लगातार बरसात के कारण अछि प्याज के दामों में आई तेजी, कुछ दिनों में हो सकता है डबल

इंदौर देवी अहिल्या बाई होलकर थोक मंडी में प्याज में अच्छी तेजी देखी गई। प्याज में बेस्ट माल ऊपर में 3100 रुपये तक बिक गया। लगातार बरसात के कारण प्याज की क्वालिटी खराब हुई है। इस बीच राखी पूर्व की मांग निकलने लगी है। ऐसे में अच्छे माल में तेजी आ रही है। अच्छी क्वालिटी में गोल्टा प्याज भी 2800 रुपये तक बिका। प्याज की आवक करीब 35 हजार बोरी तक रही। आलू और लहसुन आलू के भाव में अभी स्थिरता है। एक-दो लाट ही ऊपर में 2400 रुपये बिके। आलू की आवक करीब 5-6 हजार बोरी रही। कारोबारियों को राखी के लेवाली का इंतजार है। लहसुन की आवक घटकर 5 हजार बोरी की रही लेकिन दाम बीते सप्ताह के मुकाबले नरम ही है। लहसुन ऊपर में एक-दो लाट बेस्ट क्वालिटी होने पर 2000 रुपये तक बिकती है। शेष माल बेस्ट में ऊपर में 18000-19000 रुपये क्विंटल तक बिकी। मंडी भाव प्याज     बेस्ट- 3000 से 3100 रुपये/ क्विंटल     एवरेज और अच्छा गोल्टा- 2600-2800 रुपये/ क्विंटल     गोल्टी- 1800 से 2000 रुपये/ क्विंटल आलू     चिप्स बेस्ट- 2200 से 2400 रुपये/ क्विंटल     ज्योति– 2000 से 2100     आगरा -1300 से 1500     एवरेज- 1100-1200     गुल्ला- 700-900 लहसुन     ऊंटी- 18000 से 19000 रुपये/ क्विंटल     बोल्ड -15000 से 17000     मीडियम- 12000-14000     बारीक- 8000-10000   recent visitors 99

देवरिया के एक स्कूल में छोले खाने से 40 बच्चे बीमार, 8 की हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज किया रेफर, विभाग में हड़कंप

देवरिया जनपद देवरिया के रामपुर कारखाना क्षेत्र के मेहरौना गांव स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय आश्रम पद्धति इंटर कॉलेज में बासी छोले खाने से 40 बच्चे बीमार हो गए हैं। उल्टी दस्त एवं पेट में दर्द तथा बुखार होने से 8 बच्चों की हालत गंभीर हो गई। जिन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। सूचना मिलते ही विद्यालय प्रबंधन में खलबली आश्रम पद्धति विद्यालय में कुल 300 बच्चों का नामांकन है। सभी बच्चों को आवासीय व्यवस्था दी गई है। सोमवार को दोपहर में बच्चों को विद्यालय प्रबंधन की तरफ से बासी छोला वितरित कर दिया गया। उसके कुछ देर बाद ही बच्चे उल्टी दस्त करने लगे। इसकी जानकारी होते ही विद्यालय प्रबंधन में खलबली मच गई। सूचना मिलते ही पहुंची चिकित्सकों की टीम इसी बीच किसी ने इसकी सूचना स्थानीय विधायक रामपुर कारखाना सुरेंद्र चौरसिया को दी। उसके पश्चात  चिकित्सकों की टीम कॉलेज में  पहुंची। उसके बाद बच्चों के प्राथमिक उपचार में जुट गई। तीन बच्चों मंगेश प्रसाद उम्र 17 वर्ष एवं अक्षत कुमार 14 वर्ष तथा नीतीश गोंड 13 वर्ष की हालत गंभीर होने पर महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। रामपुर कारखाना की चिकित्सक डॉ.विनीत कुमार सिंह ने बताया कि बच्चों को उल्टी दस्त एवं बुखार तथा पेट में दर्द है। तीन बच्चों को पहले ही रेफर कर दिया गया है। पांच और बच्चों को मेडिकल कालेज भेजा जा रहा है। विधायक ने विद्यालय प्रबंधन को लगाई फटकार बच्चों के बीमार होने की सूचना मिलते ही रामपुर कारखाना के विधायक सुरेंद्र चौरसिया कॉलेज पहुंचे। विद्यालय प्रबंधन को जमकर फटकार लगाई। सीएमओ ने विद्यालय का लिया जायजा बच्चों के बीमार होने की जानकारी मिलते ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. राजेश झा चिकित्सकों की टीम के साथ पहुंचे। स्कूल का ज्यादा लिया। डॉक्टरों की टीम मौके पर मौजूद बीमार बच्चों के उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर कारखाना एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरियारपुर के चिकित्सकों की टीम पहुंची है। जिसमें डॉ.आशुतोष शर्मा एवं डॉ.विनीत कुमार सिंह के अलावा फार्मासिस्ट राकेश कुमार आदि उपस्थित हैं। recent visitors 82

पेपर लीक के दोषी बड़े मगरमच्छ अंदर जाएंगे, राजस्थान-दौसा में सीएम भजनलाल ने की सभा

दौसा. दौसा में लालसोट विधानसभा के डूंगरपुर गांव में पहुंचे राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्थानीय लोक देवी-देवताओं के जयकारे के साथ अपने भाषण की शुरुआत की और कहा कि यह क्षेत्र पूर्वी राजस्थान का क्षेत्र है और मैं भी इसी क्षेत्र से आता हूं। उन्होंने कहा कि यहां किसानों के पास जमीन तो है लेकिन कमी थी तो पानी की। हमने हमारे संकल्प पत्र में वादा किया था और राजस्थान में पानी के लिए ईआरसीपी का एमओयू साइन कर दिया। जल्दी ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ईआरसीपी परियोजना का शिलान्यास करेंगे और इसका फायदा दौसा, सवाई माधोपुर, टोंक, करौली और भरतपुर समेत 13 जिलों को मिलेगा। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में सबसे ज्यादा समय तक कांग्रेस ने राज किया है, उन्होंने गरीबी हटाओ जैसा नारा दिया था लेकिन उनका गरीबों के साथ कोई रिश्ता नहीं रहा। सीएम ने कहा कि हमारी सरकार महिला युवा किसान और मजदूर की सरकार है इसलिए मैं विशेषकर उन युवाओं से कहना चाहता हूं, जो किसानों के बेटे हैं, जिनके माता-पिता को उनसे उम्मीदें हैं वे आगे आकर अपने घर और परिवार का सहारा बनें। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि इसीलिए मैंने इस साल बजट में 1 लाख नौकरियां देने का वादा किया है, हम 5 साल के दौरान पूरी 5 लाख नौकरियां देंगे। पेपर लीक के मामले में मुख्यमंत्री भजनलाल ने कहा कि कांग्रेस के समय 19 पेपर में से 17 पेपर लीक हुए। उन्होंने किसान और बेरोजगारों के सपने रौंदने का काम किया है। इसीलिए हमारी सरकार ने सरकार बनने के दूसरे दिन एसआईटी का गठन किया, जिसके चलते अब तक 115 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं और आने वाले समय में बड़े मगरमच्छ भी गिरफ्तार होंगे। लालसोट विधानसभा की बात करते हुए उन्होंने कहा कि आप पहले के कितने भी बजट उठाकर देख लेना लालसोट को जितना इस बजट में मिला है, उतना कभी नहीं मिला होगा। recent visitors 118

नगर निगम फर्जी बिल घोटाले में ईडी ने राठौर और गर्ग के ठिकानों के साथ ही उनके रिश्तेदारों के घर भी मारा छापा

इंदौर इंदौर नगर निगम में हुए फर्जी बिल घोटाले में सोमवार को ईडी ने मास्टर माइंड अभय राठौर और अकाउंटेंट अनिल गर्ग के ठिकानों पर छापा मारा। ईडी ने करीब 12 जगह छापेमारी कार्रवाई की। सुबह-सुबह ईडी की टीम महालक्ष्मी नगर में अनिल गर्ग के यहां पहुंची। घर पर टीम देखकर परिवार के लोग घबरा गए। राठौर और गर्ग के ठिकानों के साथ ही उनके रिश्तेदारों के घर भी ईडी ने छापा मारा। इन लोगों से बंद कमरे में अभी ईडी पूछताछ कर रही है। फिलहाल किसी भी अंदर जाने नहीं दिया जा रहा है। बता दें कि 125 करोड़ के घोटाले में पुलिस ने करीब 20 कर्मचारी और ठेकेदारों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। आरोपित अभी जेल में है। इस घोटाले का मास्टर माइंड अभय राठौर है। recent visitors 141

बांग्लादेश में राजनीतिक स्थिति को देखते हुए LIC ने 7 अगस्त तक बंद किए बांग्लादेश में ऑफिस

मुंबई देश की सबसे बड़ी इंश्योरेंस कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की ओर से सोमवार को कहा गया कि कर्फ्यू के चलते कंपनी ने बांग्लादेश में अपने ऑफिस 7 अगस्त तक बंद रखने का फैसला किया है। एलआईसी की ओर से नियामक फाइलिंग में कहा गया कि बांग्लादेश में राजनीतिक स्थिति को देखते हुए कंपनी की बांग्लादेशी इकाई (एलआईसी ऑफ बांग्लादेश लिमिटेड) के ऑफिस को 5 से लेकर 7 अगस्त तक बंद रखने का फैसला किया गया है। एलआईसी की ओर से आगे कहा गया कि बांग्लादेश सरकार की ओर से 5 से लेकर 7 अगस्त तक कर्फ्यू का ऐलान किया गया है। बांग्लादेश में नौकरियों में आरक्षण को लेकर बीते एक महीने से छात्रों की ओर से प्रदर्शन किया जा रहा है। इस कारण देशभर में हिंसा हो रही है। बांग्लादेश में हिंसा के चलते वहां की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। देश को चलाने के लिए एक अंतरिम सरकार का गठन कर दिया गया है। कई रिपोर्ट्स में बताया गया कि सैकड़ों प्रदर्शनकारियों के ढाका में प्रधानमंत्री के आधिकारिक निवास गोनो भवन में प्रवेश करने के बाद शेख हसीना "सुरक्षित स्थान" के लिए रवाना हो गई हैं। बांग्लादेश के बड़े अखबारों में एक 'द डेली स्टार' की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया कि पिछले तीन हफ्तों में सरकार के खिलाफ होने वाले इस प्रदर्शन में 300 से ज्यादा लोग मारे गए हैं। बता दें कि छात्रों की ओर से यह प्रदर्शन पाकिस्तान के खिलाफ स्वतंत्रता आंदोलन में स्वतंत्रता सेनानियों के रिश्तेदारों को नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण को लेकर हो रहा है। यह प्रदर्शन बांग्लादेशी सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश के बाद शुरू हुए, जिसमें इस आरक्षण को घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया था। recent visitors 119

मंत्री केदार कश्यप ने रामेश्वरम में की भगवान शंकर की पूजा-अर्चना, समृद्ध संस्कृति से परिपूर्ण है छत्तीसगढ़

रायपुर. वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप ने अपनी धर्मपत्नी के साथ रामेश्वरम में भगवान शंकर की पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने हरेली तिहार की बधाई देते हुए कहा कि हमारे बस्तर में इसे अमुस तिहार कहा जाता है। आज के दिन किसान भाई अपने खेतों में जाकर फसल की पूजा करते हैं। अच्छे फसल की मनोकामना के साथ देवस्थानों में कृषि औजारों की पूजा-अर्चना करते हैं। छत्तीसगढ़ की संस्कृति और सभ्यता हमेशा से समृद्ध रही है। छत्तीसगढ़ के लोक पर्व, लोक संस्कृति का ध्वजवाहक रहा है। छत्तीसगढ़ किसानों का प्रदेश है। इस हरेली तिहार से छत्तीसगढ़ में त्योहारों की शुरुआत होती है, जो कि किसान को समर्पित तिहार है। पूरे प्रदेश में अमुस तिहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। मंत्री श्री कश्यप ने प्रदेशवासियों को अमुस तिहार की बधाई एवं शुभकामनाएं। recent visitors 130

शम्मी आबिदी की अध्यक्षता में आमसभा बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक सम्पन्न

रायपुर, किशोर न्याय बालकों की देखरेख और संरक्षण अधिनियम के प्रावधानों के तहत गठित राज्य बाल संरक्षण समिति की कार्यकारिणी तथा आमसभा बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक सचिव महिला एवं बाल विकास विभाग एवं पदेन अध्यक्ष राज्य बाल संरक्षण समिति शम्मी आबिदी की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आज सम्पन्न हुई। सचिव महिला एवं बाल विकास द्वारा बैठक में बाल संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों पर एवं विभिन्न विभागों के साथ समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई। संयुक्त संचालक, मिशन वात्सल्य द्वारा वर्तमान में राज्य में बाल संरक्षण के क्षेत्र में किये जा रहे विभिन्न कार्यों, किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम, 2015 यथा संशोधित 2021 के क्रियान्वयन हेतु संचालित मिशन वात्सल्य के तहत प्रदान की जा रही संस्थागत एवं गैर संस्थागत देखरेख सेवाओं की जानकारी का प्रस्तुतीकरण किया गया। बैठक में बताया गया कि प्रदेश में 93 बाल देखरेख संस्थाएं संचालित हैं, जिनमें देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों के लिए 67 एवं विधि से संघर्षरत बच्चों के लिए 26 संस्थाएं संचालित हैं। इन संस्थाओं में 2046 बच्चे निवासरत हैं, जिनमें से 1318 बच्चे शाला में अध्ययनरत एवं 29 बच्चे ओपन स्कूल के माध्यम से परीक्षा देंगे। वर्ष 2023-24 में बाल देखरेख संस्थाओं में निवासरत 10वी के 32 एवं 12वी के 23 बच्चे प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। आगामी शिक्षा सत्र के विषय चयन हेतु 136 बच्चों का एप्टीट्यूड टेस्ट कराया गया। कोंडागांव एवं महासमुंद जिले के बच्चों द्वारा जुडो, तीरंदाजी खेलों में प्रदर्शन किया गया। जिसके फलस्वरूप सांई हॉस्टल एवं खेल अकादमी में प्रवेश प्रदाय किया गया है। सचिव महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संस्थागत देखरेख में निवासरत बालकों के सर्वांगीण विकास हेतु अच्छी शिक्षा उपलब्ध कराने, कौशल प्रशिक्षण से जोड़ने, बच्चों की समुचित स्वास्थ्यगत देखभाल करने हेतु महिला एवं बाल विकास विभाग एवं संबंधित विभागों की संयुक्त कार्ययोजना बनाकर प्रभावी कियान्वयन हेतु निर्देशित किया गया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग को उनकी गतिविधियों में इन बच्चों को शामिल करने के निर्देश दिये गये। गैर संस्थागत देखरेख अंतर्गत दत्तक ग्रहण में वर्ष 2023-24 में 79 बालक एवं इस वर्ष 20 बालक दत्तक ग्रहण में दिये गये।  स्पांसरशिप कार्यक्रम के अंतर्गत 812 बच्चों को लाभान्वित किया जा रहा है। सचिव द्वारा इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने एवं अधिकतम पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिये गये। फास्टर केयर के अंतर्गत 14 बच्चे एवं आफ्टर केयर में 85 बच्चों को लाभान्वित किया गया। किशोर न्याय बालकों की देखरेख और संरक्षण अधिनियम, 2015 यथा संशोधित 2021 के प्रावधान के अनुसार छत्तीसगढ़ बाल कोष का गठन किया गया है, जिसमें जिलों से प्राप्त प्रस्तावों पर स्वीकृति उपरांत राज्य बाल संरक्षण समिति द्वारा कार्याेत्तर अनुमोदन दिया गया। कोविड आपदा के कारण अनाथ हुए बच्चों के लिए संचालित पीएम केयर फॉर चिल्ड्रन योजना के तहत 108 हितग्राहियों को लाभान्वित किये जाने की जानकारी संबंधित अधिकारी द्वारा दी गई। पॉक्सो पीड़ित बालिकाओं के पुनर्वास हेतु केन्द्र शासन द्वारा संचालित योजना की जानकारी समिति के सदस्यों को दी गई कि एक सितम्बर 2023 से राज्य शासन द्वारा संचालित चाईल्ड हेल्पलाईन 1098 के संचालन, महिला हेल्पलाईन 181 एवं ईआरएसएस 112 से इंटीग्रेशन के संबंध में जानकारी दी गई। चाईल्ड हेल्पलाईन में प्राप्त 1623 प्रकरणों के विरूद्ध 1571 प्रकरणों का निराकरण किया गया। सचिव द्वारा हेल्पलाइन नम्बर 1098, 181, 112 के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं बच्चों के विरूद्ध तथा बच्चों द्वारा किये जाने वाले अपराधों का जिलेवार विश्लेषण कर कार्ययोजना बनाने एवं प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिये गये। बैठक में बताया गया कि राज्य में बाल संरक्षण व बच्चों के सर्वाेत्तम हित में किए जा रहे कार्यों एवं प्रयासों की गुणात्मक सुधार हेतु निर्देश दिए गए। समिति के सदस्यों को बाल विवाह मुक्त छ.ग. अभियान के संबंध में जानकारी दी गई। वर्ष 2023-24 में 161 एवं वर्ष 2024-25 में 146 बाल विवाह अंतर्विभागीय समन्वय से रोके गये हैं। राज्य शासन द्वारा किये जा रहे नवाचार उल्लास, उजियार, उमंग, उम्मीद एवं बाल उदय योजना के बारे में विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही बाल देखरेख संस्थाओं में होने वाली विभिन्न गतिविधियों स्वच्छता पखवाड़ा, योग दिवस, मानसिक स्वास्थ्य दिवस, वीर बाल दिवस की जानकारी साझा की गई। वर्ष 2023-24 में मिशन वात्सल्य के दिशा-निर्देश अनुसार भारत शासन को प्रेषित वित्तीय प्रस्ताव पर कार्याेत्तर अनुमोदन समिति द्वारा दिया गया। समिति द्वारा 2024-25 के लिए प्रशिक्षण कार्ययोजना, प्रचार-प्रसार गतिविधि कार्ययोजना, वर्ष 2022-23 के ऑडिट कार्य का कार्याेत्तर अनुमोदन दिया गया। समिति के सदस्यों को छ.ग. राज्य की बाल संरक्षण नीति का ड्राफ्ट तैयार करने की जानकारी दी गई। सचिव ने बच्चों के सर्वाेत्तम हित में प्रचार-प्रसार, विभाग से संबंधित बिंदुओं पर परिणाममूलक कार्यवाही हेतु समन्वित कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिये गये। बैठक में संचालक महिला एवं बाल विकास श्रीमती तुलिका प्रजापति, संयुक्त सचिव, महिला एवं बाल विकास विभाग डॉ. रेणुका श्रीवास्तव एवं अन्य सहयोगी विभागों- गृह विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, समाज कल्याण विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, वित्त विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, तकनीकी शिक्षा विभाग, राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, रेलवे एवं एनआईसी आदि विभागों के प्रतिनिधि शामिल हुए। recent visitors 135