राजद नेता प्रेम चंद गुप्ता ने कहा- जब से पाकिस्तान का जन्म हुआ है, तभी से वह भारत के खिलाफ साजिश रचता आ रहा है

नई दिल्ली राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य प्रेम चंद गुप्ता ने गुरुवार को पाकिस्तान पर निशाना साधा। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जब से पाकिस्तान का जन्म हुआ है, तभी से वह भारत के खिलाफ साजिश रचता आ रहा है। 1948 में उसने मुजाहिदीन भेजकर जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों को अपने कब्जे में कर लिया। इसके बाद इन लोगों ने 1965, 1971 और 1999 में भारत के खिलाफ युद्ध किया। उन्होंने पाकिस्तान की तरफ से आतंकवादियों को संरक्षण देने को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भारत में अब तक जितनी भी सरकारें सत्ता में रहीं, उन सभी ने पाकिस्तान को सिर्फ यही कहा कि आप लोग आतंकियों को पनाह देना, उनका पालन-पोषण बंद कीजिए, लेकिन आज तक पाकिस्तान ने इस दिशा में कदम नहीं उठाया। पाकिस्तान की तरफ से लगातार आतंकवादियों को संरक्षण दिया जा रहा है, लेकिन अब इस स्थिति को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता है। साथ ही, उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र कर कहा कि यह पाकिस्तान का अमानवीय कृत्य है, जिसके तहत उसने पर्यटकों को निशाना बनाया। इसके बावजूद पाकिस्तान अपनी गलती स्वीकार नहीं कर रहा है। इसी को देखते हुए भारत को ऑपरेशन सिंदूर जैसा कदम उठाना पड़ा, जिससे परिणाम अब साफ देखने को मिल रहे हैं। इसके अलावा, उन्होंने अलग-अलग देशों में भारत सरकार की तरफ से सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल भेजे जाने के उद्देश्य के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि हम इस प्रतिनिधिमंडल को भेजकर वैश्विक मंच पर पाकिस्तान के नापाक चेहरे को बेनकाब करना चाहते हैं। हम पूरी दुनिया को यह बताना चाहते हैं कि किस तरह से वह आतंकवादियों को संरक्षण देता है, उन्हें पालता और पोषता है। उन्होंने पाकिस्तान की फितरत को झूठा बताया और कहा कि वैश्विक मंच पर हमेशा से ही पाकिस्तान की विश्वसनीयता पर सवाल उठते रहे हैं। पाकिस्तान के पास अपना मौलिक कुछ नहीं है। वह सिर्फ दूसरे देशों की नकल करता है। प्रेम चंद गुप्ता ने ऑपरेशन सिंदूर की तारीफ करते हुए कहा कि इससे आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब मिला है। इस ऑपरेशन को सफल बनाने में हमारी सेना ने अहम भूमिका निभाई है। हमें अपनी सेना पर पूरा भरोसा है। recent visitors 83

मिट्टी में मिल गये है वो, जिसने हमको ललकारा है, भारत ने गद्दारों को फिर घर में घुसकर मारा है: राज्यमंत्री श्रीमती गौर

भोपाल पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा है कि आपरेशन सिंदूर कोई सामान्य सैन्य अभियान नहीं, यह भारत की नीति, नीयत और निर्णायक शक्ति की त्रिवेणी है। राज्यमंत्री श्रीमती गौर गुरुवार को इन्द्र‌पुरी गोविन्दपुरा भोपाल में भारतीय सेना के सम्मान में आयोजित सिंदूर यात्रा के शुभारंभ अवसर पर मातृशक्ति को संबोधित कर रही थी। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने कहा कि मिट्टी में मिल गये है वो, जिसने हमको ललकारा है, भारत ने गद्दारों को फिर घर में घुसकर मारा है। उन्होंने कहा कि हमें गर्व है अपने देश की सेना पर, अभिमान है सेना के शौर्य और पराक्रम पर। आपरेशन सिंदूर की सफलता ने पूरे विश्व को दिखा दिया कि भारत की शक्ति, भारत की ताकत, भारत की क्षमता को कोई भी कम समझने की भूल नहीं करें। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने कहा कि आज हम सब आपरेशन सिंदूर की ऐतिहासिक सफलता का उत्सव मनाने जुटे हैं। हमारी जाबांज सेना का यह एक ऐसा अभियान था, जिसने भारत की शक्ति, रणनीति और अदम्य इच्छाशक्ति को पूरी दुनियां के सामने रखा। उन्होंने कहा कि आप सबने देखा कि 22 अप्रैल को पहलगाम में जब आतंकवादियों ने हमारी बहनों, बेटियों के सिंदूर पर हमला किया तो हमारी भारतीय सेना ने आतंक का सिर कुचलने में देरी नहीं की। हमारी पराक्रमी सेना ने ये बता दिया कि जब अधर्म सिर उठाता है तो धर्म का रक्षक शस्त्र उठाता है। यही हमारी परंपरा है और इसी परंपरा का निर्वाह हम करते है। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने कहा कि हमारी भारतीय सनातन संस्कृति में जिस सिंदूर को मातृशक्ति अपनी, मांग में लगाते हुए अपने अमर सुहाग की कामना करती है, वही सिंदूर आज उन वीर सैनिकों की पत्नियों के मस्तक पर हमने लगाया, जिन्होंने अपने सुहाग को मातृभूमि की रक्षा के लिये समर्पित किया है। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने कहा कि हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने स्पष्ट कर दिया कि अगर पाकिस्तान ने फिर से आतंकी गतिविधि या सैन्य दुस्साहस करने की कोशिश की तो हम उसका मुंह तोड़ जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि हम अपनी सेना का अपने बहादुर सैनिकों का केवल युद्ध में नहीं बल्कि हर मोर्चे पर सम्मान और आदर देंगे। यात्रा को संबोधित करते हुए श्री हितानंद शर्मा ने कहा कि आपरेशन सिंदूर की सफलता के पश्चात् आयोजित सिंदूर यात्रा सेना के सम्मान में है। उन्होंने कहा कि हमारी बहनों के सिंदूर पर हमला करने वालों को हमारे सैनिकों ने घर में घुस कर मारा है। देश का एक-एक नागरिक सेना के अदम्य साहस के साथ है। हम सब मिल कर श्रेष्ठ भारत का निर्माण कर रहे है। यात्रा में उपस्थित मातृशक्ति को भोपाल नगर की महापौर श्रीमती मालती राय मे भी संबोधित किया। यात्रा पिपलानी गोविन्दपुरा में यादव टी स्टॉल से प्रारंभ होकर पिपलानी पेट्रोल पंप पर सम्पन्न हुई। यात्रा में स्थानीय जनप्रतिनिधि और हजारों की संख्या में मातृ शक्ति ने भाग लिया।   recent visitors 73

इमरान मसूद ने कहा- हमें तो पीओके की उम्मीद थी, लेकिन, सीजफायर का ऐलान हो गया

लखनऊ कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने गुरुवार को राजस्थान के बीकानेर में पीएम मोदी के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा कि जो सिंदूर मिटाने निकले थे, उन्हें मिट्टी में मिलाया है। इमरान मसूद ने कहा कि हमें तो पीओके की उम्मीद थी। लेकिन, सीजफायर का ऐलान हो गया। मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस सांसद ने कहा कि बीकानेर में पीएम मोदी ने जो कहा है, वह बिल्कुल सही कहा है, उनके पास इनपुट होगा। इसीलिए, जनता के सामने उन्होंने कहा, लेकिन, उन्हें यह भी बताना चाहिए कि हमने इन आतंकियों को मार गिराया। हमें उम्मीद थी कि हम पीओके पर नियंत्रण कर लेंगे। हमारी सेना तो पीओके में घुस गई थी। पीओके पर बटन दबाना था, लेकिन सीजफायर का बटन दबा दिया। अगर सीजफायर नहीं होता तो आज पीओके भारत का होता। उन्होंने सीजफायर पर कहा कि क्या हम ट्रंप के गुलाम हैं, नहीं हैं तो फिर सीजफायर क्यों? सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के विदेश जाने पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि देश के भीतर हमारे जो भी मतभेद हो सकते हैं, वह हमारा आंतरिक मामला है। लेकिन, जब हम विदेश जाएंगे, तो हम एकता के साथ जाएंगे, हम देश के लिए बोलेंगे, हम केवल भारत के हितों का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसके अलावा कुछ नहीं। सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल पर कांग्रेस नेता आनंद शर्मा के बयान पर इमरान मसूद ने कहा कि देश के लिए हम एक हैं, हम बाहर जाएंगे तो अलग-अलग नहीं बोलेंगे। सभी एक स्वर में ही बोलेंगे। छत्तीसगढ़ नक्सली मुठभेड़ पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, "कोई भी राष्ट्र विरोधी ताकत, चाहे वह कोई भी हो, उससे सख्ती से निपटा जाना चाहिए और उसे पूरी तरह से कुचल दिया जाना चाहिए।" बता दें कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवादियों के खिलाफ सरकार युद्ध स्तर पर अभियान चला रही है। केंद्र सरकार मार्च 2026 तक देश-प्रदेश से नक्सलवाद के खात्मे के संकल्प को अंजाम देने में जुटी है। इस अभियान में लगातार सफलताएं भी मिल रही हैं। recent visitors 59

कांग्रेस बेबुनियाद बयान दे रही है- चाहे वह जयराम रमेश हों, खड़गे हों या राहुल गांधी, ये सब खोखली बातें हैं: गिरिराज सिंह

पटना केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि पीएम मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में जहां एक तरफ हम आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ हम उग्रवाद को खत्म करने के मिशन पर काम कर रहे हैं। पीएम मोदी ने देश से उग्रवाद को खत्म करने का संकल्प लिया है। गुरुवार को मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने मिलकर उग्रवाद को खत्म करने का संकल्प लिया है। गिरिराज सिंह ने छत्तीसगढ़ प्रदेश का एक उदाहरण देते हुए कहा कि यहां पर कांग्रेस ने कभी भी अपनी सरकार के दौरान उग्रवाद पर चोट नहीं पहुंचाई, कार्रवाई करने के लिए सपोर्ट तक नहीं किया। लेकिन आपने देखा होगा कि जब से यहां पर डबल इंजन की सरकार बनी है, उग्रवाद की लगातार कमर तोड़ी जा रही है। जिस तरह से राज्य सरकार कार्रवाई कर रही है, आने वाले समय में देश से उग्रवाद का सफाया हो जाएगा। सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के विदेशी दौरे पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि यह प्रतिनिधिमंडल 33 देशों का दौरा करेगा। जेडीयू से सांसद संजय झा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल टोक्यो पहुंचा है। यह प्रतिनिधिमंडल दुनिया के सामने भारत का दृष्टिकोण रखेगा। कांग्रेस बेबुनियाद और निरर्थक बयान दे रही है- चाहे वह जयराम रमेश हों, मल्लिकार्जुन खड़गे हों या राहुल गांधी, ये सब खोखली बातें हैं। क्या पीआर बढ़ाने के लिए प्रतिनिधिमंडल विदेश जाएगा? इन लोगों को शर्म आनी चाहिए। देश की बात दुनिया को बताना राष्ट्रीयता की बात है। जो देश के विरोध में बयान देगा, उसे देश विरोध में लिया जाएगा। बता दें कि सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस के कुछ सांसदों को शामिल किया गया है, जिसमें शशि थरूर भी शामिल हैं। वहीं कांग्रेस का कहना है कि केंद्र ने उन नामों को अस्वीकार कर मनमानी चलाई है, जो पार्टी ने सरकार को सुझाए थे। खासकर शशि थरूर को प्रतिनिधिमंडल में लेने को लेकर कांग्रेस खेमे में नाराजगी है। वहीं, थरूर का कहना है कि वह प्रतिनिधिमंडल का सदस्य बनकर सम्मानित महसूस कर रहे हैं। देश सेवा उनके लिए गर्व की बात है। recent visitors 74

उनका विद्यार्थी जीवन आईटीआई से जुड़ा रहा है और यही उनकी पहचान का आधार भी रहा: मंत्री टेटवाल

भोपाल कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम टेटवाल ने उज्जैन स्थित शासकीय संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) में सीमेंस कंपनी के सीएसआर फंड से निर्मित अत्याधुनिक प्रयोगशाला का शुभारंभ किया। मंत्री श्री टेटवाल ने कहा कि उनका विद्यार्थी जीवन आईटीआई से जुड़ा रहा है और यही उनकी पहचान का आधार भी रहा है। उन्होंने कहा कि इस संस्थान में आकर गौरव का अनुभव हो रहा है। सभी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि आईटीआई न केवल शिक्षा का माध्यम है, बल्कि आत्मनिर्भरता की दिशा में एक मजबूत रास्ता भी है। मुख्यमंत्री की प्राथमिकता में तकनीकी संस्थान, प्रशिक्षण में गुणवत्ता को केंद्र में रखा गया है मंत्री श्री टेटवाल ने कहा कि तकनीकी शिक्षा को उन्नत बनाने की दिशा में ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशिक्षण केंद्रों में अत्याधुनिक संसाधनों से युक्त प्रयोगशालाएं तैयार की जा रही हैं जिससे विद्यार्थी व्यवहारिक ज्ञान के साथ स्वरोजगार और प्लेसमेंट के लिए तैयार हो सकें। उज्जैन में तैयार यह लैब उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। भोपाल में ग्लोबल स्किल पार्क, उन्नत तकनीकों में प्रशिक्षण से जुड़ते युवा मंत्री श्री टेटवाल ने कहा कि भोपाल में विकसित ग्लोबल स्किल पार्क जैसे संस्थान युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, इंडस्ट्री 4.0, मेक्ट्रोनिक्स, एआर/वीआर और ड्रोन टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में दक्ष बना रहे हैं। प्रशिक्षण के बाद युवाओं को 100 प्रतिशत प्लेसमेंट के अवसर मिल रहे हैं, साथ ही स्वरोजगार की संभावनाएं भी मजबूत हुई हैं। हर क्षेत्र में बेटियां आगे, पहचान और प्रतिनिधित्व दोनों में दिख रही सफलता मंत्री श्री टेटवाल ने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में परचम लहरा रही हैं। विभिन्न स्तरों पर उन्हें बेहतर प्रतिनिधित्व मिल रहा है और वे न केवल प्रदेश बल्कि देशभर में अपनी उपलब्धियों हासिल कर रही है। आईटीआई संस्थानों में भी बेटियों की भागीदारी उल्लेखनीय है, जिससे तकनीकी शिक्षा का दायरा और प्रभाव दोनों बढ़ा है। इस अवसर पर विधायक अनिल जैन, जॉइंट डायरेक्टर सुनील कुमार ललावत, आईएमसी चेयरमैन राजेश गर्ग सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक और प्रशिक्षु उपस्थित रहे।   recent visitors 58

मध्यप्रदेश की डिजाइन से 220 और 132 के.व्ही. के टॉवर छत्तीसगढ़ में होंगे तैयार

भोपाल ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बाताया है कि छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी का तकनीकी ज्ञान अब मध्यप्रदेश के विद्युत विस्तार में योगदान देगा। छत्तीसगढ़ 400 केवी के टॉवर की डिजाइन मध्यप्रदेश को देगा और मध्यप्रदेश के 220 केवी और 132 केवी के टॉवर की डिजाइन लेगा। इस तकनीक व कौशल के आदान-प्रदान से दोनों प्रदेश की पॉवर कंपनी का लाभ होगा। इस नई तकनीक से ट्रांसमिशन कंपनी के विशाल टावरों के स्थापना में कम भूमि की जरूरत पड़ेगी। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के अध्यक्ष श्री सुबोध कुमार सिंह ने कहा कि प्रौद्योगिकियों के परस्पर विनियम से सभी पक्षों की दक्षता बढ़ती है। इसका लाभ दोनों राज्यों को मिलना सुखद है। प्रौद्योगिकीय उन्नयन से ही भावी चुनौतियों का सामना किया जा सकेगा। एमडी श्री राजेश कुमार शुक्ला ने कहा कि दोनों कंपनी के आपसी सहयोग व तकनीक साझेदारी का लाभ दोनों राज्यों को मिलेगा। इससे अत्याधुनिक पारेषण प्रणाली, तकनीक और प्रशिक्षण का आदान-प्रदान हो सकेगा। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी और मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के बीच जबलपुर के शक्ति भवन में अनुबंध हुआ। इसमें छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के कार्यपालक निदेशक (योजना, वाणिज्यिक एवं विनियामक मामले) श्री के. एस. मनोठिया और मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के कार्यपालक निदेशक श्री समीर नगोटिया (वाणिज्यिक एवं विनियामक मामले) ने हस्ताक्षर किये। इस अवसर पर एमपीपीटीसीएल के प्रबंध निदेशक इंजी. सुनील तिवारी विशेष रूप से उपस्थित थे। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी को 400 केवी अति उच्च दाब टॉवर खड़ा करने में विशेष दक्षता हासिल है। इसकी डिजाइन को छत्तीसगढ़ ने केंद्रीय विद्युत अनुसंधान संस्थान (सीपीआरआई) बैंगलोर को भेजा था, जहां वेटिंग, चेकिंग और स्क्रूटनी के पश्चात् टॉवर स्ट्रक्चर की डिजाइन को बेहतर माना गया। मध्यप्रदेश में 220 केवी और 132 केवी के अतिउच्च दाब टॉवर की नेरो बेस डिजाइन बेहतर मानी जाती है, जिसमें कम जमीन का उपयोग करते हुए सकरे फाउंडेशन में विशाल टॉवर खड़े किये जाते हैं। खासकर शहर में जमीन की उपलब्धता कम होने पर इस डिजाइन की अधिक आवश्यकता थी। इस डिजाइन में जहां सामान्य टॉवर के लिए जो जगह फाउंडेशन में लगती थी, उससे अब लगभग आधी लगेगी। इससे टॉवर खड़ा करने में लगने वाली किसानों की कम जमीन प्रभावित होगी।   recent visitors 51

तिरंगा यात्रा में शामिल अनुराग ठाकुर ने कहा- हमारे वीर जवानों ने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया

पांवटा साहिब पहलगाम में हुए आतंकी हमले का भारतीय सेना ने जोरदार बदला लिया। 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान और पीओके के आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना ने अटैक करते हुए कड़ी कार्रवाई की। वहीं, भारतीय सेना के सम्मान में भाजपा तिरंगा यात्रा निकाल रही है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर पांवटा साहिब में निकाली गई तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। तिरंगा यात्रा में शामिल अनुराग ठाकुर ने कहा, “हमारे वीर जवानों ने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया है। 'ऑपरेशन सिंदूर' ने यह साबित कर दिया कि भारत की सेना हर चुनौती का डटकर सामना करने में सक्षम है। यह तिरंगा यात्रा सैनिकों के साहस, बलिदान और शौर्य को सम्मान देने का एक छोटा सा प्रयास है।” तिरंगा यात्रा का उद्देश्य "ऑपरेशन सिंदूर" में भारतीय जवानों द्वारा दिखाए गए अदम्य साहस और पराक्रम को जन-जन तक पहुंचाना था। इस यात्रा के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर देश के वीर जवानों को सम्मान दिया और राष्ट्रभक्ति का संदेश फैलाया। रामलीला मैदान से शुरू हुई यह यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए नागरिकों को देशभक्ति के रंग में रंगती गई। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सामाजिक कार्यकर्ता और भाजपा विचारक अनुराग गुप्ता 'भूषण' उपस्थित रहे। अनुराग गुप्ता का हिमाचल की सामाजिक व राजनीतिक गतिविधियों में अहम योगदान रहा है। वह पिछले दो दशकों से राष्ट्रसेवा और जन-जागरण के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जगाने वाले कई अभियानों का नेतृत्व कर चुके हैं और कई बार भाजपा की विचारधारा को जनमानस तक पहुंचाने में प्रमुख भूमिका निभा चुके हैं। वह ‘भूषण’ उपनाम से प्रसिद्ध हैं और एक चिंतक, वक्ता और प्रेरक व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते हैं। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति गीत और नारों की गूंज से वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया। वहीं, सभी के हाथ में झंडे भी थे। यह यात्रा न केवल एक सामूहिक आयोजन था, बल्कि यह उन वीर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता का भी प्रतीक था, जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर देश की रक्षा की। इस यात्रा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, पांवटा साहिब से विधायक सुखराम चौधरी, जिला भाजपा अध्यक्ष सहित कई मंडल अध्यक्ष और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे। recent visitors 67