गुना जिले में अतिक्रमणकारियों ने प्रशासन और पुलिस की टीम पर पत्थर फेंके, त्रिशूल से थाना प्रभारी पर हमला कर दिया

गुना प्रदेश में पुलिस पर हमले रुकने का नाम नहीं ले रहे है। ताजा मामला गुना जिले के मधुसूदनगढ़ में सामने आया है। यहां अतिक्रमण हटाने पहुंचे प्रशासन और पुलिस पर अतिक्रमणकारियों ने हमला कर दिया। इस दौरान इन्होंने जामनेर थाना प्रभारी को त्रिशूल मार दिया। जानकारी के मुताबिक मधुसूदनगढ़ में भोपाल रोड पर बस स्टैंड की जमीन से अतिक्रमण हटाने गए प्रशासन और पुलिस की टीम पर हमला हुआ। करीब 30 वर्ष पुराने अतिक्रमण को हटाने अमला पहुंचा था। इस दौरान जामनेर थाना प्रभारी सुरेश सिंह कुशवाहा पर त्रिशूल से हमला किया गया, जिससे उनके हाथ की हथेली कट गई और चोट आई है। पांच थानों को पुलिस पहुंची थी पांच थानों की पुलिस एसडीएम राघौगढ़ विकास आनंद के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। टीम में तहसीलदार, नायब तहसीलदार और राजस्व अमला शामिल था। दोपहर करीब 12 बजे यह घटना हुई है। लेखराज कुशवाहा पर हमले का आरोप है। लेखराज के बेटे द्वारा टीम पर पत्थर फेंके गए। पुलिस ने आरोपित को पकड़ लिया है। घायल टीआई को मोटरसाइकिल से अस्पताल ले जाया गया। उक्त स्थान पर धार्मिक स्थान और कुछ घर बनाकर अतिक्रमण किया गया था। प्रशासन और पुलिस की टीम ने इस पर कार्रवाई की है। recent visitors 51

राज्यपाल पटेल अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान पहुंचे

भोपाल  राज्यपाल मंगुभाई पटेल आज अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान  (एम्स) पहुंचे। एम्स पहुंचने पर उन्होंने चिकित्सालय परिसर का भ्रमण किया। राज्यपाल पटेल ने चिकित्सालय पहुँच कर वहाँ  उपस्थित रोगियों और उनके परिजनों से चर्चा की। उन्होंने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के परिसर में पूर्व में उनके द्वारा रोपित पीपल के पौधे को सिंचित भी किया।   recent visitors 56

भिंड में हुआ भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर खाई में गिरी

भिंड  मध्य प्रदेश के भिंड जिले में बड़ा हादसा हुआ है। यहां दिल्ली से आ रही यात्री बस सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। जिसके चलते दो दर्जन से ज्यादा यात्री घायल हो गए। वहीं ज्यादा गंभीर यात्रियों को ग्वालियर रेफर किया गया है। घायल यात्रियों के मुताबिक बस ड्राइवर को नींद की झपकी आने की वजह से बस का संतुलन बिगड़ना हादसे की वजह बताई जा रही है। दरअसल दिल्ली से भिंड की ओर आ रही यात्री बस जैसे ही नेशनल हाइवे 719 पर फूप थाने के बरही इलाके में पहुंची, वैसे ही बस का संतुलन बिगड़ गया और वह पास सड़क किनारे गहराई में जा गिरी। हादसा होते ही बस में मौजूद यात्रियों की बीच चीख पुकार मच गई।  हाईवे से गुजर रहे लोगों के साथ ही आसपास गांव के लोग तत्काल घायलों की मदद करने के लिए पहुंचे। वहीं पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंचा और घायलों को बस से बाहर निकाल कर भिंड जिला अस्पताल भेजा। इसके अलावा गंभीर घायलों को ग्वालियर रेफर किया गया। घायल यात्रियों के मुताबिक वह सुबह के वक्त नींद में थे, तभी अचानक गाड़ी पलट गई। यात्रियों का यह भी कहना है कि बस ड्राइवर को नींद के झोंके आ रहे थे। ऐसे में झपकी आने के चलते यह हादसा हुआ। आपको बता दें कि बस से मिले यात्री रिकॉर्ड चार्ट के मुताबिक बस में 70 से ज्यादा यात्री सवार थे। recent visitors 47

बहराइच में भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने एक संदिग्ध को पकड़ा

बहराइच यूपी के बहराइच में शुक्रवार की रात भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने एक संदिग्ध को पकड़ा है। उसकी भाषा काफी अजीब है। जो स्थानीय निवासियों से काफी अलग है। एसएसबी ने उसे पुलिस को सौंप दिया है। फिलहाल उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उससे पूछताछ की जाएगी। मामला मोतीपुर क्षेत्र का है। यहां भारत-नेपाल सीमा पर एक युवक घूम रहा था। एसएसबी जवानों को शंका हुई तो उसे रोका। उससे बातचीत करके उसका पता और टहलने का कारण पूछा। इस पर उसने जिस भाषा में जवाब दिया, वह पहले तो किसी को समझ में ही नहीं आई। इस पर शक और गहरा गया। एसएसबी जवानों ने उसे हिरासत में ले लिया। उसकी हालत देखते हुए सुरक्षाबलों ने उसे सुजौली पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। उसके घुसपैठिया होने की आशंका जताई जा रही है।     बॉर्डर पर कड़ी कर दी गई है सुरक्षा दरअसल, नेपाल के रास्ते उत्तर प्रदेश में बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठियों के घुसपैठ की आशंका से बॉर्डर पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। 1500 अतिरिक्त एसएसबी और 200 पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं, जो लगातार गश्त करके सीमा पर नजर रख रहे हैं।   recent visitors 53

पंजाब किंग्स वर्सेस दिल्ली कैपिटल्स IPL 2025 का 66वां मैच आज, पिच का कैसा रहेगा मिजाज और किसे मिलेगा फायदा?

नई दिल्ली पंजाब किंग्स वर्सेस दिल्ली कैपिटल्स IPL 2025 का 66वां मैच आज यानी शनिवार, 24 मई को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला जाना है। पंजाब वर्सेस दिल्ली मैच भारतीय समयानुसार शाम साढ़े सात बजे शुरू होगा, जबकि टॉस के लिए दोनों कप्तान -श्रेयस अय्यर और फाफ डु प्लेसी- आधा घंटा पहले उतरेंगे। अक्षर पटेल का इस मैच के लिए भी फिट होने की उम्मीद काफी कम है, ऐसे में डु प्लेसी ही टीम की कमान संभालते हुए नजर आ सकते हैं। पंजाब किंग्स के लिए टॉप-2 में बने रहने के लिए यह मैच अहम है। अगर PBKS आज DC को हराने में कामयाब रहती है तो श्रेयस अय्यर की टीम पॉइंट्स टेबल में नंबर-1 भी बन सकती है। आईए एक नजर डालते हैं PBKS वर्सेस DC पिच रिपोर्ट पर- PBKS वर्सेस DC पिच रिपोर्ट भारत में इन दिनों अधिकतर मैदानों की तरह सवाई मानसिंह स्टेडियम भी बल्लेबाजों के लिए मददगार है। पंजाब वर्सेस दिल्ली मैच में हाई स्कोरिंग मैच की उम्मीद है। पहले गेंदबाजी करना आदर्श होगा क्योंकि दूसरी पारी में ओस की भूमिका हो सकती है। 190 रन से अधिक का कोई भी स्कोर अच्छा माना जा सकता है। नई गेंद से तेज गेंदबाजों को कुछ लाभ मिल सकता है। सवाई मानसिंह स्टेडियम IPL रिकॉर्ड और आंकड़े मैच- 62 पहले बल्लेबाजी करते हुए जीते गए मैच- 23 (37.10%) टारगेट का पीछा करते हुए जीते गए मैच- 39 (62.90%) टॉस जीतकर जीते गए मैच- 34 (54.84%) टॉस हारकर जीते गए मैच- 28 (45.16%) हाईएस्ट स्कोर- 219/5 लोएस्ट स्कोर- 59 हाईएस्ट स्कोर इन चेज- 199/7 प्रति विकेट औसत रन- 29.30 प्रति ओवर औसत रन- 8.28 पहले बल्लेबाजी करते हुए औसत स्कोर- 164.58 DC बनाम PBKS हेड टू हेड पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स में हमेशा से ही कांटे की टक्कर देखने को मिली है। दोनों टीमों के बीच अभी तक खेले गए 34 मैचों में से 17 जीतकर पंजाब ने मामूली बढ़त बनाई हुई है, वहीं दिल्ली को इस दौरान 16 जीत मिली है।   recent visitors 64

नीति आयोग की बैठक में शामिल होने विकास रोडमैप के साथ पहुंचे मुख्यमंत्री साय

रायपुर नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित नीति आयोग की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने से पहले छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने चर्चा करते हुए राज्य के विकास रोडमैप, नक्सलवाद के अंत और नई औद्योगिक नीति को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री साय ने बातचीत में कहा कि वह इस महत्वपूर्ण बैठक में छत्तीसगढ़ की भावी विकास योजनाओं और राज्य के दृष्टिकोण को नीति आयोग के समक्ष रखेंगे। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के प्रधानमंत्री के लक्ष्य के अनुरूप, हमारा उद्देश्य “विकसित छत्तीसगढ़” की दिशा में ठोस कदम बढ़ाना है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ सरकार बस्तर और अन्य क्षेत्रों के समावेशी विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने नक्सलवाद की समस्या पर भी बात की और कहा कि राज्य में अब यह समाप्ति की ओर है, क्योंकि सरकार ने सुरक्षा के साथ-साथ विकास को प्राथमिकता दी है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री साय ने बताया कि वह बैठक में राज्य की नई औद्योगिक नीति, निवेश प्रोत्साहन और औद्योगिक अवसरों की संभावनाओं पर भी प्रकाश डालेंगे। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि छत्तीसगढ़, प्रधानमंत्री के विकसित भारत के सपने को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभाएगा। recent visitors 47

इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम के नए टेस्ट कप्तान का ऐलान, धाकड़ खिलाड़ी की 8 साल बाद वापसी

नई दिल्ली भारतीय क्रिकेट टीम को अगले महीने इंग्लैड का दौरा करना है। यह दौरा 20 जून से शुरू होगा, जिसमें भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज के लिए BCCI ने टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है। रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गजों के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद यह टीम इंडिया का पहला बड़ा दौरा है। ऐसे में भारतीय टीम के साथ-साथ नए टेस्ट कप्तान का ऐलान भी कर दिया गया है। शुभमन गिल को भारतीय टेस्ट टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया है। गिल टीम इंडिया के 37वें टेस्ट कप्तान होंगे। 25 साल के गिल टीम इंडिया के 5वें सबसे युवा टेस्ट कप्तान हैं। गिल के सामने अब इंग्लैंड की सरजमीं पर बल्ले से ही नहीं बल्कि कप्तानी से भी कमाल करने की कठिन चुनौती होगी। अर्शदीप सिंह को पहली बार टेस्ट टीम में चुना गया है। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर शानदार प्रदर्शन करने वाले सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी अपनी जगह बरकरार रखने में कामयाब रहे हैं। आपको जानकर हैरानी होगी कि साई सुदर्शन और करुण नायर को भी टीम में शामिल किया गया है। सुदर्शन को IPL 2025 में गुजरात टाइटंस के लिए शानदार बल्लेबाजी का इनाम मिला है। करुण नायर की 8 साल बाद टीम इंडिया में वापसी हुई है। उन्होंने रणजी ट्रॉफी 2024-25 में विदर्भ की ओर से खेलते हुए 863 रन बनाए थे। यही वजह है कि अब सिलेक्टर्स ने उनको लंबे समय बाद मौका दिया है। टीम सेलेक्शन के लिए बैठक मुंबई स्थित भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) के हेडक्वार्टर में हुई.. बैठक में बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया और अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति के सदस्य शामिल हुए. मीटिंग के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अजीत अगरकर ने भारतीय टीम का ऐलान किया. इंग्लैंड दौरे के लिए भारत की 18 सदस्यीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (उप-कप्तान/विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), अभिमन्यु ईश्वरन, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, करुण नायर, वॉशिंगटन सुंदर, आकाश दीप, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव. इंग्लैंड में भारत का टेस्ट रिकॉर्ड उतना अच्छा नहीं इंग्लैंड की धरती पर भारतीय टीम का टेस्ट रिकॉर्ड बेहतर नहीं रहा है. इंग्लैंड के खिलाफ उसके घर में भारत ने अबतक (1932-2022) 67 टेस्ट मैच खेले है. इस दौरान उसे सिर्फ 9 टेस्ट में जीत मिली है, जबकि 36 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा. 22 मैच ड्रॉ  भी रहे. एमएस धोनी (2011-2014) का कप्तान के तौर पर इंग्लैंड की धरती पर सबसे खराब रिकॉर्ड रहा. उनकी कप्तानी में इंग्लिश धरती पर भारत को 9 टेस्ट मैचों में से सिर्फ एक में जीत मिली, जबकि सात में हार का सामना करना पड़ा. एक मैच ड्रॉ पर छूटा. भारत बनाम इंग्लैंड टेस्ट सीरीज का पूरा शेड्यूल पहला टेस्ट: 20-24 जून, 2025 – हेडिंग्ले, लीड्स दूसरा टेस्ट: 2-6 जुलाई, 2025 – एजबेस्टन, बर्मिंघम तीसरा टेस्ट: 10-14 जुलाई, 2025 – लॉर्ड्स, लंदन चौथा टेस्ट: 23-27 जुलाई, 2025 – ओल्ड ट्रैफर्ड, मैनचेस्टर पांचवां टेस्ट: 31 जुलाई-4 अगस्त, 2025 – द ओवल, लंदन recent visitors 57