Sunday, July 5, 2026 2:35 pm

हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं लगाई तो कटेगा चालान

रायपुर अगर आपने गाड़ी अप्रैल 2019 से पहले खरीदी है तो तत्काल हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन (नंबर) प्लेट (एचएसआरपी) लगवा लिजिए, नहीं तो जांच के दौरान पकड़े जाने पर आपको 500 से दस हजार रुपए तक का चालान अदा करना पड़ जाएगा. परिवहन विभाग एचएसआरपी के लिए 15 अप्रैल तक का समय तय किया था, जिसके बाद से अब चालानी कार्रवाई की जाएगी. प्रदेशभर में 40 लाख और रायपुर जिले में दस लाख से अधिक वाहनों में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगाया जाना है. पिछले कुछ महीने के भीतर मात्र 60 हजार वाहनों में ही नंबर प्लेट लगवाया गया है. ऐसे में अब परिवहन विभाग और यातायात पुलिस मिलकर कार्रवाई करेगी. 40 लाख वाहनों में लगनी है नंबर प्लेट परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रदेशभर में 60 हजार से अधिक और रायपुर जिले में 24,903 वाहनों में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगाए जा चुके है. वहीं 35 हजार वाहनों का पंजीयन कराया गया है. मगर, करीब 40 लाख वाहनों में इसे लगाया जाना है. इसके लिए रोसमार्टा सेटी और रियल मेजान इंडिया लिमिटेड कंपनी के साथ ही ऑटोमोबाइल डीलरों को नंबर प्लेट लगाने की जिम्मेदारी दी गई है. कलेक्ट्रेट में खुला काउंटर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगवाने के लिए रायपुर कलेक्ट्रेट में एक काउंटर खुल चुका है, ताकि वाहन चालकों को कोई परेशानी न हो. यहां बाइक के लिए 365 रुपए और कार के लिए 500 रुपए से अधिक निर्धारित शुल्क लेकर एचएसआरपी बनाकर दिए जा रहे हैं. ये हैं निर्धारित शुल्क दोपहिया, ट्रैक्टर और ट्रेलर का शुल्क जीएसटी सहित 365.80 रुपये, तीन पहिया के लिए 427.16 रुपये, हल्के मोटरयान के लिए 656.08 रुपये और पैसेंजर कार के लिए 705.64 रुपये निर्धारित किया गया है. सभी भुगतान डिजिटल मोड से किए जा रहे हैं. सभी वाहनों में एचएसआरपी अनिवार्य अपर परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर ने बताया कि एक अप्रैल 2019 के पहले के दोपहिया, चार पहिया वाहनों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाना अनिवार्य किया गया है. इसके लिए सभी आरटीओ को निर्देश जारी किए जा चुके हैं. 15 अप्रैल के बाद बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट वाले वाहनों पर केंद्रीय मोटरयान अधिनियम के अनुसार चालानी कार्रवाई की जाएगी.   recent visitors 21

नाबालिगों को RBI ने दिया खास तोहफा, अब 10 साल से ज्यादा उम्र के बच्चों को बैंकिंग की आजादी मिलने जा रही

नई दिल्ली अब 10 साल से ज्यादा उम्र के बच्चों को बैंकिंग की आजादी मिलने जा रही है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने एक बड़ा बदलाव करते हुए बैंकों को यह अनुमति दी है कि वे 10 साल से अधिक उम्र के नाबालिगों को खुद का सेविंग अकाउंट या फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) अकाउंट खोलने की सुविधा दें।यह फैसला बच्चों को फाइनेंशियल रूप से जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। बिना अभिभावक के भी खुल सकेगा अकाउंट आरबीआई द्वारा जारी संशोधित निर्देशों के अनुसार अब बैंकों को यह अधिकार होगा कि वे 10 वर्ष से अधिक उम्र के समझदार नाबालिगों को स्वतंत्र रूप से सेविंग या एफडी अकाउंट खोलने की अनुमति दें। पहले केवल अभिभावकों के जरिए ही यह संभव था। अब बच्चों को अभिभावक की मौजूदगी के बिना भी यह सुविधा दी जा सकती है यदि बैंक को लगे कि बच्चा खाते को संचालित करने में सक्षम है। बैंकों को भेजा गया नया सर्कुलर RBI ने यह निर्देश सोमवार को सभी बैंकों को भेजे गए एक सर्कुलर के माध्यम से जारी किया। सर्कुलर में यह भी स्पष्ट किया गया है कि अगर नाबालिग बच्चा किसी कारणवश अकाउंट नहीं चला सकता तो अभिभावक के जरिए खाता खुलवाने और ऑपरेट करने की सुविधा पहले की तरह जारी रहेगी। बच्चों की वित्तीय समझ बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम विशेषज्ञों का मानना है कि यह बदलाव बच्चों में बचत की आदत डालने और उन्हें फाइनेंशियल सिस्टम से परिचित कराने में मदद करेगा। साथ ही इससे बच्चे छोटी उम्र में ही पैसे की अहमियत और बजटिंग सीख सकेंगे। recent visitors 40

दिल्ली ने लखनऊ को दी शिकस्त, 8 विकेट से दर्ज की जीत

लखनऊ डियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के मैच नंबर-40 में दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी. यह मुकाबला लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में हुआ. इस मैच में दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था. ऋषभ पंत की लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 159 रन बनाए थे. इसके जवाब में उतरी दिल्ली ने 18वें ओवर में ही इसे चेज कर लिया. केएल राहुल और अभिषेक पोरेल ने शानदार फिफ्टी जड़ी. ऐसी रही दिल्ली की बल्लेबाजी 160 रनों के जवाब में उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही. चौथे ओवर में ही करुण नायर अपना विकेट गंवा बैठे. मार्करम ने उनका विकेट झटका. इसके बाद केएल राहुल और अभिषेक पोरेल ने शानदार बल्लेबाजी की. दोनों अच्छी लय में दिखे. पोरेल ने 32 गेंद  में फिफ्टी जड़ी. लेकिन 12वें ओवर में उनका विकेट गिर गया. लेकिन एक छोर पर केएल राहुल टिके रहे. उन्होंने 40 गेंद में अर्धशतक जमाया. नाबाद भी रहे. वहीं, पोरेल का विकेट गिरने के बाद बल्लेबाजी के लिए पहुंचे अक्षर ने भी तूफानी बल्लेबाजी की. इसके दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ को 8 विकेट से हराया. ऐसी रही लखनऊ की पारी टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी मेजबान लखनऊ की शुरुआत बेहद शानदार रही. एडेन मार्करम और मिचेल मार्श ने तूफानी शुरुआत की. दोनों ने हर गेंदबाज को आंड़े हाथों लिया. एडेन मार्करम ने महज 30 गेंदों में ही फिफ्टी जड़ दी.  दोनों बल्लेबाजों ने 10 ओवर में 90 रन जोड़े, लेकिन मारक्रम अपना विकेट गंवा बैठे. मार्करम ने अपनी पारी में 2 चौके और 3 छक्के जड़े. लेकिन इसके बाद आईपीएल में अबतक धमाल मचाने वाले निकोलस पूरन मैदान में पहुंचे. उन्होंने कुलदीप को दो चौका भी जड़ा. लेकिन 12वें ओवर में स्टार्क ने उन्हें अपना निशाना बनाया. पूरन के बल्ले से केवल 9 रन ही निकले. इसके बाद अब्दुल समद भी 2 रन बनाकर आउट हो गए. वहीं, इसी ओवर में मुकेश कुमार ने मिचेल मार्श को भी चलता किया मार्श के बल्ले से 45 रन निकले. एक समय लखनऊ ने 10 ओवर में एक विकेट खोकर 90 रन बना लिए थे. लेकिन अगले 10 ओवर में लखनऊ की टीम केवल 70 रन ही जोड़ पाई. वहीं, 27 करोड़ी ऋषभ पंत बल्लेबाजी के लिए तब आए जब सिर्फ दो गेंद का खेल बचा था उसमें भी वो खाता नहीं खोल सके और आउट हो गए. जबकि लखनऊ को तेजी से रन बनाने की दरकार थी. हालांकि, आखिरी ओवर में आयुष बदोनी ने तीन लगातार चौके लगाकर आतिशी बल्लेबाजी की जिसके दम पर लखनऊ ने दिल्ली को 160 रनों का लक्ष्य दिया है. recent visitors 33

फ्लैट स्टील आयात पर 12% सेफगार्ड ड्यूटी आत्मनिर्भर भारत की दिशा में ऐतिहासिक कदमः नवीन जिन्दल

 रायपुर केंद्र सरकार ने घरेलू इस्पात उद्योग की सुरक्षा के लिए फ्लैट स्टील उत्पादों के आयात पर 12% सेफगार्ड ड्यूटी लगा दी है, जो 21 अप्रैल से अगले 200 दिनों तक प्रभावी रहेगी। इस कदम का उद्देश्य चीन, दक्षिण कोरिया और जापान से सस्ते स्टील आयात को नियंत्रित करना है, जिससे घरेलू इस्पात निर्माताओं को राहत मिले। डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ ट्रेड रेमेडीज़ द्वारा की गई जांच में पाया गया कि उपरोक्त देशों से स्टील आयात से घरेलू उद्योग को ‘गंभीर नुकसान’ हो रहा था। गौरतलब है कि भारत, जो दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा कच्चा इस्पात उत्पादक देश है, वित्त वर्ष 2024-25 में तैयार स्टील का शुद्ध आयातक देश बन गया और कुल आयात 95 लाख टन के साथ 9 साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। इस फैसले का भारतीय इस्पात संघ (आईएसए) और देश के प्रमुख उद्योगपतियों ने स्वागत किया है। भारतीय इस्पात संघ के अध्यक्ष और जिन्दल स्टील एंड पावर के चेयरमैन श्री नवीन जिन्दल ने इसे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मील का पत्थर करार दिया है। उन्होंने कहा, “हम सरकार के इस निर्णायक कदम के लिए आभारी हैं कि फ्लैट स्टील उत्पादों पर 12% सेफगार्ड ड्यूटी लगाई गई है, जो कि अव्यावहारिक कीमतों पर आ रहे आयात को रोकने के लिए बेहद आवश्यक था। सरकार का यह सहयोग निवेशकों को 2030 तक 300 मिलियन टन की क्षमता निर्माण के लक्ष्य की ओर एक नए जोश के साथ काम करने के लिए प्रेरित करेगा और आत्मनिर्भर भारत तथा विकसित भारत के निर्माण के लिए अग्रसर करेगा। हम माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व और इस्पात व इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास के प्रति अटूट समर्थन के लिए उनका धन्यवाद करते हैं।” टाटा स्टील, जेएसडब्ल्यू स्टील, आर्सेलर मित्तल निप्पॉन स्टील इंडिया और जिन्दल स्टील एंड पावर जैसी कंपनियों को इस निर्णय से सीधे लाभ की उम्मीद है। लगातार दूसरे वर्ष स्टील का शुद्ध आयातक बन जाना, देश के इस्पात क्षेत्र के लिए चिंता का विषय बन गया था। ऐसे में यह सेफगार्ड ड्यूटी न केवल एक सुरक्षात्मक उपाय है, बल्कि यह घरेलू विस्तार और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए एक रणनीतिक कदम भी है। श्री नवीन जिन्दल लंबे समय से इस क्षेत्र के हितों की पुरज़ोर वकालत करते रहे हैं। इस दिशा में उन्होंने नीति-निर्माताओं के साथ संवाद में निर्णायक भूमिका निभाई है। उनकी नेतृत्व क्षमता और प्रतिबद्धता ने यह सुनिश्चित किया कि देश के इस्पात उद्योग को नीतिगत समर्थन मिले। भारत को 5 ट्रिलियन (खरब) डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में यह निर्णय एक मजबूत संकेत है कि सरकार घरेलू उद्योगों के साथ खड़ी है और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में ठोस कदम उठा रही है। recent visitors 15

प्रदेश के सात जिला सहकारी बैंकों के सुदृढ़ीकरण हेतु समीक्षा बैठक आयोजित

भोपाल   अपेक्स बैंक के प्रबंध संचालक श्री मनोज गुप्ता ने आज प्रदेश के 7 जिला सहकारी बैंकों क्रमश: गुना, सागर, रायसेन,  भिण्ड, मुरैना, सीधी एवं नर्मदापुरम के सुदृढ़ीकरण हेतु आयोजित बैठक में तैयार एक्शन प्लान की समीक्षा करते हुए निर्देश दिये कि विभिन्न मानदण्डों के अनुरूप निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति हेतु  आवश्यक कार्यवाही निष्पादित करें। बैठक में अपेक्स बैंक की वि.क.अ.श्रीमती कृति सक्सेना, बैंक के चार्टर्ड एकाउंटेंट श्री अमूल्य रांहणेकर,  प्रबंधक श्री करुण यादव,   वि.क.अ. श्री जी.के.अग्रवाल,  संभागीय प्रबंधक श्री ए.के.एस.चंदेल के साथ संबंधित 7 बैंकों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उपस्थित हुए। recent visitors 20

मौसम विभाग के अनुसार आगामी 7 दिनों में कुछ राज्यों में तेज धूप और लू चलेगी, कई राज्यों में बारिश, गिरेगी बिजली

नई दिल्ली देश के कई हिस्सों में गर्मी ने अपना विकराल रूप दिखाना शुरू कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार आने वाले 7 दिनों में कुछ राज्यों में तेज धूप और लू चलेगी वहीं कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा। गर्मी और बारिश की यह दोहरी मार लोगों को खासा परेशान कर सकती है। 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, गिरेगी बिजली मौसम विभाग के अनुसार असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 22 से 26 अप्रैल तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। साथ ही नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 23 अप्रैल को जमकर बारिश हो सकती है। इन सभी इलाकों में बिजली गिरने और 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। इन दक्षिणी राज्यों में भी बरसेगा पानी केरल, तटीय आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। वहीं तमिलनाडु, पुडुचेरी और तेलंगाना में भी अगले सात दिनों तक बिजली गिरने और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है। पश्चिमी विक्षोभ करेगा असर, इन पहाड़ी राज्यों में बदलेगा मौसम मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरी पाकिस्तान और मध्य पाकिस्तान में सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से पश्चिमी विक्षोभ असर में है। इसके चलते पश्चिमी हिमालयी राज्यों—जैसे जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज, बिजली और बारिश के साथ 50 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। महाराष्ट्र और गुजरात में भी बारिश, बढ़ेगा पारा मध्य महाराष्ट्र में 24-25 अप्रैल को बारिश हो सकती है जबकि गुजरात में 22 से 24 अप्रैल तक भारी बारिश का पूर्वानुमान है। उधर, विदर्भ के चंद्रपुर में रविवार को तापमान 44.6 डिग्री तक पहुंच गया जो पूरे देश में सबसे अधिक था। कहां कितना बढ़ेगा तापमान? उत्तर पश्चिम भारत में अगले छह दिनों में तापमान में 2-3 डिग्री की वृद्धि हो सकती है। मध्य भारत और गुजरात में अगले तीन दिनों में तापमान 2 डिग्री तक बढ़ेगा। वहीं पूर्वी भारत में तापमान में 4 से 6 डिग्री की जबरदस्त बढ़ोतरी का अनुमान है। इन 11 राज्यों में हीटवेव का अलर्ट दिल्ली एनसीआर में आने वाले 3 दिनों तक मौसम साफ रहेगा और तेज धूप पड़ेगी। तापमान में बढ़ोतरी के साथ 42 डिग्री सेल्सियस तक पारा पहुंचने की संभावना है। बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री के बीच रहा जबकि न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।   recent visitors 26

सीएम साय ने एआई और नवीन तकनीकों के उपयोग से खराब सड़कों के त्वरित चिन्हांकन व मरम्मत के दिए निर्देश

नए विधानसभा भवन में सिविल एवं विद्युत यांत्रिकी का 95% काम पूरा   रायपुर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने मंत्रालय (महानदी भवन) में आयोजित समीक्षा बैठक में विभागीय अधिकारियों को तेजी से कार्य करते हुए अच्छी गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में सड़कों, पुल-पुलियों एवं भवनों के काम पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख सड़कों पर तेज और सुरक्षित यातायात पर जोर दिया। उन्होंने एआई और नवीन तकनीकों के उपयोग से खराब सड़कों के त्वरित चिन्हांकन व मरम्मत के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री श्री अरूण साव और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह भी समीक्षा बैठक में शामिल हुए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बैठक में सड़कों और पुल-पुलियों के काम आगामी पांच साल की कार्ययोजना को ध्यान में रखते हुए त्वरित गति से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों और वृहद पुलों के कार्यों को भू-अर्जन के बाद डेढ़-दो वर्षों में अनिवार्यतः पूर्ण करने को कहा। उन्होंने शहरों के नजदीक बनने वाले बाइपास और रिंगरोड में पर्याप्त संख्या में ओव्हरब्रिजों और अण्डरब्रिजों का निर्माण करते हुए इन्हें एक्सप्रेस-वे की तर्ज पर विकसित करने के निर्देश दिए। इससे यातायात तेज और सुरक्षित होगा। मुख्यमंत्री श्री साय ने भारतमाला परियोजना के तहत रायपुर को विशाखापट्नम से जोड़ने बन रहे एक्सप्रेस-वे से रायपुर-जगदलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ने अच्छी गुणवत्ता के कनेक्टिंग-रोड्स बनाने के निर्देश दिए, ताकि इस एक्सप्रेस-वे का अधिक से अधिक लाभ राज्य के लोगों को मिल सके। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्गों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी बड़ी एवं महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए एक-एक डेडीकेटेड (Dedicated) वरिष्ठ अधिकारी नामांकित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यों में तेजी लाने एनएचएआई (NHAI) के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करने को कहा। उन्होंने आगामी तीन वर्षों में 30 हजार करोड़ रूपए के सड़क विकास के कार्यों को पूर्ण करने के लक्ष्य के साथ काम करने को कहा। उन्होंने नए बजट में प्रावधानित कार्यों की प्राथमिकता तय करते हुए शीघ्र ही उनके इस्टीमेट (Estimate), डीपीआर और टेण्डर की कार्यवाही पूर्ण करते हुए कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। श्री साय ने पुल-पुलियों के रखरखाव एवं मरम्मत की प्रभावी व्यवस्था बनाने को भी कहा। उन्होंने इसके लिए आवश्यक प्रोटोकाल तैयार कर कड़ाई से अमल करने को कहा। उन्होंने एआई और नवीन तकनीकों के उपयोग से खराब सड़कों की तुरंत पहचान के लिए सिस्टम तैयार करने को कहा। इससे सड़कों के संधारण एवं त्वरित मरम्मत में मदद मिलेगी। उन्होंने खदान क्षेत्रों में सड़कों के मजबूतीकरण पर जोर दिया। मुख्यमंत्री श्री साय ने बस्तर में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने वहां निर्माणाधीन सड़कों और पुल-पुलियों के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। नई सड़कों और पुलों के निर्माण से सुदूर वनांचलों के लोगों को विकास की मुख्यधारा से जुड़ने में मदद मिलेगी। उन्होंने समीक्षा बैठक में विभागीय अधिकारियों को वर्तमान समय की जरूरतों और लाइफस्टाइल के अनुरूप सर्किट हाउसों और विश्राम गृहों को अपग्रेड करने के निर्देश दिए। उन्होंने इनके अच्छे रखरखाव के साथ ही साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को सुधारने को कहा।   लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने समीक्षा बैठक में बताया कि नया रायपुर में निर्माणाधीन विधानसभा के नए भवन का 95 प्रतिशत सिविल एवं विद्युत यांत्रिकी कार्य पूर्ण कर लिया गया है। नए राजभवन का भी 60 प्रतिशत काम पूर्ण हो गया है। अधिकारियों ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में सड़क सुरक्षा के कार्यों के लिए 106 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है। सड़क दुघर्टनाओं को रोकने आगामी पांच-छह महीनों में ब्लैक-स्पॉट और जंक्शन सुधार के कार्य प्राथमिकता से किए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री राहुल भगत और श्री मुकेश बंसल, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता श्री वी.के. भतपहरी और संयुक्त सचिव श्री एस.एन. श्रीवास्तव सहित सभी मुख्य अभियंता भी समीक्षा बैठक में मौजूद थे।   मुख्यमंत्री ने इन कार्यों की समीक्षा की मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में प्रगतिरत राष्ट्रीय राजमार्गों, एनएचएआई द्वारा किए जा रहे कार्यों, निर्माणाधीन सड़कों, पुल-पुलियों एवं भवनों की प्रगति, खेल विभाग के अधोसंरचना निर्माण कार्यों तथा सीआरआईएफ, आरआरपी (एलडब्ल्यूई) तथा आरसीपीएलडब्लूईए योजनाओं के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए। recent visitors 21