छात्रसंघ चुनाव सरकार की प्राथमिकता नहीं, राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा की दो टूक

जयपुर. छात्र संघ चुनावों पर दो साल से लगी रोक हटाने को लेकर प्रदेश की सभी यूनिवर्सिटी के छात्र लगातार चुनाव कराए जाने को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने रींगस में मीडिया के साथ बातचीत में कहा कि छात्रसंघ चुनाव अभी हमारी प्राथमिकता नहीं है। गौरतलब है कि छात्रसंघ चुनावों को लेकर छात्र लगातार प्रदर्शन करते हुए सरकार पर आरोप लगा रहे हैं कि सरकार ने छात्रसंघ चुनाव का वादा किया था लेकिन अब इसे कराने के पक्ष में नहीं है। कुछ यूनिवर्सिटी के कुलपति भी छात्रसंघ चुनाव करवाने को लेकर छात्रों के पक्ष में हैं। एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रींगस के सिद्ध पीठ भेरूबाबा मंदिर पहुंचे उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा से मंदिर कमेटी अध्यक्ष सुवालाल गुर्जर और फूलचंद गुर्जर ने विधिवत भेरूजी महाराज की पूजा-अर्चना करवाई। इसके बाद बैरवा ने रींगस में नवनिर्मित वेदांता फाउंडेशन मुंबई द्वारा नवनिर्मित बालिका छात्रावास भवन का लोकार्पण किया। यहां मीडिया के साथ बातचीत के दौरान छात्रसंघ को लेकर पूछे गए सवाल को टालते हुए उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि फिलहाल यह सरकार की प्राथमिकता नहीं है। गौरतलब है कि प्रदेश के छात्र ही नहीं कई बड़े नेताओं भी चुनाव करवाने के पक्ष में अपनी राय जाहिर कर चुके हैं। recent visitors 137

गुस्साए ग्रामीणों ने तुरंत गिरफ्तारी का दिया धरना, राजस्थान-बाड़मेर में 10 से ज्यादा हिरणों का शिकार

बाड़मेर. बाड़मेर के चौहटन थाना इलाके में कल रात 10 से ज्यादा हिरणों के शिकार की घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और शिकारियों की गिरफ्तारी के लिए धरने पर बैठ गए। हिरणों के शिकार पर गुस्साए ग्रामीणों ने प्रशासन से शिकारियों को तुरंत गिरफ्तार किए जाने की मांग की है। जानकारी के अनुसार कल रात शेरपुरा गांव के करीब सुनसान जगह पर कल रात ग्रामीणों को शिकारियों की हलचल दिखाई दी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो गांव वालों को देखकर शिकारी भाग निकले लेकिन वहां हिरणों के क्षत-विक्षत शव मिले हैं। इस घटना के बाद ग्रामीणों में रोष फैल गया। मामले में वन विभाग और स्थानीय पुलिस को सूचना मिलने पर पहुंची वन विभाग की टीम ने शिकारियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद ग्रामीणों की नाराजगी को देखते हुए डीएफओ सविता दहिया, बाड़मेर एएसपी जसराम बोस, चौहटन डीएसपी कृतिका यादव, धोरीमन्ना डीएसपी सुखराम बिश्नोई और चौहटन एसडीएम सूरजभान बिश्नोई सहित वन विभाग पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाइश की। recent visitors 130

कोलकाता की घटना के बाद बढ़ा आक्रोश, राजस्थान-जयपुर और अजमेर में हड़ताल पर रेजिडेंट डॉक्टर

जयपुर. जयपुर में एसएमएस मेडिकल कॉलेज के रेजिडेंट डॉक्टर कोलकाता में हुई घटना के बाद हड़ताल पर चले गए हैं। डॉक्टरों का कहना है कि बात सिर्फ बंगाल या राजस्थान की नहीं है, बात सुरक्षा और अधिकारों की है। हमारे यहां भी सुरक्षा का अभाव है। वादे बहुत किए जाते हैं पर सुरक्षा नहीं दी जाती। एक महिला रेजिडेंट डॉक्टर का कहना था कि मरीज कैसे किसी डॉक्टर को थप्पड़ मार सकता है, उसके साथ बदतमीजी कर सकता है। सरकार सुरक्षा का वादा करे तो हम तुरंत प्रभाव से हड़ताल खत्म कर देंगे और काम पर वापस आ जाएंगे। कोलकाता में मेडिकल कॉलेज की महिला रेजिडेंट डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना के बाद आज अजमेर संभाग के सबसे बड़े जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय की केजुअल्टी के बाहर डॉक्टर्स की ओर से प्रदर्शन किया गया। रेजिडेंट डॉक्टरों ने कार्य बहिष्कार करते हुए इमरजेंसी यूनिट के बाहर विरोध जताया। रेजीडेंट डॉक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. दिलराज मीणा ने बताया कि कोलकाता में हमारी बहन के साथ जो घटना हुई, उसके विरोध में दूसरे दिन भी रेजिडेंट डॉक्टर्स के द्वारा अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही सभी डॉक्टर कार्य बहिष्कार पर हैं लेकिन इमरजेंसी सेवाओं को चालू रखा गया है। मीणा ने बताया कि उनकी मांग है कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सीबीआई जांच की जाए। पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए। recent visitors 101

प्रेमी ने खुद की भी दे दी जान, छत्तीसगढ़-कबीरधाम में लिव-इन प्रेमिका का घोंटा गला

कबीरधाम/भिलाई. कबीरधाम जिले में एक हत्या का मामला सामने आया है। लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को 280 किमी दूर केशकाल घाट में फेंक दिया। हत्या के बाद प्रेमी ने बेमेतरा की शिवनाथ नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली। शव को ठिकाने लगाने साथ देने वाले मकान मालिक को पुलिस ने गिरफ्तार किया। इस उलझे हुए प्रकरण को सुलझाने में तीन जिले कबीरधाम, बेमेतरा व कोंडागांव की पुलिस लगी रही। क्योंकि, प्रेमिका कबीरधाम जिले में शिक्षक थी। शव को कोड़ागांव जिले के केशकाल से बरामद किया। प्रेमी के शव को बेमेतरा पुलिस ने शिवनाथ नदी से बरामद किया है। इस वारदात के संबंध में कबीरधाम एडिशनल एसपी पुष्पेंद्र सिंह बघेल ने बताया कि आठ अगस्त को सावित्री विश्वकर्मा पत्नी कृष्ण विश्वकर्मा ने पिपरिया थाना क्षेत्र के पुलिस चौकी दशरंगपुर आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी बेटी सपना विश्वकर्मा 23 जुलाई शाम चार बजे से शासकीय स्कूल बाघामुड़ा से घर के लिए निकली थी। लेकिन अभी तक घर नहीं आई है। रिपोर्ट पर गुम इंसान दर्ज कर जांच शुरू की। गुम महिला के मोबाइल नंबर का सीडीआर लेकर अवलोकन किया गया, जिसके बाद संदेही राम आशीष उपाध्याय निवासी भिलाई नगर जिला दुर्ग व रघुनाथ साहू निवासी ग्राम लोलेसरा थाना बेमेतरा जिला बेमेतरा की पतासाजी की गई। टीम लोकेशन के आधार पर भिलाई गई। भिलाई पहुंचकर लोकेशन लिया तो संदेही राम आशीष उपाध्याय का लोकेशन बेमेतरा-दुर्ग रोड में मिला। टीम बेमेतरा के लिए लौटी और जब फिर लोकेशन लिया गया तो संदेही राम आशीष उपाध्याय का फोन बंद था। दूसरे संदेही रघुनाथ साहू निवासी ग्राम लोलेसरा थाना बेमेतरा की पतासाजी की गई। उससे पूछताछ की गई तो उसने बताया कि सपना विश्वकर्मा व उसका साथी राम आशीष उपाध्याय उसके घर में 1500 रुपये मासिक किराये पर रह रहे थे। दोनों के बीच हमेशा वाद-विवाद मारपीट होती रहती था। राम आशीष उपाध्याय 1-2 अगस्त की दरमियानी रात करीब तीन बजे फोन कर बताया कि घर में सांप घुस गया है। तुम तुरंत आ जाओ, तब किराये के घर में गया। जाकर देखा की सपना बिस्तर में मरी हुई हालत में पड़ी थी। मुझे देखने से ऐसा लगा कि राम आशीष उपाध्याय ही अपने साथी सपना विश्वकर्मा का झगड़ा के दौरान गला घोंटकर हत्या किया है। इसके बाद राम आशीष मुझे अपनी बाइक में बैठाकर भिलाई लेकर गया। भिलाई में अपने घर से अपनी सफेद कलर की स्कॉर्पियो वाहन सीजी 07-एमबी-4577 को लेकर वापस ग्राम लोलेसर आया। दिन के करीब 11 बजे गए थे। दोनों ने मिलकर सपना के मृत शरीर को चादर में लपेटकर घर से बाहर निकालकर वाहन के पीछे में रखे व ग्राम लोलेसरा से धमतरी होते हुए केशकाल घाटी में शाम सात बजे पहुंचे। घाट में गाड़ी खड़ी कर सपना के शव को गाड़ी से निकालकर घाट के नीचे फेंक दिए। सहआरोपी रघुनाथ साहू के निशानदेही पर सपना के शव को बरामद कर अग्रिम कार्रवाई के लिए घटनास्थल ग्राम लोलेसरा थाना बेमेतरा होने से थाना बेमेतरा को सौंपी जा रही है। recent visitors 151

स्कूल की छत पर देखने पहुंचे थे पानी का भराव, राजस्थान-दौसा में एलडीसी की करंट से मौत

दौसा. जिले के बांदीकुई में राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल, भांवता में मंगलवार सुबह बिजली का करंट लगने से एक एलडीसी की मौत हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने शव साथ स्कूल में ही धरना दे दिया। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक मौके पर उच्च अधिकारी नहीं पहुंचेंगे, वे शव को नहीं उठाएंगे। स्कूल की छत पर बरसात के पानी का भराव देखने गए एलडीसी मांगीलाल सैन की छत से गुजर रही 11 हजार केवी बिजली लाइन से करंट लगने के कारण मौत हो गई। बताया जा रहा है कि स्कूल की छत पर पानी भरा था, जिसे निकालने के लिए एलडीसी छत पर चढ़ा और करंट लगने से ये हादसा हो गया। मामला दौसा जिले के बांदीकुई के भांवता राजकीय स्कूल का है, जहां छत पर बनी नाली रुकने से बरसात का पानी भर गया था, जिसे खोलने के लिए यह कर्मचारी छत पर गया, जहां करंट लगने से कर्मचारी की मौत हो गई। बांदीकुई डिप्टी एसपी रोहिताश देवेंद्र ने बताया कि छत पर नजदीक से गुजर रही 11000 केवी की लाइन टच होने से यह कर्मचारी की मौत हो गई। इधर दुर्घटना की सूचना के बाद गांव में कोहराम मच गया और मौके पर सैकड़ों की संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई, ग्रामीण अब जिला कलेक्टर को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े हैं। मौके पर पुलिस और ग्रामीण के बीच वार्ता चल रही है, जहां ग्रामीण खबर लिखे जाने तक मांगीलाल के शव को स्कूल में लेकर बैठे हुए हैं। करौली में 380 मिमी बारिश बीते 24 घंटे के दौरान राजस्थान में भारी बारिश ने रिकॉर्ड कायम कर दिया. करौली में सबसे अधिक 380 मिमी बारिश दर्ज की गई. बारिश के कारण कई जगह आवागमन ठप हो गया है. तो कई सड़कें जलमग्न हो गईं. 10 साल बाद भरतरी पुलिया पर पानी आने से करीब 3 घंटा जयपुर-अलवर मार्ग बंद रहा, जिससे सैंकड़ों वाहनों की कतार लग गई. दौसा में भारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है. बाढ़ एवं आपदा नियंत्रण कक्ष की स्थापना के साथ हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं. कई रास्तों पर आवागमन ठप बारिश के कारण रणथंभौर त्रिनेत्र गणेश मंदिर मार्ग पर आवाजाही पर रोक लगा दी गई. रणथंभौर स्थित त्रिनेत्र गणेश मंदिर जाने वाले मार्ग को पूरी तरह से बंद कर दिया. ऐसे में अल सुबह त्रिनेत्र गणेश मंदिर जाने वाले करीब 100 श्रद्धालु वापस आते वक्त रास्ते में तेज पानी आने के कारण जंगल में ही फस गए. इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया और पहाड़ी पर चढ़कर के जंगल के रास्ते कुछ लोगों को बाहर निकाला. सीएम शर्मा ने अधिकारियों के साथ की बैठक राज्य में भारी बारिश के अलर्ट और मौजूदा स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों के साथ बैठक की. इसके बाद सीएम शर्मा ने कहा कि आज मुख्यमंत्री कार्यालय में प्रदेश में हो रही भारी बारिश के संबंध में अधिकारियों की बैठक ली व आपदा प्रबंधन से संबंधित समस्त व्यवस्थाओं को अविलंब सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए. उन्होंने जलाश्यों व जल भराव के क्षेत्रों से दूर रहने, बारिश में बिजली के पोल व बिजली के तारों से दूरी बनाए रखने, भवनों में बने बेसमेंट का उपयोग करने से बचने की सलाह दी है. recent visitors 104

सीसीटीवी में दर्ज हुई वारदात, राजस्थान-कोटा में महिला के गले से चेन खींचकर भागे बदमाश

कोटा. कोटा के तलवंडी इलाके में चेन स्नेचिंग का मामला सामने आया है। कल रात बाइक सवार बदमाश रक्षाबंधन की खरीददारी करके घर लौट रही महिला के गले से चेन खींचकर फरार हो गए। शहर के तलवंडी इलाके में हुई इस घटना में बदमाशों ने गली में अंधेरे का फायदा उठाते हुए वारदात को अंजाम दिया। घटना से घबराए दंपति ने वारदात के बाद शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। वारदात की सूचना पाकर मौके पर पहुंची जवाहर नगर थाना पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे पता चला कि चोर पहले से ही दंपति की बाइक का पीछा कर रहे थे। पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है। recent visitors 120

हर घर तिरंगा श्रृंखला में आज विशाल तिरंगा रैली आयोजित की गई

 दमोह दमोह के तहसील ग्राउंड मैदान से मंगलवार को 78वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के उपलक्ष्य में 78 फीट लंबे तिरंगे के साथ तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिसमें सैकड़ों की संख्या में छात्रों की मौजूदगी रही जो तिरंगे को लेकर चल रहे थे। तिरंगा रैली तहसील मैदान से रवाना होकर और शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए वापस तहसील ग्राउंड पहुंची। इस मौके पर प्रदेश के पूर्व वित्त मंत्री और दमोह विधायक जयंत मलैया, कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर, एसपी श्रुत कीर्ति सोमवंशी के अलावा प्रशासनिक अधिकारियो की मौजूदगी रही। बता दें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। जिसके चलते दमोह के तहसील ग्राउंड मैदान से यह तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा में शामिल हुए दमोह विधायक जयंत मलैया ने कहा कि यह देश की आजादी का पर्व है, इसलिए देश के प्रत्येक व्यक्ति को पूरे उत्साह और उमंग के साथ शामिल होना चाहिए। प्रधानमंत्री के आह्वान पर हमें अपने घर पर तिरंगा लहराना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को जागरूक करने के लिए यह यात्रा निकाली जा रही है। कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने कहा दमोह जिले में भी 9 अगस्त से लगातार कार्यक्रम किये जा रहे हैं। इसी श्रृंखला में 13 अगस्त मंगलवार को एक विशाल तिरंगा रैली आयोजित की गई। रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, खिलाड़ी, एनसीसी कैडेट्स, पुलिस के जवान, सामाजिक संगठनों के अलग-अलग सेवाभावी सदस्य और आम जनता सभी लोग शामिल हुए है।   recent visitors 86