‘जहां मुस्लिम नमाज अदा करें, वही वक्फ संपत्ति’: तृणमूल सांसद कल्याण बनर्जी

नई दिल्ली. वक्फ संशोधन बिल पर बनी संयुक्त संसदीय समिति (JPC) के सदस्य और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद कल्याण बनर्जी के एक बयान पर विवाद खड़ा हो गया है। उनके बयान पर JPC के चीफ और भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने भी नाराजगी जाहिर की है और उन्हें नसीहत दी है कि वह समिति के बाहर कोई बयान देने से बाज आएं और जो कुछ कहना है वह समिति के अंदर कहें। पाल ने समाचार एजेंसी ANI से कहा, "कल्याण बनर्जी जेपीसी के सदस्य हैं। इसलिए वक्फ पर उन्हें कोई भी विचार समिति के समक्ष रखना चाहिए। उन्हें बाहर बयान नहीं देना चाहिए।" जगदंबिका पाल कल्याण बनर्जी के एक वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। वायरल वीडियो में कल्याण बनर्जी को बांग्ला में कथित तौर पर यह कहते हुए सुना जा सकता है कि कोई भी स्थान, जहां मुसलमान नमाज अदा करते हैं, उसे स्वत: मौलिक रूप से वक्फ संपत्ति माना जाएगा। उनके इस बयान पर भाजपा के आईटी सेल के चीफ अमित मालवीय ने तीखी टिप्पणी की है। मालवीय ने एक्स पर कल्याण बनर्जी का वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा है,"बनर्जी की टिप्पणी का मतलब है कि सार्वजनिक स्थान, जैसे कि सड़कें, रेलवे ट्रैक, हवाई अड्डे, पार्क और अन्य क्षेत्र, जिनका उपयोग नमाज के लिए किया जाता है, किसी न किसी बहाने से वक्फ की भूमि के रूप में दावा किया जा सकता है। इस व्याख्या के तहत, कोलकाता के महत्वपूर्ण क्षेत्रों सहित भूमि के बड़े हिस्से मुस्लिम समुदाय को हस्तांतरित कर दिए जाएंगे।" उन्होंने आगे लिखा, "अगर चुनावी लाभ के लिए इस तरह के विचारों को बढ़ावा दिया जा रहा है, तो बंगाली हिंदू समुदाय को महत्वपूर्ण चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है, यहां तक ​​कि संभावित रूप से उनके गृह राज्य पश्चिम बंगाल में विस्थापन का जोखिम भी हो सकता है।" इस बीच जगदंबिका पाल ने पश्चिम बंगाल की ममता सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि तृणमूल कांग्रेस के नेतृत्व वाली पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा वक्फ विधेयक के खिलाफ राज्य विधानसभा में प्रस्ताव लाने की योजना संसदीय लोकतंत्र और “संविधान के सिद्धांतों” दोनों पर हमला है। पाल ने कहा, “पिछले तीन महीनों में हमने 29 बैठकें कीं और 147 से ज़्यादा प्रतिनिधिमंडलों की बात सुनी। हमने अपने जनादेश के अनुसार सभी संगठनों को अवसर दिए हैं। अगर विपक्षी सांसदों को लगता है कि ज़्यादा लोगों की बात सुनी जानी चाहिए, तो बैठक का बहिष्कार करना सही तरीका नहीं है। मैंने संजय सिंह, कल्याण बनर्जी और असदुद्दीन ओवैसी समेत सभी विपक्षी सदस्यों की बात सुनी है।” बता दें कि संयुक्त संसदीय समिति में शामिल विपक्षी नेताओं ने 27 नवंबर की बैठक से वॉकआउट कर दिया था और चिंता जताई थी कि कई राज्य बोर्डों की बात अभी तक नहीं सुनी गई है। उन्होंने समिति के कार्यकाल को बढ़ाने की भी मांग की थी, जो 29 नवंबर को समाप्त होने वाला था। अब इस समिति का कार्यकाल अगले साल बजट सत्र के अंतिम दिन तक बढ़ा दिया गया है। संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होगा जो मार्च तक चलेगा। recent visitors 87

दक्षिणी प्रान्त में धमाके में तीन की मौत, पाकिस्तान-खैबर पख्तूनख्वा में सीएम के भाई की हत्या

करांची/खैबर पख्तूनख्वा. खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर के चचेरे भाई की सोमवार को उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान में अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सरदार सकलैन खान गंडापुर की डेरा इस्माइल खान जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई। जिला मुख्यमंत्री का पैतृक स्थान है। वह एक पूर्व स्थानीय सरकारी पदाधिकारी भी थे। लूनी मोड़ पर हुए इस हमले की जिम्मेदारी अभी तक किसी समूह ने नहीं ली है। यह ऐसा इलाका है जहां पाकिस्तानी तालिबान की काफी मौजूदगी है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है। बलूचिस्तान सेना के खिलाफ बढ़ते आक्रोश व लक्षित हमलों के बीच प्रांत के पूर्व मुख्यमंत्री व मौजूदा प्रांतीय एसेंबली के सदस्य नवाब असलम रायसानी ने कहा कि अधिकांश बलोच पाकिस्तान से आजादी का समर्थन करते हैं। रायसानी ने एक बयान में कहा कि बलोच राष्ट्र तीन गुटों में विभाजित है। बलूचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार रायसानी ने कहा, अधिकांश बलोच आजादी के पक्ष में हैं और राष्ट्रीय आंदोलन में सक्रिय योगदान दे रहे हैं। दूसरा गुट सेना के साथ है, जिसमें शामिल लोग निजी स्वार्थ की पूर्ति तथा ताकत की चाहत रखते हैं। तीसरा गुट राष्ट्रवादी दलों का है, जो संघ के भीतर स्वायत्तता व संसाधन नियंत्रण की वकालत करता है। हालांकि, यह गुट काफी कमजोर है और इसका प्रभाव सीमित है। बम धमाके से कम से कम तीन बच्चों की मौत इस बीच खबर है कि पाकिस्तान के अशांत उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सोमवार को बम धमाके से कम से कम तीन बच्चों की मौत हो गई, जिनमें दो भाई भी शामिल हैं। घटना बन्नू के वजीर उपखंड के जानी खेल इलाके में हुई। स्थानीय सूत्रों ने बताया कि बच्चे मदरसे से घर लौट रहे थे, तभी मोर्टार बम फट गया और इसमें दो भाइयों समेत तीन छात्रों की मौत हो गई। मोर्टार बम सुनसान इलाके में पड़ा था। बच्चों ने इसे खिलौना समझकर उठा लिया, जिससे जोरदार विस्फोट हुआ। पाकिस्तान के कुर्रम में जारी हिंसा में अब तक 130 से ज्यादा की मौत देश के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा के कुर्रम जिले में सांप्रदायिक हिंसा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 130 से अधिक हो गई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले महीने सुन्नी और शियाओं के बीच झड़पों में दर्जनों लोगों की मौत हो गई थी। जिला प्रशासन अधिकारी वाजिद हुसैन ने कहा कि पिछले डेढ़ सप्ताह में हमलों में अब तक कुल 133 लोग मारे गए हैं। recent visitors 78

पंचायत सचिव के बैंक अकाउंट से ठगों ने उड़ा लिए 10 लाख रुपये

ग्वालियर. साइबर फ्राड करने वाले बदमाशों ने गैस कनेक्शन का बिल कम करने के नाम पर पंचायत सचिव से 10 लाख रुपये ठग लिए। सबसे पहले पंचायत सचिव के पिता के मोबाइल पर अवंतिका गैस कंपनी का मैनेजर बनकर ठग ने काल किया और कहा कि गैस कनेक्शन का बिल कम हो जाएगा, खाते में 10 रुपये का ट्रांसफर करना है। पंचायत सचिव ने इसके बाद बात की और अपना मोबाइल नंबर दे दिया। ठग ने जो गैस का बिल भेजा, उसमें सही जानकारी थी। यहीं से पंचायत सचिव झांसे में आ गए और गैस बिल नाम की जो एपीके फाइल वाटसएप पर भेजी थी, वह डाउनलोड कर ली। क्राइम ब्रांच कर रही इस मामले की जांच इसके बाद खाते से पांच-पांच लाख रुपये की रकम दो बार में कट गई। यह रकम हैदराबाद के कर्नाटका बैंक के खाते में पहुंची, जहां से इस रकम को ट्रांसफर कर दिया गया। क्राइम ब्रांच इस मामले की जांच कर रही है। ठगी के बाद भी कॉल आया- पुराना बिल क्यों नहीं भरा ठगी के बाद भी मनोज के पिता के पास काल आया कि अवंतिका गैस से बोल रहा हूं। पुराना गैस बिल क्यों नहीं भरा? उसे अपडेट कर दो। ठग की बात सुनने के बाद कोई जवाब नहीं दिया और फोन को काट दिया। recent visitors 43

DGP कैलाश मकवाना ने कहा- पुलिस को अधिक Professional, Responsive, Accountable बनाना प्राथमिकता

भोपाल. मध्य प्रदेश के पुलिस महा निदेशक (DGP) कैलाश मकवाना ने पुलिस मुख्यालय पहुंचकर कार्यभार संभाल लिया है उन्होंने मीडिया से बात करते हुए अपनी प्राथमिकतायें गिनाई और पुलिस को और बेहतर बनाने की अपनी योजनाओं को बताया, उन्होंने कहा कि मेरी प्राथमिकता पुलिस को अधिक Professional, अधिक Responsive एवं अधिक Accountable बनाना रहेगी। पुलिस महानिदेशक मकवाना ने कहा कि पुलिस को इस बात के लिए ताकीद किया जायेगा कि वो अनुशासन में रहे और रूल ऑफ़ लॉ का पालन करे, उन्होंने कहा कि राज्य शासन की प्राथमिकताएं भी अहम रहेंगी उनपर फोकस बनाये रखने पर ध्यान रहेगा। सिंहस्थ सहित कई कार्यक्रमों की करेंगे समीक्षा DGP ने उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ सहित आने वाले समय में होने वाले सभी बड़े आयोजनों की रुपरेखा की समीक्षा की भी बात कही, उन्होंने कहा कि वे पिछले तीन साल से पुलिस मुख्यालय से दूर थे इस दौरान बहुत से बदलाव हुए है उन्हें देखकर फिर वे आगे की योजनाएं बनायेंगे। साइबर फ्रॉड रोकने पब्लिक अवेयरनेस कार्यक्रम चलाए जाएंगे एक सवाल के जवाब में डीजीपी कैलाश मकवाना ने कहा, मप्र पुलिस साइबर क्राइम रोकने के लिए अच्छा परफॉर्मेंस कर रही है, हम साइबर फ्रॉड को रोकने के लिए पब्लिक अवेयरनेस कार्यक्रम चलाए जाएंगे, जिससे जनता इस तरह के धोखे से खुद को बचाकर रख सके। प्रयास रहेगा आम जनता को राहत दिला सकें उन्होंने कहा कि पुलिस के लिए इन्फ्रास्ट्रक्चर डवलप करना भी बहुत जरूरी है, पुलिस थानों में जनता की सुनवाई हो, पुलिस रिस्पांस करें मेरी निगाह भी इसपर रहेगी प्रयास रहेगा आम जनता को राहत दिला सकें, नक्सल और नशे के खिलाफ भी पुलिस बेहतर कार्रवाई करें इसका प्रयास रहेगा। recent visitors 86

बीजेपी के संकल्प पत्र के धोखे के खिलाफ विपक्ष का भोपाल में बड़ा आंदोलन, विधानसभा का घेराव 16 दिसंबर को करेगी कांग्रेस

भोपाल. बीजेपी को संकल्प पत्र के वादे याद दिलाने के लिए कांग्रेस 16 दिसंबर को भोपाल में एक बड़ा आंदोलन करने जा रही है। इसके तहत मार्च निकाला जाएगा और किसानों के साथ विपक्ष विधानसभा का घेराव करेगा। जीतू पटवारी ने कहा कि भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में जो वादे किए थे, वो आज तक पूरे नहीं हुए हैं। प्रदेश में किसानों, बहनों, छात्रों, एससी-एसटी वर्ग और पत्रकारों सहित सभी के साथ धोखा हुआ है और इसके खिलाफ वो आवाज़ उठाने जा रहे हैं। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि ‘अगर धोखा देने की कोई प्रतियोगिता होती, तो भाजपा उसमें गोल्ड मेडल लाती’। इसी के साथ उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने विधायकों की एक समिति भी बनाएगी जो भ्रष्टाचार के मुद्दों को उजागर करेगी। आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में जीतू पटवारी जी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार जी, उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने संयुक्त पत्रकारों को संबोधित किया। इस अवसर पर मप्र कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी राजीव सिंह, सेवादल अध्यक्ष योगेश यादव, युवा कांग्रेस अध्यक्ष मितेंद्र सिंह और एनएसयीआईI अध्यक्ष आशुतोष चौकसे भी उपस्थित थे। बीजेपी पर जनता से वादाखिलाफी का आरोप जीतू पटवारी ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए बीजेपी सरकार पर भ्रष्टाचार, धोखा देने और जनता के साथ वादाखिलाफी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ‘मोहन यादव जी को लगभग एक साल हो गया है शपथ लिए हुए। इस एक साल में जनता ने क्या देखा है। इस एक साल में मध्य प्रदेश ने कर्ज, क्राइम और करप्शन का नया रिकॉर्ड बनते देखा है। कर्ज लेने के कौशल को शिवराज सिंह चौहान जी से मोहन यादव जी को आगे बढ़ते देखा है। करप्शन की लूट मची है। इस सरकार में लूट की छूट है। सरकारी जमीनें बेची जा रही हैं। एक हज़ार करोड़ की ज़मीन तीन सौ करोड़ में बेची जा रही है। सात सौ करोड़ कैसे गया..कहां गया, इन सब मामलों को लेकर कांग्रेस पार्टी विधायकों की समिति भी बनाएगी। सरकारी संपत्तियों को बेचना और उनकी बोली लगाना कैसे हो रहा है, उस करप्शन को समिति उजागर करेगी। इनके संकल्प पत्र का धोखा..बीजेपी ने किसानों को धोखा दिया, उन्होंने बहनों को धोखा दिया, छात्रों को धोखा दिया, मिडिल क्लास को धोखा दिया, कर्मचारियों को धोखा दिया, एससी-एसटी वर्ग को धोखा दिया, किसी वर्ग को नहीं छोड़ा और इन्होंने पत्रकारों को भी धोखा दिया। अगर धोखा देने की कोई प्रतियोगिता होती तो भाजपा उसमें गोल्ड मेडल लाती।’ कांग्रेस का विशाल आंदोलन, विधानसभा का घेराव करेगी कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि ‘संकल्प पत्र के धोखे को जनता ने एक साल में भोगा है। बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र में कहा है कि साठ साल से अधिक उम्र के पत्रकारों को बीस हज़ार रुपया मानदेय देगी, जिसपर आज तक अमल नहीं हुआ है। बीजेपी सरकार द्वारा हर वर्ग से धोखा किया जा रहा है। मीडिया और पत्रकारों के साथ भी धोखा किया जा रहा है। पत्रकारों को भी इसके लिए जागना होगा। अपने हितों की लड़ाई के लिए जनता, विपक्ष सहित सबको एक होना होगा। इसीलिए 16 दिसंबर को कांग्रेस आंदोलन करेगी। इसके तहत राजधानी में एक बड़ा मार्च निकाला जाएगा और किसानों के साथ मिलकर हम विधानसभा का घेराव करेंगे। कांग्रेस इस आंदोलन के लिए ब्लॉक और जिला स्तर पर बैठकें करेगी और हर ब्लॉक से किसानों को यहां लाया जाएगा। सब मिलकर बीजेपी के संकल्प पत्र के धोखे के ख़िलाफ आंदोलन करेंगे।’ उन्होंने कहा कि सीएम मोहन यादव तो अपना दायित्व निभा नहीं पा रहे हैं इसलिए कांग्रेस अपना दायित्व निभाएगी और सरकार को उनके वादे याद दिलाएगी। recent visitors 95

ड्रोन से निगरानी, संसद घेराव करने निकले किसानों का RAF और वज्र वाहन ने रोका रास्ता

नई दिल्ली। संसद का घेराव करने के लिए निकले किसान महामाया फ्लाईओवर के पास इकट्ठा हो गए हैं और यहां से वह अब दिल्ली की तरफ कूच करने के लिए आगे बढ़ रहे हैं। लेकिन महज 100 मीटर आगे जाते ही पुल‍िस ने किसानों को रोक दिया और वे वहीं धरने पर बैठ गए हैं। पुलिस ने नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे को महामाया के पास दोनों तरफ से बंद कर दिया है और आरएएफ और वज्र वाहन लगाकर दलित प्रेरणा स्थल के पास रोड को पूरी तरीके से ब्लॉक कर दिया गया है। इसके अलावा महामाया फ्लाईओवर से चिल्ला बॉर्डर तक की सड़क को भी बंद कर दिया गया है। पुलिस ने नोएडा के राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल के पास ट्रक और क्रेन लगाकर अवराेध खड़ा कर द‍िया है, ताकि किसान अपना ट्रैक्टर लेकर आगे न बढ़ पाएं। इसके अलावा पुलिस ने डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है और सेक्टर 18 की तरफ से ग्रेटर नोएडा जाने वालों को मोड़ा जा रहा है। ग्रेटर नोएडा जाने वाले रूट को सेक्टर 18 से डायवर्ट किया गया। वहीं नोएडा से दिल्ली जाने वाला रूट सेक्टर 94 से डायवर्ट कर दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक ड्रोन के जरिए क‍िसानों की निगरानी की जा रही है और इसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जा रही है। नोएडा पुलिस की कोशिश है कि किसानों को किसी भी तरीके से बॉर्डर तक न पहुंचने दिया जाए। गौरतलब है कि रव‍िवार को हुई वार्ता के फेल हो जाने के बाद किसानों ने दिल्ली में संसद घेराव करने का निर्णय लिया था। ग्रेटर नोएडा से भी ट्रैक्टर और दूसरे वाहनों से निकले किसान अब महामाया फ्लाईओवर पर पहुंच गए हैं और धीरे-धीरे किसानों की संख्या बढ़ती जा रही है। recent visitors 66

यात्रीगण कृपया ध्यान दें, ये गाड़िया मार्च तक रहेंगी रद्द, रेलवे ने जारी की लिस्ट

नई दिल्ली भारत में रोजाना करोड़ों की संख्या में यात्री ट्रेन से सफर करते हैं. इन यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे की ओर से हजारों ट्रेन चलाई जाती है. भारत में अगर किसी को दूरी के सफर तय करना होता है. तो ज्यादातर यात्री ट्रेन के जरिए ही जाना पसंद करते हैं. ट्रेन का सफर काफी सुविधा युक्त और सहूलियत भरा होता है. इसीलिए ज्यादातर यात्रियों की पहली पसंद ट्रेन होती है. लेकिन अब सर्दियों के मौसम में भारतीय रेलवे का संचालन काफी मुश्किल हो रहा है. रेलवे को कोहरे के चलते कई ट्रेनों को डायवर्ट करना पड़ रहा है. तो वहीं कई ट्रेनों को कैंसिल करन पड़ा है. इन ट्रेनों को किया गया कैंसिल भारत में सर्दियों ने दस्तक दे दी है. खासतौर पर बात की जाए तो उत्तर भारत में लोगों ने गर्म कपड़े पहनना शुरू कर दिए हैं. सुबह अब कोहरे की चादर भी बिछने लगी है. और इसी वजह से भारतीय रेलवे का संचालन भी प्रभावित हो रहा है. खराब मौसम और घने कोहरे के चलते रेलवे ने कई ट्रेनों को कैंसिल किया है. अगर आप भी अगले कुछ समय में ट्रेन से सफर पर जाने की सोच रहे हैं. तो पहले कैंसिल ट्रेनों की लिस्ट चेक कर लें. ट्रेन नंबर 14617-18 बनमंखी-अमृतसर जनसेवा एक्सप्रेस 1दिसंबर 2024 से 2 मार्च 2025 तक कैंसिल रहेगी. ट्रेन नंबर 14606-05 योगनगरी ऋषिकेश-जम्मूतवी एक्सप्रेस 1दिसंबर 2024 से 24 फरवरी 2025 तक कैंसिल रहेगी. ट्रेन नंबर 14616-15 अमृतसर-लालकुआं एक्सप्रेस 7 दिसंबर 2024 से 22 मार्च 2025 तक कैंसिल रहेगी. ट्रेन नंबर 14524-23 अंबाला-बरौनी हरिहर एक्सप्रेस 2 दिसंबर 2024 से 27 फरवरी 2025 तक कैंसिल रहेगी. ट्रेन नंबर 18103-04 जलियांवाला बाग एक्सप्रेस 2 दिसंबर 2024 से 28 फरवरी 2025 तक कैंसिल रहेगी. ट्रेन नंबर 12210-09 काठगोदाम-कानपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस 1 दिसंबर 2024 से 25 फरवरी 2025 तक कैंसिल रहेगी. ट्रेन नंबर 14003-04 मालदा टाउन-दिल्ली एक्सप्रेस 1 दिसंबर 2024 से एक मार्च 2025 तक कैंसिल रहेगी. ट्रेन नंबर 14617-18 बनमंखी-अमृतसर जनसेवा एक्सप्रेस 1 दिसंबर 2024 से दो मार्च 2025 तक कैंसिल रहेगी. ट्रेन नंबर 14606-05 योगनगरी ऋषिकेश-जम्मूतवी एक्सप्रेस 1 दिसंबर 2024 से 24 फरवरी 2025 तक कैंसिल रहेगी. ट्रेन नंबर 14616-15 अमृतसर-लालकुआं एक्सप्रेस 2 दिसंबर 2024 से 22 मार्च 2025 तक कैंसिल रहेगी. ट्रेन नंबर 14524-23 अंबाला-बरौनी हरिहर एक्सप्रेस 2 दिसंबर 2024 से 27 फरवरी 2025 तक कैंसिल रहेगी. ट्रेन नंबर 18103-04 जलियांवाला बाग एक्सप्रेस 2 दिसंबर 2024 से 28 फरवरी 2025 तक कैंसिल रहेगी. ट्रेन नंबर 12210-09 काठगोदाम-कानपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस 2 दिसंबर 2024 से 25 फरवरी 2025 तक कैंसिल रहेगी. ट्रेन नंबर 14003-04 मालदा टाउन-दिल्ली एक्सप्रेस 1 दिसंबर 2024 से एक मार्च 2025 तक कैंसिल रहेगी. recent visitors 62