उप-मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने मेडिकल कालेज रीवा से प्रदेश में गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क जाँच अभियान का शुभारंभ किया

भोपाल   उप-मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने श्यामशाह मेडिकल कालेज रीवा से प्रदेश में गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क जाँच अभियान का शुभारंभ किया। उप-मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री जननी सुरक्षा कार्यक्रम के तहत हर माह की 9 और 25 तारीख को गर्भवती महिलाओं की नि:शुल्क जाँच के शिविर सभी अस्पतालों में लगाए जाएंगे। इनमें गर्भवती महिलाओं को जाँच, उपचार, दवा और आने-जाने की सुविधा नि:शुल्क दी जाएगी। कार्यक्रम में वीडियो कान्फ्रेंसिंग से शामिल मण्डला और रतलाम जिले के हितग्राहियों से उप-मुख्यमंत्री ने संवाद किया। वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के समस्त अस्पताल और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सिविल सर्जन शामिल हुए। उप-मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि मातृ-मृत्यु दर और शिशु-मृत्यु दर को नियंत्रित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री जननी सुरक्षा कार्यक्रम के तहत हर गर्भवती महिला को नि:शुल्क जाँच, उपचार और दवा की सुविधा दी जा रही है। इस कार्यक्रम के तहत यदि शासकीय अस्पताल में सोनोग्राफी की सुविधा नहीं है तो गर्भवती महिला की निजी सोनोग्राफी केन्द्र में सोनोग्राफी कराई जाएगी। इसकी राशि का भुगतान सरकार करेगी। सरकारी अस्पताल से जारी वाउचर से महिला सात दिन में कभी भी अपनी जाँच सोनोग्राफी सेंटर में करा सकती है। सही समय में रिस्क चिन्हांकन से उचित निदान कर सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित किया जायेगा। मातृ-मृत्यु दर को नियंत्रित करने में जागरूकता और नागरिकों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। उल्लेखनीय है कि मातृ-मृत्यु दर और शिशु-मृत्यु दर नियंत्रित करने के प्रयासों में निजी अस्पतालों की भागीदारी देने वाला मध्यप्रदेश देश का दूसरा राज्य है। गर्भवती महिलाओं की निजी सोनोग्राफी केन्द्रों में जाँच के लिए 15 करोड़ रुपए का प्रावधान कर दिया गया है। स्त्री रोग विशेषज्ञ और रेडियोलॉजिस्ट के पदों पर शीघ्र होगी भर्ती उप-मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। इसके लिए बजट की कोई कमी नहीं है। शीघ्र ही स्त्री रोग विशेषज्ञ तथा रेडियोलॉजिस्ट के पदों पर भर्ती की जाएगी। विशेषज्ञ डॉक्टरों की पदस्थापना तथा आवश्यक उपकरण स्थापित करके सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में जिला अस्पताल के समकक्ष स्वास्थ्य सुविधाएं दी जाएंगी। सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल रीवा के लिए दूसरी कैथलैब मशीन शीघ्र ही उपलब्ध हो जाएगी। 20 करोड़ की लागत से कैंसर क्रिटिकल केयर यूनिट के लिए भवन और 29 करोड़ लागत की लायनेक मशीन की व्यवस्था उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि कैंसर क्रिटिकल केयर यूनिट के लिए रीवा में 20 करोड़ की लागत से भवन बनाया जा रहा है। इसमें कैंसर के उपचार के लिए 29 करोड़ रुपए की लायनेक मशीन खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। डॉक्टरों के साथ-साथ पैरामेडिकल स्टाफ और नर्सों की भी भर्ती की जाएगी। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के प्रयासों से गरीब से गरीब रोगियों के लिए भी एयर एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध हो गई है। उप-मुख्यमंत्री ने प्रसव-पूर्व जाँच पुस्तिका तथा पोस्टर का विमोचन किया। संयुक्त संचालक डॉ अर्चना मिश्रा ने बताया कि प्रत्येक गर्भवती महिला को दवा, जाँच और आने-जाने की नि:शुल्क सुविधा दी जा रही है। जरूरत होने पर नि:शुल्क रक्ताधान का भी प्रावधान है। नगर निगम के अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय, रेडक्रास के समिति के अध्यक्ष डॉ प्रभाकर चतुर्वेदी, मेडिकल कालेज के डीन डॉ सुनील अग्रवाल, क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य डॉ केएल नामदेव, संजय गांधी हास्पिटल के अधीक्षक डॉ राहुल मिश्रा तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।   recent visitors 74

अब भारत का समय आ गया है, दुनिया की कोई शक्ति हमें महाशक्ति बनने से रोक नहीं सकती: सीएम योगी

लखनऊ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी महोत्सव के अंतर्गत वीरों को नमन कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया और डाक अनावरण व संस्कृत विभाग द्वारा निर्मित पुस्तिका का विमोचन किया। उन्होंने बच्चों के साथ काकोरी शहीद मंदिर के बाहर सेल्फी भी ली। इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि अब भारत का समय आ गया है, दुनिया की कोई शक्ति हमें महाशक्ति बनने से रोक नहीं सकती। आजादी के अमृत महोत्सव में पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा जो पंच प्रण दिलाए गए हैं, उनको देश के हर नागरिक को आत्मसात करना होगा। यही हमारे अमर बलिदानियों और शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। अगर हम इन प्रण को आत्मसात कर अपने कार्यों को पूरा करते हैं तो कोई कारण नहीं है कि हमारा देश विश्व गुरु और दुनिया की सबसे बड़ी महाशक्ति न बने। काकोरी ट्रेन एक्शन को याद करते हुए उन्होंने कहा कि देश से बाहर जा रहे राजस्व को देश सेवा में प्रयुक्त करने की मंशा से जो कार्य पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह जैसे वीर सपूतों ने किया था उसने न केवल देश में बल्कि पूरी दुनिया में सुर्खियां बटोरीं थी। प्रदेश भर में आयोजित कार्यक्रमों के जरिए यह मां भारती के वीर सपूतों, उन महान क्रांतिकारियों को जिन्होंने सर्वस्व बलिदान किया था, उन सभी ज्ञात-अज्ञात सेनानियों व शहीदों को नमन करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि काकोरी ट्रेन एक्शन के दौरान क्रांतिकारियों ने रणनीति बनाकर भारत का पैसा जो ब्रिटेन ले जाया जा रहा था, उसे रोककर भारत की क्रांति में उपयोग किया था। तब जो रकम प्राप्त हुई थी वह मात्र 4,679 रुपए थी, जबकि अंग्रेजी हुकूमत ने 10 लाख रुपए केवल केस पर खर्च कर दिए। इस घटना में बिना सुनवाई के ही वीरों को फांसी की सजा सुना दी गई थी और नियत दिन से एक दिन पहले ही फांसी दे कर उस समय की हुकूमत ने कायरता दिखाई थी। उन्होंने कहा कि एक्शन में शामिल कुछ वीर सपूतों को फांसी हुई, जबकि कुछ को कालापानी की सजा हुई। इन सभी को अंग्रेजों ने तमाम प्रलोभन दिए मगर इनका एक ही जवाब था, 'जीवन पुष्प चढा चरणों पर, मांगे मातृभूमि से यह वर। तेरा वैभव अमर रहे मां, हम दिन चार रहें न रहें।' इसी संकल्प के साथ खुद को बलिदान करना स्वीकार किया मगर हार नहीं मानी। आज आजादी इन्हीं शहीदों के बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में भारत ने अपनी शानदार यात्रा को आगे बढ़ाया है। भारत अगले 2 वर्षों में देश की तीसरी सबसे बड़ी महाशक्ति बनने जा रहा है। समतामूलक समाज की स्थापना के लिए वोकल फॉर लोकल जैसे मूल्यों पर आगे बढ़ना होगा। दुनिया की कोई ताकत भारत का रास्ता नहीं रोक सकती। यही समय है, सही समय है। 1942 में 9 अगस्त, यानी आज के दिन ही महात्मा गांधी ने भारत छोड़ो आंदोलन का आगाज किया था। आज हर शहीद स्मारक पर राष्ट्र धुन के साथ विभिन्न बैंड की धुन बजेगी। हर घर तिरंगा अभियान चलेगा, जिसमें हर घर तिरंगा फहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में साढ़े चार करोड़ तिरंगा हर घर फहराया जाएगा। एक वर्ष तक चलने वाले राष्ट्रभक्ति के विभिन्न कार्यक्रमों में हम सबकी सहभागिता होनी चाहिए। आज नागपंचमी भी है, नाग कुंडलिनी शक्ति का द्योतक है। भारत को हॉकी और जैवलिन थ्रो में मेडल प्राप्त हुआ, सभी खिलाड़ियों का अभिनंदन है, देश इनसे प्रेरणा ले रहा है। इस अवसर पर सीएम योगी ने जिला प्रशासन लखनऊ व संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित एक्शन शताब्दी महोत्सव के अंतर्गत 'वीरों को नमन' कार्यक्रम में रोहित खत्री (रामकृष्ण खत्री के प्रपौत्र), राजीव कुमार सिंह व क्षिप्रा सिंह (प्रपौत्र व प्रपौत्री ठाकुर रोशन सिंह), अशफाक उल्लाह खान (पौत्र अशफाक उल्लाह खान) तथा मनमोहन पाण्डेय (कैप्टन मनोज पाण्डेय के भाई) समेत स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया। इस दौरान लघु फिल्म, नृत्य नाटिका, वीर गायन समेत विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन भी हुए। recent visitors 144

राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने स्कूल की नि:शुल्क परिवहन सेवा का किया शुभांरभ

भोपाल पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा है कि सीएम राईज महात्मा गांधी स्कूल भेल में 100 करोड़ रूपये की लागत से विश्वस्तरीय अधोसंरचना और सुविधाएँ उपलब्ध कराई जायेगी। स्कूल विद्यार्थियों के लिये शैक्षणिक के साथ-साथ सांसकृतिक, कला और खेल कूद गतिविधियों का भी संचालन करेगा। इसके लिये स्कूल में स्मार्ट क्लासेस के साथ-साथ स्वीमिंग पूल जैसी आधुनिक सुविधाएँ भी होगी। राज्यमंत्री श्रीमती गौर शुक्रवार को स्कूल में नि:शुल्क परिवहन सेवा शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने कहा कि नि:शुल्क सेवा के पहले चरण में 55 सीटर 5 बसों को शुरू किया जा रहा है। अगले चरण में 4 और बसें शामिल की जायेगी। इन बसों के माध्यम से विद्यालय से 2 किलोमीटर से अधिक दूरी पर निवास करने वाले विद्यार्थियों को घर से स्कूल लाने ले जाने की सुविधा दी जायेगी। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने स्कूल के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि हार्ड वर्क से सफलता मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वह अपनी योग्यता का उपयोग जिम्मेदारियों को पूरा करने में करे। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने कहा कि सरकार हर संभव सुविधा उपलब्ध करा रही है। शिक्षा के क्षेत्र में अब सरकारी स्कूल निजी स्कूलों से भी ज्यादा सुविधा संपन्न स्कूल बन रहे है। उन्होंने कहा कि बच्चे आने वाले कल का भविष्य है। कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद श्री नीरज सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी श्री एके अहिरवार, प्राचार्य श्रीमती ममता सिंह स्कूल का स्टाफ और विद्यार्थी उपस्थित थे।   recent visitors 98

स्किन बैंक प्रदेश का दूसरा और भोपाल का पहला बैंक है, भोपाल के कमला नेहरू अस्पताल में शुरू होगी

भोपाल गांधी मेडिकल कालेज से सबंद्ध हमीदिया अस्पताल के बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी विभाग में स्किन बैंक की सुविधा शुरू हो चुकी है।यह प्रदेश की दूसरी स्किन बैंक होगी। इसे कमला नेहरू की बिल्डिंग के पहली मंजिल पर शुरू किया गया है। इसके लिए अभी तक चार केडेवरिक ग्राफ्ट भी लगाई गई है, जिसका उपयोग गंभीर रूप से जले मरीजों एवं दुर्घटना में चोट लगने वाले मरीजों के घाव को भरने में किया जाएगा। इस स्किन बैंक की लागत 15 लाख रुपये आई है। इस बैंक में स्किन को छह माह तक सुरक्षित रखा जा सकेगा। यह स्किन बैंक प्रदेश का दूसरा और भोपाल का पहला बैंक है, इससे पहले यह सुविधा जबलपुर के नेताजी सुभाष चंद बोस मेडिकल अस्पताल में थी। इसका उद्घाटन डायरेक्टर मेडिकल एजुकेशन डा. एके श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान हमीदिया अस्पताल के अधीक्षक सुनीत टंडन, जीएमसी डीन डा. कविता एन सिंह, प्रो. एचओडी डा. अरुण भटनागर, डेसिगेटेड प्रोफेसर डा. आनंद गौतम, सहायक प्राध्यापक डा. हरि शंकर सिंह आदि मौजूद रहे। प्रो. एचओडी डा. अरुण भटनागर ने बताया कि इस बैंक में स्किन को माइनस 20 डिग्री पर रखते हैं तो तीन माह तक जबकि -80 डिग्री पर रखते हैं तो छह माह के बाद भी स्किन का इस्तेमाल किया जा सकता है। जब हम स्किन निकालते हैं तो उसके पीस को कल्चर टेस्ट करते हैं। फिर इसका इस्तेमाल किया जाता है, इसके लिए डीप फ्रीजर भी है और कूलिंग कैबिनेट भी हैं। इसकी करीब 15 लाख की लागत है। नौ माह पहले तैयार किया था प्रपोजल प्रो. एचओडी डा. अरुण भटनागर ने बताया कि दुर्घटनाओं में झुलसे लोगों के इलाज के लिए स्किन की जरूरत होती है। अभी तक स्किन बैंक नहीं होने के कारण स्किन डोनेशन की व्यवस्था हमीदिया अस्पताल में नहीं थी। करीब नौ महीने पहले बर्न एंड प्लास्टिक विभाग द्वारा इसके लिए प्रपोजल तैयार किया था। बजट मिलने पर स्किन बैंक के लिए जरूरी उपकरण और इंफ्रास्ट्रक्चर जुटाकर स्किन बैंक शुरू करने के लिए कार्रवाई शुरू हुई। डा. भटनागर ने बताया कि बैंक में डीप फ्रीज दो हजार लीटर, कूलिंग कैबिनेट तीन हजार लीटर के हैं। इसमें 100 मि.ली. के 60 से अधिक बाटल रख सकते हैं। हर माह आते हैं 60 से अधिक मरीज हमीदिया अस्पताल प्रबंधन के अनुसार यहां आने वाले अधिकतर मरीज 30 से 60 प्रतिशत बर्न होते हैं या उससे अधिक भी जाते हैं, ऐसे में इन मरीजों को स्किन की आवश्यकता होती है। ऐसे मरीजों में सक्रमण न हो इसके लिए स्किन की जरूरत होती है। हमीदिया में महीने भर में 60 से अधिक ऐसे मरीज आते हैं। जिसमें से करीब 40 के करीब मरीजों में स्किन की आवश्यकता होती है।   दो प्रकार से स्किन कर सकते हैं दान इस बैंक में जीवित और मृत व्यक्ति की त्वचा को डोनेट किया जा सकेगा। इस स्किन को किसी भी मरीज के लिए इस्तेमाल किया जा सकेगा। मेजर बर्न के मरीजों की जान बचाई जा सकेगी। इससे संक्रमण का खतरा कम होगा। इसमें खून ज्यादा नहीं निकलता। व्यक्ति के शरीर हाथ और पैरों के हिस्से ही स्किन निकाली जाती है। recent visitors 122

कांग्रेस सांसद ने लोकसभा में दिया स्थगन प्रस्ताव-विनेश फोगाट की अयोग्यता और खेल मंत्री के बयान का मुद्दा सदन में उठाएगे

नई दिल्ली विनेश फोगाट की अयोग्यता और खेल मंत्री के बयान का मुद्दा कांग्रेस सदन में उठाएगी। कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव पेश किया है। मणिकम टैगोर ने पत्र में लिखा है कि हाल ही में विनेश फोगाट को मामूली वजन के अंतर के कारण अयोग्य ठहराए जाने से न महज उनका, बल्कि हर भारतीय का सपना टूटा है। यह देखकर निराशा होती है कि खेल मंत्री मनसुख मंडाविया उन पर खर्च किए गए 70 लाख रुपये का जिक्र बार-बार कर लोगों का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। यह राशि भाजपा की संपत्ति नहीं है। उन्होंने आगे लिखा कि विनेश फोगाट एक राष्ट्रीय संपत्ति हैं। हम मंत्री के असंवेदनशील बयान की निंदा करते हैं और सरकार से आग्रह करते हैं कि वह इस मुद्दे को गंभीरता से ले। हमारे एथलीट वास्तविक समर्थन के हकदार हैं, न कि केवल वित्तीय आंकड़े के। हम मांग करते हैं कि मंत्री अपना बयान वापस लें और खिलाड़ियों की चुनौतियों के प्रति सम्मानजनक दृष्टिकोण अपनाएं। इसको लेकर यूपी के शामली जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने प्रदेश के राज्यपाल के नाम ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। जिसमें उन्होंने पेरिस में खेले जा रहे ओलंपिक खेलों के फाइनल में भारतीय पहलवान विनेश फोगाट को अयोग्य घोषित किए जाने पर न्याय की मांग की। गुरुवार को दिए गए ज्ञापन में उन्होंने कहा कि भारत का नाम रोशन करने वाली विनेश फोगाट पर भारतीयों को गर्व है। उन्होंने आगे कहा कि विनेश फोगाट ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर फाइनल में अपनी जगह पक्की की थी, लेकिन अचानक खबर आई कि उन्हें मुकाबले से अयोग्य घोषित कर दिया गया है। इस तरह से अयोग्य घोषित किया जाना उनके खिलाफ एक गहरी साजिश है। विनेश फोगाट के खिलाफ यह साजिश निंदनीय है। कांग्रेस इसकी कड़ी निंदा करती है। recent visitors 94

प्रदेश में 15 वर्ष से अधिक पुराने वाहनों के स्क्रेपिंग के लिये तीन केन्द्र, दिव्यांग यात्रियों के लिये किराये में 50% की छूट

भोपाल प्रदेश में शासन और निगम के स्वामित्व के 15 वर्ष से अधिक पुराने वाहनों को तथा फिटनेस परीक्षण में असफल रहने वाले निजी वाहनों को सुव्यवस्थित रूप से स्क्रेप कराने के लिये परिवहन विभाग द्वारा वाहन स्क्रेपिंग सुविधा केन्द्रों की स्थापना की जा रही है। वर्तमान में भोपाल जिले में दो तथा इंदौर जिले में एक रजिस्टर्ड व्हीकल स्क्रेपिंग फेसिलिटी केन्द्र प्रारंभ हो चुके है। रजिस्टर्ड व्हीकल स्क्रेपिंग फेसिलिटी केन्द्र के माध्यम से आम नागरिकों द्वारा वाहन स्क्रेप कराने को प्रोत्साहित करने के लिये उनके द्वारा नवीन वाहन क्रय करने पर मोटरयान कर में 15 प्रतिशत और गैर परिवहन यान के लिये 25 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। राज्य में पंजीकृत किन्ही भी प्रवर्ग तथा किसी भी आयु सीमा के मोटरयानों के लिये, जिन पर किसी मोटरयान कर या शास्ति की शोध्य राशि पर 90 प्रतिशत तक की छूट प्रदाय की गई है। इस योजना के माध्यम से 600 वाहनों से 57 लाख रूपये का राजस्व प्राप्त किया गया है। कॉल सेंटर की स्थापना प्रदेश के व्यावसायिक वाहन मालिकों को वाहनों के टेक्स, परमिट, फिटनेस आदि की जानकारी देने के लिये परिवहन विभाग द्वारा एक कॉल सेंटर बनाया गया है, जिस पर फोन कर वाहन मालिक अपने वाहन से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते है। विभाग में नागरिकों की सुविधा के लिये ई-सेवा प्रारंभ की गयी है। नागरिक परिवहन विभाग की वेबसाइट www.transport.mp.gov.in पर वाहन संबंधी जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकते है। दिव्यांग यात्रियों को किराये में छूट प्रदेश में संचालित यात्री वाहनों में दिव्यांग को किराये में 50 प्रतिशत की छूट प्रदाय की जा रही है। इसके साथ सार्वजनिक परिवहन से उनके लिये एक सीट भी आरक्षित की गई है। विभागीय गतिविधियों एवं जनसामान्य के उपयोग में आने वाले फार्म प्रचलित नियमों और इससे संबंधित सामग्रियों को जनसामान्य तक पहुँचाने के लिये विभाग की वेबसाइट www.transport.mp.gov.in पर प्रदर्शित किया गया है। विभागीय वेबसाइट पर mp.gov.in डोमेन में और विभाग के डाटा सेंटर का राज्य डाटा सेंटर में ट्रांसफर करके व्यवस्था को और पारदर्शी बनाया गया है।   recent visitors 95

बिजली उपभोक्ता सायबर जालसाजों से सावधान रहें : ऊर्जा मंत्री श्री तोमर

भोपाल ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्मन सिंह तोमर ने सम्माननीय बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने बिजली बिलों का नगद भुगतान कंपनी के जोन, वितरण केन्द्र कार्यालय, एटीपी मशीन अथवा अधिकृत भुगतान केन्द्रों जैसे एम.पी. ऑनलाइन, कॉमन सर्विस सेन्टर पर ही करें। उपभोक्ताओं को बिजली बिलों के केशलेश भुगतान हेतु कंपनी के पोर्टल https://www.mpez.co.in/ (नेट बैंकिंग, क्रेडिट/डेबिट कार्ड, यूपीआई, कैश कार्ड एवं वॉलेट आदि) फोन पे, अमेजान पे, गूगल पे, पेटीएम एप, व्हाट्सएप पे एवं मोबाइल एप के माध्यम से भी बिल भुगतान की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने कहा है कि बिजली उपभोक्ता सायबर जालसाजों से सावधान रहें। कंपनी के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के अधिकारियों ने बताया है कि कंपनी अंतर्गत विद्युत देयकों के भुगतान के लिए उपभोक्ता पहचान नंबर यानि आईवीआरएस नंबर की जरूरत होती है। आईवीआरएस नंबर के आधार पर ही जोन, वितरण केन्द्रों या अन्य गेटवे एमपी ऑनलाइन, पेटीएम, फोन पे, गूगल पे. अमेजन पे, व्हाट्सएप पे आदि पर बिजली बिलों का भुगतान होता है। कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी मोबाइल नंबर से आए फोन के आधार पर किसी भी मोबाइल नंबर पर देयकों की राशि अंतरित न करें। साथ ही अपना पिन नंबर भी किसी के साथ साझा न करें। कंपनी के संज्ञान में आया है कि सायबर जालसाजों द्वारा बिजली उपभोक्ताओं को एसएमएस, व्हाट्सएप मैसेज अथवा आई.व्ही.आर. तकनीक से फोन कॉल पर नंबर दबाने हेतु कहा जाता है जिसमें बिल भुगतान कराने हेतु भय बनाकर कि आपकी बिजली कुछ घंटों बाद काट दी जाएगी, इसके लिए बिल भुगतान करने हेतु विशेष नंबर दबाएं अथवा मोबाइल नंबर विशेष पर संपर्क कर बकाया राशि जमा कराएं। इस प्रकार के एसएमएस, व्हाट्सएप मैसेज एवं आई.व्ही.आर. फोन कॉल फर्जी हैं, इन पर ध्यान नहीं दिया जाए। इस प्रकार के फर्जी सायबर जालसाजों से सतर्क और सावधान रहें।   recent visitors 88