युवाओं को स्थानीय उद्योगों की मांग के मुताबिक मिलेगा प्रशिक्षण

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर छत्तीसगढ़ के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए राज्य के 160 आईटीआई को मॉडल आईटीआई के रूप में उन्नयन किया जा रहा है। इसके लिए रोजगार एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा 484 करोड़ 22 लाख रूपए की स्वीकृति जारी की गई है। मॉडल आइटीआई में उन्नयन के पश्चात युवाओं को स्थानीय उद्योगों की मांग के मुताबिक प्रशिक्षण मिल सकेगा। राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने मॉडल आईटीआई में उन्नयन को राज्य के युवाओं के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप राज्य के आईटीआई को मॉडल आईटीआई में अपग्रेड करने की योजना तैयार की गई है। उन्होंने बताया कि योजना के पहले चरण में प्रदेश के 160 आईटीआई के लिए 484.22 करोड़ रूपए का तीन वर्षीय प्रस्ताव स्वीकृत किया गया है। बलौदाबाजार के सकरी स्थित आईटीआई को मॉडल आईटीआई बनाने का काम जल्द शुरू होगा। इसके लिए सिडबी योजना के तहत 20 करोड़ 13 लाख रुपए की राशि की स्वीकृति जारी की गई है। राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने बताया कि बलौदाबाजार के सकरी शासकीय आई टी आई के विभिन्न ट्रेड का उन्नयन और अधोसंरचना के कार्य किये जाएंगे। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में मशीन टूल्स और उपकरण के लिए 3 करोड़ 23 लाख रुपए जारी किया गया है। इसमें कंप्यूटर, हार्डवेयर और नेटवर्क मेंटनेंस के लिए 1 करोड़ 5 लाख रूपए, इलेक्ट्रिशियन के लिए 75 लाख रूपए, फीटर के लिए 46 लाख, मेकेनिक डीजल के लिए 44 लाख रूपए और वेल्डर के लिए 53 लाख रूपए शामिल है। इसी तरह सिविल वर्क में आईटीआई के नए भवन निर्माण के लिए 3 करोड़ 44 लाख रूपए, गार्ड रूम के लिए 7 लाख 42 हजार रूपए, मोटर गाड़ियों के पार्किंग के लिए 1 करोड़ 25 लाख रूपए, स्टाफ क्वाटर्स निर्माण के लिए 11 करोड़ 78 लाख रूपए तथा प्रवेश द्वार और बाऊण्ड्रीवाल के लिए 34 लाख 80 हजार रूपए की राशि स्वीकृत की गई है। recent visitors 77

संसद का मानसून सत्र समाप्त होते ही सपा मुख्यालय पर आज चुनावी हलचल तेज, अखिलेश ने बिछाई उपचुनाव की बिसात

लखनऊ संसद का मानसून सत्र समाप्त होते ही समाजवादी पार्टी मुख्यालय पर शनिवार को चुनावी हलचल तेज हो गई। प्रदेश में 10 सीटों पर हाेने वाले विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों के लिए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव प्रदेश मुख्यालय पहुंचे तो उनसे मिलकर टिकट पाने के लिए कई दावेदारों का तांता लग गया। इस बीच फैजाबाद लोकसभा की मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चुनावी रणभेरी फूंकने पहुंचे तो ठीक उसी समय अखिलेश यादव ने फैजाबाद सांसद अवधेश प्रसाद को बुलाकर अपनी बिसात भी बिछा दी। करीब 25 मिनट तक अखिलेश यादव से मंथन के बाद अवधेश प्रसाद सभागार से बाहर निकले तो उनके चेहरे पर प्रसन्नता साफ दिखी। समर्थकों से बोले क्षेत्र में जाओ और तैयारी शुरू कर दो। माना जा रहा है कि उनके बेटे को उपचुनाव लड़ने का ग्रीन सिग्नल मिल गया है। तैयारियों ने दिया संकेत शनिवार की तैयारियों ने संकेत दे दिया कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के लिए भी मिल्कीपुर उपचुनाव का केंद्र होगा। प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों पर करहल, मिल्कीपुर, कटेहरी, फूलपुर, गाजियाबाद, खैर, मीरापुर, कुंदरकी,मझवां और सीसामऊ पर उपचुनाव होना है, उसमें पांच सीटें करहल, मिल्कीपुर, कुंदरकी, कटेहरी, सीसामऊ पर सपा ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। मिल्कीपुर से विधायक रहे अवधेश प्रसाद , कटेहरी से विधायक लालजी वर्मा, कुंदरकी से जियाउर्रहमान बर्क और करहल से अखिलेश यादव लोकसभा चुनाव जीतकर सांसद बन गए हैं। उनके चुनाव जीतने से यह सीटें खाली हुई हैं। इसके अलावा कानपुर की सीसामऊ सीट से विधायक रहे इरफान सोलंकी को सजा सुनाए जाने के बाद रिक्त घोषित हुई इस सीट पर उपचुनाव होना है। यह विडियो भी देखें सपा किसे दे सकती है टिकट? सपा फैजाबाद सांसद अवधेश प्रसाद के बेटे अजीत प्रसाद को मिल्कीपुर, अंबेडकरनगर के सांसद लालजी वर्मा की बेटी छाया वर्मा को कटहरी, करहल से तेज प्रताप यादव, सीसामऊ से इरफान सोलंकी की पत्नी या उनकी मां और कुंदरकी से पूर्व विधायक हाजी रिजवान को अपना उम्मीदवार बना सकती है। हाजी रिजवान सपा से विधायक रह चुके हैं। मीरापुर विधानसभा सीट पर पिछला चुनाव सपा ने राष्ट्रीय लोकदल के साथ मिलकर लड़ा था। उस चुनाव में विजयी हुए चंदन चौहान अब सांसद बन गए हैं। मुस्लिम और जाट बहुल इस सीट पर सपा पूर्व सांसद कादिर राणा को मौका दे सकती है। सपा की नजर फूलपुर विधानसभा सीट पर भी है। इस सीट पर सपा वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में केवल 2792 वोटों से हारी थी। इस बार पार्टी किसी कुर्मी को प्रत्याशी बना सकती है। मीरजापुर की मझवां सीट पर सपा बिंद प्रत्याशी को टिकट दे सकती है। खैर और गाजियाबाद विधानसभा सीटों को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच मंथन चल रहा है। recent visitors 100

PM मोदी ने कहा- केंद्र सरकार केरल सरकार के साथ खड़ी है, संकट की घड़ी में पूरा देश पीड़ितों के साथ, नहीं होने देंगे धन की कमी

नई दिल्ली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भूस्खलन प्रभावित केरल के वायनाड का दौरा किया। यहां प्रधानमंत्री मोदी ने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। पीएम मोदी ने कहा कि संकट की इस खड़ी में पूरा देश पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। यह त्रासदी सामान्य नहीं है। सैकड़ों परिवारों के सपने उजड़ गए हैं। मैंने प्रकृति के रौद्र रूप को घटनास्थल पर जाकर देखा है। मिलकर काम करने पर उत्तम परिणाम आता है राहत कैंपों में लोगों ने त्रासदी के बारे में पूरा विवरण बताया है। ऐसे संकट के समय जब साथ मिलकर काम करते हैं तो उत्तम परिणाम मिलता है। मैंने उसी दिन मुख्यमंत्री से बात की और हर प्रकार की व्यवस्था को भेजने का आश्वासन दिया था। तुरंत एक केंद्रीय राज्यमंत्री को भी भेजा। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना, पुलिस, डॉक्टर, सभी ने पीड़ितों की जल्द से जल्द मदद करने की कोशिश की।   नहीं होने देंगे धन की कमी पीएम मोदी ने कहा कि मृतकों के परिवारों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि वे अकेले नहीं हैं। हम सभी उनके साथ खड़े हैं। सरकार ने आपदा प्रबंधन की राशि का काफी हिस्सा पहले ही दिया है। बाकी हिस्सा भी तुरंत जारी किया है। धन के अभाव में यहां कोई काम नहीं रुकेगा। केंद्र सरकार केरल सरकार के साथ खड़ी है। बहुत निकट से देखी ऐसी आपदा पीएम मोदी ने कहा कि मैंने ऐसी आपदा बहुत निकट से देखी है। 1979 में गुजरात का मोरबी शहर डैम टूटने की वजह से जलमग्न हो गया था। ढाई हजार से अधिक लोगों की जान गई थी। डैम मिट्टी का था। इस वजह से हर घर में मिट्टी भरी थी। मैं वहां छह महीने तक रहा था। मैं अनुभव कर सकता हूं वायनाड में कैसे परिवार के परिवार मिट्टी में बह होंगे। यह कितनी विकराल परिस्थिति रही होगी। recent visitors 92

जल जीवन मिशन: ग्रामीणों ने राज्य सरकार का माना आभार

रायपुर. जल जीवन मिशन योजना के तहत् जिला राजनांदगांव के विकासखंड राजनांदगांव अंतर्गत ग्राम पंचायत तोरनकट्टा एवं उसके आश्रित ग्राम मनकी में शुद्ध पेयजल मिलने से अब ग्रामीणों की स्थिति पहले की अपेक्षा सुधरने लगी है। हर घर नल कनेक्शन लग जाने से अब महिलाओं को पहले की तरह नल के सामने लाईनें नहीं लगानी पड़ती है। इससे उनकी समय की बचत होती है। वहीं पर्याप्त शुद्ध पेयजल भी मिल रही है। तोरकट्टा ग्राम पंचायत के ग्रामीण अब खुश है, उनके गांव के हर घर में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित हो गयी है। शासन की जनकल्याणकारी योजना जल जीवन मिशन अंतर्गत हर घर-नल कनेक्शन से ग्राम की महिलाएं प्रसन्न है, अब उन्हें हैंडपंप के सामने लाइन नहीं लगानी पड़ती है। कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला जल एवं स्वच्छता मिशन संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के द्वारा ग्राम तोरनकट्टा एवं मनकी में जल जीवन मिशन के तहत डिस्ट्रीब्यूशन 400-400 मीटर की पाइप लाइन बिछाकर दोनों ग्रामों के लगभग 304 परिवारों को नल से जल की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। ग्राम तोरनकट्टा की सरपंच सेवती साहू ने बताया कि गांव के प्रत्येक घर में सभी को पानी मिल रहा है, जिससे पूरे गांव में खुशहाली का माहौल है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा एक सतत अभियान चलाकर शासन की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। वार्ड नंबर 11 की तीरथ बाई और वार्ड नंबर 8 की प्रमिला साहू ने सरकार के प्रति कृतज्ञता प्रकट की। उन्होंने बताया कि उन्हें पानी के लिए दूर-दूर तक जाना पड़ता था, पानी के लिए लम्बी लाइन लगाना, बोरिंग एवं कुंआ पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब जल जीवन मिशन से उन्हें घर पर ही नल के माध्यम से पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पानी मिल रहा है, जिससे उनके समय की बचत भी हो रही है। पेय जल प्रबंधन से जुड़ी सदस्य सीता बाई ने बताया कि हर 3 महीने में जल वाहिनियों द्वारा जल की शुद्धता का परीक्षण एफटीके किट के माध्यम से किया जाता है, ताकि सभी को गुणवत्ता युक्त पेयजल प्राप्त हो सके। स्कूली छात्रा पल्लवी यादव ने कहा कि पहले पानी की समस्या की वजह से स्कूल जाने में देरी होने के साथ ही घर के बाकि कामों में भी देरी होती थी। एक महिला के समय के साथ-साथ उनके पूरे घर वालों के समय का नुकसान होता था, किन्तु योजना के आने के बाद उन सभी के काम समय से पूरे हो रहे है। जिसके लिए उन्होंने केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार का धन्यवाद भी ज्ञापित किया। recent visitors 69

फिर 2 लोगों को मिली अनुकंपा नियुक्ति, छत्तीसगढ़-मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल

रायपुर. मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव के सुशासन में त्वरित एवं संवेदनशील पहल से  गरियाबंद जिले के 2 लोगों को अनुकंपा नियुक्ति मिली है। जिला प्रशासन श्रीमती बबली विश्वकर्मा एवं श्रीमती भामिनी दीवान को अनुकंपा नियुक्ति सौंपकर निष्ठा एवं लगन से शासकीय सेवा करने की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। पति के निधन पश्चात परिवार के भरण पोषण के लिए चिंतित दोनों महिलाओं की समस्या दूर हो गई है। शासन के सहयोग से मिले अनुकंपा नियुक्ति के फलस्वरूप अब उनके बच्चों की पढ़ाई लिखाई एवं देखरेख की भी चिंता दूर हो गई है। दोनों को भृत्य पद पर नियुक्ति दी गई है। श्रीमती बबली को शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल परसदाकला एवं श्रीमती भामिनी को शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल छुरा में पोस्टिंग दी गई है। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के द्वारा अनुकंपा नियुक्ति मिलने से आज दोनों महिलाओं के परिजनों ने खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन के प्रति अपना आभार जताया। अनुकंपा नियुक्ति मिलने के बाद उन्होंने कहा कि राज्य शासन की नीति के तहत त्वरित पहल से नौकरी मिल गई है। जिससे आर्थिक समस्याओं को दूर करने एवं परिवार के पालन पोषण में सहायक होगी। शासन के प्रावधानों के तहत गरियाबंद जिले के कलेक्टर श्री दीपक अग्रवाल ने अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों को तेजी से निराकृत करने के निर्देश दिये हैं। इसी के तहत अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों को तेजी से पूर्ण किया जा रहा है। आज अनुकंपा नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाली फिंगेश्वर निवासी श्रीमती बबली विश्वकर्मा ने बताया कि उनके पति शिक्षक के रूप में सेवारत थे। उनके निधन के बाद परिवार चलाना मुश्किल हो गया था। बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता रहती थी। उन्होंने बताया कि अनुकंपा नियुक्ति मिलने से परिवार के पालन पोषण एवं देखरेख में सहायता मिलेगी, साथ ही भविष्य भी सुरक्षित रहेगा। इसी प्रकार छुरा विकासखंड के ग्राम अकलवारा की रहने वाली श्रीमती भामिनी दीवान के पति भी शिक्षा विभाग में पदस्थ थे। उनके निधन के पश्चात उन्हें भृत्य के रूप में नियुक्ति मिली है। उन्होंने बताया कि पति के जाने के बाद भविष्य चिंतित था। शासन की पहल से अनुकंपा नियुक्ति मिलने से परिवार के खुशहाली में मदद होगी। recent visitors 72

वंचित लोगों को मिलेगा आरक्षण का लाभ, राजस्थान-दौसा में किरोड़ी मीणा ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को सही बताया

दौसा. दौसा जिले के नांगल राजावत तहसील के मीणा हाईकोर्ट में धूमधाम से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ आदिवासी दिवस का आगाज हुआ। इस मौके पर डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को सही बताते हुआ कहा कि क्रीमी लेयर का मतलब जो लोग आरक्षण का लाभ लेकर आईएएस, आरएएस या कुछ बन गए हैं, उसके बाद भी पिछड़ा, आदिवासी बनकर आरक्षण का लाभ लेना चाहते हैं। ऐसे लोगों को सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले पर दिक्कत है। आज विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर डॉ. किरोड़ीलाल मीणा सुप्रीम कोर्ट के उस फैसले में साथ दिखे, जिसमें सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि यदि सरकारी चाहे तो आरक्षण के अंदर आरक्षण की व्यवस्थाएं कर सकती है। कोर्ट की इस बात पर डॉक्टर मीणा ने कहा कि यह एक अच्छा फैसला है। जो लोग आरक्षण का लाभ ले चुके हैं, वे लोग इस फैसले का विरोध कर रहे हैं। जबकि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुसार जो लोग आरक्षण से वंचित हैं, उन लोगों को इस फैसले का लाभ मिलेगा। recent visitors 89

ओला पीड़ित किसानों को 9 लाख का मुआवजा मिला

रायपुर. राज्य शासन द्वारा किसानों को खेती-किसानी में प्राकृतिक रूप से 33 प्रतिशत से अधिक नुकसान होने पर प्रति हेक्टेयर के हिसाब से मुआवजा दिए जाने का प्रावधान है। इस कड़ी में बिलासपुर जिले के बेलगहना तहसील के 4 गावों के 164 ओला पीड़ित किसानों को 9 लाख रुपए की मुआवजा राशि के चेक का वितरण किया गया है। कलेक्टर अवनीश शरण के निर्देश पर एसडीएम युगल किशोर उर्वशा ने कोनचरा में आयोजित कार्यक्रम में प्रभावित किसानों को मुआवजा राशि के चेक वितरित किए। शेष किसानों को आरटीजीएस के जरिए राशि बैंक खातों में जमा करा दी गई। उल्लेखनीय है कि प्राकृतिक आपदा के अंतर्गत प्रति हेक्टेयर नुकसान के लिए 8500 रुपए की मुआवजा दी जाती है। 33 प्रतिशत अथवा इससे अधिक नुकसान पर मुआवजा दिए जाने का प्रावधान है। गौरतलब है कि बेलगहना के ग्राम पहांदा, कोनचरा, सुखेना और जरगा के किसानों का रबी धान की फसल को ओला वृष्टि से नुकसान पहुंचा था। उन्होंने जनदर्शन में कलेक्टर को आवेदन देकर मुआवजा की मांग की थी। कलेक्टर ने टीएल में रखकर इसकी प्रगति की समीक्षा की। राजस्व निरीक्षक और पटवारियों को तेजी से सर्वे कर प्रकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। लाभान्वित किसानों में पहांदा के 116, कोनचरा के 33, सूखेना के 11 और जरगा के 4 किसान शामिल हैं। recent visitors 85