मध्य प्रदेश में 42 जिलों की राशन की सैकड़ों दुकानों पर ताले…, पड़ताल में बड़ा खुलासा

भोपाल सरकारी राशन वितरण व्यवस्था में बड़ी मनमानी सामने आई है। यह 42 जिलों में हुई। यहां 1 से 15 मई तक 370 राशन दुकानों के ताले नहीं खुले। पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह के गृह जिले जबलपुर की सर्वाधिक 91 दुकानें शामिल हैं तो खाद्य नागरिक एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के गृह जिले सागर की 43 दुकानें भी बंद मिलीं। अफसरों की उक्त मनमानी ऐसे समय में सामने आई जब केंद्रीय योजना के तहत राशन पाने वाले उपभोक्ताओं की ईकेवायसी की जा रही है। उक्त अवधि में हजारों गरीबों को राशन नहीं मिला। ये राशन नहीं मिलने से परेशान होते रहे। ऐसे पकड़ी गड़बड़ी राशन वितरण पीओएस लॉग-इन अनिवार्य कर दी गई है। इसके अलावा ऑनलाइन निगरानी भी की जा रही है। इससे पता चल जाता है कि किस जिले में कितनी दुकानों ने लॉग-इन कर प्रतिदिन राशन वितरित किया और कितनी दुकानें नहीं खुली। यदि कोई दुकान नहीं खुलती तो ऑनलाइन निगरानी व पीओएस मशीन के लॉग-इन सिस्टम के जरिए पकड़ में आ जाती है। इन 370 दुकानों में यही हुआ था। कहां की कितनी दुकानें जबलपुर जिले में सर्वाधिक 91, सागर 43, मुरैना 20, भिंड 19, छिंदवाड़ा 16, देवास-नरसिंहपुर में 15-15, शिवपुरी में 13, राजगढ़ 11, उज्जैन में 9 दुकानें बंद मिलीं। रायसेन में 8, छतरपुर, पन्ना, सतना में 7-7, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ की 6-6, धार, श्योपुर, सीधी की 5-5, इंदौर, खंडवा, रीवा की 4-4, बालाघाट, भोपाल, दमोह, खरगोन, मऊगंज, सिवनी, उमरिया की 3-3, बैतूल, बुरहानपुर, गुना, झाबुआ, मैहर, मंदसौर, रतलाम की 2-2, आलीराजपुर, डिंडौरी, ग्वालियर व सिंगरौली की 1-1 दुकान। तीसरी बार बढ़ाई समय सीमा, फिर भी ये हाल उपभोक्ताओं की पहचान और सही हाथों में राशन पहुंचे, इसके लिए केंद्रीयकृत व्यवस्था के तहत पात्र उपभोक्ताओं की ई-केवायसी की जा रही है। इसकी शुरुआत 9 अप्रेल से प्रदेशभर में हुई थी, जो 30 अप्रेल तक पूरी करना थी, लेकिन काम पूरा नहीं हुआ तो अवधि 15 मई तक बढ़ाई गई थी। इसके बावजूद शत-प्रतिशत उपभोक्ता ई-केवायसी के दायरे में नहीं आए तो यह तारीख 31 मई तक बढ़ा गई है। राशन दुकानों के तहत किए जाने वाले इस अहम काम के बावजूद 42 जिलों के 370 दुकानों को नहीं खोला गया। इस कारण इन दुकानों से न तो राशन बांटा गया न ही ईकेवायसी का काम पूरा किया। खाद्य आयुक्त ने कलेक्टरों से कहा है कि वे अपने जिले की दुकानों के बंद रहने की वजह पता कर कार्रवाई करें। सूचना भी दें। साथ ही ईकेवायसी का काम भी तय डेडलाइन में पूरा कराएं। कार्रवाई करें खाद्य नागरिक एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग (Food Civil Consumer Protection Department) की आधार बेस्ड ऑनलाइन निगरानी व्यवस्था में गड़बड़ी पकड़ी गई। खाद्य आयुक्त कर्मवीर शर्मा ने इन जिलों के कलेक्टरों चेताते हुए जांच के आदेश दिए हैं। कहा है कि दुकानें क्यों बंद रहीं, उपभोक्ताओं को राशन क्यों नहीं दिया, इस आधार पर जांच करें। जिमेदारों के खिलाफ कार्रवाई करें। ये गड़बड़ी जिला खाद्य अधिकारी व सेल्समैनों के स्तर पर होना बताया गया। recent visitors 67

2,000 करोड़ रुपये की लागत से देश भर में 72,000 EV सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना की जाएगी

नई दिल्ली सरकार ने  जानकारी दी कि 2,000 करोड़ रुपये के वित्तीय परिव्यय के साथ पीएम ई-ड्राइव योजना देश भर में लगभग 72,000 EV सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना का समर्थन करेगी.भारी उद्योग मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इन स्टेशनों को रणनीतिक रूप से 50 राष्ट्रीय राजमार्ग गलियारों, मेट्रो शहरों, टोल प्लाजा, रेलवे स्टेशनों, हवाई अड्डों, ईंधन आउटलेट और राज्य राजमार्गों जैसे उच्च यातायात स्थलों पर तैनात किया जाएगा. केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने पीएम ई-ड्राइव योजना के तहत EV चार्जिंग बुनियादी ढांचे के कार्यान्वयन की समीक्षा और तेजी लाने के लिए एक अंतर-मंत्रालयी समन्वय बैठक की अध्यक्षता की. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में शुरू की गई इस योजना का उद्देश्य स्वच्छ परिवहन को सक्षम बनाने और जीवाश्म ईंधन पर भारत की निर्भरता को कम करने के लिए एक राष्ट्रव्यापी ईवी-तैयार पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करना है. कुमारस्वामी ने कहा कि "भारत संधारणीय परिवहन के लिए वैश्विक मॉडल बनने की राह पर है. पीएम ई-ड्राइव योजना एक परिवर्तनकारी पहल है, जिसका उद्देश्य हमारे नागरिकों को स्वच्छ, किफायती और सुविधाजनक परिवहन विकल्पों तक पहुंच प्रदान करना है. हम केवल बुनियादी ढांचा ही नहीं बना रहे हैं, हम ऊर्जा सुरक्षा और हरित आर्थिक विकास की नींव भी रख रहे हैं." मंत्री ने इस पहल के क्रियान्वयन में विभिन्न हितधारकों की एकीकृत भूमिका को भी स्वीकार किया. बीएचईएल (भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड) को मांग एकत्रीकरण और एकीकृत डिजिटल सुपर ऐप के विकास के लिए नोडल एजेंसी के रूप में माना जा रहा है, जो पूरे भारत में EV यूजर्स के लिए एकल मंच के रूप में काम करेगा. ऐप में PM e-Drive योजना के तहत राष्ट्रीय स्तर पर तैनाती को ट्रैक करने के लिए रियल-टाइम स्लॉट बुकिंग, भुगतान एकीकरण, चार्जर उपलब्धता की स्थिति और प्रगति डैशबोर्ड की सुविधा होगी. BHEL चार्जर स्थापना के प्रस्तावों को संकलित करने और उनका मूल्यांकन करने के लिए राज्यों और मंत्रालयों के साथ समन्वय भी करेगा. कुमारस्वामी ने कहा कि "स्वच्छ ऊर्जा संक्रमण अकेले सफल नहीं हो सकता. यह बैठक एक सरकार के रूप में काम करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है. मंत्रालय, सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यम और राज्य सभी जमीनी स्तर पर परिणाम देने के लिए एकजुट हैं. हमें विश्वास है कि पीएम ई-ड्राइव नए उद्योगों को बढ़ावा देगा, हरित रोजगार पैदा करेगा और हर भारतीय को निर्बाध इलेक्ट्रिक मोबिलिटी प्रदान करेगा." recent visitors 64

24 मई 2025 शुक्रवार, सूर्य की तरह चमकेगा इन राशियों का भाग्य

मेष राशि- आज आपका आत्मविश्वास बढ़ेगा और जरूरत के हिसाब से जीवन में वस्तुएं उपलब्ध होंगी। आप किसी की मदद से पैसा कमाने में सफल हो सकते हैं। आपको बस खुद पर विश्वास रखने की जरूरत है। बच्चों की सेहत में सुधार होगा। अपनों का साथ मिलेगा। कार्यस्थल पर चीजें आपके पक्ष में नजर आ रही हैं। हर टास्क को सीरियस होकर निपटाएं। जीवनसाथी के साथ अच्छा समय बिताएंगे। वृषभ राशि- घर का तनाव आपको मानसिक रूप से परेशान करेगा। आज अपनी जुबान पर काबू रखें, वरना परिवार के किसी सदस्य को ठेस पहुंच सकती है। आज आपके दिमाग में आने वाले पैसे कमाने के नए विचारों का लाभ उठाएं। आज आपका जीवनसाथी भरपूर सहयोग करेगा। व्यावसायिक रूप से आप अच्छे रहने वाले हैं। मिथुन राशि- आज आपको अज्ञात भय सता सकता है। कार्यस्थल पर किसी की सलाह आपके लिए कारगर सिद्ध हो सकती है। किसी बड़ी व्यापारिक डील पर बातचीत करते समय अपनी फीलिंग्स पर कंट्र्रोल रखें। विचारों में मतभेद के कारण आज आपके और आपके पार्टनर के बीच बहस हो सकती है। आर्थिक रूप से आप अच्छे रहने वाले हैं। व्यापार में विस्तार मिल सकता है। कर्क राशि- आज आपका दिन आनंददायक रहेगा। किसी भी तरह का मानसिक तनाव आपको परेशान नहीं करेगा। मित्रों का सहयोग मिलेगा। धन का आगमन होगा। किसी अच्छे कार्य के लिए धन खर्च करना पड़ सकता है। जीवनसाथी से आज आपको सरप्राइज मिल सकता है। जीवनसाथी के साथ सामान्य से अच्छा दिन गुजारेंगे। सिंह राशि- आज आप लोग अपनी सफलता का स्वाद चख सकते हैं। आज आर्थिक रूप से आप अच्छे रहने वाले हैं। परिवार में खुशियों का आगमन होगा। नौकरी में बदलाव की कोशिश कर रहे लोगों को किसी इंटरव्यू में सफलता मिल सकती है। जीवनसाथी के साथ अच्छा समय बिताने का मौका मिलेगा। व्यापारिक रूप से आप अच्छे रहने वाले हैं। कन्या राशि- आज आप जीवनसाथी के साथ बातचीत करते समय इमोशनल हो सकते हैं। खर्च की अधिकता आपको परेशान कर सकती है। घरेलू मामलों को सुलझाते समय बुद्धि से काम लें। आपका लवर आज आपसे कुछ मांग सकता है, लेकिन आप उसकी इच्छा पूरी नहीं कर पाएंगे।आज आपके बॉस आपके काम की तारीफ कर सकते हैं। तुला राशि- आज आपका परिवार खुशियों को एन्जॉय करेगा। हालांकि आपको आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। आज आपको मित्रों का सहयोग मिलेगा। कोई सपना भी पूरा हो सकता है। आज आपका मूड अच्छा नहीं होने के कारण जीवनसाथी के साथ अनबन हो सकती है। वृश्चिक राशि- आज अपने करीबी दोस्तों के साथ समय बिताएं। अपने खर्चों पर काबू रखने की कोशिश करें। आपका स्वभाव घर के माहौल को ख़ुशनुमा बना देगा और उसे अच्छी फीलिंग्स से भर देगा। आज अपने जीवनसाथी या प्रिय व्यक्ति के साथ खुलकर बात करें। कलीग और सीनियर्स के भरपूर सहयोग मिलने से ऑफिस में काम में तेज़ी आएगी। धनु राशि- आज आप किसी खास व्यक्ति से अपनी फीलिंग्स को शेयर कर सकते हैं।।धैर्यशीलता बनाए रखें। कारोबार में कठिनाई आ सकती है। सचेत रहें। नौकरी में कार्यक्षेत्र में वृद्धि हो सकती है। निवेश से आय में वृद्धि का संकेत हैं। परिवार के सदस्यों की मदद से आपकी जरूरतों का ख्याल रहेगा। विद्यार्थियों को आज अपना काम कल पर टालने से बचना चाहिए। मकर राशि- मन में निराशा और असंतोष रहेगा। जीवनसाथी की मांगे आपको मानसिक तनाव दे सकती हैं। आत्मसंयत रहें। व्यर्थ के क्रोध और वाद-विवाद से बचें। सेहत का ध्यान रखें। नौकरी में बदलाव हो सकता है। बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद मिलेगा। व्यापारिक दृष्टिकोण से शुभ समय रहने वाला है। कुंभ राशि– आज आपकी सेहत अच्छी रहने वाली है। कुछ लोग बिना सोचे-समझे पैसा खर्च कर सकते हैं, जो बाद में उन्हें दिक्कत दे सकता है। परिवार में किसी बुजुर्ग व्यक्ति का स्वास्थ्य कुछ तनाव का कारण बन सकता है। नौकरी में बदलाव के लिए यह समय सह है। अगर आप पढ़ाई या नौकरी के सिलसिले में घर से दूर रहते हैं तो आज अपने खाली समय का इस्तेमाल अपने परिवार वालों से बात करके करें। मीन राशि- आज काम के दबाव के कारण आपको ऑफिस में अतिरिक्त घंटे काम करना पड़ सकता है। आपकी एनर्जी में कमी रहेगी। पारिवारिक मामलों को सुलझाने के लिए आज का दिन अच्छा है। आज आप अपना समय अपने दिल के करीब लोगों के साथ बिताना चाहेंगे, लेकिन ऐसा नहीं कर पाएंगे। आपका जीवनसाथी आज आपको कोई बढ़िया सरप्राइज दे सकता है। धन के मामले में आप सफलता पाएंगे। recent visitors 88

मरीज कई वर्षों से बीमारी से जूझ रहे थे, एक दुर्लभ सर्जरी 60 मिनट तक चली, पेट से निकले 8125 स्टोन्स, मिली राहत

नई दिल्ली गुरुग्राम के फोर्टिस मेमोरियल रिसर्च इंस्टीट्यूट, के डॉक्टरों ने एक दुर्लभ सर्जरी कर 70 वर्षीय मरीज के पित्ताशय से 8,125 स्टोन्स (पथरी) सफलतापूर्वक निकालकर मरीज को पिछले लंबे समय से हो रही पीड़ा और बेचैनी से राहत दिलाई। मरीज कई वर्षों से पेट के दर्द, बीच-बीच में बुखार आने, भूख न लगने और कमजोरी की शिकायत से जूझ रहे थे और उन्हें सीने में भी भारीपन महसूस हो रहा था। ये है डॉक्टरों की टीम डॉ. अमित जावेद, सीनियर डायरेक्टर, गैस्ट्रोइंस्टेस्टाइनल ओंकोलॉजी, फोर्टिस मेमोरियल रिसर्च इंस्टीट्यूट, गुरुग्राम तथा डॉ नरोला येंगर, प्रिंसीपल कंसल्टेंट– जीआई, जीआई ओंकोलॉजी, मिनीमल एक्सेस एंड बेरियाट्रिक सर्जरी, फोर्टिस मेमोरियल रिसर्च इंस्टीट्यूट, गुरुग्राम के नेतृत्व में डॉक्टरों की कुशल टीम ने इस जटिल एवं चुनौतीपूर्ण मामले को संभाला और करीब घंटे भर चली सर्जरी के दौरान मरीज के पेट में पित्ताशय की थैली से पथरी निकालकर उनकी वर्षों पुरानी तकलीफ का दूर किया। असहनीय हुआ दर्द तो पहुंचे अस्पताल मरीज शुरुआत में इलाज को लेकर अनिच्छुक थे। लेकिन उनका दर्द लगातार बढ़ रहा था और उनके नियंत्रण से बाहर हो गया, तो उन्हें नाजुक हालत में फोर्टिस गुरुग्राम लाया गया। यहां भर्ती करवाने पर उनके पेट का तत्काल अल्ट्रासाउंड किया गया जिसमें उनके पित्ताशय में काफी भारीपन दिखायी दिया। उनकी कंडीशन को देखते हुए, डॉक्टरों ने तुरंत मिनीमली इन्वेसिव लैप्रोस्कोपिक सर्जरी कर गॉल ब्लैडर (पित्ताशय की थैली) में जमा हजारों गॉलस्टोन्स को निकाला। यह सर्जरी करीब एक घंटे चली और 2 दिन बाद ही स्थिर अवस्था में मरीज को अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई। सर्जरी से ज्यादा समय स्टोन गिनने में लगा लेकिन, सर्जरी के बाद और भी लंबा काम बाकी था क्योंकि सपोर्ट टीम को मरीज के पित्ताशय से निकाले गए गॉलस्टोन्स की गिनती करनी थी। सर्जरी के बाद घंटों बैठकर टीम ने इस गिनती में पाया कि यह आंकड़ा आश्चर्यजनक रूप से 8,125 था। इस मामले की जानकारी देते हुए, डॉ अमित जावेद, डायरेक्टर, गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल ओंकोलॉजी, फोर्टिस मेमोरियल रिसर्च इंस्टीट्यूट, गुरुग्राम ने कहा, 'यह मामला वाकई दुर्लभ था, भले ही अभूतपूर्व न रहा हो। यदि पित्ताशय की पथरी का उपचार नहीं किया जाए, तो धीरे-धीरे पथरी बढ़ती रहती है।' मरीज की उपेक्षा से इस हद तक बढ़ी पथरी वह आगे बोले, 'इस मामले में, मरीज द्वारा पिछले कई वर्षों तक उपेक्षा का ही नतीजा था कि पथरी इस हद तक बढ़ गई थी। यदि अब और देरी की जाती, तो मरीज की हालत काफी बिगड़ सकती थी और पित्ताशय में इंफेक्शन, पेट दर्द की और गंभीर शिकायत भी हो सकती थी।' डॉ. अमित ने बताया, 'ऐसे में भी इलाज न कराया जाए तो गॉलब्लैडर में पस (मवाद) बनने लगता है, और गॉलब्लैडर की भीतरी सतह भी सख्त होने लगती है और इसमें फाइब्रॉसिस भी हो सकता है, यहां तक की गॉलब्लैडर के कैंसर की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता।' सर्जरी के बाद, मरीज की हालत स्थिर है और उन्हें कोई खास बेचैनी भी नहीं है। इस मामले को दुर्लभ बनाया मरीज के पित्ताशय में भारी संख्या में मौजूद स्टोन्स ने जो आमतौर पर कलेस्ट्रोल से बने होते हैं और प्रायः इनका संबंध मोटापे तथा अधिक-कलेस्ट्रोल युक्त खुराक से होता है। recent visitors 92

कमल की हत्या उसके अपने ही परिचितों ने की थी, जिसमें एक हिस्ट्रीशीटर है, हत्याकांड में लिप्त दो युवक अरेस्ट

अयोध्या कमल सिंह हत्याकांड का पुलिस ने 48 घंटे के अंदर अनावरण कर दिया है। कमल की हत्या उसके अपने ही परिचितों ने की थी, जिसमें एक हिस्ट्रीशीटर है। हत्याकांड में लिप्त दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए लोगों में पूराकलंदर का नरियावां निवासी लाखन उर्फ अतुल सिंह तथा महराजगंज के मोहर्रमपुर अरती निवासी विकास सिंह हैं। लाखन पर 13 और विकास पर 11 मुकदमें दर्ज हैं। आरोपित विकास सिंह मोहर्रमपुर अरती निवासी कुख्यात मुन्ना सिंह का भाई और हिस्ट्रीशीटर है। गुरुवार को पुलिस लाइन में हुई पत्रकार वार्ता में एसएसपी डा. गौरव ग्रोवर ने हत्याकांड के रहस्य से पर्दा उठाया। उन्होंने बताया कि गत 19 मई की रात तारुन के गयासपुर निवासी कमल सिंह की हत्या कर दी गई थी। उनका शव गयासपुर चौकी के निकट मिला था। मृतक की मां की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया है। छानबीन में पता चला कि कमल ने उस दिन स्थानीय शराब की दुकान से शराब खरीदी थी। दुकान की सीसीटीवी फुटेज में भी इसकी पुष्टि हुई। इसके बाद सैल्समैन से पूछताछ की गई, तो ज्ञात हुआ कि शराब पीने के दौरान कमल का उसके परिचित विकास और लाखन से विवाद हुआ था। इसके बाद तीनों वहां से चले गए। अगले दिन कमल का खून से लथपथ शव मिला। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपितों ने पुलिस के समक्ष घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। ठेके पर शराब के नशे में तीनों का विवाद हुआ था। उन्होंने बताया कि विवाद के बाद घर जाते समय पर कमल पर ईंट और डंडे से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। थाना प्रभारी तारुन संदीप त्रिपाठी एवं सर्विलांस प्रभारी अमरेश त्रिपाठी की संयुक्त टीम ने वारदात के रहस्योद्घाटन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लूटी गई पिकअप बरामद, तीन लोग गिरफ्तार एसएसपी ने पत्रकार वार्ता में पिकअप लूट की वारदात का भी खुलासा क‍िया। यह घटना गत दो मई को कैंट के जलालाबाद में हुई थी। बाराबंकी जिले के जहांगीराबाद भथारा निवासी पिकअप स्वामी जमील ने इसकी प्राथमिकी दर्ज कराई है। एसएसपी ने बताया कि गत दो मई को उनका पिकअप चालक चाय पीने के लिए जलालाबाद के पास ठहरा हुआ था, जहां दो युवक उसे मिले और प्लाई बोर्ड लाने के लिए भाड़े पर जलालाबाद चलने का झांसा दिया। इसके बाद पिकअप लेकर वह जलालाबाद प्लाई फैक्ट्री के बाहर पहुंचे। वहां एक व्यक्ति फैक्ट्री में चला गया, जबकि दो युवक चालक के साथ बाहर ही रुक गये। युवकों ने चालक से कहाकि समय अधिक लग रहा है तब तक चाय पी लेते हैं। इसके बाद पिकअप को वहीं छोड़ दोनों चाय पीने के चले गए। आरोप है कि चाय में नशीला पदार्थ मिला कर चालक को पिलाया गया, जिससे वह बेहोश हो गया। जब उसे होश आया तो तीनों युवक वहां नहीं मिले और पिकअप भी लापता थी। गत सात मई को इसकी प्राथमिकी दर्ज करने के बाद कैंट थाना प्रभारी पंकज सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर छानबीन शुरू की गई। पड़ताल के दौरान पुख्ता साक्ष्य मिलने पर तीनों आरोपितों की गिरफ्तारी कर पिकअप बरामद की गई। पकड़े गये लोगों में वाराणसी जिले के मिर्जामुराद पूरे कक्षवा रोड निवासी दयाशंकर भारती, सुलतानपुर जिले के जयसिंहपुर सवई निवासी संदीप व परसा निवासी लक्ष्मण यादव हैं। पिकअप भी बरामद कर ली गई है। recent visitors 74

कांग्रेस ने माई-बहिन मान योजना के लिए नामांकन कराने तक की घोषणा कर दी, बढ़ी राजद की बेचैनी!

पटना समन्वय समिति की अध्यक्षता मिलने के बाद तेजस्वी यादव महागठबंधन में राजद के प्रभुत्व को लेकर आश्वस्त हो गए थे। अपने तौर-तरीकों से कांग्रेस ने भी कुछ ऐसा ही संकेत दिया था। हालांकि, महिलाओं को नकदी लाभ की घोषणा में श्रेय लेने की मची होड़ बता रही कि अंदरखाने सब कुछ सामान्य नहीं। सत्ता मिलने पर हर महिला को मासिक ढाई हजार रुपये देने की घोषणा तेजस्वी पहले ही कर चुके थे। इस बीच बुधवार को कांग्रेस ने ऐसी ही योजना (माई-बहिन मान योजना) के लिए नामांकन कराने तक की घोषणा कर दी। इसके बाद राजद के भीतर सन्नाटा-सा पसर गया। इसका कारण ऐसा है कि कोई किसी को दोष भी नहीं दे सकता। राजद ने भी यह घोषणा एकतरफा ही की थी। कांग्रेस ने हिसाब बराबर किया। वैसे भी कांग्रेस लोकसभा चुनाव के दौरान राजद के दांव-पेच को अभी तक भूली नहीं है। विधानसभा चुनाव में महिलाओं को लुभाने के उद्देश्य से पिछले वर्ष 14 दिसंबर को तेजस्वी ने माई-बहिन योजना की घोषणा की थी। वह वस्तुत: राजद की घोषणा थी, जबकि बिहार में सत्ता की परिकल्पना महागठबंधन कर रहा। महागठबंधन में राजद के अलावा कांग्रेस, तीनों वाम दल (भाकपा, माकपा, माले) और विकासशील इन्सान पार्टी (वीआइपी) भी है। वीआईपी तो वैसे भी चंचल है, लेकिन वाम दलों को भी राजद की इस एकतरफा घोषणा से कोई आपत्ति नहीं हुई। उसका कारण अस्तित्व की रक्षा के लिए एक-दूसरे के साथ की विवशता है। कांग्रेस अब इस विवशता से उबरना चाह रही, क्योंकि पिछले चुनावी वर्षों में अपने हितों से समझौते की त्रासदी वह झेलती रही है। इस बीच बहाने के लिए उसे कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में अपनी सरकारों द्वारा महिलाओं को दी जा रही नकदी लाभ का आसरा भी मिल गया। झारखंड में हेमंत सोरेन की सत्ता में वापसी का मूल कारण ही मंईयां सम्मान योजना रही। कांग्रेस उस सरकार में राजद से बड़ी हिस्सेदार है। ऐसे में तेजस्वी की उस घोषणा का श्रेय लेने से कांग्रेस को कोई संकोच नहीं। उसका मानना है कि अंतत: लाभ महागठबंधन को ही होना है। यह कांग्रेस और राजद के नेताओं के मिले-जुले विचार हैं। अपने-अपने शीर्ष नेतृत्व के कोपभाजन बनने की आशंका में वे नाम उजागर करना नहीं चाहते। महागठबंधन को तो लाभ तेजस्वी के वादे से भी मिल जाता! फिर कांग्रेस आतुर क्यों हुई! इसका कारण यह कि महागठबंधन से जुड़े समस्त निर्णय अब तक राजद ही लेता रहा है। पिछले वर्ष लोकसभा चुनाव के परिणाम के साथ ही यह स्पष्ट हो गया था कि अब आगे की राह निर्विघ्न नहीं। तब सीटोंं से लेकर प्रत्याशियों के चयन तक में राजद ने मनमानी की थी। कांग्रेस वह घाव आज भी सहला रही है। अब विधानसभा चुनाव में उसे पसंद की कम-से-कम 70 सीटें चाहिए। राजद 50 के भीतर रखना चाह रहा, लिहाजा महागठबंधन के भीतर ही राजनीति होने लगी है। recent visitors 77

कलेक्टर ध्रुव ने 24 आत्मसमर्पित नक्सलियों को समाज की मुख्य धारा में जुड़ने के लिए किया आग्रह

सुकमा जिला प्रशासन द्वारा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति व्यवस्था कायम रखने और पुनर्वास की दिशा में निरंतर प्रयास किया जा रहा है। इस के लिए कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन तथा मार्गदर्शन में 24 आत्मसमर्पित नक्सलियों को भारतीय स्टेट बैंक, ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान सुकमा द्वारा 13 दिवसीय कृषि उद्यमी का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कार्यक्रम में आत्मसमर्पित युवाओं को कृषि से सम्बंधित प्रशिक्षण कृषि विज्ञान केंद्र एवं संस्थान में सब्जी नर्सरी, धान की खेती, डेयरी, मुर्गीपालन, बकरी पालन, मछली पालन का प्रशिक्षण प्रदाय किया गया। इसके साथ ही ओम प्रकाश साहू फैकल्टी के द्वारा उद्यमिता विकास कार्यक्रम सम्बंधित प्रशिक्षण प्रदाय किया गया। प्रशिक्षण उपरांत अरुण कुमार सोनी स्टेट कंट्रोलर के निर्देशन में सभी कैंडिडेट्स का असेसमेंट किया गया। असेसमेंट में सभी कैंडिडेटस पास हुए एवं उन्हें कलेक्टर महोदय के द्वारा उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए प्रमाण पत्र वितरित किया गया। कलेक्टर ध्रुव के द्वारा समस्त आत्मसमर्पित नक्सलियों को समाज की मुख्य धारा में जुड़ने के लिए आग्रह किया गया। प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम में लाइवलीहुड कॉलेज के लेखापाल क्रांति बघेल, संस्थान के कार्यालय सहायक कमलेश कुमार सिन्हा एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित थे। recent visitors 74