊर्जा, तीव्रता से सार्थक बनाने हेतु नया ज़ोरदार अभियान शुरू करने की जरुरत है। इस अभियान के दौरान गांव-गांव में लोगों को खासकर कांग्रेस, भाजपा एवं सपा आदि इन पार्टियों के दलित व अन्य पिछड़े वर्ग विरोधी चाल, चरित्र व चेहरे के साथ-साथ इनके द्वारा लगातार किए जा रहे छल, छलावा तथा इन बहुजनों को उनके हक व न्याय से वंचित रखे जाने के कारण इन लोगों का जीवन लगातार खराब व बदहाल बने रहने के प्रति लोगों को जागरुक किया जाएगा। बसपा सरकार में पिछड़ों के लिए किए गए कार्य वैसे भी अन्य पिछड़े वर्गों (ओबीसी समाज) को 27 प्रतिशत आरक्षण दिलाने से लेकर पार्टी में आगे बढ़ाने तथा उत्तर प्रदेश में बसपा की सरकार द्वारा इन वर्गों के हित व कल्याण के लिए तथा इनके महान संतों, गुरुओं व महापुरुषों आदि को पूरा-पूरा आदर-सम्मान देने के लिए जो अनेकों ठोस बुनियादी ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं वे बेमिसाल हैं, जिनमें से कुछ ख़ास का यहां उल्लेख भी किया गया है। पिछड़ों का हित बसपा में ही सुरक्षित बैठक में आमजन की इस धारणा को स्वीकार किया गया कि गांधीवादी कांग्रेस, आरएसएसवादी भाजपा एवं सपा व इनकी पीडीए में जिसे लोग परिवार डेवल्पमेन्ट अथारिटी भी कहते है इसमें बहुजन समाज में से ख़ासकर अन्य पिछड़े वर्गों के करोड़ों बहुजनों का हित कभी भी ना सुरक्षित था और ना ही आगे सुरक्षित रह सकता है। ​इसीलिए मायावती के नेतृत्व तले भाजपा, कांग्रेस व सपा आदि इन सभी जातिवादी पार्टियों को परास्त करके राजनीतिक सत्ता की मास्टर चाबी हासिल करना ही बहुजनों के सामने अपने ’अच्छे दिन’ लाने का एकमात्र बेहतर विकल्प है। इसके साथ ही अगले माह 14 अप्रैल को इन वर्गों के एकमात्र मसीहा डॉक्टर भीमराव अम्बेडकर की जयंती परम्परागत तौर पर पूरी मिशनरी भावना से मनाने का निर्देश दिया। किसे कहां की जिम्मेदारी बैठक के बाद बसपा सुप्रीमो ने पार्टी के तमाम नेताओं को राज्य के अलग-अलग मंडलों की जिम्मेदारी सौंपी। प्रयागराज मंडल के बीएसपी भाईचारा संगठन की जिम्मेदारी अवधेश कुमार गौतम और अनिल सिंह पटेल को दी गई है। महाकुंभ मेला भाईचारा संगठन की जिम्मेदारी प्रवीण गौतम और विकास पाल को दी गई है। फतेहपुर भाईचारा संगठन के संयोजक की जिम्मेदारी रिंकू गौतम और रामशरन पाल को दी गई है। इसके अलावा प्रतापगढ़ में शोभनाथ गौतम और बाके लाल पटेल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कौशांबी में मनीष गौतम और पप्पू निषाद, अयोध्या मंडल में रोहित गौतम और विजय वर्मा, अंबेडकरनगर में कृष्णकांत अंबेडकर उर्फ पंकज और मनोज कुमार वर्मा, सुल्तानपुर में दीपक भारती और नन्हेलाल निषाद, मिर्जापुर मंडल में संतोष कुमार और संतोष कुमार पाल के अलावा सोनभद्र में परमेश्वर और रमेश कुमार कुशवाहा को जिम्मेदारी दी गई है। भदोही में रामसनेही गौतम और वंशीधर मौर्य, अमेठी में विद्या प्रसाद गौतम और रमेश कुमार मौर्या के अलावा बाराबंकी में प्रदीप कुमार गौतम और माधव सिंह पटेल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिलाध्यक्षों की बात करें तो अयोध्या में कृष्ण कुमार पासी, अंबेडकरनगर में सुनील सावंत गौतम, सुल्तानपुर में सुरेश कुमार गौतम और अमेठी में दिलीप कुमार कोरी को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। बाराबंकी में कृष्ण कुमार रावत, प्रयागराज में पंकज कुमार गौतम, महाकुंभ मेला में सतीश जाटव, फतेहपुर में डॉ. दीप गौतम, प्रतापगढ़ में सुशील कुमार गौतम और कौशांबी में राकेश कुमार गौतम को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। recent visitors 97

कुछ लोग ने देश का चीर हरण करना, विभाजन की खाई को और चौड़ी करने के लिए अपना अधिकार मान लिया: सीएम योगी

लखनऊ स्‍टैंड अप कॉमेडियन कुणाल कामरा द्वारा महाराष्‍ट्र के उप मुख्‍यमंत्री एकनाथ शिंदे पर की गई विवादित टिप्‍पणी को लेकर सियासत गर्म है। इस बीच उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने इस बारे में पहली प्रतिक्रिया दी है। इंटरव्‍यू में मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि कुछ लोग ने देश का चीर हरण करना, विभाजन की खाई को और चौड़ी करने के लिए इस अभिव्‍यक्ति की स्‍वतंत्रता को अपना जन्‍मसिद्ध अधिकार मान लिया है।' बता दें कि स्‍टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा ने उप मुख्‍यमंत्री एकनाथ शिंदे पर नाम लिए बगैर विवादित टिप्‍पणी की थी। इसका वीडियो सामने आने के बाद से कामरा की मुश्किलें बढ़ती चली जा रही रही हैं। मुंबई की खार पुलिस ने इस मामले में कुणाल कामरा को समन भेजा है। उधर, कामरा की विवादित टिप्‍पणी वाला वीडियो सामने आने के बाद नाराज शिवसैनिकों ने रविवार को मुंबई के खार इलाके में स्थित स्‍टूडियो और एक होटल में तोड़फोड़ की थी। ऐसा कहा जा रहा था कि वीडियो यहीं पर शूट हुआ था। कामरा के खिलाफ मुंबई में शिवसेना नेताओं ने केस भी दर्ज कराया है। शिवसेना (शिंदे) ने कामरा से माफी मांगने की मांग की थी। साथ ही यह चेतावनी भी दी थी कि कामरा यदि माफी नहीं मांगते हैं तो शिवसेना अपने ढंग से जवाब देगी। इस बीच एएनआई के इंटरव्‍यू में सीएम योगी आदित्‍यनाथ से जब बताया गया कि महाराष्‍ट्र में कॉमेडियन ने संविधान को दिखाकर कहा है कि इससे (संविधान से) मुझे अभिव्‍यक्ति की आजादी मिलती है। इस पर सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि आपकी अभिव्‍यक्ति की स्‍वतंत्रता दूसरे पर व्‍यक्तिगत प्रहार करने के लिए नहीं हो सकती है। दुर्भाग्‍य है कि कुछ लोगों ने देश का चीर हरण करना, विभाजन की खाई को और चौड़ी करने के लिए इस अभिव्‍यक्ति की स्‍वतंत्रता को अपना जन्‍मसिद्ध अधिकार मान लिया है। recent visitors 46

मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के संचालक मंडल की 143वीं बैठक

भोपाल किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना ने कहा है कि मंडी निधि में उपलब्ध धनराशि से मंडी बोर्ड के पेंशनरों को नियमित रूप से पेंशन भुगतान किया जाए। मंत्री कंषाना किसान भवन में मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के संचालक मंडल की 143वीं बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। प्रदेश की कृषि उपज मंडियों में संचालित मिट्टी परीक्षण प्रयोगशालाओं में नियुक्त अमले तथा मंडी बोर्ड मुख्यालय के संविदा वाहन चालकों की नियमित पदों में समकक्षता का निर्धारण कर पारिश्रमिक में वृद्धि किए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई। सभी महिला कर्मचारियों को सात दिवस के आकस्मिक अवकाश की भी स्वीकृति प्रदान की गई। पिछली बैठक के पालन प्रतिवेदन पर संतुष्टि प्रदान की गई। कृषि उपज मंडी समिति जैसीनगर जिला सागर के प्रांगण में बोर्ड निधि से कृषक संगोष्ठी भवन की स्वीकृति का अनुसमर्थन किया गया। मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के पुनरीक्षित अनुमान वर्ष 2024 -25 एवं बजट अनुमान 2025-26 पर भी विचार विमर्श किया गया। प्रमुख सचिव कृषि एम सेल्वेंद्रम, प्रबंध संचालक सह-आयुक्त मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड कुमार पुरुषोत्तम, संयुक्त आयुक्त सहकारी संस्थाएं अजय मिश्र, सदस्य मध्य प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड अरुण सोनी उपस्थित थे।   recent visitors 29

दंतेवाड़ा : मुठभेड़ में मारा गया 25 लाख का इनामी नक्सली, 83 दिन में 100 माओवादी ढेर

दंतेवाड़ा छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में मंगलवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए हैं. इनमें 25 लाख रुपए का इनामी माओवादी सुधीर उर्फ सुधाकर उर्फ मुरली भी शामिल है. इसके साथ ही घटनास्थल से इंसास राइफल, 303 राइफल सहित भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया है. सुरक्षा बलों द्वारा इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है. पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने बताया कि दंतेवाड़ा और बीजापुर जिलों की सीमा पर स्थित गीदम थाना क्षेत्र के गिरसापारा, नेलगोड़ा, बोड़गा और इकेली के सरहदी क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी सूचना मिली थी. इसके बाद डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की टीम माओवादी विरोधी अभियान पर निकली. सुरक्षा बलों को देखते ही नक्सली गोलीबारी करने लगे. इसके बाद जवाबी फायरिंग के दौरान तीन नक्सली मौके पर ही ढ़ेर हो गए. इनमें एक की पहचान सुधीर उर्फ सुधाकर उर्फ मुरली के रूप में हुई, जिसके सिर पर 25 लाख रुपए का इनाम था. दो अन्य नक्सलियों की पहचान की जा रही है. तीनों के शव को कब्जे में ले लिया गया है. मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुएं मिली हैं. पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज श्री सुन्दरराज पी. ने बताया कि सरकार के निर्देश पर लोगों की सुरक्षा के लिए डीआरजी, एसटीएफ, बस्तर फाइटर्स, कोबरा, सीआरपीएफ, बीएसएफ, आईडीबीपी और सीएएफ की संयुक्त टीम पूरे इलाके में लगातार सक्रिय रहती है. पिछले 83 दिनों में 100 से अधिक हार्डकोर माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं. बताते चलें कि पिछले हफ्ते छत्तीसगढ़ के बीजापुर और दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों पर बड़ा प्रहार करते हुए दो अलग-अलग ऑपरेशन में 22 नक्सलियों को ढेर कर दिया. इस कार्रवाई के दौरान एक जवान भी शहीद हो गया. सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार, गोला बारूद और दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद किया था. सुरक्षाबलों के इस सफल ऑपरेशन पर खुशी जाहिर करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था, ''नक्सलमुक्त भारत अभियान की दिशा में हमारे जवानों ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है. छत्तीसगढ़ के बीजापुर और कांकेर में हमारे सुरक्षा बलों के 2 अलग-अलग ऑपरेशन में 22 नक्सली मारे गए. मोदी सरकार नक्सलियों के विरुद्ध रुथलेस अप्रोच से आगे बढ़ रही है.'' गृह मंत्री ने कहा कि 31 मार्च 2026 तक देश नक्सल मुक्त हो जाएगा. 20 मार्च को सुरक्षा बलों ने राज्य के बीजापुर और कांकेर जिलों में दो मुठभेड़ों में 30 नक्सलियों को मार गिराया. ताजा कार्रवाई के साथ ही इस साल अब तक राज्य में अलग-अलग मुठभेड़ों में 116 नक्सली मारे जा चुके हैं. इनमें से 100 नक्सली बीजापुर और दंतेवाड़ा में मारे गए थे     recent visitors 127