पीएम मोदी… ‘यह फैक्ट्री भारत-स्पेन संबंधों को मजबूती देने के साथ ही…

वडोदरा वडोदरा पहुंचे स्पेन के प्रधानमंत्री ने पीएम मोदी के साथ टाटा एयरक्राफ्ट कॉम्लेक्स का उद्घाटन किया. इसके बाद उन्होंने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि यह आपके विज़न की एक और जीत है. वहीं उन्होंने कहा कि आपका विज़न भारत को एक औद्योगिक शक्ति और निवेश और व्यापार के लिए एक आकर्षण बनाना है। वहीं पीएम मोदी ने कहा कि यह फैक्ट्री भारत-स्पेन संबंधों को मजबूती देने के साथ ही मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड, इस मिशन को भी सशक्त करने वाली है…” प्रधानमंत्री मोदी के विज़न की एक और जीत : पेड्रो सांचेज़ वडोदरा में स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ ने कहा, आज हम न केवल एक अत्याधुनिक औद्योगिक सुविधा का आधिकारिक उद्घाटन कर रहे हैं। आज हम यह भी देख रहे हैं कि कैसे दो प्रतिष्ठित कंपनियों के बीच एक असाधारण परियोजना वास्तविकता बन जाती है। प्रधानमंत्री मोदी, यह आपके विज़न की एक और जीत है। आपका विज़न भारत को एक औद्योगिक शक्ति और निवेश और व्यापार के लिए एक आकर्षण बनाना है। एयरबस और टाटा के बीच यह साझेदारी भारतीय एयरोस्पेस उद्योग की प्रगति में योगदान देगी और अन्य यूरोपीय कंपनियों के आगमन के लिए नए द्वार खोलेगी। यह परियोजना दो दुनियाओं की सर्वश्रेष्ठता को एक साथ लाती है। टाटा शायद भारतीय औद्योगिक शक्ति का सबसे अच्छा प्रतिपादक है. ‘भारत और स्पेन की पार्टनरशिप को नई दिशा’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ” आज से हम भारत और स्पेन की पार्टनरशिप को नई दिशा दे रहे हैं। हम C-295 एयरक्राफ्ट के प्रोडक्शन की फैक्ट्री का शुभारंभ कर रहे हैं। यह फैक्ट्री भारत-स्पेन संबंधों को मजबूती देने के साथ ही मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड, इस मिशन को भी सशक्त करने वाली है…” मोदी और सांचेज जब वडोदरा में ‘टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स’ केंद्र की ओर आगे बढ़े तो भारत की समृद्ध संस्कृति का प्रदर्शन करने वाले विभिन्न कलाकारों ने उनका स्वागत किया। दोनों नेता एक द्विपक्षीय बैठक के लिए ऐतिहासिक लक्ष्मी विलास पैलेस जाने से पहले ‘टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स’ केंद्र का संयुक्त रूप से उद्घाटन करेंगे। टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स’ द्वारा सी-295 विमानों के निर्माण के लिए यह कॉम्प्लेक्स बनाया गया है। समझौते के तहत वडोदरा के इस परिसर में 40 विमानों का निर्माण किया जाएगा। भारत में इन 40 विमानों के निर्माण की जिम्मेदारी टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स को दी गयी है और यह परिसर भारत में सैन्य विमानों के लिए पहली निजी क्षेत्र की अंतिम असेंबली लाइन है। इसमें विमानों के निर्माण से लेकर उनके पुर्जों को जोड़ना और उनका परीक्षण शामिल होगा। साथ ही विमानों के रखरखाव की सुविधा भी उपलब्ध करायी जाएगी। टाटा के अलावा रक्षा क्षेत्र की प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयां जैसे भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और भारत डायनेमिक्स के साथ ही निजी सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम इस कार्यक्रम में योगदान देंगे। मोदी ने अक्टूबर 2022 में वडोदरा अंतिम असेंबली लाइन की नींव रखी थी। ‘भारत में डिफेंस मैन्यूफैक्चरिंग इकोसिस्टम नई ऊंचाइयों को छू रहा’ उन्होंने कहा कि जैसे ही हम अपने लक्ष्य तक पहुंचने के लिए पहला कदम उठाते हैं, रास्ते अपने आप बनते चले जाते हैं। आज भारत में डिफेंस मैन्यूफैक्चरिंग इकोसिस्टम नई ऊंचाइयों को छू रहा है। अगर हमने 10 साल पहले ठोस कदम न उठाए होते, तो आज इस मंजिल तक पहुंचना असंभव होता। तब कोई सोच भी नहीं सकता था कि भारत में इतने बड़े पैमाने पर डिफेंस मैन्यूफैक्चरिंग हो सकती है। उस समय प्राथमिकता और पहचान सिर्फ आयात की थी। हमने नए रास्ते पर चलने का फैसला किया, अपने लिए नए लक्ष्य तय किए। आज इसका नतीजा हमारे सामने है। ‘भारत को एविएशन हब बनाने के लिए काम कर रहे’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, मैं आज के कार्यक्रम को ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट के निर्माण से आगे भी देख रहा हूं। आप सभी ने पिछले दशक में भारत के एविएशन सेक्टर में अभूतपूर्व वृद्धि और परिवर्तन देखा है। हम पहले से ही भारत को एविएशन हब बनाने के लिए काम कर रहे हैं। ये इकोसिस्टम भविष्य में मेड इन इंडिया सिविल एयरक्राफ्ट का रास्ता प्रशस्त करेगा। अलग-अलग भारतीय एयरलाइन्स ने 1200 नए एयरक्राफ्ट खरीदने का ऑर्डर दिया है. यानि ये फैक्ट्री भविष्य में भारत और दुनिया की जरूरतों को पूरा करने के लिए सिविल एयरक्राफ्ट के डिजाइन और मैन्यूफैक्चरिंग में बड़ी भूमिका निभाने वाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, C-295 एयरक्राफ्ट की फैक्ट्री नए भारत के नए वर्क कल्चर को रिफ्लेक्ट करती है। आज किसी भी योजना के विचार से लेकर शिक्षा तक भारत किस स्पीड से काम कर रहा है, ये यहां दिखाई देता है। 2 साल पहले अक्टूबर महीने में ही इस फैक्ट्री का निर्माण शुरू हुआ था। आज अक्टूबर महीने में ही ये फैक्ट्री अब एयरक्राफ्ट के प्रोडक्शन के लिए तैयार है.   recent visitors 75

भारतीय सेना की सबसे बड़ी लड़ाकू शाखा इन्फैंट्री को कर्तव्य का प्रतीक बताते हुए इसे प्रेरणा बताया: पीएम मोदी

नई दिल्ली भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन्फैंट्री दिवस के अवसर पर भारतीय सैनिकों के साहस और हिम्मत को सलाम किया। उन्होंने भारतीय सेना की सबसे बड़ी लड़ाकू शाखा इन्फैंट्री को ताकत, वीरता और कर्तव्य का प्रतीक बताते हुए इसे हर भारतीय के लिए प्रेरणा बताया। उल्लेखनीय है कि हर वर्ष 27 अक्टूबर को इन्फैंट्री दिवस मनाया जाता है। इस बार 78वां इन्फैंट्री दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट करते हुए लिखा, “इन्फैंट्री दिवस पर हम सभी सैनिकों और पूर्व सैनिकों के अदम्य साहस और हिम्मत को सलाम करते हैं, जो हमारी सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। वे हर चुनौती के सामने डटकर खड़े होते हैं, ताकि हमारे देश की सुरक्षा बनी रहे। इन्फैंट्री हमारे लिए ताकत, वीरता और कर्तव्य का प्रतीक है, जो हर भारतीय को प्रेरित करती है।” गौरतलब है कि भारतीय सेना के पैदल जवानों को इन्फैंट्री कहा जाता है। इसके योगदान को मान्यता देने के लिए इन्फैंट्री दिवस मनाया जाता है। साल 1947 में 27 अक्टूबर के ही दिन भारत के पैदल सैनिकों का पहला सैन्य दस्ता श्रीनगर के हवाई अड्डे पर उतरा था। इस इन्फैंट्री ने तब आक्रमणकारियों द्वारा जम्मू और कश्मीर राज्य की रक्षा में अहम भूमिका निभाई थी। सिख रेजिमेंट की इस बटालियन ने जम्मू और कश्मीर के लोगों को पाकिस्तानी कबाइलियों और पाकिस्तानी सेना की बुरी नीयत से बचाया था। इस बहादुरी भरे कदम ने पाकिस्तान के जम्मू और कश्मीर पर कब्जा करने की योजना को नाकाम कर दिया। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “भारतीय इन्फेंट्री दिवस पर सभी सैनिकों को शुभकामनाएं। इन्फेंट्री हमारे देश की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उनकी बहादुरी, साहस और बलिदान हम सभी के लिए प्रेरणा है। भारत को अपने वीर इन्फैंट्री सैनिकों पर गर्व है।” ज्ञात हो कि इन्फैंट्री को “युद्ध की रानी” भी कहा जाता है और इसकी शुरुआत मानव इतिहास के पहले युद्ध से मानी जाती है। स्वतंत्रता के बाद से इन्फैंट्री ने देश की संप्रभुता की रक्षा में अहम भूमिका निभाई है। चाहे 1962 का चीन युद्ध हो या 1947-48 का पाकिस्तान के साथ संघर्ष, 1965, 1971 के युद्ध या 1999 का कारगिल संघर्ष, इन ऐतिहासिक युद्धों में इन्फैंट्री का योगदान विशेष है। इन युद्धों के अलावा, उत्तर और उत्तर-पूर्व के आतंकवाद-रोधी अभियानों, पंजाब में ऑपरेशन ब्लू स्टार और ऑपरेशन रक्षक, श्रीलंका में ऑपरेशन पवन और हाल ही में पूर्वी लद्दाख में ऑपरेशन स्नो लेपर्ड में इन्फैंट्री के प्रोफेशनलिज्म और प्रतिबद्धता की मिसालें दी जाती हैं, जिसने इन अभियानों की सफलता सुनिश्चित की।   recent visitors 155

बम की फर्जी कॉल को लेकर जारी हुई एडवाइजरी, धमकियों की सूचना जल्दी से हटाएं और सुरक्षा एजेंसियों को सूचित करें

नई दिल्ली हाल ही में विमानों को मिल रही बम की धमकियों के चलते इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने नई गाइडलाइन जारी की है। यह गाइडलाइन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लागू होगी, ताकि वे ऐसी धमकियों की सूचना जल्दी से हटाएं और सुरक्षा एजेंसियों को सूचित करें। क्या है मामला? मंत्रालय ने कहा है कि पिछले कुछ दिनों में भारत में कई एयरलाइंस को फर्जी बम धमकियां मिली हैं। ये धमकियां एयरलाइनों, यात्रियों और सुरक्षा एजेंसियों को प्रभावित कर रही हैं, जिससे उड़ानों का सामान्य संचालन बाधित हो रहा है। इन फर्जी धमकियों से न केवल सार्वजनिक व्यवस्था पर असर पड़ता है, बल्कि यह राज्य की सुरक्षा के लिए भी खतरा बनती हैं। इनसे बड़ी संख्या में नागरिक प्रभावित होते हैं और देश की आर्थिक सुरक्षा भी अस्थिर होती है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर "फारवर्डिंग/री-शेयरिंग" के कारण ये फर्जी धमकियां तेजी से फैल रही हैं, जो कि गलत सूचनाओं पर आधारित होती हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की जिम्मेदारी आईटी मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और संबंधित नियमों के तहत उचित कार्रवाई करनी होगी। उन्हें किसी भी गलत जानकारी को तुरंत हटाना होगा, जो सार्वजनिक सुरक्षा को प्रभावित करती है। यदि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स इस जिम्मेदारी का पालन नहीं करते हैं, तो उन्हें कानूनी दायित्व का सामना करना पड़ सकता है। आईटी नियमों के अनुसार, यदि वे गलत जानकारी को हटाने में विफल रहते हैं, तो उन्हें आईटी अधिनियम के तहत दंडित किया जा सकता है।   recent visitors 71

झारखंड के विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी, पीएम मोदी सहित 40 नेता शामिल

रांची झारखंड के विधानसभा चुनाव के पहले चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी सहित कुल 40 नेता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्टार प्रचारक होंगे। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह की ओर से इस संबंध में भारत के निर्वाचन आयोग को सूचित कर दिया गया है। झारखंड में कुल 81 विधानसभा सीटों के लिए हो रहे चुनाव के पहले फेज में 43 सीटों पर 13 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। इस चरण के प्रचार के लिए पार्टियों और उम्मीदवारों के पास अब 18 दिन का वक्त है। भाजपा की ओर से स्टार प्रचारक घोषित किए गए नेताओं में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा पहले से कैंप कर रहे हैं। पिछले तीन दिनों में इन दोनों नेताओं ने 10-12 सभाएं संबोधित की हैं। पार्टी की ओर से जिन राज्यों के मुख्यमंत्री स्टार प्रचारक के तौर पर राज्य में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे, उनमें उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव, ओडिशा के सीएम मोहन चरण माझी, हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी और छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय शामिल हैं। केंद्रीय मंत्रियों में धर्मेंद्र प्रधान और अन्नपूर्णा देवी और केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय और संजय सेठ भी स्टार प्रचारक होंगे। पार्टी के बड़े नेताओं में स्मृति ईरानी, उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, राज्यसभा सदस्य लक्ष्मीकांत वाजपेयी, नागेंद्र नाथ त्रिपाठी, कर्मवीर सिंह, सुवेंदु अधिकारी भी स्टार प्रचारक बनाए गए हैं। भाजपा की झारखंड प्रदेश इकाई के नेताओं में प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व सीएम चंपई सोरेन, पूर्व सांसद कड़िया मुंडा, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, सांसद विद्युत वरण महतो, निशिकांत दुबे, ढुल्लू महतो, आदित्य साहु, प्रदीप वर्मा, बालमुकुंद सहाय, पूर्व विधायक सीता सोरेन, पूर्व मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी, मनोज सिंह और घूरन राम भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल हैं। राज्य में पहले चरण के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुक्रवार को संपन्न हो गई। चुनाव आयोग की वेबसाइट पर शाम 5 बजे तक अपडेट की गई सूचना के मुताबिक, पहले फेज के लिए कुल 868 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। recent visitors 75

जिनपिंग के साथ वार्ता के बाद PM मोदी बोले- वैश्विक शांति के लिए भारत-चीन संबंधों में स्थिरता महत्वपूर्ण

नई दिल्ली प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यहां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय वार्ता की और भारत-चीन संबंधों को क्षेत्रीय व वैश्विक शांति तथा स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण करार देते हुए कहा कि आपसी विश्वास, सम्मान और संवेदनशीलता दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों का मार्गदर्शन करेंगे। मई 2020 में पूर्वी लद्दाख सीमा विवाद उत्पन्न होने के बाद दोनों देशों के बीच शीर्ष स्तर पर यह पहली संरचित बैठक थी। बैठक की तस्वीरें ‘एक्स' पर साझा करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘कजान ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की। भारत-चीन संबंध हमारे देशों के लोगों के लिए और क्षेत्रीय और वैश्विक शांति और स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण हैं। आपसी विश्वास, आपसी सम्मान और आपसी संवेदनशीलता द्विपक्षीय संबंधों का मार्गदर्शन करेंगे।'' यह वार्ता ऐसे समय में हुई है जब एक दिन पहले ही भारत और चीन ने पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर अपनी सेनाओं द्वारा गश्त करने के समझौते पर सहमति जताई थी। चार साल से चल रहे गतिरोध को समाप्त करने की दिशा में इसे एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। नवंबर 2022 में, मोदी और शी ने इंडोनेशियाई राष्ट्रपति द्वारा जी-20 नेताओं के लिए आयोजित रात्रिभोज में एक-दूसरे का अभिवादन किया और संक्षिप्त बातचीत की थी। पिछले वर्ष अगस्त में भी भारतीय प्रधानमंत्री और चीनी राष्ट्रपति ने ब्रिक्स (ब्राजील-रूस-भारत-चीन-दक्षिण अफ्रीका) शिखर सम्मेलन के दौरान जोहानिसबर्ग में एक संक्षिप्त और अनौपचारिक बातचीत की थी। recent visitors 60

मोदी कैबिनेट ने 57 किलोमीटर लंबी अमरावती रेलवे लाइन को मंजूरी दी, बिहार और आंध्र को मिलेगा फायदा

नई दिल्ली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट ने गुरुवार को दो बड़े प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है. कैबिनेट ने मोदी कैबिनेट ने गुरुवार को 57 किलोमीटर लंबी अमरावती रेलवे लाइन को मंजूरी दे दी है. इस रेल लाइन के निर्माण में 2245 करोड़ रुपये का खर्चा आएगा. मंत्रिमंडल ने 6,798 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली दो रेल परियोजनाओं को मंजूरी दी और कनेक्टिविटी प्रदान करने, यात्रा करने में आसानी, लॉजिस्टिक्‍स लागत को कम करने, तेल आयात को कम करने और कम कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन के लिए 5 वर्षों में पूरा किया जाएगा. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि आंध्र प्रदेश में रेलवे का मल्टी मॉडल परिवहन बनाया जा रहा है, जिसके तहत कृष्णा नदी पर 3.2 किमी लंबा नया पुल बनाया जाएगा. इस महत्वकांक्षी परियोजना से हैदराबाद, चेन्नई और कोलकाता जैसे सभी महानगर को अमरावती से जुड़ जाएंगे. इसके साथ ही अमरावती स्तूप, कोंडावली गुफाएं, कई बंदरगाह भी जुड़ेंगे. इस प्रोजेक्ट से लाखों लोगों को रोजगार मिलेगा और पीएम मोदी ने पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए मंजूरी दी है. इस प्रोजेक्ट के मंजूरी देकर पीएम ने आंध्र के लोगों के एक सपने को पूरा किया है. बिहार को छठ का तोहफा कैबिनेट ने बिहार को बड़ा तोहफा देते हुए उत्तर बिहार के महत्वपूर्ण रेलवे लाइन को डॉबलिंग करने को मंजूरी दे दी है. इस प्रोजेक्ट से पूर्वी-पश्चिमी चंपारण, दरभंगा और मुजफ्फरपुर के साथ-साथ उत्तर पूर्व राज्यों का फायदा होगा. इस प्रोजेक्ट में 256 किलोमीटर लंबी नरकटियांग, रक्सौल, सीतामंढ़ी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर लाइन को डबल किया जाएगा, इस प्रोजेक्ट में लगभग 40 पुलों का निर्माण किया जाएगा जो उत्तर बिहार और उत्तर पूर्वी राज्यों के कनेक्टिविटी को मजबूत करेंगे, जिसमें 4553 करोड़ रुपये खर्च होंगे. मजबूत होगा स्पेस सेक्टर कैबिनेट से स्पेस सेक्टर को मजबूती देने के लिए इस क्षेत्र में स्टार्टअप के लिए एक हजार करोड़ का वेंचर कैप फंड स्थापित करने का ऐलान किया है. रेल मंत्री ने बताया कि इनोवेशन और स्टार्टअप इकोनॉमी को पीएम मोदी ने बदल दिया है. आज हमारे पास 100 से ज्यादा यूनिकॉर्न हैं जो कि यूरोपीय संघ के अमीर देशों से कहीं ज्यादा हैं. हमारे देश की स्पेस सेक्टर में तेजी से आगे बढ़ने की उम्मीद है. recent visitors 159

28 अक्टूबर को पीएम मोदी और स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज वडोदरा में एयरक्राफ्ट प्लांट का करेंगे उद्घाटन

अहमदाबाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अक्टूबर को स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज के साथ वडोदरा में टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स के एयरक्राफ्ट मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की ‘लास्ट असेंबली लाइन’ का उद्घाटन करेंगे। यह प्लांट, टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड और स्पेन के एयरबस डिफेंस एंड स्पेस (एयरबस डीएस) के बीच सहयोग से भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के लिए पहला ‘मेड इन इंडिया’ सी-295 मीडियम-लिफ्ट टैक्टिकल ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट तैयार करेगा। टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स को एयरबस डीएस द्वारा इंडियन प्रोडक्शन एजेंसी (आईपीए) के रूप में चुना गया है। समझौते के तहत, टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स अपनी सुविधाओं से 40 फ्लाई-अवे सी-295 एयरक्राफ्ट का प्रोडक्शन करेगी और भारतीय वायुसेना द्वारा खरीदे जाने वाले कुल 56 विमानों के लिए एमआरओ सपोर्ट और सर्विस प्रदान करेगी। इस प्रोजेक्ट का लक्ष्य 2026 तक पहला विमान तैयार करना है। स्पेन के प्रधानमंत्री 27 अक्टूबर की रात को वडोदरा पहुंचेंगे। दोनों नेता संयुक्त रूप से प्लांट का शुभारंभ करेंगे और प्रमुख उद्योगपतियों से मिलेंगे। हालांकि दोनों प्रधानमंत्रियों के रोड शो करने की भी बात कही जा रही है, लेकिन सुरक्षा कारणों से आधिकारिक पुष्टि लंबित है। उद्घाटन के बाद, दोनों नेता द्विपक्षीय चर्चा करेंगे और वडोदरा के प्रतिष्ठित लक्ष्मी विलास पैलेस में दोपहर का भोजन करेंगे। बाद में, पीएम मोदी अमरेली जिले के लिए रवाना होंगे, जहां वह एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करेंगे। उनका उद्योगपति सावजी ढोलकिया के गृहनगर दुधाला गांव में ‘अमृत सरोवर’ का उद्घाटन करने और विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखने का भी कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री मोदी शाम को दिल्ली लौट आएंगे। गृह मंत्री अमित शाह भी 22 अक्टूबर को गुजरात का दौरा करेंगे। इस बीच, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने रविवार को कहा कि राज्य सरकार लोगों के सामने आने वाली समस्याओं और चुनौतियों से निपटने के लिए लगातार कोशिश कर रही है। विरमगाम के लिए 640 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के हरित ऊर्जा क्षेत्र को विकसित करने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल चल रही हैं।   recent visitors 76