नागरिक सुरक्षा योजनाओं का अभ्यास (Mock drill) करने के लिये केन्द्र सरकार ने निर्देश दिये

प्रदेश के 5 जिलों में होगा नागरिक सुरक्षा का अभ्यास (Mock drill) नागरिक सुरक्षा योजनाओं का अभ्यास (Mock drill) करने के लिये केन्द्र सरकार ने निर्देश दिये Mock drill : ग्वालियर, भोपाल, इंदौर, जबलपुर और कटनी में होगा हवाई हमले से बचाव का अभ्यास भोपाल अपर मुख्य सचिव गृह जे.एन. कंसोटिया ने कहा है कि नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन राष्ट्र का महत्वपूर्ण विषय एवं जिम्मेदारी है, फलस्वरुप नागरिकों की सुरक्षा के लिये सिविल डिफेंस अधिनियम 1968 एवं अन्य नियमों में नागरिक सुरक्षा करने के प्रावधान किये गये हैं। नागरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी भारत सरकार के गृह मंत्रालय की है, जो समय-समय पर राज्यों को आवश्यक निर्देश देती है कि राज्य सरकारें नागरिक सुरक्षा योजनाएं बनायें, योजनाओं की समय-समय पर समीक्षा करें और आवश्यकता पड़ने पर संशोधन करें। नागरिक सुरक्षा योजनाएं नागरिकों की सुरक्षा, विभिन्न महत्वपूर्ण उद्योगों एवं नागरिक सुविधाओं की सुरक्षा जिनमें रासायनिक, परमाणु एवं अन्य उद्योग प्रतिष्ठान, जल विद्युत योजनाएं एवं अन्य नागरिक संस्थाएं हैं। इन योजनाओं में स्पष्ट रुप से प्रावधान किये जाते हैं कि जब आपदा की स्थिति उत्पन्न होती है या किसी भी प्रकार का संकट आता है तो योजना के अनुसार सरकार के विभिन्न विभागों जैसे पुलिस, सेना, रेल्वे, स्वास्थ्य एवं एयरपोर्ट इत्यादि द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाती हैं। नागरिक सुरक्षा योजनाएं बनाने एवं समीक्षा करना एवं संशोधन करना, अभ्यास करना, इत्यादि सामान्य प्रक्रियाएं हैं, जो समय-समय पर की जाती हैं। इन गतिविधियों का उद्देश्य नागरिक सुरक्षा करना, व्यवस्था एवं नागरिकों को जागरुक करना, प्रशिक्षण देना एवं सभी तैयारियों को अपडेट रखना है। नागरिक सुरक्षा योजनाओं का अभ्यास (Mock drill) करने के लिये केन्द्र सरकार ने निर्देश दिये हैं कि प्रदेश के 5 जिलों ग्वालियर, भोपाल, इन्दौर, जबलपुर एवं कटनी में यह अभ्यास बुधवार 7 मई 2025 को शाम 4 बजे से 8 बजे के मध्य किया जाये। यह अभ्यास किया जावेगा कि हवाई हमला होने की स्थिति में किस तरीके से बचाव करना है। इस अभ्यास के अन्तर्गत एक हवाई हमला होने का काल्पनिक संकट आने का संकेत इन जिलों को प्राप्त होगा। जिलें के नागरिकों की सुरक्षा की दृष्टि से नागरिकों को काल्पनिक संभावित हमले की सूचना सायरन के माध्यम से देंगे, जिससे नागरिक एवं अन्य संस्थाएं ब्लैक ऑउट का अभ्यास करेंगे। प्रदेश में इस के लिए बुधवार शाम 7:40 बजे का समय निर्धारित किया गया है। इस ब्लैक आउट के साथ ही किसी निश्चित भवन में आग लगने पर खोज एवं बचाव के अभ्यास, आकस्मिक रुप से निर्धारित भवन से लोगों का बचाव करने, अस्थाई रुप से अस्पताल बनाने और खतरे वाले स्थान से नागरिकों को सुरक्षित स्थान पर भेजने इत्यादि का अभ्यास किया जावेगा। इस अभ्यास की सूचना राज्य के कन्ट्रोल रुम को दी जावेगी एवं कंट्रोल रुम से केन्द्र सरकार के कंट्रोल रुम को सूचना दी जावेगी। यह अभ्यास रक्षा मंत्रालय, रेल्वे, विमानन एवं विभिन्न विभागों के सहयोग से जिला प्रशासन द्वारा किया जा रहा है। नागरिकों से अपील इस अभ्यास से किसी भी नागरिक को भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है। इसलिये सभी नागरिकों से अपील की जाती है कि वे अभ्यास में सम्मिलित होकर अपना महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करें तथा प्रशासन द्वारा सायरन के माध्यम से सूचना उपरान्त उन्हें स्वयं एवं परिजनों को सुरक्षित स्थान पर रखने का अभ्यास करना है। हवाई हमले का लाल सिग्नल दो मिनिट तक ऊंची-नीची आवाज में सायरन का बजना होता है तथा खतरा टलने के बाद दो मिनिट तक सायरन बजाकर सूचना दी जाती है। ब्लैक आउट के संबंध में सामान्यजन से अपेक्षा है कि घर/कार्यालय के पर्दों एवं लाईट को बंद करें तथा पुनः सायरन बजने पर लाईट जला लें। भीड़-भाड़ न बढायें, अफवाह न फैलायें एवं यातायात / पुलिस / एम्बुलेंस सुविधाओं को सुचारु रुप से चलते रहने में सहयोग करें एवं अभ्यास के दौरान प्रशासन के निर्देशों का पालन कर अभ्यास को सफल बनायें।   recent visitors 34

मध्यप्रदेश शीघ्र ही तीसरी नदी जोड़ो परियोजना के क्रियान्वयन की ओर अग्रसर हो रहा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश शीघ्र ही तीसरी नदी जोड़ो परियोजना के क्रियान्वयन की ओर अग्रसर हो रहा है। यह परियोजना महाराष्ट्र के सहयोग से क्रियान्वित की जाएगी। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मार्ग दर्शन में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की नदी जोड़ो परियोजना की संकल्पना को क्रियन्वित करने में मध्यप्रदेश, देश में अग्रणी रहा है। उत्तर प्रदेश और राजस्थान के बाद महाराष्ट्र के साथ ताप्ती बेसिन मेगा रिचार्ज परियोजना के लिए एमओयू होने जा रहा है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री देवेन्द्र फडणवीस भी 10 मई को भोपाल में मौजूद रहेंगे। दोनों राज्यों में सिंचाई क्षेत्र के विस्तार और पेयजल उपलब्धता को सुगम बनाने में यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे गुजरात भी लाभान्वित होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समत्व भवन (मुख्यमंत्री निवास) में मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा में यह जानकारी दी।   recent visitors 32

मध्यप्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी कार्मिक को 1 करोड़ रूपए का दुर्घटना जीवन बीमा नि:शुल्क प्रदान करेंगे

भोपाल मध्यप्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी (MPPGCL)ने अपने कार्मिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया(एसबीआई) और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के साथ सैलरी पैकेज के लिए एग्रीमेंट किया है। एग्रीमेंट से पॉवर जनरेटिंग कंपनी में कार्यरत अभियंताओं व कार्मिकों को लाभ होगा। कंपनी में कार्यरत कार्मिक स्वेच्छा से इन दोनों बैंको में से किसी भी बैंक से अपना वेतन प्राप्त कर सकते हैं, इससे कार्मिकों को बैंक द्वारा नि:शुल्क जीवन बीमा व अन्य महत्वपूर्ण सुविधाएं नि:शुल्क अथवा रियायती दरों पर प्राप्त होंगी। मध्यप्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी का एसबीआई व यूनियन बैंक से एग्रीमेंट होने से खाताधारक कंपनी कार्मिक को दोनों बैंक 1 करोड़ रूपए का दुर्घटना जीवन बीमा नि:शुल्क प्रदान करेंगे। इसके अतिरिक्त वेतन प्राप्त करने वाले खाता धारकों को बैंक से अन्य लाभ भी प्राप्त होंगे, जिसमें नि:शुल्क अथवा रियायती दरों पर होम लोन, कार लोन, पर्सनल लोन,लॉकर सुविधा, ओवर ड्राफ्ट, चेक, ऑनलाइन बैंकिंग सुविधा, जीवन बीमा, स्वास्थ बीमा, हेल्थ चैक-अप, ओटीटी सब्सक्रिप्शन, ऑनलाइन जिम सब्सक्रिप्शन, फ्री एयरपोर्ट लॉन्ज आदि शामिल है।   recent visitors 36

बजाज की नई स्पोर्ट्स बाइक NS400Z का भौकाली लुक वायरल, लॉन्च से पहले डीलरशिप पर हुई स्पॉट

नई दिल्ली बजाज की नई पल्सर NS400Z लॉन्च से पहले ही डीलरशिप पर दिखाई देने लगी है। बाइक में अपोलो रेडियल टायर्स, सिंटरड ब्रेक पैड्स और OBD-2B अपडेट्स जैसे कई एडवांस फीचर्स मिलते हैं। इसकी कीमत मौजूदा मॉडल से थोड़ी अधिक हो सकती है। बजाज ऑटो की मोस्ट अवेटेड बाइक पल्सर NS400Z अब डीलरशिप्स पर पहुंचने लगी है। बाइक में कई अहम तकनीकी अपडेट किए गए हैं, जिससे राइडिंग अनुभव और भी बेहतर हो गया है। इसमें ट्रैक्शन कंट्रोल, चार राइडिंग मोड्स और नया टायर सेटअप खास आकर्षण हैं। बजाज ऑटो जल्द ही भारतीय बाजार में अपनी नई पल्सर NS400Z लॉन्च करने वाली है। बाइक के लॉन्च से पहले ही इसके कई यूनिट्स डीलरशिप पर देखे गए हैं। इसमें कई तकनीकी अपग्रेड्स और शानदार फीचर्स जोड़े गए हैं, जो इसे युवाओं के बीच और भी पॉपुलर बना रहे हैं। लॉन्च से पहले ही डीलरशिप पर पहुंची NS400Z बजाज ऑटो की बहुप्रतीक्षित बाइक Pulsar NS400Z लॉन्च से पहले ही भारत के कई डीलरशिप्स पर दिखाई देने लगी है। इससे यह साफ हो गया है कि कंपनी इसकी बिक्री जल्द शुरू करने वाली है। बाइक की तस्वीरें और फीचर्स सामने आते ही बाइक प्रेमियों में उत्साह की लहर दौड़ गई है। नया टायर सेटअप देगा बेहतरीन ग्रिप नई NS400Z में एक बड़ा बदलाव इसके रियर टायर में किया गया है। अब इसमें 150-सैक्शन का Apollo Alpha H1 रेडियल टायर मिलता है, जो पहले के 140-सैक्शन MRF REVZ टायर की तुलना में बेहतर ग्रिप और कॉर्नरिंग देता है। इससे हाई-स्पीड पर बाइक की स्टेबिलिटी और आत्मविश्वास दोनों बढ़ते हैं। फ्रंट टायर में भी अब अपोलो का टायर लगाया गया है, लेकिन उसका साइज वही रखा गया है। ब्रेकिंग सिस्टम में बड़ा अपडेट बजाज ने इस बार बाइक के ब्रेकिंग सिस्टम को और बेहतर बनाने के लिए सिंटरड ब्रेक पैड्स का इस्तेमाल किया है। पहले इसमें ऑर्गेनिक ब्रेक पैड्स दिए जाते थे। नए पैड्स से अब बाइक की स्टॉपिंग पावर बेहतर हो गई है, खासकर तेज रफ्तार पर यह काफी उपयोगी साबित होती है। OBD-2B नॉर्म्स के अनुसार अपडेटेड इंजन बाइक को अब नए OBD-2B एमिशन नॉर्म्स के अनुरूप अपडेट किया गया है, जैसा कि अन्य सभी नई बाइक्स में भी देखा जा रहा है। हालांकि इस बदलाव से बाइक की पावर (39.4 bhp) और टॉर्क (35 Nm) में कोई कमी नहीं आई है। यह इंजन हाई-स्पीड राइडिंग और ऑफ-रोडिंग के लिए बेहतरीन परफॉर्मेंस देने में सक्षम है। दमदार फीचर्स जो बनाते हैं इसे खास बजाज NS400Z में कई ऐसे फीचर्स दिए गए हैं, जो इसे अपनी कैटेगरी में खास बनाते हैं- फुल LED लाइटिंग सिस्टम स्विचेबल ट्रैक्शन कंट्रोल डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर 4 राइडिंग मोड्स: रोड, रेन, स्पोर्ट, ऑफ-रोड अग्रेसिव और मस्क्युलर लुक इन सभी फीचर्स के साथ यह बाइक युवाओं को ध्यान में रखकर डिजाइन की गई है। कीमत में हो सकता है मामूली इजाफा मौजूदा NS400Z की एक्स-शोरूम कीमत 1,81,318 रुपए है। माना जा रहा है कि अपडेटेड वर्जन की कीमत 7,000-8,000 रुपए ज्यादा हो सकती है। यानी इसकी नई कीमत करीब 1.89 लाख रुपए (एक्स-शोरूम) हो सकती है। यह कीमत अब भी इसे अपने सेगमेंट की सबसे वैल्यू फॉर मनी बाइक्स में शामिल करती है। लुक और डिजाइन में क्या नया? डीलरशिप पर देखी गई बाइक की तस्वीरों से साफ है कि बाइक का डिजाइन अब और भी ज्यादा शार्प और मस्क्युलर हो गया है। टैंक काउल, स्प्लिट सीट्स, और नया एग्जॉस्ट सेटअप इसे एक कंप्लीट स्पोर्टी लुक देता है। बजाज ने इस बार कलर स्कीम और ग्राफिक्स में भी थोड़ा बदलाव किया है, जिससे यह बाइक और भी आकर्षक दिखती है। परफॉर्मेंस और हैंडलिंग कैसी है? बाइक में मिलने वाला 373cc का इंजन (Dominar 400 वाला) हाई परफॉर्मेंस के लिए जाना जाता है। इसमें 6-स्पीड गियरबॉक्स और स्लिपर क्लच मिलता है, जो स्मूथ राइडिंग में मदद करता है। नई टायर्स और ब्रेकिंग सिस्टम बाइक की कॉर्नरिंग और कंट्रोल को बेहतर बनाते हैं, जिससे यह ट्रैक और ट्रैफिक दोनों के लिए परफेक्ट हो जाती है। कब तक होगी लॉन्च? फिलहाल कंपनी ने इसकी ऑफिशियल लॉन्च डेट घोषित नहीं की है, लेकिन डीलरशिप पर बाइक की उपलब्धता देखकर माना जा रहा है कि इसे मई के आखिर तक लॉन्च कर दिया जाएगा। बुकिंग भी उसी समय शुरू होने की उम्मीद है। ग्राहक क्या करें? अगर आप एक स्पोर्टी और पावरफुल बाइक की तलाश में हैं, तो कुछ हफ्तों तक इंतजार करें और बजाज की नई NS400Z पर नजर रखें। लॉन्च के बाद यह बाइक सेगमेंट की बेस्ट ऑप्शन बन सकती है। आकर्षक लुक युवाओं के लिए शानदार विकल्प बजाज पल्सर NS400Z लॉन्च से पहले ही अपने नए अवतार में ग्राहकों के बीच चर्चा का विषय बन चुकी है। इसमें किए गए तकनीकी अपग्रेड्स, बेहतर राइड क्वालिटी और आकर्षक लुक इसे युवाओं के लिए एक शानदार विकल्प बनाते हैं। अगर आप एक दमदार परफॉर्मेंस वाली बाइक लेना चाहते हैं, तो NS400Z पर जरूर विचार करें। recent visitors 38

मुख्यमंत्री ने दिए बैठक में निर्देश- जो पुलिस अधिकारी प्रभावी कार्रवाई नहीं करेंगे, वे अधिकारी मैदान में नहीं दिखेंगे

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में सामान्य अपराधों और महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों के मामलों में सख्त एक्शन लिया जाए। जो पुलिस अधिकारी प्रभावी कार्रवाई नहीं करेंगे, वे अधिकारी मैदान में नहीं दिखेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शिक्षा केंद्रों पर विशेष सावधानी की आवश्यकता है। स्कूल और कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाएं भी शिक्षण केंद्र स्तर पर अराजक तत्वों को रोकने की पुख्ता कार्रवाई के लिये नजदीकी थाने में तत्काल सूचना दें। छेड़खानी करने वाले युवकों को शिक्षण केंद्र के स्तर पर भी बिल्कुल नहीं बख्शा जाएं। पुलिस द्वारा ऐसे दर्ज मामलों और निरीक्षण के उपरांत सख्त कार्रवाई की जाए। सायबर अपराधों में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर एक्शन लिया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंगलवार को समत्व भवन (मुख्यमंत्री निवास) में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में प्रदेश के पुलिस अधीक्षकों को भी निर्देश दिए और की जा रही कार्रवाई का नियमित प्रतिवेदन देने के निर्देश दिए। वीडियो कॉन्फ्रेंस द्वारा जिलों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में नक्सल गतिविधियों के नियंत्रण संबंधी जानकारी भी प्राप्त की मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नए आपराधिक कानून के संबंध में क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने अपराध नियंत्रण से संबंधित प्रेजेंटेशन दिया। अन्य निर्देश     प्रदेश में विद्यालय और महाविद्यालय स्तर पर छात्राओं और सार्वजनिक स्थान पर महिलाओं के विरुद्ध अपराध घटित करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई हो। इस बारे में कोई रियायत न बरती जाए।     प्रदेश में एक समेकित अभियान संचालित कर छात्राओं और महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर नियंत्रण को अधिक प्रभावी बनाया जाए। इस संबंध में नियमित मॉनिटरिंग भी की जाए।     नए कानून के क्रियान्वयन के प्रति गंभीर रहें।     प्रदेश में न्याय श्रुति सॉफ्टवेयर के माध्यम से थानों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग व्यवस्था को सशक्त बनाया जाए।     देवास जिले में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट, विधि विज्ञान रिपोर्ट और ई-अभियोजन के कार्य में लगभग 20 हजार मानव घंटे की बचत का कार्य सराहनीय है। अन्य जिले भी इस मॉडल पर कार्य करें।     पुलिस का प्रशासनिक अमला और थानों का स्टॉफ संवेदनशील होकर नागरिकों के हित में और सुदृढ़ कानून व्यवस्था के लिए सभी आवश्यक कार्रवाई करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति, नक्सल गतिविधियों के नियंत्रण, पुलिस द्वारा सुशासन क्षेत्र के प्रयास और नए कानूनों के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त कर समीक्षा कर निर्देश दिए। बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) डॉ. राजेश राजौरा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।   recent visitors 23

सभी अवसरों और संभावनाओं पर कार्य कर प्रदेश को स्वास्थ्य मानकों में अग्रणी बनाना हमारा लक्ष्य: उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल

भोपाल उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि मीडिया द्वारा प्रदेश की ज़मीनी हकीकत को सामने लाया जाता है, जिससे शासन-प्रशासन को जनहित में आवश्यक निर्णय लेने में सहायता मिलती है। साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं और महत्वपूर्ण जानकारियों को आमजन तक पहुँचाने में भी यह संस्थान प्रभावी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने मीडिया को लोकतंत्र के चतुर्थ स्तंभ के रूप में अपनी ज़िम्मेदारी का उत्कृष्ट निर्वहन करने की लिए धन्यवाद दिया। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल भोपाल में निजी न्यूज संस्थान की प्रथम वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने वरिष्ठ पत्रकार श्री ज्ञानेन्द्र तिवारी से विशेष चर्चा में प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण सहित अन्य सम-सामयिक विषयों पर विचार साझा किए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाकर मध्यप्रदेश को स्वास्थ्य मानकों में देश के अग्रणी राज्यों में स्थान दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अधोसंरचना के विकास, अत्याधुनिक उपकरणों की उपलब्धता और 30 हज़ार से अधिक चिकित्सकीय, सहायक चिकित्सकीय स्टॉफ की भर्ती की जा रही है। साथ ही प्रदेश में नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं जिससे कुशल चिकित्सकीय मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। प्रदेश में आगामी वर्षों में 8 नए मेडिकल कॉलेज प्रारंभ किए जाएंगे। साथ ही 12 जिलों में पीपीपी मोड पर मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए नीति बनाई गई है। अभी तक 6 जिलों से प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि राज्य सरकार नगरीय क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण अंचलों में भी उच्च गुणवत्ता की स्वास्थ्य सेवाएँ सुगमता से उपलब्ध कराने हेतु प्रयासरत है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु सरकार "नो स्टोन शुड बी लेफ्ट अनटर्न्ड" की नीति पर कार्य कर रही है। सभी अवसरों और संभावनाओं पर कार्य कर प्रदेश को स्वास्थ्य के क्षेत्र में अग्रणी बनाना हमारा लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि सरकार निजी क्षेत्र को प्रोत्साहित करते हुए टियर-2 एवं टियर-3 (केटेगरी बी एवं सी) शहरों में मल्टी स्पेशलिटी अस्पतालों की स्थापना के लिए 30 से 40 प्रतिशत तक की सब्सिडी दे रही है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने विश्वास व्यक्त किया कि शीघ्र ही मध्यप्रदेश स्वास्थ्य मानकों में देश के शीर्ष राज्यों में शामिल होगा। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने पहलगाम मुद्दे पर कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पाकिस्तान को कठोर और स्पष्ट संदेश दिया है। आज संपूर्ण विश्व भारत के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि यह समय राजनीतिक मतभेदों को पीछे छोड़ देशहित में एकजुट होने का है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने अन्य समसामयिक विषयों पर अपने विचार साझा किए।   recent visitors 28

मलखम्भ टीम चैंपियनशिप बालक वर्ग में मिला पहला स्वर्ण पदक

मलखम्भ टीम चैंपियनशिप बालक वर्ग में मिला पहला स्वर्ण पदक 10 मीटर शूटिंग में युगप्रताप ने जीता कांस्य पदक खेल मंत्री सारंग ने दी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई भोपाल खेलो इण्डिया यूथ गेम्स 2025 का अयोजन 04 से 15 मई 2025 तक पटना (बिहार) में आयोजित किया जा रहा है, इसमें मध्यप्रदेश 18 खेलों में 176 खिलाड़ी और 53 सपोर्ट स्टॉफ सहित कुल 229 सदस्यीय दल प्रतिभागिता कर रहे है। प्रतियोगिता बिहार में पटना, राजगीर, भागलपुर,नई दिल्ली और गया में हो रही है। मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने अब तक एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक अर्जित किया है। मध्यप्रदेश मेडल टैली में सातवें स्थान पर है। खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी है। उन्होंने राज्य खेल मलखम्ब के खिलाडियों के इस प्रदर्शन की से सराहना की है। उन्होंने आशा व्यक्त की है मलखम्भ खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भी अपने शानदार प्रदर्शन से प्रदेश को गौरवान्ति करेंगे। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने मलखम्भ में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। मध्यप्रदेश ने 123.60 अंको के साथ स्वर्ण पदक जीता, महाराष्ट्र 122.50 के साथ द्वितीय और छत्तीसगढ़ 122.05 के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। मध्यप्रदेश की टीम के खिलाड़ियों में  देवेन्द्र पाटीदार, यतिन कोरी, युवराज राव, नीरज काछावा, जयंत राठौर, और दक्ष कहार शामिल रहे। महिला टीम टीम इवेंट की प्रतियोगिता में प्रतिभागिता कर रही है, देर रात तक परिणाम आने की संभावना है। मध्यप्रदेश के युगप्रताप सिंह राठौर ने व्यक्तिगत बालक वर्ग 10 मीटर पिस्टल शूटिंग में कांस्य पदक अपने नाम किया। इसी प्रतियोगिता में राजस्थान के मयंक चौधरी ने स्वर्ण और चंडीगढ़ के धैर्य पराशर ने रजत पदक आर्जित किया।   recent visitors 27