वक्फ बोर्ड ने जुम्मे की नमाज को लेकर नया फरमान जारी, तकरीर से पहले बोर्ड से लेनी होगी इजाजत

रायपुर  छत्तीसगढ़ की मस्जिदों में जुमे यानी शुक्रवार की नमाज के बाद होने वाली तकरीर के लिए वक्फ बोर्ड से मंजूरी लेनी होगी। तकरीर किस विषय पर है, इसकी जानकारी लिखित में देनी होगी। यह आदेश छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष व भाजपा नेता डॉ. सलीम राज ने प्रदेशभर की मस्जिदों के मुतवल्ली को पत्र लिखकर भेजा है। उन्होंने कहा कि मंजूरी के बाद ही तकरीर की जा सकेगी। आदेश 22 नवंबर से लागू हो जाएगा। आदेश नहीं मानने पर दर्ज होगा केस डॉ. सलीम ने बताया कि प्रदेशभर की मस्जिदों के मुतवल्लियों को जानकारी देने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है। इस ग्रुप में मुतवल्ली तकरीर के विषय की जानकारी देंगे। बोर्ड से नियुक्त अधिकारी विषय को परखेंगे और अनुमति देंगे। आदेश नहीं मानने पर मुतवल्लियों पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि हमने जो पत्र लिखा है, वह मुतवल्लियों के लिए है, मौलानाओं के लिए कोई निर्देश नहीं दिया है। वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष ने किया विरोध इमामों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए कहा गया है, जो अल्पसंख्यकों के लिए है। मुतवल्लियों को धार्मिक उपदेशों तक ही सीमित रहना चाहिए, राजनीति नहीं करनी चाहिए। मुतवल्लियों का व्हाट्सग्रुप वक्फ बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि प्रदेशभर की मस्जिदों के मुतवल्लियों को जानकारी देने के लिए व्हाट्सअप ग्रुप बनाया गया है। इस ग्रुप में मुतवल्ली तकरीर के विषय की जानकारी देंगे। वक्फ बोर्ड से नियुक्त अधिकारी विषय को परखकर फिर अनुमति देंगे। उसी विषय पर ही तकरीर कर सकेंगे। आदेश नहीं मानने पर मुतवल्लियों पर एफआइआर दर्ज कराई जाएगी। पूर्व अध्यक्ष के खिलाफ लाया था अविश्वास प्रस्ताव गौरतलब है कि पिछले महीने ही बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष, पूर्व जस्टिस मिन्हाजुद्दीन के खिलाफ अविश्वास पत्र लाकर उन्हें हटाया गया था। इसके बाद भाजपा के नेता डा.सलीमराज को नया अध्यक्ष चुना गया था। ओवैसी ने एक्स पर लिखा आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के नेता असदुद्दीन ओवैसी ने एक्स पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है। ओवैसी ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि अब भाजपाई हमें बताएंगे कि दीन क्या है? क्या हमें अपने दीन पर चलने के लिए अब इनसे इजाजत लेनी होगी? वक्फ बोर्ड के पास ऐसी कोई क़ानूनी ताकत नहीं है। यदि ऐसा होता भी तो यह संविधान के अनुच्छेद 25 के खिलाफ होता। देशभर में लागू करने की मांग छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ सलीम राज ने जी मीडिया से बातचीत में कहा- फैसले के बाद हमें धमकी मिल रही है, मैं शहीद होने के लिए तैयार हूं. इस मामले में गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर देशभर में इसे लागू करने की मांग करूंगा. वहीं, डॉ सलीम राज ने सांसद असदुद्दीन ओवैसी पर पलटवार करते हुए कहा- ओवैशी को इस्लाम की समझ नहीं है. व्हाट्सऐप ग्रुप से होगी मॉनिटरिंग छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के सदस्यों के मुताबिक, इसकी मॉनिटरिंग व्हाट्सऐप ग्रुप के जरिए की जाएगी. इस ग्रुप के में छत्तीसगढ़ की की मस्जिदों के मुतवल्लियों को जोड़ा जाएगा. जुम्मे की नमाज के बाद होने वाले तकरीर में किन मुद्दों पर चर्चा होगी, इसकी जानकारी मुतवल्ली ग्रुप में देंगे. इस जानकारी को को वक्फ बोर्ड के सदस्य पढ़ेगे और जो मुद्दे उन्हें विवादित लगेंगे, उनमें संसोधन करके दोबारा संबंधित मस्जिद के मुतवल्ली को वो भेजा जाएगा. जिसके बाद संसोधित मुद्दे पर ही तकरीर होगी. जो मुतवल्ली नियम का पालन नहीं करेंगे,  उन पर तुरंत एक्शन भी लिया जाएगा. recent visitors 136

AAP से इस्तीफा देकर BJP में शामिल हुए कैलाश गहलोत, बोले- ED-CBI के दबाव में नहीं बदली है पार्टी

नई दिल्ली आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे चुके कैलाश गहलोत आज बीजेपी में शामिल हो गए हैं. उन्होंने बीजेपी हेडक्वार्टर में आधिकारिक रूप से बीजेपी की सदस्यता ली. कैलाश गहलोत ने बीजेपी नेता मनोहर लाल खट्टर, दुष्यंत गौतम और हर्ष मल्होत्रा की मौजूदगी में बीजेपी की सदस्यता ली. बीजेपी में शामिल होने के बाद गहलोत ने कहा कि आम आदमी पार्टी छोड़ना आसान नहीं था. यह फैसला मैंने एक रात में नहीं लिया. गहलोत ने कहा कि जो लोग ये नैरेटिव बना रहे हैं कि मैंने किसी के दबाव में आकर यह फैसला लिया है तो यह गलत है. मैंने आज तक किसी के भी दबाव में कोई काम नहीं किया. 2015 से मेरे राजनीतिक जीवन में मैंने कभी किसी के दबाव में कुछ काम नहीं किया. ये गलतफहमी है. कैलाश गहलोत ने कहा कि ये जो नैरेटिव बनाया जा रहा है कि मैंने ईडी या सीबीआई के दबाव में आम आदमी पार्टी छोड़ी है तो ये गलत है. मैं पेशे से वकील हूं. मैं वकालत छोड़कर आम आदमी पार्टी से जुड़ा था क्योंकि हमें एक पार्टी में एक व्यक्ति में उम्मीद नजर आई थी. मेरा मकसद सिर्फ लोगों की सेवा करना था. उन्होंने एक दिन पहले ही आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया था. इस बीच आम आदमी पार्टी के संयोजक ने गहलोत के बीजेपी में शामिल होने के सवाल पर कहा है कि यह उनकी (गहलोत) मर्जी है, वह जहां भी जाएं. गहलोत ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को चिट्ठी लिखकर कहा था कि नया बंगला जैसे कई शर्मनाक और अजीबोगरीब विवाद हैं, जो अब सभी को संदेह में डाल रहे हैं कि क्या हम अभी भी आम आदमी होने में विश्वास करते हैं…अब यह स्पष्ट है कि अगर दिल्ली सरकार अपना अधिकांश समय केंद्र से लड़ने में बिताती है तो दिल्ली के लिए वास्तविक प्रगति नहीं हो सकती. मेरे पास AAP से अलग होने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है और इसलिए मैं आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहा हूं. बता दें कि कैलाश गहलोत ने AAP पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा था कि एक और दर्दनाक बात यह है कि लोगों के अधिकारों के लिए लड़ने के बजाय हम केवल अपने राजनीतिक एजेंडे के लिए लड़ रहे हैं, इससे दिल्ली के लोगों को बुनियादी सेवाएं प्रदान करने में भी कठिनाई हो रही है… मैंने अपनी राजनीतिक यात्रा दिल्ली के लोगों की सेवा करने की प्रतिबद्धता के साथ शुरू की थी और मैं ऐसा करना जारी रखना चाहता हूं, यही कारण है कि मेरे पास किसी भी पार्टी से अलग होने का कोई विकल्प नहीं बचा है और मैं आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहा हूं. बता दें कि नजफगढ़ से विधायक गहलोत ने रविवार को तत्काल प्रभाव से मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया था. वह गृह, प्रशासनिक सुधार, आईटी और महिला एवं बाल विकास विभागों के प्रभारी थे. यह घटनाक्रम दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले हुआ है, जो फरवरी में होने हैं.   recent visitors 83

मध्य प्रदेश में फिर प्रशासनिक फेरबदल , 10 IPS का हुआ तबादला, 9 माह में बदला छिंदवाड़ा SP

भोपाल मध्य प्रदेश सरकार ने कमलनाथ के गृह जिले छिंदवाड़ा के पुलिस अधीक्षक को एक बार फिर बदल दिया है. अब 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी अजय पांडे को एसपी बनाया गया है. इसके पहले 19 फरवरी को मनीष खत्री को छिंदवाड़ा का एसपी बनाया गया था. मनीष खत्री को अब सिंगरौली जिले का एसपी बनाया गया है. छिंदवाड़ा, सिंगरौली, शहडोल जिले के एसपी सहित 10 आईपीएस अधिकारियों को बदल दिया गया है. इन आईपीएस अधिकारियों के हुए तबादले एडीजी, पुलिस मुख्यालय मीनाक्षी शर्मा को सामुदायिक पुलिसिंग एवं आरटीआई पुलिस मुख्यालय एडीजी बनाया गया. आईजी नर्मदापुरम इरशाद वली को आईजी विशेष सशस्त्र पुलिस बल बनाया गया. आईजी विशेष सशस्त्र पुलिस बल ग्वालियर मिथिलेश कुमार शुक्ला को आईजी होशंगाबाद बनाया गया. डीआईजी जबलपुर रेंज तुषार कांत विद्यार्थी को मुख्यालय भेजा गया. जबलपुर डीआईजी अतुल सिंह को डीआईजी जबलपुर रेंज के अलावा विशेष सशस्त्र पुलिस बल जबलपुर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया. ये अधिकारी भी हुए यहां से वहां वहीं शहडोल एसपी कुमार प्रतीक को 23वीं बटालियन का कमांडेंट बनाया गया. 8वीं बटालियन के कमांडेंट रामजी श्रीवास्तव को शहडोल जिले का एसपी बनाया गया. सिंगरौली जिले के एसपी निवेदिता गुप्ता को 8वीं बटालियन का कमांडेंट बनाया गया. छिंदवाड़ा एसपी मनीष खत्री को सिंगरौली जिले का एसपी बनाया गया. 23वीं बटालियन के कमांडेंट अजय पांडे को छिंदवाड़ा जिले का पुलिस अधीक्षक बनाया गया.     recent visitors 96

मराठी भाषा में शिवराज ने खुद को महाराष्ट्र का दामाद बताया, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

भोपाल अपने राजनीतिक कार्यों के साथ-साथ अलग अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले मध्य प्रदेश के विदिशा से सांसद, केंद्रीय कृषि मंत्री और महाराष्ट्र चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान का एक बार फिर भरे मंच पर अपने भांजे-भांजियों के प्रति प्रेम भाव देखने को मिला है। एक बार फिर शिवराज सिंह चौहान भरे मंच से अपने भांजे-भांजियों को ‘आई लव यू’ कहते नजर आए हैं।  दरअसल, महाराष्ट्र की सावनेर विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान जैसे ही मंच पर पहुंचे भीड़ में मौजूद युवाओं ने ‘मामा-मामा…’ आवाजें लगानी शुरु कर दीं। कुछ ही सेकंडों में मानों पूरी सभा स्थली से सिर्फ एक ही आवाज सुनाई देने लगी। फिर क्या था ‘मामा’ भी खुद को रोक नहीं पाए और आवाज लगाते हुए कहा, ‘मैरे भांजे-भांजियों आईलव यू..’। इसके आगे मराठी भाषा में शिवराज ने खुद को महाराष्ट्र का दामाद भी बताया। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी खासा वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल मंच से संबोधन करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कई सौगातें भी दीं। उन्होंने कहा कि प्याज, टमाटर और आलू के दाम गिरते हैं तो किसान को नुकसान होता है, इसलिए आईसीएआर लागत पर 50% मुनाफा जोड़कर मॉडल रेट तय करेगा। बाजार रेट से अंतर पर नुकसान केन्द्र और राज्य सरकार 50-50 फीसद वहन करेंगे। शिवराज महाराष्ट्र में मीडिया से चर्चा करते हुए यह बात कही। शिवराज ने कहा, प्याज के एक्सपोर्ट से प्रतिबंध हटाया गया है, एक्सपोर्ट शुल्क 40 फीसद से घटाकर 20 फीसद किया गया है, जिससे प्याज के दामों में बढ़ोतरी हुई है। पाम ऑयल मलेशिया, इंडोनेशिया से जीरो पर्सेंट ड्यूटी पर आयात किए जाते थे, इम्पोर्ट ड्यूटी बढ़ाकर 27.5 फीसद की गई है, ताकि किसान को सोयाबीन के ठीक दाम मिल सके। केंद्रीय मंत्री की इस घोषणा से मध्य प्रदेश के किसानों को भी लाभ होगा। recent visitors 253

उज्जैन को मिली बड़ी सौगात, सिंहस्थ के पहले पूरा होगा काम, CM मोहन इस दिन करेंगे भूमि पूजन

उज्जैन मध्यप्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और व्यापक बनाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश को आत्मनिर्भर और सशक्त भारत बनाना चाहते हैं। प्रधानमंत्री मोदी के विचार को साकार करने के लिए राज्य सरकार हर नागरिक को सुलभ और उन्नत चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस दिशा में 21 नवंबर को प्रदेश एक और इतिहास रचने की ओर अग्रसर होगा, जब मुख्यमंत्री डॉ. यादव उज्जैन मेडिकल कॉलेज का भूमिपूजन करेंगे। यह कॉलेज प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को नए आयाम प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि सिंहस्थ-2028 की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस प्रोजेक्ट को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा। इससे उज्जैन और आसपास के जिलों के मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। CM मोहन यादव इस दिन करेंगे भूमि पूजन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 21 नवंबर को उज्जैन में मेडिकल कॉलेज का भूमिपूजन करेंगे. इस मेडिकल कॉलेज में 550 बेड की क्षमता वाला टीचिंग हॉस्पिटल बनेगा और इसमें 100 एमबीबीएस सीटों की व्यवस्था होगी. मुख्यमंत्री ने सिंहस्थ-2028 को देखते हुए इस प्रोजेक्ट को प्राथमिकता से पूरा करने का भरोसा दिया है. मेडिकल कॉलेज के निर्माण से उज्जैन के विद्यार्थियों को मेडिकल शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे, साथ ही इस क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं भी बेहतर होंगी. यह कदम उज्जैन के विकास में महत्वपूर्ण साबित होगा. बताया गया है कि वर्ष 2003 तक प्रदेश में केवल 5 शासकीय मेडिकल कॉलेज थे, जो अब बढ़कर 17 हो चुके हैं। प्रदेश में एमबीबीएस सीटें भी 720 से बढ़कर 2,575 हो गई हैं। श्योपुर, सिंगरौली, मंडला और राजगढ़ में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेजों के साथ-साथ छतरपुर, दमोह और बुधनी में स्ववित्तपोषित मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं। इसके अलावा, 12 अन्य जिलों में सार्वजनिक जनभागीदारी नीति के तहत मेडिकल कॉलेज खोलने की प्रक्रिया जारी है।  मुख्यमंत्री ने कहा कि 20 नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना से एमबीबीएस  सीटों में 2,000 से अधिक की वृद्धि होगी। भोपाल और ग्वालियर में अस्पतालों की बेड कैपेसिटी को 2,500 तक बढ़ाने के साथ-साथ इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और रीवा में सुपरस्पेशलिटी अस्पताल संचालित हो रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जबलपुर में स्कूल ऑफ एक्सीलेंस इन पल्मोनरी मेडिसिन और इंदौर में स्कूल ऑफ एक्सीलेंस फॉर आई जैसी योजनाएं प्रदेश को चिकित्सा क्षेत्र में अग्रणी बना रही हैं। 592 करोड़ की लागत से बनेगा मेडिकल कॉलेज उज्जैन मेडिकल कॉलेज 14.97 एकड़ भूमि पर निर्मित किया जाएगा। इसका निर्माण क्षेत्र 1 लाख 42 हजार 34 वर्ग मीटर में फैला होगा और कुल लागत 592.3 करोड़ रुपये है। इसमें फायर सेफ्टी के लिए आधुनिक तकनीक, ऊर्जा दक्षता के लिए एलईडी लाइटिंग, सौर ऊर्जा, और ऊर्जा-कुशल एचवीएसी सिस्टम का उपयोग किया जाएगा। वर्षा जल संग्रहण और अपशिष्ट जल के पुन: उपयोग के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट भी लगाया जाएगा। मेडिकल कॉलेज में फुट ओवर ब्रिज, पुस्तकालय भवन, सर्विस ब्लॉक, एमजीपीएस ब्लॉक और ईएसएस ब्लॉक की सुविधाएं भी होंगी। 550 बिस्तरों वाला आधुनिक शिक्षण अस्पताल उज्जैन मेडिकल कॉलेज में 550 बिस्तरों की क्षमता वाला शिक्षण अस्पताल होगा। यह अस्पताल आपातकालीन सेवाएं, फार्मेसी, रेडियोलॉजी, फ्लोरोस्कोपी, अल्ट्रासाउंड, जनरल और सुपर स्पेशलिटी ओपीडी जैसी सेवाओं से सुसज्जित होगा। अस्पताल में 11 मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, 1 कैथ लैब, और 2 एंडोस्कोपी यूनिट के साथ-साथ परमाणु चिकित्सा विभाग और 2 रेडियोथेरेपी बंकर (ब्रैकीथेरेपी और सीटी सिम्युलेटर) भी उपलब्ध होंगे। डॉक्टरों, स्टाफ, और जनता के लिए कैफेटेरिया की भी व्यवस्था होगी। निर्माण कार्य मध्यप्रदेश भवन विकास निगम द्वारा किया जाएगा। 100 एमबीबीएस सीटों की प्रवेश क्षमता उज्जैन मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के लिए 100 सीटों की प्रवेश क्षमता होगी। यहां 4 अत्याधुनिक लेक्चर थिएटर (प्रत्येक की क्षमता 180) और 2 परीक्षा हॉल (प्रत्येक की क्षमता 250) होंगे। सेंट्रल लाइब्रेरी, शिक्षण और फैकल्टी क्षेत्र, प्रयोगशाला, कौशल प्रशिक्षण केंद्र, प्रशासनिक भवन, सामान्य कक्ष और मनोरंजन सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। नर्सिंग विद्यार्थियों के लिए 380 सीटों वाले छात्रावास में स्टिल्ट पार्किंग, सामान्य कक्ष, मनोरंजन क्षेत्र, डायनिंग हॉल और रसोई की सुविधा भी होगी। यूजी और इंटर्न छात्रों के लिए छात्रावास उज्जैन मेडिकल कॉलेज में छात्रों के लिए 329 यूजी और 70 इंटर्न की क्षमता वाले छात्रावास और छात्राओं के लिए 286 यूजी और 58 इंटर्न की क्षमता वाला छात्रावास होगा। इनमें स्टिल्ट पार्किंग, सामान्य कक्ष, मनोरंजन क्षेत्र और डायनिंग सुविधाएं होंगी। 145 विद्यार्थियों की क्षमता वाला आरडीएच छात्रावास जिम, डायनिंग हॉल और स्टिल्ट पार्किंग जैसी सुविधाओं से युक्त रहेगा। recent visitors 149

भोपाल : बैंक अकाउंट बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दूसरों के आधार कार्ड से खोले 1800 खाते; कई राज्यों में किया फर्जीवाड़ा

भोपाल  भोपाल में तीन दिन पहले एक युवक और युवती मोबाइल की दुकान पर सिम लेने पहुंचे थे। इस दौरान हनुमानगंज थाना पुलिस को मुखबिर से जानकारी मिली थी, आरोपितों के पास अलग-अलग पते और व्यक्तियों के आधार कार्ड थे। आधार कार्ड पर इन्हीं युवक-युवती की फोटो तो एक सी है, लेकिन नाम-पता अलग-अलग था। इसके बाद फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनसे विभिन्न शहरों में बैंक खाते खुलवाकर कमीशन पर साइबर ठगों को देने वाले बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। एक महिला समेत सभी सात आरोपित बिहार के हैं। इनमें से दो युवक चौथी-पांचवीं तक ही पढ़े हैं। पुलिस ने बरामद किया आधार कार्ड, एटीएम कार्ड पुलिस ने इनके पास से बड़ी संख्या में आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, सिम कार्ड, 20 मोबाइल फोन, दो प्रिंटर, एक लैपटाप, एक पेनड्राइव और हिसाब-किताब का रजिस्टर बरामद किया है। पूछताछ में पता चला कि गिरोह एक शहर में एक-दो माह रुकता था। अभी तक ये लोग फर्जी दस्तावेजों से देश भर में 1800 बैंक खाते खोल चुके हैं। इनमें से 120 एक महीने में भोपाल में खोले गए हैं। खाते बैंक आफ महाराष्ट्र, आईडीबीआई, एसबीआई आदि में खोले गए हैं। पुलिस कमिश्नर हरिनारायणाचारी मिश्र ने बताया कि तीन दिन पहले एक युवक-युवती मोबाइल की दुकान पर सिम लेने पहुंचे थे। खाता खुलवाने के लिए 2 हजार रुपये देता था युवक इनके पास अलग-अलग व्यक्तियों के आधार कार्ड थे, जिन पर युवक-युवती की फोटो तो एक जैसी है, लेकिन नाम-पता अलग-अलग हैं। गिरोह का सरगना शशिकांत है, जो फर्जी दस्तावेज से खाता खुलवाने पर अपने साथियों को दो हजार रुपये देता था। इस तरह काम करता था गिरोह शशिकांत देवघर झारखंड से आधार कार्ड का डाटा लेता था। आधार कार्ड से पता करके जिनका पैन कार्ड नहीं बना होता है, उसका पैनकार्ड ऑफलाइन बनवाता था। इसके बाद सपना, अंकित, कौशल, रोशन, रंजन एवं टीटू की उम्र के आधार पर उन आधार और पैन कार्ड में उनकी फोटो बदल देता था। तीन-चार महीने में शहर बदल देते थे आरोपी पुलिस से बचने के लिए आरोपी तीन-चार महीने में शहर और लड़कों को बदल देते थे। ये लोग अभी तक लखनऊ, इंदौर, हैदराबाद में फर्जी बैंक खाते खुलवाकर कई घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। डीसीपी जोन- तीन रियाज इकबाल ने बताया कि गिरोह ने एक महीने पहले इब्राहिमगंज में खुद को कपड़ा व्यापारी बताकर फ्लैट किराए पर लिया था। आधार देने वाले डाकिये की तलाश गिरोह से 7 डायरियां जब्त की गई हैं। इनमें खाते खरीदने वालों के नाम भी हैं। पूछताछ में शशिकांत ने खुलासा किया कि उसने कई गिरोह के साथ रहकर यह काम सीखा। पुलिस शशिकांत का बैकग्राउंड खंगाल रही है। सही पते पर नहीं पहुंचने वाले आधार इस गिरोह को देने वाले झारखंड के डाकिये की भी तलाश में पुलिस जुट गई है। आधार देने वाले डाकिये की तलाश गिरोह से 7 डायरियां जब्त की गई हैं। इनमें खाते खरीदने वालों के नाम भी हैं। पूछताछ में शशिकांत ने खुलासा किया कि उसने कई गिरोह के साथ रहकर यह काम सीखा। पुलिस शशिकांत का बैकग्राउंड खंगाल रही है। सही पते पर नहीं पहुंचने वाले आधार इस गिरोह को देने वाले झारखंड के डाकिये की भी तलाश में पुलिस जुट गई है। 200 खातों के दस्तावेज तैयार थे सरगना ने पुलिस को बताया कि खाता खुलवाने में 2 से 3 दिन का समय लगता था। 15 दिन बाद उसके पास एटीएम कार्ड आ जाता था। एटीएम आते ही खाता बेच देता था। गिरोह के पास से जब्त दस्तावेजों से पता चला है कि गिरोह 200 बैंक खाते खुलवाने की तैयारी में था। इसके लिए फर्जी दस्तावेज तैयार कर लिए गए थे। recent visitors 73

WTC के फाइनल में पहुंचने के लिए पर्थ टेस्ट भारत के लिए अहम, रोहित की जगह बुमराह करेंगे कप्तानी

मुंबई टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ हालिया टेस्ट सीरीज में 0-3 से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था. अब भारतीय क्रिकेट टीम बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है. इस दौरे पर भारतीय टीम को मेजबान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टेस्ट मैच खेलने हैं. वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) के फाइनल में पहुंचने के लिहाज से भी भारत के लिए यह टेस्ट सीरीज काफी अहम है. दोनों टीमों के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 22 नवंबर (शुक्रवार) से पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में खेला जाना है. हालांकि इस मुकाबले से पहले ही भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है. आजतक को मिली जानकारी के अनुसार कप्तान रोहित शर्मा इस मुकाबले से बाहर हो गए हैं. रोहित दूसरी बार पिता बने हैं और वो अभी कुछ दिन फैमिली के साथ रहना चाहते हैं. हालांकि रोहित एडिलेड टेस्ट से पहले या पर्थ टेस्ट के दौरान टीम के साथ जुड़ जाएंगे. अब रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में जसप्रीत बुमराह पर्थ टेस्ट में भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे. रोहित के अलावा शुभमन गिल के भी पर्थ टेस्ट से बाहर होने की पूरी संभावना है. प्रैक्टिस मैच में दूसरे स्लिप पर कैच लेने के दौरान शुभमन गिल के बाएं अंगूठे में चोट लग गई थी. वह चोट के बाद काफी दर्द में दिख रहे थे और स्कैन के लिए तुरंत मैदान से बाहर चले गए थे. एडिलेड में दूसरा टेस्ट छह दिसंबर से शुरू हो रहा है. उम्मीद की जा रही है कि शुभमन उस मैच के लिए समय पर फिट हो जाएंगे. इस खिलाड़ी की हो सकती है एंट्री! मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बीसीसीआई ने बाएं हाथ के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल को बैकअप के तौर पर मुख्य टीम में शामिल किया है. देवदत्त हाल में भारत-ए की टीम का हिस्सा थे, जिसने ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ चार दिवसीय मुकाबले खेले थे. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ 36, 88, 26 और एक रन की पारी खेली थी. पडिक्कल ने इस साल इंग्लैंड के खिलाफ धर्मशाला में अपना टेस्ट डेब्यू किया था, जिसमें उन्होंने शानदार 65 रन बनाए थे. पहले टेस्ट के लिए भारतीय स्क्वॉड: जसप्रीत बुमराह (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, अभिमन्यु ईश्वरन, शुभमन गिल*, विराट कोहली, केएल राहुल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), सरफराज खान, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, आकाश दीप, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर. पहले टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया का स्क्वॉड: पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, नाथन लायन, मिचेल मार्श, नाथन मैकस्वीनी, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क. भारतीय टीम का ऑस्ट्रेलिया दौरा (नवंबर 2024 – जनवरी 2025) 22-26 नवंबर: पहला टेस्ट, पर्थ 6-10 दिसंबर: दूसरा टेस्ट, एडिलेड 14-18 दिसंबर: तीसरा टेस्ट, ब्रिस्बेन 26-30 दिसंबर: चौथा टेस्ट, मेलबर्न 03-07 जनवरी: पांचवा टेस्ट, सिडनी   recent visitors 78