Sunday, July 5, 2026 3:16 pm

तेजस्वी यादव पहुंचे दिल्ली, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे से कई मुद्दों पर हो रही बातचीत

पटना बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर बैठकों का दौर जारी है। तीन दिन पहले पटना में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की बैठक हुई। सोमवार को दरभंगा में एनडीए के सभी प्रमुख नेता एकजुट हुए थे। आज दिल्ली में राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस के बीच बैठक हो रही है। इसमें सीट शेयरिंग समेत कई मुद्दों पर बातचीत हो रही। नेता प्रतिपक्ष और लालू प्रसाद के छोटे बेटे तेजस्वी यादव दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी से बातचीत कर रहे हैं। तेजस्वी यादव के साथ राजद के वरीय नेता भी मौजूद हैं। सीट बंटवारा समेत कई मुद्दों पर बात राजद सांसद मनोज झा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए महागठबंधन पूरी तरह तैयार है। आगामी चुनाव में सीट शेयरिंग समेत कई मुद्दों पर आज की बैठक में चर्चा हो रही है। यह महज एक औपचारिक बैठक है। राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस के बीच संबंध काफी लंबे समय से हैं। अब चुनाव में करीब छह-सात महीने का समय रह गया है। सूत्र बता रहे हैं कि कांग्रेस इस बार भी 70 सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग कर रही है। हालांकि 2020 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को महज 19 सीटों पर ही जीत मिली थी। वामदल भी अपने स्ट्राइक रेट को देखते हुए अधिक सीटों की मांग कर रहा है। और, राजद किसी भी हाल में 150 से कम सीटों पर चुनाव नहीं लड़ना चाहता है। इसका कारण यह है कि पिछले विधानसभा चुनाव में बिहार में राजद के टिकट पर सबसे ज्यादा विधायक जीते थे। सूत्र तो यह भी बता रहे हैं कि मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर आने वाले समय में कोई विवाद न हो, इसलिए राजद आज ही इस मुद्दे पर बात करेगा। क्योंकि राजद पहले ही तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री चेहरा घोषित कर चुका है। कांग्रेस के तेवर इस बार अलग कांग्रेस का अंदाज इस बार काफी बदला सा लग रहा है। हाल में ही कांग्रेस ने अपने प्रदेश अध्यक्ष को बदल दिया। सवर्ण समाज से आने से वाले अखिलेश सिंह की जगह बिहार की कमान दलित समाज के राजेश कुमार को सौंप दी। कई जिलाध्यक्ष बदल दिए। इसके बाद कन्हैया कुमार ने नेतृत्व में पदयात्रा निकाली। राहुल गांधी भी इसमें शामिल हुए। उन्होंने कांग्रेस का रोल भी बता दिया। इतना ही नहीं अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को क्षेत्र में जाकर मेहनत करने का निर्देश भी दिया। इन सब बातों से स्पष्ट है कि कांग्रेस बिहार में फिर से बेहतर पोजीशन चाहती है। recent visitors 37

अंतरिक्ष की यात्रा कर वापस धरती पर लौटी पॉप स्टार कैटी पेरी

लॉस एंजिल्स पॉप स्टार कैटी पेरी सोमवार को अंतरिक्ष की यात्रा कर वापस धरती पर लौट आई हैं। जेफ बेजोस के 'ब्लू ओरिजन' रॉकेट के साथ उन्‍होंने अपनी इस अंतरिक्ष यात्रा को 'इमोशनल' अनुभव बताया है। कैटी ने कहा कि मां बनने के बाद यह जीवन में उनका दूसरा सबसे बड़ा अनुभव रहा है। कैटी ने खुलासा किया कि उन्‍होंने उड़ान के दौरान 'व्हाट ए वंडरफुल वर्ल्ड' गाना भी गाया। करीब 11 मिनट की यात्रा के बाद जब कैटी पेरी ब्लू ओरिजिन के न्यू शेपर्ड रॉकेट से नीचे उतरीं तो उन्‍होंने कहा, 'मुझे लगता है कि इस अनुभव ने मुझे यह दिखाया है कि आप अपने अंदर भरे प्यार को कभी नहीं जान सकते, जैसे कि आपको कितना प्यार देना है और आपसे कितना प्यार किया जाता है।' ऑल वुमन टीम के साथ कैटी पेरी ने रचा इतिहास 'फायरवर्क' और 'कैलिफोर्निया गर्ल्स' की सिंगर कैटी पेरी की यह यात्रा इसलिए भी ऐतिहासिक थी कि वह एक ऑल वुमन टीम के साथ अंतरिक्ष में पहुंची थीं। 'अमेजन' के संस्थापक जेफ बेजोस की स्‍पेस कंपनी 'ब्लू ओरिज‍न' के रॉकेट से कैटी पेरी समेत महिलाओं के 5 सदस्‍यीय दल को पृथ्वी की सतह से 100 किलोमीटर से अधिक ऊपर ले जाया गया। यह न्यू शेपर्ड प्रोग्राम का हिस्सा है, जिसे NS-31 नाम दिया गया। धरती पर लौटते ही कैटी ने जमीन को चूमा इस यात्रा में कैटी पेरी के साथ जेफ बेजोस की मंगेतर लॉरेन सांचेज, टीवी प्रजेंटर गेल किंग, मानवाधिकार कार्यकर्ता अमांडा गुयेन, फिल्ममेकर केरियन फ्लिन और नासा की पूर्व रॉकेट साइंटिस्ट आइशा बोवे भी थीं। कैप्सूल के सुरक्षित उतरने के बाद कैटी पेरी के जमीन को चूमने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अपने साथ डेजी का फूल लेकर गई थीं कैटी पेरी कैटी पेरी ने उड़ान भरने के दौरान अपने साथ एक डेजी का फूल भी रखा था। यह उनकी बेटी डेजी के लिए था। वह बाकी महिलाओं के साथ करीब 4 मिनट तक स्‍पेस में रहीं। न्यू शेपर्ड रॉकेट सोमवार को पृथ्वी से 100 किमी की अधिकतम ऊंचाई तक पहुंचा और इसने करमन लाइन को पार किया, जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अंतरिक्ष की सीमा माना जाता है। अंतरिक्ष में इससे पहले 1963 में बिना पुरुष के गई थी महिला साल 2000 में अरबपति जेफ बेजोस ने स्‍पेस टूरिज्‍म कंपनी ब्लू ओरिजन की शुरुआत की थी। सोमवार को कैटी पेरी समेत ऑल वुमन टीम को ले जाने वाला न्यू शेपर्ड रॉकेट वेस्ट टेक्सास से लॉन्च किया गया। यह पहली ऐसी अंतरिक्ष उड़ान थी, जिसमें हर सीट पर महिलाएं बैठी थीं। इससे पहले 1963 में रूसी इंजीनियर वेलेंटिना तेरेश्कोवा ने अकेले अंतरिक्ष की यात्रा की थी। recent visitors 33

हैंडलूम फैक्ट्री में लगी भीषण आग, ढाई घंटे की लगातार मशक्कत के बाद आग पर पाया नियंत्रण

बालोतरा बालोतरा शहर के सर्किट द्वितीय क्षेत्र स्थित पीएनपी हैंडलूम में मंगलवार सुबह करीब 6 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब फैक्ट्री से अचानक घना धुआं उठता दिखाई दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी इमारत धुएं और लपटों से घिर गई। चारों तरफ हड़कंप मच गया और स्थानीय निवासियों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही बालोतरा नगर परिषद और सीईटीपी (कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट) की फायर ब्रिगेड टीमें घटनास्थल पर रवाना हुईं। कुल तीन दमकलों ने घटनास्थल पर पहुंचकर लगभग पांच राउंड तक पानी की बौछार की। करीब दो से ढाई घंटे की लगातार मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका। घटना की जानकारी मिलते ही बालोतरा थानाधिकारी चेलसिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने फैक्ट्री परिसर की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। अग्निकांड से प्रभावित क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि दोबारा किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। कर्मचारियों को सुरक्षित निकाला गया इस दौरान सबसे राहत की बात यह रही कि हैंडलूम की ऊपरी मंजिल पर सो रहे सभी कर्मचारियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। आग की सूचना मिलते ही दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर सीढ़ियों की सहायता से सभी को बाहर निकाला। यदि आग कुछ देर और बेकाबू रहती, तो जानमाल की बड़ी हानि हो सकती थी। शॉर्ट सर्किट हो सकता है संभावित कारण जानकारी के अनुसार, इस हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि फैक्ट्री को काफी नुकसान पहुंचा है, लेकिन फायर ब्रिगेड की तत्परता और स्थानीय लोगों की मदद से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। आग की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण माना जा रहा है। recent visitors 34

पीएसीएल घोटाला : जयपुर में पूर्व मंत्री खाचरियावास के आवास पर ईडी की रेड

जयपुर राजस्थान की राजनीति में हड़कंप मचाते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार सुबह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास के जयपुर स्थित आवास पर छापेमारी की। यह कार्रवाई बहुचर्चित 2850 करोड़ रुपये के पीएसीएल घोटाले से जुड़ी बताई जा रही है। खाचरियावास पर आरोप है कि पीएसीएल घोटाले की रकम में से करीब 30 करोड़ रुपये की राशि उनके पास पहुंची थी। इसी सिलसिले में ईडी की टीमें उनके ठिकानों पर दस्तावेजों की जांच कर रही हैं। गौरतलब है कि पीएसीएल (PACL) कंपनी पर सेबी ने 22 अगस्त 2014 को अवैध निवेश योजनाएं चलाने के आरोप में कार्रवाई करते हुए उसके सारे कारोबार बंद करवा दिए थे। इसके बाद कंपनी के खिलाफ देशभर में केस दर्ज हुए। सेबी की रिपोर्ट के अनुसार, पीएसीएल ने देशभर में करीब 5.85 करोड़ लोगों से 49,100 करोड़ रुपये की राशि जुटाई थी, जिसमें से अकेले राजस्थान के 28 लाख निवेशकों से करीब 2850 करोड़ की पूंजी जमा की गई थी। पीएसीएल की संपत्तियों को जब्त कर निवेशकों को भुगतान करने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने 2 फरवरी 2016 को सेवानिवृत्त मुख्य न्यायाधीश आर. एम. लोढ़ा की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया था। सेबी के अनुसार कंपनी के पास 1.86 लाख करोड़ रुपये की संपत्तियां मौजूद हैं, जो निवेशकों की रकम से करीब चार गुना अधिक है। मालूम हो कि इस घोटाले का सबसे पहला केस साल 2011 में जयपुर के चौमू थाने में दर्ज किया गया था। इसके बाद बिहार, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, असम, कर्नाटक, पंजाब, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में मामले दर्ज किए गए। फिलहाल ईडी की कार्रवाई जारी है और प्रताप सिंह खाचरियावास से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। आने वाले समय में इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है। recent visitors 35

टीवी एक्टर पार्थ समथान ने ‘सीआईडी’ में नए एसीपी आयुष्मान के रोल में एंट्री की, लोग हुए आगबबूला

मुंबई टीवी शो CID के फैंस, एक तो पहले से ही एसीपी प्रद्युमन की मौत से गुस्से में थे, और अब नए एसीपी की एंट्री पर वो आगबबूला हो गए। हाल ही पॉपुलर टीवी एक्टर पार्थ समथान ने 'सीआईडी' में नए एसीपी आयुष्मान के रोल में एंट्री की। उन्हें देखते ही फैंस ने गुस्सा निकाला और सोशल मीडिया पर रिएक्ट किया। CID में पार्थ समथान ने नया एसीपी बनकर शो की OG टीम-दया और अभिजीत की नाक में दम कर दिया। एसीपी प्रद्युमन का सफर CID में खत्म किए जाने पर दर्शक मेकर्स पर गुस्सा निकाल रहे थे, और अब नए एसीपी की एंट्री पर उसे शो से निकालने की मांग कर रहे हैं। 'एकदम वाहियात और बेमतलब की एंट्रीज' एक फैन ने X पर लिखा, 'मैं ACP प्रद्युमन (शिवाजी साटम) और CID की OG टीम के प्रति इस तिकड़ी के घमंड और अनादर को बर्दाश्त नहीं कर सकता। उम्मीद करता हूं कि ये जल्दी शो छोड़ दें। सबसे खराब और वाहियात एंट्री है, जिसका कोई मतलब नहीं।' 'कहीं नया एसीपी गद्दार तो नहीं?' एक ने लिखा है, 'मुझे लगता है कि ये नया एसीपी गद्दार है और इसका पर्दाफाश करने के लिए शिवाजी सर (एसीपी प्रद्युमन) की एंट्री होगी।' पार्थ के अलावा दो और नई एंट्री, लोगों को पसंद नहीं आई एक्टिंग पार्थ समथान के अलावा CID में दो और एक्ट्रेसेस की एंट्री हुई है, और उनकी एक्टिंग की आलोचना की जा रही है। एक यूजर ने लिखा, 'ये दो नई एंट्री बिल्कुल फिट नहीं होतीं। कोई एक्टिंग नहीं आती।' एक ने लिखा, 'एसीपी प्रद्युमन को वापस लाओ।' पार्थ समथान के फैंस ने की तारीफ- एकदम दमदार एंट्री हालांकि, पार्थ समथान के फैंस ने एक्टर की एंट्री से लेकर उनके लुक और नए एसीपी के रूप में दमदार एक्टिंग की तारीफ की। शो के कई वीडियोज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। कुछ तो इस इंस्पेक्टर दया और अभिजीत की तारीफ कर रहे हैं कि वो किस तरह नए एसीपी से भिड़ गए हैं। ACP प्रद्युमन की होगी वापसी! जनता की डिमांड पर फैसला एसीपी प्रद्युमन के किरदार की बात करें, तो इसे शिवाजी साटम निभा रहे थे। पर हाल ही के एपिसोड में एक बम ब्लास्ट में उनके किरदार की मौत दिखाकर ट्रैक एंड कर दिया गया। तभी से फैंस गुस्से से आगबबूला हैं और शिवाजी साटम की वापसी की मांग कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स जनता की डिमांड पर शिवाजी साटम यानी एसीपी प्रद्युमन को वापस CID में लाने की प्लानिंग कर रहे हैं। वहीं, शिवाजी साटम ने CID में अपना ट्रैक खत्म किए जाने पर कहा था कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्हें नहीं बताया गया। recent visitors 41

उस्मान पीएसएल के बाकी बचे मैचों में गेंदबाजी कर सकते, अगर दोबारा शिकायत दर्ज होती है तो उनपर बैन लगाया जा सकता है

इस्लामाबाद पाकिस्तान के ऑफ स्पिनर उस्मान तारिक के गेंदबाजी एक्शन की पाकिस्तान सुपर लीग टी20 टूर्नामेंट के दौरान शिकायत की गई है। उस्मान पीएसएल में क्वेटा ग्लेडिएटर्स की ओर से खेल रहे हैं। क्वेटा की लाहौर कलंदर्स के खिलाफ 79 रन से हार के बाद तारिक की शिकायत मैदानी अंपायरों अहसान रजा और क्रिस ब्राउन ने की। इस मैच तारिक ने 31 रन देकर एक विकेट लिया। हालांकि शिकायत दर्ज होने के बावजूद उन पर बैन नहीं लगाया गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के बयान के अनुसार उस्मान पीएसएल के बाकी बचे मैचों में गेंदबाजी कर सकते, अगर दोबारा उनके खिलाफ शिकायत दर्ज होती है तो उनपर बैन लगाया जा सकता है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने एक बयान में कहा, “क्वेटा ग्लैडिएटर्स के स्पिनर उस्मान तारिक को रविवार शाम रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में लाहौर कलंदर्स के खिलाफ पीएसएल एक्स मैच के दौरान संदिग्ध गेंदबाजी एक्शन के लिए ऑन-फील्ड अंपायर अहसान रजा और क्रिस ब्राउन द्वारा रिपोर्ट किया गया था। नियमों के अनुसार, उस्मान भविष्य के मैचों में गेंदबाजी करना जारी रख सकते हैं। हालांकि, अगर उन्हें फिर से रिपोर्ट किया जाता है, तो उन्हें गेंदबाजी से निलंबित कर दिया जाएगा और गेंदबाजी फिर से शुरू करने से पहले उन्हें ICC-मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला से मंजूरी लेनी होगी।” यह पहली बार नहीं है जब 30 वर्षीय खिलाड़ी अपने गेंदबाजी एक्शन के कारण चर्चा में आए हैं। तारिक को इससे पहले PSL 2024 के दौरान भी इसी मुद्दे के लिए रिपोर्ट किया गया था। उस समय, क्वेटा ग्लैडिएटर्स ने स्वेच्छा से उन्हें टूर्नामेंट से बाहर करने का विकल्प चुना था, और उन्हें पुनर्मूल्यांकन के लिए भेजा था। उस रिपोर्ट के बाद, तारिक ने लाहौर में ICC-मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में एक विस्तृत बायोमैकेनिकल मूल्यांकन किया। अंततः अगस्त 2024 में उन्हें मंजूरी दे दी गई, जिसके बाद उन्हें बिना किसी चिंता के घरेलू प्रतियोगिताओं में गेंदबाजी फिर से शुरू करने की अनुमति मिल गई। recent visitors 26

मध्यप्रदेश में बारिश के साथ हीटवेव का अलर्ट, 7 जिलों में गिरेगा पानी, जानें कब शुरू होगा लू का टॉर्चर?

भोपाल मध्य प्रदेश में इन दिनों बारिश के साथ आंधी और ओले देखने को मिल रहे हैं. सोमवार को पांढुर्णा, बैतूल, सिवनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, सिंगरौली, अनूपपुर, सीधी, सिवनी, रीवा आदि जिलों में बादल छाए रहे. कुछ जगहों पर बूंदाबांदी भी हुई है. हालांकि अब आंधी और बारिश की गतिविधियों में थोड़ी कमी आएगी. आज शहडोल, छिंदवाड़ा, सिवनी, अनूपपुर, डिंडौरी, बालाघाट, मंडला में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है. मध्य प्रदेश के एक हिस्से में आंधी-बारिश के साथ ओले देखने को मिल रहे हैं, वहीं दूसरी ओर राज्य के बाकी के हिस्से में गर्मी का असर है. दरअसल, सोमवार को रतलाम में दिन का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. आज इन जिलों में होगी बारिश ! बारिश और लू के बीच मौसम विभाग ने मंगलवार, 15 अप्रैल के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है. IMD के अनुसार, प्रदेश के पूर्वी हिस्से के 7 जिले- डिंडौरी, मंडला, शहडोल, अनूपपुर, बालाघाट, सिवनी और छिंदवाड़ा में हल्की बारिश होने की संभावना है. हालांकि इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और चंबल संभाग के जिलों में आज लू चलेगी. इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और नर्मदापुरम संभाग में मंगलवार को तेज गर्मी का असर दिखेगा. यहां पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है. 16 अप्रैल से फिर MP में शुरू होगा लू का टॉर्चर? बता दें कि मध्य प्रदेश में 16 अप्रैल से हीट वेव यानी लू का असर शुरू हो जाएगा. हालांकि अगले 2 दिनों तक बारिश की गतिविधियां भी रहेगी. मौसम विभाग के मुताबिक, 16 अप्रैल को कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि 11 जिलों के लिए लू का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और नर्मदापुरम संभाग में मंगलवार को गर्मी का असर तेज रहेगा। यहां पारा 40 डिग्री के पार पहुंच सकता है। बारिश और आंधी की गतिविधियों में थोड़ी कमी आएगी। रतलाम में पारा 42 डिग्री रहा प्रदेश में सोमवार को भी मौसम के दो रंग देखने को मिले। पांढुर्णा, बैतूल, सिवनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, सिंगरौली, अनूपपुर, सीधी, सिवनी, रीवा आदि जिलों में बादल छाए रहे। कुछ जगहों पर बूंदाबांदी भी हुई है। दूसरी ओर, प्रदेश के बाकी के हिस्से में गर्मी का असर रहा। रतलाम में दिन का तापमान सबसे ज्यादा 42 डिग्री दर्ज किया गया। शाजापुर-धार में पारा 41 डिग्री, खंडवा में 40.5 डिग्री और नर्मदापुरम में 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बड़े शहरों की बात करें तो उज्जैन सबसे गर्म रहा। यहां पारा 41 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में 39.5 डिग्री, इंदौर में 39.7 डिग्री, ग्वालियर में 37.5 डिग्री और जबलपुर में तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस रहा।     तीसरा सप्ताह: उत्तर-पश्चिमी हवाओं के जोर पकड़ने के साथ इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, चंबल, सागर, रीवा, नर्मदापुरम संभागों में न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। पूरे प्रदेश में दिन में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। 2 से 3 दिन लू चल सकती है। हल्की बारिश होने की संभावना है।     चौथा सप्ताह: उत्तर-पश्चिमी हवाओं के लगातार जोर पकड़ने के साथ न्यूनतम तापमान पूरे प्रदेश में सामान्य से 3-4 डिग्री अधिक यानि 27 से 30 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। दिन के साथ रातें भी गर्म हो जाएंगी। ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा संभाग में पारा 43-45 डिग्री जबकि इंदौर, उज्जैन-भोपाल सहित बाकी प्रदेश में 41 से 44 डिग्री सेल्सियस तापमान रह सकता है। बंगाल क्षेत्र में साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम की वजह से अप्रैल के आखिरी में 3 से 4 दिन तक लू का असर रह सकता है। पहले-दूसरे सप्ताह में तेज गर्मी और बारिश अप्रैल के पहले और दूसरे सप्ताह में तेज गर्मी और बारिश का दौर बना रहा। पहले सप्ताह में सभी संभागों में सामान्य से 2-3 डिग्री ज्यादा 21-24 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, दिन में पश्चिमी गर्म हवाओं के कारण अधिकतम तापमान इंदौर, सागर और नर्मदापुरम संभागों में सामान्य से ज्यादा 39 से 44 डिग्री तक पहुंच गया। उज्जैन, भोपाल, ग्वालियर समेत बाकी संभागों में यह 41 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। पहले सप्ताह रतलाम में लू चल चुकी है। वहीं, बाकी शहरों में गर्म हवाओं से गर्मी बढ़ी रही। दूसरे सप्ताह में पूरे प्रदेश में तेज आंधी, बारिश, ओले और गरज-चमक की स्थिति बनी रही। प्रदेश के 80 प्रतिशत हिस्से में बारिश हुई। दूसरी ओर, कुछ जिलों में गर्मी का असर भी रहा। अब हीट वेव चलेगी अप्रैल-मई में हीट वेव का असर ज्यादा मध्यप्रदेश में मार्च से गर्मी के सीजन की शुरुआत हो जाती है। इसी ट्रेंड के अनुसार अगले 3 महीने तेज गर्मी पड़ेगी। मौसम विभाग ने मई तक 15 से 20 दिन हीट वेव चलने का अनुमान जताया है। अप्रैल-मई में 30 से 35 दिन तक गर्म हवा चल सकती है। अप्रैल में दूसरे पखवाड़े में अलग-अलग जिलों में हीट वेव का असर देखने को मिलेगा। अब जानिए, 10 साल की डेटा बेस्ड स्टडी के बारे में मध्यप्रदेश में अप्रैल के दूसरे पखवाड़े से गर्मी का असर तेज होने लगता है। महीने के आखिरी दिनों में तो तापमान रिकॉर्ड तोड़ देता है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर के 10 साल की डेटा बेस्ड स्टडी में सामने आया कि भोपाल-इंदौर में पारा 43 डिग्री तक पहुंचा जबकि जबलपुर में आंकड़े ने 44 डिग्री को छू लिया। ग्वालियर में तो तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। पिछले तीन साल इन शहरों में तेज गर्मी पड़ी। इस बार भी तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। भोपाल: 1996 में पड़ी थी सबसे ज्यादा गर्मी, बारिश भी हुई अप्रैल में गर्मी के ट्रेंड की बात करें तो भोपाल में 29 अप्रैल 1996 को अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस पहुंचा था। इस महीने भोपाल में बारिश-आंधी के आसार भी बनते हैं। यही कारण है कि पिछले कुछ सालों से अप्रैल में बारिश का दौर चल रहा है। 20 अप्रैल 2013 को भोपाल में 24 घंटे के भीतर 30.8 मिमी यानी एक इंच से ज्यादा बारिश हुई थी। वहीं, 2023 में 22.6 मिमी पानी गिरा था। 17-18 अप्रैल को तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस रहा था। recent visitors 33