राहुल गांधी को जो लिखकर दिया वही पढ़ते हैं, छत्तीसगढ़ के विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का हमला

रायपुर. छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राहुल गांधी को राजनीति का ABCD मालूम नहीं है। उनको जो लिखकर देते हैं, वह पढ़ देते हैं। दरअसल, रांची में 'संविधान सम्मान सम्मेलन' में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कई मुद्दों पर बीजेपी को घेरने का प्रयास किया। कांग्रेस नेता राहुल ने कहा कि आदिवासी देश के पहले मालिक थे, भाजपा इन्हें वनवासी कहती है। इस बयान को लेकर डॉ. रमन सिंह ने पलटवार किया है। रांची में 'संविधान सम्मान सम्मेलन' में दिए गए कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान को लेकर डॉ. रमन सिंह ने पलटवार करते हुए कहा कि राहुल गांधी के पास जवाब है क्या अबूझमाड़ को अबूझमाड़ किसने बनाया है। अबूझमाड़ को सभ्यता के दौड़ से अलग करने का काम कांग्रेस ने किया है। कांग्रेस ने 50 सालों तक छत्तीसगढ़ के कई भू-भाग सड़क, पानी बिजली जैसे कई सुविधाओं से उपेक्षित रखा। टोडरमल के बाद अंग्रेजों के ज़माने में सर्वे नहीं हुआ, अब भाजपा की सरकार आने के बाद सर्वे हो रहा है। उन्होंने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि राहुल गांधी को राजनीति का ABCD मालूम नहीं है, उनको जो लिखकर देते हैं, वह पढ़ देते हैं। दूसरी ओर नारायणपुर आईईडी विस्फोट में दो जवान बलिदान होने पर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया गया है और हमें काफी सफलता मिल रही है, क्योंकि बड़ी संख्या में नक्सलियों का सफाया हो रहा है। यह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राज्य सरकार की छत्तीसगढ़ को नक्सलियों से मुक्त करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इसके साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ में विधानसभा उपचुनाव पर उन्होंने कहा कि रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से जनता बड़ी संख्या में भाजपा उम्मीदवार को वोट देगी। उन्होंने कहा कि सुनील सोनी ने रिकॉर्ड मतों से सांसद का चुनाव जीता था और अब वह रिकॉर्ड वोटों से चुनाव जीतने वाला विधायक बनेंगे। कांग्रेस कोई भी प्रत्याशी को टिकट दे फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि रायपुर दक्षिण विधानसभा की जनता सुनील सोनी को प्रचंड मतों से जीतने जा रही है। recent visitors 76

विश्व के सबसे लंबे उत्सव की 800 वर्ष पुरानी परंपरा, छत्तीसगढ़ में 77 दिन चला बस्तर का दशहरा

बस्तर. बस्तर दशहरा 77 दिन चलने के बाद समाप्त हो गया है। इसे दुनिया का सबसे बड़ा उत्सव माना जाना है और इस दशहरे की परंपरा 800 साल पुरानी है। कल बस्तर दशहरा के तत्वाधान में बस्तर मड़ई और क्षेत्रीय सरस मेला के अवसर पर लालबाग मैदान में शानदार आयोजन हुआ। यहां दायरा बैंड ने अपने गीत “ऐसा जादू है मेरे बस्तर में” की प्रस्तुति से पूरे दर्शक वर्ग को मंत्रमुग्ध कर दिया। बैंड की मधुर धुनों और स्थानीयता की झलक ने लोगों के दिलों को छू लिया और बस्तर की अद्वितीय संस्कृति और सुंदरता को सराहा।  कार्यक्रम में बस्तर की समृद्ध लोक संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य की महिमा को गीतों के माध्यम से जीवंत किया गया, जिसने दर्शकों को खास तौर पर भावविभोर कर दिया। इस बैंड में मुंबई के कलाकारों के साथ बादल अकादमी और बस्तर के स्थानीय कलाकार भी शामिल हैं। हजारों की संख्या में उपस्थित दर्शकों ने इस कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया और बैंड की धुन में ख़ुद को थिरकने से रोक नहीं पाए। कार्यक्रम में  कृष्णाभद्रा नंबूथिरी  द्वारा भरतनाट्यम, साथ ही स्थानीय लोकनृत्य दलों की भी शानदार प्रस्तुति दिया गया। जिला प्रशासन ने दायरा बैंड की पूरी टीम, भरतनाट्यम नृत्यांगना सहित सभी स्थानीय कलाकारों को स्मृति स्वरूप बस्तर मड़ई को प्रतीक चिन्ह भेंट किए।इस अवसर पर सांसद महेश कश्यप, आईजी सुंदरराज पी., कलेक्टर  हरिस एस, पुलिस अधीक्षक  शलभ सिन्हा, सीईओ जिला पंचायत प्रकाश सर्वे सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी उपस्थित थे। recent visitors 156

दस्तावेज का 21 से सत्यापन, छत्तीसगढ़ में प्रशिक्षण अधिकारियों व छात्रावास अधीक्षक-अधीक्षिका की हो रही भर्ती

रायपुर. छत्तीसगढ़ की शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं में तृतीय श्रेणी के प्रशिक्षण अधिकारियों, छात्रावास अधीक्षक और छात्रावास अधीक्षिका की भर्ती के लिए अगले चरण का दस्तावेज सत्यापन 21 से 24 अक्टूबर तक किया जाएगा। दस्तावेज सत्यापन शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, सड्डू रायपुर में होगा। अभ्यर्थी दस्तावेज सत्यापन उपरांत अगले दिन दोपहर 12 बजे तक दस्तावेज सत्यापन स्थल पर पंजीयन प्रभारी के पास अपना दावा और आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं। इस चरण के लिए रिक्त और संभावित रिक्त पदों के खिलाफ लगभग तीन से पांच गुना अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जा रहा है। अभ्यर्थी उक्त चरण के दस्तावेज सत्यापन के लिए अपने अनुभव के दौरान प्राप्त किए गए वेतन का बैंक की ओर से सत्यापित स्टेटमेंट सहित अपने समस्त दस्तावेज तैयार रखें। दस्तावेज सत्यापन में बुलाये जाने वाले विभिन्न व्यवसायों के अभ्यर्थियों के कटऑफ अंक व्यापम की ओर से जारी मेरिट के आधार पर पृथक से जारी किया जा रहा है। recent visitors 82

भारतीय सड़क कांग्रेस के अधिवेशन में होंगे शामिल, छत्तीसगढ़-सीएम साय गए हरियाणा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय हरियाणा दौरे के लिए रवाना हो गए हैं. उनके साथ उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी इस दौरे में शामिल हैं. सीएम साय और उप मुख्यमंत्री हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री साय सुबह 7:50 बजे रायपुर एयरपोर्ट से विशेष विमान के माध्यम से चंडीगढ़ एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए. चंडीगढ़ पहुंचने के बाद सीएम साय सड़क मार्ग से हरियाणा के पंचकूला दशहरा ग्राउंड में मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के बाद वापस चंडीगढ़ रवाना होंगे और वहां आयोजित सीएम कॉन्क्लेव में शामिल होंगे. कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री 5:00 बजे चंडीगढ़ एयरपोर्ट रवाना होंगे और वहां से 7:00 बजे विशेष विमान से रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे. सीएम साय रात 9:30 बजे हरियाणा से वापस रायपुर लौटेंगे. आज होने वाला जनदर्शन स्थगित मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आज होने वाला जनदर्शन कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है. हर सप्ताह गुरुवार को होने वाला जनदर्शन इस गुरूवार 17 अक्टूबर को अपरिहार्य कारणों से स्थगित किया गया है. इस कार्यक्रम के दौरान CM साय आम जनता की समस्याओं को सुनते हैं और विभिन्न विभागों से संबंधित परेशानियों का समाधान करते हैं. जनदर्शन कार्यक्रम में हर बार बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं, जहां समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाता है. भारतीय सड़क कांग्रेस का 83 वां वार्षिक अधिवेशन 7 नवंबर से 11 नवंबर तक राजधानी रायपुर में आयोजित होगा. उप मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने विभागीय सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, प्रमुख अभियंता के.के पीपरी, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के क्षेत्रीय अधिकारी, सड़क परिवहन मंत्रालय के क्षेत्रीय अधिकारी, रायपुर नगर निगम के कमिश्नर अबिनाश मिश्रा तथा अधिवेशन से संबंधित सभी स्टीयरिंग कमेटी के सदस्यों के साथ रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम एवं साइंस कॉलेज परिसर में होने वाले इस आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए. डिप्टी सीएम अरुण साव ने रायपुर के नवीन विश्राम भवन में हुई समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आयोजन की पुख्ता तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा, जिससे कि इसमें शामिल होने वाले देश-विदेश के अतिथि छत्तीसगढ़ के वैभव से रू-ब-रू हो सकें. साथ ही वे छत्तीसगढ़ की संस्कृति और यहां के विकास के विभिन्न आयामों को अनुभव कर सकें. उन्होंने अधिवेशन में अतिथियों का सत्कार छत्तीसगढ़ की संस्कृति के अनुरूप सुनिश्चित करने को कहा. recent visitors 94

69 राजनीतिक प्रकरण में 11 निराकृत और 49 कैबिनेट में प्रस्तुत, छत्तीसगढ़ की मंत्रिमंडल उपसमिति की हुई बैठक

रायपुर। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की अध्यक्षता में आज मंत्रिपरिषद उपसमिति की बैठक हुई. इसमें विभिन्न जिलों से प्राप्त विशुद्ध रूप से राजनीतिक आंदोलनों से सम्बंधित दर्ज प्रकरणों में से 69 प्रकरणों की समीक्षा कर 11 प्रकरणों को निराकृत किया गया. महानदी भवन में सम्पन्न बैठक में मंत्रिपरिषद के उप समिति के सदस्य उपमुख्यमंत्री अरुण साव, कृषि मंत्री राम विचार नेताम एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े उपस्थित रहे. बैठक में जिन 11 प्रकरणों की अनुशंसा की गई, उन्हें मंत्रिपरिषद के समक्ष आज विचारार्थ प्रस्तुत किया जाएगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि 7 अगस्त 2024 को मंत्रिमण्डलीय उपसमिति की बैठक में 38 और आज 11 विशुद्ध रूप से राजनीतिक आंदोलनों से सम्बंधित दर्ज प्रकरणों को आज कैबिनेट की बैठक में रखा जाएगा. recent visitors 65

बोर्ड पुनर्गठन करने के कारण लिया निर्णय, छत्तीसगढ़ राज्य सेवा परीक्षा-2023 का इंटरव्यू और वेरिफिकेशन स्थगित

रायपुर. छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की ओर से राज्य सेवा परीक्षा-2023 के अंतर्गत 242 पदों के लिए निर्धारित दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया है। यह 14 अक्टूबर से पांच नवंबर 2024 के बीच होना था। जिसे स्थगित कर दिया गया है। यह निर्णय आयोग में नए सदस्यों और कार्यकारी अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद बोर्ड का पुनर्गठन करने के कारण लिया गया है। बता दें कि पीएससी में नए सदस्य और कार्यकारी अध्यक्ष की नियुक्ति हुई है। इसके वजह से पीएससी में कुल सदस्यों की संख्या बढ़ गई। पुराने सदस्यों की संख्या के अनुसार साक्षात्कार बोर्ड का गठन किया गया था। अब फिर से साक्षात्कार के लिए बोर्ड का गठन होगा, जिसके बाद दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार आयोजित होगी। यही वजह है कि राज्य सेवा परीक्षा-2023 के लिए पूर्व में निर्धारित दस्तावेज सत्यापन और इंटरव्यू की प्रक्रिया को स्थगित किया गया। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के परीक्षा नियंत्रक से मिली जानकारी के अनुसार संशोधित साक्षात्कार और दस्तावेज सत्यापन की नई तिथियों की घोषणा जल्द ही आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.psc.cg.gov.in पर जारी की जाएगी। recent visitors 68

उत्तरी और दक्षिण इलाकों में 4-5 दिनों हल्की बारिश, छत्तीसगढ़ से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई

रायपुर. छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई हो गई है। मानसून का अंतिम दौर में भी प्रदेश के एक-दो जगहों पर हल्की मध्यम बारिश हो सकती है। मानसून कमजोर होने से तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। तेज धूप और गर्मी से लोगों के पसीने छुट रहे हैं। हालांकि जल्द ही गुलाबी ठंड की आगमन हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ से दक्षिण पश्चिम मानसून की विदाई हो गई है। इससे बारिश की संभावनाएं कम हो गई। आगामी 4 से 5 दिनों तक उत्तरी और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। साथ ही आगामी कुछ दिनों तक दिन के तापमान में गिरावट नहीं होगी। आने वाले दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावनाएं बनी रहेंगी। एक सुस्पष्ट निम्न दबाव का क्षेत्र दक्षिण-पश्चिम और उससे सटे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी पर केंद्रित है। अगले 12 घंटे के दौरान इसके पश्चिम उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ने और दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर और दाब क्षेत्र के रूप में तीव्र होने की संभावना है इसके बाद इसके पश्चिम उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ना जारी रहेगा। एक चक्रवर्ती परिसंचरण पूर्वोत्तर बांग्लादेश और आसपास के क्षेत्र पर औसत समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊपर बना हुआ है। मौसम एक्सपर्ट के अनुसार, आज बुधवार को बादल साफ रहने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात भी सक्रिय है। इसके अगले दो दिनों में कम दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना है। इससे प्रदेश के कुछ जगहों पर हल्की मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं बारिश कम होने से प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बढ़ने लगा है। दंतेवाड़ा में 35 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा में 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसी तरह रायपुर में 34.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है। recent visitors 67