Wednesday, July 8, 2026 7:34 pm

नरेन्द्र मोदी जी, आपकी निरंकुश सरकार अपने पाप पर पर्दा डालने के लिए कांग्रेस को निशाना बनाने पर तुली हुई: खरगे

नई दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘नेशनल हेराल्ड' मामले का परोक्ष रूप से हवाला देते हुए बुधवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली ‘‘निरंकुश सरकार'' अपने ‘‘पाप'' पर पर्दा डालने के लिए उनकी पार्टी को निशाना बनाने पर तुली हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस डरने वाली नहीं है और वह सरकार की नाकामियों को उजागर करती रहेगी। खरगे ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘नरेन्द्र मोदी जी, आपकी निरंकुश सरकार अपने पाप पर पर्दा डालने के लिए कांग्रेस को निशाना बनाने पर तुली हुई है। भाजपा का आर्थिक कुप्रबंधन नियंत्रण से बाहर होता जा रहा है। हताशा बढ़ती जा रही है, कोई दृष्टि नहीं, कोई समाधान नहीं, केवल ध्यान भटकाना।'' उन्होंने दावा किया कि व्यापार घाटा तीन साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है और ‘टैरिफ' एवं व्यापार युद्ध पर कोई स्पष्टता नहीं दिख रही है तथा केवल खोखले शब्द और निरर्थक मुलाकातें हो रही हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने एक सर्वेक्षण का हवाला देते हुए कहा, ‘‘90 प्रतिशत उपभोक्ताओं ने बताया कि वस्तुओं की कीमतें बढ़ गई हैं। 80 प्रतिशत से अधिक लोगों का कहना है कि उनका खर्च बढ़ गया, भले ही आय में वृद्धि नहीं हुई।'' खरगे ने कहा कि वित्त वर्ष 2025 में एफएमसीजी कंपनियों की राजस्व वृद्धि धीमी होकर केवल पांच प्रतिशत रह गई है। उन्होंने दावा किया, ‘‘मोदी सरकार ने पेट्रोल, डीजल और ईंधन पर कर/शुल्क के रूप में (दिसंबर, 2024 तक) 39 लाख करोड़ रुपये का भारी संग्रह किया। रसोई गैस की कीमतें 50 रुपये तक बढ़ाई गईं, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए भी कोई राहत नहीं मिली।'' उन्होंने कहा कि स्नातक बेरोजगारी दर 13 प्रतिशत और युवा बेरोजगारी दर 10.2 प्रतिशत है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 23 आईआईटी में से 22 और 25 आईआईआईटी में से 23 में प्लेसमेंट में गिरावट देखी गई और एनआईटी में प्लेसमेंट में 11 प्रतिशत की गिरावट देखी गई। खरगे ने दावा किया, ‘‘एफडीआई में गिरावट से भारत को नुकसान हुआ है। अप्रैल से जनवरी 2024-25 तक भारत में शुद्ध एफडीआई केवल 1.4 अरब डॉलर से कम थी, जबकि अप्रैल से जनवरी 2012-13 तक यह 19 अरब डॉलर थी।'' उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय अर्थव्यवस्था को बर्बाद करने के लिए लोग भाजपा को माफ नहीं करेंगे। हम डरेंगे नहीं। हम अपनी आवाज उठाते रहेंगे और आपकी नाकामियों को उजागर करते रहेंगे।''  recent visitors 42

खरगे पीएम मोदी से हाथ मिलाते हैं और उनसे कुछ बातचीत करने लगते हैं, दिखा आज अलग ही अंदाज

नई दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आमतौर पर पीएम मोदी की आलोचना करते नजर आते हैं। चुनावी रैलियों से लेकर संसद तक उनके निशाने पर प्रधानमंत्री रहते हैं। लेकिन शुक्रवार को पीएम मोदी के साथ खरगे एक अलग ही अंदाज में नजर आए। उन्होंने प्रधानमंत्री का हाथ अपने हाथों में पकड़ रखा था। उनकी बातें सुनकर पीएम मोदी हंस रहे थे। इस दौरान वहां पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद समेत कई अन्य हस्तियां मौजूद थीं। मौका था डॉ. भीमराव अंबेडकर के 69वें परिनिर्वाण दिवस पर संसद भवन के लॉन में आयोजित श्रद्वांजलि कार्यक्रम का। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कार्यक्रम स्थल पर पीएम मोदी और मल्लिकार्जुन खरगे मिलते हैं। खरगे पीएम मोदी से हाथ मिलाते हैं और उनसे कुछ बातचीत करने लगते हैं। इस दौरान पीएम मोदी उनका हाथ पकड़े हुए नजर नजर आते हैं। इसके बाद खरगे की किसी बात पर प्रधानमंत्री जोर से हंसते हैं और खरगे के पीछे खड़े नेता की तरफ इशारा करते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष इसके बाद फिर से पीएम मोदी का हाथ पकड़ लेते हैं। वह हाथों के इशारे से कुछ कहते हैं, जिसे देखकर लगता है कि उनके बीच कुछ हंसी-मजाक चल रहा है। खरगे प्रधानमंत्री के साथ बातचीत में काफी मशगूल नजर आते हैं। इसके बाद पीछे खड़े लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, खरगे को टोकते हैं, जिसके वह अपनी बात खत्म करके अन्य माननीयों के साथ फोटो खिंचाने के लिए लाइन में खड़े हो जाते हैं। इस दौरान सत्ता और विपक्ष के तमाम नेताओं ने भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की। इनमें, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले और अन्य नेता 69वें महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर डॉ. बीआर अंबेडकर को श्रद्धांजलि देने के लिए संसद भवन लॉन पहुंचे। recent visitors 61

मैं जम्मू- कश्मीर के गांदरबल में हुए कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले की हम कड़ी निंदा करता हूं: खरगे

नई दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने जम्मू-कश्मीर के गांदरबल में हुए आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हुए पीड़ित परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। श्री खरगे ने सोमवार को कहा, ‘‘मैं जम्मू- कश्मीर के गांदरबल में हुए कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले की हम कड़ी निंदा करता हूं जिसमे कई श्रमिक और एक डॉक्टर मारे गए हैं। लक्षित हिंसा का यह अमानवीय और घृणित कृत्य से भारत जम्मू-कश्मीर में प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के निर्माण से पीछे नहीं हटेगा। एक राष्ट्र के रूप में, हम आतंकवाद के खिलाफ अपनी लड़ाई में एक साथ हैं। पीड़ितों के परिवारों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदना। हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।” श्री गांधी ने कहा, ‘‘गांदरबल में आतंकवादी हमले में एक डॉक्टर और प्रवासी मज़दूरों समेत कई लोगों की हत्या बहुत ही कायरतापूर्ण और अक्षम्य अपराध है। सभी शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं।” उन्होंने कहा, ‘‘आतंकवादियों का यह दुस्साहस जम्मू-कश्मीर में निर्माण का क्रम और लोगों का विश्वास कभी नहीं तोड़ पाएगा। आतंकवाद के खिलाफ इस लड़ाई में पूरा देश एकजुट है।” श्रीमती वाड्रा ने कहा, ‘‘जम्मू- कश्मीर के गांदरबल में कायराना आतंकी हमले में पांच मजदूरों समेत छह नागरिकों की हत्या अत्यंत निंदनीय है। निर्दोष नागरिकों की हत्या करके आम जनता के बीच हिंसा और दहशत फैलाने जैसे कृत्य मानवता के विरुद्ध अपराध हैं। इसके खिलाफ पूरा देश एकजुट है। शोक- संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं एवं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना।”   recent visitors 79