नर्मदापुरम जिले की भूमि उपजाऊ एवं समृद्ध है, यहां कृषि आधारित उद्योग लगाने के लिए शासन कृत-संकल्प: मुख्यमंत्री

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि  नर्मदापुरम जिले की भूमि उपजाऊ एवं समृद्ध है, यहां कृषि आधारित उद्योग लगाने के लिए शासन कृत-संकल्प है। नर्मदापुरम के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी। नर्मदापुरम में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित कर निवेश को प्रोत्साहित किया गया है। आने वाले समय में नर्मदापुरम औद्योगिक रूप से विकसित जिला बनेगा। मुख्यमंत्री ने गुरूवार को सिवनी मालवा में 97.07 करोड़ के 31 कार्यों का लोकार्पण एवं 102.94 करोड के 48 कार्यों का भूमि-पूजन किया। मुख्यमंत्री ने सिवनी मालवा में खेल स्टेडियम बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नर्मदापुरम जिला ऐतिहासिक एवं धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। हमारे देश की पहचान कृषि से होती है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने किसानों, युवाओं, महिलाओं एवं श्रमिक सभी वर्ग के लिए योजनाऐं बनाई हैं। मध्यप्रदेश शासन भी गरीब वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारतीय सेना के पराक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना ने दुश्मनों को परास्त किया। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति जियो और जीने दो पर आधारित है। पूरी पृथ्वी हमारा परिवार है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारा प्रदेश देश के मध्य में है इसलिए हमारी जवाबदेही और जिम्मेदारी ज्यादा है। उन्होंने कहा कि राज्य शासन ने इस बार 2600 रूपए प्रति क्विंटल के मान से किसानों से गेहूं खरीदा है। आने वाले समय में हम 05 लाख के सोलर पंप पर 90 प्रतिशत अनुदान देंगे। सोलर पंप में जो मीटर लगेगा उससे किसानों को नि:शुल्क में बिजली मिलेगी और आने वाले समय में सरकार किसानों से बिजली भी खरीदेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 26 मई को नरसिंहपुर जिले में किसान उद्योग समागम मेले का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय इस मेले में अत्याधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन किया जाएगा। आने वाले समय में रीवा सतना और चंबल में भी ऐसे ही मेले आयोजित किये जाऐंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शासन ने हर खेत में सिंचाई के लिये पानी पहुचाने का संकल्प लिया है। पहले प्रदेश के 7 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा थी जिसे बढ़ाकर 55 लाख हेक्टेयर सिंचाई क्षमता विकसित कर ली गई है। आने वाले समय में 100 लाख हेक्टेयर में सिंचाई के लिए जल उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाडियों को प्रोत्साहित करने में कोई कोर कसर नहीं छोड रही है। नर्मदापुरम जिले के हॉकी खिलाडी विवेक सागर को ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करने पर एक करोड की प्रोत्साहन राशि दी गई थी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि युवा वर्गों को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष 01 लाख सरकारी पदों पर भर्तियां की जाएगी। साथ ही आगामी 5 वर्षों में ढाई लाख सरकारी पद भरे जाऐंगे। उन्होंने कहा कि विगत 15 वर्षों में इस वर्ष 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट सबसे बेहतर आया है। इस वर्ष सरकारी स्कूल के बच्चों ने प्रावीण्य सूची में अपना स्थान बनाया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए एक अभिनव गोपालक योजना प्रारंभ की जाएगी। जो किसान 200 गिर गाय खरीदेंगे उन्हें 25 प्रतिशत तक की अनुदान राशि दी जाएगी। किसानों से दूध खरीदा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब राज्य परिवहन निगम की बसें गांव गांव तक जाऐंगी। उन्होने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले को 25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब आयुष्मान कार्ड धारी गंभीर मरीजों को चिकित्सालय पहुंचाने के लिए एयर एंबुलेंस सेवा शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि चित्रकूट को अयोध्या की तरह ही भव्य बनाया जाएगा और जहां भगवान श्री राम के चरण पड़े हैं उन मार्गो पर तीर्थ स्थान बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को प्रमाण पत्र एवं उपकरण वितरित किये।       इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री एवं नर्मदापुरम जिले के प्रभारी मंत्री श्री राकेश सिंह पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, नरसिंहपुर-होशंगाबाद सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, सोहागपुर विधायक श्री विजयपाल सिंह, पिपरिया विधायक श्री ठाकुरदास नागवंशी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री सुरेश पचौरी एवं अन्य जनप्रतिनिधि सहित बडी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं महिलाऐं उपस्थित रहीं। recent visitors 67

हाई कोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ में भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा लगाने को लेकर उपजा विवाद अभी नहीं थमा

ग्वालियर हाई कोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ में भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा लगाने को लेकर उपजा विवाद अभी थमा नहीं है। प्रतिमा हाई कोर्ट में लगाने की मांग को लेकर भीम आर्मी ने फूलबाग पर प्रदर्शन किया। फूलबाग से लेकर पड़ाव इलाका पुलिस छावनी बना हुआ था। यहां सुबह से ही पुलिस बल तैनात था। भीम आर्मी के प्रदेशाध्यक्ष अनिल बिसारिया सहित जिले के पदाधिकारी व कार्यकर्ता यहां इकट्ठे हुए।   इसके बाद रैली निकाली। यह लोग कलेक्ट्रेट तक रैली निकालने की मांग कर रहे थे।लेकिन पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने इसकी अनुमति नहीं दी। मानस भवन से फूलबाग स्थित चौपाटी तक यह लोग नारेबाजी करते हुए पैदल चले। इसके बाद यहां काफी पुलिस बल तैनात था। recent visitors 57

टी बी मुक्त भारत अभियान के लिए हुई बैठक, फोकस बेस्ड एप्रोच आधारित गतिविधियों पर होगा जोर- सी एम एच ओ

भोपाल टीबी मुक्त भारत अभियान की तैयारियों को लेकर मैदानी कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई । बैठक में टीबी उन्मूलन के लिए फोकस्ड एप्रोच पर कार्य करने की रणनीति पर चर्चा की गई। जिसके तहत मधुमेह के मरीजों, कुपोषित, धूम्रपान करने वाले, शराब सेवन करने वाले, पूर्व टीबी मरीज, संपर्क व्यक्ति और एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों को लक्षित कर गतिविधियों का आयोजन किए जाने पर जोर दिया जाएगा।  टीबी मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य उच्च जोखिम वाले मरीजों की स्क्रीनिंग, जांच, और उपचार प्रदान करना है। इसके पूर्व प्रदेश के 23 उच्च-प्राथमिकता वाले जिलों में 100  दिवसीय निक्षय शिविरों का आयोजन 7 दिसंबर से 25 मार्च 2025 तक आयोजित किया गया था। जिसे विस्तार देते हुए पूरे प्रदेश में अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत पंचायतों,  शहरी स्थानीय निकायों, स्वसहायता समूहों, जन आरोग्य समिति, महिला आरोग्य समिति, ग्राम स्वास्थ्य पोषण एवं स्वच्छता समिति के साथ मिलकर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। नए निक्षय मित्रों और टीबी चैंपियंस/विजेताओं की पहचान की जाएगी, ताकि उनकी सहभागिता से अभियान को और गति दी जा सके। त्योहारों और मेलों के दौरान धार्मिक गुरुओं के माध्यम से जागरूकता संदेश प्रसारित किए जाएंगे, और स्कूलों और कॉलेजों में कला और सांस्कृतिक गतिविधियाँ, रैलियाँ आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा, टीबी शपथ के आयोजन, स्वास्थ्य विभाग के अलावा अन्य सरकारी विभागों में "नि-क्षय सप्ताह" के आयोजन के तहत जागरूकता सत्र, निक्षय शिविर, प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएंगी। जिला क्षय उन्मूलन अधिकारी डॉ प्रांजल खरे ने बताया कि अभियान के तहत विभिन्न शिविरों का आयोजन प्रमुख सार्वजनिक स्थानों जैसे रेलवे और बस स्टेशनों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और स्वास्थ्य केंद्रों पर किया जाएगा। नि-क्षय शिविरों का आयोजन कारखानों, उद्योगों, ईंट भट्टों, निर्माण स्थलों, क्रेशरों पर किया जायेगा, ताकि श्रमिक वर्ग और अन्य संवेदनशील वर्गों तक इस अभियान का लाभ पहुँच सके।  मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत अभियान का उद्देश्य टीबी उन्मूलन के प्रयासों को और अधिक गति देना और जन-जागरूकता को बढ़ावा देना है। अभियान के तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से उच्च जोखिम वाले व्यक्तियों और टी.बी. के मरीजों की स्क्रीनिंग, जांच एवं जागरूकता गतिविधियां की जाएगी। recent visitors 53

भिंड के बीजेपी विधायक के बयान से गर्माई राजनीति, ‘अगर मैं दहाड़ा तो तुम्हारी पेशाब छूट जाएगी’

भिंड लहार से भाजपा विधायक अंबरीश शर्मा का विवादित बयान गुरुवार को इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हुआ है, जिसमें वह कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि जो लोग कहते हैं कि विधायक छिपता फिर रहा है, मैं उन चोरों को बता दूं, अगर मैं दहाड़ा तो तुम्हारी पेशाब छूट जाएगी। मैंने तलवार टेक कर रख दी है। मुख्यमंत्री मोहन यादव के लहार में शुक्रवार को विकास कार्यों के लोकार्पण के लिए संभावित दौरे से ठीक एक दिन पहले सामने आने से राजनीति गर्मा गई है। कांग्रेस ने विधायक के बयानों को राजनीतिक मर्यादा का उल्लंघन करार दिया है।   विधायक ने बुधवार को सरजू वाटिका में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक ली थी। इसी बैठक का वीडियो है। इसमें बिना नाम लिए कांग्रेस नेता व पूर्व नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह के समर्थकों की ओर इशारा करते हुए कहा। कुछ चमचे तो इतने उतावले हो गए हैं कि बोल रहे हैं उपचुनाव होने वाला है। वो सुन लें जब तक मैं हूं, तुम्हारा आका अब जिंदगी में विधायक नहीं बनेगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मान सिंह कुशवाहा ने बयान की निंदा करते हुए कहा कि विधायक तलवारों का डर दिखा रहे हैं तो तलवारें सभी की धारदार हैं। recent visitors 69

इन प्रतिनिधिमंडलों का कुछ असर नहीं होगा, सभी जानते हैं कि सदस्य सैर का आनंद उठा रहे हैं: सुब्रमण्यम स्वामी

पटना पूर्व केंद्रीय मंत्री सुब्रमण्यम स्वामी ने गुरुवार को कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान पाकिस्तान पर और प्रहार किया जाना चाहिए था। पटना के जय प्रकाश नारायण हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में पूर्व राज्यसभा सदस्य ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमला ‘हमारी सभ्यता के इतिहास' की सबसे क्रूर घटनाओं में से एक है। ‘ऑपरेशन सिंदूर' और उसके बाद की घटनाओं को लेकर संवाददाताओं के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, ‘‘पाकिस्तान ने पहलगाम में नरसंहार की साजिश रचकर संघर्ष शुरू किया, जो हमारी सभ्यता के इतिहास की सबसे क्रूर घटनाओं में से एक है।'' उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह, पाकिस्तान पर और प्रहार किया जाना चाहिए था।'' स्वामी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर' के बाद सरकार के कूटनीतिक प्रयासों के तहत दुनिया के विभिन्न हिस्सों में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल भेजे जाने के कदम को महत्व नहीं दिया। उन्होंने कहा, ‘‘इन प्रतिनिधिमंडलों का कुछ असर नहीं होगा। सभी जानते हैं कि सदस्य सैर का आनंद उठा रहे हैं।''   recent visitors 62

आरसीबी ने जैकब बेथेल की जगह न्यूजीलैंड के विस्फोटक बल्लेबाज टिम सीफर्ट को अपनी टीम में जोड़ा

नई दिल्ली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के प्लेऑफ में पहुंचने के बाद एक तगड़ा चाल चली हैं। उन्होंने युवा इंग्लिश ऑलराउंडर जैकब बेथेल, जो आज खेले जाने वाले मैच के बाद आरसीबी कैंप छोड़कर घर लौट रहे हैं, उनके रिप्लेसमेंट का एलान हो गया है। आरसीबी ने जैकब बेथेल की जगह न्यूजीलैंड के विस्फोटक बल्लेबाज टिम सीफर्ट को अपनी टीम में जोड़ा। उन्हें आरसीबी ने अपने आईपीएल 2025 के बाकी बचे हुए मैचों के लिए बतौर रिप्लेसमेंट टीम में शामिल किया गया। उन्हें 2 करोड़ रुपये में खरीदा गया। RCB में Tim Seifert की हुई एंट्री दरअसल. न्यूजीलैंड के युवा बल्लेबाज टिम सीफर्ट (Tim Seifert) को आरसीबी ने पहले साथ जोड़ा हैं। वह इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के लिए आईपीएल में खेल चुके हैं। उन्होंने IPL 2021 में KKR के लिए सिर्फ एक मैच खेला था, जबकि DC के लिए, उन्होंने दो पारियों में 24 रन बनाए थे। सीफर्ट को 2 करोड़ रुपये में आरसीबी ने शामिल किया गया। 27 मई को लखनऊ के खिलाफ आरसीबी की टीम के आखिरी लीग मैच के लिए वह उपलब्ध होंगे। 30 साल के टिम ने न्यूजीलैंड के लिए 66 टी20I मैचों में 28 की औसत और 142.85 के स्ट्राइक रेट से 1540 रन बनाए हैं, जिसमें 10 अर्धशतक शामिल हैं। जैकब बेथेल का बने रिप्लेसमेंट जैकब बेथेल को चोटिल फिल सॉल्ट का रिप्लेसमेंट बनाया गया था। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ 12 रन बनाए थे। अगले मैच में उन्होंने 55 रन बनाए और विराट कोहली के साथ 97 रनों की शुरुआती साझेदारी की थी। बाएं हाथ का स्पिनर अभी तक IPL में गेंदबाजी नहीं कर पाया है, जिन्हें मेगा ऑक्शन में 2.60 करोड़ रुपये में खरीदा गया था। अब जैकब बेथेल को 29 मई से बर्मिंघम के एजबेस्टन में शुरू हो रही इंग्लैंड की तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए इंग्लैंड की टीम में चुना गया है। वह नेशनल डियूटी की वजह से टूर्नामेंट को बीच में छोड़कर जा रहे हैं। मौजूदा समय में आरसीबी की टीम अंक तालिका में दूसरे पायदान पर है, जिन्होंने 12 मैचों खेलकर 17 अंक हासिल किए। अगर आरसीबी की टीम अगर अपने आखिरी लीग मैच को जीत जाती है तो वह शीर्ष दो में फिनिश करेंगे और क्वालीफायर 1 में खेलेंगे। recent visitors 57

कानपुर में आंधी-तूफान, गर्मी के मौसम में खेत की जोताई से हानिकारक कीड़े-मकोड़े और खर-पतवारद खत्म हो जाते हैं

कानपुर चक्रवात का जो सिस्टम पिछले सप्ताह भर से दिल्ली व आस – पास और झारखंड, बिहार होते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश में पानी बरसा रहा था वह बुधवार की आधी रात में कानपुर में सक्रिय हुआ तो अप्रत्याशित मौसम का नजारा देखने को मिला। आधी रात में लगभग डेढ़ से पौने दो घंटे के दौरान 53 किमी प्रति घंटा की अधिकतम गति से चक्रवाती हवा चली। बढ़ती गर्मी और चक्रवाती सिस्टम के साथ आई आर्द्र हवा ने रात में 24.2 मिमी तक पानी बरसा दिया। इससे खेती -किसानी को कोई नुकसान नहीं हुआ बल्कि किसानों को गेहूं के कटे खेतों की जोताई का मौका मिल गया है। कृषि विज्ञानियों के अनुसार गर्मी के मौसम में खेत की जोताई से हानिकारक कीड़े-मकोड़े और खर-पतवारद खत्म हो जाते हैं। चक्रवाती मौसम की वजह से कानपुर और आस -पास के क्षेत्रों में वर्षा भी एक जैसी नहीं हुई है। मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नम हवाओं का आना कई दिनों से बना हुआ है। अरब सागर की हवा राजस्थान से आगरा होते हुए मैनपुरी -कन्नौज होकर बह रही थी जबकि बंगाल की खाड़ी से उठी हवा झारखंड, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश होते हुए हिमालय की तलहटी में बह रही थी। इन दोनों ओर की हवा के प्रवाह के टकराने और कानपुर व आस – पास में हवा का निम्न दबाव क्षेत्र बनने से चक्रवात सिस्टम सक्रिय हो गया। यही वजह है कि चक्रवाती हवा ने अलग -अलग पाकेट में अपना असर दिखाया और तेज आंधी -तूफान के साथ वर्षा का कारण बनी। अप्रत्याशित चक्रवाती सिस्टम बुधवार की रात 12 बजे के बाद सक्रिय हुआ है और अगले से डेढ़ से पौने दो घंटे में जमकर वर्षा करा गया। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम केंद्र में 24.2 और एयरफोर्स स्टेशन चकेरी में 31.6 मिमी वर्षा दर्ज हुई है लेकिन उन्नाव और कानपुर देहात, इटावा में पांच से सात मिमी के अंदर ही पानी बरसा है। कैसा रहेगा मौसम डा. पांडेय के अनुसार चक्रवाती मौसम की वजह से आंधी -तूफान और वर्षा हुई है। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री रहा जो सामान्य से 6.3 डिग्री कम है। जबकि न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री रहा जो सामान्य से 5.2 डिग्री कम है। वातावरण में अधिकतम आर्द्रता 84 प्रतिशत रही है। अब अगले दो से तीन दिन तक मौसम में नमी और गर्मी तो रहेगी लेकिन चक्रवाती तूफान के आसार नहीं हैंं। किसानों को मिलेगा जोताई का मौका सीएसए के आनुवांशिक एवं पादप प्रजनन विभाग के अध्यक्ष डा. विजय कुमार यादव ने बताया कि चक्रवाती मौसम के कारण हुई इस वर्षा से खेती कोई नुकसान नहीं होगा। उड़द और मूंग की फसलों में जहां सिंचाई करनी थी वहां अब जरूरत नहीं होगी। इसके अलावा खाली पड़े खेतों की जोताई की जा सकेगी। इससे खेतों में मौजूद हानिकारक खर -पतवार और कीड़े नष्ट हो जाएंगे। इन जिलों में बरसा पानी कानपुर नगर – 24.2 मिमी एयरफोर्स स्टेशन – 31.6 मिमी कन्नौज – 13.1 मिमी कानपुर देहात – 6.9 मिमी इटावा – 5.8 मिमी उन्नाव – 5.2 मिमी औरेया – 0.2 मिमी ऐसा रहा तापमान (सीएसए केंद्र का) दिनांक अधिकतम न्यूनतम 22 मई 34.1 20.6 21 मई 37.7 28.0 20 मई 39.7 26.2 19 मई 39.3 27.2 18 मई 42.2 25.4 17 मई 38.7 28.5 16 मई 42.2 28.0 15 मई 42.2 24.0 14 मई 40.4 24.6 13 मई 40.2 24.0 12 मई 39.0 : 28.0 11 मई 40.8 26.4 नोट : तापमान डिग्री सेल्सियस में है recent visitors 64