मंत्री अहिरवार ने कहा हमें जैव विविधता के महत्व को समझने और उसके संरक्षण के लिये प्रयास करने होंगे

जैव विविधता का संरक्षण जीवन के लिये अत्यंत महत्वपूर्ण : राज्य वन मंत्री अहिरवार  मंत्री दिलीप सिंह अहिरवार ने कहा कि जैव विविधता का संरक्षण हमारे जीवन के लिये अत्यंत महत्वपूर्ण  मंत्री अहिरवार ने कहा हमें जैव विविधता के महत्व को समझने और उसके संरक्षण के लिये प्रयास करने होंगे अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर कार्यशाला एवं संगोष्ठी हुई भोपाल वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप सिंह अहिरवार ने कहा कि जैव विविधता का संरक्षण हमारे जीवन के लिये अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हमें जैव विविधता के महत्व को समझने और उसके संरक्षण के लिये प्रयास करने होंगे। मंत्री अहिरवार नरोन्हा प्रशासन अकादमी में अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जैव विविधता के संरक्षण के लिये सरकार के साथ मिलकर समाज को भी काम करना होगा। राज्य मंत्री अहिरवार ने कहा कि वन विभाग द्वारा संघर्ष एवं चुनौती के साथ प्रकृति और पेड़-पौधों को संरक्षित करने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पथरीली जमीन पर भी कठिन परिश्रम से पौधे लगाकर वन तैयार करने का प्रशंसनिय कार्य वन विभाग के अधिकारी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में विलुप्त हो रहे जीवों के संरक्षण का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में विलुप्त हो रहे किंग कोबरा को वन विहार में बेंगलुरू (कर्नाटक) से लाया गया है। वन विभाग गिद्ध, घड़ियाल और मगरमच्छ के भी संरक्षण का कार्य कर रहा है। मंत्री अहिरवार ने अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर सभी को बधाई और शुभकामनाएं दीं। मंत्री अहिरवार ने अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर राज्य स्तरीय वार्षिक जैव विविधता पुरस्कार, राज्य स्तरीय वार्षिक जैव विविधता पुरस्कार 2023-24 और मध्यप्रदेश राज्य स्तरीय जैव विविधता क्विज प्रतियोगिता के पुरस्कारों का वितरण किया। उन्होंने इस अवसर पर जैव विविधता पर आधारित पोस्टर का विमोचन भी किया। मंत्री अहिरवार ने कार्यक्रम स्थल पर जैव विविधता वनस्पति स्टॉल प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मंत्री अहिरवार ने कार्यक्रम में जैव विविधता आधारित नुक्कड़ नाटक भी देखा। अपर मुख्य सचिव वन अशोक वर्णवाल ने कहा कि जैव विविधता दिवस का उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और उसके महत्व को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष की थीम "प्रकृति के साथ सामंजस्य और सतत् विकास" है, जो हमें प्रकृति के साथ संतुलन बनाने और उसके संरक्षण के लिये प्रेरित करती है। प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख असीम श्रीवास्तव ने कहा कि वन विभाग द्वारा जैव विविधता के क्षेत्र में कई नवाचार किये जा रहे हैं। विभाग द्वारा जंगलों के संरक्षण का कार्य प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वनस्पति और जीव-जंतुओं का संरक्षण जैव विविधता के संरक्षण के लिये महत्वपूर्ण है। वन बल प्रमुख श्रीवास्तव ने कहा कि वन विभाग द्वारा वृक्षारोपण का कार्य किया जा रहा है, जिससे वन क्षेत्र में वृद्धि होगी और जैव विविधता का संरक्षण होगा। मुख्य वन संरक्षक एवं सदस्य सचिव मध्यप्रदेश राज्य जैव विविधता बोर्ड सुदीप सिंह ने जैव विविधता बोर्ड द्वारा की जा रही उपलब्धियों की जानकारी कार्यशाला में साझा की। उन्होंने कहा कि जैव विविधता बोर्ड द्वारा नये अभियान चलाकर जैव विविधता का संरक्षण का किया जा रहा है। अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता कार्यशाला एवं संगोष्ठी में तकनीकी एवं विचार विमर्श सत्र आयोजित किये गए। इन सत्रों में विषय विशेषज्ञों द्वारा जैव विविधता के बारे में जानकारी दी गई। कार्यशाला में जैव विविधता पर केन्द्रीत थीम सॉन्ग की प्रस्तुति भी की गई। इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारी/कर्मचारी, प्रकृ‍ति प्रेमी एवं नागरिक उपस्थित रहे।   recent visitors 45

राज्य मंत्री जायसवाल ने नर्मदापुरम जिले के मढ़ई में शोरूम “प्राकृत” का किया शुभारंभ

भोपाल कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिलीप जायसवाल ने सिल्क टूरिज्म को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत नर्मदापुरम जिले के मढ़ई में "सिल्क शोरूम-प्राकृत' का शुभारंभ किया। सांसद दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, विधायक विजयपाल सिंह, आयुक्त रेशम मोहित बुंदस उपस्थित रहे। इस पहल का उद्देश्य पर्यटकों और रेशम प्रेमियों को मध्यप्रदेश में उत्पादित शुद्ध रेशम वस्त्रों से परिचित कराना और रेशम उद्योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। सिल्क एस्टेट में पर्यटक रेशम उत्पादन, बुनाई और डिजाइनिंग की प्रक्रिया को नजदीक से देख और समझ सकेंगे। इसके साथ ही, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म silkestatesmadai.com के माध्यम से पर्यटक सिल्क एस्टेट में ठहरने और कैंपिंग का अनुभव प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम में विधायक विजयपाल सिंह ने सिल्क एस्टेट में ठहरने की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और राज्य मंत्री, कुटीर एवं ग्रामोद्योग से सिल्क एस्टेट की ठहरने की क्षमता बढ़ाने का अनुरोध किया। राज्य मंत्री ने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही विस्तार प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस अवसर पर मध्यप्रदेश सिल्क फेडरेशन अंतर्गत प्राकृत शोरूम का भी उद्घाटन किया गया, जिससे मढ़ई में आने वाले पर्यटक शुद्ध रेशम वस्त्रों की खरीदारी कर सकेंगे। यह नवाचार न केवल रेशम उत्पादों के विपणन को बढ़ावा देगा, बल्कि प्रदेश के रेशम उत्पादकों को भी प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। इस पहल को जिला प्रशासन का पूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है और यह रेशम उद्योग के विस्तार में एक मील का पत्थर साबित होगा।   recent visitors 40

राज्य मंत्री ने ग्राम उमरदा में आयोजित कार्यक्रम में 3 अटल ग्राम सुशासन भवनों (पंचायत भवन) का किया भूमि-पूजन

अनूपपुर मध्य प्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल ने कहा है कि आज का दिन मध्य प्रदेश के लिए ऐतिहासिक दिन है। जो भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने नदी जोड़ो परियोजना का स्वप्न देखा था, जिसे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने साकार करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि आज हमारे देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के अथक प्रयास से देश की पहली केन-बेतवा नदी जोड़ो राष्ट्रीय परियोजना का शिलान्यास हुआ है। यह सच्चे अर्थों में भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी की 100वीं जयंती को सार्थक करेगा। मध्य प्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग (राज्य मंत्री) श्री दिलीप जायसवाल आज अनूपपुर जिले के जनपद पंचायत कोतमा के ग्राम उमरदा में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। राज्य मंत्री ने कहा कि हमारी डबल इंजन की सरकार में हर क्षेत्र में विकास की धाराएं बह रही है। हमारी सरकार युवा, गरीब, महिला एवं किसानों का उत्थान एवं कल्याण के लिए अनेक योजनाएं एवं कार्यक्रम संचालित कर रही है। जिससे उनके जीवन में आर्थिक एवं सामाजिक परिवर्तन आ सके। उन्होंने कहा कि अनूपपुर जिले के 3 ग्रामों में अटल ग्राम सुशासन भवन (पंचायत भवन) का भूमि पूजन हो रहा है। यह पूर्व प्रधानमंत्री स्व. वाजपेयी का मत था कि पंचायत भवन, ग्राम पंचायत की सर्वाधिक मूल एवं महत्वपूर्ण अधोसरंचना है। इन भवनों की ग्राम पंचायतों के व्यवहारिक रूप से कार्य एवं दायित्वों के संवहन और कार्य संपादन में महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्चुअल माध्यम से अटल ग्राम सुशासन भवन (पंचायत भवन) जिले के ग्राम पंचायत खमरौध, उमरदा एवं बहेराबांध का भूमि पूजन किया। प्रत्येक अटल ग्राम सुशासन भवन (पंचायत भवन) में 37.50 लाख रुपए की लागत से निर्माण किया जाएगा। जिसका राज्य मंत्री ने भी भौतिक रूप से उपस्थित होकर मंत्रोच्चारण के साथ भूमि पूजन किया। कार्यक्रम पूर्व प्रधानमंत्री भारत-रत्न से सम्मानित स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती पर मध्यप्रदेश के खजुराहो में देश की पहली महत्वाकांक्षी और बहुउद्देशीय केन-बेतवा राष्ट्रीय नदी जोड़ो परियोजना का शिलान्यास कार्यक्रम में देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का उद्बोधन सीधा प्रसारण के माध्यम से देखना एवं सुना गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत कोतमा के अध्यक्ष श्री जीवन सिंह, उपाध्यक्ष श्री अभिषेक सिंह, जनपद सदस्य श्रीमती मीना साहू, श्रीमती गेंदिया सिंह श्याम, श्री रामखेलावन तिवारी, सरपंच उमरदा श्री अखिलेश सिंह, सरपंच बहेराबांध श्री मनमोहन सिंह, सरपंच खमरौध श्रीमती पिंकी सिंह, मुख्य कार्य पालन अधिकारी जनपद पंचायत कोतमा सुश्री उषा किरण गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं नागरिक गण उपस्थित थे। recent visitors 97

शिविर में 267 आवेदन हुए प्राप्त, जिनकी मौके पर की गई सुनवाई

अनूपपुर प्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल ने कहा है कि समाज के अंतिम छोर में बैठे व्यक्ति को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु सरकार प्रतिबद्ध है। जिले में किसी उद्देश्य के पूर्ति हेतु जिला स्तरीय राजस्व एवं जनकल्याण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। जिससे शासकीय योजना के लाभ से वंचित हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके तथा ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण किया जा सके। राज्य मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने दो बार विशेष राजस्व अभियान चलाकर राजस्व प्रकरणों का निराकरण किया है और जो प्रकरण अभियान के अंतर्गत छूट गए हैं, उनका निराकरण इन शिविरों के माध्यम से किया जा रहा है। प्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार श्री दिलीप जायसवाल आज जनपद पंचायत कोतमा के ग्राम पंचायत पथरौडी में आयोजित जिला स्तरीय राजस्व एवं जनकल्याण शिविर को संबोधित कर रहे थे। कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार श्री जायसवाल ने कहा कि  हमारा भारत आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। हमारे देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत का निर्माण करने तथा हमारे देश को विश्व गुरु एवं सोने की चिड़िया वापस बनाने का सपना देख रहे हैं, परंतु यह सपना साकार सिर्फ सरकार अकेले पूरा नहीं कर सकती उसमें सभी नागरिकों की बराबर सहभागिता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दीपावली के दूसरे दिन हम गोवर्धन पूजा करते हैं। जिसमें हम गौ माता की पूजा करते हैं, उन्होंने कहा है कि जिले में ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित किया जाए जिससे हाईवे एवं सड़कों पर जो गौ माता बैठी रहती हैं, वह दुर्घटनाग्रस्त ना हो सके। जिले में ऐसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित किया जाए, जिससे गौ वंश का संरक्षण एवं संवर्धन किया जा सके। जिले के जनपद पंचायत कोतमा के ग्राम पथरौडी में आज जिला स्तरीय राजस्व एवं जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल एवं  कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने ग्राम पंचायत पथरौडी सहित नगरीय निकाय कोतमा तथा ग्राम पंचायत कल्याणपुर, गोहन्ड्रा, चंगेरी, पैरीचुआ, बसखली, ठोड़हा के ग्रामीणों के आवेदन प्राप्त करते हुए समस्याएं सुनी तथा समस्याओं के त्वरित निराकरण करने के निर्देश संबंधित विभाग के विभागीय अधिकारियों को दिए। शिविर में 267 आवेदन प्राप्त हुए। जिनमें से अधिकांश आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया तथा शेष आवेदनों के निराकरण हेतु समय सीमा निर्धारित करते हुए कलेक्टर ने समय सीमा में आवेदनों के निराकरण संबंधी निर्देश विभाग के अधिकारियों को दिए।      शिविर में एसडीएम कोतमा श्री अजीत तिर्की, जनपद पंचायत कोतमा के सीईओ श्री एल.बी. वर्मा, तहसीलदार श्री ईश्वर प्रधान, ग्राम पंचायत पथरौड़ी की सरपंच श्रीमती सोमवती सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे। शिविर में विभागीय अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। शिविर में कृषि विभाग, ऊर्जा विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, स्वास्थ्य विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग, पशुपालन विभाग, मध्यप्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन, राजस्व विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, शिक्षा विभाग, जल संसाधन विभाग सहित अन्य विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाए गए थे। जिनके माध्यम से ग्रामीणों को शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।       शिविर में प्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री श्री दिलीप जायसवाल एवं कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने 10 हितग्राहियों को राशन पर्ची एवं 10 हितग्राहियों को मसूर दाल बीज के पैकेट का वितरण किया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग और आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर का मौके पर आयोजन किया गया, जहां लगभग 92 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें निःशुल्क दवाइयां वितरित की गई। recent visitors 66