आठ गाड़ियों में पेट्रोल डालकर लगाई आग, छत्तीसगढ़-रायपुर में रात में शरारती तत्वों की करतूत

रायपुर। राजधानी रायपुर के आरडीए कॉलोनी, बोरियाखुर्द में बीती रात अज्ञात लोगों ने एक के बाद एक आठ गाड़ियों में पेट्रोल डालकर आग लगा दी. आगजनी में 7 दो पहिया और एक ऑटोरिक्शा जलकर खाक हो गए. आगजनी इतनी भयावह थी कि आग से आस-पास के घर तक जा पहुंची. पीड़ित परिवारों ने जानबूझकर आग लगाए जाने की आशंका जताई है. वहीं इस मामले में पीड़ित परिवारों के लोगों ने बताया कि घटना रात करीब 3 बजे की है. जब स्कूटी में ब्लास्ट होने की आवाज़ से कॉलोनीवासियों को आग लगने का पता चला और देखते ही देखते 4 परिवारों के 6 दो पहिया वाहन और एक ऑटो आग की चपेट में आ गए. पीड़ित संतोष सिन्हा, डॉ राजेंद्र साहू और नितिन सिंह ने मामले की शिकायत टिकरापारा थाने में की है. वहीं इस घटना के पीड़ितों ने साज़िश के तहत इस घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है. उन्होंने बताया बीते शाम कॉलोनी में पीड़ितों का कुछ लोगों से विवाद हुआ था, जिसमें शिकायत न करने की धमकी भी मिली थी. जिसके बाद ये घटना हुई है. स्थानीय लोगों ने बताया कि बोरियाखुर्द में देर रात तक नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है. आए दिन अपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया जाता है. इसके बावजूद इलाक़े में पुलिस गंभीरता से गश्त नहीं करती लोग दहशत में जीने के लिए मजबूर है. वहीं इस मामले में टिकरापारा थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि बोरियाखुर्द में गाड़ियों में आग लगने की शिकायत मिली है. शिकायतकर्ताओं ने जान बूझ कर घटना को अंजाम देने की आशंका जताई है. मामले की जांच जारी है. recent visitors 75

सड़क दुर्घटनाएं रोकने सुरक्षा और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन, छत्तीसगढ़-रायपुर में सीएम साय ने दिए निर्देश

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने निवास कार्यालय में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक में प्रदेश के सड़क सुरक्षा परिदृश्य, सड़क दुर्घटना के नियंत्रण के उपायों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने बैठक में कहा कि सड़क दुर्घटनाओं के नियंत्रण के लिए दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट और चार पहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट के उपयोग और वाहन चलाते समय सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए जनजागरूकता अभियान को प्रभावी ढंग से चलाया जाए। मुख्यमंत्री साय ने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सड़कों पर ब्लैक स्पॉट के सुधार कार्य में तेजी लाने, जिला सड़क सुरक्षा समिति की नियमित बैठकें आयोजित करने, सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों के इलाज के लिए निर्माणाधीन ट्रामा स्टेब्लाईजेशन यूनिट्स का कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में परिवहन विभाग की ओर से तैयार कराया गया 'बस संगवारी एप' लांच किया और परिवहन विभाग की सड़क सुरक्षा पर प्रकाशित पोस्टर का विमोचन किया। बैठक में जानकारी दी गई कि स्कूल शिक्षा विभाग ने राज्य के स्कूलों में कक्षा पहली से लेकर दसवीं तक के राज्य शैक्षणिक अनुसंधान परिषद की पाठ्यपुस्तकों में सड़क यातायात नियमों से संबंधित अध्याय पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है। बैठक में बताया गया कि यातायात व्यवस्था का इलेक्ट्रॉनिक सर्विलेंस रायपुर, बिलासपुर और नवा रायपुर में किया जा रहा है। भिलाई और दुर्ग में यह व्यवस्था आंशिक रूप से संचालित है। सितंबर 2023 से अक्टूबर 2024 तक 101 ब्लैक स्पॉट और 748 जंक्शन के सुधार कार्य पूर्ण किए गए हैं। बैठक में जानकारी दी गई कि हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने पर सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु की संभावना 40 प्रतिशत तक कम हो सकती है। अधिकारियों ने बताया कि यातायात नियमों के उल्लंघन पर परिवहन विभाग ने छह लाख 70 हजार से अधिक और पुलिस विभाग ने चार लाख 87 हजार से अधिक चालानी कार्यवाही की है। एक जनवरी 2023 से 31 अक्टूबर 2024 तक 7826 वाहन चालकों का लायसेंस निलंबित किया गया है। आठ दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों राजनांदगांव, धरसींवा अभनपुर, पाली, सिमगा, सुकमा, बेमेतरा और पत्थलगांव में ट्रामा स्टेब्लाईजेशन यूनिट निर्माण के लिए राशि स्वीकृत की गई है। 14 हजार 261 वाहनों में व्हीकल लोकेशन ट्रेकिंग डिवाइस, 72 हजार से अधिक वाहनों में स्पीड गवर्नर और 2200 बसों में पेनिक बटन लगाए गए हैं। बैठक में ब्लैक स्पॉट की पहचान, सुधार की कार्यवाही, सड़कों में यातायात संकेतक, होर्डिंग्स हटाने, फुटपाथ, पार्किंग, सर्विस लेन से अतिक्रमण हटाने आदि कार्यों की समीक्षा की गई। recent visitors 122

कई छात्राएं घबराकर हुईं बेहोश, छत्तीसगढ़-रायपुर एम्स में जूनियर्स को कमरे में बंद कर रातभर ली रैगिंग

रायपुर. छत्तीसगढ़ के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान(एम्स) में ग्रुप रैगिंग का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पहले कमरे में बंद किया गया। इसके बाद दो बजे रात को कड़ाके की ठंड में कैंपस में खड़ा कराया गया। एमबीबीएस 2023 बैंच के स्टूडेंट्स के साथ सीनियर्स ने ग्रुप रैगिंग की है। आरोप है कि सीनियर छात्रों ने रात को जूनियर छात्र-छात्राओं को रात 12 बजे कमरे में बुलाकर अंदर से खिड़की दरवाजे, पंखे, लाइट सब बंद कर दिए। कमरे में कई छात्रों को सांस लेने में दिक्कत हुई। इस दौरान कई छात्राएं घबराकर रोने लगीं। कुछ बेहोश भी हो गईं। आरोप है कि रात करीब दो बजे सभी जूनियर्स को ठंड में टी शर्ट में बाहर खड़े कराए। मिली जानकारी के मुताबिक रैगिंग एम्स में एमबीबीएस 2023 बैच के स्टूडेंट के साथ सीनियर बैच के स्टूडेंट्स ने की है। आरोप है कि सीनियर स्टूडेंट्स ने जूनियर्स को ग्रुप के साथ बुलाया। फिर एक छोटे से कमरे में बंद कर दिया। जूनियर छात्रों का आरोप है कि कड़के की ठंड में जब बाहर में खड़े कराए गए, उस वक्त सिक्योरिटी गार्ड वहां मौजूद थे। उनसे मदद मांगने पर गार्ड ने भी सीनियर्स को नहीं रोका। लगभग तीन-चार बजे के बाद उन्हें कमरे में जाने की इजाजत मिली। ऐसे हुआ मामले का खुलासा रैगिंग से पीड़ित छात्रों ने सोसायटी अगेंस्ट वायलेंस इन एजुकेशन से मामले की लिखित शिकायत की थी। इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। recent visitors 67

कोर्ट ने दी सजा-ए-मौत, छत्तीसगढ़-रायपुर में महिला से इश्क लड़ाने एक मासूम को किडनैप कर जिंदा जलाया

रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के इंडस्ट्रियल एरिया उरला के बहुचर्चित हर्ष हत्याकांड में कोर्ट ने कठोर सजा सुनाई है। अदालत ने इस मामले में आरोपी को मृत्युदंड की सजा सुनाई है। आरोपी ने इंसानियत की सारी हदें पार करते हुए हैवानियत का नंगा खेल खेला। अंधे और एकतरफा प्रेम में वशीभूत होकर आरोपी ने ढाई साल पूर्व चार साल के मासूम हर्ष का अपहरण कर जिंदा जलाकर मार दिया। इस मामले में अदालत ने 38 वर्षीय पंचराम गेंड्रे को मृत्युदंड की सजा सुनाई है।  कोर्ट ने पिछले दिनों अपने फैसले में कहा कि अपराधी पंचराम ने हर्ष के साथ ही उसके बड़े भाई को भी जलाकर मारने की कोशिश की थी पर वह अपनी सूझ-बूझ से बच गया। वह दोनों को बहुला- फुसलाकर अपने साथ ले जा रहा था। उस दौरान बड़े भाई ने  उसके साथ जाने से मना कर दिया। इससे उसकी जान बच गई। आरोपी दो बच्चों की मां से एकतरफा प्रेम करता था, लेकिन महिला उससे बात नहीं करती थी। उसी को सबक सिखाने के लिए उसने दोनों बच्चे की हत्या करने की प्लानिंग रची। कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि ऐसे कृत्य करने वाले समाज में रहने लायक नहीं है, इसलिए इन्हें मृत्यु दंड दिया जाता है। इसे केस में फोरेंसिक रिपोर्ट, तकनीकी जांच और डीएनए टेस्ट के बाद आरोपी के कबूलनामे के साथ उसे मौत की सजा सुनाई गई है। मामले में आठ साल के दिव्यांश का बयान सबसे बेहद कारगर रहा। उरला के तत्कालीन टीआई भरत बरेठ के मुताबिक, उरला निवासी दोषी पंचराम मजदूरी करता था। वह अपनी मां के साथ रहता था। उसके पड़ोस में जयेंद्र चेतन का घर था। पंचराम का उसके घर आना-जाना था। इस दौरान जयेंद्र की पत्नी को वह चाहने लगा पर वह उसके बच्चों से नफरत करता था। महिला का प्यार पाने के लिए उसने दोनों बच्चों की हत्या करने की योजना बनाई। वह 5 अप्रैल 2022 को महिला के घर गया। उसे समय उसका पति काम पर गया था। पंचराम हर्ष और दिव्यांश को घूमाने के बहाने अपने साथ ले गया। दोनों भाइयों को वह करीब आधे घंटे तक उरला क्षेत्र में बाइक से घूमाते रहा। दोनों को नहाने के लिए नदी चलने के लिए कहा। इस पर दिव्यांश ने जाने से मना कर दिया और घर छोड़ने की बात कही। इस पर पंचराम दिव्यांश को घर छोड़कर दोबारा हर्ष को साथ लेकर चला गया। मामले दंपती की शिकायत पर सीसीटीवी कैमरे और मोबाइल लोकेशन पंचराम का पता लगा पता चला कि वह नागपुर में है। वहां छापा मारकर उसे पकड़ा गया। उसने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने हर्ष को जलाकर उसकी हत्या कर दी। घटना स्थल से हर्ष की बॉडी अवशेष मिले थे। डीएनए टेस्ट में सच साबित होते ही 19 लोग गवाह बनाए गए। दिव्यांश ही घटनाक्रम का प्रत्यक्षदर्शी था। उसने पूरी घटना के बारे में बताया। उसी के बयान पर कोर्ट ने मृत्युदंड की सजा सुनाई है। recent visitors 52

केंद्रीय रेल राज्य मंत्री सोमन्ना का ऐलान, छत्तीसगढ़-रायपुर रेलवे स्टेशन बनेगा एयरपोर्ट की तर्ज पर

रायपुर. केंद्रीय रेल राज्य मंत्री वी सोमन्ना छत्तीसगढ़ प्रवास पर रायपुर पहुंचे। इस दौरान मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि साल 2027 तक रायपुर रेलवे स्टेशन के नए मॉडल स्टेशन का निर्माण हो जाएगा। इसे लेकर रेलवे के अधिकारी तीव्र गति से कार्य कराएंगे। छत्तीसगढ़ में मॉडल रेलवे स्टेशनों के विकास को लेकर रेलवे सक्रिय है। इसके तहत दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर के रेलवे स्टेशन को मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा। एयरपोर्ट के तर्ज पर नई रेलवे स्टेशनों के निर्माण कार्य किए जाएंगे।  इसके बाद यहां से चर्चा करने के बाद वो रेलवे बोगी सैलून में बैठकर कोरबा के लिये रवाना हो गए। कोरबा में रात्रि विश्राम कर अगले दिन 30 नवंबर को शहर में आयोजित कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। बता दें कि इससे पहले 28 नवंबर को रेल राज्य मंत्री का रायपुर आना था पर किसी कारणों से उनका कार्यक्रम रद्द हो गया था। इसके बाद आज का शेड्यूल किया गया है। इससे पहले 26 नवंबर को केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी बैष्णव का दौरा भी रद्द हो गया था। बताया जाता है कि कसोमन्ना जल जीवन मिशन के कार्यों का अवलोकन करेंगे। वहीं ट्रायल सेक्शन समेत कई कार्यक्रमों का अवलोकन भी करेंगे। हिगग्राहियों से चर्चा भी करेंगे। recent visitors 123

दक्षिणी इलाकों में कड़ाके की ठंड, छत्तीसगढ़-रायपुर में न्यूनतम तापमान में गिरावट

रायपुर. छत्तीसगढ़ के कड़ाके आउटर इलाकों में अब कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंडी हवाओं की वजह से ठंड बढ़ गई है। रात और सुबह के साथ ही अब दिनभर ठंड लगने लगी है। लगातार न्यूनतम तापमान में गिरावट होने की वजह से प्रदेश में ठंड बढ़ने लगी है। नवंबर माह के आखिरी सप्ताह में कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। वहीं प्रदेश में हवा की दिशा बदल रही है, जिसके वजह से प्रदेश में मौसम में आगामी कुछ दिनों तक बदलाव की कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में दो दिन तक न्यूनतम तापमान में परिवर्तन की कोई संभावना नहीं है। न्यूनतम तापमान में अब ज्यादा वृद्धि भी नहीं होगी, और न ही गिरावट आएगी। आगामी तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में बदलाव की संभावना है। मौसम एक्सपर्ट ने बताया कि आगामी दो दिनों के बाद प्रदेश में न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है। प्रदेश के दक्षिण भागों में दो डिग्री सेल्सियस तक न्यूनतम तापमान बढ़ सकता है।  वहीं प्रदेश के शेष भागों में तापमान में कोई परिवर्तन नहीं होगी।  इन दिनों सबसे ज्यादा ठंड बलरामपुर में है। शनिवार को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 08. 5 डिग्री बलरामपुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे अधिक तापमान 30.9 डिग्री सुकमा में रहा। अब दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिन बाद न्यूनतम तापमान में एक-दो डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है। राजधानी रायपुर में रविवार को बादल रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। बिलासपुर में 13.4 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। वहीं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 9.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री कम था। वहीं कोरबा में 12.4,  रहा जो औसत से 3.3 डिग्री कम था। रायपुर में न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री दर्ज किया गया है, जो की सामान्य से एक डिग्री कम है। recent visitors 79

सीएम साय बोले–’ सभी को समझना जरूरी, विरासत में टिकी है संविधान की नींव’, छत्तीसगढ़-रायपुर में निकली पदयात्रा

रायपुर. संविधान दिवस के अवसर पर पं. जवाहर लाल नेहरू स्मृति मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया. रायपुर मे पदयात्रा भी निकाली जा रही है. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह समेत कई नेता शामिल हुए. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम साय ने सभी को संविधान दिवस की शुभकामनाएं दी. उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ के महान विभूतियों ने संविधान निर्माण में योगदान दिया, उनको नमन करता हूं. सीएम साय ने कहा, पीएम मोदी ने राष्ट्र स्तरीय हमारा संविधान हमारा स्वाभिमान टैग लाइन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की है. जन-जन को संविधान की जागरूकता के लिए अभियान चलाया जा रहा है. इसके लिए मोदी जी को धन्यवाद देता हूं. 75 वर्ष बाद भी हर व्यक्ति को अपने अधिकारों की जानकारी नहीं है. बस्तर या अमुझमाड़ तक ये सीमित नहीं है, पढ़े लिखे लोगों को भी अपने संवैधानिक अधिकारो की जानकारी नहीं है. संविधान सदियों के संघर्ष उपलब्धियों का प्रतिफल है इसलिए समझना जरूरी है. संविधान की नींव विरासत में ही टिकी है. कुछ लोगों ने संविधान के खतरे में होने का फैलाया भ्रम : साय सीएम ने कहा, हमारे संविधान निर्माताओं ने मौलिक अधिकारों की बात की है. राम सीता लक्ष्मण की तस्वीर अनकित की है. समझना होगा कि संविधान निर्माताओं ने क्या संदेश दिया है. भारतीय संस्कृति के साथ संविधान को आगे ले जाना है. संविधान से 370 हटा, लैंगिग समानता क़ानून लागू किए, समय समय पर आवश्यकता के अनुसार बदलाव किए. इससे कुछ लोगों ने देश में संविधान के ख़तरे में होने का भ्रम फैलाया. ये वही लोग हैं, जिन्होंने आपातकाल लागू कर देश को ख़तरे में डाला. कुर्सी के लिए इन्होंने संविधान में बदलाव किए. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि देश का संविधान सर्वोच्च है. बीजेपी ने सबका संविधान निर्माता के साथ संरक्षकों का सम्मान किया है. छत्तीसगढ़ में भी सभी वर्गों के विकास के लिए बीजेपी काम कर रही है. इस मौके पर स्कूली बच्चों के लिए संविधान से जुड़े प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है. संविधान के 75 साल पूरे होने के अवसर पर पदयात्रा निकाली जा रही है. इसमें मुख्यमंत्री साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री टंकराम वर्मा, मंत्री केदार कश्यप, दयालदास बघेल, विधायक पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा समेत अन्य नेता शामिल हैं. सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी भव्य आयोजन किया गया है. recent visitors 83