कई जगहों पर की छापेमारी, छत्तीसगढ़-रायपुर में शराब नीति मामले में ईडी की कार्रवाई

रायपुर. छत्तीसगढ़ और झारखंड में ईडी ने 17 ठिकानों पर छापेमारी की है, यह कार्रवाई कथित शराब घोटाले मामले में की गई है। बताया जा रहा है कि कई बड़े IAS अधिकारियों के खिलाफ भी एक्शन हुआ है। बताया जा रहा है कि ईडी ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विनय चौबे, उत्पाद विभाग के संयुक्त सचिव गजेंद्र सिंह और उनके करीबी रिश्तेदारों के ठिकारनों पर रेड डाली। बताया जा रहा है कि ईडी ने कई इनपुट मिलने के बाद अचानक से इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। जानकारी के लिए बता दें कि इस मामले में पहले ही छत्तीसगढ़ पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने एक केस दर्ज किया था। मामले में विनय कुमार चौबे और गजेंद्र सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी। उस शिकायत के लिए रांची के विकास कुमार ने ही आवेदन किया था। ऐसा आरोप है कि इस शराब घोटाले का एपीसेंटर रायपुर रहा है, यही पर आबकारी नीति में फरबदल हुआ था।   शराब घोटाले से जुड़ा है मामला छत्तीसगढ़ के शराब सिंडिकेट के द्वारा शराब नीति में बदलाव कर झारखंड और छत्तीसगढ़ में शराब कारोबार पर कब्जे को लेकर छत्तीसगढ़ एसीबी में भी एफआईआर दर्ज किया गया था. एफआईआर में झारखंड के तत्कालीन उत्पाद विभाग के सचिव विनय कुमार चौबे, उत्पाद विभाग के संयुक्त आयुक्त गजेंद्र सिंह समेत अन्य अधिकारियों, छत्तीसगढ़ के आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा के साथ साथ झारखंड में शराब की सप्लाई, मैन पावर और होलोग्राम बनाने वाली कंपनियों को भी आरोपी बनाया गया है. अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 2018, धारा 420, 120 बी के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी. इनपर दर्ज हुई है एफआईआर आईएएस विनय कुमार चौबे, तत्कालीन उत्पाद सचिव, जेएसबीसीएल के एमडी संयुक्त आयुक्त उत्पाद गजेंद्र सिंह व अन्य अधिकारी अनिल टुटेजा, तत्कालीन संयुक्त सचिव, वाणिज्य एवं उद्योग, छत्तीसगढ़ अरूणपति त्रिपाठी, तत्कालीन प्रबंध संचालक, छग स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड अनवर ढेबर, अरविंद सिंह मेसर्स सुमित फैसिलिटी के संचालक विधु गुप्ता, प्रिज्म होलोग्राफी एंड सिक्योरिटी प्राइवेट लिमिटेड मैन पावर सप्लाई एवं मदिरा सप्लाई करने वाली एजेंसियां एफआईआर में क्या है छत्तीसगढ़ एसीबी में दर्ज एफआईआर में यह बताया गया है कि छत्तीसगढ़ में शराब कारोबार के जरिए अवैध कमाई करने वाले सिंडिकेट के सदस्य आईएएस अनिल टुटेजा, अनवर ढबेर समेत अन्य ने झारखंड में भी अवैध कारोबार करने के उद्देश्य से जनवरी 2022 में विनय कुमार चौबे समेत झारखंड के आबकारी विभाग के अफसरों के साथ मिलकर ठेकेदारी प्रथा के स्थान पर छत्तीसगढ़ स्टेट की शराब कंपनी के जरिए शराब बिक्री का नियम बनवाया. इसके लिए दोनों राज्यों के आबकारी विभाग के अधिकारियों की रायपुर में मीटिंग की गई थी. इसके बाद विधानसभा में रिजॉल्यूशन लाया गया. छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन के एमडी अरूणपति त्रिपाठी को झारखंड में भी कंसल्टेंट बनाया गया. इसके लिए अरूणपति को 1.25करोड़ का भुगतान भी झारखंड सरकार के द्वारा किया गया. एफआईआर में बताया गया है कि विनय कुमार चौबे, गजेंद्र सिंह ने अनवर ढेबर और उसके सिंडिकेट के सदस्यों को लाभ दिखाने के लिए मदिरा सप्लाई एजेंसी और प्लेसमेंट एजेंसियों के लिए निविदा शर्त में 100 करोड़ के टर्नओवर की शर्त डाली गई. ऐसे में जहां झारखंड में ठेकेदारी प्रथा शराब कारोबार में लागू थी, यहां की कोई कंपनी निविदा में शामिल नहीं हो पायी. इसी तरह मैनपावर सप्लाई करने वाली प्लेसमेंट एजेंसी के लिए 310 दुकानों के लिए ईएमडी राशि 49.67 लाख एवं बैंक गारंटी के रूप में 11.28 करोड़ की राशि निविदा शर्त के तौर पर रखी गई. निविदा में भाग लेने के लिए कंपनियों के लिए शासकीय कार्य में दो साल में चार करोड़ रुपये के काम का अनुभव रखा गया. इस तरह झारखंड में छत्तीसगढ़ की कंपनियों सुमित फैसिलिटी, इगल हंटर सॉल्यूशंस, एटूजेड इंफ्रा को काम दिया गया.इसके बाद इन सभी कंपनियों के मालिकों के द्वारा सिद्धार्थ सिंघानिया को अपनी ओर से मैनपावर सप्लाई का काम दिया गया. सिंघानिया ने नए मैनपावर रखने के बजाय पुराने ठेकेदारों के अधीन शराब दुकानों में काम कर रहे लोगों को ही काम पर रखा. राजस्व का हुआ नुकसान एफआईआर में जिक्र है कि शराब सिंडिकेट की आपराधिक साजिश के कारण झारखंड में साल 2022- 23 में राजस्व का भारी नुकसान हुआ. एसीबी छत्तीसगढ़ में शिकायत मिलने पर की गई आरंभिक जांच में पाया है कि नियम में फेरबदल कर शराब कंपनियों के मालिक से करोड़ों का कमीशन लिया गया. recent visitors 75

स्तन कैंसर से बचने का दिया सन्देश, छत्तीसगढ़-रायपुर में बाल्को ने निकाली बाइक रैली

रायपुर. बाल्को मेडिकल सेंटर ने रायपुर में “शर्म छोड़ो, गांठों पे बोलो” अभियान के तहत बाइक रैली का आयोजन किया, जिसका उद्देश्य स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। बता दें कि अक्टूबर को विश्व स्तर पर स्तन कैंसर जागरूकता माह के रूप में मनाया जाता है, जिसमें लोगों को इसके लक्षणों और समय पर पहचान से मिलने वाले जीवनरक्षक लाभों के बारे में शिक्षित किया जाता है। बाइक रैली का शुभारंभ रायपुर के मरीन ड्राइव से स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया। उन्होंने बताया कि स्तन कैंसर एक गंभीर बीमारी है, लेकिन समय पर पहचान और उचित इलाज से इसे प्रभावी रूप से नियंत्रित किया जा सकता है। बाल्को मेडिकल सेंटर की मेडिकल डायरेक्टर डॉ. भावना सिरोही ने बताया कि भारत में हर दस में से एक महिला को स्तन कैंसर होने की संभावना है, जिसमें जीवनशैली एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि यदि शुरुआती चरण में कैंसर का पता चल जाए, तो इसका इलाज संभव है और अब उन्नत तकनीकों के माध्यम से स्तन-संरक्षण सर्जरी भी की जा सकती है। नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (NRANVP) और नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन (NTPC) द्वारा समर्थित इस रैली में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया गया। इसमें 10 बाइकर्स समूहों, भारतीय सेना, सीआरपीएफ, कॉर्पोरेट और समुदाय के सदस्यों समेत 250 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। रैली का समापन बाल्को मेडिकल सेंटर में एक प्रतीकात्मक वृक्षारोपण कार्यक्रम के साथ हुआ, जो स्तन कैंसर से प्रभावित लोगों के लिए आशा, दृढ़ता और विकास का प्रतीक है। recent visitors 66

20.13 करोड़ के दिए निर्माण कार्य, छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम साव ने हितग्राहियों को 7 लाख के चेक भी बांटे

रायपुर. छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम अरुण साव ने रायपुर जिले के खरोरा में 20 करोड़ 13 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 30 लाख 53 हजार रुपए लागत के दो निर्माण कार्यों का लोकार्पण और 19 करोड़ 83 लाख रुपए के 11 कार्यों का भूमिपूजन शामिल हैं। साव ने इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लाभार्थियों को आवास पूर्णता प्रमाण पत्र सौंपे। उन्होंने महिला स्वसहायता समूहों और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के हितग्राहियों को कुल सात लाख रुपए के बैंक ऋण का चेक भी प्रदान किया। धरसीवा के विधायक अनुज शर्मा और खरोरा नगर पंचायत के अध्यक्ष अनिल सोनी भी लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। उप मुख्यमंत्री और लोक निर्माण व नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने खरोरा के दीनदयाल उपाध्याय चौक में आयोजित कार्यक्रम में 25 लाख 53 हजार रुपए की लागत से निर्मित पौनी-पसारी हाट-बाजार और पांच लाख रुपए की लागत से बने सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने नायकताड़ से खरोरा शहर तक 19 करोड़ 47 लाख रुपए की लागत से बनने वाले साढ़े तीन किलोमीटर गौरव पथ का भूमिपूजन भी किया। छह कस्बों को जोड़ेगी ये सड़क यह सड़क खंड राज्य मार्ग क्रमांक-20 का महत्वपूर्ण हिस्सा है जो सिमगा, तिल्दा, खरोरा, आरंग, नयापारा और कुरूद को राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ता है। इसके निर्माण से  राष्ट्रीय राजमार्ग-130 से सिमगा-तिल्दा-खरोरा होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-130B से जुड़ेगी जिससे बिलासपुर, सिमगा, तिल्दा की तरफ से आने वाले लोगों तथा व्यवसायिक उपयोग के लिए सुगम एवं सुव्यवस्थित मार्ग उपलब्ध होगा। 11 कार्यों का भूमिपूजन उप मुख्यमंत्री ने खरोरा नगर पंचायत में 36 लाख रुपए से अधिक की लागत के 11 कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें शहर के विभिन्न वार्डों में नाली निर्माण और पाइपलाइन विस्तार के कार्य शामिल हैं। साव ने लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि शहरों के विकास के लिए राज्य शासन के पास राशि की कमी नहीं है। सभी नगरीय निकायों में विकास कार्यों और जन सुविधाएं विकसित करने के लिए पर्याप्त राशि दी जा रही है। पिछले दस महीनों में राज्य के नगरीय निकायों को करीब 2800 करोड़ रुपए दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में गांव, गरीब और किसानों के साथ ही प्रदेश का चहुंमुखी विकास हो रहा है। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता केके पीपरी, मुख्य अभियंता ज्ञानेश्वर कश्यप और खरोरा नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी होरी सिंह ठाकुर सहित विभागीय अधिकारी, पार्षद और गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। recent visitors 44

बीजेपी नेता का भाई था मृतक, छत्तीसगढ़-रायपुर में एसी फटने से कारोबारी और महिला कर्मचारी की मौत

रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एसी फटने से कारोबारी और बीजेपी नेता के भाई समेत दो की मौत हो गई। घटना देवेंद्र नगर सेक्टर-1 के रेजिडेंशियल-कमर्शियल कॉम्प्लेक्स की है। शनिवार की रात लगभग आठ बजे अचानक एसी के फटने से बड़ा धमाका हुआ। आसपास में मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम को दी। इस पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और आग पर काबू पाया। पुलिस ने दोनों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर्स ने दोनों को मृत बताया। मिली जानकारी के अनुसार, जब धमाका हुई तब ऑफिस में दोनों मौजूद थे। उन्हें बचाने के लिए आसपास के लोगों ने कोशिश की, लेकिन दरवाजा ऑटोमेटिक सिस्टम से लॉक होने की वजह से दरवाजा नहीं खुल पाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने किसी तरह दरवाजा खोला। ऑफिस के अंदर पहुंचने पर पूरा ऑफिस धुआं से भरा हुआ था। पुलिस ने बताया कि ऑफिस के अंदर आरिफ मंजूर और उनकी महिला कर्मचारी मशरत खान बेहोशी के हालत में थे। मौके पर दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। जांच के बाद डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, दोनों के शरीर पर जलने के निशान थे। ऑफिस में भरे धुएं की वजह से दोनों की दम घुटने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, राजतालाब कालीनगर निवासी मृतक कारोबारी आरिफ मंजूर खान इवेंट मैनेजमेंट का काम करते था। मृतक के बड़े भाई मखमूर खान छत्तीसगढ़ भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हैं। recent visitors 46

विधायकों और सीनियरों को दी बड़ी जिम्मेदारी, छत्तीसगढ़-रायपुर दक्षिण में कांग्रेस का बड़ी चुनावी रणनीति

रायपुर. रायपुर दक्षिण विधानसभा चुनाव को लेकर शनिवार को राजीव भवन रायपुर में कांग्रेस की अहम बैठक आयोजित की गई। इसमें चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण रणनीति बनाई गई। बैठक में एआईसीसी के सचिव राजेश तिवारी ने सभी सेक्टर और बूथ एवं वार्ड प्रभारियों को उनके क्षेत्र की विस्तृत जानकारी दी। सभी ब्लाकों, कुल 19 वार्डो में विधानसभा क्षेत्र को बांटकर वरिष्ठ नेताओं को प्रभार दिया गया है। कांग्रेस नेताओं ने इस बात के लिये एकजुटता दिखाई कि दक्षिण विधानसभा में अबकी बार कांग्रेस प्रत्याशी को विजयी बनाना है। बैठक को संबोधित करते हुये नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि आप सभी को जिम्मेदारी दी गयी है। 2 मोबाइल से आप लोगों को काम करना है। वोटर को चिन्हित उसे ब्लॉक या वार्ड या स्थानीय ही वोटर को चिन्हित कर सकते हैं। सभी समाज के लोगों को जोड़कर काम करना है। भाजपा ने 10 माह में कौन सा काम किया है उनको बताना है। सरकार की नाकामी बड़ा मुद्दा है। बलौदाबाजार, लोहारीडीह की घटना को बताना है। सरकार के खिलाफ वातावरण बना सकते हैं। 10 महीने में हड़ताल पदयात्रा हो रही है इस सरकार में। भाजपा सरकार की अराजकता को लोगों को बताना है। एआईसीसी संयुक्त सचिव एवं सह प्रभारी विजय जांगिड ने कहा कि पूरी ताकत से चुनाव लड़ना है। कांग्रेस प्रत्याशी आकाश शर्मा युवा प्रत्याशी है, एनएसयूआई के अध्यक्ष थे, अब युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष है। भाजपा के लोग भ्रम फैलाने का काम करते हैं। अविश्वास फैलाने की कोशिश की। बूथ में मतदाता चिन्हित करना है। मत वहीं है जो पेटी में डाला जाये और अधिक से अधिक मतदान करवाना है, सहयोग करना है। प्रभावशाली लोगों के साथ मिलकर काम करना है, लोगों को सक्रिय करना है। घर-घर जाकर उम्मीदवार से अपील करना है, कम से कम घर-घर में तीन बार जाना है। वरिष्ठ नेताओं का नुक्कड़ सभा कराने का प्रयास कराये। दिन प्रतिदिन मॉनिटरिंग करनी है। जो साथी काम करने में सहमत है वहीं काम करने आगे आये। कोई 5 मुद्दे लेकर जनता के बीच जायेंगे। प्रभारी सचिन पायलट ने कहा है चुनाव को गंभीरता से लेना है। जो नेता काम करे उनसे सहयोग लें। वार्ड वाइस प्रभारी को जिम्मेदारी दिया है। सभी आज से अपने प्रभार क्षेत्र में काम शुरू कर दें। बैठक में वरिष्ठ एआईसीसी सचिव एवं प्रदेश प्रभारी जरिता लेतफलांग, एआईसीसी सचिव एवं प्रदेश प्रभारी एस.ए. सम्पत कुमार, एआईसीसी सहसचिव एवं प्रदेश सहप्रभारी विजय जांगिड़, पूर्व मंत्री एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धनेन्द्र साहू, पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा, पूर्व मंत्री रविन्द्र चौबे, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व मंत्री उमेश पटेल, पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया, पूर्व मंत्री गुरू रूद्रकुमार ने अपने सुझाव दिया। recent visitors 25

‘छत्तीसगढ़ को BJP ने बनाया है, वही संवार रही’, छत्तीसगढ़-रायपुर दक्षिण का कार्यकर्ता सम्मेलन

रायपुर. जैसे-जैसे रायपुर दक्षिण विधानसभा चुनाव की घड़ियां नजदीक आ रही हैं। वैसे-वैसे बयानों के तीर तेज होते जा रहे हैं। रायपुर दक्षिण विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन में सीएम विष्णु देवसाय ने कहा कि देवतुल्य कार्यकर्ता अपने कर्तव्य से कठोर परिश्रम से और पूरी निष्ठा से चुनाव में भाजपा प्रत्याशी सुनील सोनी को जिताने के लिए जुट गए हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण भाजपा ने किया और इसे संवारने और विकास का काम भी वहीं कर रही हैं। कांग्रेस पार्टी ने 2018 में जनता से झूठे वादे करके सरकार बनाई और पिछले पांच वर्ष कांग्रेस ने सिर्फ लूटने का कार्य किया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस छत्तीसगढ़ के जनता के जेब से पैसा निकालने का कार्य करती रही। वहीं भाजपा की सरकार बनते ही हमारी सरकार ने जनता के जेब में पैसा डालने का काम किया है। त्यौहार के पहले देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी ने महतारी वंदन का पैसा प्रदेश की बहनों के खाते में पहुंचाया है। प्रदेश के हर घर में मोदी जी और भाजपा की योजनाओं का लाभ पहुंचा है। सभी परिवारों को केन्द्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आप भाजपा प्रत्याशी सुनील सोनी के लिए कमल का बटन दबाये आपको एक नहीं दो विधायक मिलेंगे। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि आप सभी दक्षिण की जनता ने मुझे सदैव अभूतपूर्व प्रेम और स्नेह दिया। जिसकी बदौलत मैं लगातार दक्षिण विधानसभा बढ़ती मार्जिन से जीतते आया हूं और गत विधानसभा चुनाव में दक्षिण की जनता ने इतना अधिक स्नेह दिया की पूरे प्रदेश में सबसे अधिक मार्जिन से जितने वाली विधानसभा दक्षिण विधानसभा रही। लोकसभा चुनाव में जब भारतीय जनता पार्टी ने मुझे संसदीय क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी तो आप सभी ने इस प्रेम को और बढ़ाया और लोकसभा चुनाव में दक्षिण से ही मुझे 90 हजार से अधिक मतों से बढ़त हासिल दिलाई। लोगों से अपील करते हुए कहा कि रायपुर दक्षिण की सीट बड़ी मार्जिन से भाजपा की झोली में डालेंगे और अपने प्रत्याशी सुनील सोनी को विधानसभा में दक्षिण का नेतृत्व करने पहुंचाएंगे। मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि रायपुर दक्षिण से लगातार आठ बार जीतने वाले बृजमोहन अग्रवाल के बारे में सवाल उठाकर भूपेश बघेल अपनी जगहसाई करवाते हैं। राजनीति से लेकर महापौर, सांसद, विधानसभा प्रत्याशी तक के जीवन काल में रायपुर के विकास की भूमि तैयार करने वाले सुनील सोनी है। वर्तमान महापौर जिसके एक भाई जेल में और एक भाई बेल में है को संरक्षण देकर भूपेश बघेल कांग्रेस की मानसिकता उजागर करते हैं। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनते ही प्रदेश का विकास पूरी तरह से ठप हो गया था यदि दुबारा पुनर्विकास की योजनाएं शुरू हुई तो वह भाजपा सरकार में हुई। उसके पीछे की नीव सुनील सोनी है। उन्होंने कहा कि भूपेश की तत्कालीन कांग्रेस सरकार का राजधानी रायपुर के विकास के लिए एक नई ईंट तक जोड़ने में कोई योगदान 5 वर्ष में नही रहा। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत यातायात सुधारने इंट्रीगेटर ट्रैफिक सिस्टम 2 साल में बनना था लेकिन उसमें कोई काम नहीं हुआ काम होगा भी कैसे एक जेल में एक बेल में और एक महापौर बनाकर राजनीति के खेल में। भाजपा प्रत्याशी सुनील सोनी ने कहा कि आज कार्यकर्ताओं एवं जनता की विशाल भीड़ ने एक बार फिर बता किया कि रायपुर दक्षिण में फिर से कमल खिलने वाला है। उन्होंने भारी संख्या में आए लोगों से जीत का आशीर्वाद मांगा। उन्होंने कहा कि मैं एक ऐसा दल का सदस्य हु जो जन सेवा को ही प्रभु सेवा मानकर कार्य करती है। भाजपा ने मुझे लगातार जनता की सेवा करने का मौका दिया। कभी महापौर बनाकर तो कभी सभापति बनाकर। पार्टी ने मुझे 2019 में सांसद प्रत्याशी बनाया और आप सभी ने अपने आशीर्वाद से मुझे एक बार फिर सेवा करने का मौका दिया और मैंने रायपुर के विकास के कार्य की निरंतरता को बनाए रखा। पार्टी ने मुझे एक बार फिर आपकी सेवा करने का मौका दिया है और मैं पुनः आपकी सेवा में सदैव तत्पर रहूंगा। recent visitors 50

आज और कल निकालेंगे रैली, छत्तीसगढ़-रायपुर दक्षिण के कांग्रेस-बीजेपी प्रत्याशी ने शुभ मुहूर्त में भरे नामांकन

रायपुर. रायपुर दक्षिण विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस और बीजेपी प्रत्याशी ने शुभ मुहूर्त में नामांकन दाखिल किया है। कांग्रेस के आकाश शर्मा और भाजपा के सुनील सोनी ने एक साथ आज नामांकन भरा है। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी आकाश शर्मा 24 अक्टूबर को और बीजेपी प्रत्याशी सुनील सोनी 25 अक्टूबर को रैली निकालकर फिर से नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन के समय दोनों का आमना-सामना हुए, तो कांग्रेस प्रत्याशी आकाश ने सुनील सोनी और बृजमोहन अग्रवाल का पैर छूकर आशीर्वाद लिया। वहीं अब तक रायपुर दक्षिण विधानसभा उपचुनाव के लिए 10 निर्दलीय उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। इसमें से एक राइट टू रिकाल पार्टी से अपना नाम निर्देशन पत्र जमा किया। हालांकि इस सीट में सीधा मुकाबला कांग्रेस और बीजेपी के बीच होने वाला है। अब तक किसी निर्दलीय उम्मीदवार ने या न किसी तीसरे पार्टी ने दमखम के साथ कदम रख पाया है। रायपुर नगर दक्षिण उप निर्वाचन-2024 अंतर्गत अभी तक दस उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। 22 अक्टूबर को निर्दलीय अभ्यर्थी के रूप में नंदिनी नायक, रवि भोई, सैय्यद मुस्लीम, नासीर मोहम्मद, रिजवाना, जुगराज जगत, राईट टू रिकाल पार्टी से चम्पालाल पटेल ने अपना नाम निर्देशन पत्र जमा किया। दूसरी ओर 21 अक्टूबर को निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में शबिस्ता खान, सुषमा अग्रवाल, महेंद्र कुमार बाघ ने अपना नाम निर्देशन पत्र जमा किया। रायपुर नगर दक्षिण उपचुनाव के लिए उम्मीदवार 25 अक्टूबर 2024 तक अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। शासकीय अवकाश दिवसों को छोड़कर कार्यालयीन दिवसों में सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक नामांकन दाखिल किया जा सकता है। प्राप्त नामांकन पत्रों की संवीक्षा 28 अक्टूबर को की जाएगी। उम्मीदवार 30 अक्टूबर तक अपना नामाकंन वापस ले सकेंगे। रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट उप चुनाव 2024: फैक्ट फाइल 0- उप चुनाव- 13 नवंबर 0- मतगणना- 23 नवंबर 0- नामांकन की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर 0- नामवापसी की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर recent visitors 85