प्रधानमंत्री मोदी ने रॉयल थिएटर ऑफ लुआंग प्रबांग में रामायण का मंचन भी देखा, कलाकारों से की मुलाकात

नई दिल्ली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21वें आसियान-भारत और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए लाओस पहुंचे। जहां पीएम मोदी का स्वागत करने के लिए वियनतियाने के होटल डबल ट्री में भारतीय समुदाय के लोग बड़ी संख्या में जुटे थे। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने यहां के प्रमुख रॉयल थिएटर ऑफ लुआंग प्रबांग में रामायण का मंचन भी देखा। इसे 'फरा लक फरा राम' के नाम से भी जाना जाता है। इससे समझा जा सकता है कि प्रभु श्रीराम की कहानी पूरे आसियान क्षेत्रों को आपस में जोड़ती है। जैसा कोई अन्य ग्रंथ नहीं कर सकते। सनातन धर्म की जड़ें ना केवल भारत, बल्कि आस-पास के क्षेत्रों में गहरी हो चली है। लाओस में रामायण सदियों से मनाई जाती रही है, जो दोनों देशों के बीच साझा विरासत और सदियों पुरानी सभ्यताओं के संबंधों को दर्शाती है। 'फ्रा लॉक फ्रा राम' लाओ संस्करण है। लाओस रामायण की कहानी यहां के मेकांग नदी के किनारे आसपास घूमती है। जो यहां पर गंगा के समान पवित्र मानी जाती है। इसमें लाओस की बौद्ध संस्कृति की बेहद शानदार झलक देखने को मिलती है। लाओस के अलावा यहां फ्रा राम को गौतम बुद्ध का अवतार माना जाता है। जो भगवान श्रीराम के रास्तों पर चलते थे। इसके अलावा लाओ में रावण को राक्षस मारा का अवतार माना जाता है। जो गौतम बुद्ध के ज्ञान प्राप्ति में बाधा डालने का प्रयास करता है। पीएम मोदी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसका वीडियो शेयर किया है। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, ''विजयादशमी कुछ ही दिन दूर है और आज मैंने लाओ पीडीआर में लाओ रामायण का एक हिस्सा देखा, जिसमें रावण पर प्रभु श्री राम की जीत पर प्रकाश डाला गया है। यह देखकर बहुत खुशी होती है कि यहां के लोग रामायण से जुड़े हुए हैं। प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद हम पर सदैव बना रहे।'' कार्यक्रम के बाद पीएम मोदी ने रामायण के कलाकारों से मंच पर मुलाकात भी और उनके संग फोटो भी खिंचवाई। उन्होंने फोटो शेयर करते हुए लिखा, ''लाओ पीडीआर में मेरे द्वारा देखे गए फलक फलम या फ्रा लाक फ्रा राम के यादगार प्रकरण की कुछ झलकियां।'' इससे पहले वियनतियाने में होटल डबल ट्री में प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हुए भारतीयों और लाओस समुदाय के लोगों ने गायत्री मंत्र का पाठ किया। पीएम मोदी के सामने भारतीयों ने हाथ में तिरंगा लेकर गायत्री मंत्र का जाप भी किया। इस दौरान पीएम मोदी भी उनके सामने हाथ जोड़कर गायत्री मंत्र का पाठ करते दिखे। पीएम मोदी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसके अलावा एक अन्य वीडियो में लाओस समुदाय के लोगों ने पीएम मोदी का हिंदी में अभिवादन करते हुए ग्रैंड वेलकम किया। recent visitors 75

पीएम मोदी की कैबिनेट में पंजाब के लिए बड़ा फैसला लिया, सीमावर्ती इलाकों में सड़क बनाने के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी

पंजाब आज पीएम मोदी की कैबिनेट में पंजाब के लिए बड़ा फैसला लिया गया है। पीएम नरेंद्र मोदी ने जब से सत्ता संभाली है, उनके एजेंडे में 2 मुख्य बातें रही हैं। पहला, हाशिये पर पड़े लोगों को समाज की मुख्यधारा में लाना और दूसरा, देश के बुनियादी ढांचे को विश्वस्तरीय बनाना। केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में लिए गए फैसलों में पंजाब के लिए बड़ा ऐलान किया गया है। पंजाब और पाकिस्तान की सीमा से लगे अन्य राज्यों में सड़क व्यवस्था सुधारने के लिए आज मोदी कैबिनेट ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने सीमावर्ती इलाकों में 2280 किमी लंबी सड़क बनाने के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है। इस प्रोजेक्ट के लिए मोदी सरकार ने 4400 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम मंजूर की है। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीमावर्ती क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष ध्यान दिया है। उनका मानना है कि मजबूत बुनियादी ढांचा देश की सुरक्षा और विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। पाकिस्तान (Pakistan) के सीमावर्ती इलाके दशकों से हर मौसम के लिए उपयुक्त सड़क नेटवर्क की कमी से जूझ रहे हैं। सीमावर्ती इलाकों में विश्वस्तरीय सड़क नेटवर्क होने से परिवहन में काफी आसानी होगी। आपातकालीन स्थिति में जहां तुरंत मौके पर पहुंचना आसान होगा, वहीं जरूरी सामान की आपूर्ति भी आसानी से हो सकेगी।  recent visitors 80

यदि हम आपस में बंटेंगे तो जो लोग हमें बांटना चाहते हैं, वे अपनी महफिल सजाने का मौका पा जाएंगे: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

ठाणे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ठाणे में एक जनसभा को संबोधित करते हुए देश की एकता और अखंडता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि हम आपस में बंटेंगे तो जो लोग हमें बांटना चाहते हैं, वे अपनी महफिल सजाने का मौका पा जाएंगे। मोदी ने अपने भाषण में राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता की अहमियत पर बात की, और जनता को देशहित में एकजुट रहने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "कांग्रेस जानती है कि उनका वोट बैंक तो एक रहेगा, लेकिन बाकी लोग आसानी से बंट जाएंगे। कांग्रेस और उनके साथियों का एक ही मिशन है, समाज को बांटो और सत्ता पर कब्जा करो। इसलिए हमारी एकता को ही देश की ढाल बनाना है, हमें याद रखना है कि अगर हम बंटेंगे तो बांटने वाले महफिल सजाएंगे। हमें कांग्रेस और अघाड़ी वालों के मंसूबों को कामयाब नहीं होने देना है। नरेंद्र मोदी ने कहा, "हिमाचल में कांग्रेस सरकार ने तो हद ही कर ही है। हिमाचल में कांग्रेस सरकार ने शौचालय कर लगाया है। एक ओर मोदी कह रहा है- शौचालय बनाओ और ये कह रहे हैं- हम शौचालय पर टैक्स लगाएंगे, यानी कांग्रेस लूट और फरेब का पूरा पैकेज है। मोदी ने कहा, "कांग्रेस, भारत की सबसे बेईमान और भ्रष्ट पार्टी है। चाहे कोई भी दौर हो, कोई भी राज्य हो, कांग्रेस का चरित्र नहीं बदलता। आप पिछले एक हफ्ते का हाल देख लीजिए… कांग्रेस के एक CM का जमीन घोटाले में नाम आया है, उनके एक मंत्री महिलाओं को गालियां दे रहे हैं, उनको अप​मानित कर रहे हैं, हरियाणा में कांग्रेस का एक नेता ड्रग्स के साथ पकड़े गए हैं। कांग्रेस चुनाव में बड़े-बड़े वादे करती है, लेकिन सरकार बनने पर जनता के शोषण का नया नया तरीका खोजती है। आए दिन, नए-नए टैक्स लगाकर अपने घोटालों के लिए पैसा जुटाना ही इनका एजेंडा है। नरेंद्र मोदी ने कहा, "मुंबई में मेट्रो लाइन-3 की शुरुआत देवेन्द्र फडणवीस के मुख्यमंत्री रहते हुई थी। इसका 60 प्रतिशत काम उनके कार्यकाल में हो भी गया था, लेकिन फिर महाअघाड़ी की सरकार आ गई। महाअघाड़ी वालों ने अपने अहंकार में मेट्रो का काम लटका दिया, 2.5 साल तक काम अटके रहने से प्रोजेक्ट की कीमत 14 हजार करोड़ रुपये बढ़ गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज एक तरफ महायुति सरकार है, जो महाराष्ट्र के विकास को ही अपना लक्ष्य मानती है। दूसरी ओर कांग्रेस और महाअघाड़ी वाले लोग हैं, उन्हें जब भी मौका मिलता है, वो विकास के काम को ठप्प कर देते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज हर भारतवासी का एक ही लक्ष्य है, 'विकसित भारत'… इसलिए हमारी सरकार का हर निर्णय, हर संकल्प, हर सपना 'विकसित भारत' के लिए समर्पित है। इस लक्ष्य की प्राप्ती के लिए हमें मुंबई ठाणे जैसे शहरों को फ्यूचर रेडी बनाना है। इसके लिए हमें डबल मेहनत करनी पड़ रही है क्योंकि हमें विकास भी करना है और कांग्रेस सरकारों के गड्ढों को भी भरना है। नरेंद्र मोदी ने कहा, "ठाणे से बाबा साहेब ठाकरे का खास लगाव था। ये स्व. आनंद दिघे जी का भी शहर है। इस शहर ने देश को आनंदी बाई जोशी जैसी देश की पहली महिला डॉक्टर दी थी। आज हम इन विकासकार्यों के जरिए इन महान विभूतियों के संकल्प को भी पूरा कर रहे हैं। मैं इन सभी विकासकार्यों के लिए महाराष्ट्र के सभी लोगों को बधाई देता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज मुंबई की एक्वा लाइन मेट्रो का शुभारंभ हो रहा है। इस लाइन का मुंबई के लोग कई समय से इंतजार कर रहे थे। मैं आज जापान सरकार का भी आभार व्यक्त करना चाहता हूं। जापान ने जापानीज इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी के जरिए इस प्रोजेक्ट में बहुत सहयोग दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महाराष्ट्र के ठाणे में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। recent visitors 68

हरियाणा में लोगों से मजबूत सरकार चुनने की अपील की, प्रधानमंत्री मोदी ने हरियाणा की जनता के नाम खास संदेश दिया

नई दिल्ली हरियाणा में चुनावी शोर गुरुवार शाम को समाप्त हो गया है। अब शनिवार, पांच अक्टूबर को मतदान होंगे एवं आठ अक्टूबर को मतों की गणना की जाएगी। प्रचार समाप्त होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने हरियाणा की जनता के नाम खास संदेश दिया, जिसमें उन्होंने लोगों से हरियाणा में मजबूत सरकार चुनने की अपील की। इसके अलावा उन्होंने कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने गुरुवार शाम को एक्स पर पोस्ट कर लिखा, 'अब से कुछ देर में हरियाणा विधानसभा चुनाव का प्रचार अभियान समाप्त हो जाएगा। बीते कुछ दिनों में मैंने पूरे राज्य की यात्रा की है। मैंने लोगों का जो उत्साह देखा है, उसे देखकर मुझे ये पक्का विश्वास है कि हरियाणा के लोग भाजपा को फिर अपना आशीर्वाद देने वाले हैं। हरियाणा के देशभक्त लोग, कांग्रेस की विभाजनकारी और नकारात्मक राजनीति को कभी स्वीकार नहीं करेंगे।' 'घोटालों और दंगों के दौर से बाहर लाए' पीएम ने आगे लिखा, 'पिछले 10 वर्षों में भाजपा ने हरियाणा के लोगों के जीवन को समृद्ध बनाने के लिए लगातार काम किया है। हमने सभी वर्गों के कल्याण को प्राथमिकता दी है। किसान हों, युवा हों, महिलाएं हों, गांव और शहरों का विकास हो, हमने कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ी। हम हरियाणा को कांग्रेस के घोटालों और दंगों वाले दौर से बाहर निकालकर लाए हैं।' उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि हरियाणा की जनता-जनार्दन जानती है कि कांग्रेस का मतलब भ्रष्टाचार, जातिवाद, सांप्रदायिकता और भाई-भतीजावाद की गारंटी है। बापू-बेटे की राजनीति का मूल उद्देश्य सिर्फ स्वार्थ है। कांग्रेस यानि दलाल और दामाद का सिंडिकेट। लोग आज हिमाचल से कर्नाटक तक कांग्रेस सरकारों की विफलता भी देख रहे हैं। कांग्रेस की नीतियां, लोगों को तबाह करती हैं, इसलिए हरियाणा के लोग कांग्रेस को बिल्कुल नहीं चाहते हैं। कांग्रेस कभी स्थिर सरकार नहीं दे सकती पीएम मोदी ने लिखा, 'हरियाणा की जनता यह जानती हैं कि कांग्रेस कभी स्थिर सरकार नहीं दे सकती। हरियाणा के लोग देख रहे हैं कि कैसे कांग्रेस के नेता आपस में लड़ रहे हैं। ये हाल तब है, जब ये विपक्ष में हैं। हरियाणा के लोगों को इस बात से भी चोट पहुंच रही है कि दिल्ली और हरियाणा में बैठे दो खास परिवारों के इशारे पर पूरा हरियाणा अपमानित हो रहा है।' उन्होंने कहा, 'कांग्रेस के नेताओं ने आरक्षण खत्म करने का बयान देकर अपने इरादे जता दिए हैं। हरियाणा का पिछड़ा और दलित समुदाय जातिगत हिंसा रोकने में विफल रहने पर पहले से ही कांग्रेस से नाराज चल रहा है। इसलिए लोगों ने कांग्रेस को फिर कड़ी सजा देने का मन बना लिया है। हरियाणा के गली-गली से एक ही आवाज आ रही है- भरोसा दिल से, भाजपा फिर से।' हरियाणा के मतदाताओं से की अपील हरियाणा के लोगों से अपील करते हुए पीएम ने कहा, 'आज पूरी दुनिया की नजरें भारत पर हैं। दुनिया, भारत की ओर बहुत आशा और उम्मीद से देख रही है। ऐसे में यह बहुत महत्वपूर्ण हो जाता है कि हरियाणा के लोग एक ऐसी सरकार चुनें, जो भारत को मजबूती देने की दिशा में प्रयास करे। कांग्रेस कभी देश को मजबूत नहीं बना सकती। इसलिए मैं हरियाणा के अपने मतदाताओं से ये आग्रह करता हूं कि वे फिर से भाजपा को अपना आशीर्वाद जरूर दें।' recent visitors 78

‘परिवर्तन महारैली’ के दौरान मोदी ने जनता से की अपील, कहा- रोटी, बेटी और माटी बचाने के लिए भाजपा की सरकार बनाइए

हजारीबाग हजारीबाग में 'परिवर्तन महारैली' को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को झारखंड में रोटी, बेटी और माटी को बचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से राज्य में जो 'परिवर्तन यात्रा' निकाली गई है, वह झारखंड में सिर्फ सत्ता पाने की लड़ाई नहीं है, बल्कि झारखंड की बेटियों, यहां की माटी और यहां की रोटी को बचाने की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा की गारंटी है कि यहां सरकार बनने पर इन तीनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। आज की 'परिवर्तन सभा' के साथ झारखंड में बदलाव की नई सुबह की शुरुआत होगी। आज एक ओर केंद्र सरकार झारखंड के विकास के लिए दिन-रात मेहनत कर रही है, तो दूसरी ओर झारखंड की मौजूदा सरकार इसे विकास की पटरी से उतारने में लगी है। यहां का बच्चा-बच्चा जान चुका है कि राज्य के विकास में सबसे बड़ी बाधा कांग्रेस-झामुमो-राजद का गठजोड़ है। पीएम मोदी ने कहा कि जल, जंगल, जमीन के नाम पर वोट लेने वालों ने ऐसी खुली लूट मचा रखी है, जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। झारखंड तभी आगे बढ़ेगा, जब ये सरकार हटेगी। भाजपा की 'परिवर्तन यात्रा' कोई राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि जन-जन के सपनों को पूरा करने की संकल्प यात्रा है। इस यात्रा को यहां की जनता का अपार आशीर्वाद, स्नेह और जनसमर्थन मिला है। कांग्रेस पर आदिवासियों की घोर उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इसने एक परिवार को पहचान दिलाने के लिए देश के कोने-कोने में बसे आदिवासी परिवारों की पहचान मिटा दी। आजादी की लड़ाई में बड़ा योगदान देने वाले आदिवासी समाज को कांग्रेस ने महत्व नहीं दिया। सारी योजनाएं एक ही परिवार के बेटे-बेटी के नाम पर लाई गई। ऐसी परिवारवादी सोच ने देश का बहुत नुकसान किया है। आज मुझे गर्व है कि हमारी सरकार ने आदिवासी नायकों को पूरा सम्मान दिया है। हम सब प्रेम से भगवान बिरसा मुंडा को 'धरती आबा' कहते हैं। आज उनके नाम पर हमारी सरकार ने 'धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान' शुरू किया है। उन्होंने राज्य की सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि इस सरकार में जमीन के दलालों की तूती बोलती है। इसके लोगों ने गरीबों, आदिवासियों और सेना की जमीन तक को लूटा। कोयले की खुली लूट मची है। बालू के ठेके-पट्टे के नाम पर लूट हो रही है। ये लोग गरीब आदिवासियों के नाम पर योजनाओं का पैसा भी खा जाते हैं। उन्होंने झारखंड सरकार की अबुआ आवास योजना और मंईयां सम्मान योजना को भ्रष्टाचार का नया ठिकाना करार देते हुए कहा कि जब चुनाव नजदीक आए हैं, तो ये लोग बड़े-बड़े वादे कर धूल झोंकना चाहते हैं। झारखंड के लोगों को झूठ की दुकान वालों से सावधान रहना है। झूठ की नई जलेबियां परोसने से पहले ये लोग पुराने वादों का हिसाब तो दे दें। उन्होंने पूछा कि इन्होंने बेरोजगार युवाओं को भत्ता देने, नौकरियां देने, हर महिला को चूल्हा खर्च के नाम पर हर माह दो हजार रुपए देने का वादा किया था, उन वादों का क्या हुआ। प्रदेश सरकार के संरक्षण में पेपर लीक कराने वाले गिरोह चल रहे हैं। लाखों रुपए में एक-एक पेपर बेचकर युवाओं का हक मारा जा रहा है। करोड़ों रुपए की कमाई की जा रही है और पैसा मालिकों के पास ऊपर तक पहुंच रहा है। पेपर लीक ने नौजवानों की जिंदगी को तबाह कर दिया है। यह सरकार युवा भाई-बहनों को भला नहीं कर सकती। recent visitors 66

स्वच्छ भारत अभियान दुनिया का सबसे बड़ा और सफल जनआंदोलन, विकसित भारत की यात्रा को करेगा मजबूत: मोदी

नई दिल्ली प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को स्वच्छ भारत अभियान को इस सदी में दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे सफल जनआंदोलन करार दिया और कहा कि ‘विकसित भारत' की यात्रा में हर प्रयास ‘स्वच्छता से संपन्नता' के मंत्र को मजबूत करेगा। स्वच्छ भारत अभियान आरंभ होने के 10 साल पूरे होने के अवसर पर यहां विज्ञान भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में स्वच्छता और सफाई से संबंधित 9,600 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने स्वच्छता को हर नागरिक के जीवन का अभिन्न अंग बनाते हुए भावी पीढ़ियों में इस मूल्य का संचार करने पर भी जोर दिया। 'दुनिया का सबसे सफल जन आंदोलन बना स्वच्छ भारत अभियान' उन्होंने कहा, ‘‘आज से एक हजार साल बाद भी जब 21वीं सदी के भारत का अध्ययन होगा तो उसमें स्वच्छ भारत अभियान को जरूर याद किया जाएगा। स्वच्छ भारत मिशन इस सदी में दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे सफल जनभागीदारी, जन नेतृत्व वाला जन आंदोलन है। इस मिशन ने मुझे ईश्वररूपी जनता-जनार्दन की साक्षात ऊर्जा के भी दर्शन कराए हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘विकसित भारत की यात्रा में हमारा हर प्रयास 'स्वच्छता से संपन्नता' के मंत्र को मजबूत करेगा।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वच्छता की प्रतिष्ठा बढ़ने से देश में एक बहुत बड़ा मनोवैज्ञानिक परिवर्तन भी हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले साफ-सफाई के काम से जुड़े लोगों को किस नजर से देखा जाता था, यह पूरा देश जानता है लेकिन स्वच्छ भारत अभियान ने इस सोच को भी बदल दिया। उन्होंने कहा, ‘‘साफ-सफाई करने वालों को आज जब मान-सम्मान मिला तो उनको भी गर्व हुआ।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान लाखों भारतीयों की अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है और पिछले 10 वर्षों में अनगिनत नागरिकों ने इसे अपनाया है और अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाया है। उन्होंने कहा, ‘‘स्वच्छता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता आजीवन प्रतिज्ञा है, न कि एक बार किया गया कोई वादा। हमें स्वच्छता को हर नागरिक के जीवन का अभिन्न अंग बनाते हुए भावी पीढ़ियों में इस मूल्य का संचार करना होगा।'' उन्होंने कहा, ‘‘गंदगी के प्रति नफरत ही हमे स्वच्छता के लिए मजबूर कर सकती है और मजबूत भी कर सकती है।'' प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर जल संरक्षण, जल शोधन और नदियों की सफाई के महत्व को भी रेखांकित किया और इसे प्राप्त करने के लिए लगातार नई तकनीकों में निवेश करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने पर्यटन पर स्वच्छता के महत्वपूर्ण प्रभाव का उल्लेख करते हुए कहा कि देशवासियों को पर्यटन स्थलों, पवित्र तीर्थ स्थलों और सांस्कृतिक विरासत की स्वच्छता और साफ-सफाई को बनाए रखना चाहिए। कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों को घेरा मोदी ने इस अवसर पर स्वच्छता पर विशेष ध्यान न देने के लिए कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि उसने आजादी मिलने के बाद महात्मा गांधी के नक्शेकदम पर चलने का दावा किया, उनके नाम पर सत्ता हासिल की लेकिन स्वच्छता को लेकर बापू के दृष्टिकोण की उपेक्षा की। उन्होंने कहा, ‘‘वर्षों तक उन्होंने राजनीतिक लाभ के लिए गांधी जी की विरासत का दोहन किया लेकिन स्वच्छता पर उनके जोर को आसानी से भुला दिया।'' मोदी ने कहा, ‘‘उन्होंने गंदगी को ही जिंदगी मान लिया…इसके परिणामस्वरूप लोग गंदगी में रहने के आदी हो गए, गंदगी और नकारात्मकता उनके दैनिक जीवन का हिस्सा बन गई। साथ ही समाज में स्वच्छता को लेकर होने वाली चर्चाएं भी।'' उन्होंने कहा कि इसीलिए उन्होंने लाल किले की प्राचीर से इस मुद्दे को उठाया था लेकिन उनका मजाक उड़ाया गया और कहा गया कि शौचालय के बारे में बात करना प्रधानमंत्री का काम नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘… लेकिन मैं नहीं रुकूंगा… भारत के प्रधानमंत्री के रूप में मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता मेरे साथी नागरिकों के जीवन को आसान बनाना है!'' इन परियोजनाओं का किया उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान, प्रधानमंत्री ने जिन परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया उनमें मिशन अमृत और अमृत 2.0 के तहत शहरी जल और गंदे नाले की व्यवस्था को बेहतर करने के उद्देश्य से 6,800 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं, राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के तहत गंगा बेसिन क्षेत्रों में जल गुणवत्ता और अपशिष्ट प्रबंधन में सुधार पर केंद्रित 1550 करोड़ रुपये से अधिक की 10 परियोजनाएं और गोबरधन योजना के तहत 1332 करोड़ रुपये से अधिक की 15 संपीड़ित बायोगैस (सीबीजी) संयंत्र परियोजनाएं शामिल हैं।   recent visitors 140

गांधी जयंती के अवसर पर मोदी ने स्वच्छता गतिविधियों में भाग लिया, स्वच्छता अभियान को आगे बढ़ाने का दिया संदेश

नई दिल्ली गांधी जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को स्वच्छता संबंधित गतिविधियों में भाग लेकर स्वच्छता अभियान को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर स्वच्छता गतिविधियों की कुछ तस्वीरें शेयर की और कैप्शन में लिखा, “आज, गांधी जयंती पर, मैंने अपने युवा दोस्तों के साथ स्वच्छता से संबंधित गतिविधियों में भाग लिया। मैं आप सभी से आग्रह करता हूं कि आप भी दिन के दौरान किसी न किसी गतिविधि में भाग लें और साथ ही, स्वच्छ भारत मिशन को मजबूत करते रहें।” पीएम मोदी ने एक दूसरे पोस्ट में लिखा, “आज हम स्वच्छ भारत के 10 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहे हैं, जो भारत को स्वच्छ बनाने और बेहतर स्वच्छता सुविधाएं सुनिश्चित करने का एक महत्वपूर्ण सामूहिक प्रयास है। मैं उन सभी लोगों को सलाम करता हूं जिन्होंने इस आंदोलन को सफल बनाने के लिए काम किया है!” इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने लाल बहादुर शास्त्री और महात्मा गांधी की जयंती पर ‘एक्स’ पर उन्हें श्रद्धांजलि भी दी। पीएम मोदी ने लिखा, “देश के जवान, किसान और स्वाभिमान के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती पर आदरपूर्ण श्रद्धांजलि।” एक दूसरे पोस्ट में उन्होंने लिखा, “सभी देशवासियों की ओर से पूज्य बापू को उनकी जन्म-जयंती पर शत-शत नमन। सत्य, सद्भाव और समानता पर आधारित उनका जीवन और आदर्श देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणापुंज बना रहेगा।” बता दें कि गांधी जयंती के अवसर पर देश भर में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान स्वच्छता और सादगी के प्रति प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने के लिए आयोजित किया जा रहा है। विभिन्न सरकारी और गैर-सरकारी संगठनों ने स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया है, ताकि स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाई जाए। देश भर में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान का उद्देश्य सफाई को बढ़ावा देने के साथ-साथ महात्मा गांधी के सिद्धांतों को जीवित रखना है।   recent visitors 136