दिल्ली में दो दिन भारी बारिश और आंधी का अलर्ट, उत्तर भारत में मौसम ने पलटी चाल

नई दिल्ली दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट ली है, और शुक्रवार शाम से शुरू हुई आंधी-बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई है। मौसम विभाग के अनुसार, इस वीकेंड दिल्ली में तेज आंधी और बारिश की संभावना है, जिसके साथ ही बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है। सिर्फ दिल्ली ही नहीं, देश के कई अन्य राज्यों में भी मौसम बिगड़ने की संभावना जताई जा रही है। दिल्ली में दो दिन भारी बारिश और आंधी का अलर्ट शनिवार और रविवार को दिल्लीवासियों को फिर से मौसम की सख्ती का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने आंधी, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली का तापमान इस दौरान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, लेकिन बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है। रविवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री तक गिर सकता है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान: यूपी, पंजाब और अन्य राज्यों में आफत दिल्ली के अलावा, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के गंगा मैदानी इलाकों में भी आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। इसके अलावा, हिमालयी क्षेत्रों और उप-हिमालयी क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक, असम, मेघालय, त्रिपुरा और मणिपुर जैसे राज्यों में भी आंधी और बिजली की संभावना बनी हुई है। राजस्थान और अन्य राज्यों में गर्मी का प्रकोप वहीं, कुछ राज्यों में गर्मी का कहर भी जारी है। राजस्थान में लू चलने की संभावना जताई जा रही है। मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में भी उमस और गर्मी का असर देखा जा सकता है। उत्तर प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान में धूल भरी आंधी चलने का अनुमान है, जबकि गुजरात में भी तेज हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी विक्षोभ और इसकी भूमिका मौसम विभाग के अनुसार, इस अचानक मौसम परिवर्तन का कारण पश्चिमी विक्षोभ है, जो उत्तरी ईरान और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय है। इसके प्रभाव से 19 से 21 अप्रैल तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश, गरज, और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन इलाकों में बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है। recent visitors 49

हमारा संविधान सभी नागरिकों को समानता, स्वतंत्रता और न्याय प्रदान करता है : राज्यपाल पटेल

भोपाल राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने भारतीय संविधान के 75 वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव अम्बेडकर और संविधान सभा के सभी महानुभावों का पुण्य स्मरण और नमन करते हुए कहा कि उनकी अद्भुत दूरदृष्टि तथा प्रयासों ने हमें एक ऐसा संविधान दिया है, जो सभी नागरिकों को समानता, स्वतंत्रता और न्याय प्रदान करता है। इसके लिए हम सब उनके प्रति कृतज्ञ है। राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल रायसेन जिले की सिलवानी तहसील के ग्राम प्रतापगढ़ में संविधान गौरव सम्मान कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के सदस्य श्री प्रियंक कानूनगो और स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री नरेंद्र शिवाजी पटेल उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आदिवासी, गरीब, अति पिछड़े वर्ग के उत्थान और उन्नति के लिए काम करने वाले नागरिकों को सम्मानित भी किया गया। राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि आदिवासी और अति पिछड़े समाज का उत्थान करने, उन्हें आगे लाने के लिए सभी को पूरी निष्ठा और लगन से प्रयास करना होगा।  दूरस्थ क्षेत्रों में रह रहे जनजाति के लोगों को शासन की योजनाओं की जानकारी देकर  विकास में उनकी मदद करें। राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा जनजाति, अति पिछड़े और वंचित वर्ग के कल्याण, विकास और उनकी आर्थिक उन्नति के लिए अनेकों योजनाएं शुरू की गई हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन योजना शुरू की है, जिसमें भारिया, सहरिया, बैगा वर्ग शामिल हैं। इन वर्गो की उन्नति और विकास के लिए नौ से अधिक विभागों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ उनको दिया जा रहा है। साथ ही जनजातीय क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, पानी, स्वास्थ्य, पक्के  आवास सहित अन्य सुविधाएं भी तेजी से उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि गरीब महिलाएं कच्चे चूल्हे पर खाना बनाती थी, जिससे निकलने वाले धुएं से महिलाओं और परिवार के सदस्यों को गंभीर बीमारियां होती थी। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने इन गरीब महिलाओं की चिंता करते हुए प्रधानमंत्री उज्जवला योजना शुरू कर निःशुल्क गैस चूल्हा कनेक्शन प्रदान किए  हैं। इसी प्रकार आयुष्मान योजना के माध्यम से गरीबों को हर साल पांच लाख रूपए तक के निःशुल्क इलाज की सुविधा मिली हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना की मदद से गरीबों को पक्का मकान मिल रहा है। राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के सदस्य श्री प्रियंक कानूनगो ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी विगत एक दशक से अधिक समय से देश को आगे ले जाने के लिए पूरी ताकत से काम कर रहे हैं। यह संविधान की ही ताकत है कि आज भारत  की राष्ट्रपति आदिवासी परिवार से आती है। वे  शिक्षिका रही हैं। उन्होंने समुदाय की शिक्षा के माध्यम से सर्वांगीण विकास और उन्नयन के लिए काम किया है।आज राष्ट्रपति पद को शुशोभित कर रही हैं। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने कहा कि प्रतापगढ़ वीर शंकर शाह, रघुनाथ शाह जी के वंशजों का क्षेत्र है। उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए शिक्षित होना बेहद जरूरी है। सभी को शिक्षा का महत्व समझना होगा। शिक्षा के लिए काम करना होगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प को पूरा करने में प्रतापगढ़ क्षेत्र के बच्चे, युवा सभी अपनी सहभागिता दें। राज्यपाल श्री पटेल ने हितग्राही के आवास पर किया भोजन सिलवानी जनपद के प्रतापगढ़ में आयोजित संविधान गौरव सम्मान कार्यक्रम के उपरांत राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल, राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के सदस्य श्री प्रियंक कानूनगो और स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही श्री अवधेश बारीवा के घर पहुंचे। उनके घर पर उनके साथ भोजन किया। राज्यपाल से संवाद के दौरान हितग्राही अवधेश बारीवा ने बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना, खाद्यान्न पात्रता पर्ची सहित सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल रहा है।   recent visitors 44

उत्तर 24 परगना जिले के जेलियाखाली, संदेशखाली में भाजपा और तृणमूल समर्थकों के बीच झड़प के कारण तनाव बढ़ गया

कोलकाता उत्तर 24 परगना जिले के जेलियाखाली, संदेशखाली में भाजपा और तृणमूल समर्थकों के बीच झड़प के कारण तनाव बढ़ गया है। इस झगड़े में तृणमूल और भाजपा के कम से कम 10 कार्यकर्ता घायल हो गए। उनमें से आठ की हालत ऐसी थी कि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। हंगामे और मारपीट के संबंध में संदेशखली-2 ब्लॉक के तृणमूल अध्यक्ष दिलीप मल्लिक ने दावा किया कि कुछ भाजपा कार्यकर्ता स्थानीय मस्जिद के इमाम से बात कर रहे थे। उसी समय वहां कुछ तृणमूल कार्यकर्ता पहुंच गए और उन्होंने पूछा कि क्या चर्चा हो रही है तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन पर अचानक हमला कर दिया। जिसमें छह तृणमूल कार्यकर्ता और समर्थक गंभीर रूप से घायल हो गए। भाजपा कार्यकर्ता पर गोलीबारी का आरोप दिलीप मल्लिक ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर गोलीबारी का भी आरोप लगाया। हालांकि, भाजपा ने आरोपों को खारिज कर दिया है। भाजपा के उत्तर 24 परगना जिले के बशीरहाट सांगठनिक जिला अध्यक्ष सुकल्याण वैद्य ने दावा किया कि तृणमूल ने वक्फ संशोधन अधिनियम के विरोध में जालियाखाली में विरोध मार्च का आयोजन किया था। तृणमूल के लोगों ने भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों को जबरन उस जुलूस में ले जाने की कोशिश की। जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने जुलूस में शामिल होने से इन्कार कर दिया तो तृणमूल के लोगों ने उन पर हमला कर दिया। तभी दोनों पक्षों के बीच झड़प शुरू हो गई। आठ लोग अस्पताल में भर्ती उनका दावा है कि तृणमूल कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बिना उकसावे के भाजपा कार्यकर्ताओं की पिटाई की। हंगामे की खबर मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। उन्होंने दोनों पक्षों के आठ घायल लोगों को अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई। इस अशांति के मद्देनजर संदेशखाली थाने के ओसी बालया घोष ने कहा कि घटना के सिलसिले में दोनों पक्षों के कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। recent visitors 47

आईआईटी जेईई मेन परिणाम: बुरहानपुर के विद्यार्थी माजिद हुसैन ने आल इंडिया रैंकिंग में 30वां स्थान हासिल किया

बुरहानपुर आईआईटी जेईई मेंस 2025 के परीक्षा परिणाम शनिवार को घोषित किए गए हैं। इसमें बुरहानपुर के विद्यार्थी माजिद हुसैन ने आल इंडिया रैंकिंग में 30वां स्थान हासिल किया है। साथ ही वे मप्र के टाॅपर बन गए हैं। इस परीक्षा में माजिद ने 99.9992 परसेंटाइल हासिल किए हैं। उनकी इस सफलता पर एकेडमी के डायरेक्टर आनंद चौकसे व शिक्षकों ने फूल माला पहना कर स्वागत किया। माजिद मूलत: पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के जलगांव जिले के रहने वाले हैं। काफी समय से बुरहानपुर में रह कर परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। ये है सफलता की कहानी IIT जेईई मेन 2025 की परीक्षा में आल इंडिया रैंकिंग में 30वां स्थान हासिल करके मध्य प्रदेश में टाप करने वाले माजिद हुसैन को यूं ही सफलता हाथ नहीं लगी। परीक्षा की तैयारी के दौरान माजिद ने दिन के 12 से 14 घंटे किताबों के बीच खपाए हैं। इस परीक्षा में माजिद ने 99.9992 परसेंटाइल हासिल किए हैं। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले की एक निजी शिक्षण संस्था में अध्ययनरत रहकर तैयारी करने वाले माजिद हुसैन मूलत: पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के जलगांव जिले के रहने वाले हैं। उनके पिता जलगांव में इंजीनियर हैं, जबकि मां शिक्षिका हैं। माजिद बताते हैं कि कक्षा 10वीं से वह बुरहानपुर की निजी शिक्षण संस्था में अध्ययनरत हैं और यहीं छात्रावास में रहकर परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। टाॅपर बनना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। उनका अगला लक्ष्य IIT जेईई एडवांस्ड में देशभर में टाप करना है। उन्होंने एनएसईसी, आइएनपीएचओ, आइओक्यूएम, एनएसईपी, आइएनएमओ की अंतरराष्ट्रीय गणित ओलंपियाड में भी प्रथम स्थान हासिल किया। माजिद ने अपनी सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत, माता-पिता के सहयोग और एकेडमी के बेहतर मार्गदर्शन को दिया है। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए एक सपने के सच होने जैसा है। माता-पिता और एकेडमी के प्रोत्साहन के कारण ही आज इस मुकाम तक पहुंचे हैं। माजिद ने एनएसईसी, आईएनपीएचओ, आईओक्यूएम, एनएसईपी, आईएनएमओ की अंतर्राष्ट्रीय गणित ओलंपियाड में भी प्रथम स्थान हासिल किया है। माजिद ने बताया कि उनका अगला लक्ष्य आईआईटी जेईई एडवांस्ड में भी देशभर में टाॅप करना है। इन्होंने भी पाया बेहतर स्थान माजिद के साथ ही एकेडमी के शुभ जैन ने 99.88, साजिद हुसैन 99.84, संमित महाजन 99.82, आयुशी साहू 99.74, गौरव अडवानी 99.66, अदम्य पाटीदार 99.60, स्वर्णिम राठौर 99.58, मकरंद सरखाने 99.53, कृष यादव 99.51, दिव्यांश तिवारी 99.50, हर्ष रावत 99.48, आदि कुमार जैन 99.47, आरूश साहू 99.34, अर्पित पटेल 99.31, कृष्णम पाटिल 99.14, ऋतुराज सिंह चौहान 99.05 अजय धोते ने भी 99.05 परसेंटाइल हासिल किया है। recent visitors 50

तमन्ना भाटिया ने शेयर किया दिल छू लेने वाला वीडियो

मुंबई, अभिनेत्री तमन्ना भाटिया सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और उन्हें जब भी मौका मिलता है, वह कुछ न कुछ पोस्ट अपने फैंस के लिए जरूर करती हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए बताया कि उन्होंने कैसे अपनी छुट्टी बिताई है। अभिनेत्री ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट किया। वीडियो में बत्तखों के एक समूह दिखाई दे रहा है। तमन्ना ने सोशल मीडिया पर लिखा, “आपको तब पता चलता है कि आज आपकी छुट्टी का दिन है जब आप अपने कमरे के बाहर बत्तखों के समूह को देखते हैं।” काम की बात करें तो तमन्ना ने हाल ही में अशोक तेजा की सुपरनैचुरल थ्रिलर ‘ओडेला 2’ में काम किया, जो 17 अप्रैल को रिलीज हुई। ‘ओडेला’ के निर्माता संपत नंदी ने बताया कि तमन्ना सीक्वल की शूटिंग के दौरान पूरी तरह शाकाहारी बन गईं। जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने फिल्म के लिए तमन्ना का लुक कैसे चुना, तो नंदी ने कहा, “तमन्ना एक नागा साधु का किरदार निभा रही हैं, जो रहस्यमयी ऊर्जा वाला किरदार है। सबसे पहले, हमने तीन लुक ट्राई किए। तमन्ना बहुत गोरी हैं और नागा साधु आमतौर पर धूप में रहने के लिए जाने जाते हैं। इसलिए, उनकी त्वचा सांवली होती है और उनकी त्वचा का रंग अलग होता है। तमन्ना के लिए हमने चाहे जितने भी मेकअप ट्राई किए हों, यथार्थवादी एहसास पाना मुश्किल था।” बता दें कि अभिनेत्री तमन्ना भाटिया ‘आज की रात’ डांस नंबर के बाद अब अजय देवगन स्टारर अपकमिंग फिल्म ‘रेड 2’ के डांस नंबर ‘नशा’ के साथ जादू चलाने को तैयार हैं। फिल्म का गाना रिलीज हो चुका है। अभिनेत्री ने बताया कि यह एक ऐसा ट्रैक है, जिसकी हर बीट आपको पसंद आएगी और यहां तक कि गाने की पहली बीट ही आपको अपनी ओर खींच लेगी। अभिनेत्री ने बताया कि ‘नशा’ में कुछ आकर्षण है और यह एक ऐसा ट्रैक है, जो आपको पहली बीट से ही अपनी ओर खींच लेगा और पसंद आएगा। अभिनेत्री ने आगे बताया, “गाने की एनर्जी, म्यूजिक सब कुछ मिलकर इसे शानदार बनाते हैं। मेरे पिछले गाने ‘आज की रात’ को मिले प्यार के बाद, मैं दर्शकों को यह अनुभव कराने के लिए उत्साहित हूं।”   recent visitors 55

स्वाद के साथ सेहत का भी ख्याल रखता है आम

गर्मियों का मौसम यानि कि छुटियों का मौसम और ऐसे में बिना आम के छुटियां और गर्मी स्वादहीन लगती है। गर्मियों में मिलने वाला फलों के राजा आम के खट्टा-मीठा स्वाद सभी को लुभाता है। दरअसल आम सिर्फ स्वाद में ही अच्छा नहीं है बल्कि यह सेहत बनाने का भी काम करता है। इसमें विटामिन प्रोटीन वसा और फाइबर बड़ी मात्रा में पाया जाता है और खनिजों में कैल्शियम सोडियम पोटेशियम और कॉपर भी अच्छी मात्र में पाए जाते है, साथ ही विटामिन ए बी सी भी बहुत्तायत मात्रा में पाए जाते है। तो आइए जानतें हैं आम के कुछ और फायदो के बारे में… 1. ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करता है आम में प्रचूर मात्रा में विटामिन पाए जाते हैं, जिससे स्वास्थ्य अच्छा बना रहता है। हाई ब्लड प्रेशर के रोगी के लिए आम एक प्राकृति उपचार है, क्योंकि इसमें पोटेशियम (156 मिलीग्राम में 4 प्रतिशत) और मैग्निशियम (9 मिलीग्राम में 2 प्रतिशत) भारी मात्रा में पाए जाते हैं। 2. कैंसर के खतरे को कम करता है और कोलेस्ट्रोल की मात्रा घटाता है आम में एक घुलनशील आहार संबंधी फाइबर पेक्टिन पाया जाता है। पेक्टिन ब्लड कोलेस्ट्रोल लेवल को कम करने में प्रभावी रूप से कार्य करता है। यह हमें ग्रंथि में होने वाले कैंसर से भी बचाता है। 3. वजन बढ़ाने में मददगार आम का सेवन करना वजन बढ़ाने का सबसे आसान तरीका है। 150 ग्राम आम में करीब 86 कैलोरी ऊर्जा होती है, जो हमारे शरीर द्वारा आसानी से अवशोषित कर ली जाती है। इतना ही नहीं, आम में स्टार्च पाया जाता है, जो सूगर में परिवर्तित होकर अंततः वजन को बढ़ाता है। 4. पाचन प्रक्रिया में सहायक आम अपच और एसीडीटी जैसी समस्याओं को भी दूर करता है। आम में पाए जाने वाले एंजाइम्स भोजन को पचाने में मदद करते हैं। 5. एनीमिया का उपचार जो लोग एनियामा से ग्रसित हैं, उनके लिए आम काफी फायदेमंद होता है। क्योंकि इसमें प्रचूर मात्रा में आइरन पाया जाता है। नियमित और पर्याप्त रूप से आम का सेवन शरीर में खून की मात्रा बढ़ा देता है, जिससे एनीमिया जैसी बीमारी दूर रहती है। 6. गर्मवती महिला के लिए लाभदायक गर्मवती महिला को आयरन की विशेष जरूरत होती है। इसलिए उनके लिए आम काफी लाभदायक होता है। यूं तो डॉक्टर आयरन की गोली लेने की सलाह देते हैं, पर अगर आप चाहें तो आयरन से भरपूर आम के जूस का सेवन भी कर सकते हैं। 7. मुंहासे को रखे दूर आम त्वचा पर होने वाले मंहासे पर भी प्रभावी रूप से असर करता है। यह मुंहासे के बंद पड़े छिद्रों को खोल देता है। एक बार जब यह छिद्र खुल जाते हैं, तो मुंहासों का निर्माण अपने-आप बंद हो जाता है। देखा जाए तो त्वचा के बंद पड़े छिद्रों को खोलना ही मुंहासों से छुटकारा पाने से सबसे अच्छा तरीका है। पर इसके लिए आपको नियमित आम खाने की जरूरत नहीं है। आप आम के गूदे को त्वचा पर लगाएं और 10 मिनट बाद धो लें। 8. समय से पहले बुढ़ापे को रोकता है आम में बड़ी मात्रा में विटामिन ए और विटामिन सी पाए जाते हैं, जो कि शरीर के अंदर कोलाजेन प्रोटीन के निर्माण में सहायक होते हैं। कोलाजेन ब्लड वेसल और शरीर के कनेक्टिव टिशू को सुरक्षित रखता है, जिससे त्वचा की उम्र ढलने की प्रक्रिया धीमी हो जाती है। 9. मस्तिष्क को बनाए स्वस्थ्य आम में विटामिन बी-6 प्रचूर मात्रा में पाया जाता है, जो कि मस्तिष्क की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाता है। 10. शरीर की प्रतिरक्षा क्षमता को बढ़ाता है गाजर की तरह आम में भी बीटा-केरोटीन और कार्टेन्वाइड उच्च मात्रा में पाया जाता है। आम में पाए जाने वाले यह तत्व शरीर की प्रतिरक्षा क्षमता को बेहतर और मजबूत बनाते हैं। 11. मधुमेह से लड़ता है कुछ अध्ययन से पाया गया कि आम मधुमेह के लिए एक बढिया प्राकृतिक उपचार है। हालांकि इस पर अभी शोध जारी है। पहले लोगों में यह मिथक था कि मीठा होने के कारण मधुमेह के रोगी को आम नहीं खाना चाहिए। पर अब यह सिद्ध हो चुका है कि न सिर्फ आम बल्कि इसकी पत्तियां भी मधुमेह से निजात दिला सकती है। 12. आंखों का भी रखे ख्याल एक कप आम का जूस पीने से हमें एक दिन के लिए जरूरी विटामिन ए का 25 प्रतिशत हिस्सा मिल जाता है। यह आंख की रोशनी को बेहतर बनाता है और रतौंधी व आंख के सूखेपन को भी दूर रखता है। 13. सेक्स को बढ़ाता है आम विटामिन ई का बेहतरीन स्रोत होता है। सेक्स और विटामिन ई के संबंध को सबसे पहले चूहे पर किए गए अध्ययन के द्वारा जाना गया था। बाद में कुछ अन्य शोध से पता चला कि संतुलित और पर्याप्त मात्रा में आम का सेवन सेक्स को बढ़ाता है। 14. लू का करता है उपचार कच्चे आम के जूस को पानी के साथ मिला कर पीने से शरीर में ठंडक रहती है। आयुर्वेदिक दृष्टिकोण से देखा जाए तो भूमध्यवर्ती क्षेत्र में सूर्य की तेज रोशनी के कारण शरीर से भारी मात्रा में पसीना निकलता है। इससे लोग जल्दी थक जाते हैं। ऐसे में इस प्रक्रिया से किडनी टॉक्सिन्स से भर जाता है।   recent visitors 77

दीपावली तक 17.5 किमी रूट पर दौड़ने लगेगी मेट्रो रेल, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने प्रायोरिटी कारिडोर का निरीक्षण किया

इंदौर इंदौर में 5.9 किमी लंबे सुपर प्रायोरिटी कारिडोर पर सीएमआरएस से मेट्रो रेल चलाने की अनुमति मिल चुकी है। अब कमर्शियल रन की तैयारी की जा रही है। इसी के तहत शनिवार को नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने प्रायोरिटी कारिडोर का निरीक्षण किया। उन्होंने सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव के साथ मेट्रो का सफर किया। अधिकारियों ने सभी यात्री सुविधाओं से अवगत कराया। निरीक्षण के बाद विजयवर्गीय ने कहा कि जल्द ही मेट्रो रेल की सुविधा मिलेगी। दीपावली तक 17.5 किमी मार्ग पर रेल दौड़ने लगेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे। गांधीनगर स्टेशन से लेकर सुपर कारिडोर स्टेशन-3 तक मेट्रो के कमर्शियल रन की तैयारी अंतिम दौर में पहुंच चुकी है। मंत्री विजयवर्गीय ने गांधी नगर स्टेशन की टिकट खिड़की से मेट्रो का पहला टिकट लिया। स्वचालित डोर टिकट के माध्यम से ऊपर पहुंचे। लगेज चेकिंग मशीन और अन्य सुविधाओं का अवलोकन किया। एस्केलेटर से ऊपर पहुंचकर मेट्रो में सवार हुए। गांधीनगर स्टेशन से मेट्रो 11:45 पर रवाना हुई। करीब पांच किमी की दूरी तय कर 11.58 बजे सुपर कारिडोर स्टेशन-3 पहुंची। मंत्री विजयवर्गीय चालक कक्ष में भी पहुंचे। यहां चालक गणेश देशमुख से मेट्रो के संचालन की जानकारी ली और अनाउंसमेंट व अन्य सुविधाओं को समझा। इस दौरान नगरीय विकास एवं आवास विभाग के मुख्य सचिव संजय कुमार शुक्ल, मेट्रो के प्रबंध संचालक एस. कृष्ण चैतन्य, निदेशक सिस्टम शोभित टंडन, निदेशक प्रोजेक्ट अजय गुप्ता मौजूद रहे। इंदौरियों के लिए बनेगी आकर्षण मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि मेट्रो का उद्घाटन होने के साथ संचालन शुरू कर दिया जाएगा। शुरुआत में प्रायोरिटी कारिडोर पर ही मेट्रो का संचालन होगा, लेकिन यह इंदौरियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी। शुरू में लोग मेट्रो में सफर से अधिक इसे देखने और अनुभव करने के लिए आएंगे। यह मेट्रो शहरवासियों को यातायात की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराएगी। 17.5 किमी मार्ग पर परीक्षण की तैयारी मंत्री विजयवर्गीय ने निरीक्षण के बाद बताया कि मेट्रो का कार्य तेज गति से जारी है। दीपावली तक पहले चरण के 17.5 किमी रूट पर मेट्रो का संचालन शुरू कर देंगे। इस रूट पर ट्रायल की तैयारी की जा रही है। दूसरे चरण में भूमिगत लाइन करने को लेकर सर्वे किया जा रहा है। एमजी रोड से पहले कहीं मेट्रो रेल को भूमिगत किया जाएगा। मेट्रो स्टेशन से जोड़ेंगे सिटी बसें कमर्शियल रन से पहले मेट्रो स्टेशन से सिटी बसों की कनेक्टिविटी की योजना भी बनाई जा रही है। मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि महापौर पुष्यमित्र भार्गव इस बात की कोशिश कर रहे हैं कि शहर की बसों को मेट्रो से अच्छी तरह जोड़ा जाए। सिटी बसों के अलावा जरूरत पड़ने पर ई-रिक्शा को भी मेट्रो स्टेशन तक पहुंच दी जाएगी। मेट्रो स्टेशन के आसपास पार्किंग बनाने की योजना पर भी काम हो रहा है।   recent visitors 32