छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी ठंड, सुबह के समय छाने लगा कोहरा

रायपुर छत्तीसगढ़ में ठंड बढ़ने लगी है। सुबह के समय कोहरा छाने लगे हैं। कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि आगामी पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। इसके साथ ही आज मौसम शुष्क रहने की संभावना है। राजधानी रायपुर के कई जगहों पर गर्म कपड़ों के स्टॉल लगना शुरू हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में नमी की मात्रा बढ़ने पर तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। आगामी दिनों में न्यूनतम तापमान नीचे गिरेगा, जिससे ठंड और बढ़ेगी। मौसम एक्सपर्ट का कहना है कि आगामी कुछ दिनों में रात का तापमान और गिरेगा, जिससे ठंड बढ़ने लगेगी। वहीं छत्तीसगढ़ में आगामी पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। साथ ही आगामी दो दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में  मौसम शुष्क रहने की संभावना है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में दर्ज किया गया है। यहां न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं सर्वाधिक अधिकतम तापमान दंतेवाड़ा में 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। रायपुर में 32.3, बिलासपुर और दुर्ग में 30.6, जगदलपुर में 32.3 और राजनांदगांव में 31  डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है। दिसंबर में तेज सर्दी की शुरुआत की संभावना नवंबर में इस बार दिन- रात का पारा सामान्य या उससे थोड़े ज्यादा रह सकते हैं। ऐसे में नवंबर में बहुत ज्यादा सर्दी की संभावना नहीं है। दिसंबर से ही तेज सर्दी की शुरूआत होगी। वहीं नवंबर के दूसरे व चौथे सप्ताह में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से हल्की बारिश हो सकती है। कोहरे का असर शुरू  हालांकि छत्तीसगढ़ के ज्यादातर जिलों में कोहरे का असर शुरू हो गया है, सुबह के वक्त कई जिलों में घना कहरा छाया हुआ है, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. वहीं कोहरे की वजह से विजिविलिटी भी कम नजर आ रही है.  recent visitors 70

ब्लड लाइन के बाघों की ब्रीडिंग से जन्म लेने वाले शावकों में प्रतिरोधी क्षमता अधिक होगी, अनुवांशिक बीमारियों से भी निजात मिलेगी

इंदौर  इंदौर शहर के कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय के बाघ का कुनबा सेहतमंद रहे इसलिए अब चिड़ियाघर प्रबंधन उनकी वंशावली में बदलाव करने जा रहा है। इसके लिए गोरेगांव चिड़ियाघर (महाराष्ट्र) से विशेष एनिमल एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत बाघ के जोड़े के बदले बाघ का ही एक जोड़ा लिया जाएगा। अलग-अलग ब्लड लाइन के बाघों की ब्रीडिंग से जन्म लेने वाले शावकों में प्रतिरोधी क्षमता अधिक होने के साथ ही अनुवांशिक बीमारियों से भी निजात मिलेगी। इससे बाघ अपनी 15-16 वर्ष की औसत आयु को अधिक बेहतर तरीके से व्यतीत कर पाएंगे। जिन प्राणियों की संख्या ज्यादा होती है, उन्हें भेजा जाता है हर बार यहां से उस प्रजाति के वन्य प्राणियों को अन्य स्थानों पर भेजा जाता है, जिनकी संख्या अधिक होती है। बदले में दूसरी प्रजाति के जानवर लाए जाते हैं, जिनकी संख्या यहां कम या नहीं होती है। इस बार बाघ के बदले बाघ लाने के पीछे वजह यह है कि एक ही वंशावली में ब्रीडिंग पर अंकुश लगना है। इसके लिए सेंट्रल जू ऑफ अथारिटी को चिट्टी भी लिखी गई है। इस कड़ी में 2025 में जू प्रबंधन पांच-छह प्रजातियों के अन्य वन्य प्राणियों को लाने का प्रयास करेगा। उल्लेखनीय है इंदौर के चिड़ियाघर से दूसरे राज्यों के चिड़ियाघर में एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत कई जानवर भेजे जाते हैं। बीते दिनों में शेर और बाघों के बच्चों ने जन्म लिया था, जिससे इन प्रजातियों का कुनबा बढ़ा। इसके बाद यहां पहुंचने वाले दर्शकों की संख्या भी बढ़ गई। अच्छी देखरेख से बढ़ रहा शेर-बाघों का कुनबा     शेरों और बाघों की अच्छी देखरेख से चिड़ियाघरों में इनका कुनबा बढ़ा है। इनकी बेहतरी के लिए समय-समय पर कदम उठाए जाते हैं। अब इनकी वंशावली में बदलाव की प्रक्रिया शुरू की गई है। रक्त रेखा (ब्लड लाइन) में बदलाव की कड़ी में पहले हम चीतल, सांभर लाए थे। साथ ही चंडीगढ़ से भी एक शेर लाया गया था। – डॉ. उत्तम यादव, प्रभारी, कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय रक्त रेखा में बदलाव आवश्यक     वन्य प्राणियों की अच्छी सेहत के लिए रक्त रेखा में बदलाव आवश्यक है। इससे जन्म लेने वाले वन्य प्राणियों की शारीरिक क्षमता में वृद्धि होती है। ऐसे में इनमें जैनेटिक बीमारियों का खतरा भी काफी हद तक कम होता है। इनकी अपनी औसत आयु से अधिक जीवन जीने की संभावना बढ़ती है। – डॉ. हेमंत मेहता, वेटरनरी हॉस्पिटल महू   recent visitors 65

नाबालिग पत्नी के साथ संबंध बनाना बलात्कार है: बॉम्बे HC

मुंबई बॉम्बे हाई कोर्ट (Bombay High Court) ने एक अहम फैसला सुनाते हुए कहा है कि नाबालिग पत्नी के साथ सहमति से भी बनाया गया यौन संबंध रेप माना जाता है और इस तरह का कृत्य कानून के तहत स्वीकार नहीं किया जा सकता. हाई कोर्ट की नागपुर बेंच ने एक ऐसे शख्स की 10 साल की सजा को बरकरार रखते हुए यह टिप्पणी की, जिसके खिलाफ उसकी पत्नी ने रेप की शिकायत दर्ज कराई थी. जस्टिस जीए सनप की बेंच ने कंसेंट की उम्र को 18 साल से ज्यादा बताते हुए कहा, "यह बताना जरूरी है कि 18 साल से कम उम्र की लड़की के साथ यौन संबंध रेप है, चाहे वह शादीशुदा हो या नहीं." 'सहमति, बचाव का रास्ता नहीं…' हाई कोर्ट ने इस बात पर जोर दिया, "जब कथित तौर पर पत्नी बनाई गई लड़की की उम्र 18 साल से कम है, तो उसके साथ सहमति से यौन संबंध बनाना बचाव का रास्ता नहीं है." बेंच ने निचली अदालत द्वारा आरोपी को दी गई सजा और 10 साल के कठोर कारावास की सजा को बरकरार रखा. जानकारी के मुताबिक, शख्स ने शिकायत करने वाली युवती के साथ जबरन यौन संबंध बनाए, जिसके बाद वह गर्भवती हो गई. बाद में उसने उससे शादी कर ली. बाद में उनके वैवाहिक संबंध खराब हो गए और फिर महिला ने शख्स के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. हाई कोर्ट ने कहा, "अगर तर्क के लिए यह मान भी लिया जाए कि उनके बीच तथाकथित विवाह हुआ था, तो भी पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों के मद्देनजर कि यह उसकी सहमति के बिना यौन संबंध था, यह रेप माना जाएगा." कई साल रिलेशनशिप में था कपल पीड़िता महाराष्ट्र के वर्धा में रहती थी और आरोपी शख्स उसका पड़ोसी था. पीड़िता अपने पिता, बहनों और दादी के साथ रहती थी. आरोपी और पीड़िता 2019 की शिकायत से पहले 3-4 साल तक रोमांटिक रिलेशनशिप में थे. हालांकि, पीड़िता ने फिजिकल इंटिमेसी के लिए आरोपी के प्रस्तावों को लगातार अस्वीकार कर दिया था. पीड़िता की तरफ से लगाए गए आरोपों के मुताबिक, शुरूआत में आरोपी ने युवती से शादी करने का वादा किया और कुछ पड़ोसियों की मौजूदगी में किराए के कमरे में 'नकली शादी' समारोह का आयोजन किया. हालांकि, उसके प्रति उसका व्यवहार अपमानजनक हो गया, जिसमें शारीरिक हमले और गर्भपात कराने का दबाव शामिल था. बाद में आरोपी ने पैटरनिटी से इनकार करते हुए युवती पर किसी अन्य शख्स का बच्चा होने की बात कही. आरोपी ने अपनी दलील में क्या कहा? पीड़िता ने मई 2019 में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. अपने बचाव में, आरोपी ने दावा किया कि यौन संबंध सहमति से थे और पीड़िता उसकी पत्नी थी. हालांकि, जस्टिस सनप ने कहा, "मेरे विचार में, यह दलील एक से ज्यादा वजहों से स्वीकार नहीं की जा सकती. इस मामले में अभियोजन पक्ष ने साबित कर दिया है कि क्राइम की तारीख पर पीड़िता की उम्र 18 साल से कम थी." बेंच ने कहा कि DNA रिपोर्ट से इस बात की पुष्टि हुई है कि आरोपी और पीड़िता इस रिश्ते से पैदा हुए बच्चे के बायोलॉजिकल पैरेंट्स हैं.     recent visitors 76

ईरान ने महिलाओं के हिजाब न पहनने पर और सख्ती करने का ऐलान किया

तेहरान  ईरान ने महिलाओं के हिजाब न पहनने पर और सख्ती करने का ऐलान किया है। ईरानी सरकार ने देश में अनिवार्य हिजाब नियमों का पालन न करने वाली महिलाओं के लिए ट्रीटमेंट फैसिलिटी की घोषणा की है। हालांकि, सरकार को फैसले की मानवाधिकार समूहों और ईरानी महिलाओं ने खुलकर निंदा की है। तेहरान मुख्यालय के महिला और परिवार विभाग की प्रमुख मेहरी तालेबी दारस्तानी ने कहा कि क्लिनिक "हिजाब हटाने के लिए वैज्ञानिक और मनोवैज्ञानिक उपचार" प्रदान करेगा। महिलाओं ने कहा कि यह जेल होगा न कि क्लिनिक ईरान सरकार की घोषणा के बाद महिलाओं ने भय और क्रोध को बढ़ावा देने वाला इसे करार दिया है। ईरानी महिलाओं ने कहा कि यह एक क्लिनिक नहीं होगा, यह एक जेल होगा। हम गुजारा करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं और बिजली कटौती हो रही है लेकिन कपड़े का एक टुकड़ा ही वह चीज है जिसकी इस राज्य को चिंता है। अगर हम सभी के लिए सड़कों पर वापस आने का समय है, तो वह समय अभी है या वे हम सभी को बंद कर देंगे। विवि में छात्रा के हिजाब उल्लंघन के बाद सरकार हुई सक्रिय दरअसल, यह घोषणा एक विश्वविद्यालय की छात्रा की रिपोर्ट के बाद की गई। छात्रा को हिजाब उल्लंघन के लिए सुरक्षा गार्डों द्वारा कथित रूप से उत्पीड़न का सामना करने के बाद परिसर में अपने कपड़े उतारने के लिए गिरफ्तार किया गया था, उसे एक मनोरोग अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। एमनेस्टी इंटरनेशनल ने जबरन दवा और यातना पर चिंता जताई ईरान सरकार के फैसले के बाद एमनेस्टी इंटरनेशनल सहित विभिन्न मानवाधिकार संगठनों ने चिंता जताई है। दरअसल, इनका मानना है कि नियमों की आड़ में ईरानी अधिकारियों द्वारा मानसिक रूप से अस्थिर माने जाने वाले प्रदर्शनकारियों और असंतुष्टों के खिलाफ जबरन दवा और यातना की जाएगी। ब्रिटेन में रहने वाली ईरानी पत्रकार सिमा सबेट ने कहा: बिना परदे वाली महिलाओं को 'ठीक' करने के लिए क्लीनिक स्थापित करने का विचार डरावना है, जहां लोगों को केवल इसलिए समाज से अलग कर दिया जाता है क्योंकि वे सत्ताधारी विचारधारा के अनुरूप नहीं हैं। मानवाधिकार वकील होसैन रईसी ने क्लीनिक के विचार की आलोचना करते हुए कहा कि यह न तो इस्लामी है और न ही ईरानी कानून के अनुरूप है। recent visitors 75

मध्य प्रदेश अगले महीने से कड़ाके की ठंड,कोहरा, शीतलहर का रहेगा कहर, पारा 11 डिग्री तक गिरने की संभावना

भोपाल नवंबर का महीना जैसे जैसे आगे बढ़ रहा है वैसे वैसे मध्य प्रदेश में ठंड का असर तेज होता जा रहा है। सर्द दवाओं की रफ्तार बढ़ने से तापमान में भी गिरावट आने लगी है। 16  नवंबर के बाद सर्द दवाओं की रफ्तार तेज होने से तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। फिलहाल नवंबर माह में बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन नवंबर अंत में ग्वालियर चंबल के इलाके में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है या फिर बादल छा सकते हैं। एमपी मौसम विभाग की मानें तो पाकिस्तान और उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है और एक द्रोणिका भी है, जिसके प्रभाव से प्रदेश के तापमान में गिरावट हो रही है। प्रदेश के सभी संभाग के जिलों में दिन और रात के तापमान में कमी आई है, अधिकतम तापमान की अपेक्षा न्यूनतम तापमान में गिरावट अधिक हुई है।जल्द पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय होने जा रहे है, जिसके बाद प्रदेश के तापमान में और अधिक गिरावट होगी। दिन के तापमान में 1 से 2 डिग्री तक पारे में गिरावट होगी, लेकिन सामान्य से नीचे जाने की संभावना नहीं है। अगले महीने से कड़ाके की ठंड/कोहरा/ शीतलहर     एमपी मौसम विभाग की मानें तो दिसंबर-जनवरी में कड़ाके की ठंड पड़ेगी, इन दो महीनों में 20 से 22 दिन कोहरे के साथ कोल्ड वेव की स्थिति रहने का अनुमान है।दिसंबर की शुरुआत में पूरे प्रदेश में न्यूनतम तापमान में 11 से 12 डिग्री तक गिरने की संभावना है। 20 दिसंबर के बाद मध्य प्रदेश के हिस्सों में कड़ाके की ठंड की शुरुआत होने का अनुमान है।     दिसंबर में सागर संभाग के जिले निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना, रीवा संभाग के मउगंज सीधी और सिंगरौली, जबलपुर संभाग के मंडला और डिंडोरी, इंदौर संभाग के झाबुआ, इंदौर और धार के उत्तरी हिस्से और पूरे ग्वालियर-चंबल संभाग में जबरदस्त ठंड पड़ेगी।खास करके निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मंडला, डिंडोरी, झाबुआ, धार, उज्जैन, सीहोर, विदिशा, राजगढ़ और ग्वालियर चंबल में ठिठुरन बढ़ेगी। पिछले 24 घंटे के मौसम का हाल     पिछले 24 घंटे में सबसे कम न्यूनतम तापमान पचमढ़ी में 8.8 डिग्री और मंडला में 11 डिग्री सेल्सियस दर दर्ज किया गया।     अधिकांश शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे पहुंच सकता है।पचमढ़ी, शाजापुर और अमरकंटक में ही पारा सबसे कम है।     सर्वाधिक अधिकतम तापमान खजुराहो में 33.4 डिग्री सेल्सियस ।     सिवनी में रात का तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस तक कम रहा, जो 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज ।     भोपाल में इस सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज।     भोपाल में दिन का अधिकतम तापमान सबसे कम 30.2 डिग्री , इंदौर में 30.3 डिग्री, जबलपुर में 30.8 डिग्री और उज्जैन में व ग्वालियर में 31.5 डिग्री दर्ज हुआ। recent visitors 63

नए साल से पहले कर्मचारियों और पेंशनर्स कोमिल सकती है आयुष्मान योजना की सौगात!

भोपाल मध्यप्रदेश के करीब 7.5 लाख सरकारी कर्मचारी और करीब 4.5 लाख पेंशनर्स के लिए एक अच्छी खबर है। मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार जल्द ही सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को आयुष्मान योजना का लाभ दे सकती है। इस संबंध में अधिकारियों ने प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया है जिसे प्रमुख सचिव की अनुमति के बाद केबिनेट में भेजा जाएगा। बता दें कि कर्मचारी संगठन लंबे समय से आयुष्मान योजना का लाभ सरकारी कर्मचारियों को देने की मांग कर रहे हैं। नए साल से पहले मिल सकती है सौगात उम्मीद जताई जा रही है कि अगली केबिनेट बैठक में सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को आयुष्मान योजना का लाभ देने के प्रस्ताव पर मुहर लग सकती है और सरकार नए साल से पहले कर्मचारियों और पेंशनर्स को इसकी सौगात दे सकती है। बताया जा रहा है कि प्रदेश के तृतीय, चतुर्थ और स्थाई कर्मचारियों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ देने को लेकर प्रस्ताव तैयार हो गया है। सरकार से हरी झंडी मिलते ही इसे मध्यप्रदेश में लागू कर दिया जाएगा। इससे प्रदेश के करीब 12 लाख सरकारी कर्मचारी व पेंशनर्स किसी भी अस्पताल में 5 लाख रुपये तक का फ्री इलाज करा सकेंगे। अभी इलाज के लिए है ये व्यवस्था बता दें कि अभी मध्य प्रदेश में बीमार सरकारी कर्मचारियों को मेडिकल रिमेम्बर्स की सुविधा मिल रही है। जिसके तहत सरकारी कर्मचारी के बीमार होने पर निजी अस्पाल में भर्ती होने पर अस्पताल में खर्च होने वाला पैसा और राज्य सरकार द्वारा दिया जाता है। लेकिन इसकी प्रक्रिया काफी लंबी है। कर्मचारी को पहले भुगतान के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा गठित कमेटी से अनुमोदन लेना होता है और कई बार खर्च पैसा पाने के लिए लंबा इंतजार भी करना पड़ता है। आयुष्मान योजना के सीईओ डॉ. योगेश भरसट ने बताया कि सरकारी कर्मचारियों को आयुष्मान योजना से जोड़कर उन्हें 5 लाख रुपए तक फ्री इलाज देने की तैयारी है। प्रस्ताव बनाकर सरकार के पास भेजा गया है, स्वीकृति मिलते ही इसे लागू कर दिया जाएगा। recent visitors 69

विडियो कान्फ्रेस के माध्यम से संभाग के धान खरीदी के लिए सभी जिलों के कलेक्टरों को कमिश्नर ने दिए निर्देश

जगदलपुर कमिश्नर जिला कार्यालय के एनआईसी कक्ष से विडियो कान्फ्रेस के माध्यम से संभाग के सभी जिलों के कलेक्टरों से कमिश्नर डोमन सिंह ने कहा कि धान खरीदी में सतत निरीक्षण सहित राजस्व अधिकारी के नेतृत्व में प्रत्येक शनिवार को समिति की बैठक करवाकर ग्रामीणों की धान खरीदी से संबधित समस्याओं का निराकरण करवाएं। खरीदी केंद्रों में पीडीएस दुकानों से प्राप्त होने वाले बारदाना की उपलब्धता सुनिश्चित करवाएं। साथ ही संवेदनशील खरीदी केंद्रों में एसडीएम के माध्यम से निगरानी रखें। उन्होंने शहर के कांजी हाऊस में घुमंतुक पशुधन को रखने की क्षमता बढ़ाने या नए कांजी हाऊस स्वीकृत करने के निर्देश दिए। कांजी हाऊस पशुओं हेतु चारा, नैपियर घास की और पैरा व्यवस्था करने कहा। साथ ही जिलों में सीएसआर-डीएमएफटी मद से काऊ कैचर की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता बताई। पशुधन विकास विभाग के द्वारा गौशाला या कांजी हाऊस में नैपियर घास उगाने की पहल किया जा सकता है। उन्होंने शासन के निदेर्शानुसार जिलों में गौ अभ्यारण्य के लिए जमीन चिंहाकन जल्द करने के लिए कहा। मुख्य सड़क मार्गों में दुर्घटनाजन्य क्षेत्र में कांजी हाऊस का नोटीफिकेशन जरूर करवाएं। साथ ही एनएमडीसी के टाउनशीप एरिया में पशुओं के लिए गोठान बनाने के पहल करवाएं। रोड सेफ्टी के तहत हेलमेट जागरूकता रैली, नियमों का पालन करने वालों को सम्मानित करने जैसे नवाचार करें। recent visitors 66