बस लाकर पुलिस ने एक घंटे बाद नीचे उतारा, छत्तीसगढ़-रायगढ़ में मायके गई पत्नी तो फांसी लगाने पेड़ पर चढ़ा पति

रायगढ़. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पत्नी मायके चली गई, तो दुखी पति फांसी लगाने के लिए रस्सी लेकर पेड़ पर चढ़ गया। एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद डायल-112 की टीम ने नीचे उतारा। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, गोपालपुर गांव निवासी हरिशंकर सिदार (55) का करीब तीन दिन पहले पत्नी से किसी बात को लेकर पारिवारिक विवाद हो गया। उसकी पत्नी अपनी बेटी को लेकर मायके चली गई। जिसके गम में सुबह करीब 9 बजे हरिशंकर रस्सी लेकर फांसी लगाने के लिए बरगद के पेड़ पर चढ़ गया। जब ग्रामीणों की नजर पड़ी तो उसे नीचे उतरने की बात कही, लेकिन वो सभी से गाली-गलौज करने लगा। इसकी सूचना मिलने पर डायल-112 टीम से आरक्षक शैलेन्द्र पैंकरा और वाहन चालक विशाल आवड़े गोपालपुर मिडिल स्कूल के पास पहुंचे। सीढ़ी और बस लाकर नीचे उतारा गया आरक्षक ने गांव से सीढ़ी मंगाया और विजयपुर चौक पर खड़ी बस लेकर गए। इसके बाद बस पर चढ़कर उसे नीचे उतारा गया। हरिशंकर के गाली-गलौज करने से ग्रामीण भी नाराज थे। पुलिस की टीम उसे थाने ले गई, जहां उसकी काउंसिलिंग कराई गई। फिर परिजनों के साथ घर भेज दिया गया। उसे पेड़ से नीचे उतारने में लगे एक घंटे डायल-112 के आरक्षक शैलेंद्र पैकरा ने बताया कि, पेड़ पर चढ़ा हरिशंकर सभी को गाली दे रहा था। उसे काफी प्रयास के बाद करीब 1 घंटे में नीचे उतारा गया। उन्होंने बताया कि, पारिवारिक विवाद का कारण पता नहीं चल सका है, लेकिन उसकी पत्नी अपने बच्ची के साथ मायके चली गई है। recent visitors 58

डॉक्टरों ने बचाई जान, छत्तीसगढ़-रायगढ़ में करैत के डसने से मरणासन्न हुआ मानविक

रायगढ़. रायगढ़ जिला मुख्यालय के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जहरीले करैत के डसने से मरणासन्न हालत में पहुंच चुके एक मासूम को नया जीवन मिला है। सर्पदंश से पीड़ित बालक का शरीर जहर से लकवाग्रस्त हो रहा था। वह 42 घंटे बेहोश था और उसे तीन दिनों तक वेंटीलेटर में रखा गया था। विशेषज्ञ डाक्टरों की निगरानी में अब बच्चे के चेहरे में मुस्कान लौट आई है। जानकारी के मुताबिक, रायगढ़ के खरसिया ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले औरदा गांव के निवासी तुलेश्वर चैहान के तीन साल के बेटे मानविक चैहान को सोते समय घर में ही सुबह पांच बजे के करीब जहरीले करैत सांप ने दाहिने हाथ की उंगली में काट लिया। परिजन बच्चे को सिविल अस्पताल खरसिया लेकर गए। वहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार कर बच्चे को बेहतर इलाज के लिए संत बाबा गुरु घासीदास स्मृति शासकीय चिकित्सालय रायगढ़ रेफर कर दिया गया। बच्चे को सुबह लगभग आठ बजे के आसपास संत बाबा गुरु घासीदास जी स्मृति शा. चिकित्सालय रायगढ़ के आपातकालीन विभाग में अत्यंत गंभीर स्थिति में भर्ती कराया गया। दोनों पलकों को मार चुका था लकवा बच्चे के शरीर में सांप का जहर फैल चुका था। बच्चे की आंखों की दोनों पलकों में लकवा मार चुका था। सांस लेने में तकलीफ  हो रही थी, मुंह से झाग आ रहा था। बच्चे के हाथ-पैर ठंडे पड़ गए थे एवं नाड़ी भी कमजोर हो रही थी। बच्चे को आपातकालीन विभाग में ही बाल्य एवं शिशुरोग विभाग के आपातकालीन ड्यूटी में उपस्थित डाक्टरों द्वारा त्वरित ईलाज प्रारंभ कर बच्चे को श्वास की नली डालकर कृत्रिम ऑक्सीजन की मशीन (वेंटीलेटर)में डाला गया तत्पश्चात बच्चे को चिकित्सकों की आपातकालीन टीम द्वारा बच्चे के आईसीयू वार्ड में शिफ्ट किया गया। विशेषज्ञ डाक्टरों का प्रयास हुआ सफल बच्चे के ईलाज के दौरान एंटी स्नैक वेनम, आइनोट्रोप उपयुक्त एंटीबायोटिक एवं वेंटीलेटर में रखा गया था। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉ.एल.के.सोनी, विभागाध्यक्ष बाल्य एवं शिशुरोग, डॉ.गौरव क्लॉडियस (असिस्टेंट प्रोफेसर), डॉ.अंशुल विक्रम श्रीवास्तव (एस.आर.), डॉ. दुष्यंत कुमार सिदार (जे.आर), डॉ. मेघा पटेल (जे.आर), डॉ. लीना पैंकरा (जे.आर), डॉ.आशीष मोटवानी (जे.आर) एवं डॉ.शालिनी मिंज (जे.आर) एवं स्टॉफ नर्सों की विशेष निगरानी में रखा गया जहां डॉक्टर एवं स्टॉफ नर्सों की अथक प्रयासों से बच्चे के स्वास्थ्य में सुधार आना शुरू हुआ। एक सप्ताह तक चला उपचार मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रायगढ़ के डॉक्टरों ने एक हफ्ते तक गहन इलाज कर उसकी जान बचाई और नया जीवनदान दिया। करैत भारत में पाए जाने वाले सर्वाधिक जहरीले सांपों में से एक है। इसका जहर न्यूरोटॉक्सिक होता है। जिससे नर्वस सिस्टम पर असर पड़ता है। सही समय पर इलाज न मिले तो जान बचने की गुंजाइश कम होती है। ऐसे में एक छोटे मासूम बच्चे की रायगढ़ मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में मिले उचित इलाज से जान बचाई जा सकी। पूरे शरीर में फैल चुका था जहर मरणासन्न हालत में उसे मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में इलाज के लिए जब भर्ती कराया गया तो सांप का जहर पूरे शरीर में फैल चुका था उसकी स्थिति काफी गंभीर हो चुकी थी। शरीर में लकवे का असर दिख रहा था और सांस लेने में भी तकलीफ  हो रही थी। शुरुआती 40 से 42 घंटे तक वह पूरी तरह से होश में नहीं आया था और उसे वेंटीलेटर में रखना पड़ा था। बच्चे को भेज दिया गया घर बच्चे के शरीर में सांप के जहर का असर कम होने के उपरांत बच्चे को 3 दिवस पश्चात वेंटीलेटर से बाहर निकाला गया। वेंटीलेटर से बाहर निकलने के पश्चात् बच्चे के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हुआ। एक हफ्ते तक चले गहन इलाज से बच्चे के स्वास्थ्य में पूर्ण सुधार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दिया गया। डाक्टरों के प्रयास से बची बेटे की जान- तुलेश्वर चैहान किसी भी माता-पिता के लिए अपने बच्चे को जिंदगी और मौत से लड़ते देखना बहुत हृदयविदारक होता है। नन्हा मानविक अपने माता पिता की इकलौती संतान है। करैत के डसने से उसकी हालत इतनी खराब हो चुकी थी कि शुरुआती 40 से 42 घंटे तक वह पूरी तरह से होश में नहीं था। लेकिन मेडिकल कॉलेज में स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की टीम के साथ सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होने से उसका बेहतर इलाज संभव हुआ। पिता तुलेश्वर चैहान कहते हैं कि डॉक्टरों के प्रयासों से उसके बच्चे की मुस्कान वापस लौट आई। recent visitors 77

पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी, छत्तीसगढ़-रायगढ़ में थाने के सामने सैकड़ों लोगों ने किया हंगामा

रायगढ़. रायगढ़ जिला मुख्यालय पहुंचकर सैकड़ों की संख्या में लोगों ने थाने के सामने हंगामा शुरू कर दिया है। महिलाओं का आरोप है कि उनके क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार करने वाले की शिकायत करने पर शराब कोचिये के द्वारा उनके साथ मारपीट की गई थी, इसकी शिकायत करने के बावजूद पुलिस के द्वारा किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं करने से नाराज होकर थाने के सामने बैठकर हंगामा कर रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार थाने के सामने सड़क में बैठकर प्रदर्शन कर रही सैकड़ो महिलाओं का आरोप है कि कोसमपाली, बरमुडा सहित आसपास के क्षेत्रों में कुछ लोगों के द्वारा अवैध तरीके से महुआ शराब का विक्रय किया जा रहा था। इस मामले की शिकायत उन्होंने थाने में की थी जिससे क्षुब्ध होकर शराब कोचिये ने महिला सरपंच के बेटे के साथ मारपीट की  थी। इस मामले की शिकायत करने के बावजूद शराब कोचिये पर किसी तरह की कोई कार्रवाई नही करने से नाराज होकर आज लगभग आधे दर्जन से भी अधिक गांव की सैकड़ो महिलाओं ने कोतरा रोड थाने का घेराव करते हुए सड़क में बैठकर चक्काजाम शुरू कर दिया। नाराज महिलाओं ने कोतरा रोड थाने की पुलिस टीम पर शराब कोचिये के साथ मिलीभगत का भी आरोप लगाया है। नाराज महिलाओं का आरोप है कि खरसिया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कई गांव में पिछले लंबे समय से अवैध महुआ शराब का विक्रय किया जा रहा है। इस मामले की शिकायत करने के बावजूद पुलिस के द्वारा किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नही की जाती है। नाराज होकर वे रायगढ़ जिला पहुंचकर आंदोलन करने को विवश हो चुके है। महिलाओं के इस आंदोलन की जानकारी मिलते ही रायगढ़ के पूर्व विधायक प्रकाश नायक सहित कई कांगे्रसी नेता कोतरा रोड थाने पहुंच गए हैं वहीं बताया जा रहा है कि इस आंदोलन की जानकारी मिलते ही पूर्व मंत्री एवं खरसिया विधायक उमेश पटेल भी  कोतरा रोड थाना पहुंचने वाले हैं। ग्राम पंचायत कोसमपाली की सरपंच अनसुईयां उराव ने बताया कि छठ पूजा से पहले गांव की कई महिलाओं ने उनसे गांव में बिकने वाली अवैध महुआ शराब की शिकायत की थीं। तब उन्होंने एकजुट होकर गांव में बिकने वाली अवैध शराब को बंद कराने के लिये कोतरा रोड थाना पहुंचकर ज्ञापन सौंपा था। तब पुलिस ने उन्हें छठ पूजा के बाद कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था। इसके बाद उन्होंने इस मामले की शिकायत एसपी आफिस पहुंचकर की जिसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उसी दिन शाम करीब 4 बजे पुलिस टीम पहुंचकर छापामार कार्रवाई करते हुए शराब पकड़ा गया। इसके बाद गांव की 18 समिति की महिलाएं घर-घर जाकर चेक किया गया कि इस कार्रवाई के बावजूद कहीं फिर से शराब तो नही बनाया जा रहा है। तब शराब का कारोबार करने वाले लोगों के द्वारा उनसे गाली गलौज करते हुए दोबारा घर आने पर झूठे केश में फंसाने की धमकी दी गई थी। महिला सरपंच ने यह भी बताया कि बेटे को जान से मारने की धमकी देते हुए उसके साथ जमकर मारपीट की गई। इसकी शिकायत करने के बावजूद पुलिस के द्वारा किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नही करने से नाराज होकर वे आज थाने पहुंची है। इस मामले में पूर्व मंत्री एवं खरसिया विधायक उमेश पटेल ने बताया कि आज सुबह उन्हें फोन के जरिये सूचना मिली कि कोसमपाली की महिलाओं के साथ थाने में दुव्र्यवहार हो रहा है।  कल शाम रिपोर्ट लिखाने पहुंची महिलाओं को यहां के टीआई ने उल्टा उन्हीं के उपर एफआईआर हो जाने की बात कही गई। इस वजह से आज भारी संख्या में महिलाएं थाने पहुंची है और इन महिलाओं ने थाने के अलावा एसपी आफिस में ज्ञापन सौंपा था और जिस तरह से गांव में शराब बिक रही जिससे गांव के बच्चे बिगड़ रहे हैं। उमेश पटेल ने कहा कि महिलाओं का आरोप था कि शराब कारोबारी के द्वारा सरपंच के बेटे के साथ मारपीट की गई है और पुलिस आरोपी को संरक्षण दे रही है। जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है तब से पुलिस का जनता के प्रति जो रवैया बहुत ही गलत रवैया है। शराब माफियाओं को जिस तरह से संरक्षण दिया जा उसे बर्दाश्त नही किया जाएगा। गांव में जिस तरह महिलाएं संगठित हैं इन्हें तोड़ने का काम किया जा रहा है और इन्हें डराने धमकाने का काम किया जा रहा है। इस मामले मे पुलिस अगर एकतरफा कार्रवाई करेगी तो हम भी आगे कार्रवाई करेंगे। recent visitors 45

हेराफेरी की 35 टन सरिया बरामद, छत्तीसगढ़-रायगढ़ में ट्रक चालक समेत व्यापारी गिरफ्तार

रायगढ़. रायगढ़ जिले में 35 टन सरिया हेराफेरी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक समेत एक व्यापारी को एमपी से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी का पूरा माल बरामद करते हुए दोनों को जेल भेज दिया है। उक्त मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक पूंजीपथरा पुलिस ने 35 टन सरिया की हेराफेरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक और एक स्थानीय व्यापारी को गिरफ्तार कर 19 लाख रुपये का चोरी हुआ माल बरामद कर लिया है। पूंजीपथरा पुलिस ने इस कार्रवाई में आरोपी ट्रक चालक विकास सिंह और व्यापारी दिनदयाल गुप्ता उर्फ बटू को मध्य प्रदेश के शहडोल में दबिश देकर पकड़ा, व्यापारी ने चोरी किए गए सरिया का बड़ा हिस्सा अपने गोदाम में खरीद कर रख लिया था। सात नवंबर को हुई थी एफआईआर 7 नवंबर को दीपक बंसल उम्र 27 वर्ष ने पूंजीपथरा थाना में आवेदन देकर बताया था कि 16 अक्टूबर को रायगढ़ इस्पात एवं पावर प्रालि देलारी से हरियाणा के हिसार स्थित शुभम एसोसिएट के लिए 35.1 टन सरिया, जिसकी कीमत लगभग 18.96 लाख रुपये है, को ट्रांसपोर्टर एमपी छत्तीसगढ़ ट्रांसपोर्ट के जरिए भेजा गया था। सरिया लेकर जाना था हरियाणा सरिया लोड कर ट्रक क्रमांक सीजी 04 पीपी -5256 में ट्रक चालक विकास सिंह को हरियाणा के लिए रवाना किया गया, परन्तु 6 नवंबर तक गंतव्य स्थान पर सामान नहीं पहुंचने पर शिकायतकर्ता ने ट्रक चालक और ट्रांसपोर्टर से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। जिसके बाद उसने थाना पूंजीपथरा में 35.1 टन सरिया की चोरी की रिपोर्ट लिखाई थी जिस पर पुलिस ने धारा  316(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले को जांच में लिया था। शहडोल में पकड़ाए आरोपी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एएसआई जयराम सिदार के नेतृत्व में पुलिस टीम को शहडोल भेजा गया। 8 नवंबर को पुलिस टीम ने ट्रक चालक विकास सिंह को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ के दौरान बताया कि उसने शहडोल जिले के ब्यौहारी में व्यापारी दिनदयाल गुप्ता उर्फ बटू के गोदाम में 15 टन सरिया अनलोड कर दिया था। पुलिस ने विकास सिंह और व्यापारी दिनदयाल गुप्ता के मेमोरेंडम पर कुल 35.1 टन सरिया जब्त कर लिया, जिसकी कीमत लगभग 18.96 लाख रुपये है। recent visitors 89

खेत में जुताई करते समय हादसा, छत्तीसगढ़-रायगढ़ में रोटावेटर की चपेट में आए नाबालिग की मौत

रायगढ़. रायगढ़ जिले में खेत की जुताई के समय चलते ट्रैक्टर में चढ़ने के चक्कर में एक नाबालिग रोटावेटर के अन्दर घुस गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामला धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र का है। इस मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के तहत आने वाले दुर्गापुर गांव में  जय मंडल पिता रविंन्द्र मंडल 13 साल खेत की जुताई करने के लिये ट्रैक्टर चालक के साथ दुर्गापुर गांव पहुंचा था। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर चालक जब खेत की जुताई कर रहा था तभी ट्रैक्टर में पीछे से चढ़ने के दौरान पैर फिसल जाने की वजह से ट्रैक्टर मालिक का लडका जय मंडल रोटावेटर के अन्दर घुस गया जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। अचानक इस घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। वहीं इस घटना में जय मंडल की मौत हो जाने के बाद परिजनों में मातम पसर गया। रविवार की सुबह इस घटना की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल भेजते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है। recent visitors 97

पिता-पुत्र को 10 साल का सश्रम कारावास, छत्तीसगढ़-रायगढ़ में करंट से बच्चे की मौत

रायगढ़. खरसिया विधानसभा में बकरी चराने जा रहे आठ साल के मासूम बच्चे की करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। मामले में विशेष न्यायाधीश विद्युत अधिनियम के विद्वान न्यायाधीश ने फैसला सुनाते हुए पिता-पुत्र को 10 साल सश्रम कारावास एवं जुर्माने से दंडित किया है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, 17 अगस्त की सुबह नौ बजे खरसिया क्षेत्र की रहने वाली ननकी खडिया अपने बड़े बेटे श्रवण कुमार व नाती शिव खडिया के साथ बकरी चराने गांव के नाला तरफ जा रहे थे। इस दौरान एक बकरी परदेशी सिदार के घर की तरफ चला गया था, जिसे लेने के लिये श्रवण खडिया और शिव खडिया गए थे। इस दौरान परदेशी खडिया के घर में लोहे के सेंट्रिंग में जेआई तार से अपने घर की तरफ करंट लगाकर रखा गया था। जिसकी चपेट में आकर शिव खडिया की मौत हो गई। करंट की चपेट में आकर आठ साल के मासूम की मौत हो जाने के बाद ननकी नोनी खडिया ने खरसिया थाने में मामले की शिकायत की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मर्ग पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल भेजते हुए मौके से लोहे का सेंट्रिंग स्पान दो, बिजली वायर 10 मीटर जब्त किया गया। खरसिया पुलिस ने परदेशी सिंह सिदार 75 साल एवं उसके पुत्र उपेन्द्र सिदार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद पिता पुत्र के खिलाफ 135 विद्युत अधिनियम 2003 एवं धारा 304 सहपठित धारा 34 भारतीय दण्ड संहिता के अपराध में दोषसिद्ध पाये जाने के बाद विशेष न्यायाधीश विद्युत अधिनियम के विद्वान न्यायाधीश जगदीश राम ने दोनों पिता पुत्र को सजा सुनाते हुए धारा 135 विद्युत अधिनियम 2003 की धारा के तहत तीन माह का सश्रम कारावास के अलावा पांच सौ रूपये का अर्थदण्ड, धारा 304, 34 की धारा में दस वर्ष का सश्रम कारावास एवं पांच सौ रूपये के जुर्माने से दंडित किया है। जुर्माने की राशि नही पटाये जाने पर अतिरिक्त कारावास भुगताने की बात कही गई है। इस मामले में अपर लोक अभियोजक योगेश कुमार प्रधान ने पैरवी की। recent visitors 58

गर्भवती कर छोड़ने पर 10 साल का सश्रम कारावास, छत्तीसगढ़-रायगढ़ में अविवाहित बनकर युवती से दुष्कर्म

रायगढ़. रायगढ़ जिले में खुद को अविवाहित बताकर युवती से शारीरिक संबंध बनाकर उसे गर्भवती करने के बाद शादी से मुकर जाने वाले आरोपी को अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश की अदालत ने 10 साल सश्रम कारावास और जुर्माने से दंडित किया है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, पीड़िता 2019 में हंडी चैक में स्थित डेंटल क्लीनिक में काम करती थी। उस वक्त क्लीनिक में लाइट बनाने का काम चल रहा था। लाइट बनाने का काम अभियुक्त भुनेश्वर साहू निवासी छातामुडा के द्वारा लिया गया था। इस दौरान भुनेश्वर ने पीड़िता से उसका मोबाइल नंबर लिया और बात करने लगा। भुनेश्वर अपने आपको कुंवारा बताकर पढ़ाई करना बताया गया और पीड़िता को पसंद करता हूं शादी करूंगा बोला गया। इस दौरान पीड़िता उसे अपने घर मिलवाने ले गई थी। मई 2019 में भुनेश्वर उसे रायगढ़ कोर्ट ले जाकर नोटरी में लिखवा कर शादी किया और बैकुंठपुर में किराये के मकान में डेढ माह तक रखकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। पीड़िता की तबीयत खराब हुई तो भुनेश्वर ने उससे कहा कि घर चली जाओ मैंने अपने घर बात कर ली है। समाज में बात कर अपने घर ले जाउंगा। इसके बाद अपने घर ले जाने के लिये वह टाल मटोल करता रहा। इस दौरान बीच-बीच में पीडिता से मिलने जाता और शारीरिक संबंध बनाता था, जिससे वह गर्भवती हो गई थी। 22 जून 2020 को भुनेश्वर की पत्नी ने पीड़िता को फोन करके बताया कि भुनेश्वर की पत्नी है और उनके दो बच्चे हैं। इसके बाद पीड़िता ने भुनेश्वर से इस संबंध में पूछा और दोनों के बीच लड़ाई हुई। इसके बाद भुनेश्वर ने पीड़िता को रखने से साफ इंकार कर दिया। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उपार्पण पश्चात माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रायगढ़ के न्यायलय में उपार्पित पश्चात दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद अभियुक्त भुनेश्वर साहू को पीडिता को शादी का प्रलोभन देकर उसके साथ दुष्कर्म के मामले में भादवि की धारा 376 (के) (एन) का दोषी पाया गया। जिसके बाद अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश एफटीसी रायगढ़ के विद्वान न्यायाधीश जगदीश राम ने आरोपी भुनेश्वर साहू को 376 (के) (एन) के अपराध में दस वर्ष के सश्रम कारावास एवं 5 हजार रूपये के अर्थदण्ड से दंडित किया है। अर्थदण्ड न पटाने पर 6 माह का अतिरिक्त कारावास भुगताने का भी प्रावधान रखा गया है। इस मामले में अपर लोक अभियोजक हरिलाल पटेल ने पैरवी की। recent visitors 58