चित्रकूट में खदानों के कारण टाइगर रिजर्व नहीं बनेगा, महापौर ने पीएम से की थी टाइगर रिजर्व बनाने की मांग

भोपाल मध्य प्रदेश के सतना जिले के चित्रकूट में खदानों को बचाने के लिए टाइगर रिजर्व नहीं बनाया जाएगा। चित्रकूट के वन क्षेत्र में सरभंगा टाइगर रिजर्व बनाया जाना प्रस्तावित है, लेकिन वन विभाग का मानना है कि टाइगर रिजर्व के लिए वन क्षेत्र छोटा है। यहां राजस्व ग्राम एवं खदानें भी संचालित हैं। ऐसे में यहां टाइगर रिजर्व नहीं बनाया जा सकता है। इसकी सूचना मुख्यमंत्री कार्यालय को दी गई है, जिससे वह इस विषय को अपने सिस्टम से हटा दें। दरअसल, चित्रकूट के जंगल में बाघों की संख्या लगातार बढ़ रही है, इसलिए सतना के महापौर योगेश ताम्रकार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर टाइगर रिजर्व बनाए जाने की मांग की थी।   शावकों के साथ 20 बाघ कर रहे हैं विचरण वन मंडल सतना के मझगवां रेंज में मौजूद घने जंगल के अंदर विचरण कर रहे बाघों को देखते हुए सरभंगा टाइगर रिजर्व का प्रस्ताव तैयार कर मंजूरी के लिए राज्य शासन के पास भेजा गया था। इस वन क्षेत्र में प्राकृतिक रहवास इतना अनुकूल है कि टाइगर रिजर्व पन्ना नेशनल पार्क के टाइगर और बाघों की आवाजाही भी इस क्षेत्र में निरंतर बनी रहती है। नेशनल पार्क से सरभंगा के जंगल प्राकृतिक पथ का हिस्सा हैं। इस इलाके में 20 बाघ अपने शावकों के साथ विचरण कर रहे हैं। खदानों के कारण संकट में बाघ सरभंगा जंगल की 12 बीटों में लगभग 13,925 हेक्टेयर वन क्षेत्र है। चित्रकूट के जंगल से सटे क्षेत्र में लगातार खनन गतिविधियां बढ़ रही हैं। इससे यहां विचरण कर रहे बाघ और अन्य वन्यजीव संकट में हैं। इन्हें संरक्षित रखने के लिए टाइगर रिजर्व की कार्ययोजना वर्ष 2016 में तत्कालीन डीएफओ आरबी शर्मा ने बनाई थी, लेकिन अब इस प्रस्ताव पर वन विभाग ने ही असहमति जताई है। recent visitors 85

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश का स्थापना दिवस गर्व और गौरव का अवसर है

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश का स्थापना दिवस गर्व और गौरव का अवसर है। प्रदेश के 69वें स्थापना दिवस और दीपावली पर सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ ही समाज के जरूरतमंद वर्ग के जीवन में खुशियां बिखरने के लिए समर्थ वर्ग को आगे आना चाहिए। निर्माण श्रमिकों, अस्पतालों में दाखिल निर्धन वर्ग के रोगियों और अन्य जरूरतमंद व्यक्तियों को प्रत्येक नागरिक अपनी क्षमता के अनुसार फल, मिष्ठान और उनके बच्चों के लिए पटाखों का प्रबंध करें। शासकीय अधिकारी, व्यापारी वर्ग, उद्योगपति और निजी क्षेत्र के संस्थान भी प्रदेश के स्थापना दिवस और दीपावली पर सामाजिक प्रकल्प हाथ में लें। संयोग से इस वर्ष प्रदेश के स्थापना दिवस पर दीपावली पर्व का संयोग बना है। यह दोहरी प्रसन्नता का अवसर है, इस नाते सभी नागरिकों के लिए सम्मिलित उल्लास का वातावरण बनना चाहिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास के समत्व भवन में प्रदेश के स्थापना दिवस एक नवम्बर से आयोजित होने वाले चार दिवसीय कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा कर रहे थे। बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार प्रदेश का 69वाँ स्थापना दिवस समारोह आनंद और उमंग के साथ मनाया जाएगा। भोपाल के लाल परेड पर 30 अक्टूबर को विशेष कार्यक्रम में भारतीय सेना की ओर से बैंड प्रदर्शन और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही प्रदर्शनी भी लगाई जायेगी। सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता के कार्य हाथ में लिए जाएंगे। स्थापना दिवस के अवसर पर शासकीय भवनों पर सायंकाल को प्रकाश सज्जा भी की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गरीब बस्तियों में सेवा कार्यों का संचालन किया जाए। विशेष रूप से निर्माण श्रमिकों का त्यौहार पर ध्यान रखते हुए उनके बच्चों के लिए मिष्ठान और पटाखों की व्यवयस्था की जाए। जिलों में कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधि ऐसे सेवा कार्यों का नेतृत्व करें। स्व-सहायता समूहों की बहनों द्वारा निर्मित उत्पाद विक्रय के लिए उपलब्ध करवाए जाएं। माटी शिल्प, काष्ठ शिल्प और अन्य कलाओं से जुड़े शिल्पकारों के उत्पाद सामाजिक संगठनों द्वारा भी खरीदकर वितरित किए जाएं। दीपावली के अवसर पर जिला स्तर पर भी सेवा प्रकल्प संचालित किए जाएं। स्थापना दिवस कार्यक्रमों की रूपरेखा बैठक में जानकारी दी गई कि लाल परेड ग्राउंड में मध्यप्रदेश गान, सेना के बैंड प्रदर्शन और एयर-शो के लिए तैयारियां की जा रही हैं। विकास प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। यह प्रदर्शनी 30 एवं 31 अक्टूबर को लगी रहेगी। दीपावली के त्यौहार को देखते हुए नागरिक सुविधानुसार दोनों दिन प्रदर्शनी देख सकेंगे। प्रदेश के स्थापना दिवस पर संस्कृति विभाग की ओर से एक नवम्बर को अमृत मध्यप्रदेश के अंतर्गत समवेत नृत्य-नाटिका प्रस्तुत होगी। यह प्रस्तुति प्रदेश की सांस्कृतिक और क्षेत्रीय विशिष्टताओं पर आधारित होगी। नाटिका में अनेक पावन स्थलों के महत्व को भी प्रदर्शित किया जाएगा। शिखर सम्मान से अलंकृत श्री चंद्रमाधव बारिक ने इस नृत्य नाटिका का निर्देशन किया है। प्रस्तुति में 108 कलाकार हिस्सा लेंगे। लोकमाता अहिल्या देवी को समर्पित महेश्वर घाट की थीम पर कार्यक्रम का आकल्पन किया जा रहा है। सुगम संगीत के अंतर्गत गायक और संगीतकार श्री अंकित तिवारी कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई पर निर्मित प्रोजेक्ट खूब लड़ी मर्दानी के लिए संगीत देने वाले श्री तिवारी ने अनेक हिंदी फिल्मों में भी संगीत दिया है। रवीन्द्र भवन में सांस्कृतिक संध्या के साथ ही एक नवम्बर को जन अभियान परिषद द्वारा प्रभात फेरियों का आयोजन किया जाएगा। खेल एवं युवक कल्याण, महिला बाल विकास, पंचायत और नगरीय प्रशासन विभाग स्वच्छता, सजावट और रंगोली से संबंधित गतिविधियों का आयोजन करेंगे। ऐतिहासिक स्मारकों और महापुरूषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई एवं बाजारों में सौन्दर्यीकरण किया जाएगा। महत्वपूर्ण स्थलों पर 69 दीप जलाए जाएंगे। भोपाल के साथ ही जिलों में भी स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार विभिन्न गतिविधियां सम्पन्न होंगी। स्थापना दिवस के अवसर पर होंगे गोवर्धन पूजा के कार्यक्रम मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दीपावली के दूसरे दिन भारत की प्राचीन परम्परा के अनुसार गोवर्धन पूजा होती है। गोवर्धन पूजा व्यक्तिगत स्तर के साथ ही संस्थागत स्तर पर भी की जा सकती है। प्रदेश के स्थापना दिवस पर दीपावली और गोवर्धन पूजा का सुखद संयोग बना है। विभिन्न गौशालाओं में नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से गौ-पूजन कार्यक्रम होंगे। गोवर्धन पूजा के कार्यक्रमों के लिए प्रशासनिक अमला भी सक्रिय रहे। कार्यक्रमों का गरिमामय आयोजन किया जाए। बैठक में मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन, मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, अपर मुख्य सचिव गृह एवं जेल श्री एस.एन मिश्रा, पुलिस महानिदेशक श्री सुधीर कुमार सक्सेना, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय श्री संजय कुमार शुक्ला, पर्यटन निगम के प्रबंध संचालक और मुख्यमंत्री के अपर सचिव श्री इलैया राजा टी., सचिव सामान्य प्रशासन विभाग श्री अनिल सुचारी, आयुक्त पुरातत्व श्रीमती उर्मिला शुक्ला, संस्कृति संचालक श्री एन.पी. नामदेव, कलेक्टर भोपाल श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।   recent visitors 92

नामांकन दाखिल करने की तिथि समाप्त, कुल 46 उम्मीदवारों ने अपने दाखिल किया नामांकन पत्र

रायपुर रायपुर दक्षिण विधानसभा उपचुनाव 2024 के लिए नामांकन दाखिल करने की तिथि आज समाप्त हो गई है. अंतिम तिथि तक कुल 46 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किया है. इस दौरान कुल 57 नाम निर्देशन पत्र जमा किए गए हैं. आज 25 अक्टूबर 2024 को भारतीय सर्वजन हिताय समाज पार्टी से विक्रम अडवानी, हमर राज पार्टी से मनीष कुमार ठाकुर, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी से गोपीचंद साहू, भारतीय जनता पार्टी से सुनील कुमार सोनी, बहुजन मुक्ति पार्टी से कृष्णा चिंचखेड़े, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से फरीद मोहम्मद कुरैशी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शरद पवार से बृजनारायण साहू, निर्दलीय आशीष पाण्डेय, नीरज दुबे, मो. शान अहमद, अब्दुल अजीम, चन्द्र प्रकाश कुर्रे, प्रकाश कुमार उरांव, अदनान शाहीद, संतोष वर्मा, जयंत अग्रवाल, रमीज अलमास, मोहम्मद वसीम रिजवी, मो. इरफान खान, सलमान खान, अब्दुल शौकत गनी, रूबीना अंजुम, दीन बंधु गुप्ता ने अपना नाम निर्देशन पत्र जमा किया. चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की संवीक्षा 28 अक्टूबर को की जाएगी. उम्मीदवार 30 अक्टूबर तक अपना नामाकंन वापस ले सकेंगे. उपचुनाव के लिए 13 नवंबर को मतदान होना है और इसके नतीजे 23 नवंबर को आएंगे. recent visitors 71

झारखंड के विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी, पीएम मोदी सहित 40 नेता शामिल

रांची झारखंड के विधानसभा चुनाव के पहले चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी सहित कुल 40 नेता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्टार प्रचारक होंगे। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह की ओर से इस संबंध में भारत के निर्वाचन आयोग को सूचित कर दिया गया है। झारखंड में कुल 81 विधानसभा सीटों के लिए हो रहे चुनाव के पहले फेज में 43 सीटों पर 13 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। इस चरण के प्रचार के लिए पार्टियों और उम्मीदवारों के पास अब 18 दिन का वक्त है। भाजपा की ओर से स्टार प्रचारक घोषित किए गए नेताओं में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा पहले से कैंप कर रहे हैं। पिछले तीन दिनों में इन दोनों नेताओं ने 10-12 सभाएं संबोधित की हैं। पार्टी की ओर से जिन राज्यों के मुख्यमंत्री स्टार प्रचारक के तौर पर राज्य में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे, उनमें उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव, ओडिशा के सीएम मोहन चरण माझी, हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी और छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय शामिल हैं। केंद्रीय मंत्रियों में धर्मेंद्र प्रधान और अन्नपूर्णा देवी और केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय और संजय सेठ भी स्टार प्रचारक होंगे। पार्टी के बड़े नेताओं में स्मृति ईरानी, उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, राज्यसभा सदस्य लक्ष्मीकांत वाजपेयी, नागेंद्र नाथ त्रिपाठी, कर्मवीर सिंह, सुवेंदु अधिकारी भी स्टार प्रचारक बनाए गए हैं। भाजपा की झारखंड प्रदेश इकाई के नेताओं में प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व सीएम चंपई सोरेन, पूर्व सांसद कड़िया मुंडा, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, सांसद विद्युत वरण महतो, निशिकांत दुबे, ढुल्लू महतो, आदित्य साहु, प्रदीप वर्मा, बालमुकुंद सहाय, पूर्व विधायक सीता सोरेन, पूर्व मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी, मनोज सिंह और घूरन राम भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल हैं। राज्य में पहले चरण के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुक्रवार को संपन्न हो गई। चुनाव आयोग की वेबसाइट पर शाम 5 बजे तक अपडेट की गई सूचना के मुताबिक, पहले फेज के लिए कुल 868 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। recent visitors 75

उत्तरकाशी में मस्जिद को गिराने की मांग को लेकर हंगामा बढ़ा, हिंदू संगठनों ने किया बंद का ऐलान, धारा 163 लागू

उत्तराखंड उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में एक मस्जिद को गिराने की मांग को लेकर हंगामा बढ़ गया है। आरोप है कि यह मस्जिद अवैध रूप से सरकारी जमीन पर बनाई गई है। इस मस्जिद को हटाने की मांग करते हुए हिंदू संगठनों के लोग दो दिन से सड़कों पर उतरे हुए हैं। गुरुवार को पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसका विरोध करते हुए हिंदू संगठनों ने शुक्रवार को बंद का आह्वान किया है। व्यापारियों का समर्थन गंगाघाटी और यमुनाघाटी प्रांतीय उद्योग व्यापार संघ ने पुलिस लाठीचार्ज का विरोध किया है। उन्होंने सभी व्यापार मंडलों से अपने प्रतिष्ठानों को बंद रखने के लिए कहा है। पिछले दिन भी संयुक्त हिंदू संगठन की 'जन आक्रोश' रैली के समर्थन में उत्तरकाशी, डुंडा, भटवाड़ी और जोशियाड़ा में बाजार बंद रहे। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर BNS 163 लागू की है, जिसके तहत 5 से ज्यादा लोग एक जगह जमा नहीं हो सकेंगे। आज शुक्रवार की नमाज अदा की जानी है, लेकिन हिंदूवादी संगठनों ने नमाज का विरोध किया है।   पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हो गई। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स तोड़ने की कोशिश की और पुलिस पर पथराव किया, जिसमें 7-8 पुलिसकर्मी घायल हुए। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज किया।   प्रशासन की कार्रवाई प्रदर्शनकारी हिंदू संगठनों ने प्रशासन से मस्जिद में जुमे की नमाज पर भी रोक लगाने की मांग की है। तनाव के मद्देनजर पूरे उत्तरकाशी शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन का दावा है कि गुरुवार के प्रदर्शन के बाद स्थिति सामान्य हो गई है और उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। हालांकि, फिलहाल क्षेत्र में शांति बनी हुई है। प्रशासन स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए सतर्क है।   recent visitors 60

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल का एक्शन, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 7 शूटर्स गिरफ्तार

नई दिल्ली लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ पैन इंडिया कार्रवाई में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है. गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 7 शूटर्स गिरफ्तार हुए हैं. सभी शूटर्स की गिरफ्तारी पंजाब और अन्य राज्यों से की गई है. पुलिस ने शूटर्स के पास से हथियार भी बरामद किए हैं. इससे पहले लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने भी शिकंजा कसा. एनआईए ने लॉरेंस के भाई अनमोल बिश्नोई पर 10 लाख रुपए का इनाम घोषित कर दिया है. अनमोल बिश्नोई उर्फ ​​भानु कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई है. वह सिंगर-राजनेता सिद्धू मूसेवाला की हत्या में भी आरोपी है. कौन है लॉरेंस का भाई, ज‍िसे NIA ने मोस्टवांटेड लिस्ट में क‍िया शामिल साल 2023 में जांच एजेंसी ने उसके खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी. रिपोर्ट के मुताबिक वह फर्जी पासपोर्ट पर भारत से भाग गया था. अनमोल बिश्नोई कथित तौर पर अपने ठिकाने बदलता रहता है और पिछले साल उसे केन्या और इस साल कनाडा में देखा गया था. जानकारी में मुताबिक अनमोल बिश्नोई पर 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं. वह जोधपुर जेल में सजा काट चुका है. अनमोल को 7 अक्टूबर 2021 को जमानत पर रिहा किया गया था. बाबा सिद्दीकी मर्डर केस में भी आया नाम बाबा सिद्दीकी की हत्या मामले की जांच कर रही मुंबई क्राइम ब्रांच को आरोपियों से पूछताछ में पता चला था कि शूटर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई के सीधे संपर्क में थे. हत्या करने वाले संदिग्ध तीन शूटरों ने हत्या से पहले एक इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप (स्नैपचैट) के जरिए जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई से बातचीत की थी. अनमोल बिश्नोई एक शूटर और साजिशकर्ता प्रवीण लोनकर के संपर्क में था. अनमोल कनाडा और अमेरिका से आरोपियों के संपर्क में था. एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की दशहरा की रात मुंबई के बांद्रा इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में अब तक मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच 11 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है.   recent visitors 81

उमर अब्दुल्ला सरकार के आते ही आतंकी वारदातों में इजाफा, 15 दिन में 19 का कत्ल

 श्रीनगर जम्मू-कश्मीर को 10 साल बाद चुनी हुई सरकार मिली है और उमर अब्दुल्ला अब मुख्यमंत्री बन गए हैं। इसके बाद भी केंद्र शासित प्रदेश में आतंकी हमले थमने की बजाय और बढ़ गए हैं। बीते 15 दिनों में ही अलग-अलग आतंकी हमलों में अब तक 19 लोग मारे जा चुके हैं। 24 अक्टूबर की शाम को कश्मीर के गुलमर्ग में फिर एक आतकी हमला हुआ, जिसमें दो आर्मी पोर्टर और दो जवान शहीद हो गए। यह हमला भी टूरिस्ट हॉटस्पॉट वाले इलाके में हुआ। यही नहीं यहां सेना की बड़ी संख्या में तैनाती रहती है। उसके बाद भी आतंकियों के सेना तक पहुंचने और उनको निशाना बनाने से सवाल उठ रहे हैं। इससे पहले 20 अक्टूबर को गांदरबल जिले के गगनगीर इलाके में एक सुरंग के निर्माण की साइट पर आतंकी हमला हुआ था। इस हमले में 6 बाहरी मजदूरों और एक स्थानीय डॉक्टर का कत्ल कर दिया गया। इन लोगों पर आतंकियों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं और ज्यादातर लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इससे पूर्व 18 तारीख को भी शोपियां में बिहार के एक मजदूर का कत्ल कर दिया गया था। इन घटनाओं के बीच एलजी मनोज सिन्हा ने सुरक्षा बलों को सख्ती बरतने और पुलिस एवं सेना को साथ मिलकर अभियान चलाने का आदेश दिया है। फिर भी अब तक कोई नियंत्रण नहीं दिख रहा है। बीती रात को सेना और आतंकियों के बीच छिड़े संघर्ष ने चिंताओं को और बढ़ा दिया है। बारामूला, पुंछ, शोपियां, गांदरबल और कश्मीर समेत ज्यादातर इलाकों में सुरक्षा बलों की चिंता बढ़ गई है। फिलहाल ज्यादातर जगहों पर सुरक्षा बल सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं और कई जगहों पर कैंपिंग बढ़ा दी गई है। 9 अक्टूबर को भी एक लापता सैनिक का गोलियों से छलनी शव बरामद हुआ था। खबर थी कि सैनिक को अनंतनाग से आतकियों ने अगवा कर लिया है। अंत में उनका शव ही बरामद किया गया। जवान की पहचान हिलाल अहमद भट के तौर पर हुई है। इस बीच गुरुवार को सीएम उमर अब्दुल्ला ने दिल्ली में राजनाथ सिंह और होम मिनिस्टर अमित शाह से मुलाकात की। उन्होंने इस दौरान राज्य का दर्जा बहाल किए जाने की मांग की। वहीं भाजपा के एक नेता ने साफ कहा कि जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा तब तक नहीं मिल सकता, जब तक सुरक्षा के हालात सुधर नहीं जाते। उन्होंने उमर अब्दुल्ला सरकार के आते ही आतंकी वारदातों में इजाफे की ओर भी इशारा किया। माना जा रहा है कि जम्मू-कश्मीर में शांति पूर्ण चुनाव और सरकार गठन से पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन बौखला गए हैं और वे लोगों पर हमले कर रहे हैं। इसी के चलते ऐसी स्थिति पैदा हुई है। बारामूला आतंकी हमले पर क्या बोले फारूक अब्दुल्ला नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी हमलों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। बारामूला आतंकी हमले पर उन्होंने कहा, 'इस रियासत में ऐसा होता रहेगा। जब तक इस समस्या से निकलने का रास्ता नहीं निकलेगा, तब तक यह नहीं रुकेगा। मैं 30 साल से देख रहा हूं कि निर्दोष लोग मारे जा रहे हैं।' फारूक ने कहा कि हम पाकिस्तान का हिस्सा नहीं बनने वाले हैं, तो वे ऐसा क्यों कर रहे हैं? हमारा भविष्य बर्बाद करने के लिए? उन्हें अपने देश को देखना चाहिए। उन्होंने कहा, 'मैं उनसे फिर अपील करता हूं कि वे इसे रोकें और दोस्ती का रास्ता खोजें। अगर दोस्ती नहीं की गई तो भविष्य बहुत मुश्किल होगा। मैं इस घटना में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देता हूं।' जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में गुरुवार को किए गए आतंकवादी हमले में गंभीर रूप से घायल हुए 2 जवानों ने दम तोड़ दिया। इसके साथ ही इस हमले में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 4 हो गई है। सैन्य बल के साथ काम करने वाले 2 कुलियों की कल मौत हो गई थी। तीन सैनिकों सहित चार लोग घायल हुए थे जिनमें से दो सैनिकों ने बाद में दम तोड़ दिया। उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में गुलमर्ग से छह किलोमीटर दूर आतंकवादियों ने सेना के एक वाहन पर हमला दिया। बूटापथरी इलाके में सेना के वाहन पर तब गोलीबारी की जब वह अफरावत रेंज में नागिन चौकी की ओर जा रहा था। अधिकारियों ने कहा कि यह क्षेत्र पूरी तरह से सेना के कब्जे में है। उमर अब्दुल्ला बोले- हालिया हमले गंभीर चिंता का विषय जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि घाटी में हालिया हमले गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘उत्तरी कश्मीर के बूटापथरी क्षेत्र में सेना के वाहनों पर हमले की बेहद दुर्भाग्यपूर्ण खबर है, जिसमें कुछ लोग हताहत हुए हैं। कश्मीर में हालिया हमले गंभीर चिंता का विषय हैं।’ अब्दुल्ला ने कहा कि मैं इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा करता हूं और जान गंवाने वाले लोगों के प्रियजन के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं यह भी प्रार्थना करता हूं कि घायल पूरी तरह और शीघ्र स्वस्थ हों। पूर्व मुख्यमंत्री और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने भी हमले की निंदा की। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, ‘बारामूला में सेना के काफिले पर आतंकवादी हमले से स्तब्ध और दुखी हूं। इसकी स्पष्ट रूप से निंदा करती हूं और घायल सैनिकों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना करती हूं।’ recent visitors 84