पुलिस ने मारपीट कर मोबाइल और सामान छुड़ाया, छत्तीसगढ़-रायपुर में डबल मर्डर पर परिजनों का आरोप

रायपुर। राजधानी के विधानसभा थाना क्षेत्र में हुए डबल मर्डर के मामले में नया मोड़ आ गया है. मृतक के परिजनों ने पुलिस पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए विधायक मोतीलाल साहू से शिकायत करने की बात कही है. यही नहीं मृतक का शव रखकर थाना और शराब भट्ठी के सामने प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है. मृतक हरीश साहू के पिता, चाचा और दादा ने लल्लूराम डॉट कॉम से चर्चा में बताया कि उन्हें हरीश को बांधकर चाकू से मारने की जानकारी मिली, इस पर वे थाना पहुंचे. लेकिन थाने में पुलिस ने जानकारी देने की बजाए उनसे गाली-गलौच करते हुए मारपीट की. यह नहीं उनका मोबाइल फोन और सामान भी जब्त कर लिया. परिजनों ने कहा कि अब हम मामले की शिकायत लेकर विधायक मोतीलाल साहू के पास जा रहे हैं. जब तक हमें न्याय नहीं मिलेगा तब तक हम शांत नहीं बैठेंगे. आज हम थाने और शराब भट्ठी के सामने शव को रखकर प्रदर्शन करेंगे. बता दें कि राजधानी रायपुर के विधानसभा इलाके में बीती रात डबल मर्डर की वारदात से सनसनी फैल गई थी. शराब भट्टी के बाहर 3 बदमाशों ने हरीश साहू और हेमलाल देवांगन नामक दो युवकों की पुरानी रंजिश के चलते चाकू से गोदकर हत्या कर मौके से फरार हो गए थे. घटना के बाद आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है. recent visitors 90

अवैध परिवहन कसी लगाम, छत्तीसगढ़-रायपुर में खनिज विभाग ने रेत के पांच डम्पर पकड़े

रायपुर/अभनपुर। बेलगाम रेत माफिया की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद अब रायपुर खनिज विभाग सक्रिय हुआ है. विभागीय टीम ने रेत का अवैध परिवहन कर रहे 5 वाहनों को नवापारा में पकड़कर कार्रवाई की है. गरियाबंद और धमतरी जिले के रेत घाटों से अवैध तरीके से रेत लेकर प्रतिदिन सैकड़ों भारी वाहन नवापारा शहर से गुजरकर रायपुर जाते हैं. दुर्घटना की आशंका को देखते हुए इन वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग को लेकर नवापारावासी विभिन्न स्तरों पर आवाज उठा चुके हैं, लेकिन संबंधित खनिज विभाग इस दिशा में हमेशा की तरह कुंभकरणी नींद में सोया रहता है. सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात रायपुर खनिज विभाग अचानक नींद से जागी, और रेत परिवहन कर जा रहे 5 भारी वाहनों को नवापारा में रोककर दस्तावेजों की जांच की, जिसमें रेत का अवैध परिवहन करना पाया गया. इसके बाद सभी वाहनों के विरुद्ध प्रकरण कायम कर उन्हें थाना गोबरा नवापारा परिसर में खड़ा कराया गया है. यह कार्रवाई रायपुर खनिज विभाग के सुपरवाइजर सुनील दत्त शर्मा के नेतृत्व में की गई है. रेत ही नहीं मुरूम का भी अवैध कारोबार यहां बताना जरूरी है कि केवल रेत ही नहीं बल्कि अभनपुर क्षेत्र में मुरूम का भी अवैध खनन धड़ल्ले से जारी है. अभनपुर का एक मुरूम माफिया क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में, पंचायत प्रतिनिधियों और जिम्मेदार विभाग के साथ सांठगांठ कर ग्राम गिरोला और ग्राम बेल्डीह में चौबीसों घंटे मुरूम का धड़ल्ले से अवैध खनन कर रहा है. इन ग्रामों के मुरूम खनन स्थल पर जानलेवा गहराई वाले तालाब बन चुके हैं. रेत के अवैध परिवहन के बाद खनिज विभाग के अधिकारी शायद इस ओर ध्यान दें. recent visitors 75

करीबी पर आशंका, छत्तीसगढ़-रायपुर में घर के दीवान में रखे 63 लाख रुपये चोरी

रायपुर. रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र स्थित रेवली गांव में घटना हुई है। जहां पीड़ित बाल मुकुंद सोनकर के घर में अज्ञात चोरों ने धावा बोला है। घर के दीवान में रखे गए 62 लाख 71 हजार रुपए चोरी हो गए। पीड़ित ने घटना के बाद मुजगहन थाना में मामला दर्ज कर लिया है। रिपोर्ट के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। पीड़ित सोनकर ने बताया कि यह रकम एक जमीन के सौदे से मिली थी, जिसमें दो करोड़ 41 लाख रुपए थे। उन्होंने बताया कि पूरी रकम सुरक्षित स्थान पर रखी थी, लेकिन बावजूद बड़ी चोरी हो गई। चोरी को लेकर आशंका है कि यह पैसों का चोरी किसी परिचित या करीबी व्यक्ति ने की होगी। इस पूरे मामले में मुजगहन थाना पुलिस ने बताया कि मामले को लेकर पुलिस ने सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों का पता लगा कर गिरफ्तार किया जाएगा। recent visitors 102

भाजपा या कांग्रेस को नुकसान?, छत्तीसगढ़-रायपुर दक्षिण में सवा लाख लोगों ने नहीं किया मतदान

रायपुर। रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट का चुनाव आखिरकार संपन्न हो गया. बिना किसी ठोस मुद्दे के लड़े गए इस चुनाव में क्षेत्र के 2 लाख 73 हजार मतदाताओं में से 51 फीसदी मतदान के हिसाब से 1 लाख 25 हजार से ज्यादा लोग मतदान करने ही नहीं गए. मतदाताओं की इस बेरुखी का परिणाम क्या होगा, अब इस बात का आंकलन करने में विश्लेषक जुटे हैं. 2023 विधानसभा चुनाव के मुकाबले इस बार करीब 10 प्रतिशत कम मतदान हुआ है. 2023 के विधानसभा चुनाव में रायपुर दक्षिण में 60.20 प्रतिशत मतदान हुआ था. वहीं 2018 के विधानसभा चुनाव में 61.70 प्रतिशत मतदान हुआ था. इन चुनावों में महिला मतदाताओं ने पुरुषों की तुलना में ज्यादा उत्साह दिखाया था. उप चुनाव के दौरान विधानसभा क्षेत्र में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से 25 हजार ज्यादा होने की वजह से अनुमान जताया जा रहा है कि इस बार भी महिलाएं बड़ी तादात में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगी. लेकिन महिलाओं की सशक्त भागीदारी देखने को नहीं मिली, वहीं पुरुषों या फर्स्ट टाइम वोटर ने भी वोट देने में इसलिए रुचि नहीं दिखाई. जानकार मानते हैं कि मतदाताओं के बूथ तक नहीं पहुंचने के पीछे एक बड़ी वजह इस चुनाव का विधानसभा की तस्वीर में नहीं पड़ने वाला असर है. इस चुनाव की वजह से न तो भाजपा सत्ता से जा रही है, और न ही कांग्रेस फिर से सत्ता में वापसी कर रही है. इसके अलावा जानकार मानते हैं कि प्रत्याशी भी मतदाताओं के बीच उत्साह पैदा करने में नाकामयाब रहे. वहीं पार्टियां भी ऐसा कोई मुद्दा नहीं उठा पाईं, जिससे मतदाता मतदाता मतदान केंद्रों में जाने के लिए उतावले हों. जानकार मानते हैं कि भले ही इस परिणाम की विधानसभा की तस्वीर बदलने में कोई अहम भूमिका न हो, मुद्दा विहिन प्रत्याशी और पार्टियों के बीच मतगणना जरूर रुचि पैदा करेंगे. कम वोटिंग की वजह से मतों का अंतर भी कम रहेगा, और यदि यह आंकड़ा हजार से घटकर सैकड़ा तक पहुंच गया तो फिर नया तूफान खड़ा हो जाएगा. खैर, परिणाम जो भी भाजपा और कांग्रेस के लिए एक-दूसरे पर हमला करने के लिए नया मुद्दा जरूर मिल जाएगा. recent visitors 116

आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार, छत्तीसगढ़-रायपुर में महिला को डिजिटल अरेस्ट कर 58 लाख रूपए ठगे

रायपुर। डिजिटल अरेस्ट मामले में रायपुर के रेंज साइबर थाना ने बड़ी कार्रवाई की है. पंडरी में महिला से 58 लाख रुपये ठगने वाले एक आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया गया है. आरोपी के पास से ठगी की रकम में से 9.50 लाख रुपये नगद, बैंक खाता, चेक बुक और मोबाइल जब्त किए गए हैं. जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई कि अज्ञात व्यक्तियों ने खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर उसे आधार कार्ड के दुरुपयोग से 311 बैंक खाते खोलने का आरोप लगाया. आरोपी ने उसे डरा-धमकाकर 24 घंटे व्हाट्सएप वीडियो कॉल में जुड़े रहने का दबाव बनाया और डिजिटल अरेस्ट का झांसा देकर 58 लाख रुपये ठग लिए. पुलिस ने प्रकरण दर्ज करते हुए रेंज साइबर थाना रायपुर को जांच सौंपी. पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए रेंज साइबर थाना रायपुर को तकनीकी साक्ष्य एकत्र कर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी करने एवं ठगी की रकम होल्ड जब्त करने के संबंध में निर्देश दिए. मामले में जांच के दौरान साइबर थाना की टीम ने तकनीकी साक्ष्य जुटाते हुए आरोपी जसविंदर सिंह साहनी, निवासी राजनंदगांव को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी से 9.50 लाख रुपये की नकदी, बैंक खाता, चेक बुक और मोबाइल बरामद की गई है. ‘डिजिटल अरेस्ट’ का नया तरीका अपनाते साइबर ठग साइबर ठग ऑनलाइन ठगी के लिए नए-नए पैंतरे अपना रहे हैं. ठग खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए झांसे में लेकर लोगों से रुपये भी मांग रहे हैं. हाल ही में ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें ठगों ने खुद को पुलिस वाला बताकर ठगी की कोशिश की. जाने कैसे हो रही पुलिस के नाम से ठगी खुद को पुलिस, कस्टम, आयकर और ट्राई जैसे विभागों का अधिकारी बताकर साइबर ठग उच्च शिक्षित लोगों को वीडियो कॉल के जरिये अरेस्ट भी कर रहे हैं. झूठी कहानी बताकर बचने के लिए पूरे समय वीडियो कॉलिंग में जुड़े रहने बोलकर पीड़ित पर पूरे समय नजर रखते हैं. डिजिटल अरेस्ट कर बचने के लिए रुपये की मांग करते हैं. बच्चों को हिरासत में लेने की बात कहकर कर रहे वसूली साइबर ठग अभिभावकों को कॉल करके उनके बेटे-बेटियों के हिरासत में होने की बात कहकर धमकाते हैं. वह खुद को पुलिस या कस्टम अफसर बताकर बात करते हैं और ड्रग, सेक्स रैकेट जैसे मामले में बच्चों को पकड़ने की बात कहते हैं. हिरासत से रिहा करने के बदले परिजनों से रुपये मांगे जाते हैं. ऐसे लोगों को खासतौर पर निशाना बनाते हैं जिनके बच्चे दूसरे शहरों में रहकर पढ़ाई या नौकरी करते हैं. पुलिस का नाम सुनकर परिजन घबरा जाते हैं और जाल में फंस जाते हैं. recent visitors 89

23 नवंबर को फैसला, छत्तीसगढ़-रायपुर में आकाश और सुनील की किस्मत EVM में कैद

रायपुर. छत्तीसगढ़ की रायपुर शहर दक्षिण विधानसभा सीट पर उपचुनाव में बुधवार को 50 फीसदी से अधिक मतदाताओं ने मतदान किया. रायपुर संसदीय क्षेत्र से लोकसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायक और राज्य के पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद यह सीट रिक्त हुई. चुनाव अधिकारियों ने बताया कि रायपुर नगर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ. उन्होंने बताया कि सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदाताओं ने मतदान किया. अधिकारियों के मुताबिक, मतदान समाप्ति के बाद मतदान प्रतिशत 50.50 प्रतिशत दर्ज किया गया हालांकि मतदान प्रतिशत के ये आंकड़े अंतिम नहीं है. मतदान दलों की वापसी पूरी होने तथा प्रपत्रों की जांच के बाद मतदान के आंकड़े अंतिम रूप से तैयार किये जाएंगे. अधिकारियों ने बताया कि मतदान प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन क्षेत्र में किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं मिली. उन्होंने बताया कि शुरुआत में मतदान धीमा रहा लेकिन बाद में मतदान केंद्रों के सामने मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं. अधिकारियों ने बताया कि महिला और युवा मतदाता भी बड़ी संख्या में मतदान करने पहुंचे. सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार सुनील सोनी और विपक्षी दल कांग्रेस के उम्मीदवार आकाश शर्मा ने अपने-अपने मतदान केंद्रों में पहुंचकर मतदान किया. सुनील सोनी को बीजेपी ने उतारा है चुनावी मैदान में उपचुनाव में 30 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं लेकिन मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ बीजेपी और विपक्षी दल कांग्रेस के बीच माना जा रहा है. बीजेपी ने रायपुर के पूर्व सांसद और पूर्व महापौर सुनील सोनी को चुनावी मैदान में उतारा है जबकि विपक्ष ने युवा चेहरा आकाश शर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया है. शर्मा युवा कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष हैं. अधिकारियों ने बताया कि इस निर्वाचन क्षेत्र में 1,33,800 पुरुष, 1,37,317 महिला और 52 ट्रांसजेंडर सहित कुल 2,71,169 मतदाता हैं. मतगणना 23 नवंबर को होगी. पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने राज्य की 90 में से 54 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस ने 35 और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने एक सीट जीती थी. पिछले साल हुए राज्य विधानसभा चुनाव में रायपुर शहर दक्षिण निर्वाचन क्षेत्र में 60.2 प्रतिशत मतदान हुआ था. recent visitors 82

यात्रियों में मचा हड़कंप, छत्तीसगढ़-रायपुर में नागपुर से कोलकाता जा रही फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग

रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है. जहां नागपुर से कोलकाता जा रही एक फ्लाइट का इमरजेंसी लैंडिंग कराया गया है. जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट में बम मिलने की सूचना के बाद  विमान को रायपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. रायपुर एयरपोर्ट पर  विमान खड़ा है. जिसकी जांच की जा रही है. दरअसल, इंडिगो की फ्लाइट नागपुर से कोलकाता जा रही थी. इस बीच फ्लाइट में बम की सूचना मिली है. जिसके बाद  आनन-फानन में इंडिगो की फ्लाइट को रायपुर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है. जिसके बाद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है. विमान को तुरंत खाली करवा के साथ एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था को कड़ी कर दिया गया है. फिलहाल बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया है. जो फ्लाइट की जांच कर रहे हैं. जानकारी के मुताबिक, नागपुर से कोलकत्ता जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E812 सुबह 07:17 बजे उड़ान भरी थी. विमान में कुल 187 यात्री और 06 पैसेंजर सवार थे. सीआईएसएफ और रायपुर पुलिस की टीम एयरक्राफ्ट की जांच कर रही है. उतारे गए यात्रियों की फिर से सुरक्षा जांच हुई. कुछ यात्री इसमें विदेश जाने वाले हैं. जिन्हें  दूसरी फ्लाइट से भेजने की तैयारी की जा रही है. सुरक्षा को लेकर जांच जारी बम मिलने की सचूना के बाद अधिकारियों में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में इंडिगो की फ्लाईट की रायपुर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. विमान से सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया. इसके बाद सभी यात्रियों को इंट्री गेट के पास भीतर लॉज में लाया गया. फ्लाइट में बम की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा कारणों से यात्रियों इमरजेंसी लैंडिग करवाया गया. इस घटना के बाद रायपुर एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए उड़ानें प्रभावित हुईं. फिलहाल सुरक्षा को लेकर फ्लाइट की जांच जारी है. रायपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  कीर्तन राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि, नागपुर से कोलकाता जा रहे विमान को बम की धमकी के बाद रायपुर एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी. विमान की एयरपोर्ट पर जांच की जा रही है. जांच करने के बाद  फ्लाइट को रायपुर एयरपोर्ट से रवाना किया जाएगा. फिलहाल बम मिलने की सूचना किस माध्यम से मिली है इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है.  recent visitors 68