पूर्व पुलिस और सैनिकों को प्राथमिकता पर ऐतराज, छत्तीसगढ़-बिलासपुर हाईकोर्ट ने आरक्षक संवर्ग भर्तियों पर कोर्ट लगाई रोक

बिलासपुर/धमतरी. छत्तीसगढ़ में बड़ी खबर सामने आई है। इसे सुनकर युवाओं में निराशा है। दरअसल, आरक्षक संवर्ग 2023-24 के पदों पर होने वाली भर्तियों पर हाईकोर्ट ने रोक लगा दी है। भर्ती प्रक्रिया के तहत राज्य के जिलों में आरक्षकों के अलग-अलग पदों पर भर्तियां होने वाली थी। मामले की सुनवाई जस्टिस राकेश मोहन पांडेय की सिंगल बेंच में हुई। हाईकोर्ट में याचिकाकर्ता बेदराम टंडन द्वारा दायर की गई याचिका के मुताबिक, यह आरक्षक संवर्ग 2023-24 भर्ती प्रक्रिया का पूरा मामला है। इसके तहत राज्य के सभी जिलों में अलग-अलग पदों पर भर्ती होनी थी। इसमें याचिकाकर्ता के पुत्र ने राजनांदगांव में होने वाले कांस्टेबल जनरल ड्यूटी के लिए आवेदन दिया था। राजनांदगांव जिले में इस केटेगरी के तहत 143 पद जारी किये गए थे, लेकिन विज्ञापन जारी होने और फॉर्म भरने के बाद डीजी पुलिस ने सचिव को इस नियुक्ति प्रक्रिया में पुलिस विभाग में कार्यरत/भूतपूर्व सैनिक कर्मचारियों के बच्चों को छूट देने संबंधी पत्र लिखा था। पत्र में सुझाव देते हुए लिखा गया था कि, भर्ती नियम 2007 कंडिका 9(5) के तहत भर्ती प्रक्रिया के मापदंडों को शिथिल किया जा सकता है, जिसमें फिजिकल टेस्ट के दौरान सीने की चौड़ाई और ऊंचाई जैसे कुल 9 पॉइंट्स में शामिल थे। अवर सचिव ने इस सुझाव को स्वीकार भी कर लिया। इससे आहत होकर याचिकाकर्ता ने हाइकोर्ट में याचिका दाखिल कर दी। मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट को बताया गया कि केवल पुलिस विभाग के कर्मचारियों के संतानों को छूट देना आम नागरिको के साथ भेदभाव है, इसलिए इस भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए। मामले में वकील की ओर से पेश किए गए दलीलों को सुनने के बाद कोर्ट ने आरक्षक संवर्ग 2023-24 के अलग अलग पदों पर होने वाली भर्तियों पर रोक लगा दी है। याचिकाकर्ता के वकील ने कहा कि क्योंकि नियमों को शिथिल करने का लाभ सभी पदों पर मिलता इसलिए सभी पदों पर होने वाली भर्ती पर रोक लगा दी गई है। धमतरी समेत कई जिलों में लगी रोक दूसरी ओर धमतरी समेत कई जिलों में इस भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगा दी गई है। धमतरी जिले के एसपी आंजनेय वार्ष्णेय ने बताया कि हाईकोर्ट की ओर से आरक्षक संवर्ग भारती पर मंगलवार को रोक लगा दी गई है। जिसके चलते जिले के रुद्री पुलिस लाइन में चल रहे भर्ती प्रक्रिया आगामी आदेश तक रद्द किया जाता है। बता दें कि रुद्री में बीते लगभग 11 दिनों से भर्ती परीक्षा ली जा रही थी। यहां बलौदाबाजार और धमतरी जिले के अभ्यर्थी परीक्षा दे चुके हैं। recent visitors 62

‘यह समृद्धि सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक’, छत्तीसगढ़-बिलासपुर में 47वां राउत नाचा महोत्सव में पारंपरिक वेशभूषा में दिखे सीएम साय

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बिलासपुर के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल में आयोजित 47वें राउत नाचा कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान  सीएम साय नाचा की पारंपरिक वेशभूषा में दिखे। गड़वा बाजा की धुन पर अस्त्र शस्त्र और श्रृंगार के साथ जमकर थिरके। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यादव समाज के लोग भगवान कृष्ण के वंशज हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस पावन अवसर पर कामना करता हूं कि यादव समाज एकता के सूत्र में बंध कर उत्तरोत्तर विकास करें और बेहतर शिक्षा प्राप्त करें। हमारी सरकार छत्तीसगढ़ के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। राउत नाचा पर्व इसी भव्यता के साथ हमेशा आयोजित होता रहे। इस मौके पर उन्होंने सभी को राउत नाचा पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्यमंत्री तोखन साहू ने कहा कि राउत नाचा महोत्सव हमारे छत्तीसगढ़ के संस्कृति की पहचान और छत्तीसगढ़ के गौरव का प्रतीक है। हमारे यादव समाज के भाई-बहन गौ माता की सेवा और संवर्धन करते हैं। उन्होंने इस अवसर पर राउत परिवार के सुख और समृद्धि की कामना करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दी। recent visitors 166

नो फ्लाइंग जोन में ड्रोन उड़ाने पर अदनान और ताहा गिरफ्तार, छत्तीसगढ़-बिलासपुर में CM साय की सुरक्षा में बड़ी चूक

बिलासपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सुरक्षा में एक बड़ी चूक हो गई. रिवर व्यू के कार्यक्रम के दौरान अनुमति नहीं होने के बावजूद ड्रोन को उड़ाया जा रहा था. सिविल लाइन पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से ड्रोन भी बरामद किया गया है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का शनिवार को बिलासपुर दौरा था. इस दौरान वह अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल हुए. ऐसा ही एक कार्यक्रम अरपा रिवर व्यू में रखा गया था. इस दौरान क्षेत्र को नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया था. इसके बावजूद आसमान में बिना अनुमति के ड्रोन उड़ रहा थे. यह ड्रोन मुख्यमंत्री के आसपास भी मंडराता नजर आया. आम लोगों के साथ पुलिस के अधिकारियों ने भी मौके पर ड्रोन को देखा था. इसे मुख्यमंत्री की सुरक्षा में बड़ी चूक मानी जा रही है. सिविल लाइन पुलिस ने नो फ्लाइंग जोन में ड्रोन उड़ाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली. वहीं गांधी चौक के फजलबाड़ा निवासी अदनान सैफी पिता बुरहानुद्दीन सैफी (23 वर्ष) और तेलीपारा काली मंदिर के पास निवासी ताहा भारमल पिता तुराब भारमल (23 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया. उनके पास से ड्रोन भी बरामद किया गया. वहीं ड्रोन उड़ाने वाले अन्य युवकों को भी सख्त चेतावनी दी गई कि नो फ्लाइंग जोन में बिना अनुमति के ड्रोन उड़ाने पर जेल की हवा खानी पड़ेगी. recent visitors 169

सीएम साय ने की मल्हार महोत्सव की घोषणा, छत्तीसगढ़-बिलासपुर में करोड़ों की लागत से बना अरपा रिवर व्यू में श्रीराम सेतु मार्ग

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार की शाम बिलासपुर के रिवर व्यू पर बने श्री रामसेतु मार्ग का लोकार्पण किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने एक बड़ी घोषणा करते हुए मल्हार महोत्सव को बिलासपुर में फिर से शुरू करने और महोत्सव के लिए 20 लाख रुपए के बजट का प्रावधान किए जाने की बात कही. इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के विकास के लिए आज का दिन बड़ा महत्वपूर्ण है, जहां एक साथ कई विकास कार्यों की सौगात मिली है. इन सब कार्यों से बिलासपुर शहर की अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी, नागरिक सुविधाओं का विकास होगा. इस अवसर पर लेजर शो और आतिशबाजी के माध्यम से श्री रामसेतु मार्ग के लोकार्पण का जश्न मनाया गया और साथ में बिलासपुर विकास दीप महोत्सव मनाया गया. 10 हजार दीपक अरपा नदी में छोड़े गए. इस अवसर पर शहर के दो छोरों को आपस में जोड़ने वाले अरपा के दोनों पुलों को आकर्षक लाइट से सजाया गया, जो आकर्षण का केंद्र रहा. मुख्यमंत्री ने कहा कि अरपा मइया केवल एक नदी नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति की धारा इसमें बहती है. अरपा मइया के अस्तित्व को बचाए रखने के लिए हम संकल्पित हैं. अरपा उत्थान और तट संवर्धन प्रोजेक्ट के तहत श्रीराम सेतु मार्ग का आज लोकार्पण किया गया है. इसके अलावा अरपा नदी के संवर्धन और उत्थान के लिए और भी प्रोजेक्ट चल रहे हैं. नदी के दोनों किनारों पर इंदिरा सेतु से शनिचरी रपटा तक लगभग 2 किलोमीटर की फोर लेन की सड़क बनाई जा रही है. नदी के किनारे नाला बनाया गया है, शहर के गंदे पानी को इस नाले के जरिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचाया जाएगा, इससे नदी को प्रदूषित होने से बचाया जा सकेगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि बिलासपुर छत्तीसगढ़ का दूसरा सबसे बड़ा शहर है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के दिए लक्ष्य के अनुरूप विकसित भारत-विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में इस शहर को महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है. श्री रामसेतु मार्ग : शहरवासियों को मिला व्यवस्थित वैकल्पिक मार्ग अरपा उत्थान और तट संवर्धन प्रोजेक्ट के एक हिस्से के तहत अरपा नदी के दांयी तरफ की सड़क का नाम रामसेतु मार्ग रखा गया है. इसकी लागत 49 करोड़ 98 लाख रुपए है, जिसमें फ़ुटपाथ, डिवाइडर, स्ट्रीट लाइट, रिटेनिंग वॉल और सौंदर्यीकरण कार्य शामिल है. इस सड़क के लोकार्पण से शहर का यातायात सुगम तरीके से संचालित हो सकेगा. इससे नेहरू चौक से शहर के व्यस्ततम गोल बाज़ार-सदर बाज़ार और शनिचरी बाज़ार की तरफ़ जाने के लिए शहरवासियों को एक व्यवस्थित वैकल्पिक मार्ग मिला है. recent visitors 179

देश के ज्वलंत मुद्दों पर हुई चर्चा, छत्तीसगढ़-बिलासपुर में हुई युवा सांसद प्रतियोगिता

बिलासपुर। संभाग स्तरीय युवा सांसद प्रतियोगिता 2024- 25 का आयोजन सरस्वती स्कूल कोनी में किया गया. कार्यक्रम में आठ जिलों के 294 प्रतिभागियों ने भाग लिया और देश के कई ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा की. कार्यक्रम के शुभारंभ सत्र में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल और समापन सत्र संभाग आयुक्त महादेव कावरे के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ. सरस्वती शिशु मंदिर कोनी के लखीराम सभागार में आयोजित युवा सांसद कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने सांसद की भूमिका निभाई और देश के महत्पूर्ण विषयों पर पक्ष, विपक्ष की भूमिका में चर्चा की. कृषि फसलों का समर्थन मूल्य, एक देश एक चुनाव , महिला सुरक्षा, सायबर क्राइम के साथ तीन तलाक के विषयों पर बेबाकी से प्रश्न किया. पक्ष के प्रतिभागियों द्वारा विपक्ष के प्रश्नों का जवाब दिया गया. प्रतिभागियों ने युवा सांसद कार्यक्रम में देश के ज्वलंत मुद्दो स्वास्थ्य, शिक्षा, विश्व, कृषि, बालिका शिक्षा, सुरक्षा, कानून से संबंधित प्रश्न पूछे और उन पर चर्चा की. कार्यक्रम का उद्देश्य एवं रुपरेखा संयुक्त संचालक सह नोडल अधिकारी भी आर पी आदित्य के द्वारा रेखांकित करते हुए बताया गया कि इस माध्यम से बच्चों की नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देना है. मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बिलासपुर ने शुभारंभ सत्र संसद में में होने वाली गतिविधियों के बारे में प्रतिभागियों को बताया, उन्होंने छात्रों से अपेक्षा की वे अच्छे वक्ता एवं जनप्रतिनिधि के रुप में भविष्य में सामने आएं. संभाग आयुक्त बिलासपुर महादेव कावरे (IAS) समापन समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे. उन्होंने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी अभी से लक्ष्य निर्धारित करे ताकि जो वे बनना चाहते हैं उसकी तैयारी अभी से कर सकें. महादेव कावरे ने अपने बारे में बताया कि उनकी यहाँ तक आने में संविधान का महत्वपूर्ण योगदान है साथ ही उन्होंने अपने जीवन अनुभव साझा किये ताकि युवा उससे प्रेरणा ले सकें. उन्होंने अपने संघर्षों और जीवन अनुभव साझा करते हुए बच्चों को जीवन मे आगे बढ़ने के लिये प्रोत्साहित किया. प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर कोरबा, द्वितीय जांजगीर-चांपा व गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ. लोकसभा स्पीकर का उत्कृष्ट पुरस्कार रायगढ़ जिला, उत्कृष्ट प्रधानमंत्री मुंगेली, नेता प्रतिपक्ष-सारंगढ़, नेतापक्ष- सक्ती, मार्शल का पुरस्कार (अर्दली) – बिलासपुर जिले को प्राप्त हुआ. कार्यक्रम में निर्णायक डॉ. एस.एल. निराला प्राचार्य जीडीसी महाविद्यालय, सतीश दुबे प्राध्यापक, शिवानी सिंह डिप्टी डायरेक्टर पंचायत, आर पी आदित्य, उप संचालक रहे. प्रफुल्ल शर्मा,. गौरीशंकर कटकवार, प्रशांत राय, सहा संचालक,भूपेन्द्र कौशिक सहा संचालक, एस एल खूंटे, जीतेन्द्र बापरे, सरिता शराफ, अर्चना कश्यप, उमेश बावरे, कर्मेश ठावरे, बी. जेम्स अब्राहम का विशेष योगदान रहा. मंच संचालन प्रशांत रॉय और आभार प्रदर्शन भूपेंद्र कौशिक सहायक संचालक के द्वारा किया गया. recent visitors 67

यात्रियों को सफर करने में होगी परेशानी, छत्तीसगढ़-बिलासपुर से गुजरने वाली 4 ट्रेनें रद्द

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल में लखोली-रायपुर रेल खंड के बीच तीन पुराने ब्रिजों के कायाकल्प सहित अन्य सुधारात्मक कार्य किए जाएंगे. इन कार्यों के चलते कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा. इसके साथ ही एक ट्रेन का परिचालन अपने निर्धारित समय से देरी से होगा. रेलवे प्रशासन ने इन बदलावों की जानकारी देते हुए यात्रियों से सहयोग की अपील की है. रद्द की गई ट्रेनें: — टिटलागढ़-रायपुर स्पेशल (08277): दिनांक 25 नवंबर, 02 दिसंबर, और 09 दिसंबर 2024 को रद्द. रायपुर-टिटलागढ़ स्पेशल (08278): दिनांक 26 नवंबर, 03 दिसंबर, और 10 दिसंबर 2024 को रद्द. विशाखापत्तनम-रायपुर स्पेशल (08528): दिनांक 25 नवंबर, 02 दिसंबर, और 09 दिसंबर 2024 को रद्द. रायपुर-विशाखापत्तनम स्पेशल (08527): दिनांक 26 नवंबर, 03 दिसंबर, और 10 दिसंबर 2024 को रद्द. देरी से चलने वाली ट्रेनें: विशाखापत्तनम-दुर्ग एक्सप्रेस (18530): दिनांक 25 नवंबर, 02 दिसंबर, और 09 दिसंबर 2024 को यह ट्रेन 3 घंटे देरी से रवाना होगी. recent visitors 70

9 दिन होगा रुद्राभिषेक, छत्तीसगढ़-बिलासपुर में काल भैरव जयंती पर रतनपुर के सिद्ध तंत्र पीठ भैरव मंदिर में राजश्री श्रृंगार

बिलासपुर. हिंदू धर्म में काल भैरव जयंती का बड़ा धार्मिक महत्व है. शुभ दिन पर साधक भगवान शिव के उग्र स्वरूप काल भैरव जी की पूजा करते हैं. वैदिक पंचांग के अनुसार, काल भैरव जयंती मार्गशीर्ष माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को मनाई जाती है. रतनपुर स्थित सिद्ध तंत्र पीठ भैरव मंदिर में प्रति वर्ष की भांति मार्गशीर्ष कृष्ण पक्ष अष्टमी तिथि को भैरव बाबा की जयंती श्रद्धा व भक्ति के साथ मनाई जा रही है. भैरव बाबा का सुबह एक क्विंटल गेंदे के फूल व नरमुंड के माले से शृंगार होगा. राज्योपचार, नमक-चमक विधि से बाबा की विशेष पूजा-अर्चना 21 दैदिक पंडितों के द्वारा ​किया गया. साथ ही भैरव बाबा को 56 प्रकार के भोग लगाए जाएंगे. फिर महाआरती की जाएगी. इसके बाद भक्तों के दर्शन के लिए बाबा पट रात भर खुला रहेगा. मंदिर के महंत पं. जागेश्वर अवस्थी ने बताया कि 9 दिवसीय कार्यक्रम चल रहा है. 9 दिनों तक रुद्राभिषेक किया जा रहा है. रात में बाबा को तंत्र साधना के साथ आहुतियां डाली जा रहीं हैं. पूरे दिन मंदिर आने वाले भक्तों के लिए भंडारे का आयोजन किया जा रहा है. महंत अवस्थी ने बताया कि बाबा के दर्शन के लिए प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों से भी लोग पहुँचेंगे. भैरव जयंती पर बाबा की होगी राजश्री श्रृंगार काल भैरव जी का राजश्री श्रृंगार किया जाता है, जिसमें खास नरमुंड के माले विभिन्न प्रकार के फूलों से श्रृंगार किया जाता है, जिससे अति आकर्षक और दिव्य रूप में भैरव श्रद्धालुओं को दर्शन देते हैं. नगर सहित प्रदेश भर में भैरव भक्तों में को भैरव जयंती का इंतजार रहता है. प्रदेश भर से भैरव भक्त पहुंच कर कामनाओं की पूर्ति के लिए बाबा से प्रार्थना करते है. पूजन में पं. दिलीप दुबे, पं. महेश्वर पाण्डेय, पं. राजेंद्र दुबे, पं. कान्हा तिवारी विक्की अवस्थी, सोनू, आचार्य गिरधारी लाल पाण्डेय, पं. अवनीश मिश्रा, पं. बल्ला दुबे, पं. गौरीशंकर तिवारी, पं. राम सुमित तिवारी, यशवत पाण्डेय, करा रहे हैं. recent visitors 194