Sunday, July 5, 2026 2:41 am

हरिफाटक ब्रिज से महाकाल मंदिर मार्ग के बीच प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की, मुस्लिम समाज के लोग धरने पर बैठे

उज्जैन  उज्जैन नगर निगम और उज्जैन विकास प्राधिकरण की टीम शुक्रवार की सुबह मुस्लिम बहुल इलाके में अतिक्रमण हटाने पहुंची। इन संपत्तियों पर या तो अवैध निर्माण कर लिया था या बिना लीज नवीनीकरण के बेच दी गई थी। हरिफाटक ब्रिज से महाकाल मंदिर मार्ग के बीच प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई रोकने के लिए कई मुस्लिम समाज के लोग सड़क पर धरना देकर बैठ गए। कार्रवाई के दौरान विकास प्राधिकरण अध्यक्ष संदीप सोनी, एसडीएम एलएन गर्ग, एएसपी नीतेश भार्गव मौके पर उपस्थित थे। अधिकारियों ने शहरकाजी और मुस्लिम समाज के लोगों को समझाया। इसके बाद लोगों ने कार्रवाई में सहयोग किया। बताया जाता है जिन संपत्तियों पर कार्रवाई की गई है, उनमें नियमों के विपरीत बनाई गई और लीज शर्तों का भी पालन नहीं किया गया है। कुल 28 संपत्तियों पर कार्रवाई की जा रही है। इधर…घोंसला-महिदपुर मार्ग व जगोटी पहुंच मार्ग पर पसरा अतिक्रमण खेड़ाखजूरिया। स्थानीय बाजार में गत कई दिनों से बार-बार जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। जाम लगने का प्रमुख कारण घोंसला महिदपुर मार्ग व जगोटी मार्ग पर होटल संचालकों, किराना व अन्य दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण करना है। दुकानों के बाहर सामान रखते हैं, जिसके कारण वहां से निकल नहीं पाते। दिन में कई बार जाम की स्थिति निर्मित होती है। इसके अलावा जाम लगने का दूसरा प्रमुख कारण दोपहिया व फोर व्हीलर वाहनों को सड़क किनारे खड़े करना भी है। इसके कारण भी यातायात बाधित होता है। वाहन चालकों को, ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों को अवगत करवाते हुए उक्त समस्या के निराकरण की मांग की है। recent visitors 28

टॉम हॉलैंड की ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ का बेसब्री से इंतजार, ऑनलाइन लीक हुई डिटेल

लॉस एंजिल्स मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स के फैंस को टॉम हॉलैंड की 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' का बेसब्री से इंतजार है। मार्वल स्‍टूडियो ने बीते महीने अप्रैल में सिनेमाकॉन इवेंट के दौरान 'स्पाइडर-मैन 4' के टाइटल का ऐलान किया था। यह फिल्‍म 2026 में सिनेमाघरों में दस्‍तक देने वाली है। हालांकि, अभी तक इसकी कास्‍ट और कहानी को लेकर कोई पुष्‍ट‍ि नहीं की गई है। लेकिन इस बीच फिल्‍म के विलेन को लेकर एक नई खबर आई है, जिससे फैंस एक्‍साइटेड हो गए हैं। सोशल मीडिया पर तैर रही इस खबर के मुताबिक, 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' में एक नहीं, बल्‍क‍ि तीन-तीन विलेन होंगे। रिपोर्ट में कहा गया है कि फ‍िल्‍म में स्कॉर्पियन, बूमरैंग और टॉम्बस्टोन तीनों ही विलेन बनकर स्‍पाइर-मैन से टक्‍कर लेंगे। सोशल मीडिया यूजर क्रिस हिगाशी ने दावा किया है कि वह हाल ही डिज्नी ब्लॉकबस्टर कंज्यूमर प्रोडक्ट्स प्रेजेंटेशन में मौजूद थे। लास वेगास में इस इवेंट के प्रेजेंटेशन में इसकी झलक मिली है। स्कॉर्पियन, बूमरैंग और टॉम्बस्टोन का आया नाम क्रिस ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर 'टॉय स्टोरी 5' से स्पाइडी, मोआना और बज लाइटियर की एक तस्वीर पोस्ट की। साथ ही कैप्शन में लिखा- 'स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे, स्कॉर्पियन, बूमरैंग और टॉम्बस्टोन। बस इतना ही। 2026 शानदार लग रहा है!' वायरल होने के बाद पोस्‍ट डिलीट हालांकि, इस पोस्ट के वायरल होने के बाद पता चला कि क्रिस ने अब इसे हटा दिया है। ऐसे में मार्वल के फैंस यही मान रहे हैं कि कहीं ना कहीं इस खुलासे में सच्‍चाई जरूर है। स्टीवन येउन और सारा स्नूक की कास्‍ट‍िंग को लेकर चर्चा इस बीच, अफवाह यह भी है कि मार्वल स्‍टूडियो ने फिल्‍म में मेन विलेन के तौर पर 'मिस्टर नेगेटिव' को कास्ट किया है। स्टीवन येउन कथित तौर पर इस रोल को निभाएंगे। जबकि सारा स्नूक एक दूसरी विलेन बनेंगी। हालांकि, मार्वल स्टूडियो ने अभी तक इस ओर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सैडी सिंक निभाएंगी पीटर पार्कर की बेटी का रोल! बीते दिनों 'स्ट्रेंजर थिंग्स' फेम सैडी सिंक भी 'स्पाइडर-मैन 4' के इवेंट में शामिल हुई थीं। वह फिल्‍म में क्‍या रोल निभाने वाली हैं, इसकी जानकारी भी अभी नहीं दी गई है। लेकिन अटकलें लगाई जा रही हैं कि वह पीटर पार्कर और मैरी जेन वॉटसन की बेटी मेडे पार्कर की भूमिका निभाएंगी। वैसे, चर्चा तो यह भी है कि जेंडया और जैकब बैटलन 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' में अपनी भूमिकाओं को फिर से निभाने वाले हैं। recent visitors 62

अमरवाड़ा से नरसिंहपुर लौटते समय बारात की बस हुई हादसे का शिकार, दो लोगों की मौत और 29 घायल

छिंदवाड़ा  मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के हर्रई के बसुरिया में बारातियों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में पिता और बेटे की मौत हो गई, वहीं 29 बाराती घायल हो गए हैं। घायलों को पुलिस और ग्रामीणों की मदद से हर्रई अस्पताल भिजवाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक बारात अमरवाड़ा से नरसिंहपुर लौटते समय हादसे का शिकार हुई है। छिंदवाड़ा पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय ने बताया कि बसुरिया में बारातियों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त होने से 2 लोगों की मौत हो गई है। हादसे में पिता और बेटे की मौत हादसा शुक्रवार सुबह 7.30 बजे हुआ है। बस क्रमांक एमपी 49 पी 0264 बसुरिया गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। बारातियों से भरी बस नरसिंहपुर के तिनसरा गांव लौट रही थी। इसमें दो लोगों की मौत हो गई। मरने वालों के नाम गिरन सिंह ठाकुर (60) और उनका बेटा राहुल ठाकुर (27) हैं। दोनों तिनसरा गांव थाना करेली जिला नरसिंहपुर के निवासी थे। घटना में 29 लोग भी घायल हुए हैं। इसमें 3 महिला और 3 बच्चे भी शामिल हैं। सभी को शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पार्ढुना में बुधवार, गुरुवार दरमियानी रात फोरलेन हाईवे पर बढ़चिचोली से सीराठा जा रहे दो बाइक सवार अचानक फोरलेन पर जंगली सूकर के झुंड से टकराने से गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें बड़चिचोली निवासी वामन धारपुरे, लेंडोरी निवासी महेंद्र घटना में घायल हो गए। घायलों ने बताया कि वे बाइक पर बड़चिचोली से सिराठा जा रहे थे, तभी अचानक सुकरों के झुंड फोरलेन पर आ गया। जिनसे टकराकर यह घटना हुई। घायल महेंद्र ने बताया कि टक्कर के बाद दोनों को करीब 15 फीट तक घसीटते चले गए। आधे घंटे तक सड़क किनारे पड़े रहे और गुजरने वाले वाहनों को रोकने की कोशिश की, लेकिन किसी ने उनकी मदद नहीं की। अंत में उन्होंने स्वजनों को सूचना दी। 108 एंबुलेंस की मदद से पांढुर्णा सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां पर घायलों का इलाज जारी है। वामन के सिर पर और हाथ पर गंभीर रूप से चोट आई है। डॉक्टरों ने उन्हें नागपुर रेफर कर दिया। महेंद्र का इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है, उनके पैर की हड्डी टूट गई है। थाना प्रभारी अजय मरकाम के द्वारा बताया गया कि मामले की जांच कर रहे हैं। recent visitors 36

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए अच्छी खबर, प्लेऑफ के लिए वापस आ रहे जोश हेजलवुड

नई दिल्ली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए अच्छी खबर है। प्लेऑफ मुकाबलों को लिए उसके स्टार गेंदबाज जोश हेजलवुड भारत वापस आ रहे हैं। इएसपीएन क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक, यह ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज आईपीएल प्लेऑफ मुकाबलों को लिए आने को बेताब है। आरसीबी प्लेऑफ में पहले ही पहुंच चुकी है। उसके 12 मैच में 17 अंक है और वह पॉइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर है। शुक्रवार को वह लखनऊ के इकाना स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद से खेलेगी। भारत-पाकिस्तान तनाव के मद्देनजर आईपीएल के कुछ दिन के लिए स्थगित होने से पहले के आरसीबी के आखिरी मैच में हेजलवुड नहीं खेल पाए थे। इसकी वजह उनके कंधे में हुई परेशानी थी। आईपीएल के स्थगित होने के बाद वह ऑस्ट्रेलिया लौट गए और वहां ब्रिसबेन में ऑस्ट्रेलियाई टीम की ट्रेनिंग में हिस्सा ले रहे हैं। कंगारू टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल की तैयारी में लगी है। जोश हेजलवुड ने आईपीएल 2025 में 10 मैच खेले हैं और 17.27 की औसत से 18 विकेट झटके हैं। उनका आना आरसीबी के लिए बहुत बड़ी राहत की खबर होगी। टीम में उनके रहने से उसकी गेंदबाजी में धार और पैनापन आएगा। आरसीबी को अभी लीग चरण में 2 मैच और खेलने हैं। एक मैच तो शुक्रवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ ही है। दूसरा मैच 27 मई को लखनऊ सुपर जॉइंट्स के खिलाफ खेलना है।   recent visitors 40

भोपाल में हाई स्पीड कार पेड़ से टकराई, 3 लोगों की मौत, एक घंटे बाद पहुंची एंबुलेंस

भोपाल मध्य प्रदेश के भोपाल-इंदौर हाइवे पर बैरागढ़ के आगे भैंसाखेड़ी इलाके में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार कार सड़क से उतरकर पेड़ से टकरा गई. हादसे में कार सवार 4 दोस्तों में से 3 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में पता चला कि ह्यूंडई वेन्यू कार तेज रफ्तार से आ रही थी और चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार सड़क किनारे पेड़ से टकराकर चकनाचूर हो गई. हादसे में विशाल दबी (25), पंकज सिसोदिया (25), और प्रीत आहूजा की मौके पर ही मौत हो गई. घायल राहुल कंडारे (27) को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसे की जानकारी के अनुसार, कार कमलेश आहूजा की थी, जिसे उनका दोस्त प्रीत आहूजा चला रहा था. विशाल दबी ड्राइवर के बगल वाली सीट पर था, जबकि राहुल कंडारे और कमलेश आहूजा पीछे बैठे थे. चारों दोस्त गुरुवार देर शाम सीहोर के एक ढाबे पर खाना खाने गए थे. सीहोर से भोपाल लौटते समय यह हादसा हुआ. मृतकों में विशाल दबी कपड़े की दुकान पर काम करता था, पंकज सिसोदिया मैकेनिक था और प्रीत आहूजा की खुद की कपड़े की दुकान थी. घायल राहुल कंडारे भी कपड़े की दुकान पर काम करता है. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हादसे की सूचना देने के बावजूद पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर देरी से पहुंची. पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और तेज रफ्तार को प्राथमिक वजह माना जा रहा है.       recent visitors 56

हर विकासखण्ड में एक लाख पौधे रोपित करने की तैयारी करें – कमिश्नर

हर विकासखण्ड में एक लाख पौधे रोपित करने की तैयारी करें – कमिश्नर   राजस्व अधिकारी रोस्टर के अनुसार निरीक्षण अनिवार्य रूप से करें – कमिश्नर   कमिश्नर ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को दिए निर्देश सीधी     कमिश्नर बीएस जामोद ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान में जल संरक्षण के सभी कार्यों की प्रशासकीय और तकनीकी स्वीकृति जारी कराकर कार्य प्रारंभ कराएं। हर ग्राम पंचायत में जल संरक्षण जागरूकता के लिए जल यात्रा निकालें। जिले के एक सबसे अधिक जल समस्याग्रस्त गांव का चयन कर उसमें जल संरक्षण के कार्य कराएं। जन भागीदारी से गांव को जल स्वाबलंबी बनाने के प्रयास करें। वर्षाकाल में पौधरोपण के लिए तैयारियाँ अभी से शुरू कर दें। प्रत्येक विकासखण्ड में एक लाख पौधे रोपित करने के लिए अभी से तैयारी करें। बारिश के बाद गड्ढे खोदने में कठिनाई होगी। कलेक्टर सहित सभी अधिकारी क्षेत्र का भ्रमण करने के दौरान जल संरक्षण के कार्यों में भागीदारी निभाएं।          कमिश्नर ने कहा कि कलेक्टर सहित सभी अधिकारी शासन द्वारा निर्धारित रोस्टर के अनुसार अधीनस्थ कार्यालयों और राजस्व न्यायालयों का निरीक्षण अनिवार्य रूप से करें। सप्ताह में कम से कम एक दिन क्षेत्र का भ्रमण और रात्रि विश्राम भी करें। सीएम मानिट और मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त पत्रों पर तत्परता से कार्यवाही करते हुए सात दिवस में इनका प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। सीएम हेल्पलाइन में 50 दिन से अधिक समय से लंबित आवेदनों तथा समाधान ऑनलाइन के एजेण्डा बिन्दुओं में लंबित प्रकरणों का भी तत्परता से निराकरण करें। समर्थन मूल्य पर गेंहू उपार्जन का कार्य लगभग पूरा हो गया है। उपार्जित गेंहू का 25 मई तक शत-प्रतिशत भण्डारण कराकर किसानों को 31 मई तक शत-प्रतिशत राशि का भुगतान कराएं। इसमें लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्यवाही भी करें। खाद्य सुरक्षा योजना के हितग्राहियों की ई केवाईसी लगभग 81 प्रतिशत हुई है। अभियान चलाकर अपात्र तथा विषमता परिवारों के हितग्राहियों के नाम पोर्टल से पृथक कराएं। साथ ही शेष हितग्राहियों की 28 मई तक शत-प्रतिशत ई केवाईसी कराएं। समग्र पोर्टल में ई केवाईसी की प्रगति संतोषजनक नहीं है। इसके लिए ग्राम पंचायतवार शिविर लगाकर विशेष अभियान में 15 जून तक शत-प्रतिशत ई केवाईसी कराएं।          कमिश्नर ने राजस्व कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि सिंगरौली जिले में नामांतरण तथा बंटवारे के प्रकरणों के निराकरण में बहुत अच्छा कार्य हुआ है। इसमें जिला प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। राजस्व न्यायालय में दो साल से अधिक समय से लंबित सभी प्रकरणों तथा सीमाकंन के सभी प्रकरणों के निराकरण के लिए विशेष प्रयास करें। राजस्व प्रकरण तय समय सीमा में निराकृत न होने पर जुर्माने की कार्यवाही करें। राजस्व प्रकरणों के आपसी सुलह से निराकरण के लिए शीघ्र ही संवाद से समाधान अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान के तहत तहसीलदार लंबित प्रकरण लेकर मौके में जाएंगे। दोनों पक्षों से बातचीत करके गुण-दोष तथा वैधानिक प्रावधानों का पालन करते हुए प्रकरण का निराकरण करेंगे। यदि एक सुनवाई में प्रकरण निराकृत नहीं होता है तो अधिकतम तीन सुनवाई में इसका निराकरण किया जाएगा। जटिल प्रकरणों में एसडीएम और आवश्यकता होने पर कलेक्टर भी मौके पर जाकर सुनवाई करके प्रकरण निराकृत करेंगे। इस अभियान के संबंध में सभी राजस्व अधिकारी सात दिवस में सुझाव दे सकते हैं।    एनआईसी सीधी से कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी, उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास नीलेश शर्मा, मझौली आरपी त्रिपाठी, चुरहट शैलेश द्विवेदी, सिहावल प्रिया पाठक, संयुक्त कलेक्टर एसपी मिश्रा, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत धनंजय मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। recent visitors 29

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने किया नर्मदापुरम एवं शाजापुर अमृत भारत स्टेशनों सहित 100 से अधिक स्टेशनों का लोकार्पण

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने किया नर्मदापुरम एवं शाजापुर अमृत भारत स्टेशनों सहित 100 से अधिक स्टेशनों  का लोकार्पण भोपाल मंडल को मिले दो पुनर्विकसित अत्याधुनिक स्टेशन – सुविधाओं, संस्कृति और सौंदर्य का अनूठा संगम भोपाल भोपाल मंडल के अंतर्गत आने वाले नर्मदापुरम एवं शाजापुर रेलवे स्टेशनों को ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत नए स्वरूप में पुनर्विकसित किया गया है। आज दिनांक 22 मई 2025 को देशभर के 100 से अधिक स्टेशनों के साथ इन दोनों स्टेशनों का लोकार्पण माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश ने रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण की जो गति पकड़ी है, वह अभूतपूर्व है। आज भारत के 100 से अधिक अमृत भारत स्टेशन बनकर तैयार हो चुके हैं, जिनमें मध्य प्रदेश राज्य के छह स्टेशन – कटनी साउथ, श्रीधाम, नर्मदापुरम, शाजापुर, सिवनी और ओरछा शामिल हैं।  उन्होंने कहा कि ये स्टेशन केवल यात्री सुविधाओं का केंद्र नहीं, बल्कि भारत की हजारों वर्षों पुरानी सांस्कृतिक धरोहर के प्रतीक बनते जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि इन प्रयासों से न केवल पर्यटन को बल मिलेगा, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। अपने ओजस्वी भाषण में प्रधानमंत्री ने 'ऑपरेशन सिंदूर' का उल्लेख करते हुए कहा कि “दुनिया ने देखा है जब पवित्र सिंदूर बारूद में बदलता है, तो परिणाम क्या होते हैं।” उन्होंने कहा कि भारत की तीनों सेनाओं को पूरी स्वतंत्रता दी गई है और अब भारत आतंकवाद के हर हमले का जवाब अपने तरीके और समय से देगा। प्रधानमंत्री ने चेतावनी दी कि पाकिस्तान को भारतीयों के जीवन की कीमत चुकानी पड़ेगी, और यह कीमत उसकी सेना और अर्थव्यवस्था दोनों को भुगतनी होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नया भारत आतंकवाद के खिलाफ कोई समझौता नहीं करेगा, और हर हमले का निर्णायक जवाब देगा। इस अवसर पर नर्मदापुरम रेलवे स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कई गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही। माननीय राज्यपाल मध्य प्रदेश श्री मंगूभाई पटेल (वीसी के माध्यम से), माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, माननीय प्रभारी मंत्री नर्मदापुरम श्री राकेश सिंह ,माननीय सांसद (लोकसभा) श्री दर्शन सिंह चौधरी, माननीय सांसद (राज्यसभा) श्रीमती माया नरोलिया, माननीय विधायक नर्मदापुरम डॉ. सीतासरन शर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री सुरेश पचोरी,माननीय विधायक  पिपरिया  श्री ठाकुरदास नागवंशी , माननीय विधायक  सोहागपुर श्री विजय पाल सिंह  , नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू महेंद्र यादव , जनपद अध्यक्ष श्री भूपेंद्र चौकसी एवं अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि  उपस्थित रहे। रेलवे की ओर से महाप्रबंधक पश्चिम मध्य रेलवे श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय, मंडल रेल प्रबंधक भोपाल श्री देवाशीष त्रिपाठी, मुख्य जन संपर्क अधिकारी श्री हर्षित श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे। नर्मदापुरम रेलवे स्टेशन – आध्यात्मिक संस्कृति और आधुनिक संरचना का मेल ₹26 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पुनर्विकसित नर्मदापुरम स्टेशन को माँ नर्मदा की थीम पर आधारित स्वरूप दिया गया है। स्टेशन पर भव्य प्रवेश द्वार, सुसज्जित प्रतीक्षालय, आधुनिक टिकट काउंटर, दिव्यांगजन अनुकूल रैम्प व शौचालय, 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज तथा दोनों ओर कवर शेड्स युक्त हाई लेवल प्लेटफॉर्म यात्रियों की सुविधा को नई ऊँचाई प्रदान कर रहे हैं। साथ ही, लगभग 3100 वर्गमीटर क्षेत्र में सर्कुलेटिंग एरिया का सौंदर्यीकरण और 1000 वर्गमीटर से अधिक क्षेत्र में एलईडी प्रकाश व्यवस्था की गई है। नर्मदापुरम स्टेशन अब केवल एक यात्री ठहराव नहीं, बल्कि माँ नर्मदा की पावन धरा पर बना एक आधुनिक और सांस्कृतिक अनुभव केंद्र बन चुका है। शाजापुर रेलवे स्टेशन – परंपरा और आधुनिकता का समन्वय शाजापुर स्टेशन पर आयोजित लोकार्पण समारोह में भी अनेक जनप्रतिनिधियों एवं रेलवे अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। माननीय सांसद (लोकसभा) श्री महेंद्र सिंह सोलंकी, माननीय विधायक शाजापुर श्री अरुण भीमावाद, नगर पालिका अध्यक्ष श्री प्रेम जैन, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री संतोष जोशी, जनपद अध्यक्ष श्री शरद शिवहरे , जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हेमराज सिसोदिया एवं अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि  उपस्थित रहे। रेलवे की ओर से अपर मंडल रेल प्रबंधक भोपाल श्रीमती रश्मि दिवाकर, मंडल अभियंता (पश्चिम) श्री भरत भूषण दीक्षित, मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री पंकज कुमार दुबे सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं पर्यवेक्षक भी मौजूद रहे। लगभग ₹13 करोड़ की लागत से पुनर्विकसित इस स्टेशन में प्लेटफॉर्म का उच्चीकरण, नया फुट ओवर ब्रिज, विस्तारित छायादार क्षेत्र, आकर्षक प्रवेश द्वार, सुसज्जित प्रतीक्षालय, सुव्यवस्थित टिकट काउंटर, दिव्यांगजन अनुकूल शौचालय, VIP प्रतीक्षालय, द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय और पर्याप्त पार्किंग की सुविधा विकसित की गई है। स्टेशन पर 140 वर्गमीटर में विकसित ‘आर्ट एंड कल्चर ज़ोन’ स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत करता है, जो यात्रियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बन गया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किए गए इन पुनर्विकास कार्यों से न केवल यात्रियों के लिए सुविधाएं सुलभ होंगी, बल्कि क्षेत्रीय पर्यटन, सामाजिक गतिविधियों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। यह पहल भारतीय रेलवे के उस विजन को साकार करती है, जिसमें अमृत काल के दौरान भारत को आधुनिक, समृद्ध और वैश्विक स्तर पर अग्रणी बनाने की सोच निहित है। recent visitors 30