Tuesday, July 7, 2026 10:44 am

पंजाब के कोच कह गए बड़ी बात, KKR एक अंक से खुश है या दुखी, IPL 2025 में क्यों बदले-बदले नजर आ रहे प्रभसिमरन?

नई दिल्ली पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के स्पिन गेंदबाजी कोच सुनील जोशी का मानना है कि सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह आईपीएल 2025 में अधिक परिपक्वता दिखा रहे हैं तथा टीम प्रबंधन में उन पर जो भरोसा दिखाया है उस पर खरा उतर रहे हैं। पंजाब के अनुभवी बल्लेबाज प्रभसिमरन ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ शनिवार को ईडन गार्डन्स में खेले गए मैच में शुरू में सतर्कता बरतने के बाद 49 गेंद पर 83 रन की आकर्षक पारी खेली, जिससे पीबीकेएस ने चार विकेट पर 201 रन का मजबूत स्कोर बनाया। हालांकि, बारिश के कारण यह मैच पूरा नहीं हो पाया और दोनों टीम में एक-एक अंक बांट दिया गया। जोशी ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यह सब आत्मविश्वास से जुड़ा होता है। टूर्नामेंट से पहले वह अपनी बल्लेबाजी में कितना निखार लाता है यह महत्वपूर्ण होता है। निश्चित रूप से मुख्य कोच रिकी (पोंटिंग) ने बल्लेबाजी कोचिंग स्टाफ के साथ मिलकर जो सकारात्मक माहौल बनाया है उसके अच्छे परिणाम नजर आ रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘प्रभसिमरन सफेद गेंद के प्रारूप में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। पिछले साल भी उन्होंने अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखी थी। आंकड़े इसके गवाह हैं लेकिन इस साल वह अधिक परिपक्व हो गए हैं और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ गया है।’’ नाइट राइडर्स ने जब बिना किसी नुकसान के सात रन बनाए थे तभी बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा। इसके बाद आगे खेल नहीं हो पाया। जोशी ने इस संदर्भ में कहा, ‘‘हम प्रकृति के खिलाफ नहीं जा सकते। हमें इसे स्वीकार करना होगा। अगर खेल होता तो यह एक अच्छा मुकाबला होता। हमारे पास दो अंक हासिल करने का मौका था लेकिन हमें यह स्वीकार कर रहा होगा कि हमें एक अंक मिला और हम एक और अंक हासिल करने से चूक गए।’’ इस बीच नाइट राइडर्स के तेज गेंदबाज वैभव अरोड़ा ने कहा कि उनकी टीम एक अंक पाकर संतुष्ट है। अरोड़ा ने कहा, ‘‘दुर्भाग्य से मैच नहीं हो सका, हम खुश हैं या दुखी, यह नहीं कह सकते। लेकिन कुछ भी न मिलने से बेहतर है कि हम एक अंक लेकर संतुष्ट हो जाएं। यह हमारे लिए बोनस अंक है इसलिए हमें इसे सकारात्मक रूप से लेना होगा। क्या पता कि यहां अंक क्वालीफाई करने में हमारे लिए महत्वपूर्ण साबित हो जाए।’’ नाइट राइडर्स के बल्लेबाज इस सत्र में अभी तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। टीम को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अपने बाकी बचे पांचों मैच में जीत हासिल करनी होगी। अरोड़ा ने कहा, ‘‘गेंदबाजी में हम अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन बल्लेबाजी में सफलता नहीं मिली है। हम अगले मैचों में इसमें सुधार करने की कोशिश करेंगे।’’ recent visitors 22

क्रीमिया पर किसी भी हद तक जाने को तैयार यूक्रेन, ट्रंप के शांति प्रस्ताव से भड़का

 कीव रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध और सीजफायर वार्ता के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का क्रीमिया को रूस का हिस्सा बताने वाले प्रस्ताव ने यूक्रेनी सरकार को हैरान कर दिया है। इस प्रस्ताव को लेकर यूक्रेनी अधिकारी और जनता दोनों का स्पष्ट रूप से कहना है कि वे क्रीमिया को कभी भी रूस का हिस्सा नहीं मानेंगे, भले ही शांति समझौते के हिस्से के रूप में अस्थायी तौर पर इसे छोड़ना पड़े। यूक्रेन के नेताओं का मानना है कि ऐसा कदम उनके देश की संप्रभुता और संविधान के खिलाफ होगा। विशेषज्ञों का कहना है कि 2014 में रूस द्वारा अवैध रूप से क्रीमिया पर कब्जा करना और इसे छोड़ना कानूनी और राजनीतिक दृष्टिकोण से असंभव है। इसके लिए संविधान में बदलाव की आवश्यकता होगी और यह राजद्रोह माना जा सकता है। यूक्रेनी संसद और जनता इस विचार का कड़ा विरोध कर रहे हैं। यूक्रेनी संसद के सदस्य ओलेक्ज़ेंडर मरेझखो ने कहा, "हम कभी भी क्रीमिया को रूस का हिस्सा नहीं मानेंगे।" हालांकि, अधिकांश यूक्रेनी जनता यह समझती है कि शांति समझौते के हिस्से के रूप में क्रीमिया को अस्थायी रूप से छोड़ना हो सकता है, लेकिन इसे स्थायी रूप से खोने का विचार वे स्वीकार नहीं कर सकते। जेलेंस्की बता चुके लाल रेखा ट्रंप ने हाल ही में टाइम पत्रिका से साक्षात्कार में कहा था, "क्रीमिया रूस के पास रहेगा। ज़ेलेंस्की इसे समझते हैं और यह लंबे समय से उनके पास है।" जेलेंस्की ने बार-बार कहा है कि क्रीमिया को औपचारिक रूप से सौंपने का विचार उनके लिए "लाल रेखा" जैसा है। उनका कहना है कि ऐसा करना उनके लिए राजनीतिक आत्महत्या के समान होगा, और इससे उन्हें भविष्य में कानूनी कार्रवाई का सामना भी हो सकता है। यूक्रेनी सेना का कहना है कि वे तब तक लड़ते रहेंगे जब तक सभी यूक्रेनी क्षेत्र स्वतंत्र नहीं हो जाते। उन्होंने कहा, "हमने इस युद्ध में अपने सबसे अच्छे जवान खो दिए हैं। हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक सभी यूक्रेनी भूमि मुक्त नहीं हो जाती।" recent visitors 37

चाय-नाश्ते के लिए उतरे थे यात्री, बस में लग गई भीषण आग, बस जलकर खाक

शाजापुर शाजापुर जिले में आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम सन कोटा के पास यात्री बस में अचानक आग लग गई। बस में जब आग लगी तब वह एक होटल के बाहर खड़ी थी। यात्री होटल में नाश्ता करने के लिए पहुंचे थे और एक यात्री बस में सोया हुआ था। आग से बस में सोया यात्री मामूली रूप से झुलसा है। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाई। बस में आग की घटना में सभी यात्री सुरक्षित हैं, लेकिन उनमें दहशत का माहौल है। घटना में उनका सारा सामान जलकर खाक हो गया है। प्रत्यदर्शियों के अनुसार बस में आग लगने के दौरान केवल एक यात्री ही उसमें सवार था, अगर यह हादसा चलती बस में होता तो लोगों का बाहर निकलना बहुत मुश्किल हो जाता। आग बुझाने के लिए दो दमकल से पानी डाला गया है। इसके बाद भी बस में रुक-रुक कर आग लग रही है। शाजापुर के यातायात और लालघाटी थाना और उज्जैन जिले के तराना थाने की पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई थी। recent visitors 21

आज होगा मैच ऑफ द टूर्नामेंट’, ‘विराट कोहली दिल्ली में करें केएल राहुल से हिसाब बराबर और बताएं ये उनका मैदान है

नई दिल्ली आकाश चोपड़ा ने आज यानी 27 अप्रैल को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले दिल्ली कैपिटल्स वर्सेस रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू मैच को मैच ऑफ द टूर्नामेंट का दर्जा दिया है। टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर और मौजूदा कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने ऐसा इसलिए कहा है, क्योंकि आज दिल्ली के दो खिलाड़ी दिल्ली में दिल्ली के खिलाफ खेलेंगे। इनमें एक हैं विराट कोहली, जो केएल राहुल से पिछला हिसाब-किताब चुकता करना चाहेंगे और मैच विनिंग पारी खेलकर कांतारा सेलिब्रेशन को दोहराना चाहेंगे। आईपीएल 2025 का मैच नंबर 46 खास होने वाला है। 10 अप्रैल को इन्हीं दोनों टीमों के बीच बेंगलुरू में मुकाबला खेला गया था, जिसमें केएल राहुल ने 53 गेंदों में 93 रनों की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई थी और बैट घुमाकर उसे पिच पर रखा था और फिल्म कांतारा वाला सेलिब्रेशन किया था और ये बताने की कोशिश की थी कि ये उनका ग्राउंड है, क्योंकि बेंगलुरू से ही आते हैं। यही दबाव अब दिल्ली वर्सेस बेंगलुरू मैच में विराट कोहली पर होगा, क्योंकि वे भी दिल्ली के ही रहने वाले हैं। आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किए वीडियो में कहा, "तुझे किसने कहा कि यहां अनजान बनकर आया कर। इस मैदान में मेहमान बनकर आया कर। एक तुझे ही तो बख्शी है यहां की हुकूमत। ये तेरी सल्तनत है। यहां तू सुल्तान बनकर आया कर। ये वाली फीलिंग लाना चाह रहे हैं हम कोहली के लिए कि भाई जो कांतारा वाला सेलिब्रेशन किया था केएल राहुल ने बेंगलुरु के मैदान पर उसी का तो अब हिसाब किताब करना है बराबर, क्योंकि विराट कोहली दिल्ली में होंगे और अगर दिल्ली में मुकाबला होगा तो भाई दिल्ली किसकी है? दिल्ली तो कोहली की है ना? ऐसे में कोहली को फिर सर्कल बनाना पड़ेगा फिर बताना पड़ेगा कि यह मेरा मैदान है।" उन्होंने आगे कहा, "इंपॉर्टेंट मैच दोनों टीमों के लिए। जो जीतेगा वो बिल्कुल क्वॉलिफिकेशन के करीब होगा। मैं कहूंगा एक पैर अंदर, क्योंकि यार आठ ही तो जीतने होते हैं। तो वहां तक तो आप ऑलमोस्ट पहुंच गए हैं ना और जो अवे मैच हैं, यह आरसीबी हारती नहीं है। पांच लगातार जीत चुकी है। अब तो घर में भी जीत का शगुन डाल चुकी है। यही कारण है कि यह क्रिकेट का शानदार केल होगा, जो मैच ऑफ द टूर्नामेंट है।" recent visitors 25

शिक्षा निदेशालय के दो कमरे में फैली भीषण आग, कई महत्वपूर्ण फाइल जलकर खाक

प्रयागराज शिक्षा निदेशालय में आग लग गई है. अभी तक आग दो कमरे में फैल चुकी है. फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंच चुकी है. आग बुझाने की कोशिश जारी है. बताया जा रहा है कि जिन दो कमरों में आग लगी है वहां पर एडेड स्कूल से संबंधित फाइलें रखी थीं. जो जलकर राख हो चुकी है. इसके अलावा डिग्री कॉलेज से संबंधित आने वाले चिट्ठी-पत्र के जलने की बात सामने आई है. जानकारी के मुताबिक आगजनी की घटना में एडेड स्कूल से जुड़ी हजारों फाइलें फाइलें जलकर राख हो गई हैं. इतना ही नहीं यहां प्रदेशभर के एडेड स्कूलों की फाइलें, जिनमें ट्रांसफर-पोस्टिंग, वित्तीय लेन-देन की फाइलें शामिल हैं, जल चुकी हैं. निदेशालय के कमरा नंबर 14 और 15 को आग ने पूरी तरह से अपनी चपेट में लिया था. आशंका जताई जा रही है कि इस आगजनी में करीब 5 हजार फाइलें जल चुकी है. recent visitors 22

कनाडा में भीड़ में कार घुसने से कई लोगों की मौत, पुलिस की हिरासत में ड्राइवर

वैंकूवर (कनाडा) कनाडा के शहर वैंकूवर में भीड़ में कार घुसने से कई लोगों की मौत हो गई है. शनिवार शाम को एक स्ट्रीट फेस्टिवल में हुई इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है. वैंकूवर पुलिस ने X पर किए एक पोस्ट में कहा कि “शनिवार को स्थानीय समयानुसार 20:00 बजे (रविवार को 03:00 GMT) के कुछ समय बाद” एक ड्राइवर ने ई. 41वें एवेन्यू और फ्रेजर में एक स्ट्रीट फेस्टिवल में भीड़ में गाड़ी घुसा दी. पुलिस ने कहा कि जांच के दौरान हम और जानकारी देंगे. स्थानीय मीडिया ने बताया कि वार्षिक लापु लापु फेस्टिवल के दौरान पैदल चलने वालों के एक समूह को एक कार ने टक्कर मार दी, जो फिलिपिनो संस्कृति का जश्न मनाता है. सोशल मीडिया पर अपुष्ट फुटेज में घटनास्थल पर कई पुलिस कारें, एम्बुलेंस और दमकल गाड़ियाँ दिखाई दे रही थीं, और घायल लोग ज़मीन पर पड़े हुए थे. वैंकूवर के मेयर केन सिम ने एक्स पर एक बयान में कहा कि वह “आज के लापु लापु दिवस कार्यक्रम में हुई भयावह घटना से स्तब्ध और बहुत दुखी हैं”. उन्होंने आगे कहा, “हमारी संवेदनाएँ इस अविश्वसनीय रूप से कठिन समय में सभी प्रभावित लोगों और वैंकूवर के फिलिपिनो समुदाय के साथ हैं.” recent visitors 32

दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच आज होगी भिड़ंत, होगी नंबर-1 बनने की जंग

नई दिल्ली दिल्ली कैपिटल्स (DC) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच आज दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले आईपीएल 2025 के मैच में भारत के दो धुरंधर बल्लेबाज विराट कोहली और केएल राहुल तथा आस्ट्रेलिया के दो खतरनाक तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क और जोश हेजलवुड आकर्षण का केंद्र होंगे। आईपीएल में चीजें तेजी से बदल सकती हैं लेकिन मौजूदा फॉर्म को देखते हुए दिल्ली और आरसीबी दोनों के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद है। अरुण जेटली स्टेडियम में दो अंक इस संदर्भ में विजेता टीम को महत्वपूर्ण रूप से मदद करेंगे। नौ मैचों में पांच अर्धशतक लगाने वाले विराट कोहली का यह क्रिकेट में घरेलू मैदान रहा है और विरोधी टीम में होने के बावजूद उन्हें यहां दर्शकों का भरपूर समर्थन मिलने की संभावना है। कोहली इस समय बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं और इस मैच में वह आकर्षण का मुख्य केंद्र होंगे। कोहली ने परिस्थितियों के अनुसार बल्लेबाजी करके अच्छा प्रदर्शन किया है। एक अन्य बल्लेबाज जिसने परिस्थितियों के अनुसार बल्लेबाजी की है वह राहुल हैं, जिन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के लिए सबसे अधिक रन बनाए हैं। राहुल अभी भारतीय टी20 टीम का हिस्सा नहीं है लेकिन आईपीएल में विकेट के आगे और विकेट के पीछे अच्छे प्रदर्शन के बाद राष्ट्रीय चयन समिति निश्चित तौर पर उनके नाम पर विचार करेगी। ऑस्ट्रेलिया के दो तेज गेंदबाज हेजलवुड और स्टार्क पहले ही दिखा चुके हैं कि वे अपनी-अपनी आईपीएल टीमों के लिए कितना महत्व रखते हैं। हेजलवुड टूर्नामेंट में 16 विकेट के साथ सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपने पिछले मैच में 19वें ओवर में शानदार प्रदर्शन करके आरसीबी की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उनके हमवतन स्टार्क भी प्रभाव छोड़ने में पीछे नहीं रहे हैं। संयोग से उन्होंने भी राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन करके अपनी टीम को जीत दिलाई थी। इसे देखते हुए कम से कम यह तो कहा ही जा सकता है कि उनका द्वंद्व रोमांचक होगा। अगर स्पिन विभाग की बात करें तो दिल्ली के कुलदीप यादव ने पूरे आईपीएल में बीच के ओवरों में अपनी गुगली से बल्लेबाजों को परेशान किया है और विपक्षी टीम को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया है। आठ मैचों में 12 विकेट लेने के अलावा, बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर ने 6.50 रन प्रति ओवर की किफायती दर से रन दिए हैं। आरसीबी के बल्लेबाजों के लिए उनका सामना करना आसान नहीं होगा। दिल्ली के रहने वाले सुयश शर्मा ने भी आरसीबी की तरफ से अभी तक अच्छा प्रदर्शन किया है। वह स्थानीय परिस्थितियों से अच्छी तरह परिचित हैं जिसका फायदा वह दिल्ली के बल्लेबाजों के खिलाफ उठाना चाहेंगे। दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने आगे बढ़कर नेतृत्व किया है। भले ही उन्होंने चोट के कारण प्रतियोगिता में बहुत अधिक गेंदबाजी नहीं की है, लेकिन पिछले मैच में उन्होंने अपने ओवरों का पूरा कोटा पूरा किया जो टीम के लिए एक और सकारात्मक संकेत है। क्रुणाल पांड्या आरसीबी के लिए इसी तरह की भूमिका निभाएंगे। नौ मैचों में 12 विकेट लेने वाले बाएं हाथ के स्पिनर ने अपनी नई फ्रेंचाइजी के लिए अभी तक अच्छा प्रदर्शन किया है। जेक-फ्रेजर मैकगर्क को बाहर करने के बाद से दिल्ली केवल तीन विदेशी खिलाड़ियों के साथ खेल रहा है तथा पूरी संभावना है कि अभिषेक पोरेल और करुण नायर ही पारी की शुरुआत करेंगे। मैच भारतीय समयानुसार शाम 7.30 बजे शुरू होगा। दिल्ली कैपिटल्स: करुण नायर, हैरी ब्रूक, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, फाफ डु प्लेसिस, ट्रिस्टन स्टब्स, अभिषेक पोरेल, डोनोवन फरेरा, केएल राहुल, अक्षर पटेल (कप्तान), समीर रिजवी, आशुतोष शर्मा, दर्शन नालकंडे, अजय जादव मंडल, विप्रज निगम, मानवंत कुमार एल, त्रिपुराना विजय, माधव तिवारी, कुलदीप यादव, दुष्मंथा चमीरा, मिशेल स्टार्क, मोहित शर्मा, टी. नटराजन. मुकेश कुमार. आरसीबी: विराट कोहली, रजत पाटीदार (कप्तान), स्वास्तिक चिकारा, देवदत्त पडिक्कल, जितेश शर्मा, फिलिप साल्ट, मनोज भंडागे, टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, लियाम लिविंगस्टोन, रोमारियो शेफर्ड, जैकब बेथेल, स्वप्निल सिंह, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, नुवान तुषारा, लुंगी एनगिडी, यश दयाल, रसिख दार सलाम, सुयश शर्मा, मोहित राठी, अभिनंदन सिंह। recent visitors 27