मशहूर अभिनेता मनोज कुमार का निधन, 87 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

मुंबई देशभक्ति फिल्मों के माध्यम से दर्शकों के दिलों में अलग जगह बनाने वाले हिंदी सिने जगत के दिग्गज कलाकार मनोज कुमार का 87 साल की उम्र में निधन हो गया. उन्होंने शुक्रवार सुबह मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में अंतिम सांस ली. मनोज कुमार ने बॉलीवुड को उपकार, पूरब-पश्चिम, क्रांति, रोटी-कपड़ा और मकान सहित ढेर सारी कामयाब फिल्में दीं. इन फिल्मों की वजह से उन्हें दर्शक 'भारत कुमार' के नाम से भी जानते थे. हिंदी सिनेमा के दिग्गज सुपरस्टार को खोने पर फैंस और अक्षय कुमार जैसे बॉलीवुड सेलेब्स ने सोशल मीडिया पर रिएक्शन दिया है. अक्षय कुमार ने एक्स पर लिखा, मैं उनसे सीखता हुआ बड़ा हुआ कि हमारे देश के लिए प्यार और गर्व से बढ़कर कोई भावना नहीं है और अगर हम एक्टर इस भावना को दिखाने में आगे नहीं आएंगे, तो कौन करेगा? इतने अच्छे इंसान और हमारे बिरादरी की सबसे बड़ी संपत्तियों में से एक. RIP मनोज सर. ओम शांति. मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक, 'भारत कुमार' के नाम से मशहूर अभिनेता ने सुबह 3:30 बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन की वजह दिल का दौरा बताई गई। रिपोर्ट ने यह भी पुष्टि की गई कि मनोज कुमार पिछले कुछ महीनों से डीकंपेंसेटेड लिवर सिरोसिस से जूझ रहे थे। उनकी हालत बिगड़ने के बाद उन्हें 21 फरवरी, 2025 को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।   भारतीय सिनेमा में मनोज कुमार के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्हें कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था। उनके नाम एक राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और अलग-अलग श्रेणियों में सात फिल्मफेयर पुरस्कार शामिल हैं। भारतीय कला में उनके अपार योगदान के सम्मान में सरकार ने उन्हें 1992 में पद्म श्री से सम्मानित किया। उन्हें 2015 में दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मनोज कुमार के निधन पर फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने कहा, '…महान दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित, हमारे प्रेरणास्रोत और भारतीय फिल्म उद्योग के 'शेर' मनोज कुमार जी अब हमारे बीच नहीं रहे। यह फिल्म उद्योग के लिए बहुत बड़ी क्षति है और पूरी इंडस्ट्री उन्हें याद करेगी।' गीतकार मनोज मुंतशिर ने महान अभिनेता और फिल्म निर्माता मनोज कुमार के निधन पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी है.  मुंतशिर ने संवेदनाएं इंस्टाग्राम पर जाहिर की. उन्होंने लिखा, जीवन भर इस बात का अभिमान रहा और रहेगा, कि मेरा नाम आपसे मिलता है. देशभक्ति का पहला पाठ आपकी फिल्मों ने पढ़ाया. उन्होंने आगे कहा, भारत से प्यार करना मुझे भारत कुमार ने सिखाया. आप न होते, तो वो चिंगारी न होती जो मेरी साधारण सी कलम से ‘तेरी मिट्टी' लिखवा ले. अलविदा मेरे हीरो! कैसा था मनोज कुमार का सफर? मनोज कुमार का जन्म 24 जुलाई 1937 में पाकिस्तान में हुआ था. उनका असली नाम हरिकृष्ण गिरी गोस्वामी था. मनोज कुमार एबटाबाद (अब पाकिस्तान) में पैदा हुए थे. देश के बंटवारे के वक्त उनका परिवार दिल्ली आ गया था. बचपन से वो सिनेमा के दीवाने थे. फिल्में देखना उन्हें अच्छा लगता था. उन्होंने दिलीप कुमार की फिल्म शबनम में उनके किरदार मनोज कुमार के नाम पर अपना नाम रख लिया था. एक्टर ने 1957 में फिल्म फैशन से एक्टिंग डेब्यू किया था. 1965 उनके करियर के लिए बड़ा गेमचेंजर था. इसी साल आई शहीद मूवी ने उनके करियर को माइलेज दी. बस इसके बाद उन्होंने कभी मुड़कर पीछे नहीं देखा. रोल चाहे कैसा भी हो, वो उसमें पूरी तरह ढल जाते थे. मनोज कुमार की फिल्में ही हिट नहीं हुईं, बल्कि इसके गाने भी लोगों की जुबां पर चढ़े. उनकी उपकार मूवी का गाना 'मेरे देश की धरती' आज भी लोगों को याद है. मनोज कुमार को फिल्म 'उपकार' के लिए नेशनल अवॉर्ड मिला था. पीएम मोदी ने जताया दुख पीएम नरेंद्र मोदी ने  मनोज कुमार के निधन पर शोक जताया है. उन्होंने X पर लिखा- 'महान अभिनेता और फिल्ममेकर मनोज कुमार के निधन से गहरा दुख हुआ. वो भारतीय सिनेमा के आइकन थे, जिन्हें खासतौर पर उनके देशभक्ति के जोश के लिए याद किया जाएगा. देशभक्ति उनकी फिल्मों में  झलकती थी.उनके कामों ने राष्ट्रीय गौरव की भावना को बढ़ाया है. वो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे. इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं. ऊं शांति.' अशोक पंडित ने क्या कहा? फिल्ममेकर अशोक पंडित ने मनोज कुमार के निधन पर शोक जताया है. उन्होंने कहा- मनोज कुमार, दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड विनर, हमारे इंस्पिरेशन और इंडियन फिल्म इंडस्ट्री के शेर थे. वो अब हमारे बीच नहीं रहे. ये हमारी पूरी इंडस्ट्री के लिए बड़ा नुकसान है. हम उन्हें हमेशा याद रखेंगे. जब फिल्मी दुनिया को कहा अलविदा मनोज कुमार ने 1995 में आई फिल्म 'मैदान-ए-जंग' में दिखने के बाद एक्टिंग छोड़ दी थी. उन्होंने 1999 में अपने बेटे कुणाल गोस्वामी को फिल्म 'जय हिंद' में डायरेक्ट किया था. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही थी. फिल्मों से रिटायरमेंट के बाद मनोज कुमार ने राजनीति में एंट्री मारी थी. 2004 में वो बीजेपी में शामिल हुए थे. recent visitors 32

सनराइजर्स हैदराबाद की हार की हैट्रिक, कोलकाता नाइट राइडर्स ने 80 रनों से धोया, हैदराबाद के बड़े-बड़े शर्मनाक रिकॉर्ड

कोलकाता इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के मैच नंबर-15 में कोलकाता नाइट राइ़डर्स (KKR) का सामना सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से हुआ. 3 अप्रैल (गुरुवार) को ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मुकाबले में कोलकाता की टीम ने 80 रनों से जीत हासिल की. सनराइजर्स को जीत के लिए 201 रनों का टारगेट मिला था, लेकिन उसकी पूरी टीम 120 रनों पर ढेर हो गई. आईपीएल में रनों के लिहाज से सनराइजर्स हैदराबाद की ये सबसे बड़ी हार रही. इससे पहले सनराइजर्स की सबसे बड़ी हार पिछले साल चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ उसके घर पर (चेपॉक) आई थी. तब सीएसके ने सनराइजर्स को 78 रनों से हराया था. कोलकाता नाइट राइडर्स की मौजूदा सीजन में ये दूसरी जीत रही. जबकि सनराइजर्स हैदराबाद ने लगातार तीसरा मैच गंवाया है. बता दें कि इससे पहले कोलकाता ने राजस्थान रॉयल्स (RR) को पराजित किया था, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ उसे हार का सामना करना पड़ा था. उधर हैदराबाद ने राजस्थान के खिलाफ शुरुआती मैच में जीत हासिल की, लेकिन उसने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ मुकाबला गंवा दिया था. अब उसे एक और हार मिली है. टारगेट का पीछा करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत खराब रही. उसने पावरप्ले में ही तीन विकेट खो दिए. पहले ओवर में 'इम्पैक्ट सब' ट्रेविस हेड (4) को कोलकाता के 'इम्पैक्ट सब' वैभव अरोड़ा ने चलता किया. फिर अगले ओवर में अभिषेक शर्मा (2) को हर्षित राणा ने अपना शिकार बने. इसके बाद वैभव अरोड़ा ने अपने दूसरे ओवर में ईशान किशन (2) को आउट करके हैदराबाद की मुसीबत बढ़ाने का काम किया. नीतीश कुमार रेड्डी (19) से बड़ी इनिंग्स की उम्मीद थी, लेकिन आंद्रे रसेल ने उन्हें चलता किया. डेब्यूटेंट खिलाड़ी कामिंदु मेंडिस (27) ने कुछ अच्छे शॉट्स जरूर लगाए, लेकिन स्पिनर सुनील नरेन की फिरकी ने उनकी पारी का अंत कर दिया. फिर अनिकेत वर्मा (6) मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती का शिकार बन गए. अनिकेत के आउट होने के समय सनराइजर्स का स्कोर 6 विकेट पर 75 रन था. इसके बाद विस्फोटक बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन को वैभव अरोड़ा ने आउट कर दिया, जिसके चलते सनराइजर्स की जीत की उम्मीदें खत्म हो गईं. क्लासेन ने 2 चौके और दो छक्के की मदद से 21 बॉल पर 33 रन बनाए. पैट कमिंस (14), सिमरजीत सिंह (0) और हर्षल पटेल (3) आउट होने वाले आखिरी तीन बल्लेबाज रहे. कमिंस और सिमरजीत को वरुण चक्रवर्ती ने चलता किया, जबकि हर्षल को आंद्रे रसेल ने शिकार बनाया. केकेआर की ओर से वरुण चक्रवर्ती और वैभव अरोड़ा ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि आंद्रे रसेल को भी दो विकेट मिले. हर्षित राणा और सुनील नरेन को भी एक-एक सफलता हाथ लगी. वेंकटेश अय्यर की तूफानी बैटिंग, रघुवंशी ने भी जड़ी फिफ्टी मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 6 विकेट पर 201 रन बनाए. कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने दूसरे ही ओवर में विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक (1) का विकेट गंवा दिया, जो विपक्षी कप्तान पैट कमिंस की बॉल पर चलते बने. फिर अगले ओवर में दूसरे ओपनर सुनील नरेन (7) को मोहम्मद शमी ने चलता कर दिया. इसके बाद अंगकृष रघुवंशी और कप्तान अजिंक्य रहाणे ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 81 रनों की पार्टनरशिप करके केकेआर को संभाला. जीशान अंसारी ने अजिंक्य रहाणे को आउट करके इस पार्टनरशिप को तोड़ा. रहाणे ने चार छक्के और एक चौके की मदद से 27 गेंदों पर 38 रन बनाए. रहाणे के आउट होने के कुछ देर बाद अंगकृष रघुवंशी ने 30 बॉल पर फिफ्टी पूरी कर ली. हालांकि रघुवंशी फिफ्टी जड़ने के तुरंत बाद आउट हो गए. रघुवंशी को डेब्यूटेंट खिलाड़ी कामिंदु मेंडिस ने आउट किया. रघुवंशी ने 32 गेंदों पर 50 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और दो छक्के शामिल थे. रघुवंशी के आउट होने के समय केकेआर का स्कोर चार विकेट पर 106 रन था. यहां से वेंकटेश अय्यर और रिंकू सिंह ने 41 बॉल पर 91 रनों की तूफानी पार्टनरशिप करके कोलकाता नाइट राइडर्स को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में मदद की. वेंकटेश अय्यर ने महज 29 बॉल पर 60 रन बनाए, जिसमें सात चौके और तीन छक्के शामिल रहे. वेंकटेश ने इस दौरान 25 गेंदों पर ही फिफ्टी पूरी कर ली. वेंकटेश को आखिरी ओवर में हर्षल पटेल ने चलता किया. आखिरी ओवर में आंद्रे रसेल (1) भी रनआउट हुए. सनराइजर्स हैदराबाद के लिए पैट कमिंस, मोहम्मद शमी, कामिंदु मेंडिस और हर्षल पटेल ने एक-एक विकेट हासिल किया. हैदराबाद के बड़े-बड़े शर्मनाक रिकॉर्ड आईपीएल में SRH की सबसे बड़ी हार (रनों के अंतर से): 80 रन बनाम KKR, कोलकाता, 2025* 78 रन बनाम CSK, चेन्नई, 2024 77 रन बनाम CSK, हैदराबाद, 2013 72 रन बनाम RR, हैदराबाद, 2023 72 रन बनाम KXIP, शारजाह, 2014 SRH के खिलाफ लगातार सबसे ज्यादा जीत: 5 – DC (2020–2023) 5* – KKR (2023–2025) 4 – CSK (2018) 4 – KKR (2020–2021) आईपीएल में किसी टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा जीत: 24 – MI बनाम KKR 21 – CSK बनाम RCB 21 – KKR बनाम PBKS 20 – MI बनाम CSK 20 – KKR बनाम RCB 20* – KKR बनाम SRH SRH के खिलाफ लगातार सबसे ज्यादा 50+ स्कोर 4 – संजू सैमसन (2021-23) 3 – फाफ डु प्लेसिस (2022-24) 3 – वेंकटेश अय्यर (2024-25)* वेंकटेश अय्यर के SRH के खिलाफ पिछले तीन स्कोर 51* (28) – Q1 2024 52* (26) – फाइनल 2024 60 (29) –  3 अप्रैल 2024 वेंकटेश अय्यर की पारी की प्रोगेस 1-10 गेंद: 11 रन (SR: 110.0) 11-20 गेंद: 19 रन (SR: 190.0) 21-29 गेंद: 30 रन (SR: 333.3) recent visitors 39

यूपी में सरकारी कर्मचारियों को इस माह मिल सकता है 2% बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता

traditional culture was seen

लखनऊ राज्य कर्मचारियों को उनके महंगाई भत्ते में दो प्रतिशत वृद्धि का लाभ जल्द मिल जाने की उम्मीद है। अप्रैल माह का वेतन जो मई में कर्मचारियों को मिलेगा उसके साथ बढ़े दर से महंगाई भत्ता दिए जाने का आदेश जारी हो सकता है। दो प्रतिशत वृद्धि के साथ ही महंगाई भत्ता 55 प्रतिशत हो जाएगा। अभी महंगाई भत्ते की दर 53 प्रतिशत है। गौरतलब है कि कुछ दिनों ही पूर्व केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों को दो प्रतिशत बढ़े दर से मंहगाई भत्ता दिए जाने का आदेश जारी किया था। केंद्र सरकार द्वारा बढ़े दर से महंगाई भत्ता दिए जाने के बाद ही राज्य सरकार अपने कर्मचारियों को इस वृद्धि का लाभ देती है। जल्द मिलेगा महंगाई भत्ता राज्यकर्मियों को बढ़े दर से महंगाई भत्ता दिए जाने का प्रस्ताव बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। जल्द ही इस प्रस्ताव को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा। राज्य सरकार द्वारा महंगाई भत्ता की दर में वृद्धि का फैसला लिए जाने पर इससे 16 लाख राज्य कर्मचारी लाभान्वित होंगे। लगभग 12 लाख पेंशनरों की महंगाई राहत की दर भी दो प्रतिशत बढ़ेगी। बढ़े महंगाई भत्ता का लाभ कर्मचारियों को जनवरी से मिलेगा। पिछले महीनों का एरियर सरकार कर्मचारियों के भविष्य निधि खातों के साथ ही राष्ट्रीय बचत पत्रों के माध्यम से देगी। recent visitors 41

भारतीय अंतरिक्ष यात्रा का एक नया अध्याय मई 2025 में शुरू होने जा रहा, शुभांशु शुक्ला भरेंगे उड़ान

नई दिल्ली भारत के लिए एक और ऐतिहासिक पल आने वाला है। जहां एक समय सुनिता विलियम्स ने भारतीय मूल के अंतरिक्ष यात्री के तौर पर अपनी पहचान बनाई थी, वहीं अब भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला 2025 में NASA के साथ एक अंतरिक्ष मिशन का हिस्सा बनने जा रहे हैं। बता दें कि भारतीय अंतरिक्ष यात्रा का एक नया अध्याय मई 2025 में शुरू होने जा रहा है, जब भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) के लिए उड़ान भरेंगे। वे Axiom Mission 4 (Ax-4) का हिस्सा होंगे, जो भारतीय अंतरिक्ष यात्री के लिए एक ऐतिहासिक मिशन साबित होने जा रहा है। यह मिशन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के लिए भी एक अहम कदम है, जो भारत की अंतरिक्ष यात्रा में बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है। मिशन Ax-4 का उद्देश्य Axiom Mission 4 (Ax-4) एक 14 दिवसीय मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशन होगा, जिसमें अंतरिक्ष यात्री वैज्ञानिक प्रयोग, शैक्षिक पहलों और व्यावसायिक गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करेंगे। इस मिशन के तहत, शुभांशु शुक्ला भारत की समृद्ध संस्कृति को अंतरिक्ष में प्रदर्शित करेंगे। वे विभिन्न भारतीय राज्यों से जुड़ी सांस्कृतिक कलाकृतियां अपने साथ ले जाएंगे और माइक्रोग्रैविटी (Microgravity) वातावरण में योग करने का प्रयास भी करेंगे। शुभांशु शुक्ला का परिचय शुभांशु शुक्ला का जन्म 10 अक्टूबर 1985 को उत्तर प्रदेश के लखनऊ में हुआ था। वे भारतीय वायुसेना के एक अनुभवी पायलट हैं और Su-30 MKI, MiG-21, MiG-29, Jaguar, Hawk, Dornier और An-32 जैसे लड़ाकू विमानों के पायलट रहे हैं। 2006 में भारतीय वायुसेना में कमीशन प्राप्त करने के बाद, उन्होंने 2,000 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव प्राप्त किया है। मार्च 2024 में उन्हें ग्रुप कैप्टन के पद पर पदोन्नत किया गया। इसके अलावा, वे भारत के महत्वाकांक्षी गगनयान मिशन के लिए भी अंतरिक्ष यात्री चुने गए हैं। मिशन की महत्वपूर्ण जानकारी कमांडर: इस मिशन का नेतृत्व पूर्व NASA अंतरिक्ष यात्री पेगी व्हिटसन करेंगी, जो अब Axiom Space में मानव अंतरिक्ष उड़ान की निदेशक हैं। पायलट: भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला इस मिशन के पायलट होंगे। अंतरिक्ष यात्री: मिशन में अन्य अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष यात्री भी शामिल होंगे, जिनमें पोलैंड और हंगरी के प्रतिनिधि शामिल हैं। मिशन के प्रभाव Ax-4 मिशन, न केवल भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर होगा, बल्कि यह भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान और मानव अंतरिक्ष मिशन की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा। शुभांशु शुक्ला का यह अंतरिक्ष मिशन भारत के लिए गर्व की बात है और यह इस बात को भी प्रमाणित करता है कि भारत अब अंतरिक्ष यात्रा में पूरी तरह से आत्मनिर्भर है।  इस मिशन में चार अंतरिक्ष यात्री शामिल होंगे, जिनमें: पेगी व्हिटसन: मिशन की कमांडर, पूर्व NASA अंतरिक्ष यात्री और Axiom Space की मानव अंतरिक्ष उड़ान निदेशक। शुभांशु शुक्ला: भारतीय अंतरिक्ष यात्री और मिशन के पायलट। स्लावोज़ उज़्नांस्की-विश्निव्स्की: पोलैंड के अंतरिक्ष यात्री, जो यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी से जुड़े हैं। टिबोर कपु: हंगरी के अंतरिक्ष यात्री, जो HUNOR मिशन का हिस्सा हैं। यह मिशन न केवल भारत के लिए, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी एक नया अध्याय है, और शुभांशु शुक्ला के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए इस ऐतिहासिक यात्रा का हिस्सा बनना सचमुच गर्व की बात है। recent visitors 68

वक्फ विधेयक पर संसद की मुहर, राज्यसभा से भी पारित हुआ वक्फ बिल, 13 घंटे से ज्यादा चली संसद

नई दिल्ली राज्यसभा में वक्फ संशोधन विधेयक पर चर्चा पूरी हो चुकी है। लोकसभा में वक्फ संशोधन विधेयक पारित हो चुका है। इंडिया गठबंधन इस संशोधन विधेयक के विरोध में है। गुरुवार को केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राज्यसभा में वक्फ संशोधन विधेयक पेश किया। वक्फ संशोधन विधेयक पर चर्चा के दौरान कांग्रेस पार्टी के सांसद नसीर हुसैन ने कहा कि वक्फ़ संशोधन विधेयक मुसलमानों के खिलाफ है। JPC में विपक्षी सदस्यों द्वारा की गई किसी भी सिफारिश को वक्फ़ संशोधन विधेयक में शामिल नहीं किया गया । संजय राउत ने बीजेपी पर कसा तंज – संजय राउत ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि दो दिनों से मुस्लिमों की इतनी चिंता की जा रही है, जितनी जिन्ना ने भी नहीं की थी। उन्होंने कहा कि मुस्लिमों की इतनी चिंता हो रही है कि मुस्लिम और हिंदू दोनों डरे हुए हैं। संजय राउत ने कहा कि ये बिल लोगों का ध्यान भटकाने का तरीका है। कल ही ट्रंप ने टैरिफ लगाया, उस पर चर्चा होनी चाहिए थी लेकिन आप ध्यान भटकाने के लिए ये बिल ले आए। उन्होंने कहा कि बीजेपी को मुस्लिमों की चिंता कबसे होने लगी? अब आप मुस्लिमों की संपत्ति की चिंता कर रहे हो। यह ऐतिहासिक क्षण, हाशिए पर पड़े लोगों को मदद मिलेगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि संसद में वक्फ संशोधन विधेयक का पारित होना एक "महत्वपूर्ण क्षण" है. पीएम ने कहा कि यह मुस्लिम समुदाय में हाशिए पर पड़े लोगों को आवाज़ देगा और वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में पारदर्शिता को बढ़ावा देगा. वक्फ विधेयक, जो सरकार को वक्फ संपत्तियों को विनियमित करने का अधिकार देता है उसे संसद में दो दिन तक चली मैराथन बैठक बैठक के बाद आधी रात को पारित कर दिया गया. बिम्सटेक शिखर सम्मेलन के लिए थाईलैंड पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, "संसद द्वारा वक्फ (संशोधन) विधेयक का पारित होना हमारे साझा सामाजिक-आर्थिक न्याय, पारदर्शिता और समावेशी विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक मोड़ है. इससे विशेष रूप से उन लोगों को मदद मिलेगी जो लंबे समय से हाशिये पर रहे हैं और इस प्रकार उन्हें आवाज और अवसर दोनों से वंचित रखा गया है." इससे बढ़ेगी पारदर्शिता प्रधानमंत्री का बयान भाजपा के उस रुख को दर्शाता है जिसमें पार्टी ने इस विधेयक को गरीब मुस्लिमों के लिए एक सुधारात्मक कदम बताया है—खासतौर पर उन लोगों के लिए जिनकी समुदाय के मामलों में कोई भागीदारी नहीं रही. प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि वक्फ प्रणाली दशकों से पारदर्शिता की कमी का पर्याय बन गई है, जिससे गरीब मुसलमानों, महिलाओं और पसमांदा मुसलमानों के हितों को नुकसान पहुंच रहा है. पीएम ने लिखा, 'वक्फ व्यवस्था दशकों से अधिकारहीनता और अपारदर्शिता का प्रतीक रही है. इससे मुस्लिम महिलाओं, गरीब मुस्लिमों और पसमांदा मुस्लिमों के हितों को नुकसान हुआ है. यह नया कानून पारदर्शिता बढ़ाएगा और लोगों के अधिकारों की रक्षा करेगा.' पसमांदा मुस्लिम समुदाय के भीतर सबसे पिछड़े और सामाजिक रूप से शोषित वर्ग माने जाते हैं. हाल के वर्षों में भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी ने "अनदेखे" पसमांदा मुस्लिमों को जोड़ने की कोशिश की है. सामाजिक न्याय के प्रति संवेदनशील युग की शुरूआत होगी- पीएम प्रधानमंत्री ने कहा कि यह विधेयक, जिसे अब कानून बनने के लिए राष्ट्रपति की मंजूरी की आवश्यकता है, आधुनिकता और सामाजिक न्याय के प्रति संवेदनशीलता के एक नए युग की शुरुआत करेगा. पीएम ने कहा, 'हम प्रत्येक नागरिक की गरिमा को प्राथमिकता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं. इसी सोच से हम एक मजबूत, समावेशी और उदार भारत का निर्माण करेंगे." विधेयक के अनुसार, वक्फ परिषद में दो महिला सदस्यों सहित अधिकतम चार गैर-मुस्लिम सदस्य होने चाहिए. इसके अलावा, जिला कलेक्टरों के पद से ऊपर के वरिष्ठ अधिकारियों का अब अंतिम निर्णय होगा कि कोई संपत्ति वक्फ है या सरकार की है. Waqf Amendment Bill पर अमित शाह ने क्या कहा? केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बुधवार को लोकसभा में विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह वक्फ पर प्रस्तावित कानून नहीं मानने की धमकी दे रहा, लेकिन यह संसद द्वारा पारित किया गया कानून होगा और इसे सभी को स्वीकार करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि वोट बैंक की राजनीति के लिए यह डर फैलाया जा रहा है कि वक्फ विधेयक मुसलमानों के धार्मिक मामलों और उनके द्वारा दान की गई संपत्तियों में दखल है। वहीं, राहुल गांधी ने फेसबुक पोस्ट के जरिए कहा कि वक्फ (संशोधन) विधेयक मुसलमानों को हाशिए पर धकेलने और उनके निजी कानूनों और संपत्ति के अधिकारों को हड़पने के उद्देश्य से बनाया गया एक हथियार है। उन्होंने कहा कि आरएसएस, भाजपा और उनके सहयोगियों द्वारा संविधान पर यह हमला आज मुसलमानों पर लक्षित है, लेकिन भविष्य में अन्य समुदायों को निशाना बनाने के लिए एक मिसाल कायम करता है। कांग्रेस पार्टी इस कानून का कड़ा विरोध करती है क्योंकि यह भारत के मूल विचार पर हमला करता है और अनुच्छेद 25, धार्मिक स्वतंत्रता के अधिकार का उल्लंघन करता है। recent visitors 40

RBI इस महीने जारी करेगा 50 रुपये का नया नोट, क्या है नए नोट की खासियत?

नई दिल्ली भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 50 रुपए के नए नोट को लेकर एक अहम घोषणा की है, जिससे इस नोट को लेकर जनता में हलचल मच गई है। नए 50 रुपए के नोट में गवर्नर संजय मल्होत्रा के हस्ताक्षर होंगे, और इसे जल्द ही सर्कुलेशन में लाया जाएगा। RBI ने यह भी स्पष्ट किया कि इससे पहले जारी किए गए सभी 50 रुपए के नोट वैध बने रहेंगे, यानी पुराना नोट चलन से बाहर नहीं होगा। साथ ही, यह नया नोट महात्मा गांधी (NEW) सीरीज के डिज़ाइन के अनुरूप होगा, जो पहले से जारी किए गए 50 रुपए के नोटों जैसा ही होगा। नए नोट का आकार और डिज़ाइन भी पहले जैसे होंगे, जिसमें फ्लोरोसेंट नीला रंग और हम्पी के रथ का चित्र शामिल होगा, जो भारतीय सांस्कृतिक धरोहर को दर्शाता है। क्या है नए नोट की खासियत?- इस नोट के पीछे हम्पी के रथ का चित्र है, जो भारतीय संस्कृति की समृद्धि और इतिहास को प्रदर्शित करता है। महात्मा गांधी (नई) सीरीज में जारी होने वाले इस नोट में कुछ नई सुरक्षा विशेषताएं भी होंगी, जो इसे और अधिक सुरक्षित बनाएंगी। पुराने नोट भी रहेंगे वैध- RBI ने यह भी कहा कि पुराने 50 रुपए के नोट जो पहले जारी किए गए थे, वे वैध मुद्रा बने रहेंगे और उनका कोई भी असर नए नोट पर नहीं पड़ेगा। 2000 रुपये के नोट की वापसी का अपडेट- वहीं, 2000 रुपए के नोटों को लेकर भी हाल ही में एक महत्वपूर्ण अपडेट आया है। रिजर्व बैंक ने बताया कि 31 जनवरी 2025 तक 98.15% 2000 रुपए के नोट वापस बैंकिंग सिस्टम में लौट चुके हैं, और अब भी कुछ पुराने नोट लोगों के पास हैं। नए नोट के जारी होने से पहले, यह एक अहम वक्त है जब जनता को पुराने और नए नोटों के बीच अंतर समझने और उनका इस्तेमाल सही तरीके से करने की आवश्यकता है। recent visitors 61

दिल्ली में अब मुफ्त बस सफर करना है तो दो अहम शर्तों का करना होगा पालन, रजिस्ट्रेशन भी जल्द

नई दिल्ली दिल्ली में मुफ्त बस सफर की सुविधा पर रेखा गुप्ता सरकार दो अहम शर्तें लगाने जा रही है। राजधानी में मुफ्त बस यात्रा का लाभ अब उन्हीं महिलाओं को मिलेगा, जो दिल्ली की निवासी हैं। दूसरी शर्त यह है कि दिल्ली महिलाओं को भी इस सुविधा का लाभ लेने के लिए रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसका मतलब है कि यदि अन्य किसी राज्य की महिला दिल्ली में घूमने या अन्य किसी काम से आई है तो उसे बस में सफर के लिए टिकट का भुगतान करना होगा। यदि आप दिल्ली की रहने वाली हैं और रजिस्ट्रेशन करवाकर स्मार्ट कार्ड हासिल नहीं किया है तो आपको भी टिकट खरीदकर यात्रा करनी होगी। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने के लिए 'स्मार्ट कार्ड' जारी किया जाएगा, जो 'लाइफटाइम' वैध रहेगा। अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार बसों में मुफ्त यात्रा के लिए स्मार्ट कार्ड पाने की इच्छुक महिलाओं के लिए जल्द ही रजिस्ट्रेशन शुरू करेगी। यह कदम मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के दिल्ली विधानसभा के बजट सत्र में पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर गुलाबी टिकट योजना के तहत भ्रष्टाचार का आरोप लगाने के कुछ दिनों बाद उठाया गया है। गुप्ता ने कहा था, 'हम महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं… भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हम महिलाओं के लिए डिजिटल यात्रा कार्ड शुरू करेंगे, जो उन्हें सरकारी बसों में कभी भी स्वतंत्र रूप से मुफ्त यात्रा करने की सुविधा देगा, जिससे टिकट से जुड़ा 'गुलाबी भ्रष्टाचार' खत्म हो जाएगा।' उन्होंने इस बात पर जोर दिया था कि दक्षता बढ़ाने के लिए टिकट प्रणाली को पूरी तरह से डिजिटल किया जाएगा। गुप्ता ने कहा था कि संपूर्ण प्रणाली का आधुनिकीकरण किया जाएगा और पारदर्शिता और दक्षता सुनिश्चित करने के लिए मौजूदा त्रुटिपूर्ण योजनाओं में सुधार किया जाएगा। उन्होंने कहा था, 'हमारा लक्ष्य दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुलभ, विश्वसनीय और विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त बनाना है।' 'आप' ने 2019 में भाई दूज के अवसर पर गुलाबी टिकट योजना पेश की थी, जिसके तहत महिलाओं को दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा प्रदान की जाती है। महिलाओं को गुलाबी टिकट के रूप में एकल यात्रा पास मिलते हैं, जिसमें दिल्ली सरकार प्रति टिकट 10 रुपये की लागत वहन करती है और जारी किए गए कुल टिकट के आधार पर बस कंपनियों को भुगतान करती है। अधिकारियों के अनुसार, भाजपा सरकार के अगले दो से तीन सप्ताह के भीतर स्मार्ट कार्ड पहल पर काम शुरू करने की उम्मीद है। उन्होंने पात्रता मानदंड के बारे में बताया कि स्मार्ट कार्ड केवल दिल्ली में रहने वाली महिलाओं को जारी किया जाएगा, जिससे उन्हें बिना किसी पाबंदी के कहीं भी, कभी भी यात्रा करने की सुविधा मिलेगी। recent visitors 47