पीवी सिंधु पेरिस ओलंपिक 2024 की हार से हुई हताश, फ्यूचर को लेकर भी किया बड़ा ऐलान

पेरिस भारत के लिए बैडमिंटन में लगातार दो ओलंपिक मेडल जीतने वालीं पीवी सिंधु पेरिस ओलंपिक 2024 से बाहर हो गईं। एक अगस्त को अपने राउंड 16 के मैच में उनको चीन की ही बिंग जाओ के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा। इसी के साथ उनका लगातार तीन ओलंपिक मेडल जीतने का सपना चकनाचूर हो गया। इसके बाद क्या वे रिटायरमेंट लेने वाली हैं? उन्होंने अपने भविष्य को लेकर बात की है। उन्होंने कहा है कि वह छोटा से ब्रेक ले रही हैं, क्योंकि इसकी उनके शरीर और दिमाग को जरूरत है। पेरिस ओलंपिक में मिली इस हार से वह बुरी तरह टूटी हुई हैं। पीवी सिंधु ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, "पेरिस 2024: एक खूबसूरत यात्रा, लेकिन एक कठिन हार। यह हार मेरे करियर की सबसे मुश्किल हार में से एक है। इसे स्वीकार करने में समय लगेगा, लेकिन जैसे-जैसे जीवन आगे बढ़ेगा, मुझे पता है कि मैं इससे उबर जाऊंगी। पेरिस 2024 की यात्रा एक संघर्ष थी, जिसमें दो साल तक चोट लगी और खेल से लंबे समय तक दूर रहना पड़ा। इन चुनौतियों के बावजूद, यहां खड़े होकर और तीसरे ओलंपिक में अपने अद्भुत देश का प्रतिनिधित्व करके मैं वास्तव में धन्य महसूस करती हूं।" उन्होंने आगे लिखा, "मैं इस स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने और इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि एक पीढ़ी को प्रेरित करने के लिए अविश्वसनीय रूप से भाग्यशाली हूं। इस दौरान आपके संदेश मेरे लिए बहुत बड़ी सांत्वना रहे हैं। मेरी टीम और मैंने पेरिस 2024 के लिए अपना सब कुछ दिया, बिना किसी पछतावे के कोर्ट पर सब कुछ छोड़ दिया।" महान बैडमिंटन प्लेयर पीवी सिंधु ने अपने करियर को लेकर कहा, "अपने भविष्य के बारे में, मैं स्पष्ट करना चाहती हूं: मैं खेलना जारी रखूंगी, भले ही एक छोटे से ब्रेक के बाद। मेरे शरीर और सबसे महत्वपूर्ण बात, मेरे दिमाग को इसकी जरूरत है। हालांकि, मैं आगे की यात्रा का सावधानीपूर्वक मूल्यांकन करने की योजना बना रही हूं और उस खेल को खेलने में अधिक आनंद ढूँढ़ूँगी, जिसे मैं बहुत पसंद करता हूं।" recent visitors 96

दोनों के खिलाफ ईडी की विशेष कोर्ट ने प्रोडक्शन वारंट किया जारी, रायपुर लाए जाएंगे अनवर ढेबर और अरूणपति

रायपुर शराब घोटाला मामले के आरोपित अनवर ढेबर और पूर्व आबकारी अधिकारी अरुणपति त्रिपाठी को उत्तरप्रदेश के मेरठ जेल से रायपुर लाने का रास्ता साफ हो गया है। दरअसल दोनों के खिलाफ ईडी की विशेष कोर्ट ने प्रोडक्शन वारंट जारी किया है। ईडी की ओर से कोर्ट में लगाए गए आवेदन पर जारी प्रोडक्शन वारंट के आधार पर अब मेरठ जेल में बंद दोनों आरोपितों को रायपुर लाकर ईडी रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। गौरतलब है कि 19 जून को रायपुर केंद्रीय जेल में बंद अनवर ढेबर को हाईकोर्ट से मेडिकल ग्राउंड के आधार पर जमानत मिली थी, जमानत पर जेल से बाहर निकलते ही यूपी एसटीएफ ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। इस दौरान अनवर के स्वजन, रिश्तेदार और समर्थकों ने जेल परिसर में जमकर हंगामा किया था। मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने किसी तरह सिविल लाइन थाने लेकर पहुंची, जहां से यूपी एसटीएफ अनवर को साथ लेकर मेरठ रवाना हो गई थी। इससे पहले अरुणपति त्रिपाठी को यूपी एसटीएफ यहां से लेकर गई थी। दोनों के अलावा अन्य आरोपितों के खिलाफ नोएडा में नकली होलोग्राम का केस दर्ज है। इसी केस में पूछताछ के सिलसिले में प्रोडक्शन के आधार पर अनवर को यहां से लेकर जाया गया था। दोनों से पूछताछ के बाद न्यायिक रिमांड पर मेरठ जेल भेज दिया था, तब से दोनों वहां है। recent visitors 100

7 अक्टूबर से कनेक्शन, फिलिस्तीन के अलावा कई मुस्लिम देशों पर भी बरस रहा इजरायल का कहर: बेंजामिन नेतन्याहू

इजरायल दो दिन पहले इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि उनके देश पर किसी भी मोर्चे पर कोई भी हमला हुआ तो भारी कीमत चुकानी होगी। नेतन्याहू उन देशों को चेतावनी दे रहे थे जो इजरायल के खिलाफ नया मोर्चे खेल सकते हैं। तेहरान में हवाई हमले में हमास के शीर्ष राजनीतिक नेता इस्माइल हनिया के मारे जाने के बाद नेतन्याहू का यह पहला सार्वजनिक बयान था। हमास और ईरान दोनों ने इस्माइल हनिया की हत्या के लिए फौरन इजरायल को जिम्मेदार ठहराया जिससे व्यापक क्षेत्रीय युद्ध का खतरा पैदा हो गया है। हालांकि मिडिल-ईस्ट के कई मुस्लिम देशों की धमकियों के बावजूद इजरायल का मिलिट्री एक्शन जारी है। यहां खास बात ये है कि इजरायल के निशाने पर केवल फिलिस्तीन ही नहीं, बल्कि अन्य मुस्लिम देश भी हैं। इन देशों में बमबारी कर इजरायल ने सैकड़ों लोगों को मौत के घाट उतारा है। 7 अक्टूबर से कनेक्शन अल-जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, 7 अक्टूबर के बाद से, इजरायल मिडिल-ईस्ट में 17,000 से अधिक हमले कर चुका है। इजरायल ने पांच मुस्लिम देशों में 17,081 हमले किए हैं। 7 अक्टूबर, 2023 को, हमास ने इजरायल के खिलाफ बड़े पैमाने पर रॉकेट दागे और नागरिकों और सैन्य ठिकानों दोनों पर हमला करते हुए सीमा का उल्लंघन किया। हमले के दौरान इजरायल में लगभग 1,200 लोग मारे गए थे, और 240 अन्य लोगों का अपहरण कर लिया। इसके बाद इजरायल ने जवाबी हमला शुरू किया। गाजा की पूरी नाकाबंदी का आदेश दिया और फिलिस्तीनी एन्क्लेव में जमीनी घुसपैठ शुरू कर दी। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि इजरायली हमले में मरने वालों की संख्या 39,000 से ज्यादा हो गई है और 90,000 से अधिक लोग घायल हुए हैं। इजरायल के अधिकांश हमले फिलिस्तीनी क्षेत्र, विशेष रूप से गाजा पट्टी पर हुए हैं। गाजा पट्टी पर 10,389 अटैक किए गए। यह कुल इजरायली हमलों का 60 प्रतिशत से अधिक है। इजराइल ने लेबनान पर 6,544 हमले किए (38 प्रतिशत), उसके बाद सीरिया में 144 घटनाएं दर्ज की गईं। इन मुस्लिम देशों पर टूटा इजरायल का कहर अल-जजीरा ने आर्म्ड कनफ्लिक्ट लोकेशन एंड इवेंट डाटा प्रोजेक्ट के हवाले से लिखा है कि 7 अक्टूबर से अब तक इजरायल ने फिलिस्तीनी क्षेत्र, लेबनान, ईरान, सीरिया और यमन पर 17,000 से अधिक हमले किए हैं। इजरायल के हमलों में लगभग 41,000 लोग मारे गए हैं। लेबनान पर इजरायली हमले 8 अक्टूबर से, जब हिजबुल्लाह ने फिलिस्तीनी लोगों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए इजरायल पर हमले शुरू किए, तब से इजरायल ने उस पर लगभग चार गुना अधिक हमले किए हैं। लेबनान के उत्तरी भाग में 6,544 से अधिक इजरायली हमले हुए हैं, जिसमें 590 से अधिक लोग मारे गए हैं। मंगलवार को लेबनान में हुए ताजा हमले को इजरायली सेना ने बेरूत के दक्षिणी उपनगर शुकर पर एक “सटीक हमला” बताया। लेबनान के अधिकारियों का कहना है कि इस हमले में तीन नागरिक मारे गए और 74 घायल हो गए। इजरायली अधिकारियों का कहना है कि यह शनिवार को उसके गोलान हाइट्स पर हुए हमले का जवाब था जिसमें 12 बच्चे और युवा मारे गए थे। हिज्बुल्लाह ने उस हमले की ज़िम्मेदारी से इनकार किया है। सीरिया पर हमला इजरायल 7 अक्टूबर से सीरिया में 144 से अधिक हमले कर चुका है। जिसमें 260 से अधिक लोग मारे गए हैं। गाजा पर युद्ध शुरू होने के बाद से इसने अपने हमलों में उल्लेखनीय वृद्धि की है, जिसमें ईरान और सीरिया में हमास के सहयोगी हिजबुल्लाह को निशाना बनाया गया है। खासकर राजधानी दमिश्क के आसपास इजरायल ने खूब बम दागे हैं। अप्रैल में, इजरायली लड़ाकू विमानों ने सीरिया की राजधानी दमिश्क में ईरानी वाणिज्य दूतावास की इमारत को ध्वस्त कर दिया, जिसमें ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के सात सदस्य मारे गए, जिनमें सीरिया और लेबनान में कुलीन कुद्स फोर्स का नेतृत्व करने वाले दो जनरल भी शामिल थे। ईरानी वाणिज्य दूतावास पर हमले से कुछ ही दिन पहले, इजरायली सेना ने सीरिया के उत्तरी प्रांत अलेप्पो पर बड़े पैमाने पर हमले किए थे, जिसमें कम से कम 40 लोग मारे गए थे, जिनमें से अधिकांश सैनिक थे। ईरान पर हमले अप्रैल में, ईरान ने अपने एयर डिफेंस सिस्टम को देश के कई हिस्सों में तैनात किया गया था। क्योंकि 1 अप्रैल को ईरानी वाणिज्य दूतावास की इमारत पर इजरायल द्वारा किए गए हमले के बाद इजरायल के साथ तनाव बढ़ गया था। इस्फहान प्रांत में हवाई अड्डे के पास विस्फोटों की रिपोर्ट के बाद, ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम को देश के कई हिस्सों में तैनात किया गया था। अमेरिकी मीडिया ने बताया कि इजराइली मिसाइलों ने एक ईरानी साइट पर हमला किया था। इसी बहाने इजरायल अब ईरान के परमाणु कार्यक्रम को भी तबाह करने में जुटा है। यमन पर हमला पिछले महीने, इजरायली सेना ने हूती समूह के हमलों के जवाब में यमन के लाल सागर बंदरगाह शहर होदेइदाह पर हमला किया, जिसमें छह लोग मारे गए। इजरायली हवाई हमले हूती द्वारा दक्षिणी इजरायल के ईलाट बंदरगाह पर ड्रोन हमले की जिम्मेदारी लेने के एक दिन बाद किए गए, जिसमें तेल अवीव में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। इजरायली हवाई हमले गाजा पर युद्ध शुरू होने के बाद से हौथियों के खिलाफ़ इजरायल द्वारा पहला ज्ञात प्रत्यक्ष हमला था।   recent visitors 93

पॉप सिंग‍िंग सेंसेशन ब्रिटनी स्‍पीयर्स पर बनेगी बायोपिक, जॉन चू होंगे डायरेक्‍टर

न्यूयॉर्क अमेरिकी सिंगर ब्रिटनी स्‍पीयर्स ने अपनी 42 साल की जिंदगी में क्‍या नहीं देखा! 90 और 2000 के दशक में पॉप म्‍यूजिक की सेंसेशन रहीं ब्रिटनी को 'प्रिंसेस ऑफ पॉप' माना गया। वह 150 म‍िल‍ियन म्‍यूजिक रिकॉर्ड्स बेचकर दुनियाभर में सबसे बड़ी म्‍यूजिक आर्टिस्‍ट बनीं। उनके नाम 15 गिनीज बुक ऑफ वर्ल्‍ड रेकॉर्ड दर्ज हैं। वह ग्रैमी से लेकर तमाम बड़े अवॉर्ड जीत चुकी हैं। लेकिन फिर उनकी जिंदगी नशे और उत्‍पीड़न के आरोपों के दलदल में धंसती चली गई। ब्रिटनी स्पीयर्स का पिता जेमी स्पीयर्स के साथ 'कंजरवेटरशिप' को लेकर लंबा विवाद चला। अब जब इस विवाद में ब्रिटनी की जीत हो चुकी है, तो उन पर बायोपिक बनाने की तैयारी भी हो रही है। हॉलीवुड स्टूडियो 'यूनिवर्सल पिक्‍चर्स' ने गुरुवार को घोषणा की है कि उन्‍होंने पॉप स्टार की बेस्‍ट सेलिंग ऑटोबायोग्राफी के अध‍िकार खरीद लिए हैं। साथ ही ये कि अब इस पर बायोपिक बनाने का काम शुरू किया जा रहा है। 'क्रेजी रिच एश‍ियन्‍स' फेम जॉन चू करेंगे डायरेक्‍ट स्‍टूडियो ने न्‍यूज एजेंसी AFP को दिए एक बयान में कहा, 'क्रेजी रिच एशियन्स के डायरेक्‍टर जॉन चू इस फिल्‍म का डायरेक्‍शन करेंगे। यह फिल्‍म ब्रिटनी स्पीयर्स की हाल ही में लिखी गई आत्मकथात्मक 'द वुमन इन मी' पर आधारित होगी।' 'ला ला लैंड' के निर्माता मार्क प्‍लैट भी प्रोजेक्‍ट का हिस्‍सा यूनिवर्सल स्‍टूडियो को इस किताब पर फिल्‍म बनाने के अध‍िकार खरीदने के लिए काफी मशक्‍कत करनी पड़ी है। ऐसा लिए कि इसके लिए बकायदा नीलामी हुई है, जिसमें कई मेकर्स ने दिलचस्‍पी दिखाई थी। स्‍टूडियो ने यह अध‍िकार 'ला ला लैंड' के निर्माता मार्क प्लैट के साथ अपने नाम किया है, जिसके तहत मार्क इस प्रोजेक्‍ट की देखरेख करेंगे। ब्रिटनी ने भी फैंस से शेयर की खुशखबरी ब्रिटनी स्‍पीयर्स ने भी यह खुशखबरी अपने फैंस के साथ शेयर की। उन्‍होंने लिखा, 'मैं फैंस के साथ यह शेयर करते हुए बहुत एक्‍साइटेड हूं कि मैं मार्क प्‍लैट के साथ एक प्रोजेक्‍ट पर काम कर रही हूं। उन्होंने हमेशा मेरी पसंदीदा फिल्‍में बनाई हैं।' सिर्फ अमेरिका में बिकी हैं किताब की 25 लाख प्रतियां ब्रिटनी की किताब 'द वुमन इन मी' में सिंगर ने अपने चाइल्‍ड आर्टिस्‍ट से ग्‍लोबल पॉप सेंसेशन की कहानी लिखी है। उन्‍होंने इसमें खुद से जुड़े कई हाई-प्रोफाइल मामले, ब्रेकअप्‍स और पिता के साथ कानूनी लड़ाई का भी जिक्र किया है। ब्रिटनी की इस किताब की सिर्फ अमेरिका में 25 लाख से अध‍िक प्रतियां बिक चुकी हैं। recent visitors 116

वीआईपी रोड स्थित अमलतास सोसायटी निवासी श्रेष्ठा सतपथी की तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से मौत

रायपुर  राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र के होटल एरिना के सामने तेज रफ्तार कार ने स्कूटी चालक युवती की को टक्कर मार दी। हादसे में श्रेष्ठा सतपथी (21) की मौत हो गई। पुलिस अपराध दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। कार चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। उसकी कार दूसरे थाने के सामने खड़ी मिली है। जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। जानकारी के अनुसार युवती नीट की परीक्षा पास कर डॉक्टर की पढ़ाई करने की तैयारी में जुटी थी। हादसे के बाद माता-पिता के अपनी बेटी को डॉक्टर बनाने का सपना अधूरा रह गया। कुछ दिन बाद श्रेष्ठा को एमबीबीएस काउंसिलिंग में शामिल होने वाली थी। पुलिस के मुताबिक वीआईपी रोड स्थित सृष्टि गार्डन निवासी श्रेष्ठा सतपथी की तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से मौत हुई है। गुरुवार दोपहर लगभग चार बजे वह स्कूटी से अपने पिता के लिए दवाई लेने के लिए रिंग रोड से सटे सर्विस मार्ग से तेलीबंधा की तरफ आ रही थी। इसी दौरान वीआईपी रोड होते हुए तेज रफ्तार कार सीजी 14 एमपी 0686 के चालक ने लापरवाही पूर्वक तेज रफ्तार कार चलाते हुए युवती की स्कूटी को सामने से टक्‍कर मार दी। कार की टक्कर से युवती स्कूटी से मुंह के बल गिरकर बेहोश हो गई। नाक और मुंह से खून निकलने लगा। घटना के बाद आस-पास उपस्थित लोगों ने युवती को उपचार अस्पताल भेजा। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पिता एसबीआई में एजीएम मृतका दो भाई बहन है, श्रेष्ठा सबसे बड़ी थी। श्रेष्ठा के पिता आभाष सतपथी स्टेट बैंक आफ इंडिया में एजीएम के पद पर पदस्थ हैं। बेटी की मौत की खबर के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। recent visitors 116

स्वाति मालीवाल पिटाई कांड मामले में आरोपी बिभव कुमार की गिरफ्तारी गलत नहीं, अब HC से याचिका खारिज

नई दिल्ली स्वाति मालीवाल को पीटने के आरोपी बिभव कुमार को लगातार दूसरे दिन अदालत से झटका लगा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के करीबी बिभव कुमार की उस याचिका को हाई कोर्ट ने खारिज कर दिया है जिसमें उन्होंने अपनी गिरफ्तारी को चुनौती दी थी। बिभव को आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था। जस्टिस नीना बंसल कृष्णा की अदालत ने कहा, 'याचिका खारिज की जाती है।' बिभव कुमार इस समय न्यायिक हिरासत में हैं। एक दिन पहले ही बिभव की जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कड़ी फटकार लगाई थी। स्वाति मालीवाल का आरोप है कि अरविंद केजरीवाल के आधिकारिक आवास में 13 मई को बिभव ने उन्हें पीटा था। कुमार को 18 मई को गिरफ्तार किया गया था। कुमार के वकील ने उनकी गिरफ्तारी को अवैध बताते हुए दलील दी कि एफआईआर दर्ज करने में देरी हुई और उन्हें 18 मई को गिरफ्तार किया गया, जबकि इसी दिन बिभव ने अपनी मर्जी से जांच में शामिल होने के लिए पुलिस को आवेदन दिया था। पुलिस ने इस याचिका का विरोध करते हुए कहा कि कुमार को 'जल्दबाजी में' गिरफ्तार नहीं किया गया था और इसमें किसी भी तरह की कोई गलती नहीं हुई है। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद 8 जुलाई को कुमार की याचिका पर फैसला सुरक्षित रख लिया था। कुमार के खिलाफ 16 मई को भारतीय दंड संहिता के तहत, आपराधिक धमकी, साक्ष्य नष्ट करने तथा गैर इरादतन हत्या के प्रयास से संबंधित प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पहले निचली अदालत और फिर उच्च न्यायालय ने बिभव की जमानत याचिका खारिज कर दी थी और यह मामला उच्चतम न्यायालय में लंबित है।   recent visitors 118

ज्वेलरी शाप में लूट करने पहुंच गया युवक, दुकान संचालक ने दिखाई हिम्मत पकड़कर किया पुलिस के हवाले

बिलासपुर जुआ और सट्टे में हारकर युवक कर्जे में डूब गया। कर्ज से उबरने युवक ने लूट की योजना बना ली। कोरबा जिले के पाली से आकर उसने सरकंडा के सीपत रोड स्थित ज्वेलरी दुकान में लूट की कोशिश की। इसमें वह सफल नहीं हो पाया। उल्टे लोगों ने उसकी जमकर पिटाई की। साथ ही उसे पुलिस के हवाले कर दिया। अब पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। आभूषण खरीदी के बहाने आया युवक सरकंडा के सीपत रोड स्थित कृष्णा ज्वेलर्स के संचालक हर्ष सोनी अपनी मां अंजू सोनी के साथ गुरुवार की सुबह दुकान पर थे। इसी दौरान एक युवक खरीदी के बहाने उनकी दुकान पर आया। उसने सोने के आभूषण दिखाने के लिए कहा। दुकान संचालक ने जैसे ही आभूषण निकालकर काउंटर पर रखा युवक उसे झपटकर भागने लगा। अचानक हुई इस घटना से दुकान संचालक हड़बड़ा गया। वे शोर मचाते हुए लूटेरे के पीछे भागने लगे। इधर आसपास के लोगों ने भी आभूषण लूटकर भाग रहे युवक को दौड़ाया। थोड़ी ही दूर पर लोगों ने उसे पकड़ लिया। लोगों की भीड़ ने युवक की पिटाई की। इसके बाद उससे आभूषण लेकर घटना की सूचना पुलिस को दी। इस पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। कर्ज से उबरने के लिए लूट की योजना प्राथमिक पूछताछ में पता चला है कि युवक का नाम अतुल दास निवासी पाली है। युवक जुआ और सट्टे में मोटी रकम हार चुका है। इसके कारण वह कर्ज में डूबा है। कर्ज से उबरने के लिए उसने लूट की योजना बनाई थी। वह अपनी बाइक पर शहर आया था। लूट की घटना को अंजाम देते समय वह लोगों की पकड़ में आ गया। पुलिस उससे पूछताछ कर और भी घटनाओं में शामिल होने की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल दुकान संचालक ने जुर्म दर्ज नहीं कराया है। दुकान संचालक ने दिखाई हिम्मत, आसपास के लोगों ने किया सहयोग दुकान में ग्राहक बनकर आया युवक अचानक ही जेवर लेकर भागने लगा। इसे देख दुकान संचालक हर्ष सोनी शोर मचाते हुए उसके पीछे भागने लगे। इसे देख आसपास के लोग भी लूटेरे युवक के पीछे भागने लगे। दुकान संचालक ने जिस तरह से हिम्मत दिखाते हुए लुटेरे का पीछा किया इससे वह कुछ दूर ही भाग पाया। इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से उसे पकड़ लिया गया। लूट के जेवर युवक के पास से मिल गए। मामले में शिकायत दर्ज कर लिया गया है।   recent visitors 88