रायगढ़ में राईस मिल में आग, बड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू

रायगढ़ छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में राईस मिल में आग लगने की घटना घटित हुई। आग किन कारणों से लगी है वह स्पष्ट नहीं है, पर शाॅट सर्किट की संभावना जतायी जा रही है। घटना की सूचना पर तत्काल पुलिस व दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया गया। शहर के छातामुड़ा क्षेत्र में कृष्णा साॅल्वेंट नामक राईस मिल का संचालन किया जाता है। आज दोपहर एकाएक यहां आग लग गई। आग की लपटे व धुंआ दूर से देखा जा रहा था। इस दौरान यहां काम कर रहे कुछ वर्करों के बीच हड़कंप की स्थिति मच गई और घटना की सूचना पुलिस व दमकल विभाग को दी गई। ऐसे में तत्काल मौके पर पुलिस व फायर ब्रिगेड पहुंच गई और आग को दमकल की मदद से बुझाने का प्रयास किया गया। जहां काफी मशक्कत के बाद करीब एक से डेढ़ घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन संभावना जतायी जा रही है कि शाॅट सर्किट की वजह से आग लग गया। नुकसान का किया जाएगा आंकलन राईस मिल में आग फैल रही थी, लेकिन दमकल की टीम ने किसी तरह इसे बुझा लिया और इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं होना बताया जा रहा है। आग के कारण काफी कुछ यहां जल गया, जिसके नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। आवेदन अभी थाना नहीं आया इस संबंध में जूटमिल थाना प्रभारी ने बताया कि नुकसान का आंकलन अभी नहीं किया गया है। कृष्णा साॅल्वेंट के संचालक के द्वारा अभी लिखित में कोई आवेदन थाना में नहीं दिया गया है, लेकिन सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर फायर ब्रिगेड की मदद से आग को बुझा लिया गया है।   recent visitors 51

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने सफल विदेश यात्रा पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव को दी बधाई

भोपाल उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सौजन्य भेंट की और उनके सफल ब्रिटेन एवं जर्मनी दौरे के लिए बधाई दी। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव का यह दौरा प्रदेश में निवेश आकर्षित करने और मध्यप्रदेश को वैश्विक निवेश मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने निवेशकों को आकर्षित करने के लिए भूमि, बिजली और कर संबंधी सुविधाएं दी हैं। मेडिकल डिवाइस पार्क, स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट्स और उद्योग हब विकसित किए हैं। हर क्षेत्र के विकास के लिए वहां की विशेषताओं और क्षमता का पूरा उपयोग करने की रणनीति बनाई है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने विश्वास जताया कि यह यात्रा मध्यप्रदेश में निवेश का नया युग शुरू करेगी। यह प्रदेश की अद्वितीय विकास यात्रा में मील का पत्थर साबित होगी। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश समग्र विकास के मार्ग पर तेजी से अग्रसर है। प्रदेश में क्षेत्रीय क्षमताओं और संसाधनों को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक क्षेत्र के संतुलित विकास के लिए ठोस योजनाएं बनाई जा रही हैं। निवेशकों को आकर्षित करने के लिए राज्य सरकार ने उद्योग-अनुकूल नीतियां लागू की हैं और व्यापार सुगमता (ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस) को प्राथमिकता दी है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव की यह यात्रा इस बात का प्रमाण है कि मध्यप्रदेश आज निवेश के लिए सबसे आकर्षक गंतव्य बन चुका है। हमने न केवल निवेश के लिए अनुकूल वातावरण बनाया है, बल्कि प्रत्येक निवेश प्रस्ताव को रोजगार के नए अवसरों में तब्दील करने का लक्ष्य रखा है। यह प्रदेश की प्रगति को नया आयाम देगा और युवाओं के लिए नए रोजगार सृजित करेगा। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव की इस यात्रा के दौरान ब्रिटेन और जर्मनी के विभिन्न निवेशकों और औद्योगिक संगठनों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें हुईं। निवेशकों ने मध्यप्रदेश की प्रगतिशील नीतियों, सुदृढ़ बुनियादी ढांचे और उद्योगों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता की सराहना की।   recent visitors 40

प्रदेश के 11 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम रहा, अब शुरू हुई कड़ाके की ठंड

भोपाल मध्य प्रदेश के नौगांव शहर में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। यह मैदानी इलाके के किसी शहर में दर्ज सबसे कम तापमान है। वहीं हिल स्टेशन पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस पर रहा। प्रदेश के 11 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। शनिवार को दिन का सबसे कम 23.2 डिग्री सेल्सियस रायसेन में रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, वर्तमान में देश के पश्चिमोत्तर क्षेत्र में जेट स्ट्रीम (12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर पश्चिम से पूर्व की तरफ 260 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से हवाओं का चलना) बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी में तूफान फेंगल मौजूद है। कुछ इलाकों में छा सकते हैं आंशिक बादल पाकिस्तान के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। हवाओं का रुख उत्तरी एवं उत्तर-पूर्वी बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि तूफान फेंगल के शनिवार रात को महाबलीपुरम के तट के आसपास टकराने की संभावना है। इसके प्रभाव से हवाओं के साथ कुछ नमी आने की वजह से प्रदेश में कहीं-कहीं आंशिक बादल आ सकते हैं। इससे न्यूनतम तापमान में कुछ बढ़ोतरी हो सकती है। इन शहरों में 10 डिग्री से नीचे रहा पारा शहर- न्यूनतम तापमान नौगांव- 8.0 राजगढ़- 8.2 उमरिया- 8.4 मंडला- 8.6 बैतूल- 8.8 खजुराहो- 9.2 रीवा- 9.2 ग्वालियर- 9.4 टीकमगढ़- 9.4 जबलपुर- 9.5 धार- 9.5 (नोट- तापमान डिग्री सेल्सियस में) 10 दिन से आठ से 10 डिग्री के बीच झूल रहा है पारा भोपाल कड़ाके की ठंड की चपेट में है। हालात यह हैं कि पिछले 10 दिनों से शहर में रात का तापमान आठ से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच झूल रहा है। दिन में भी सर्द हवाएं सिहरन बढ़ा रही हैं। इसी क्रम में शनिवार को दिन का तापमान 24 डिग्रीसेल्सियस रिकार्ड किया गया। जो सामान्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस कम रहा। इस इस सीजन का दिन का सबसे कम तापमान है। ठंड के मौसम में ह्रदय रोगी रहें सावधान, जांच कराते रहें स्वास्थ्य विभाग ने ट्रिपल सी के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए एडवाइजरी जारी की है। सबसे पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसे शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर शेयर किया था। ट्रिपल सी का अर्थ चेक, कॉल और कंप्रेस है। पहले चेक यानी बेहोश मरीज की गर्दन के पास से ही पल्स चेक करें। इसके साथ उसकी सांस की जांच करके तत्काल एंबुलेंस को काल करें। recent visitors 54

छत्तीसगढ़ में 71 अभियंताओं का तबादला, सालों से एक ही स्थान पर जमे थे

रायपुर लोक निर्माण विभाग में वर्षों से एक ही स्थान पर जमे अफसरों का तबादला कर दिया गया है। शनिवार को लोक निर्माण विभाग ने 71 अधिकारियों की नई पदस्थापना का आदेश जारी किया। इनमें अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता और सहायक अभियंता शामिल हैं। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, सरकार ने प्रदेश के कई कार्यपालन अभियंताओं और अनुविभागीय अधिकारियों का स्थानांतरण कर दिया। इनमें रायपुर से लेकर दंतेवाड़ा और बस्तर जिलों तक के अधिकारी शामिल हैं। recent visitors 57

दिल्ली में आप पार्टी किसी से गठबंधन नहीं करेगी और अकेले चुनाव लड़ेगी, गठबंंधन की बात से केजरीवाल का साफ इनकार

नई दिल्ली दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस के साथ गठबंधन से साफ इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा है कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी किसी से गठबंधन नहीं करेगी और अकेले चुनाव लड़ेगी। इससे पहले कांग्रेस ने भी राजधानी में गठबंधन की बात से साफ इनकार कर दिया था। हालांकि अरविंद केजरीवाल ने इस पर कुछ नहीं कहा था। लेकिन आज उन्होंने भी गठबंधन की किसी भी संभावना को खारिज कर दिया है। दरअसल अरविंद केजरीवाल ने उन पर कल हुए हमले को लेकर आज प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इसी दौरान उनसे दिल्ली चुनाव के लिए गठबंधन को लेकर सवाल किया गया। इसका जबाव देते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली में कोई गठबंधन नहीं होगा। अरविंद केजरीवाल का बयान ऐसे समय में सामने आया है जब अगले साल की शुरुआत में ही दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव होने हैं। फिलहाल आम आदमी पार्टी का 70 में से 62 सीटों पर कब्जा है। लोकसभा चुनाव में साथ लड़ा था चुनाव इसी साल हुए लोकसभा चुनावों में बीजेपी के खिलाफ आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। लेकिन इसके बावजूद सात लोकसभा सीटों में से एक पर भी जीत हासिल करने में कामयाब नहीं हो पाए थे। इतना ही नहीं, कांग्रेस ने तो यहां तक कह दिया था कि चुनावों में हार आम आदमी पार्टी की वजह से हुई है। उधर हरियाणा विधानसभा चुनावों के बाद भी ऐसी चर्चा थी कि कांग्रेस-आप में कोई गठबंधन नहीं होगा। हरियाणा में दोनों पार्टियों के बीच सीटों के लिए हुए झगड़े के चलते गठबंधन नहीं हो सका था। recent visitors 76

साल के आखिरी महीने में बढ़े एलपीजी सिलेंडर के रेट

नई दिल्ली साल के आखिरी महीने दिसंबर की पहली तारीख को एक बार फिर महंगाई का तगड़ा झटका लगा है और ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इजाफा कर दिया है. तमाम शहरों मं कंपनियों ने संशोधित दाम जारी कर दिए हैं, जिसके मुताबिक 19 किलोग्राम वाला एलपीजी सिलेंडर करीब 16.50 रुपये तक महंगा हुआ है, इससे पहले नवंबर की पहली तारीख को भी सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए थे. हालांकि, 14 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतें इस बार भी बिना बदलाव के स्थिर हैं. बदलाव के बाद अब ये नए रेट एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में दिसंबर की पहली तारीख को किए गए बदलाव  को देखें, तो दिल्ली से लेकर मुंबई और कोलकाता से लेकर चेन्नई तक 10 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़े हैं. 1 दिसंबर को देश की राजधानी दिल्ली में 19 किलो वाला एलपीजी सिलेंडर 1818.50 रुपये का हो गया है, जो कि अब तक 1802 रुपये का मिल रहा था. इसके अलावा अन्य महानगरों की बात करें, तो ये कॉमर्शियल सिलेंडर कोलकाता में अब 1927 रुपये का हो गया है, जो कि 1 नवंबर को हुए इजाफे के बाद 1911.50 रुपये का बिक रहा था. इसके साथ ही Mumbai LPG Cylinder Price को देखें, तो यहां पर 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमत 1754.50 रुपये थी, जो कि अब बढ़कर 1771 रुपये हो गई है. इसके अलावा चेन्नई में अब तक ये सिलेंडर 1964.50 रुपये का मिल रहा था, जो कि अब 1980.50 रुपये का हो गया है. नवंबर में भी बढ़े थे सिलेंडर के दाम इससे पहले बीते महीने की पहली तारीख यानी 1 नवंबर को भी 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतें बढ़ाई गई थीं. उस समय दिल्‍ली में सिलेंडर का दाम 1740 रुपये से बढ़कर 1802 रुपये,  कोलकाता में सिलेंडर 1850.50 रुपये से 1911.50 रुपये और मुंबई में 19 किलोग्राम वाला एलपीजी सिलेंडर 1692.50 रुपये की जगह 1754 रुपये का कर दिया गया था. इसके अलावा चेन्नई में यह सिलेंडर 1903 रुपये से बढ़ाकर 1964 रुपये का किया गया था. घरेलू LPG गैस सिलेंडर के दाम स्थिर लंबे समय से 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है, लेकिन 14 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव देखने को नहीं मिला है. 1 दिसंबर को भी इसकी कीमतें स्थिर रखी गई हैं और ये 1 अगस्त 2024 वाले रेट पर ही मिल रहा है. दिल्ली में इसकी कीमत 803 रुपये, कोलकाता में 829 रुपये, मुंबई में 802.50 और चेन्नई में 818.50 रुपये पर यथावत बनी हुई है.   recent visitors 57

एड्स से प्रभावित लोगों के खिलाफ भेदभाव को खत्म करने जैसे विषयों पर संबोधित जगत प्रकाश नड्डा ने किया

इंदौर विश्व एड्स दिवस पर मध्य प्रदेश में पहली बार आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा रविवार को इंदौर पहुंचे। खंडवा रोड स्थित डीएवीवी ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इस वर्ष की थीम ‘अधिकार का मार्ग अपनाएं : मेरा स्वास्थ्य मेरा अधिकार’ के अनुरूप एड्स जागरूकता, उपचार के लिए अधिकार, एड्स से प्रभावित लोगों के खिलाफ भेदभाव को खत्म करने जैसे विषयों पर संबोधित किया। कार्यक्रम में एक प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नाको के एड्स दिवस से जुड़े थीम गीत को भी लांच किया गया। इसके पहले केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का शहर में जगह-जगह भव्य स्वागत हुआ।   इंदौर में एड्स के मरीजों के लिए काम कर रही सामाजिक संस्थाएं एड्स के मरीजों के लिए शहर में प्रशासन के साथ ही सामाजिक संस्थाएं भी काम कर रही हैं। संस्था पवित्र आत्मा सेविका संघ विश्वास और समग्र हर सप्ताह हजारों मरीजों को एकजुट करती है। उन्हें बीमारी से लड़ने के लिए प्रेरणा दी जाती है। इससे मरीजों में एड्स से लड़ाई लड़ने का हौसला आता है। संस्था इन मरीजों की नियमित दवाइयां, मेडिटेशन, योगा आदि करवाती है। इससे हजारों परिवार में खुशियां आ चुकी हैं। ऐसे प्रयासों से कई संक्रमित स्वस्थ बच्चों को जन्म दे चुके हैं। इससे नए मरीजों की संख्या भी कम हो रही है। वर्ष 2003 से उक्त संस्था में 8415 मरीज रजिस्टर्ड हैं। यह गांव-गांव जाकर शिविर आयोजित करती है। इसके अलावा स्कूल, कॉलेज आदि स्थानों पर जाकर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती है। एड्स पॉजिटिव माता-पिता दे रहे स्वस्थ बच्चे को जन्म एमवायएच में संचालित एआरटी सेंटर के नोडल अधिकारी डॉ. अशोक ठाकुर ने बताया कि जागरूकता के कारण अब एड्स पाजिटिव माता-पिता एड्स निगेटिव बच्चे को जन्म दे रहे हैं। वहीं यदि माता-पिता में से कोई एक पॉजिटिव है तो वह भी स्वस्थ बच्चे को जन्म दे रहे हैं। मरीज यदि नियमित उपचार लेता है तो वायरल लोड नगण्य हो जाता है। जागरूकता के कारण निगेटिव नवजात को जन्म देने की संख्या हर वर्ष बढ़ रही है। सेंटर में अभी पांच हजार से अधिक मरीज रजिस्टर्ड हैं। एड्स के मरीजों की संख्या का प्रतिशत हर वर्ष कम हो रहा है। recent visitors 57