अमित शाह नक्सल प्रभावित राज्यों के साथ नई दिल्ली में जल करेंगे बैठक, बड़े ऑपरेशन की तैयारी में मोदी सरकार

नई दिल्ली मोदी सरकार में हुए लगातार प्रहार से सिमटते जा रहे नक्सलवाद पर अब अंतिम प्रहार की तैयारी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को नक्सल प्रभावित राज्यों के साथ नई दिल्ली में बैठक करने जा रहे हैं। इन क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं में तेजी लाकर इन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास के साथ ही सरकार 2026 तक देश को नक्सलमुक्त करने के लिए बड़े ऑपरेशन की रूपरेखा बना सकती है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के विरुद्ध अभी हुई बड़ी कार्रवाई के बीच नक्सली भागकर अन्य राज्यों में शरण न ले सकें, इसे लेकर भी राज्यों को सतर्क और सक्रिय करने की रणनीति अपनाई जा सकती है। अभी ताजा घटनाक्रम है कि छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों ने 32 नक्सलियों को ढेर कर दिया है। इस साल मारे गए 193 नक्सली राज्य में इस वर्ष लगभग 193 नक्सली मारे जा चुके हैं। सिर्फ छत्तीसगढ़ ही नहीं, सभी प्रभावित राज्यों में लगातार हुई नक्सलरोधी कार्रवाई का ही परिणाम है कि मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड जैसे राज्यों में नक्सली गतिविधियों पर लगभग विराम लग चुका है। बाकी के राज्यों छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, आंध प्रदेश, तेलंगाना आदि में भी यह खात्मे की कगार पर हैं। उल्लेखनीय है कि अगस्त में रायपुर में हुई बैठक में गृह मंत्री शाह ने 2026 तक देश को नक्सलमुक्त करने का संकल्प दोहराते हुए कहा था कि अब नक्सलवाद पर अंतिम प्रहार की रणनीति बनाने की आवश्यकता है। साथ ही कहा था कि नक्सलियों के पास अभी बहुत कम समय बचा है, वह चाहें तो आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा में लौट सकते हैं। डीजीपी और मुख्य सचिवों को सौंपा जाएगा जिम्मा सूत्रों के अनुसार, सोमवार को गृह मंत्री द्वारा की जा रही बैठक इसी अंतिम रणनीति को अमल में लाने की तैयारी के लिए है। इसमें नक्सल प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक सहित केंद्रीय गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, केंद्रीय सुरक्षा व खुफिया एजेंसियों के शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे। बताया गया है कि इन सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से आग्रह किया जाएगा कि वह राजनीतिक पहलू को किनारे कर पूरी इच्छाशक्ति के साथ नक्सलवाद के खात्मे में लगें। सुरक्षा बलों द्वारा नक्सलियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की नियमित निगरानी का जिम्मा राज्यों के पुलिस महानिदेशकों को सौंपा जा सकता है, जबकि मुख्य सचिवों से अपेक्षा रहेगी कि वह नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सरकार की विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने के प्रयास में जुटें, ताकि इन क्षेत्रों के निवासियों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिले और वहां नक्लियों को फिर से पैर पसाने का अवसर न मिले। राज्यों को किया जा सकता है सतर्क महत्वपूर्ण यह भी है कि छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों ने गत दिवस ही नक्सलियों पर कड़ी कार्रवाई की है। भय के कारण यह नक्सली अन्य राज्यों में शरण न पा सकें, इसलिए भी अन्य राज्यों को सतर्क किया जा सकता है। गृह मंत्रालय द्वारा राज्यों से कहा जा सकता है कि अब अंतिम प्रहार के रूप में सभी राज्य मिलकर बड़ा ऑपरेशन शुरू करें, ताकि देश को इस बड़ी और पुरानी समस्या से निजात दिलाई जा सके। recent visitors 81

दिल्ली में नमो भारत का सफर करने के लिए हो जाए तैयार, जल्द ही नमो भारत ट्रेन का परिचालन शुरू हो जाएगा

नई दिल्ली दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर जल्द ही नमो भारत ट्रेन का परिचालन शुरू हो जाएगा। इसके लिए साहिबाबाद से दिल्ली के न्यू अशोक नगर के बीच इसका ट्रायल रन शुरू कर दिया गया है। अगले वर्ष जून तक 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर पर इस ट्रेन का परिचालन शुरू करने का लक्ष्य है। इससे एक घंटे से भी कम समय में दिल्ली से मेरठ की यात्रा संभव हो सकेगी। वर्तमान में नमो भारत ट्रेन रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) के साहिबाबाद स्टेशन से मेरठ साउथ तक 42 किलोमीटर के खंड में संचालित है। साहिबाबाद से न्यू अशोक नगर तक नमो भारत ट्रेन चलने से आरआरटीएस के संचालित खंड की लंबाई बढ़कर 54 किलोमीटर हो जाएगी, जिसमें 11 स्टेशन होंगे। दिल्ली में न्यू अशोक नगर, आनंद विहार और सराय काले खां तीन आरआरटीएस स्टेशन हैं। ट्रेन को मैन्युअल तरीके से चलाया राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थिति में शनिवार को ट्रायल रन की शुरुआत हुई। सिविल स्ट्रक्चर की जांच के लिए ट्रेन को मैन्युअल तरीके से चलाया गया। ट्रैक, सिग्नलिंग, प्लेटफार्म स्क्रीन डोर (पीएसडी) और ओवरहेड बिजली आपूर्ति आदि की भी जांच होगी। अगले कुछ माह में ट्रेन के हाई-स्पीड टेस्ट सहित अन्य जांच पूरी की जाएगी। नमो ट्रेन से संबंधित महत्वपूर्ण तथ्य साहिबाबाद से न्यू अशोक नगर इस खंड की लंबाईः लगभग 12 किमी आनंद विहार और न्यू अशोक नगर दो आरआरटीएस स्टेशन हैं। आनंद विहार आरआरटीएस स्टेशन सबसे ज्यादा भीड़ वाला स्टेशन होगा। इस स्टेशन से दो मेट्रो लाइनों (ब्लू और पिंक), आनंद विहार रेलवे स्टेशन और दिल्ली व कौशांबी (उत्तर प्रदेश) दो आईएसबीटी जुड़ेंगे। इसे मल्टी-मॉडल इंटीग्रेशन के मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है। न्यू अशोक नगर आरआरटीएस स्टेशन से न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन 100 मीटर से भी कम दूरी पर स्थित है। दोनों को फुटओवर ब्रिज (एफओबी) से जोड़ा जाएगा। आरआरटीएस स्टेशन पर पहुंचने के लिए चिल्ला गांव व मयूर विहार एक्सटेंशन की ओर से और प्राचीन शिव मंदिर के पास से दो एफओबी होंगे।   recent visitors 95

उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा- प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिये तेजी से काम हो रहा है

भोपाल उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा है कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिये तेजी से काम हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार का प्रयास स्वास्थ्य के क्षेत्र में मध्यप्रदेश को देश का शीर्ष राज्य बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क, बिजली, पेयजल और सिंचाई के क्षेत्र में अभूतपूर्व गति से काम हुये हैं। कृषि के क्षेत्र में प्रदेश सात वर्षों से देश का सिरमौर बना हुआ है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने जबलपुर के मझौली में 10 करोड़ रुपये लागत के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नवीन भवन का भूमिपूजन किया। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि आयुष्मान योजना से लाखों गरीबों ने अच्छे अस्पतालों में अपना निःशुल्क उपचार कराया है। आयुष्मान कार्डधारियों को अपने उपचार के लिये अब किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ता, उनका इलाज सरकार करा रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 70 वर्ष से अधिक की आयु के प्रत्येक बुजुर्ग को आयुष्मान योजना का लाभ देने का निर्णय लिया है। इसके दायरे में इनकम टैक्स चुकाने वाले और सेवा निवृत्त शासकीय अधिकारी-कर्मचारी भी आयेंगे, अमीर या गरीब का कोई भेद नहीं रहेगा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन का 100 बिस्तर अस्पताल में होगा उन्नयन उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन का 100 बिस्तर अस्पताल में उन्नयन कर इसे सिविल अस्पताल बनाने और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटंगी के नवीन भवन के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नये बने चार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक स्टॉफ की पदस्थापना भी जल्द की जायेगी। सरकार का प्रयास है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में ज़िला अस्पताल स्तर की सुविधाएँ देने के प्रयास किये जा रहे हैं ताकि लोगों को निकट स्थित केंद्र में ही स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हों और जिला अस्पताल जाने की जरूरत न पड़े। सांसद श्री आशीष दुबे, विधायक श्री अजय विश्नोई स्थानीय जन प्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।   recent visitors 77

हरियाणा में कांग्रेस तो जम्मू कश्मीर में भाजपा ने चौंकाया, देखें एग्जिट पोल के नतीजे

नई दिल्ली. हरियाणा को लेकर ज्यादातर एग्जिट पोल्स ने भाजपा की हार का अनुमान जताया है। यही नहीं कई Exit Polls ने जम्मू-कश्मीर में भी भाजपा को झटका लगने की भविष्यवाणी की है। इंडिया टुडे के सर्वे की बात करें तो उसमें कहा गया है कि जम्मू-कश्मीर में भाजपा को 27 से 32 सीटें ही मिलेंगी, जबकि नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस को 40 से 48 सीटें मिल सकती हैं। यदि यह आंकड़ा हुआ तो फिर INDIA अलायंस सरकार बनाने के करीब होगा। इसके अलावा पीपल्स पल्स और दैनिक भास्कर के सर्वे में भी जम्मू-कश्मीर में INDIA अलायंस के मुकाबले भाजपा के पिछड़ने का अनुमान जाहिर किया गया है। वहीं भाजपा ने इन एग्जिट पोल्स को खारिज किया है। जम्मू-कश्मीर में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना ने कहा कि हम एग्जिट पोल्स पर भरोसा नहीं करते। ये अनुमान अपनी जगह हैं, लेकिन हमारी जानकारी यह है कि भाजपा सरकार बना लेगी। उन्होंने एग्जिट पोल्स की भविष्यवाणियों से अलग अपना अनुमान जाहिर किया। उनके अनुमान में भी भाजपा अपने दम पर सरकार नहीं बना सकेगी, लेकिन वह निर्दलियों के सहारे सरकार गठित कर सकती है। रविंद्र रैना ने कहा कि हमारा भरोसा है कि भाजपा को जम्मू-कश्मीर में अकेले 35 सीटें मिल जाएंगी। इसके अलावा हमारे विचार से सहमति रखने वाले करीब 12 से 15 निर्दलीय चुनाव जीत सकते हैं। भाजपा के एक अन्य नेता जफर इस्लाम ने भी कहा कि हम और हमारे कुछ सहयोगी मिलकर 47 सीटों पर आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा जम्मू-कश्मीर में बड़ा बदलाव लेकर आएगी। रैना ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में बड़ा बदलाव आया है। पीएम नरेंद्र मोदी के प्रयासों से दिल्ली और दिल की दूरी अब खत्म हुई है। इसके अलावा होम मिनिस्टर अमित शाह के प्रयासों से आतंकवाद पर लगाम लगी है। इसका फायदा भाजपा को मिलेगा। बता दें कि जम्मू क्षेत्र में विधानसभा की कुल 43 सीटें हैं, जबकि 47 सीटें कश्मीर क्षेत्र में हैं। यदि एग्जिट पोल्स के अनुमान सही साबित हुए तो इससे साफ होगा कि जम्मू क्षेत्र में भी हिंदू वोटों का ध्रुवीकरण भाजपा के पक्ष में नहीं हो सका, जहां से उसे काफी उम्मीदें हैं। recent visitors 67

मुख्यमंत्री ने मातृ-शक्ति के खातों में अंतरित किये 1574 करोड़ रूपए: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि वीरांगना रानी दुर्गावती की 500वीं जयंती का दिन शौर्य और बलिदान के स्मरण, नारी सशक्तिकरण एवं सम्मान का दिन है। रानी दुर्गावती अदम्य साहस और वीरता की प्रतीक थीं। उनके जीवित रहते कभी भी मुगल, पठान, सुल्तान या अन्य कोई भी आक्रांता गोंडवाना की तरफ आँख उठाकर नहीं देख सका। रानी दुर्गावती ने अंतिम श्वांस तक अपने राज्य को आक्रांताओं से सुरक्षित रखा और उसकी सुरक्षा करते हुए हंसते-हंसते प्राणोत्सर्ग कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके शौर्य और बलिदान को पुन: स्मरण करने के लिये सिंग्रामपुर में जनजातीय क्षेत्रों में विकास की नई इबारत लिखने के लिये केबिनेट करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। मुझे बेहद प्रसन्नता है कि वीरांगना रानी दुर्गावती की पहली राजधानी से आज लाड़ली बहना योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और प्रधानमंत्री उज्जवला गैस योजना में हितग्राहियों के खाते में सिंगल क्लिक से 1934 करोड़ 71 लाख रुपये की राशि अंतरित की गई है। साथ ही 70 वर्ष से अधिक उम्र के वृद्धजनों के लिए आयुष्मान कार्ड योजना का शुभारंभ और क्षेत्र के विकास के लिये 5 करोड़ 47 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण/भूमि-पूजन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को दमोह जिले के ग्राम सिंग्रामपुर में महिला सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन में उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा, श्री राजेन्द्र शुक्ल सहित मंत्रि-परिषद के सभी सदस्य मौजूद रहे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नारी सम्मान सर्वोपरि है। सभी वर्ग की महिलाओं के लिये अनेक हितग्राही और स्व-रोजगार मूलक योजनाएँ प्रभावी रूप से संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2024-25 में लाड़ली बहना योजना में 18 हजार 984 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया है। मुझे यह जानकर खुशी हुई कि सिर्फ दमोह जिले में ही ढाई लाख लाड़ली बहनों को योजना का लाभ मिल रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने बहनों को लखपति बनाने की योजना लागू की है। प्रधानमंत्री ने ‘एक देश-एक चुनाव’ की घोषणा की है। अब लोकसभा और विधानसभा चुनाव में भी महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। इस व्यवस्था से बहनों के महत्व का एहसास होगा। हमारी बहनें सत्ता के साथ सुव्यवस्था और विकास लायेंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नारी सशक्तिकरण के लिये आज से नवरात्रि तक विभिन्न गतिविधियाँ संचालित की जायेंगी, जिसमें मॉर्शल ऑर्ट, सायबर टेक्नोलॉजी का प्रशिक्षण भी शामिल है। इन गतिविधियों से नारी को आत्म-निर्भर और जागरूक बनाया जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बुंदेलखण्ड क्षेत्र के किसानों के लिये प्रधानमंत्री श्री मोदी ने केन-बेतवा परियोजना की बड़ी सौगात दी है। आने वाले समय में पूरे क्षेत्र के किसानों के खेतों में पानी पहुँचेगा और अच्छी फसल होगी। यह क्षेत्र कृषि उत्पादन में पंजाब और हरियाणा को भी पीछे छोड़ेगा। मुख्यमंत्री ने किसानों से आह्वान किया कि वे अपनी कृषि भूमि किसी भी स्थिति में न बेचें। केन-बेतवा नदी परियोजना से आने वाला समय किसानों के लिये स्वर्णिम होगा। उन्होंने कहा कि किसानों को जीरो प्रतिशत पर फसल ऋण उपलब्ध कराने का निर्णय आज कैबिनेट में लिया गया है। राज्य सरकार किसानों के कल्याण के लिये दृढ़ संकल्पित है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारे गौरवशाली इतिहास से भावी पीढ़ी को परिचित करवाने के लिये भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के मध्यप्रदेश में जहाँ-जहाँ चरण पड़े हैं, उन स्थानों को तीर्थ-स्थल के रूप में विकसित किया जायेगा। हमारी सरकार ने सभी त्यौहारों को पूरे उत्साह के साथ मनाने का निर्णय लिया है। हाल ही में रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्मी पूरे प्रदेश में धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। अब आने वाला दशहरा पर्व भी हम उत्साह एवं उमंग के साथ मनायेंगे। राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि दशहरा पर्व पर सभी जिलों में शस्त्र-पूजन किया जायेगा। इसमें मैं स्वयं और पूरे मंत्री-मण्डल के साथ सांसद और विधायक अपने-अपने क्षेत्र में शस्त्र-पूजन करेंगे। दमोह को दी अनेक सौगातें मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दमोह में पर्यटन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए दमोह को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दमोह में रानी दमयंती संग्रहालय के उन्नयन, वीरांगना रानी दुर्गावती की प्राचीन राजधानी सिंग्रामपुर में स्वास्थ्य केंद्र, शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने दूसरे चरण में सीएम राइज स्कूल बनाने, हाई-मास्क लाइट और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, रानी दुर्गावती की याद में मंगल भवन का निर्माण करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सिंचाई एवं पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और जल-संरक्षण के लिए स्टॉप डेम और चेक डैम बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सागर में आयोजित रीजनल इण्डस्ट्री कॉन्क्लेव में 23 हजार करोड़ के औद्योगिक निवेश पर सहमति हुई है। इससे बुंदेलखण्ड में औद्योगिक निवेश से विकास के साथ बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। recent visitors 70

सिंग्रामपुर में रानी दुर्गावती के अभूतपूर्व योगदान के सम्मान में हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में लिये अनेक निर्णय

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में दमोह जिले के सिंग्रामपुर में वीरांगना रानी दुर्गावती के अभूतपूर्व योगदान के सम्मान में मंत्रि-परिषद की बैठक हुई। मंत्रि-परिषद ने रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना में अधिकतम 3900 रूपये प्रति हेक्टेयर अतिरिक्त सहायता राशि की स्वीकृति दी। योजना वर्ष 2024-25 अंतर्गत गठित "महासंघ (Federation) द्वारा क्रय कोदो-कुटकी पर किसानों को महासंघ द्वारा भुगतान किये गये न्यूनतम क्रय मूल्य के अतिरिक्त यह सहायता राशि डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से किसानों के खाते में दिये जाने का निर्णय लिया गया। जीरो प्रतिशत ब्याज पर फसल ऋण योजना की निरन्तरता को मंजूरी मंत्रि-परिषद ने निर्णय लिया कि सहकारी बैंकों के माध्यम से वर्ष 2024-25 में शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर कृषकों को अल्पावधि फसल ऋण दिये जाने की योजना निरन्तर जारी रहेगी। मध्यप्रदेश जैन कल्याण बोर्ड के गठन का निर्णय मंत्रि-परिषद ने मध्यप्रदेश जैन कल्याण बोर्ड के गठन का निर्णय लिया है। देश में अपने प्रकार का यह पहला कार्य है। जैन समाज के प्रतिभाशाली बच्चे एवं युवाओं को शिक्षा, सामाजिक सरोकार जैसे जैन-मुनियों के प्रवास एवं चार्तुमास के दौरान सुरक्षा एवं बेहतर शिक्षा एवं स्थिति में सुधार आदि के संबंध में शासन की विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन जैन समाज के विशेष संदर्भ में प्रभावी तरीके से करने के लिए मध्यप्रदेश जैन कल्याण बोर्ड के गठन का निर्णय लिया गया है। बोर्ड में 01 अध्यक्ष एवं 02 सदस्य होंगे। बोर्ड के गठन से जैन समाज, वर्ग के व्यक्तियों के लिए शासन की कल्याणकारी/जनहितकारी योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन होगा। इससे जैन समाज के आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक विकास को गति मिल सकेगी। बोर्ड में 2 वर्ष श्वेतांबर और 2 वर्ष दिगम्बर समाज के कार्यकाल को निर्धारित किया जाएगा। रानी दुर्गावती स्मारक एवं उद्यान विकसित करने समिति गठन की स्वीकृति मंत्रि-परिषद ने मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में रानी दुर्गावती स्मारक एवं उद्यान को विकसित करने गठन की स्वीकृति दी। समिति में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री, लोक निर्माण मंत्री, जनजातीय कार्य मंत्री और संस्कृति और पर्यटन मंत्री सदस्य होंगे। जबलपुर में स्थित मदन महल पहाड़ी के 24 एकड़ क्षेत्र को लगभग 100 करोड़ रूपये की लागत से रानी दुर्गावती स्मारक एवं उद्यान के रूप में विकसित किए जाने की योजना है। इसमें रानी दुर्गावती की कांस्य प्रतिमा, ओपन एयर थिएटर, कला और शिल्प जोन (शिल्पकला, धातु और टेराकोटा), स्थानीय भोजन की उपलब्धता वाला फूड जोन, जल-संरक्षण संरचनाएं, कैफेटेरिया एवं फिल्म निर्माण पर समिति द्वारा निर्णय लिये जायेंगे। अन्य निर्णय मंत्रि-परिषद द्वारा निर्णय लिया गया है कि पूर्ववर्ती चिकित्सा शिक्षा विभाग तथा लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के आपस में विलय होने से दोनों विभागों के अन्तर्गत संचालित नर्सिंग महाविद्यालयों में शैक्षणिक एकरूपता लाई जाये। इसके लिए स्वशासी नर्सिंग प्रशिक्षण संस्थानों को शासकीय नर्सिंग प्रशिक्षण संस्थान में परिवर्तित किया जाकर स्वशासी नर्सिंग महाविद्यालय के लिए पूर्व से स्वीकृत सभी 428 पदों को लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के सेवा भर्ती नियम अंतर्गत प्रशासित किया जाएगा। मंत्रि-परिषद ने दमोह जिले में स्थित हवाई पट्टी के उन्नयन की सैद्धांतिक सहमति भी दी।   recent visitors 56

यदि हम आपस में बंटेंगे तो जो लोग हमें बांटना चाहते हैं, वे अपनी महफिल सजाने का मौका पा जाएंगे: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

ठाणे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ठाणे में एक जनसभा को संबोधित करते हुए देश की एकता और अखंडता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि हम आपस में बंटेंगे तो जो लोग हमें बांटना चाहते हैं, वे अपनी महफिल सजाने का मौका पा जाएंगे। मोदी ने अपने भाषण में राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता की अहमियत पर बात की, और जनता को देशहित में एकजुट रहने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "कांग्रेस जानती है कि उनका वोट बैंक तो एक रहेगा, लेकिन बाकी लोग आसानी से बंट जाएंगे। कांग्रेस और उनके साथियों का एक ही मिशन है, समाज को बांटो और सत्ता पर कब्जा करो। इसलिए हमारी एकता को ही देश की ढाल बनाना है, हमें याद रखना है कि अगर हम बंटेंगे तो बांटने वाले महफिल सजाएंगे। हमें कांग्रेस और अघाड़ी वालों के मंसूबों को कामयाब नहीं होने देना है। नरेंद्र मोदी ने कहा, "हिमाचल में कांग्रेस सरकार ने तो हद ही कर ही है। हिमाचल में कांग्रेस सरकार ने शौचालय कर लगाया है। एक ओर मोदी कह रहा है- शौचालय बनाओ और ये कह रहे हैं- हम शौचालय पर टैक्स लगाएंगे, यानी कांग्रेस लूट और फरेब का पूरा पैकेज है। मोदी ने कहा, "कांग्रेस, भारत की सबसे बेईमान और भ्रष्ट पार्टी है। चाहे कोई भी दौर हो, कोई भी राज्य हो, कांग्रेस का चरित्र नहीं बदलता। आप पिछले एक हफ्ते का हाल देख लीजिए… कांग्रेस के एक CM का जमीन घोटाले में नाम आया है, उनके एक मंत्री महिलाओं को गालियां दे रहे हैं, उनको अप​मानित कर रहे हैं, हरियाणा में कांग्रेस का एक नेता ड्रग्स के साथ पकड़े गए हैं। कांग्रेस चुनाव में बड़े-बड़े वादे करती है, लेकिन सरकार बनने पर जनता के शोषण का नया नया तरीका खोजती है। आए दिन, नए-नए टैक्स लगाकर अपने घोटालों के लिए पैसा जुटाना ही इनका एजेंडा है। नरेंद्र मोदी ने कहा, "मुंबई में मेट्रो लाइन-3 की शुरुआत देवेन्द्र फडणवीस के मुख्यमंत्री रहते हुई थी। इसका 60 प्रतिशत काम उनके कार्यकाल में हो भी गया था, लेकिन फिर महाअघाड़ी की सरकार आ गई। महाअघाड़ी वालों ने अपने अहंकार में मेट्रो का काम लटका दिया, 2.5 साल तक काम अटके रहने से प्रोजेक्ट की कीमत 14 हजार करोड़ रुपये बढ़ गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज एक तरफ महायुति सरकार है, जो महाराष्ट्र के विकास को ही अपना लक्ष्य मानती है। दूसरी ओर कांग्रेस और महाअघाड़ी वाले लोग हैं, उन्हें जब भी मौका मिलता है, वो विकास के काम को ठप्प कर देते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज हर भारतवासी का एक ही लक्ष्य है, 'विकसित भारत'… इसलिए हमारी सरकार का हर निर्णय, हर संकल्प, हर सपना 'विकसित भारत' के लिए समर्पित है। इस लक्ष्य की प्राप्ती के लिए हमें मुंबई ठाणे जैसे शहरों को फ्यूचर रेडी बनाना है। इसके लिए हमें डबल मेहनत करनी पड़ रही है क्योंकि हमें विकास भी करना है और कांग्रेस सरकारों के गड्ढों को भी भरना है। नरेंद्र मोदी ने कहा, "ठाणे से बाबा साहेब ठाकरे का खास लगाव था। ये स्व. आनंद दिघे जी का भी शहर है। इस शहर ने देश को आनंदी बाई जोशी जैसी देश की पहली महिला डॉक्टर दी थी। आज हम इन विकासकार्यों के जरिए इन महान विभूतियों के संकल्प को भी पूरा कर रहे हैं। मैं इन सभी विकासकार्यों के लिए महाराष्ट्र के सभी लोगों को बधाई देता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज मुंबई की एक्वा लाइन मेट्रो का शुभारंभ हो रहा है। इस लाइन का मुंबई के लोग कई समय से इंतजार कर रहे थे। मैं आज जापान सरकार का भी आभार व्यक्त करना चाहता हूं। जापान ने जापानीज इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी के जरिए इस प्रोजेक्ट में बहुत सहयोग दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महाराष्ट्र के ठाणे में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। recent visitors 69