Saturday, July 4, 2026 9:41 pm

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लहार में नया औद्योगिक केंद्र स्थापित करने की घोषणा की

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लहार में नया औद्योगिक केंद्र स्थापित करने की घोषणा की है। इसके साथ ही मछण्ड और असवार क्षेत्र को नगर परिषद बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में उद्योगों को बढ़ावा देकर युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा रहा है। दूसरी ओर किसानों की आय बढ़ाने के लिए किसान और कृषि हित में अनेक निर्णय लिए गए हैं। किसान को फसलों का उचित दाम मिले और फसल बर्बाद न हो, इसके लिए प्रदेश में कृषि आधारित उद्योग स्थापित करने की दिशा में प्रयास हो रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को भिंड जिले के लहार में महिला स्व-सहायता समूह सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। भिंड के युवाओं का पराक्रम सराहनीय मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने शौर्य की गाथा लिखी है। भिंड के घर-घर से निकले जवान मां भारती की रक्षा में सीमाओं पर तैनात हैं। चंबल की धरती के सपूत लंबे समय से बॉर्डर पर दुश्मन का खात्मा करते आ रहे हैं। लहार का गौरवशाली अतीत महाभारत काल से भी जुड़ता है। ऐसा माना जाता है कि लहार में ही पांडवों के खिलाफ षड्यंत्र रचते हुए लाक्षागृह बनवाया गया था। भिंड वो धरती है, जहां कभी किसी के साथ अन्याय नहीं हो सकता है। वो दिन लद गए जब चंबल क्षेत्र में दस्युओं का डर दिखाकर लोगों पर अत्याचार होते थे। अब भिंड की जनता ने परिवर्तन का रास्ता चुना है। मध्यप्रदेश सरकार चंबल क्षेत्र के विकास के लिए पूरी तरह संकल्पित है। यहां जनता का प्रेम और आत्मीयता से मन भाव-विभोर है। आलमपुर कॉलेज का नामकरण लोकमाता देवी अहिल्याबाई के नाम पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई का 300वां जयंती वर्ष चल रहा है। भिंड जिले के आलमपुर का कॉलेज अब लोकमाता देवी अहिल्याबाई के नाम से जाना जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भिंड में विकास को गति प्रदान करते हुए 117 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 33 विकास कार्यों का भूमिपूजन और 17 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश का सिंचित क्षेत्र वर्तमान में 55 लाख हेक्टेयर है, इसे निकट भविष्य में 100 लाख हेक्टेयर तक लेकर जाएंगे। सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए नदी जोड़ो परियोजनाओं पर कार्य हो रहा है। राजस्थान के साथ पार्वती-कालीसिंध-चंबल नदी परियोजना को 40 साल बाद मंजूरी मिली है। लगभग 70 हजार करोड़ की लागत से इस परियोजना का कार्य जारी है। इसी प्रकार पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी के सपने को पूरा करते हुए केंद्र सरकार की सहायता से केन-बेतवा लिंक परियोजना की नींव रखी गई है। बुंदेलखंड के कई जिले इससे लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के किसान की समृद्धि और जीवन सरल बनाने के लिए 5 रुपए में स्थायी बिजली कनेक्शन और 30 लाख सोलर पंप प्रदान करने की शुरुआत की गई है। किसानों को सिर्फ 10 प्रतिशत कीमत पर सोलर पंप मिल रहे हैं। किसानों को सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। हर महीने माताओं-बहनों को लाड़ली बहना योजना की राशि भी मिलती रहेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए अनेक जनहितैषी निर्णय लिए हैं। इनमें राहवीर योजना शामिल है। अब सड़क हादसों के घायलों को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि मिलेगी। इसके साथ ही प्रदेश में गंभीर बीमारियों के पीड़ितों को एयर एम्बुलेंस का लाभ दिया जा रहा है। अब गरीब के परिवार के किसी व्यक्ति की अस्पताल में मृत्यु हो जाए तो सरकार ने पार्थिव शरीर घर पहुंचाने के लिए नि:शुल्क शव वाहन की व्यवस्था की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत हितलाभ भी वितरित किये। । नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश को स्वर्णिम राज्य बनाने का लक्ष्य रखा है। सांसद श्रीमती संध्या राय ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लहार क्षेत्र की जनता को अनेक विकास कार्यों की सौगात दी है। लहार विधायक श्री अमरीश शर्मा ने क्षेत्र के विकास के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विधायक श्री नरेंद्र सिंह कुशवाहा, पूर्व मंत्री श्री लाल सिंह आर्य एवं पूर्व मंत्री श्री ओपीएस भदौरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।   recent visitors 57

हाई एवं हायर सेकेण्डरी स्कूल द्वितीय परीक्षा आवेदन की तिथि बढ़ी

भोपाल माध्यमिक शिक्षा मण्डल मध्यप्रदेश भोपाल ने सत्र 2024-25 की हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी द्वितीय परीक्षा के लिये पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने की तिथि में वृद्धि की है। हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी मुख्य परीक्षा 2025 में उत्तीर्ण छात्र अंक सुधार के लिये अथवा अनुत्तीर्ण छात्र उत्तीर्ण विषयों के अंक सुधार के लिये अब 25 मई 2025 रात्रि 12 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। हाईस्कूल और हायर सेकेण्डरी मुख्य परीक्षा में केवल अनुत्तीर्ण विषयों की द्वितीय परीक्षा के लिये 31 मई 2025 की रात्रि 12 बजे तक ऑनलाइन आवेदन किये जा सकेंगे।   recent visitors 57

पुलिस ने ब्राउन शुगर और अफीम के साथ चार तस्करों को घेराबंदी कर दबोचा

मुंगेली  नशे के कारोबार पर नकेल कसने के लिए मुंगेली पुलिस द्वारा ‘ऑपरेशन बाज’ चलाया जा रहा है. अभियान के तहत नशा तस्करों पर लगातार कार्रवाई जारी है. इसी कड़ी में आज पुलिस ने ब्राउन शुगर और अफीम के साथ चार तस्करों को घेराबंदी कर दबोचा है. इनके पास से 3, 63, 225 रुपए की जब्ती की गई है. दो बाइक से बिलासपुर से मुंगेली तस्करी पुलिस से मिली जानकारी अनुसार, चार युवक दो अलग-अलग मोटरसायकलों पर सवार होकर बिलासपुर से मुंगेली की ओर नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहे थे. चारों तस्कर ब्राउन शुगर और अफीम लेकर किसी बड़े ग्राहक तक नशीले पदार्थ को पहुंचाने की फिराक में थे. मुखबिर की सूचना पर थाना जरहागांव और साइबर सेल की संयुक्त टीम को अलर्ट कर दिया गया. पुलिस की अलग-अलग टीमों को ग्राम छतौना थाना के सामने मेन रोड पर अलग-अलग बिंदुओं पर तैनात किया गया. शाम के अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी तस्करी को अंजाम देना चाहते थे. लेकिन पुलिस ने ग्लैमर और हीरो स्प्लेंडर प्लस को घेराबंदी कर रोक लिया गया, दोनों बाइक पर चार युवक सवार थे. आरोपियों की तलाशी करने पर 51.87 ग्राम ब्राउन शुगर और 26.42 ग्राम अफीम बरामद किया गया. नशा तस्करी में शामिल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. तलाशी के दौरान क्या मिला? चारों आरोपियों के पास से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ और अन्य सामान बरामद हुआ: ब्राउन शुगर : 51.87 ग्राम (कीमत – 77,805 रुपए ) अफीम : 26.42 ग्राम (कीमत – 26,420 रुपए ) मोबाइल फोन : 03 नग (कीमत – 1,04,000 रुपए ) मोटरसायकल : 02 नग (कीमत – 1,40,000 रुपए ) कुल जप्ती मूल्य – 3,63,225 रुपए गिरफ्तार आरोपी 1. अभिषेक देवांगन (20 वर्ष) – बशीर खान वार्ड, मुंगेली 2. मयंक साहू (19 वर्ष) – बशीर खान वार्ड, मुंगेली 3. राजकुमार देवांगन (24 वर्ष) – विनोबा नगर, मुंगेली 4. साहिल ठाकुर (21 वर्ष) – शक्ति माई मंदिर चौक, मुंगेली चारों आरोपियों के खिलाफ थाना जरहागांव में अपराध क्रमांक 61/25 धारा 21, 22, 18 एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. recent visitors 43

स्व-सहायता समूह से जुड़कर सेल बाई दीदी ने बनाई अपनी पहचान, परिवार की आजीविका का बनी संबल

भोपाल अलीराजपुर के ग्राम जाम्बू खेड़ा निवासी श्रीमती सेल बाई दीदी की जिंदगी कभी गरीबी और संघर्ष की कहानी थी। वर्षा आधारित खेती और मजदूरी के भरोसे चलने वाला उनका परिवार मुश्किल से 3 से 4 हजार रुपये मासिक कमाता था। पति और चार बच्चों के साथ जीवन बेहद कठिन था। ज़रूरतों के लिए कभी रिश्तेदारों से मदद मांगनी पड़ती, तो कभी साहूकारों के ऋण लेकर सालों तक चुकाना पड़ता था। वर्ष 2017 में जब राज्य आजीविका मिशन के तहत स्व-सहायता समूह गठन के विषय में उनके फलिया में एक बैठक हुई। बैठक में उन्हें जानकारी मिली कि कैसे स्व-सहायता समूह बनते हैं, कौन जुड़ सकता है और क्या लाभ होते हैं। उन्होंने यह सब परिवार को बताया और सभी की सहमति से 'बाबा देब आजीविका समूह' से जुड़ गईं। यहीं से उनके जीवन में बदलाव की शुरुआत हुई। स्व-सहायता समूह में जुड़ने के बाद उन्हें कृषि कार्यों का प्रशिक्षण मिला, जिससे कम लागत में अधिक उत्पादन की तकनीक सीखी। सरकारी योजनाओं की जानकारी मिली, बैंक से जुड़ाव बढ़ा और धीरे-धीरे आत्म-निर्भरता की ओर कदम बढ़ने लगे। समूह से मिले ऋण की मदद से उन्होंने पहले खाद-बीज खरीदे, फिर बैल, सिंचाई पंप, पाइप और सिंचाई के अन्य साधन जुटाए। खेती में सुधार हुआ और दो फसलें उगाने लगीं। धीरे-धीरे उन्होंने भूमिगत पाइप लाइन लगवाई, जिससे सिंचाई क्षेत्र बढ़ा और आमदनी में उल्लेखनीय इज़ाफा हुआ। फिर पति के लिए फर्नीचर निर्माण कार्य के लिए मशीन खरीदी, जिससे घर पर ही फर्नीचर का काम शुरू हुआ। आज उनका परिवार सब्जी की खेती, फर्नीचर निर्माण और खेती के माध्यम से हर महीने 20 से 22 हजार रुपये कमाता है। बच्चों को अच्छी शिक्षा प्राप्त हो रही है। एक बेटा तकनीकी शिक्षा के लिए बाहर गया है। कच्चे घर से अब चार कमरों का पक्का मकान बना है – प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना से गैस कनेक्शन भी मिला। अब सेल बाई दीदी सिर्फ एक गृहणी नहीं हैं, बल्कि अपने परिवार की मजबूत आधारशिला हैं। गांव में पहचान बनी है, निर्णयों में उनकी भागीदारी है, बैंक और बाजार तक उनकी सीधी पहुंच है। भविष्य में वे ट्यूबवेल लगाकर तीन फसलें लेना चाहती हैं और एक बड़ी फर्नीचर दुकान खोलकर स्थायी रोजगार का साधन बनाना चाहती हैं। सेल बाई दीदी गर्व से कहती हैं — "अगर आजीविका मिशन न होता, तो मैं आज भी मजदूरी कर रही होती, साहूकारों के कर्ज में डूबी होती और मेरे बच्चे शिक्षा से वंचित रह जाते। आजीविका मिशन हमारे जीवन में बदलाव लाने वाला वरदान साबित हुआ है।"   recent visitors 55

अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर विविध जागरूकता गतिविधियाँ

भोपाल अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर वन विभाग द्वारा वनों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिये विभिन्न जागरूकता गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। इसी कड़ी में पश्चिम मण्डला सामान्य वन क्षेत्र में जैव विविधता पर आधारित स्कूली बच्चों की चित्रकला प्रतियोगिता, वृत्त चित्र स्क्रीनिंग, गाँव की सफाई और संयुक्त वन प्रबंधन समितियों की बैठकों के माध्यम से अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस मनाया गया। recent visitors 48

सुसाइड नोट लिखकर आर्थिक तंगी से जूझ रहे अतिथि शिक्षक ने लगाई फांसी, पेड़ में लटका शव मिलने से सनसनी फैली

डिंडौरी, शहपुरा जिले की तहसील मुख्यालय शहपुरा निवासी अतिथि का शुक्रवार की सुबह तहसील कार्यालय के पीछे चमरकुंडी में आम के पेड़ में लटका शव मिलने से सनसनी फैल गई। जानकारी में बताया गया कि आर्थिक तंगी से जूझ रहे अतिथि शिक्षक ने यह कदम उठाया है। उसके पास से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने उल्लेख किया है कि मैं बहुत तनाव में हूं। मेरे कारण किसी को परेशानी न हो। मेरी बॉडी का पोस्टमार्टम न कराया जाए। थाना प्रभारी ने बताया गया कि गुरुवार की रात शहपुरा के वार्ड क्रमांक एक निवासी सियोल राय पिता डीके राय 38 वर्ष घर से निकला था। रात भर वापस नहीं आया। सुबह उसका शव फांसी पर लटका मिला। बताया गया कि 5 साल पहले उसके पिता भी घर छोड़कर दूसरे जगह चले गए हैं, जबकि मां घर में गंभीर बीमारी से जूझ रही है। ऐसे में इकलौते बेटे के फांसी लगाने से पूरा परिवार प्रभावित हुआ है। बताया गया कि गर्मी में अवकाश के चलते सरकारी स्कूल की छुट्टी है। ऐसे में मृतक आर्थिक तंगी से भी जूझ रहा था। पुलिस की मानें तो वह नशा करने का भी आदी था। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला कायम कर जांच शुरू कर दी है। recent visitors 60

उप राष्ट्रपति धनखड़ के 26 मई को नरसिंहपुर प्रस्तावित भ्रमण की तैयारियों का मंत्री पटेल ने लिया जायजा

भोपाल पंचायत एवं ग्रामीण विकास और श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने शुक्रवार को नरसिंहपुर कृषि उपज मंडी के पास होने वाले कृषि उद्योग समागम के कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों का जायजा लिया। उल्लेखनीय है कि उप राष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ 26 मई को कृषि उद्योग समागम में शामिल होंगे। इस दौरान उन्होंने हेलीपैड स्थल, पौधरोपण स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, ग्रीन रूम, मंच, इन्वेस्टर्स मीट, बैठक व्यवस्था आदि का मुआयना किया। उन्होंने आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिये। नरसिंहपुर में 26 मई को उप राष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़, राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में कृषि उद्योग समागम का आयोजन होगा। निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री पटेल ने कहा कि एशिया महाद्वीप की सबसे ज्यादा उपजाऊ जमीन नरसिंहपुर जिले में है और यहां खेती भी अच्छी होती है। उन्होंने कहा कि हमारा अगला कदम प्रोसेसिंग की तरफ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तीन दिवसीय कृषि उद्योग समागम के आयोजन के लिए नरसिंहपुर जिले को चुना, मैं उनका आभारी हूं। इस मेले में किसान भाईयों को उन्नत खेती करने के तरीके, नई तकनीक एवं मार्गदर्शन दिया जायेगा। 26 से 28 मई तक समागम के तीन दिवसों में इन्वेस्टर्स और जो अतिथि होंगे और आपस में बातचीत करेंगे। इस अवसर पर विधायक श्री महेन्द्र नागेश, पूर्व राज्यमंत्री श्री जालम सिंह पटेल, सहित अधिकारी उपस्थित थे।   recent visitors 61