उपराष्ट्रपति धनखड़ नरसिंहपुर में 26 मई को कृषि उद्योग समागम के आयोजन करेंगे शुभारंभ

भोपाल प्रदेश में वर्ष 2025 को उद्योग एवं रोजगार वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इन्वेस्ट मध्यप्रदेश के अंतर्गत अनंत संभावनाओं के दृष्टिगत नरसिंहपुर में 26 मई को कृषि उद्योग समागम का आयोजन होगा। उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ समागम का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित मंत्रीगण, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, उद्योगपति, किसान, आमजन आदि मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य "कृषि उद्योग समागम 2025" का आयोजन मध्यप्रदेश में कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने, खाद्य प्रसंस्करण में निवेश आकर्षित करने, और किसानों को बेहतर बाजार से जोड़ने के लिए किया जा रहा है। यह समागम उद्योगपतियों कृषक उत्पादक संगठनों एवं नीति निर्माताओं के बीच संवाद, नीति प्रस्तुति एवं सहयोग के अवसर प्रदान करेगा। कार्यक्रम में उद्योग इकाइयों का शिलान्यास एवं लोकार्पण तथा उद्योगपतियों को भूमि आवंटन पत्र एवं आशय पत्रों का वितरण भी होगा। राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, खेती को लाभकारी बनाने की दिशा में हरसंभव प्रयास कर रही है। मध्यप्रदेश का किसान सम्पन्न होगा तो प्रदेश और देश भी समृद्ध होगा। राज्य सरकार युवा, महिला और किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। कृषि उद्योग समागम में आधुनिक कृषि तकनीकों व उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। समागम में कृषि के साथ खाद्य प्र-संस्करण, उद्यानिकी और पशुपालन से संबंधित जानकारी मिलेगी।   recent visitors 49

लखनऊ ने गुजरात टाइटंस को उसके ही घर में हराया, टॉप 2 की राह हुई मुश्किल

अहमदाबाद इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के मैच नंबर-64 में गुजरात टाइटन्स (GT) का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) से हुआ. 22 मई (गुरुवार) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित इस मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 33 रनों से जीत हासिल की. मुकाबले में गुजरात टाइटन्स को जीत के लिए 236 रनों का टारगेट मिला था, लेकिन वो 9 विकेट पर 202 रन बना सकी. लखनऊ की ओर से मिचेल मार्श ने शतकीय पारी (117 रन) खेली, जबकि तेज गेंदबाज विलियम ओरोर्के ने 3 विकेट लिए. मौजूदा सीजन में गुजरात टाइटन्स की ये 13 मैचों में चौथी हार रही. हालांकि गुजरात टाइटन्स पहले ही प्लेऑफ में पहुंच चुकी है और वो अंकतालिका में पहले नंबर पर कायम है. दूसरी ओर लखनऊ सुपर जायंट्स की 13 मैचों में ये छठी जीत रही. अंकतालिका में छठे स्थान पर काबिज लखनऊ सुपर जायंट्स का प्लेऑफ से पत्ता कट चुका है. टारगेट का पीछा करते हुए गुजरात टाइटन्स की शुरुआत अच्छी रही. 'इम्पैक्ट सब' साई सुदर्शन और शुभमन गिल ने मिलकर 27 गेंदों पर 46 रनों की पार्टनरशिप की. तेज गेंदबाज विलियम ओरोर्के ने सुदर्शन (21 रन, 16 गेंद, 4 चौके) को आउट करके इस पार्टनरशिप को ब्रेक किया. सुदर्शन के आउट होने के बाद जोस बटलर संग शुभमन गिल की 39 रनों की साझेदारी हुई. शुभमन ने सात चौके की मदद से 20 बॉल पर 37 रन बनाए और उनका विकेट आवेश खान ने लिया. शुभमन के बाद जोस बटलर भी चलते बने, जिन्हें 'इम्पैक्ट सब' आकाश सिंह ने एक बेहतरीन इनस्विंगर पर बोल्ड किया. जोस बटलर ने 18 बॉल पर 33 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल रहे. बटलर के आउट होने के बाद शेरफेन रदरफोर्ड और शाहरुख खान के बीच चौथे विकेट के लिए 86 रनों की पार्टनरशिप हुई, जिसने गुजरात टाइटन्स की मैच में वापसी कराई. इस पार्टनरशिप को विलियम ओरोर्के ने तोड़ा, जिन्होंने 17वें ओवर की पहली गेंद पर रदरफोर्ड को आउट किया. रदरफोर्ड ने 3 छक्के और एक चौके की मदद से 22 गेंदों पर 38 रन बनाए. रदरफोर्ड के आउट होने के बाद विकेटों की झड़ी लग गई. 17वें ही ओवर में विलियम ओरोर्के ने राहुल तेवतिया (2 रन) को भी पवेलियन रवाना कर दिया. फिर 18वें ओवर में अरशद खान (1) को शाहबाज अहमद ने चलता किया. इसी बीच शाहरुख खान क्रीज पर डटे रहे और उन्होंने 22 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की. शाहरुख खान को 19वें ओवर में आवेश खान ने आउट किया. शाहरुख ने 29 गेंदों पर 57 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और तीन छक्के शामिल रहे. पारी के आखिरी ओवर में आयुष बदोनी ने कगिसो रबाडा (2 रन) और आर. साई किशोर (1 रन) को आउट करके लखनऊ को शानदार जीत दिलाने में मदद की. recent visitors 64

आज आरसीबी हैदराबाद के खिलाफ भिड़ेगी, RCB जीत के साथ लीग चरण में शीर्ष दो में बनाना चाहेगी जगह

नई दिल्ली आईपीएल 2025 के प्लेऑफ में जगह बना चुकी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आज सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबला जीतकर नौ साल में पहली बार लीग चरण में शीर्ष दो में जगह बनाना चाहेगी। आरसीबी 2016 सत्र में उप विजेता रही थी लेकिन इसके बाद से शीर्ष दो में नहीं पहुंची है। अभी टीम 12 मैच में 17 अंक के साथ तालिका में दूसरे स्थान पर है और अपने बचे हुए दो मैचों में जीत शीर्ष दो स्थान को सुरक्षित कर सकती है। शुक्रवार का मैच मूल रूप से बेंगलुरु की टीम का घरेलू मैच था लेकिन मानसून की शुरुआत के कारण इसे स्थानांतरित कर दिया गया।   भारत-पाकिस्तान सैन्य संघर्ष के कारण लीग के हुए व्यवधान से पहले आरसीबी शानदार फॉर्म में थी और टीम ने लगातार चार जीत हासिल की थी। लेकिन लीग के फिर शुरू होने के बाद पहले मैच के बारिश से धुलने के कारण उसकी लय में बाधा आ गई। 20 दिन के ब्रेक के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि टीम अपनी लय और प्रतिस्पर्धी बढ़त बरकरार रख पाती है या नहीं। आईपीएल खिताब जीतने की दौड़ में शामिल आरसीबी ने हाल के दिनों में अपना बेहतरीन प्रदर्शन किया है। हमेशा की तरह टीम के भरोसेमंद खिलाड़ी विराट कोहली शानदार फॉर्म में हैं, उन्होंने 11 पारियों में सात अर्धशतक बनाए हैं। कप्तान रजत पाटीदार, टिम डेविड और रोमारियो शेफर्ड ने समय-समय पर पावरहिटिंग करके उनका अच्छा साथ दिया है। हालांकि ब्रेक से ठीक पहले पाटीदार की फॉर्म में गिरावट आई। वह अपने पहले पांच मैचों में 37.2 की औसत के बाद अगले पांच मैचों में 10.6 के औसत से सिर्फ 53 रन ही बना पाए। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान लगी उंगली की चोट से उबरने के बाद अब वह फिर नेट्स पर खुलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं जो आरसीबी के लिए अच्छा संकेत है। क्रुणाल पंड्या और सुयश शर्मा की स्पिन जोड़ी बहुत प्रभावी रही है जबकि जोश हेजलवुड और यश दयाल ने तेज गेंदबाजी विभाग में मुश्किल ओवरों को आसानी से पूरा किया है। हेजलवुड हालांकि अपने कंधे की चोट से उबरने की वजह से मैच के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। आरसीबी के अधिकांश विदेशी खिलाड़ी इस मैच और उसके बाद के लिए उपलब्ध हैं। पिछले साल फाइनल तक पहुंची सनराइजर्स हैदराबाद की टीम लखनऊ सुपर जायंट्स पर छह विकेट की जीत के बाद इस मुकाबले में उतरेगी। टीम इसी लय को जारी रखने और इस सत्र को जीत से समाप्त करने की कोशिश करेगी। एसआरएच के अभियान में विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड ने बीच बीच में अच्छी पारियां खेली लेकिन लगातार अच्छा नहीं कर सके जिसके कारण टीम तालिका में आठवें स्थान पर पहुंच गई है। कप्तान पैट कमिंस और भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी जैसे खिलाड़ियों की मौजूदगी के बावजूद उनकी गेंदबाजी इकाई संघर्ष करती दिखी है। टीम इस प्रकार हैं : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: फिल साल्ट, विराट कोहली, रजत पाटीदार (कप्तान), मयंक अग्रवाल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, रोमारियो शेफर्ड, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, जोश हेजलवुड, यश दयाल, रसिख दार सलाम, मनोज भंडागे, जैकब बेथेल, स्वप्निल सिंह, लियाम लिविंगस्टोन, नुवान तुषारा, लुंगी एनगिडी, मोहित राठी, स्वास्तिक चिकारा, अभिनंदन सिंह। सनराइजर्स हैदराबाद: पैट कमिंस (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), अथर्व तायडे, अभिनव मनोहर, अनिकेत वर्मा, सचिन बेबी, स्मरण रविचंद्रन, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), ट्रेविस हेड, हर्षल पटेल, कामिंडु मेंडिस, वियान मुल्डर, अभिषेक शर्मा, नीतिश कुमार रेड्डी, मोहम्मद शमी, राहुल चाहर, सिमरजीत सिंह, जीशान अंसारी, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा।   recent visitors 52

ये दो सरकारी ऐप्स कर लें इंस्टॉल, हर समस्या का होगा समाधान

नई दिल्ली जैसे-जैसे लोगों की पहुंच इंटरनेट तक बढ़ी है वैसे-वैसे सभी टेलिकॉम कंपनियों के नेटवर्क पर लोड बढ़ा है। इसके चलते अक्सर लोग खराब नेटवर्क और स्लो इंटरनेट स्पीड का सामना करते हैं। अगर आप भी कभी कॉल ड्रॉप या बहुत ही धीमे इंटरनेट की वजह से परेशान हुए हैं, तो TRAI के दो ऐप्स आपके बहुत काम आ सकते हैं। दरअसल टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानी कि TRAI मोबाइल फोन यूजर्स के लिए क्वालिटी ऑफ सर्विस सुनिश्चित करने का काम करता है। TRAI और डिपार्टमेंट ऑफ टेलीकम्युनिकेशन समय-समय पर अपनी सर्विसेज को बेहतर करने के निर्देश टेलिकॉम कंपनियों को देते रहते हैं। हालांकि फिर भी अगर आप कभी खराब नेटवर्क की वजह से कॉल ड्रॉप या स्लो इंटरनेट का सामना करें, तो TRAI के TRAI MySpeed और TRAI MyCall को फोन में इंस्टॉल करके रख लें। TRAI MySpeed इंटरनेट से जुड़ी समस्याओं के लिए TRAI ने यह ऐप लॉन्च ही इसलिए किया था ताकि लोगों को अच्छी इंटरनेट स्पीड मिल सकें। अगर किसी को अच्छी इंटरनेट स्पीड नहीं मिल रही है, तो वह यूजर इस ऐप की मदद से अपनी शिकायत दर्ज करवा सकता है। इसके बाद TRAI और आपका सर्विस प्रोवाइडर उस समस्या को दूर करने की दिशा में काम करते हैं। इस ऐप को इस्तेमाल करना भी बेहद आसान है। आपको सिर्फ इस ऐप को Google Play Store से डाउनलोड करना है और ऐप में Begin Test पर टैप करना है। इसके बाद आपको आपके ऑपरेटर का नाम और मौजूदा इंटरनेट स्पीड दिखाई जाएगी। यहां आपको शिकायत दर्ज करने का ऑप्शन भी मिलेगा। Times of India की एक रिपोर्ट के अनुसार, MySpeed ने 10 लाख से ज्यादा यूजर्स को स्पीड से संबंधित समस्याओं को रिपोर्ट करने में मदद की है. TRAI MyCall ऐप, कॉल ड्रॉप या खराब नेटवर्क के लिए इस ऐप का इस्तेमाल यूजर्स खराब नेटवर्क की वजह से होने वाली परेशानियों की शिकायत करने के लिए कर सकते हैं। इस ऐप को भी Google Play Store से मुफ्त में डाउनलोड किया जा सकता है। इसमें आपको कॉल ड्रॉप, कमजोर सिग्नल, या इनडोर/आउटडोर कवरेज की समस्या को रिपोर्ट करने का ऑप्शन मिलेगा। आपको अपनी शिकायत में नेटवर्क ऑपरेटर, लोकेशन, और समस्या डिटेल्स देनी होंगी। TRA0 के इस ऐप की मदद से टेलिकॉम ऑपरेटर्स सिग्नल और कॉल क्वालिटी की समस्याओं को जल्दी पहचानने में मदद मलती है। ध्यान देने वाली बात इन ऐप्स पर किसी भी तरह की शिकायत के बाद आपको कुछ दिन इंतजार करना होगा। हालांकि इन ऐप्स पर की गई शिकायतों के बाद समस्याओं को ठीक किए जाने की संभावना काफी ज्यादा है। सरकारी विभाग की ऐप्स होने के चलते इनकी परफॉर्मेंस काफी अच्छी है और टेलिकॉम कंपनियां इन ऐप्स के जरिए मिली शिकायतों को काफी गंभीरता से लेती हैं। recent visitors 69

प्रदेश में जल संरचनाओं की सफाई में बढ़ती भागीदारी, जल है जीवन की धारा, कल का यही सहारा

भोपाल प्रदेश में जन सामान्य को पानी के महत्व को समझाने के लिये अनेक स्लोगन तैयार किये गये हैं। इन स्लोगन के पोस्टर और दीवार लेखन से समाज के सभी वर्गों में जन जागरूकता फैलाने के व्यापक स्तर पर प्रयास किये जा रहे हैं। इसी का प्रभाव है कि प्रदेश में जल संरचनाओं की साफ-सफाई में जनता की भागीदारी दिनोदिन बढ़ती जा रही है। ग्राम पंचायत धुलकोट में फार्म पौंड निर्माण बुरहानपुर जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान जल संरक्षण के सिद्धांत को अपनाने पर जोर देता है। इस अभियान में बुरहानपुर अपनी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। अभियान में ग्राम पंचायत धुलकोट में फार्म पौंड निर्माण कार्य जारी है। इस कार्य में ग्रामीणजन स्वयं आगे आकर सहभागिता कर रहे है। पौंड निर्माण कार्य से वर्षा का जल संचित किया जा सकेगा और आस-पास के भूजल स्तर में भी वृद्धि होगी। जिले में जल संग्रहण संरचनाओं का जीर्णोद्धार, जल स्त्रोतों और जल वितरण प्रणालियों की साफ-सफाई इत्यादि कार्य प्राथमिकता के साथ किये जा रहे हैं। बाग बगीचों को चिन्हांकित कर किया जा रहा हरित विकास उमरिया जिले में जिला शहरी एवं विकास अभिकरण ने जन भागीदारी से नगरीय निकायों में शहरी क्षेत्रों और टाउनशिप के उजड़े बाग बगीचों को चिन्हांकित कर हरित विकास किया जा रहा है। नगर पालिका परिषद उमरिया में अमृत 2.0 के अंतर्गत लालपुर पानी टंकी के पास 45 लाख रूपये की लागत से बनने वाले पार्क के निर्माण का कार्य 30 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। वार्ड नंबर 14 में कन्या स्कूल के सामने 10 लाख रूपये की लागत से बनने वाले पार्क निर्माण का कार्य 25 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। इसी तरह वार्ड नंबर 12 सत्संग भवन के पास 50 लाख रूपये की लागत से बनने वाले पार्क का निर्माण का कार्य 30 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। इसी तरह नगर पालिका परिषद पाली में अमृत 2.0 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 13 में सांई मंदिर के सामने 33.20 लाख रूपये की लागत से बनने वाले पार्क निर्माण का कार्य 40 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। नगर परिषद चंदिया के अंतर्गत अमृत 2.0 के तहत भरोसा तालाब के पास 21 लाख रूपये की लागत से बनने वाले पार्क निर्माण का कार्य 25 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। नगर परिषद मानपुर अंतर्गत वार्ड क्रमांक एक पंचायत भवन सेमरा में पौधरोपण किया गया है। नगर परिषद नौरोजाबाद में अमृत 2.0 अंतर्गत वार्ड क्रमांक 7 में बागीचे का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। उमरिया की नदी ग्राम पंचायत गौरय्या में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान नागरिकों ने नदी तथा उसके आस पास पड़े कचरे को एकत्र किया और जन जागरूकता का संदेश दिया।  पानी आप बचाओ, पानी आपको बचाएगा शहडोल जिले में जल संरचनाओं के कार्य में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी ली जा रही है। अभियान में नागरिकों को बताया जा रहा है कि पानी आप बचाओ, पानी आपको बचाएगा। सरकार और समाज दोनों को मिलकर जल के महत्व को समझना होगा। इसी से हम सबका भविष्य सुरक्षित होगा। जल चौपाल में बताया गया कि जल जीवन का अभिन्न अंग है, और इसके बिना न तो कृषि संभव है, न ही उद्योग, और न ही हमारी दैनिक आवश्यकताएँ पूरी हो सकती हैं। जनपद पंचायत बुढ़ार के ग्राम सिंघली में जल की एक-एक बूंद सहेजने के लिए चौपड़ा का निर्माण किया गया। चौपड़ा के निर्माण हो जाने से स्थानीय लोगों को जल की समस्या से निजात मिली, वहीं वर्षा जल का संचयन भी होगा। भीषण गर्मी में भी चौपडा पानी से लबालब भरा हुआ है। जल है जीवन की धारा, कल का यही सहारा शहडोल जिले में "जल है जीवन की धारा, कल का यही सहारा", प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संकल्पों को साकार करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने “जल गंगा सवंर्धन अभियान” 30 मार्च से 30 जून तक चलाये जाने का निर्णय लिया है। जिले में जहां एक ओर नये तालाब बनाये जा रहे, वहीं दूसरी ओर पुराने तालाबों, बावड़ियों और कुँओं का जीर्णोद्धार का कार्य भी किया जा रहा है। जनपद पंचायत गोहपारू के ग्राम पंचायत बरमनिया, देवरी बुढार जनपद पंचायत के रूपौला सहित अन्य ग्राम पंचायतों में नवीन खेत तालाब के कार्य किये गए। नागौद के खजलइयां तालाब की हुई सफाई सतना जिले में कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस. के मार्गदर्शन में जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत नगर परिषद नागौद द्वारा वार्ड क्रमांक-3 स्थित खजलइयां तालाब में जल सहयोग से सामूहिक स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें नगर परिषद नागौद की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, शासकीय अमला और नागरिक शामिल हुए। जल गंगा संवर्धन अभियान की निगरानी के लिए 6 दल तैनात रीवा जिले में संभाग के सभी जिलों में 30 मार्च से 30 जून तक जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सभी जिलों में नदियों के उद्गम स्थल की साफ-सफाई, जल स्रोतों की सफाई, जल संरक्षण संरचनाओं में सुधार तथा नई जल संरचनाओं के निर्माण का कार्य किया जा रहा है। रीवा कमिश्नर बीएस जामोद ने जल संरक्षण कार्यों की निगरानी के लिए संभागीय अधिकारियों के 6 दल तैनात किए हैं। सभी दल निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिलों का भ्रमण करके जल संरक्षण कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। recent visitors 46

मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के 11 जिलों में ऑरेंज और 12 जिलों में येलो अलर्ट किया जारी

रायपुर मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के 11 जिलों में ऑरेंज और 12 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। अगले तीन घंटे में 40-60 किमी प्रति घंटे की तफ्तार से तेज हवा के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव , उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में 40-60 किमी प्रति घंटे की तफ्तार से तेज आंधी के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है. वहीं सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर और दुर्ग में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ बारिश की संभावना जताई गई है. बता दें कि बुधवार को दुर्ग का पारा 41.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा, जबकि अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और गरज-चमक हुई, लेकिन तापमान में कोई खास गिरावट नहीं आई. आज सुबह से बादल छाए रहने से प्रदेश के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. recent visitors 41

मोबाइल नंबर फ्रॉड तो नहीं, सरकार लाई नया टूल

नई दिल्ली देश में बढ़ रहे साइबर अपराधों ने सरकार को भी चिंता में डाला है। इससे निपटने के लिए सरकारी स्‍तरों पर काम तेज किए गए हैं। भारत सरकार के दूरसंचार विभाग यानी डीओटी ने एक टूल पेश किया है। इसका नाम है फाइनेंशल फ्रॉड रिस्‍क डिटेक्‍टर यानी एफआरआई। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह टूल डिजिटल इंटेलिजेंस प्‍लेटफॉर्म का हिस्‍सा है जिसका मकसद ऐसे मोबाइल नंबरों को आइडेंटिफाइ करना है जो साइबर धोखाधड़ी से जुड़े हो सकते हैं। कहा जा रहा है कि ऐसे नंबरों को बहुत जल्‍द फाइनेंशल इंस्‍टीट्यूशंस के साथ जैसे बैंक आदि से शेयर किया जाएगा। इसका फायदा यह होगा कि किसी ऑनलाइन पेमेंट से पहले यूजर को यह मालूम चल जाएगा कि जिस नंबर पर पर पेमेंट करने जा रहे हैं, कितना रिस्‍की है। तीन कैटिगरी में बांटे जाएंगे मोबाइल नंबर मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, एफआरआई के अंतर्गत आने वाले मोबाइल नंबरों को तीन कैटिगरी में बांटा जाएगा। मीडियम, हाई या वेरिहाई। वेरिहाई का मतलब ऐसे मोबाइल नंबरों से है, जिन पर पेमेंट करने पर धोखाधड़ी की संभावना बहुत अधिक है। सवाल हो सकता है कि नंबर आइडेंटिफाई कैसे किए जाएंगे। दरअसल, सरकार को उसके अलग-अलग पोर्टलों पर लोगों की कंप्‍लेंट मिल रही हैं, जिनमें ऐसे मोबाइल नंबरों की शिकायत है जिनके जरिए धोखाधड़ी की गई। ये नंबर चक्षु प्‍लेटफॉर्म, एनसीआरपी यानी साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल आदि पर रिपोर्ट किए गए हैं। इसके अलावा बैंकों के पास भी ऐसी शिकायतें आती हैं, जिनमें ग्राहक अपने साथ हुई धोखाधड़ी के बारे में बताते हैं और मोबाइल नंबरों का जिक्र करते हैं। PhonePe इस्‍तेमाल कर रहा नया टूल रिपोर्टों के अनुसार, फोनपे ने एफआरआई टूल का इस्‍तेमाल करना शुरू कर दिया है। यह ऐप ऐसे नंबरों पर ट्रांजैक्‍शंस को रोकता है जिन्‍हें हाई रिस्‍क कैटिगरी में रखा गया है। ऐसे नंबर जो मीडियम रिस्‍की होते हैं उन पर पेमेंट करने वालों को अलर्ट भेजा जाता है। रिपोर्टों के अनुसार, अब पेटीएम, गूगलपे जैसे यूपीआई प्‍लेटफॉर्म्‍स ने एफआरआई सिस्‍टम को इंटीग्रेट करना शुरू कर दिया है। रिपोर्ट के अनुसार, यूपीआई सर्विस प्राेवाइडर तो इस टूल का इस्‍तेमाल करेंगे ही, NBFC भी इस टूल की मदद से लोगों को आगाह करेंगी। दूरसंचार विभाग चाहता है कि एफआरआई टूल का इस्‍तेमाल हर जगह किया जाएगा ताकि ऑनलाइन धोखाधड़ी को कम करने में मदद मिले। इससे देश का डिजिटल इन्‍फ्रास्‍ट्रक्‍चर और मजबूत व‍ सिक्‍योर होगा। दावा है कि यह टूल, रियल टाइम में काम करता है और जैसे-जैसे फ्रॉड से जुड़े नंबर सामने आते हैं उन्‍हें बैंकों और यूपीआई प्‍लेटफॉर्म्‍स के साथ शेयर किया जाता है। recent visitors 73