मुख्यमंत्री साय एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की उपस्थिति मेंअंबिकापुर के नवनिर्वाचित महापौर एवं पार्षदों ने ली शपथ

रायपुर  नगर पालिक निगम अंबिकापुर के नवनिर्वाचित महापौर एवं पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आज अंबिकापुर में पीजी कॉलेज हॉकी स्टेडियम में संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की उपस्थिति में कलेक्टर विलास भोसकर ने महापौर मंजूषा भगत और पार्षदों को 8-8 के समूह में शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नगर निगम अंबिकापुर का यह शपथ ग्रहण समारोह जनता के विश्वास, लोकतांत्रिक मूल्यों और नगर के विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।नगर सरकार 'अटल विश्वास पत्र' में किए गए सभी वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ महापौर और पार्षदों को चुना है, वे उस पर खरा उतरेंगे।  उन्होंने कहा कि अंबिकापुर को स्वच्छ, स्मार्ट और समृद्ध नगर बनाने के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएँ देते हुए नगर के विकास में पारदर्शिता और प्रभावी प्रशासन पर जोर दिया। इस अवसर पर कृषि मंत्री राम विचार नेताम, सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। recent visitors 36

हाई कोर्ट ने कहा- नर्मदा तट के दोनों ओर 300 मीटर के क्षेत्र में निर्माण पर प्रतिबंध रहेगा, यह क्षेत्र खुला रखा जाएगा

जबलपुर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के प्रशासनिक न्यायाधीश संजीव सचदेवा व न्यायमूर्ति विनय सराफ की युगलपीठ ने विगत छह वर्ष से विचाराधीन नर्मदा मिशन और समर्थ गऊ चिकित्सा केंद्र की जनहित याचिका पर अंतिम आदेश सुना दिया है। जिसमें साफ किया गया है कि नर्मदा तट के दोनों ओर 300 मीटर के क्षेत्र में निर्माण पर प्रतिबंध रहेगा। यह 300 मीटर का क्षेत्र खुला रखा जाएगा। कोर्ट ने संशोधित विकास योजना 2021 का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। इस मामले में 27 फरवरी को उभयपक्षों की बहस पूरी होने के साथ ही सुरक्षित किया गया आदेश शनिवार, एक मार्च को बाहर आया। हाई कोर्ट ने इससे पूर्व भी एक जनहित याचिका पर 13 दिसंबर, 2013 को महत्वपूर्ण आदेश पारित किया था, जिसमें व्यवस्था दी थी कि नर्मदा तट के दोनों ओर 300 मीटर के दायरे में निर्माण पर रोक रहेगी। अवैध निर्माण किए गए हैं नर्मदा मिशन और समर्थ गऊ चिकित्सा केंद्र की ओर से 2019 में जनहित याचिका दायर की गई थी, जिसमें कहा गया था कि नर्मदा तट के प्रतिबंधित क्षेत्र में बहुत से अवैध निर्माण किए गए हैं। कई निर्माण जारी हैं। याचिका में कहा गया कि मास्टर प्लान 2021 में नर्मदा तट से नदी के उच्चतम बाढ़ स्तर तक के 300 मीटर दायरे में कोई भी निर्माण नहीं होगा। वहीं राष्ट्रीय हरित अधिकरण ने नर्मदा तट से दोनों ओर 300 मीटर के क्षेत्र में निर्माण प्रतिबंध किया था। सुनवाई के दौरान यह बात सामने आई कि सरकार ने पांच अक्टूबर, 2015 को अधिसूचना जारी कर यह स्पष्ट किया था कि नर्मदा नदी के तटीय क्षेत्र के दोनों ओर 300 मीटर, परियट के दोनों ओर 100 मीटर तथा गौर नदी के दोनों ओर 50 मीटर खुला क्षेत्र (नो कंस्ट्रक्शन जोन) रखा जाएगा। इस अधिसूचना के आधार पर विकास योजना 2021 तैयार की गई है। खुले क्षेत्र में सामाजिक वानिकी, लैंडस्केप, गार्डन, पार्किंग, पंप हाउस और वाचमैन हाउस बनाने की छूट रहेगी। दरअसल, यह जनहित याचिका लंबित रहने के दौरान यह तथ्य रेखांकित हुआ था कि जबलपुर के तिलवारा घाट अंतर्गत प्रतिबंधित क्षेत्र में एक धर्म विशेष का निर्माण प्रस्तावित है। वर्ष 2019 में केंद्र की ओर से अंडरटेकिंग दी गई थी हाई कोर्ट के आदेश के बिना कोई निर्माण नहीं किया जाएगा। हाई कोर्ट ने अपने आदेश में सक्षम अधिकारियों को निर्देश दिया हैं कि विकास योजना के अंतर्गत इस बात का सत्यापन कर लें कि उक्त प्रस्ताव प्रतिबंधित क्षेत्र के दायरे में है या उससे बाहर है। यह प्रक्रिया दो सप्ताह में पूरी करें। recent visitors 47

मध्य प्रदेश में स्कूल शिक्षा विभाग ने दिशा-निर्देश किये जारी, एक अप्रैल से फिर खुलेंगे स्कूल, पहले दिन होगा प्रवेशोत्सव

भोपाल प्रदेश भर के सरकारी स्कूलों का शैक्षणिक सत्र एक अप्रैल से शुरू किया जा रहा है। इस दिन स्कूलों में प्रवेशोत्सव मनाया जाएगा। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग ने दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। निर्देशित किया गया है कि शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने से पहले स्कूलों को सजाया जाए। इस दिन बाल सभा का आयोजन किया जाए। विद्यार्थियों का स्वागत किया जाए। स्कूल के वरिष्ठ विद्यार्थियों द्वारा भी कनिष्ठ विद्यार्थियों का स्वागत किया जाए और एक अप्रैल को ही सभी विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों का वितरण भी किया जाए। इससे पहले 25 मार्च तक कक्षाओं में नामांकन कार्य पूरा करना है। विद्यार्थियों की हर कक्षा में शत-प्रतिशत उपस्थित होनी चाहिए। प्रत्येक शिक्षक को 10 विद्यार्थियों को स्कूल लाने की जिम्मेदारी यह भी निर्देशित किया गया है कि जो विद्यार्थी दो साल पहले स्कूल में अध्ययनरत थे, लेकिन इस साल किसी भी स्कूल में नहीं हैं, यानी शाला त्यागी हैं या ड्राप बाक्स में चले गए हैं, ऐसे बच्चों को स्कूल में लाने के लिए शिक्षकों को जिम्मेदारी दी जाए। एक शिक्षक को 10 विद्यार्थियों की जिम्मेदारी सौंपी जाए। उनका 10 अप्रैल तक भौतिक सत्यापन का कार्य पूर्ण किया जाए। स्कूलों में प्रवेशित विद्यार्थियों को पात्रता के आधार पर प्रदान की जाने वाली सुविधाओं जैसे पाठ्यपुस्तक, छात्रवृत्ति, साइकिल आदि का निर्धारण पोर्टल पर अपडेशन के बाद किया जाएगा। अभिभावकों को स्कूल में आमंत्रित किया जाए निर्देश दिए गए हैं कि स्कूलों में शाला प्रबंध समिति एवं अभिभावकों की बैठक का आयोजन किया जाए। इसके तहत स्कूलों में 17 मार्च तक प्रत्येक विद्यार्थी के माता-पिता को आमंत्रित किया जाए और बच्चे की विगत वर्ष के प्रदर्शन के आधार पर शैक्षणिक प्रदर्शन के साथ नए शैक्षणिक सत्र के प्रथम माह में आयोजित होने वाली गतिविधियों के बारे में अवगत कराएं। recent visitors 49

मुंबई के एयरपोर्ट पर महिला के पेट से मिली 10 करोड़ की कोकीन

मुंबई मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर राजस्व खुफिया निदेशालय के अधिकारी उस समय हतप्रभ हो गए, जब महिला के पेट में एक या दो नहीं बल्कि 10 करोड़ की कोकीन मिली। महिला ब्राजील के साओ पाउलो से कोकीन की तस्करी करने की कोशिश कर रही थी। इसके बाद DRI के अधिकारियों ने मुंबई एयरपोर्ट पर ही गिरफ्तार कर लिया। महिला कोकीन से भरे करीब 100 कैप्सूल निगलकर भारत आई थी। महिला ने कोकीन की तस्करी की बात स्वीकार कर ली है। दरअसल महिला अपने अंदर साढ़े 10 करोड़ की कोकीन छिपाकर तस्करी कर ब्राजील से मुंबई ला रही थी। हालांकि तस्कर महिला को मुंबई एयरपोर्ट पर ही पकड़ लिया गयाष राजस्व खुफिया निदेशालय के अधिकारियों ने उस ब्राज़ीलियाई महिला को साओ पाउलो से भारत में ड्रग्स की तस्करी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। महिला ने खुद भी स्वीकार किया कि उसने कोकीन से भरे कैप्सूल्स निगले थे। इसके बाद उसे तुरंत एक सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने 100 कैप्सूल्स बाहर निकाले। इनमें कुल 1,096 ग्राम कोकीन थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कीमत लगभग 10.96 करोड़ आंकी गई है। यानी 10 करोड़ की कीमत के कोकीन की तस्करी की कोशिश महिला ने की। फिलहाल इस मामले में आगे की जांच जारी है। तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। ड्रग म्यूल्स का इस्तेमाल करते हैं तस्कर डीआरआई के अनुसार, कोकीन की तस्करी में शामिल गिरोह एयर ट्रैवलर्स का उपयोग करते हैं, जिन्हें “ड्रग म्यूल्स” कहा जाता है। ये तस्कर अक्सर आर्थिक रूप से कमजोर होते हैं और पैसों के लालच में इस तरह की अवैध गतिविधियों में शामिल हो जाते हैं और आखिर में आकर फंस जाते हैं। अब इस महिला को भी गिरफ्तार कर लिया है। recent visitors 55

मायावती ने लखनऊ में पार्टी की अहम बैठक बुलाई, जिसमे कई बड़े फैसले हुए, मायावती के भाई का बढ़ाया कद

लखनऊ उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के सियासी दल बहुजन समाज पार्टी में बड़ा फेरबदल हुआ है. पार्टी को दो नए नेशनल को-ऑर्डिनेटर मिले हैं. आकाश आनंद की जगह उनके पिता और पार्टी महासचिव आनंद कुमार और राज्यसभा सांसद राम जी गौतम को बीएसपी का नेशनल को-ऑर्डिनेटर बनाया गया है. बीएसपी अध्यक्ष मायावती ने लखनऊ में आज पार्टी की अहम बैठक बुलाई और ये अहम फैसला लिया गया. इस बैठक में कई राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष भी शामिल हुए. पार्टी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गई. आकाश आनंद को बीएसपी के सभी पदों से हटा दिया गया है. इस बैठक में मायावती, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और मायावती के भाई आनंद, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा मौजूद रहे. राज्यसभा सांसद रामजी गौतम भी पार्टी की बैठक में मौजूद है लेकिन आकाश आनंद इस बैठक में नहीं आए थे. पिछले साल आकाश को लगा था झटका पिछले साल मई में मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को बहुजन समाज पार्टी के नेशनल कोओर्डिनेटर और अपने उत्तराधिकारी पद से हटा दिया था. बसपा सुप्रीमो ने उन्हें दिसंबर 2023 में अपना उत्तराधिकारी घोषित किया था. लोकसभा चुनाव के बीच मंगलवार को मायावती ने अपना फैसला वापस ले लिया. उन्होंने कहा कि पूर्ण परिपक्वता आने तक आकाश आनंद को दोनों अहम जिम्मेदारियों से अलग रखा जाएगा. आकाश आनंद के विवादित बयान आकाश आनंद ने सीतापुर में बीजेपी सरकार को 'आतंक की सरकार' करार दिया था, जिसके बाद उन पर एफआईआर भी दर्ज हो गई थी. इसके अलावा दो-तीन जगहों पर बयान देते वक्त वह इतने जोश में आ गए कि उनके मुंह से गाली जैसे शब्द निकल पड़े. आवेश में दिए उनके बयानों की भी काफी आलोचना हो रही थी, जिसमें 'जूते मारने का मन करता है' जैसे बयान शामिल हैं. recent visitors 55

पीएम मोदी आज दोपहर सोमनाथ महादेव का दर्शन करने के बाद मंदिर के ट्रस्टियों के साथ विकास कार्यों की चर्चा करेंगे

जामनगर गुजरात के तीन दिवसीय दौरे पर जामनगर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार सुबह रिलायंस रिफाइनरी परिसर स्थित वनतारा पहुंचे हैं। दोपहर बाद यहां से वे सोमनाथ महादेव का दर्शन करने हेलिकॉप्टर से सोमनाथ जाएंगे। शाम को वे सासण गिर जाएंगे, जहां रात्रि विश्राम के बाद सोमवार सुबह राजकोट जाएंगे और यहां से वे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार दोपहर सोमनाथ महादेव का दर्शन करने के बाद मंदिर के ट्रस्टियों के साथ विकास कार्यों की चर्चा करेंगे। वे 27 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हाट बाजार और शॉपिंग सेंटर का लोकार्पण करेंगे। वे सोमनाथ मॉडल बस स्टैंड का भूमिपूजन करेंगे। इससे पहले शनिवार को तीन दिवसीय दौरे पर गुजरात पहुंचे प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। जामनगर एयरपोर्ट से पायलट बंगला तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का रोड शो आयोजित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए आतुरता के साथ सड़क के दोनों किनारे खड़े रहे। प्रधानमंत्री शनिवार रात जामनगर सर्किट हाउस में विश्राम के बाद रविवार सुबह रिलायंस रिफाइनरी परिसर में स्थित वनतारा पहुंचे हैं। रिलायन्स इंडस्ट्रीज और रिलायंस फाउंडेशन की ओर से अनंत अंबानी के ड्रीम प्रोजेक्ट वनतारा (स्टार ऑफ फॉरेस्ट प्रोग्राम) लॉन्च किया गया था। इस प्रोग्राम के तहत देश और विदेशों के घायल प्राणियों के बचाव, इलाज समेत देखभाल और पुनर्वसन का काम किया जा रहा है। रिलायन्स की जामनगर रिफाइनरी परिसर में करीब 3 हजार एकड़ ग्रीन बेल्ट में रेस्क्यू सेंटर फैला हुआ है। recent visitors 50

पहली महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष बना सकती है भाजपा, रेस में दक्षिण से दो महिला नेताओं के नाम

अमरावती कौन बनेगा बीजेपी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष? इस सवाल का जवाब मार्च महीने में मिल जाने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात दौरे के बाद नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान होने की उम्मीद जताई जा रही है। बीजेपी ने अभी कुल 36 प्रदेश अध्यक्षों में 12 के नाम तय किए हैं। पार्टी के संविधान के अनुसार राष्ट्रीय प्रमुख की नियुक्ति के लिए आधे प्रदेश अध्यक्ष बने जरूरी हैं। बीजेपी के 'मिशन साउथ' की चर्चा के बीच आश्चर्यजनक तौर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष की रेस में दो और नाम शामिल हुए हैं। ऐसे में चर्चा शुरू हो गई है कि वाकई में बीजेपी सबको चौंकाने जा रही है। ये दोनों नाम महिला नेताओं के हैं। इनमें आंध्र प्रदेश से आने वाली डी पुरंदेश्वरी का नाम शामिल है। उन्हें बीजेपी में दक्षिण का 'सुषमा स्वराज' कहा जाता है। दूसरा नाम वनथी श्रीनिवासन है। ज्यादा संभावना डी पुरंदेश्वरी को लेकर है। दक्षिण से अब कुल पांच नाम डी पुरंदेश्वरी और वनथी श्रीनिवासन के नामों की चर्चा से पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर राजस्थान की पूर्व सीएम वंसुधरा राजे का नाम भी चल चुका है। वनथी श्रीनिवासन अभी बीजेपी के राष्ट्रीय महिला मोर्चा की प्रमुख हैं। वह काेयंबटूर से विधायक हैं। पिछले दिनों दक्षिण से तीन बीजेपी नेताओं के नाम राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए सुर्खियों में आए थे। इनमें कोयला मंत्री जी किशन रेड्‌डी, गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार और कर्नाटक से आने वाले केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी का नाम शामिल था। इन नेताओं के नाम के पीछे हवाला दिया गया था कि बीजेपी अब दक्षिण की तरफ आक्रामक तरीके से रुख करना चाहती है। ऐसे में दक्षिण को तवज्जो मिल सकती है। अभी तक कुल 11 राष्ट्रीय अध्यक्षों में तीन दक्षिण से आए हैं। इनमें बंगारू लक्ष्मण, जे कृष्णमूर्ति और वेंकैया नायडू का नाम शामिल है। क्या महिला को मिलेगी सर्वोच्च कुर्सी? बीजेपी की स्थापना से लेकर अभी तक कोई भी महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं बनी है। लेकिन इस बीच इस पद के लिए भाजपा की ओर से पहली बार किसी महिला का नाम भी अंतिम पैनल में रखने की बात सामने आ रही है। इसमें सबसे प्रमुख नाम केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और दक्षिण की सुषमा स्वराज कही जाने वाली डी पुरंदेश्वरी का है। डी पुरंदेश्वरी साल 2014 में बीजेपी में आई थी। वह समय आंध्र प्रदेश भाजपा की अध्यक्ष भी हैं। बीजेपी के सूत्रों का कहना है कि अगला राष्ट्रीय अध्यक्ष 50 से 70 की आयु वर्ग से होगा। बीजेपी ने देश के सबसे बड़े सूबे उत्तर प्रदेश में नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं की है। प्रयागराज महाकुंभ खत्म होने के बाद अब अगले हफ्ते नाम के ऐलान की संभावना है। क्या विनोद तावड़े मारेंगे बाजी? पहले हरियाणा फिर महाराष्ट्र और इसके बाद दिल्ली जीतने के बाद बीजेपी अब राष्ट्रीय अध्यक्ष की तलाश में जुटी है। दक्षिण के पांच नामों के साथ उत्तर से भी पहले कई नामों की चर्चा सामने आई थी, लेकिन इस सब के बीच पार्टी महासचिव विनोद तावड़े का भी है। उन्हें बीजेपी शीर्ष नेतृत्व का विश्वासपात्र माना जाता है। ऐसा कहा जाता है कि वह मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य में अकेले ऐसे नेता हैं। जो प्रमोद महाजन शैली के नेता हैं। जिससे मतलब है कि वह किसी को भी अपने साथ लाने में सक्षम हैं। उनको विषम परिस्थिति में उचित कदम उठाने में सक्षम माना जाता है। बीजेपी ने दिल्ली में जिस तरह से प्रवेश वर्मा के दौड़ में आगे होने के बाद शालीमार से विधायक रेखा गुप्ता को राजधानी की कमान सौंपी और सीएम बनाया। उसके बाद से राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर सस्पेंस बढ़ गया है। recent visitors 44