डूंगरपुर में जीप पर पलटा ट्रक, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

बांसवाड़ा बांसवाड़ा-उदयपुर मार्ग पर डूंगरपुर जिले के पिंडावल के समीप शनिवार रात एक ट्रक जीप पर जा पलटा। हादसे में जीप में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जीप में सवार लोग एक शादी समारोह से अपने घर लौट रहे थे, इससे शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। रविवार तड़के मशक्कत के बाद चारों शवों को बाहर निकाला जा सका। साबला थानाधिकारी रघुवीर सिंह ने बताया कि पिंडावल गांव में एक शादी समारोह में सम्मिलित होकर एक परिवार के लोग जीप से वापस अपने गांव लौट रहे थे कि रास्ते में अचानक जीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंचकर घायलों को संभाल रहे थे और सूचना मिलने के बाद एंबुलेंस भी पहुंच गई थी, इसी दौरान अचानक तेज गति से आया एक ट्रक जीप और मौके पर खड़े लोगों पर पलट गया, इससे 4 लोगों की मौत हो गई और 8 लोग घायल हो गए। थानाधिकारी ने बताया कि शनिवार रात करीब 11.30 बजे बाद एक सवारी जीप पिंडावल हिलावड़ी गांव के बस स्टैंड के पास बेकाबू होकर रोड से उतर गई थी। इसमें कुछ लोगों को चोट आने पर लोग घायलों की मदद कर रहे थे कि वहां से गुजर रहा ट्रक वहां खड़े लोगों पर पलट गया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और दबे शवों को निकालने का प्रयास किया। रविवार तड़के करीब 3:30 बजे चार शवों को क्रेन की मदद से ट्रक हटाकर बाहर निकाला जा सका। हादसे में बोड़ीगामा बड़ा गांव निवासी दुल्हन के नाना लवजी पाटीदार सहित डायालाल पाटीदार, सविता पाटीदार और भावेश पाटीदार की मौत हो गई। एक ही परिवार की चार लोगों की मौत होने के बाद बोड़िगामा बड़ा गांव में शोक की लहर छा गई। रविवार को पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। recent visitors 52

चित्तौड़गढ़ में तस्करों के खिलाफ दूसरी बड़ी कार्रवाई, सात क्विंटल से ज्यादा डोडा चूरा जब्त

चित्तौड़गढ़ जिले की बेगूं थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दूसरी बड़ी सफलता हासिल की है। शनिवार रात की गई कार्रवाई में पुलिस ने सात क्विंटल से अधिक डोडा चूरा जब्त किया। आरोपी तस्कर भूसे की आड़ में यह अवैध सामग्री तस्करी कर रहा था। इससे एक दिन पहले ही पुलिस ने 9 क्विंटल से ज्यादा डोडा चूरा बरामद किया था। पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बेगूं सीआई शिवलाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार रात को कोटा नेशनल हाईवे-27 पर मेनाल सीमा क्षेत्र स्थित एक हाईवे पार्किंग पर नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप वाहन, जिसमें गेहूं का भूसा भरा हुआ था, लाडपुरा से मेनाल की ओर आते हुए देखा गया। पुलिस ने जब वाहन को रुकने का इशारा किया तो चालक ने वाहन को भगा ले जाने का प्रयास किया लेकिन पुलिस टीम ने उसे चारों ओर से घेरकर पकड़ लिया। जब पिकअप में लदे भूसे को हटाकर तलाशी ली गई, तो पीछे की ओर छिपाकर रखे गए 29 बोरियों में अधकूचला व पिसा हुआ डोडा चूरा बरामद हुआ। इसका कुल वजन 6 क्विंटल 98 किलो 190 ग्राम निकला। पुलिस ने अवैध डोडा चूरा और पिकअप वाहन को जब्त कर लिया और बनवारीलाल पुत्र रामेश्वरलाल यादव को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बेगूं में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उक्त मादक पदार्थ कहां से लाया गया और इसे कहां ले जाया जा रहा था। आरोपी से तस्करी के नेटवर्क के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है। उल्लेखनीय है कि बेगूं पुलिस ने इससे एक दिन पहले भी नेशनल हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान 9 क्विंटल 9 किलो 590 ग्राम डोडा चूरा जब्त किया था। उस मामले में बीकानेर जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। recent visitors 44

यूक्रेन में खूनी खेल बंद करने व्लादिमीर पुतिन से बात करेंगे डोनाल्ड ट्रंप

वॉशिंगटन रूस और यूक्रेन के बीच शांति वार्ता बेनतीजा रहने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि युद्धविराम के लिए वह रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात करेंगे। उन्होंने कहा, हम राष्ट्रपति पुतिन से यह 'खूनी खेल' बंद करने के लिए बात करेंगे। ट्रंप ने शनिवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि विषय होगा "रक्तपात रोकना।" अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि वह इसके बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की और नाटो के सदस्यों से भी बात करने की योजना बना रहे हैं। ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा, ‘उम्मीद है कि यह एक उपयोगी दिन होगा।’ एक दिन पहले रूस ने कहा कि तुर्की में यूक्रेन के साथ हुई वार्ता के सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। रूस ने कहा कि हो सकता है दोनों देशों के बीच कोई समझौते की स्थिति बने। तुर्किए में हुई वार्ता में दोनों देशों के बीच केवल 1000 बंदियों की रिहाई पर ही समझौता हो पाया था। शांति वार्ता के तुरंत बाद ही रूस ने यूक्रने की एक यात्री बस पर ड्रोन अटैक कर दिया जिसमें कम से कम 9लोगों की मौत हो गई। वहीं पांच से ज्यादा घायल हो गए। इसके बाद भड़के जेलेंस्की ने कहा कि यूरोप के देशों को रूस पर कड़े प्रतिबंध लगा देने चाहिए जिससे उसे सीजफायर के लिए तैयार होना पड़े। वहीं अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने शनिवार को रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव को फोन कर शुक्रवार को तुर्किये के शहर इस्तांबुल में यूक्रेन और रूस के प्रतिनिधिमंडलों के बीच हुई सीधी वार्ता के नतीजों पर चर्चा की। रूस के विदेश मंत्रालय के वेब पोर्टल पर जारी बयान में कहा गया है, ‘मार्को रुबियो ने युद्धबंदियों की अदला-बदली पर हुए समझौतों और युद्धविराम के लिए आवश्यक शर्तों को रेखांकित करते हुए प्रत्येक पक्ष के अपने स्वयं के प्रस्ताव तैयार करने के इरादे का स्वागत किया।’ बयान में कहा गया है, ‘उन्होंने बातचीत के जरिए समाधान की दिशा में प्रयासों का समर्थन जारी रखने के लिए अमेरिका की तत्परता की पुष्टि की।’ विदेश मंत्री लावरोव ने इस्तांबुल में वार्ता फिर से शुरू करने के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के प्रस्ताव को अंततः स्वीकार करने के लिए यूक्रेन को प्रोत्साहित करने में अमेरिका द्वारा निभाई गई रचनात्मक भूमिका को स्वीकार किया। recent visitors 34

जाैनपुर में पुलिस टीम को कुचलने वाला बदमाश ढेर, दो साथी घायल

जौनपुर जाैनपुर में बीत रात में पशु तस्करों ने पिकअप से थाना जलालपुर की चौकी प्रभारी पराउगंज प्रतिमा सिंह व अन्य पुलिस कर्मियों को जान मारने की नियत से टक्कर मारा था। हादसे में प्रतिमा को गंभीर चोट आने पर ट्राॅमा सेंटर वाराणसी में ईलाज चल रहा है। जिले में सतर्कता के साथ गोतस्करों के खिलाफ चेंकिग अभियान के निर्देश दिए गए थे। 17 मई को प्रभारी निरीक्षक चंदवक सत्य प्रकाश सिंह ने खुज्जी मोड़ पर अपने फोर्स के साथ चेंकिग कर रहे थे। रात करीब 11.50 बजे आजमगढ़-वाराणसी रोड़ पर आजमगढ़ की तरफ से गोतस्कर एक पिकअप में सवार होकर वाराणसी की तरफ जा रहे थे। रोकने का इशारा करने पर वे भागने लगे। घटना की सूचना पर  समस्त पुलिस बल को सक्रिय किया गया। जिले की एसओजी टीम के साथ आसपास के थाने की पुलिस बल ने पिकअप (UP 65 PT 9227) का पीछा किया। पिकअप व गोतस्करों की तलाश और पीछा करते हुए पुलिस गांव ताला बेला, थाना चोलापुर (वाराणसी) पहुची जहां पर गोतस्करों ने पिकअप को छोड़ दो मोटर साइकिल से चंदवक की तरफ भागने लगे। इसी दाैरान पुलिस टीम पर मोटर साइकिल पर बैठे एक गोतस्कर ने जान मारने की नियत से फायर कर दिया। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। नरेंद्र यादव पुत्र हौसिला प्रसाद यादव निवासी रमना चौबेपुर (वाराणसी) गोलू पुत्र संकठा यादव निवासी टड़िया थाना अलीनगर (चंदाैली) के पैर में गोली लगी है। इसके साथ ही सलमान पुत्र मुसाफिर निवासी मुथरापुर कोटवा थाना जलालपुर (जौनपुर) को सीने में गोली लगने के कारण गंभीर रुप से घायल होने पर सीएचसी डोभी बीरीबारी भर्ती कराया गया। यहां से डाक्टरों बेहतर ईलाज हेतु जिला चिकित्सालय जौनपुर रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान उसकी माैत हो गई। वहीं दूसरे मोटरसाइकिल पर सवार बदमाश राहुल यादव पुत्र तहसीलदार निवासी तालाबेला थाना चोलापुर (वाराणसी) राजू यादव आजाद यादव भाग गए। इनकी गिरफ्तारी हेतु टीमें लगाई गई हैं।   recent visitors 42

Massive fire near Charminar in Hyderabad, eight people including children die

हैदराबाद तेलंगाना में ऐतिहासिक चारमीनार के पास गुलजार हाउस की एक इमारत में रविवार को भीषण आग लग गई। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। यहां एक निजी अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आठ लोगों को मृत अवस्था में लाया गया था। मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को इमारत में फंसे लोगों को बचाने के लिए सभी आवश्यक उपाय करने का निर्देश दिया। केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी भी मौके पर पहुंचे अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, उन्हें सुबह करीब 6.30 बजे एक फोन आया। इसके बाद वे घटनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान कई लोग बेहोश पाए गए। उन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया। घटनास्थल का दौरा करने के बाद केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने मीडिया से कहा कि पुलिस ने बताया कि आग दुर्घटना में आठ लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में कुछ बच्चे भी शामिल हैं। तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष जी किशन रेड्डी ने कहा, 'आज चारमीनार के पास गुलजार हाउस की एक इमारत में शॉर्ट सर्किट की वजह से हुए हादसे में कुछ लोगों की मौत हो गई है और कुछ घायल हैं। यह घटना सुबह 6 बजे के आसपास हुई। ऐसी घटनाएं बहुत दुखद होती हैं। यहां के लोगों ने बताया कि दमकल विभाग के पास पूरे उपकरण नहीं थे। मैं केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री से बात करूंगा और इस घटना में जिन लोगों की मृत्यु हुई है उनके परिवारों को आर्थिक सहायता दिलाने की कोशिश करूंगा।' करीब 20 लोगों को अस्पताल ले जाया गया घटनास्थल पर मौजूद एआईएमआईएम के एक विधायक ने मीडिया को बताया कि शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार करीब 20 लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। सीएमओ की ओर से जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि घायलों को तुरंत अस्पतालों में भेजने और उचित चिकित्सा सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। recent visitors 35

तिरंगा यात्रा के अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने शहीदों के परिजनों को शाल और श्रीफल भेंटकर किया सम्मानित

रायपुर  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज जशपुर जिले के दुलदुला तहसील के चराईडाड़ गांव में तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने गांव के शिव मंदिर के प्रांगण में शहीदों के परिजनों को शाल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने आपरेशन सिंदूर की सफलता पर भारतीय सेना के प्रति सम्मान और राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए एकजुटता प्रकट करने के उद्देश्य से हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर बगीचा विकासखंड के शहीद जवान  एल. के. तिर्की की पत्नी  रोजालिया तिर्की, शहीद जवान एमानुएल केरकेट्टा की पत्नी  निर्मला केरकेट्टा, शहीद जवान अलेक्जेंडर लकडा की पत्नी अल्मा लकड़ा, शहीद जवान प्रभु प्रकाश की पत्नी  ईमालिया एक्का, शहीद जवान  सुनीत लकड़ा के परिजनऐलिन लकड़ा, शहीद जवानएच. सी. इलिसियुस लकड़ा के परिजन कान्ति लकड़ा और जशपुर विकास खंड के भूतपूर्व सैनिक नायक राजू राम, कांसाबेल विकास खंड के भूतपूर्व सैनिक स्वर्गीय रजनीश बड़ा के परिजन मनोभा केरकेट्टा, कुनकुरी विकास खंड के भूतपूर्व सैनिक स्वर्गीय फबीयानोस लकड़ा की पत्नी सुशन लकड़ा और शहीद जवान  सिमोन केरकेट्टा की बहु  माटिल्डा केरकेट्टा को सम्मानित किया। विधायक जशपुर रायमुनी भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविन्द भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, पद्मश्री जगेश्वर यादव, विक्रमादित्य सिंह जूदेव, भरत साय, सुनील गुप्ता, कृष्णा राय, सरगुजा कमिश्नर नरेन्द्र कुमार दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी शशि मोहन सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, जनप्रतिनिधिगण, आम नागरिक तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। recent visitors 35

ब्रुकलिन ब्रिज से टकराया मैक्सिकन नौसेना का जहाज, 19 लोग घायल, 4 की हालत गंभीर

न्यूयॉर्क अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में शनिवार शाम को एक बड़ा हादसा हुआ जब मैक्सिकन नौसेना का जहाज ‘Cuauhtémoc’ ब्रुकलिन ब्रिज से टकरा गया। इस हादसे में जहाज पर सवार कम से कम 19 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की पुष्टि न्यूयॉर्क सिटी के मेयर एरिक एडम्स ने एक प्रेस ब्रीफिंग में की है। यह दुर्घटना स्थानीय समयानुसार रात 8:26 बजे हुई, जब जहाज ब्रुकलिन ब्रिज के नीचे से गुजरने का प्रयास कर रहा था। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में हादसे के ठीक पहले के क्षण कैद हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि जहाज ब्रिज के काफी नजदीक पहुंच जाता है और उसके 147 फीट ऊंचे दो मस्तूल पुल से टकरा जाते हैं। जहाज रोशनी से सजा हुआ था और उसपर अधिकतर कैडेट सवार थे। टक्कर के समय जहाज के ऊपरी हिस्से पर कई सफेद ड्रेस में नाविक मौजूद थे, जो टक्कर लगते ही नीचे गिरने लगे। कुछ ने मस्तूल को पकड़कर गिरने से बचने की कोशिश की। घटनास्थल पर मौजूद लोग भी डर के मारे इधर-उधर भागते नजर आए। न्यूयॉर्क फायर डिपार्टमेंट (FDNY) के मुताबिक, दुर्घटना के तुरंत बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। अभी तक सभी घायलों की पहचान उजागर नहीं की गई है, लेकिन सभी चोटें जहाज पर सवार लोगों को ही आई हैं। हादसे की वास्तविक वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। आपको बता दें कि ‘Cuauhtémoc’ मैक्सिकन नौसेना का एक प्रतिष्ठित प्रशिक्षण पोत है, जो अक्सर अंतरराष्ट्रीय बंदरगाहों का दौरा करता है और नौसैनिक कैडेटों को प्रशिक्षण देने के लिए उपयोग में लाया जाता है। इसमें कुल 277 लोग सवार थे, जिनमें नाविक, अधिकारी और कैडेट शामिल थे। recent visitors 42