मौसम विभाग ने अगले 15 घंटे के दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रहने और लगातार तेज हवाएं चलने का अलर्ट

नई दिल्ली दिल्ली के साथ ही NCR के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवा के साथ बारिश से मौसम बदल गया है। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले 15 घंटे के दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रहने और लगातार तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। हवा की स्पीड 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा देखी जा सकती है। कभी-कभी इसके 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में 16 मई को मौसम में बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है। इस दिन तेज हवाओं के साथ बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग ने 14 और 15 मई को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और लगातार तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। मौसम विभाग की मानें तो हवा की स्पीड 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है। कभी-कभी हवा की स्पीड 35 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इन दोनों ही दिन अधिकतम तापमान के 40 से 42 डिग्री जबकि न्यूनतम के 27 से 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली के साथ ही एनसीआर में मौसम कमोबेश एक जैसा रहेगा। इस हफ्ते मौसम में गर्मी रहेगी लेकिन अचानक आंधी पानी से मौसम में बड़ा उलटफेर भी देखा जाएगा। मौसम विभाग ने 16 मई को दिल्ली में आंशिक बादल छाए रहने। बहुत हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवा की स्पीड 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा देखी जा सकती है। आंधी के दौरान हवा की स्पीड 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इससे गर्मी से राहत तो मिलेगी लेकिन तापमान में बड़ी गिरावट का अनुमान नहीं है। मौसम विभाग ने 16 मई को अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग की मानें तो 17 मई को दिल्ली में आंशिक बादल नजर आएंगे। इस दिन दिल्ली में अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 18 और 19 मई को दिल्ली में आंशिक बादल छाए रहने और अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। recent visitors 39

मोदी के नेतृत्व में पाकिस्तान के विरुद्ध संचालित ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दी बधाई

भोपाल प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पाकिस्तान के विरुद्ध संचालित ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रि-परिषद की ओर से बधाई दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री श्री मोदी, रक्षा मंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री, भारतीय सेना और अर्ध सैनिक बलों के सभी जवानों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि तकनीक का उपयोग करते हुए, कम समय में तीव्र गति से की गई कार्रवाई से विश्व, भारत के बदलते दौर के नेतृत्व की क्षमता से परिचित हुआ है, यह सभी भारतवासियों के लिए सौभाग्य का विषय है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले अपने संबोधन में मंत्रीगण को प्रदेश में गेहूं उपार्जन की स्थिति, महाराष्ट्र के साथ नदी जोड़ो अभियान के लिए हुए एमओयू, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश द्वारा परस्पर समन्वय से आगामी दिनों में की जाने वाली सांस्कृतिक-धार्मिक व इतिहास केंद्रित गतिविधियों, प्रदेश में निवेश संवर्धन और औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के लिए बेंगलुरु और इंदौर में होने वाले आयोजनों तथा 20 मई को इंदौर में होने वाली मंत्रि-परिषद की बैठक तथा विजन डॉक्यूमेंट@2047 पर चर्चा के संबंध में अवगत कराया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गेहूं उपार्जन में 5 मई तक प्रदेश के 3475 केंद्रों पर उपार्जन हुआ, इसमें 9 लाख किसानों की फसल का उपार्जन हुआ। प्रदेश में 77.74 लाख मैट्रिक टन गेहूं का उपार्जन किया गया, जिसमें से 74.42 लाख मीट्रिक टन भंडारण में आ गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि किसानों को अब तक 18 हजार 471 करोड़ रुपए का भुगतान भी किया जा चुका है। अब मात्र 400 करोड़ रुपए का भुगतान शेष है, जो शीघ्र कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री देवेन्द्र फडणवीस के साथ 10 मई को तापी बेसिन मेगा रिचार्ज योजना के संबंध में हुए एम.ओ.यू. की मंत्रि-परिषद को बधाई दी। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि यह नदी जोड़ो अभियान का राज्य सरकार का तीसरा एम.ओ.यू. है। इस परियोजना से बुरहानपुर व खण्डवा जिले में भूजल में सुधार होगा। मध्यप्रदेश को 1 लाख 23 हजार हैक्टेयर और महाराष्ट्र को 2 लाख 37 हजार हैक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इस परियोजना को राष्ट्रीय स्तर पर अंतर्राज्यीय योजना के रूप में भारत सरकार से स्वीकृत कराने के लिए त्रिपक्षीय समझौते पर सहमति बनी है। इसकी विशेषता यह होगी कि प्रदेश को परियोजना की मात्र 5 प्रतिशत राशि देनी होगी, शेष लागत केन्द्र सरकार द्वारा वहन की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र का साझा ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संदर्भ रहा है। दोनों राज्यों द्वारा बाजीराव पेशवा, तात्या टोपे, रानी लक्ष्मीबाई, अप्पाजी भोंसले इत्यादि के गौरवशाली अतीत की घटनाओं के इतिहास लेखन, दस्तावेज संकलन, डिजिटाइलिजेशन, मोढ़ी लिपि के संरक्षण, लोकमाता देवी अहिल्या बाई होल्कर के धार्मिक-प्रशासनिक अवदानों के संरक्षण के लिए कार्य करने पर सहमति हुई है। मध्यप्रदेश में उज्जैन और ओंकारश्वर के ज्योतिर्लिंग तथा महाराष्ट्र के 3 ज्योतिर्लिंग का सर्किट विकसित करने पर भी सहमति हुई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि शेगांव के गजानन ट्रस्ट द्वारा इच्छुक व्यक्तियों को सेवा का प्रशिक्षण देकर स्वयं सेवकों को सेवा और प्रबंधन के कार्य में लगाया जाता है। उनकी इस प्रणाली का लाभ महाकाल मंदिर प्रबंधन के लिए लेने पर भी विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि शुक्रवार 16 मई को इंदौर में रीजनल ग्रोथ कॉन्क्लेव मैन मेड टेक्निकल टेक्सटाइल एक्सपो का आयोजन होने जा रहा है। इसी प्रकार 14 मई को बैंगलोर में निवेश संवर्धन के संबंध में संवाद होगा।   recent visitors 33

प्रदेश के कोने -कोने में फ़ैल रही सुशासन तिहार की रोशनी, पिछड़ी जनजाति के युवा को मिला नौकरी की सौगात

रायपुर, सुशासन तिहार की रोशनी प्रदेश के कोने -कोने में फ़ैल रही है लेकिन ग्राम बल्दाकछार के बेरोजगार आदिवासी युवा टिकेश्वर के लिए यह किसी वरदान से कम नहीं है। सुशासन तिहार से विशेष पिछड़ी जनजाति के युवा टिकेश्वर प्रसाद के जीवन में नई रोशनी आई है। विगत 9 मई को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का हेलीकॉप्टर जब अचानक विकासखण्ड कसडोल के ग्राम बल्दाकछार में उतरा तो ग्रामवासियों के लिए यह किसी कौतूहल से कम नहीं था। प्रदेश के मुखिया श्री विष्णुदेव साय ने अपने स्नेह और आत्मीयता से ग्रामीणों का दिल जीत लिया। इसी बीच जब विशेष पिछड़ी जनजाति के कमार युवा ने मुख्यमंत्री जी से परिवार चलाने नौकरी करने की इच्छा जताई तो उन्होंने तत्काल कलेक्टर श्री दीपक सोनी को इस प्रकरण में आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया। श्री सोनी ने मुख्यमंत्री जी के निर्देश पर कार्यवाही करते हुए कसडोल के शासकीय पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास में चतुर्थ श्रेणी में रिक्त पद पर कलेक्टर दर पर टिकेश्वर को नियुक्ति दी। कलेक्टर श्री दीपक सोनी ने टिकेश्वर प्रसाद को मंगलवार को नियुक्ति आदेश प्रदान किया। उल्लेखनीय है कि टिकेश्वर प्रसाद का परिवार बाँस की टोकनी, सूपा, पर्रा इत्यादि निर्माण का पारंपरिक व्यवसाय करता है जिसमें बहुत कम आमदनी होती है। टिकेश्वर 12 वीं तक की पढ़ाई करने के बाद इस काम में माता पिता का हाथ बंटा रहा था। किसी तरह परिवार की गुज़र बसर हो रही थी। जब मुख्यमंत्री जी ने उससे बातचीत की तो उसने नौकरी करने की इच्छा व्यक्त की ताकि वह अपने परिवार की आर्थिक मदद कर सके। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने टिकेश्वर की सिर्फ़ इच्छा पूरी नहीं की बल्कि उसके जीवन में नई उम्मीद भी जगाई है। टिकेश्वर ने इस उपहार के लिए मुख्यमंत्री जी का दिल से आभार व्यक्त किया है और ख़ुशी ज़ाहिर की है कि अब वो अपने अपने माता पिता का सहारा बन पाया है। मुख्यमंत्री के निर्देश का हुआ अनुपालन- मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश के अनुपालन पर ग्राम बल्दाकछार में राजस्व एवं वन विभाग की टीम के द्वारा शिविर का आयोजन किया गया जिसमें ग्रामीणों को वन अधिकार पत्र के संबंध में जानकारी दिया गया एवं वन अधिकार पत्र हेतु आवेदन प्राप्त किए गए। शिविर में बल्दाकछार के पांच ग्रामीणों के द्वारा वन अधिकार पत्र हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया। कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देशानुसार ग्राम बल्दाकछार में शिविर की जानकारी हेतु कोटवार के माध्यम से मुनादी भी कराया गया। recent visitors 42

गर्मी में तैलीय त्वचा दे सकती है मुहांसे, जानें 5 टिप्स

अगर आपकी त्वचा तैलीय है तो गर्मी के दिनों में यह आपकी खूबसूरती छीन सकती है। तैलीय त्वचा पर इन दिनों में सीबम अधिक बनता है, साथ ही पसीने के कारण बैक्टीरिया पनपते हैं, जिससे आपके चेहरे पर मुहांसे निकल सकते हैं। इससे बचने के लिए जानिए यह 5 टिप्स…   1. समय-समय पर अपने चेहरे को ठंडे पानी से धोते रहें ताकि उस पर जमा ऑइल व चिपचिपाहट निकल जाए। ऐसा करने से बैक्टीरिया अपनी जगह नहीं बना पाएंगे और त्वचा सुरक्षित रहेगी। 2. जितना हो सके फल, सलाद एवं जूस का सेवन करें ताकि त्वचा अंदर से हाइड्रेट रहे और त्वचा में तेल की मात्रा कम हो। इससे आपकी त्वचा आंतरिक रूप से साफ और ताजगीयुक्त बनी रहेगी। 3. अगर धूप में या गर्म मौसम में कहीं बाहर निकल रहे हैं, तो लौटकर चेहरे पर बर्फ की मसाज करें। इससे तेल, गंदगी सभी समाप्त हो जाएगी और त्वचा साफ रहेगी। ऐसा करने से आपको भी काफी रिफ्रेशिंग महसूस होगा। 4. दिन भर में ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं। पानी पीते रहने से शरीर हाइड्रेट रहेगा और नमी बरकरार रहेगी। यह त्वचा को अंदर से साफ रखने का बेहतरीन तरीका है। इसके साथ ही आपको पाचन पर भी ध्यान देना होगा। 5. हो सके तो इन दिनों में ज्यादा ऑइली व मसालेदार खाने से बचें। आप जैसा खाना खाते हैं उसका असर आपकी त्वचा पर दिखाई देता है। ऑइली व मसालेदार खाना त्वचा संबंधी अन्य समस्याएं भी पैदा कर सकता है।   recent visitors 52

आदमपुर एयरबेस पर हमले का झूठा दावा, PM मोदी के आदमपुर जाने पर ओवैसी ने लिए शरीफ-मुनीर के मजे

नई दिल्ली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार की सुबह पंजाब में आदमपुर वायु सेना केंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने वायु सेना के जवानों से बातचीत की और उनका हौसला बढ़ाया। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने इसे लेकर अब पाकिस्तान के मजे लिए हैं। ओवैसी ने एक्स पर पोस्ट करके कहा कि क्या पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर ऐसा कर सकते हैं। उन्होंने लिखा, 'क्या एस शरीफ और ए मुनीर लीज पर लिए अपने चीनी विमान को रहीम यार खान एयरबेस पर उतार पाएंगे?' दरअसल, 10 मई को पाकिस्तान के रहीम यार खान एयरबेस पर भारत ने हवाई हमले किए थे जिससे वह बुरी तरह तबाह हो गया। यह हमला 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जवाब था, जिसमें 26 लोग मारे गए थे। भारतीय वायुसेना ने इस ऑपरेशन में ब्रह्मोस-ए सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल का इस्तेमाल किया, जिसने एयरबेस के मुख्य रनवे को पूरी तरह नष्ट कर दिया। रहीम यार खान एयरबेस को शेख जायद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भी कहा जाता है, जो कि पाकिस्तान वायुसेना का अहम सैन्य अड्डा रहा है। इस हमले को रात के समय सटीकता से अंजाम दिया गया ताकि नागरिक हताहतों से बचा जा सके। हमले में कई सैन्य सुविधाओं, इमारतों और उपकरणों को नुकसान पहुंचा। साथ ही स्क्वाड्रन लीडर उस्मान यूसुफ सहित कुछ सैन्यकर्मियों की मौत भी हो गई। आदमपुर एयरबेस पर हमले का झूठा दावा इस बीच, पाकिस्तान यह झूठा दावा करता रहा कि उसने भारत के पंजाब स्थित आदमपुर एयरबेस पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए, जिसमें एयरबेस के रनवे, मिग-29 जेट, एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम और रडार को नष्ट कर दिया। उसने यह भी दावा किया कि हमले में 60 भारतीय सैनिक मारे गए और एयरबेस को भारी नुकसान पहुंचा। हालांकि, ये दावे पूरी तरह झूठे साबित हुए। भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्त्री ने इन्हें खारिज करते हुए कहा कि आदमपुर एयरबेस पूरी तरह सुरक्षित है। वहीं, पीएम मोदी ने आज आदमपुर एयरबेस का दौरा कर जवानों से मुलाकात की, जिसकी तस्वीरों और वीडियो ने पाकिस्तान के प्रचार की पोल खोल दी। सैटेलाइट तस्वीरों और विशेषज्ञों ने भी पुष्टि की कि एयरबेस को कोई नुकसान नहीं हुआ। भारत के एस-400 सिस्टम ने पाकिस्तानी ड्रोनों को नाकाम कर दिया। इस दौरे और तस्वीरों ने पाकिस्तान के झूठे नैरेटिव को बेनकाब कर दिया। recent visitors 39

मुख्यमंत्री डॉ. यादव का पचमढ़ीवासियों ने माना आभार

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से विधायक पिपरिया श्री ठाकुरदास नागवंशी के नेतृत्व में पचमढ़ीवासियों ने मंत्रालय में भेंट की। उन्होंने पचमढ़ी नगर की नजूल भूमि को अभयारण्य की सीमा से पृथक करने के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार माना। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. यादव पुष्प-गुच्छ और पुष्पहार से अभिवादन किया। इस अवसर पर पूर्व साडा अध्यक्ष श्री कमल धूत और श्री नवनीत नागपाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि साथ थे। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में 6 मई को हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में इस आशय का निर्णय लिया गया था।   recent visitors 38

मुख्यमंत्री की घोषणा पर जिला प्रशासन की त्वरित अमल, बल्दाकछार में विभागों द्वारा कार्यवाही शुरू

बलौदाबाजार,  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की घोषणा पर जिला प्रशासन द्वारा त्वरित अमल की जा रही है। इसी कड़ी में कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर जल संसाधन  एवं  क्रेड़ा विभाग के एसडीओ और सब इंजीनियर आज विकासखंड कसडोल अंतर्गत ग्राम बल्दाकछार पहुंचे और सर्वे का काम शुरू किया। मुख्यमंत्री की घोषणा अनुरूप नदी  तट को कटाव से बचाने के लिए महानदी में तटबंध निर्माण हेतु मंगलवार को जल संसाधन विभाग के इंजिनीयर द्वारा  सर्वे किया गया । कार्यपालन अभियंता ने बताया   कि महानदी के बाढ़ से प्रति वर्ष तेजी से हो रहे कटाव से ग्राम बल्दाकछार को सुरक्षित रखने हेतु नदी के दाएं तट में पक्का तटबंध बनाना आवश्यक है। इसके लिए सर्वे का कार्य जारी है।महानदी के तट में  लगभग डेढ़ किलोमीटर की लम्बाई में हो रहे कटाव को रोकने के लिए  लगभग 5 मीटर स्लांट हाईट में सीमेंट कांक्रिट की संरचना बनाकर कटाव को रोका जाएगा। इस कार्य की निर्माण  लागत 888.00 लाख अनुमानित है। तटबंध निर्माण से महानदी के बाढ़ के पानी से हो रहे कटाव को रोका जा सकता है। इसीतरह मुख्यमंत्री की घोषणा अनुरूप ग्राम बल्दाकछार  में हाई मास्ट लाइट लगाने हेतु क्रेड़ा विभाग के इंजीनियर ने सरपंच व ग्रामीणों के साथ सर्वे किया। क्रेड़ा के इंजीनियर ने बताया कि ग्राम बल्दाकछार में हाई मास्ट सयंत्र स्थापना  हेतु गुड़ी चौक एवं कमारपारा का चयन सरपंच एवं ग्रामवासियों के साथ संयुक्त रूप से किया गया। स्वीकृति हेतु प्राक्कलन प्रस्तुत किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सुशासन तिहार अंतर्गत 9 मई 2025 को आकस्मिक निरीक्षण में ग्राम बल्दाकछार पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर कई घोषणाएं की और अधिकारियों को जरुरी निर्देश दिये थे। recent visitors 39