केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा-मामला गंभीर, राजस्थान-अजमेर में विश्वविद्यालय के खाने में मिली छिपकली की पूंछ

अजमेर. अजमेर जिले के बांदर सिंदरी स्थित सेंट्रल यूनिवर्सिटी में खाने में छिपकली मिलने का मामला सामने आया है। जिसके बाद यूनिवर्सिटी में हड़कंप मच गया है। घटना शनिवार रात की है। जब एक छात्र मेस में खाना खा रहा था, तभी अचानक उसकी सब्जी में छिपकली की कटी हुई पूंछ घूमती नजर आई। घटना के बाद यूनिवर्सिटी के छात्रों ने मेस संचालक और कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। रविवार को खाने में छिपकली की पूंछ का वीडियो सामने आने पर केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा- कुलपति से मामले की जांच करने की बात कही है। स्टूडेंट्स की सेहत के साथ कोई खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं है। हम इस मसले को गंभीरता से ले रहे हैं। आगे उचित कदम उठाए जाएंगे। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार विपिन कुमार का कहना है कि मैं अभी तीन दिन से बाहर हूं। मैं किशनगढ़ पहुंचकर मामले की जानकारी लूंगा। अभी केवल सोशल मीडिया पर मेस के खाने को लेकर जानकारी मिली है। वस्तु स्थिति का पता लगा रहे हैं। कुछ लोगों से फीडबैक लिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं। हो सकता है कि मामला इम्प्लांट का निकले। यूनिवर्सिटी पीआरओ ने नहीं उठाया फोन छात्रों ने जब इस घटना के विषय में यूनिवर्सिटी की पीआरओ अनुराधा मित्तल को फोन कॉल कर मामले की जानकारी देनी चाही, तो उन्होंने फोन कॉल पहली बार में नहीं उठाया। उसके बाद मैसेज कर मामले की जानकारी लेनी चाही, इसके बाद मैसेज से जानकारी दी, लेकिन कोई भी रिप्लाई नहीं किया और अपना फोन को नॉट रीचेबल कर दिया। recent visitors 75

प्रदेश की मांगी खुशहाली, राजस्थान-अजमेर के पुष्कर सरोवर में में पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष राठौड़ ने की पूजा

अजमेर. पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ जगत पिता ब्रह्म जी के दर्शन किए और अजमेर व प्रदेश की खुशहाली की मनोकामना मांगी। ब्रह्मा मंदिर के महंत वैभव वशिष्ठ ने विधि विधान से पूजा अर्चना कराई। साथ ही मंदिर परिसर में बने श्री सिद्धेश्वरी अंबे माता के दर्शन कर मातारानी का आशीर्वाद लिया। मंदिर में अरुण पाराशर ने धर्मेंद्र राठौड़ को दुप्पटा पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद विधि विधान व वैदिक मंत्रोच्चार से पुष्कर सरोवर की पूजा अर्चना की। तीर्थ पुरोहित वैद्यनाथ पाराशर ने मंत्रोच्चार के साथ विधि विधान सरोवर की पूजा कराई। मेंघेद्र पाराशर ने आरती कराई। इस दौरान तीर्थ पुरोहित वैद्यनाथ पाराशर व संजय पाराशर, दामोदर मुखिया, एडवोकेट विकास मुखिया आदि पुष्कर वासियों ने राठौड़ का माल्यार्पण कर स्वागत किया। अवसर पर पार्षद नोरत गुर्जर, ब्लॉक अध्यक्ष शैलेन्द्र अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष भंवर सिंह राठौड़, सरपंच विष्णु सिंह राठौड़ व कर्मचारी महासंघ के जिले अध्यक्ष भवानी सिंह राठौड़ सहित आदि मौजूद रहे। सरकार जारी करे बजट पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने राज्य सरकार से अंतर्राष्ट्रीय पुष्कर के लिए पांच करोड़ का बजट जारी करने का आग्रह किया। साथ ही पेयजल के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाने बात कही। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय पुष्कर मेला अगले माह शुरू होने वाला है। ऐसे में पुष्कर मेले में देश व विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए। इसके लिए राज्य सरकार पुष्कर मेले के लिए पांच करोड़ का बजट जारी करे। साथ ही राज्य सरकार से नगर परिषद में स्टाफ की नियुक्ति करने की मांग की, ताकि जनहित और सरकारी काम सुचारू चल सके। इसी के साथ उन्होंने जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत से भी पेयजल समस्या दूर कर बेहतर पेयजल व्यवस्था करने का अनुरोध किया। recent visitors 80

‘हरियाणा चुनाव का यहां कोई असर नहीं’, राजस्थान-अजमेर में पायलट बोले

अजमेर. सचिन पायलट ने अजमेर सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हरियाणा में उम्मीद से विपरीत परिणाम आए हैं। पिछले दस साल से हरियाणा सरकार से नाराज थे लोग। पायलट ने कहा कि हरियाणा में 9 साल बाद मुख्यमंत्री मनोहर लालजी खट्टर को भाजपा के केंद्र नेतृत्व ने हटाया। अगर 9 साल का कार्यकाल हरियाणा सरकार का बहुत अच्छा था तो मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को मुख्यमंत्री के पद से हटाने की जरूरत नहीं थी। पायलट ने कहा कि वहां पर सरकार में असंतोष था, इसलिए मुख्यमंत्री खट्टर को हटाया गया और वहां के लोगों में सरकार को लेकर असंतोष था। कांग्रेस ने एकजुट होकर वहां चुनाव लड़ा, मगर वहां कांग्रेस के अनुरूप परिणाम नहीं आए। वहीं, कांग्रेसी नेता राहुल गांधी जी ने  कहा कि परिणाम को लेकर समीक्षा करेंगे, जहां कमी रही वहां पर और कांग्रेसी कार्यकर्ता काम करेंगे। हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर सचिन पायलट ने कहा कि जीतने अनुमान, उम्मीद, सारे सर्वे और फीडबैक जिस दिशा में थे वैसे परिणाम नहीं आए। कुछ घंटे बाद रुझान अलग तरीके के थे हरियाणा सहित पूरे देश में सभी जानते थे कि कांग्रेस वहां अच्छे  बहुमत से सरकार बनाने वाली है। विधानसभा चुनाव के परिणाम को लेकर शुरुआत में रुझान कांग्रेस के पक्ष में थे। कुछ घंटे बाद रुझान अलग तरीके के थे। वहीं परिणाम में भाजपा को बढ़त मिली है। इस सिलसिले में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारीयों ने निर्वाचन आयोग में मतदान प्रक्रिया शिकायत हेतु ज्ञापन दिए हैं। कांग्रेसियों की शिकायत पर निर्वाचन विभाग निष्पक्ष जांच करेगा। जम्मू-कश्मीर में जो गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिला है वहां पर भी अड़चनें लगाई गईं, लेकिन लोगों समझदारी करी और सरकार बनाई। सरकार को जनता के काम करने चाहिए राजस्थान को लेकर कहां की ऐसा पहली बार देखा है कि किसी सरकार ने अपना इकबाल इतनी जल्दी 10-माह में खो दिया सरकार पूरी तरह से फेल साबित हुई है यहां पर खाद बीज पानी बिजली सड़क व शिक्षा जैसे मुद्दे पर बात करनी चाहिए इन लाडू जलेबी में कुछ नहीं रखा यह सब मीडिया में ध्यान आकर्षित करने के लिए है। नेता आते जाते हैं, लेकिन जनता परमानेंट होती है जिले का निर्णय सरकार को करना है। जो भी निर्णय सरकार ले जनता के हित में लेना चाहिए। पिछली सरकार ने जो भी काम किए उसको बेहतर नहीं कर सकते तो उसे बंद नहीं करना चाहिए। सरकार को अपना हित साधने के बजाय जनता के काम करने चाहिए। हरियाणा चुनाव परिणाम का राजस्थान में कोई असर नहीं होगा उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र और झारखंड में सीट शेयरिंग फाइनल हो चुका है। भाजपा वन नेशन वन इलेक्शन की बात करती है, लेकिन चार राज्यों में चुनाव एक साथ चुनाव, चुनाव आयोग करा सके ऐसा माहौल नहीं बना पा रहे। यह तो कहते कुछ और करते कुछ और हैं, लोगो को का ध्यान भटकाने के लिए करते हैं। पायलट ने राजस्थान उपचुनाव पर कहा कि कांग्रेस पहले से तैयारी कर चुकी है और एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे। सभी सीटों पर कांग्रेस अपनी जीत दर्ज करेगी। जब कांग्रेस जनता में जाएगी तो जनता उसे वोट देगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा चुनाव परिणाम का राजस्थान में कोई असर नहीं होगा। अलग प्रदेश है यहां के मुद्दे अलग हैं। recent visitors 83

चोरी का माल बरामद, राजस्थान-अजमेर में समारोह स्थल में चोरी करने वाले तीन शातिर पकड़े

अजमेर. अजमेर के निजी समारोह स्थल में चोरी की वारदात करने वाले तीन चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों से चोरी किया गया माल बरामद कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने वारदात में लिया गया ई रिक्शा और मोटरसाइकिल भी बरामद की है। फिलहाल, पुलिस गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने के साथ ही अन्य वारदातों को लेकर पूछताछ में जुटी है। मामले की जानकारी देते हुए सीओ नॉर्थ रूद्र प्रकाश शर्मा ने बताया कि अजमेर एसपी वंदिता राणा के निर्देश पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। सीओ नॉर्थ रूद्र प्रकाश शर्मा ने बताया कि नया बाजार निवासी राकेश गर्ग ने सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज करवाया था। पीड़ित ने शिकायत देकर बताया कि पटेल मैदान के पास राजहंस वाटिका समारोह स्थल व संचालित करता है। तीन महीने से समारोह स्थल बंद था। जब वह देखने के लिए गया तो वहां सारा सामान गायब मिला। मामले में पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर टीम का गठन किया गया और कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सीओ नॉर्थ रूद्र प्रकाश शर्मा ने बताया कि टीम ने समारोह स्थल पर लगे सीसीटीवी चेक करते हुए आरोपियों को चिह्नित किया। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एकता नगर निवासी हरीश उर्फ शेखर (36) गनाहेड़ा निवासी धारा सिंह (33) सहित हनुमान (40) को गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपियों के कब्जे से समारोह स्थल से चुराया गया 4 लाख रुपए कीमत का सामान भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों का आपराधिक रिकार्ड खंगाला जा रहा है। इसके साथ ही आरोपियों से पूछताछ जारी है, जिससे चोरी की अन्य वारदातो का खुलासा हो सके। recent visitors 100

आतिशबाजी कर एक-दूसरे को खिलाई जलेबी, राजस्थान-अजमेर में भाजपाइयों ने मनाया जीत का जश्न

अजमेर. अजमेर में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने शहर के गांधी भवन चौराहे पर हरियाणा चुनावों में पार्टी की पूर्ण बहुमत से जीत का जश्न मनाया और जलेबी खिलाकर जीत की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने गांधी भवन चौराहे पर जमकर आतिशबाजी की। भाजपा शहर जिलाध्यक्ष रमेश सोनी ने कहा कि हरियाणा में भाजपा को 48 सीटें मिली हैं। वहीं, जम्मू-कश्मीर में बीजेपी को 29 सीटें मिली हैं। आज नवरात्र का छठा दिन है। भाजपा की सरकार तीसरी बार हरियाणा में आई है। हमें हर जाति-हर वर्ग ने वोट दिया है। हरियाणा में भाजपा की सरकार बनी व जम्मू-कश्मीर में पार्टी का वोटिंग परसेंट बढ़ा है, यह भाजपा कार्यकर्ताओं के सेवा कार्यों का फल है। इस अवसर पर उपमहापौर नीरज जैन, पूर्व महापौर धर्मेंद्र गहलोत, धर्मेश जैन, प्रवीण जैन, सोमरत्न आर्य, राजेश शर्मा, योगेश शर्मा, दीपक भाकर, जय किशन परवानी, तुलसी सोनी समेत कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता मौजूद रहे। recent visitors 139

साइकिल सवार की मौत, राजस्थान-अजमेर में यू ट्यूबर मि. खान की तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर

अजमेर. अजमेर के फॉयसागर रोड पर कल रात एक तेज रफ्तार इनोवा ने एक साइकिल सवार अधेड़ को कुचल दिया। उसके बाद कार सवार मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने अधेड़ को जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव जेएलएन अस्पताल में रखवा दिया है। जानकारी के मुताबिक हादसे के बाद लोगों ने कार का पीछा किया। आरोपी कोटड़ा इलाके में कार छोड़कर भाग छूटे। काले रंग की इनोवा कार पर यू-ट्यूबर मि. खान वी-लॉगर लिखा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि साइकिल सवार को लहूलुहान हालत में ऑटो रिक्शा में रात करीब 8 बजे जेएलएन अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन उपचार के दौरान रात करीब साढ़े नौ बजे उसने दम तोड़ दिया। मृतक की उम्र करीब 58 साल बताई जा रही है लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार आरजे 01- यूए-1110 कार का चालक देहली गेट इलाके का बताया जा रहा है। गंज थाना पुलिस ने कार मालिक की पहचान कर ली है। कार को जब्त कर लिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में सवार युवक नशे की हालत में तेज रफ्तार कार दौड़ा रहे थे। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। फॉयसागर की तरफ से आ रहा साइकिल सवार एकाएक सामने से लहराती हुई आ रही तेज रफ्तार कार से टकराकर असंतुलित होकर गिर गया। हादसे में उसकी साइकिल पूरी तरह टूट-फूट गई, पहिए मुड़ गए और वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया जिसे लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान अधेड़ की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। recent visitors 67

मंत्री रावत ने कन्या पूजन को बताया हमारी संस्कृति, राजस्थान-अजमेर के पुष्कर तीर्थ में 2100 कन्याओं का सामूहिक पूजन

अजमेर. अजमेर जिले के तीर्थ नगरी पुष्कर के माहेश्वरी भवन में आज दुर्वांकुश एजुकेशन फाउंडेशन के तत्वावधान में सर्व सनातन हिंदू समाज की ओर से नवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य में सर्व समाज की देवी स्वरूपा 2100 कन्याओं का सामूहिक पूजन किया गया, साथ ही नन्हें बालकों को भैरव मानते हुए उनका भी पूजन किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुरेशसिंह रावत, नगर परिषद के सभापति कमल पाठक, अखिल भारतीय माहेश्वरी सेवा सदन पुष्कर के अध्यक्ष रामकुमार भूतड़ा, कार्यालय मंत्री मधुसूदन मालू, पूर्व पालिकाध्यक्ष सूरज नारायण पाराशर ने अतिथि के रूप में शिरकत की। इससे पूर्व ज्योतिषाचार्य पंडित कैलाशनाथ दाधीच और पंडित सत्यनारायण शास्त्री सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पहले 2100 कन्याओं और भैरव का पूजन किया गया। इसके बाद माता स्वरूप कन्याओं को भोजन कराकर उपहार दिये गये। कार्यक्रम के दौरान अयोध्या में भगवान राम मंदिर के निर्माण पर 22 जनवरी को आयोजित श्रीराम प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में पुष्कर उपखंड में प्रथम, द्वितीय स्थान प्राप्त विधार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया। इस दौरान कन्याएं माता रानी का स्वरूप धारण कर कार्यक्रम मे पहुंची। जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने शानदार आयोजन के लिये आयोजकों को बधाई देते हुए धन्यवाद दिया। रावत ने कहा कि कन्या पूजन हमारी संस्कृति का प्रतीक है और इससे सामाजिक सदभाव बढ़ता है। फाउंडेशन की निदेशिका निर्मल चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य हिन्दू समाज को संगठित कर मजबूत बनाना था। फाउंडेशन के अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने बताया कि सामजिक समरसता बनाने और हमारे पुराणों में कन्याओं को जो उच्च स्थान दिया गया है, उसका एहसास कराने के लिये फाउंडेशन की और से प्रतिवर्ष यह कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। संयोजिका पुष्पा पाराशर ने बताया कि सकल हिंदू समाज बंधुओं ने सपत्नीक सामूहिक रूप से कन्याओं का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन किया। इस मौके पर नन्हें बालकों को भैरव के रूप में भी पूजन किया जायेगा। recent visitors 159