सेवानिवृत्त 22 रेलकर्मियों को दी गई भावभीनी विदाई

भोपाल भोपाल मंडल में हाल ही में रेल सेवा से निवृत्त हुए 22 रेल कर्मचारियों को मंडल कार्यालय में आयोजित एक गरिमामयी समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रश्मि दिवाकर की अध्यक्षता में सेवानिवृत्त कर्मियों को उनके बहुमूल्य योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अंतिम निपटान राशि का भुगतान एनईएफटी के माध्यम से किया गया। साथ ही, उन्हें गोल्ड मेडल, पेंशन भुगतान आदेश (आई-पास पोर्टल से), मानार्थ पास, परिचय पत्र एवं उदारीकृत चिकित्सा सुविधा कार्ड भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर जनसंपर्क अनुभाग, भोपाल मंडल में कार्यरत श्री इसराइल मोहम्मद (रफीक) को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने 35 वर्षों से अधिक की अपनी सेवा के दौरान रेलवे की छवि निर्माण और मीडिया समन्वय में सराहनीय भूमिका निभाई। कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी, सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी (कल्याण), सहायक मंडल वित्त प्रबंधक सहित रेलवे यूनियन, संघ एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी, ऑल इंडिया रिटायर्ड रेलवेमेन्स फेडरेशन के प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। भोपाल मंडल अपने समर्पित कर्मचारियों की दीर्घकालिक सेवा को ससम्मान याद रखता है और उनके जीवन के नए चरण के लिए शुभकामनाएं प्रेषित करता है। recent visitors 28

पूर्व सीएम सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी आतंकवाद से समझौता नहीं किया

सीहोर राज्यसभा सांसद और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने सीहोर में एक बड़ा बयान दिया है। दिग्विजय सिंह ने पहलगाम हमले का जिक्र करते हुए कि पहलगाम हमले के बाद कश्मीर के लोगों ने एकजुट होकर आतंकवाद का विरोध किया है। उन्होंने कांग्रेस की भूमिका पर प्रकाश डाला। पूर्व सीएम सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी आतंकवाद से समझौता नहीं किया। पार्टी ने इस लड़ाई में अपने दो प्रधानमंत्री खोए हैं। दिग्विजय सिंह भोपाल-इंदौर मार्ग पर स्थित टोल टैक्स के पास एक विवाह समारोह में शामिल हुए थे। इस दौरान वैवाहिक कार्यक्रम में पूर्व सीएम के साथ में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश राय, वरिष्ठ कांग्रेस नेता ओम दीप, पवन राठौर आदि शामिल हुए। कांग्रेस ने दिए पीएम को सारे अधिकार पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आगे कहा कि कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पूरे अधिकार दे दिए हैं। वो देश हित में जो भी निर्णय लेना चाहें, ले सकते हैं। बता दें 22 अप्रैल को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने टूरिस्टों पर हमला किया था, जिसमें 26 पर्यटकों की मौत हो गई थी, जबकि कई टूरिस्ट घायल हुए थे। इस तरह से हिन्दुओं का दमन कर आंतक फैलाने को लेकर भारत ने पाक सरकार को जिम्मेदार ठहराया था। रोजाना हो रहा आतंकवाद का विरोध पहलगाम हमले के बाद से समूचा भारत आतंकवाद को लेकर आग की तरह तप रहा है। भाजपा, कांग्रेस सहित अन्य दल के नेता भी आतंकवाद को लेकर पुरजोर विरोध कर रहे हैं। कोई आंतकवाद का पुतला जला रहा है, कोई शांति मार्च निकाल रहा है। आतंकवाद को लेकर जिले के मुस्लिम भी पीछे नहीं है। मुस्लिम समाज के लोग भी आंतकवाद का पुतला दहन कर अपना विरोध जता रहे हैं। गांव-गांव, शहर-शहर आंतकवाद को खत्म करने लोग अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। सभी का कहना है आतंकवाद खत्म होना चाहिए।   recent visitors 61

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर दीं शुभकामनाएं

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि श्रमिकों के तप, त्याग और पुरुषार्थ से ही विकास का हर संकल्प साकार होता है। परिश्रम, संकल्प और समर्पण से राष्ट्र की नींव को मजबूत करने वाले हमारे श्रमिक भाई-बहनों के श्रम का सम्मान करते हुए समृद्ध और सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देना, हम सब का कर्त्तव्य है। recent visitors 27

मुख्यमंत्री साय ने भर्ती मरीजों से मिलकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी भी ली

रायपुर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने  राजधानी रायपुर के कमल विहार में अत्याधुनिक न्यूरो स्पाइन रिहैबिलिटेशन सेंटर का विधिवत उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री साय ने अस्पताल परिसर का भ्रमण कर उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने भर्ती मरीजों से मिलकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी भी ली। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। राज्य की रजत जयंती वर्ष में हम यह गर्व से कह सकते हैं कि आज छत्तीसगढ़ चिकित्सा के क्षेत्र में एक नई पहचान बना रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चल रही आयुष्मान भारत योजना की सराहना करते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक पहल ने देशभर के लाखों जरूरतमंदों को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण इलाज की सुविधा दी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार नवा रायपुर, अटल नगर में ‘मेडिसिटी’ विकसित कर रही है, जिससे छत्तीसगढ़ न केवल देश के स्वास्थ्य मानचित्र पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करेगा, बल्कि मेडिकल टूरिज्म को भी नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रायपुर आज देश के नए मेडिकल हब के रूप में उभर रहा है। अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त संस्थानों की स्थापना से आम लोगों को घर के पास ही विश्वस्तरीय इलाज की सुविधा मिल रही है। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री साय ने "न्यूरो स्पाइन रिहैबिलिटेशन सेंटर" के प्रबंधन और समस्त चिकित्सकीय स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि यह संस्थान न्यूरो और स्पाइन से जुड़ी बीमारियों के इलाज में विशेष योगदान देगा तथा जनसेवा के क्षेत्र में एक नया उदाहरण बनेगा। recent visitors 19

महासमुंद : प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत ‘आवास+ 2024’ सर्वेक्षण की समय-सीमा 15 मई, 2025 तक बढ़ाई गई

महासमुंद, भारत सरकार ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) के तहत अतिरिक्त पात्र ग्रामीण परिवारों की पहचान हेतु चल रहे ‘आवास+ 2024’ सर्वेक्षण की समय-सीमा को बढ़ा दिया है। अब यह सर्वेक्षण 15 मई, 2025 तक पूरा किया जा सकेगा। इससे पहले यह समय-सीमा 30 अप्रैल, 2025 निर्धारित की गई थी।   इस विस्तार का उद्देश्य सर्वेक्षण प्रक्रिया को पूरी गंभीरता से संपन्न करने तथा प्रत्येक पात्र ग्रामीण परिवार की पहचान सुनिश्चित करने का अवसर देना है।  जिला प्रशासन ने ग्रामीणों से आग्रह किया गया है कि वे इस विस्तारित समय-सीमा का पूरा लाभ उठाएं और ‘आवास+ 2024’ मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से सर्वेक्षण प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करें। साथ ही, स्व-सर्वेक्षण के तहत प्राप्त सूचनाओं की सत्यता की पुष्टि भी सर्वेक्षणकर्ताओं के माध्यम से की जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का उद्देश्य वर्ष 2024-25 तक “सभी के लिए आवास” सुनिश्चित करना है। यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर ग्रामीण परिवारों को पक्के मकान प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। recent visitors 24

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुजरात और महाराष्ट्र के स्थापना दिवस की दीं शुभकामनाएं

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुजरात और महाराष्ट्र के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सोमनाथ महादेव जी और श्री द्वारिकाधीश जी के आशीर्वाद से पल्लवित गुजरात की पावन धरा विकास के नए आयाम गढ़ रही है। मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र भाई पटेल के नेतृत्व में सांस्कृतिक धरोहर, लोक कला व संस्कृति से समृद्ध गुजरात उत्तरोत्तर प्रगति करे, यही कामना है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महाराष्ट्र के स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महाराष्ट्र, वीरों की शौर्यगाथाओं, संतों की वाणी और जनसेवा के संकल्प की धरती है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में महाराष्ट्र निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर रहे और नागरिकों के जीवन में समृद्धि और खुशहाली का संचार हो, यही कामना है।   recent visitors 27

शादी से लौटते वक्त तेज रफ्तार कार पलटी, महिला की मौत, 4 गंभीर घायल

उदयपुर उदयपुर के गोगुंदा थाना क्षेत्र में कल एक भीषण सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब यह परिवार विवाह समारोह से लौट रहा था और उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद खाई में गिर गई। जानकारी के अनुसार रावतभाटा निवासी बाबू सिंह भाटी अपने परिवार के साथ आबू रोड के वाटेरा गांव में एक विवाह समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। गोगुंदा-पिंडवाड़ा हाईवे पर नया गुड़ा गांव के पास तेज रफ्तार के कारण कार असंतुलित होकर तीन बार पलटी और खाई में जा गिरी। कार में बाबू सिंह की पत्नी सुशीला कंवर, पुत्र कुलदीप सिंह, बहू अंजलि भाटी और पोती परी भी सवार थीं। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और तुरंत 108 एंबुलेंस तथा पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में ईसवाल चौकी से हेड कांस्टेबल रघु विश्नोई और हाईवे पेट्रोलिंग टीम के भगवत सिंह झाला मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से उदयपुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान सुशीला कंवर ने दम तोड़ दिया जबकि बच्ची परी, कुलदीप सिंह, अंजलि भाटी और बाबू सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मृतका के शव को मोर्चरी में रखवाया है और पोस्टमार्टम की कार्रवाई परिजनों के आने के बाद की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। recent visitors 39