Sunday, July 5, 2026 5:16 am

अलग-अलग हिस्सों में अवैध बांग्लादेशियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी, आठ बांग्लादेशी ट्रांसजेंडर को किया गिरफ्तार

मुंबई देश के अलग-अलग हिस्सों में अवैध बांग्लादेशियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। मुंबई में पुलिस ने पहली बार आठ बांग्लादेशी ट्रांसजेंडर को गिरफ्तार किया है। मुंबई की शिवाजी नगर थाना पुलिस के अनुसार, यह सभी बांग्लादेशी पहचान और लिंग बदलकर रहते थे। पुलिस शहर में बांग्लादेशी नागरिकों को ढूंढ रही थी, लेकिन पुलिस से बचने के लिए यह किन्नर बनकर रहते थे। ये सभी नागरिक मुंबई में लगभग पांच साल से रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी कलाकार (नृत्य कलाकार) के रूप में काम करते थे और वैध दस्तावेजों के बिना यहां रह रहे थे। इन आरोपियों ने अपने नाम, पहचान और कुछ मामलों में अपना लिंग भी बदल लिया था, जिससे वे अन्य नागरिकों से अलग दिखते थे। शिवाजी नगर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रफीक नगर इलाके में जाल बिछाकर आठ ट्रांसजेंडर बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में सामने आया है कि इन सभी ने बांग्लादेश सीमा से अवैध रूप से भारत में प्रवेश किया था। मुंबई की शिवाजी नगर पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी वेश्यावृत्ति, धोखाधड़ी और ग्राहकों को ठगने और लूटने के मामलों में भी शामिल थे। मुंबई में यह पहली बार हुआ है जब ट्रांसजेंडर के रूप में रहने वाले बांग्लादेशी नागरिकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जांच में पाया कि ये सभी पुरुष है और अपनी पहचान छुपाने के लिए ट्रांसजेंडर बन कर रहते थे। बता दें कि 26 मार्च को मुंबई की शिवाजी नगर और आरसीएफ थाने की संयुक्त टीम ने मुंबई के गोवंडी और चेंबूर इलाकों में अभियान चलाकर अवैध रूप से रह रहे 17 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया था। इनमें पांच महिलाएं भी शामिल थी। पुलिस ने अवैध घुसपैठियों की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया है। हर टीम को एक निश्चित क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है, जहां उन्होंने गहन जांच-पड़ताल कर अवैध रूप से भारत में रह रहे इन बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया था। recent visitors 28

छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड में अधिकारियों का हुआ तबादला

रायपुर  छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मण्डल ने प्रशासनिक सुविधा के दृष्टिकोण से लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे अधिकारियों का तबादला किया है. बताया जा रहा है कि यह लंबे समय से प्रतिक्षित यह तबादला आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी के आदेश पर जारी हुआ है. ताजा आदेश में, तबादले की जद में आए अपर आयुक्त एचके जोशी को दुर्ग प्रक्षेत्र से हटाकर नवा रायपुर मुख्यालय के साथ नवा रायपुर प्रक्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इसी तरह अपर आयुक्त अजीत सिंह पटेल को बिलासपुर प्रक्षेत्र, अपर आयुक्त एमडी पनारिया को दुर्ग प्रक्षेत्र, अपर आयुक्त एसके भगत को रायपुर प्रक्षेत्र और अपर आयुक्त एचके वर्मा का जगदलपुर प्रक्षेत्र में तबादला किया गया है. recent visitors 30

शहर की बावड़ियों के जीर्णोद्धार का काम प्रमुखता से कराएं, जल गंगा संवर्धन अभियान की तैयारी बैठक में दिए निर्देश

ग्वालियर शहर की बावड़ी व अन्य पुरानी जल संरचनाओं का जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत प्रमुखता के साथ जीर्णोद्धार कराएं साथ ही घर-घर में रेन वाटर हार्वेस्टींग प्रणाली प्रमुखता से स्थापित कराएं। शहर भर में प्रमुख स्थानों व बाजारों में ग्रीष्म ऋतु के दौरान सार्वजनिक प्याऊ भी खोलें। इस आशय के निर्देश कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा के दौरान दिए। राज्य शासन के दिशा निर्देशों के तहत वर्ष प्रतिपदा 30 मार्च से ग्वालियर जिले में भी जल गंगा संवर्धन अभियान शुरू होगा। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने गुरुवार को बाल भवन के सभागार में संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत आयोजित होने वाली गतिविधियों पर चर्चा की। साथ ही अभियान को सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विवेक कुमार व नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन अनुमति के समय रेन वाटर हार्वेस्टिंग मद में जमा कराई गई धनराशि से जल गंगा संवर्धन अभियान के दौरान शहर भर में विशेष रूप से रूफ वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाएं बनवायी जाएं। उन्होंने सरकारी भवनों में प्रमुखता के साथ ऐसी संरचनाएं बनवाने के लिए कहा। कलेक्टर ने शहर की पहाड़ियों पर ट्रेंच बनाकर वर्षा जल का संरक्षण करने के भी निर्देश दिए। साथ ही कहा कि वन विभाग की मदद से मिट्टी की सीड बॉल (बीज की गेंद) तैयार कर पहाड़ियों पर बनाई जाने वाली ट्रेंच में डालने के लिए कहा। उन्होंने पहाड़ियों को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। जल गंगा संवर्धन अभियान की तैयारी को लेकर हुई बैठक में कलेक्टर श्रीमती चौहान ने नलों के लीकेज ठीक करने , टूटे हुए नलों को बदलने व पाइप लाइनों के लीकेज सुधारने के निर्देश भी दिए। साथ ही घरों और सार्वजनिक स्थलों पर पानी का अपव्यय रोकने पर बल दिया। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जिले के ग्रामीण अंचल में 300 खेत तालाब बनाए जाएंगे। ग्रामीण अंचल में अमृत सरोवरों का भी निर्माण किया जायेगा। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने तालाबों के किनारे अभियान के तहत वृहद स्तर पर वृक्षारोपण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत किसान कल्याण व कृषि विकास , उद्दयानकी , लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पर्यावरण , वन, राजस्व, जल-संसाधन व उद्योग इत्यादि विभागों के अंतर्गत की जाने वाली गतिविधियों की जानकारी दी। साथ ही राज्य शासन के दिशा निर्देशों के तहत अभियान की सभी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से मूर्त रूप देने के निर्देश दिए। recent visitors 28

सलमान ने कहा- वह धमकियों से नहीं डरते हैं और उन्होंने अपनी सुरक्षा की देखभाल भगवान पर छोड़ दी

मुंबई अभिनेता सलमान खान की अपकमिंग फिल्म ‘सिकंदर’ ईद के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है। इस बीच मीडिया से बातचीत के दौरान अभिनेता ने भारी सुरक्षा के साथ घूमने-फिरने से होने वाली परेशानी पर प्रतिक्रिया दी। सलमान ने कहा कि वह धमकियों से नहीं डरते, क्योंकि उन्होंने सब कुछ ईश्वर पर छोड़ दिया है। सलमान खान जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के निशाने पर हैं, जो 1990 के दशक में सुपरस्टार के काले हिरण के शिकार का बदला लेना चाहता है। 'सिकंदर' की रिलीज से पहले सलमान खान ने मुंबई के बांद्रा इलाके में एक फाइव स्टार होटल में मीडिया से बात की और बताया कि भारी सुरक्षा के साथ बाहर आना- जाना परेशानियों का सबब बन जाता है। अभिनेता ने यह भी कहा कि वह धमकियों से नहीं डरते हैं और उन्होंने अपनी सुरक्षा की देखभाल भगवान पर छोड़ दी है। खान ने मीडिया से कहा, "भगवान, अल्लाह सब बराबर हैं। जितनी उम्र लिखी है, उतनी लिखी है। इतने सारे लोगों के साथ घूमना एक समस्या बन जाती है। मैं किसी धमकी से नहीं डरता, सब ईश्वर पर छोड़ दिया है।" 'हम साथ-साथ हैं' की शूटिंग के दौरान काले हिरण शिकार मामले में संलिप्तता के लिए बिश्नोई ने सलमान को जान से मारने की धमकी दी थी। पिछले साल, मुंबई के बांद्रा इलाके में अभिनेता के आवास गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर बाइक सवार दो लोगों ने कई राउंड गोलियां भी चलाई थीं। जांच में पता चला कि शूट का उद्देश्य अभिनेता को डराना था और लॉरेंस के निर्देश पर इसे अंजाम दिया गया था। पिछले साल अक्टूबर में सलमान के खास दोस्त नेता बाबा सिद्दीकी की मुंबई में उनके घर के पास तीन हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली थी। घटना के बाद सलमान की सुरक्षा बढ़ा दी गई और उनके घर की बालकनी को भी बुलेटप्रूफ शीशे से ढक दिया गया। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई। recent visitors 40

झाबुआ में एक साथ लगभग दो हजार जोड़ों के सामूहिक विवाह में शामिल होने का आनंद अदभुत और अविस्मरणीय: मुख्यमंत्री

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि झाबुआ में एक साथ लगभग दो हजार जोड़ों के सामूहिक विवाह में शामिल होने का आनंद अदभुत और अविस्मरणीय है। उन्होंने नव-विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए सभी के मंगलमय और सुखद दांपत्य जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मनुष्य जीवन के 16 संस्कारों में से पाणिग्रहण संस्कार गृहस्थ जीवन में प्रवेश के लिए महत्वपूर्ण संस्कार है। इसमें 7 फेरों से 7 वचनों को पूरा कर सात जन्मों तक बंधन में बंधते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह/निकाह सम्मेलन में शामिल जोड़ों को विवाह और निकाह की बधाई देते हुए सभी के जीवन में खुशियों की कामना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव झाबुआ में सामुहिक विवाह समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सम्मेलन में 11 जोड़ों को प्रतीकात्मक रूप से 49-49 हजार की राशि के चेक भी प्रदान किये। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने झाबुआ जिले के निवासियों को सौगात देते हुए कहा कि राणापुर क्षेत्र में पेयजल एवं सिंचाई की समस्या के निराकरण के लिए भांडाखेड़ा बैराज, नागन खेड़ी, गलती, छायण, झालरवा, बुदाशाला और कल्लीपुरा में बैराज बनाये जायेंगे। उन्होंने कहा कि देवी अहिल्या विश्वविद्यालय से संबद्ध झाबुआ में मेडिकल कॉलेज भी बनाया जायेगा। झाबुआ के विकास के लिये सभी कार्य किये जायेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के विकास में सभी वर्गों का विकास समाहित है। किसी भी वर्ग को विकास की दौड़ में पीछे नहीं रहने दिया जायेगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की मंशानुरूप सबका साथ लेकर सबका विकास किया जायेगा, जिसमें सबके प्रयास और सबका विश्वास शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों के सशक्तिकरण के लिये राशि प्रदान की जा रही है। किसानों का गेहूँ 2600 रूपये प्रति क्विंटल की दर से उपार्जित किया जा रहा है। धान उत्पादक किसानों को प्रति हेक्टेयर 4 हजार रूपये प्रोत्साहन राशि के रूप में दिये जा रहे हैं। प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को स्कूटी और लेपटॉप प्रदाय किये जा रहे हैं। लाड़ली बहनों को प्रतिमाह मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की राशि प्रदान की जा रही है। प्रदेश में बेटियों को सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण का लाभ दिया जा रहा है। प्रभारी मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री जनजातीय कार्य, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन, भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग डॉ. कुँवर विजय शाह ने कहा कि झाबुआ में आयोजित लगभग 2000 जोड़ों के सामूहिक विवाह में सम्मिलित होकर मन आनंदित हो गया हैं। महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि जिले के लिए सौभाग्य है कि इतना विशाल विवाह समारोह आयोजित हुआ और जिसमें स्वयं मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आकर बहनों को आशीर्वाद प्रदान किया। पारंपरिक रूप से स्वागत मुख्यमंत्री डॉ. यादव का मंत्री सुश्री भूरिया ने जनजातीय परम्परा के अनुरूप जनजातीय जैकेट "झूलड़ी" पहनाकर, साफा बांधकर एवं तीर कमान भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कन्यापूजन किया। प्रदर्शनी का अवलोकन मुख्यमंत्री डॉ. यादव विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। महिला एवं बाल विकास विभाग कुपोषण मुक्त झाबुआ के तहत मोटी आई कैम्पैन, मध्यप्रदेश डे राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन गलसन माला, गुड्डा गुड्डी, तीर कमान, उद्यानिकी एवं खाद्य प्र-संस्करण विभाग के अंतर्गत जिले में उत्पादित टमाटर एवं टमाटर से बने उत्पाद जैसे टमाटर पाउडर, किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग श्री अन्न फसल एवं जैविक उत्पाद, नगर पालिका परिषद झाबुआ द्वारा वेस्ट टु वेल्थ प्रोजेक्ट अंतर्गत तैयार किये गये डस्टबिन एवं गमले प्रदर्शित किये गये। सम्मेलन में अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री श्री नागर सिंह चौहान, सांसद श्रीमती अनिता चौहान, संभागायुक्त इंदौर श्री दीपक सिंह, आईजी श्री अनुराग, झाबुआ कलेक्टर नेहा मीना, पुलिस अधीक्षक श्री पद्म विलोचन शुक्ल एवं अन्य जनप्रतिनिधियों उपस्थित रहे। recent visitors 31

EPFO : UPI पेमेंट से लेकर ATM के इस्तेमाल से निकल निकाल सकेंगे पैसे

नई दिल्ली EPFO यूजर्स के लिए सरकार की तरफ से लगातार नए फैसले लिए जाते हैं। UPI पेमेंट से लेकर ATM के इस्तेमाल तक की योजना बनाई जा रही है। बीते दिनों एक रिपोर्ट आई थी, इसमें दावा किया गया था कि यूजर्स UPI की मदद से 1 लाख रुपए तक का EPFO निकाल सकेंगे। इसके साथ ही ATM की मदद से EPFO निकालने की बात भी कही जा रही थी। अब साफ हो गया है कि सरकार ने इसके लिए काम भी शुरू कर दिया है। साथ ही NPCI से भी बात की जा रही है। EPFO पेमेंट को लेकर योजना बनाई जा रही है। टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए लेबर सचिव सुमिता डावरा ने खुद पुष्टि की है। सुमिता बताती हैं, EPFO की तरफ से इसके लिए योजना बनाई जा रही है और आने वाले महीनों में इसे लागू करने का भी काम पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा, 'ये सभी मेंबर्स के लिए फायदेमंद साबित होने वाला है। वह EPFO अकाउंट भी देख पाएंगे। लेकिन इसमें खास बात होगी कि वह UPI की मदद से EPFO अकाउंट देख पाएंगे। यहीं वह ऑटो क्लेम भी कर सकते हैं। सब्सक्राइबर्स को इसकी मदद से जल्दी अप्रूवल लेने में मदद मिलेगी और पेमेंट भी तुरंत उनके अकाउंट में आ जाएगी।' 1 लाख रुपए तक लिमिट EPFO की तरफ से इसके लिए लिमिट भी तय कर दी गई है। इसके लिए 1 लाख रुपए तक की लिमिट तय की गई है। क्योंकि यूजर्स को जल्द फंड मिल जाएगा और वह इसका इस्तेमाल अलग-अलग चीजों के लिए कर सकते हैं। वह मेडिकल एक्पेंस, हाउसिंग एडवांस, एजुकेशन और शादी के लिए इसका इस्तेमाल कर सकते हैं।' दरअसल ये पूरा प्रोसेस यूजर्स के लिए फास्ट पोर्टल के लिए बनाया जा रहा है। यानी यूजर्स आसानी से पेमेंट की निकासी कर सकें और उन्हें इसको लेकर कोई परेशानी न हो। EPFO ने बनाया डेटा बेस सुमिता डावरा आगे कहती हैं, 'EPFO ने इसके लिए नया डेटा बेस बना लिया है। हमारा पूरा उद्देश्य UPI को सिस्टम में लाना है। हमें NPCI की तरफ से फीडबैक भी मिल रहा है। EPFO उसी कदम के साथ आगे भी बढ़ रहा है। टेस्टिंग करने के बाद, EPFO क्लेम के लिए हम UPI सिस्टम को दुरुस्त करने पर काम कर रहे हैं। ये सभी मेंबर्स को फायदा दे सकता है। इसकी मदद से EPFO अकाउंट्स को डायरेक्ट देखना भी आसान होने वाला है। ऐसा करने से ये साफ हो जाएगा कि ये सही है या नहीं। सब्सक्राइबर्स को किसी प्रकार की परेशानी भी नहीं होगी। क्योंकि उन्हें जल्दी पैसे मिल पाएंगे।' recent visitors 40

ग्रीष्म ऋतु में सुचारू पेयजल आपूर्ति के लिए पुख्ता रणनीति बनाएं: कलेक्टर श्रीमती चौहान

ग्वालियर   ग्रीष्म ऋतु के दौरान पेयजल आपूर्ति के लिये सुनियोजित रणनीति बनाएं। संधारण की पुख्ता व्यवस्था हो , जिससे नलकूप, विद्युत मोटर व पाइप लाईन इत्यादि खराब होने पर तत्काल ठीक कर पेयजल आपूर्ति सुचारु की जा सके। इस आशय के निर्देश कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने ग्वालियर शहर की पेयजल व्यवस्था की समीक्षा के दौरान नगर निगम की जल प्रदाय व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों को दिये। उन्होंने जिन बस्तियों मे पिछले वर्षों में पेयजल समस्या रही है वहाँ के लिये विशेष इंतजाम करने व पेयजल की शुद्धता पर भी बल दिया है। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय भी मौजूद थे। गुरुवार को बाल भवन के सभागार में कलेक्टर श्रीमती चौहान ने संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर शहरी व ग्रामीण क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था की विस्तार में समीक्षा की। साथ ही पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिये दिशा -निर्देश दिए। उन्होंने जल प्रदाय व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर की पेयजल आपूर्ति के सबसे बड़े स्त्रोत तिघरा जलाशय में उपलब्ध पानी के आधार पर वैज्ञानिक तरीके से अध्ययन कर बताएं कि शहर को कब से प्रतिदिन पानी की आपूर्ति करना उचित रहेगा। वर्तमान में शहर मे एक दिन छोड़कर पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। बैठक में जानकारी दी गयी कि तिघरा जलाशय में वर्तमान में 2702.88 एमसीएफपी पानी उपलब्ध है। पिछले साल इस अवधि में तिघरा में 1612 एमसीएफपी पानी उपलब्ध था। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने कहा कि इस साल हुई अच्छी बारिश से जिले के जलाशयों मे पानी की उपलब्धता अच्छी है ,फिर भी पानी का अपवय न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए, जिससे आगामी मानसून में कम बरसात होने पर भी पेयजल आपूर्ति होती रहे। शहर के सभी हाईड्रेंट को नक्शे पर दर्शाएं कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने नगर निगम के जल प्रदाय अधिकारियों को शहर में स्थित सभी हाईड्रेंट को नक्शे पर दर्शाने के निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि इन हाईड्रेंट को नक्शे पर उन क्षेत्र की बस्तियों के साथ मार्क करें, जिन बस्तियों में जरूरत पड़ने पर इन हाईड्रेंट से पानी उपलब्ध कराया जा सकता है। सीएम हैल्पलाइन से सामने आई बस्तियों में पेयजल के विशेष इंतजाम करें कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने बैठक में जोर देकर कहा कि पिछले अनुभवों एवं सीएम हैल्पलाइन की शिकायतों के माध्यम से पेयजल के लिहाज से सामने आई समस्यामूलक बस्तियों में पेयजल आपूर्ति के विशेष इंतजाम करें। व्यवस्था ऐसी हो जिससे टेंकर से सप्लाई की जरूरत न पड़े। उन्होंने आदित्यपुरम, शताब्दीपुरम व सत्यनारायण की टेकरी सहित अन्य पेयजल समस्या मूलक बस्तियों को खासतौर पर रेखांकित किया। कलेक्टर ने कहा विशेष जरूरत पड़ने पर टेंकरों के माध्यम से भी पेयजल सप्लाई करें। अनाधिकृत रूप से पानी लेने की प्रवृत्ति को सख्ती से रोकें शहर की पेयजल आपूर्ति की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने जोर देकर कहा कि मैन पाईपलाईन व पानी की टंकी से अनाधिकृत रूप से लेजम लगाकर आगे के घरों की पेयजल आपूर्ति में बाधा डालने की प्रवृत्ति को सख्ती से रोकें। लेजम जब्त करने के साथ-साथ ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करें। इसी तरह पेयजल आपूर्ति के पानी का अनाधिकृत रूप से व्यावसायिक उपयोग करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। जहाँ जल भराव होता है वहाँ रीचार्ज संरचनाएं बनाएं जल संवर्धन के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने शहर के ऐसे स्थानों जहाँ पर बरसात के दौरान जल भराव की स्थिति बनती है वहाँ पर वॉटर रीचार्ज स्ट्रेक्चर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा नलकूपों को रीचार्ज करने के लिए भी ऐसी संरचनाएं बनाने के लिए कहा। साथ ही कहा सीएम हैल्पलाइन पोर्टल पर आईं जल भराव संबंधी शिकायतों के आधार पर भी जल संवर्धन संरचनाएं बनवाई जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि बरसात से पहले रुफ वॉटर हार्वेस्टिंग संरचनाएं बनवाने का काम अभियान बतौर किया जाए। कलेक्टर ने पानी का अपव्यय रोकने के लिये घर-घर पानी की टंकियों में अलार्म लगवाने पर भी बल दिया। साथ ही कहा कि नगर निगम की सभी टंकियों में भी अनिवार्यत: अलार्म लगाए जाएं। recent visitors 20