भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन से जुड़ी प्रक्रियाओं को सरल व सुविधा जनक बनाने के लिए 18 नई पहल शुरू की गई

भोपाल भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन से जुड़ी प्रक्रियाओं को सरल व सुविधा जनक बनाने के लिए 18 नई पहल शुरू की गई है। आयोग द्वारा मतदान केन्द्र पर मतदाताओं की अधिकतम संख्या 1200 तक सीमित कर दी गई है। ऊंची इमारतों/कॉलोनियों में अतिरिक्त मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे। मतदाता सूची अद्यतनीकरण के लिए, मृत्यु पंजीकरण का डेटा सीधे आरजीआई डेटाबेस से प्राप्त किया जाएगा। सत्यापन के बाद इसे अद्यतन किया जाएगा। मतदाता सूचना पर्चियों को मतदाताओं के लिए अधिक अनुकूल बनाया जाएगा। मतदाता की क्रम संख्या और भाग संख्या अब अधिक प्रमुखता से प्रदर्शित की जाएगी। सीईओ/डीईओ/ईआरओ स्तर पर अखिल भारतीय सर्वदलीय बैठकें आयोजित की गईं। 4 हजार 719 बैठकें आयोजित की गईं। इसमें (सीईओ-40/डीईओएस-800/ईआरओएस-3879) और 28,000 से अधिक राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों आप/भाजपा/बसपा/माकपा/एनपीपी के प्रमुखों के साथ चुनाव आयोग ने बैठकें की। आईआईआईडीईएम (बिहार, तमिलनाडु और पुडुचेरी) में राजनीतिक दलों के बूथ स्तर के एजेंटों के लिए क्षमता निर्माण कार्यक्रम किया गया। सभी हितधारकों को एक ही स्थान पर सभी सेवाएं प्रदान करने के लिए नए एकीकृत डैशबोर्ड – ECINET की शुरूआत की गई। डुप्लिकेट ईपीआईसी नंबर के मुद्दे का समाधान किया गया। अद्वितीय ईपीआईसी नंबर के लिए नई व्यवस्था लागू की गई। मतदाता सूची तैयार करने और चुनाव कराने की पूरी प्रक्रिया में 28 हितधारकों की पहचान की गई, जिनमें जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1950, 1951, मतदाता पंजीकरण नियम 1960, चुनाव संचालन नियम, 1961 और समय-समय पर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों के आधार पर मतदाता, चुनाव अधिकारी, राजनीतिक दल, उम्मीदवार और अन्य शामिल हैं। इनमें से प्रत्येक हितधारक के लिए आयोग के अधिनियमों, नियमों और निर्देशों के आधार पर प्रशिक्षण प्रस्तुतियाँ तैयार की जा रही हैं। बीएलओ से मानक फोटो पहचान पत्र प्राप्त किया जाएगा। आईआईआईडीईएम, नई दिल्ली में क्षमता निर्माण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। 3000 से अधिक बूथ स्तरीय पर्यवेक्षकों को पहले ही IIIDEM में प्रशिक्षित किया जा चुका है। अगले कुछ वर्षों में 1 लाख से अधिक बीएलओ पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। आईआईआईडीईएम में सभी 36 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के सीईओ कार्यालयों के एसएमएनओएस और एमएनओ के लिए अभिविन्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। आईआईआईडीईएम में बिहार के पुलिस अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण आयोजित किया गया। बायोमेट्रिक उपस्थिति का कार्यान्वयन किया गया। ई-ऑफिस का संचालन और क्रियान्वयन के लिये सीईओ के साथ नियमित बैठक की जा रही है। recent visitors 72

सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने टोक्यो में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की

टोक्यो जेडीयू से सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने टोक्यो के एडोगावा में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करके अपनी जापान यात्रा शुरू की। इसके बाद सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को टोक्यो में जापान के शीर्ष नेताओं से मुलाकात की और ऑपरेशन सिंदूर के वैश्विक आउटरीच अभियान के तहत आतंकवाद के खिलाफ भारत के अडिग रुख की पुष्टि की। इस प्रतिनिधिमंडल में जेडीयू से सांसद झा, भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी और बृजलाल, तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी, सीपीआई (एम) के राज्यसभा सदस्य जॉन बैरिटास और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद शामिल हैं। यह प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को टोक्यो पहुंचा। इनके पहुंचने के बाद से ही 'ऑपरेशन सिंदूर' पर भारत की व्यापक कूटनीतिक पहल की शुरुआत भी हो गई। जेडीयू सांसद ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "टोक्यो के एडोगावा में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करके अपनी यात्रा की शुरुआत की। जुलाई 2024 में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इस प्रतिमा का अनावरण किया था। यह शांति और भारत-जापान मित्रता का प्रतीक है। जापान में बापू की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करना उनके अहिंसा और सद्भाव के शाश्वत सिद्धांतों के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है।" यह प्रतिनिधिमंडल ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा देने में पाकिस्तान की भूमिका को उजागर करेगा। टोक्यो पहुंचने पर प्रतिनिधिमंडल का जापान में भारतीय राजदूत सिबी जॉर्ज ने स्वागत किया। इसके अतिरिक्त, प्रतिनिधिमंडल को राजदूत सिबी जॉर्ज द्वारा भी जानकारी दी गई, जिन्होंने जापानी नेतृत्व और नागरिक समाज के साथ जुड़ाव के लिए रणनीतिक रोडमैप की रूपरेखा प्रस्तुत की। 'एक्स' पर एक पोस्ट में अपराजिता सारंगी ने लिखा, "यहां भारतीय दूतावास जापान में भारतीय राजदूत की ओर से प्रतिनिधिमंडल को ब्रीफिंग के साथ शुरुआत की गई। इसके अलावा, हम टोक्यो में एडोगावा गए और महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित की।" भारतीय प्रतिनिधिमंडल की यह यात्रा आतंकवाद के प्रति भारत की शून्य सहनशीलता नीति के लिए समर्थन जुटाने पर केंद्रित है। 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में 26 लोग मारे गए थे। टोक्यो स्थित भारतीय दूतावास ने कहा, "ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत ने जिस प्रकार का रुख दिखाया है, उसे यहां पर सभी कार्यक्रमों में उजागर किया जाएगा।" ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद को एक्सपोज करने के उद्देश्य से भारत सरकार की ओर से 59 सांसदों, पूर्व मंत्रियों, राजनयिकों और वरिष्ठ राजनीतिक नेताओं समेत 7 उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल 21 मई से 5 जून के बीच 33 देशों की यात्रा करेंगे। recent visitors 61

समग्र पोर्टल 22 से 26 मई तक अस्थाई रूप से रहेगा बंद

भोपाल मध्यप्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉरपोरेशन द्वारा संचालित समग्र पोर्टल एवं इससे संबंधित समस्त एप्लिकेशंस (Samagra / SPR / BPL / Web Services) के लिए सर्वर संधारण एवं सुधार कार्य किया जाना है। मेंटेनेंस गतिविधियों के लिए समग्र पोर्टल को दिनांक 22 मई शाम 7 बजे से लेकर 26 मई 2025 प्रातः 8 बजे तक अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा। प्राधिकृत अधिकारी से प्राप्त जानकारी अनुसार सर्वर मेंटेनेंस के बाद समग्र एप्लिकेशन की दक्षता और कार्यक्षमता में सुधार होगा, जिससे उपयोगकर्ताओं को समग्र एप्लिकेशन सॉफ्टवेर से और बेहतर सेवाएं प्राप्त होंगी।   recent visitors 54

मूंग की खेती के विकल्पों पर कृषि वैज्ञानिक करेंगे प्रबोधन, बैतूल, नर्मदापुरम और हरदा के कृषक करेंगे सहभागिता

भोपाल म.प्र. जन अभियान परिषद् और भारत भारती शिक्षा समिति के संयुक्त तत्वाधान में मूंग की वैकल्पिक फसलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक दिवसीय कृषक सम्मेलन आरै कार्यशाला का आयोजन 24 मई 2025 को भारत भारती परिसर, बैतूल में किया जाएगा। इस आयोजन में बैतूल, नर्मदापुरम और हरदा जिलों के चयनित कृषक सहभागिता करेंगे। उन्हें जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय एवं कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक वैकल्पिक फसलों पर प्रबोधन देंगे। जन अभियान परिषद् के निदेशक (सेल) डॉ. वीरेन्द्र कुमार व्यास ने बताया कि मूंग की फसल उत्पादन से प्रकृति और पर्यावरण को हो रहे नुकसान को देखते हुए मध्यप्रदेश शासन इसकी वैकल्पिक फसलों को प्राथमिकता देने की दिशा में प्रयासरत है। इसी कड़ी में कृषकों और समाज के उन्मुखीकरण के लिये यह कार्यशाला आयोजित की जा रही है। कार्यशाला में मूंग उत्पादक कृषकों के साथ जैविक कृषि से जुड़े कृषक भी शामिल होंगे। यहाँ नवाचार के विभिन्न आयामों पर चर्चा की जाएगी। म.प्र. जन अभियान परिषद् के उपाध्यक्ष श्री मोहन नागर ने बताया कि यह सम्मेलन मिट्टी सुपोषण, मानव स्वास्थ्य और स्वस्थ पर्यावरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसमें कृषक समुदाय की सक्रिय सहभागिता अपेक्षित है।   recent visitors 50

मध्यप्रदेश की स्वास्थ्य प्रणाली को समावेशी और रोगी-केंद्रित बनाने के प्रयास किए जा रहे: डॉ. सलोनी सिडाना

भोपाल मध्यप्रदेश की स्वास्थ्य प्रणाली को समावेशी और रोगी-केंद्रित बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिसमें हीमोफिलिया, सिकल सेल और अन्य गैर-संचारी रोगों के उपचार के लिए समान प्राथमिकता मिल रही है। एनएचएम द्वारा जिला और प्राथमिक स्तर पर रक्तस्राव विकारों के लिए विशेष सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। यह बात राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की संचालक डॉ. सलोनी सिडाना ने कही। उन्होंने कहा कि वर्तमान में हम एक हीमोफिलिया रजिस्ट्री तैयार कर रहे हैं। इसे अधिक गतिशील और पोर्टेबल बनाए जाने की आवश्यकता है ताकि रोगियों को किसी भी जिले में निर्बाध उपचार मिल सके। उन्होंने कहा कि क्लॉटिंग फैक्टर थेरेपी उपचार की आधारशिला है, लेकिन एमिसिज़ुमैब जैसी नॉन-फैक्टर थेरेपी अब संभावनाओं के नए द्वार खोल रही हैं, जिन्हें हमें राज्य की सेवा प्रणाली में सम्मिलित करने के तरीके तलाशने होंगे। इसके लिए रोगियों और स्वास्थ्यकर्मियों दोनों में जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है। एनएचएम भोपाल, हीमोफिलिया सोसाइटी, मध्यप्रदेश चैप्टर (भोपाल), गांधी मेडिकल कॉलेज भोपाल के संयुक्त तत्वाधान में प्रदेश में हीमोफिलिया से पीड़ित मरीजों के लिए समान, सुलभ और प्रभावी उपचार ढांचे की दिशा में ठोस नीति तैयार करने के उद्देश्य से एक दिवसीय बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में हीमोफिलिया के उपचार और प्रबंधन को लेकर महत्वपूर्ण सिफारिशें की गईं। प्रमुख राष्ट्रीय हेमेटोलॉजिस्ट, सार्वजनिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ, नीति निर्माता, रोगी प्रतिनिधि और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी बैठक में शामिल हुए।   recent visitors 51

सिवनी मालवा में भारत के वीर सैनिकों के सम्मान में निकली तिरंगा यात्रा

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को नर्मदापुरम जिले के सिवनी मालवा में देश के वीर सैनिकों के सम्मान में आयोजित "तिरंगा यात्रा" में शामिल हुए। अपार जोश और उल्लास के साथ तिरंगा यात्रा स्थानीय शासकीय कुसुम स्नातकोत्तर महाविद्यालय से प्रारंभ हुई और नर्मदापुरम मार्ग से होकर कृषि उपज मंडी प्रांगण में सम्पन्न हुई। तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. यादव तिरंगे फूलों से सजाए गए विशेष रथ में सवार थे। उन्होंने इस दौरान हाथ हिलाकर नागरिकों का अभिवादन किया। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा शहर राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो गया और आसमान "भारत माता की जय" और "वंदे-मातरम्" के उद्घोष से गुंजायमान हुआ। यात्रा में लोक निर्माण मंत्री एवं नर्मदापुरम जिले के प्रभारी मंत्री श्री राकेश सिंह, क्षेत्रीय सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, सिवनी मालवा विधायक श्री प्रेम शंकर वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। हाथों में राष्ट्रध्वज तिरंगा लिए सभी समुदायों और सभी आयु वर्ग के नागरिक बड़ी संख्या में इस तिरंगा यात्रा में भरपूर उत्साह के साथ शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस दौरान "तिरंगा यात्रा" में शामिल नागरिकों पर पुष्प वर्षा कर अभिनंदन किया। विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षिक संगठनो द्वारा आतिशबाजी की गई और तिरंगा यात्रा में शामिल नागरिकों पर पुष्प वर्षा भी की गई।   recent visitors 71

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की उत्तरप्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदी बेन पटेल से भेंट

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरूवार को स्टेट हैंगर, भोपाल पर मध्यप्रदेश के प्रवास पर आईं उत्तरप्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदी बेन पटेल से भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राज्यपाल श्रीमती पटेल का पुष्पगुच्छ और उत्तरीय भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर श्रीमती पटेल ने मुख्यमंत्री डॉ.यादव को अपनी लिखी दो पुस्तकें " चुनौतियां मुझे पसंद हैं" और "हमारा राजभवन" की प्रति भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्रीमती पटेल को महाकाल मंदिर का चित्र भेंट किया। recent visitors 57