तोपाभ्यास के दौरान हुआ बम विस्फोट, राजस्थान-बीकानेर की महाजन फायरिंग रेंज में दो सैनिक शहीद और एक घायल

बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर जिले के महाजन फील्ड फायरिंग रेंज के नॉर्थ कैंप में तोपाभ्यास के दौरान बम फटने से बड़ा हादसा हो गया। धमाके में दो सैनिक मौके पर ही शहीद हो गए जबकि एक अन्य सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल सैनिक को सूरतगढ़ के मिलिट्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा फायरिंग रेंज के चार्ली सेंटर पर हुआ, जहां सैन्य अभ्यास चल रहा था। हादसे की सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ सैन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। महाजन थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद है। महाजन थानाप्रभारी कश्यप सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना की जांच की जा रही है। कश्यप सिंह ने कहा कि प्रारंभिक तौर पर जो जानकारी सामने आई है उसके मुताबिक फील्ड फायरिंग रेंज में सेना का अभ्यास चल रहा था। इसी दौरान टैंक में ब्लास्ट होने के चलते यह हादसा हुआ। हादसे में दो सैनिकों की शहादत हो गई है, जबकि घायल जवान को सूरतगढ़ मिलिट्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीकानेर जिले की महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में एक हफ्ते के भीतर यह दूसरी घटना है जब जवानों को अपनी शहादत देनी पड़ी है। बीते 15 दिसंबर को तोपखाने की तैनाती के प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान सेना के एक जवान की शहादत हो गई थी। घटना 15 दिसंबर को हुई, जब उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर के 31 वर्षीय गनर चंद्र प्रकाश पटेल प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान गन बैटरी में टुकड़ी कमांडर के रूप में ड्यूटी कर रहे थे। चंद्र प्रकाश पटेल जब बंदूक को टोइंग वाहन से जोड़ रहे थे, तो बंदूक की खाई के रैंप पर बंदूक का ट्रैक्शन खो गया और वह पीछे की ओर फिसल गई। इससे जवान घायल हो गया। प्रवक्ता ने बताया कि उन्हें तुरंत एंबुलेंस में फील्ड अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद चंद्र प्रकाश पटेल का पार्थिव देह उनके परिजनों को सौंप दिया गया। recent visitors 72

सीसीटीवी में नजर आई संदिग्ध कार, राजस्थान-बीकानेर में स्कूल के बाहर से छात्रा को अगवा कर दुष्कर्म

बीकानेर। बीकानेर के खाजूवाला थाना इलाके में स्कूल के सामने से छात्रा का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना के दौरान अपहरण के लिए इस्तेमाल की गई कार स्कूल के बाहर एक दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसमें दुष्कर्मी छात्रा को स्कूल के बाहर से ही अगवा करके ले गया और बाद में अपने मकान में ले जाकर उससे दुष्कर्म किया। पीड़िता की मां ने इस संबंध में खाजूवाला थाने में मामला दर्ज कराया है। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 दिसंबर को बालिका स्कूल के लिए घर से निकली थी। इस दौरान तीन पावली निवासी भीम नायक स्कूल के बाहर से उसका अपहरण करके ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की मां ने बताया कि बेटी जब देर तक वापस घर नहीं पहुंची तो उन्होंने उसकी तलाश की। तलाशी के दौरान जब बेटी मिली तो वह बेहद घबराई हुई थी। उसने पूरी घटना के बारे में बताया। बेटी की आपबीती सुनकर उसके परिजनों के होश उड़ गए। पीड़िता की मां की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में नामजद केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच डीवाईएसपी अमरजीत चावला कर रहे हैं। पुलिस की टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं। नाबालिग पीड़िता का मेडिकल करवाया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है लेकिन फिलहाल उसका कुछ पता नहीं चल पाया है। recent visitors 71

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, राजस्थान-बीकानेर में घर के बाहर सूख रहे महिलाओं के कपड़े चुराकर बाइक सवार फरार

बीकानेर. जय नारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र के खतूरिया कॉलोनी में एक बाइक सवार ने घर के बाहर सूख रहे महिलाओं के कपड़े चोरी करके फरार हो गया। घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में दिनदहाड़े हुई इस घटना की पूरी वारदात कैद हो गई है। मकान मालिक के अनुसार घटना के वक्त घर में मौजूद महिला ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया. वह उसकी बाइक के पीछे भी दौड़ी, लेकिन वह तेजी से फरार हो गया। इस घटना की शिकायत जय नारायण व्यास कॉलोनी थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह घटना समाज में मौजूद विकृत मानसिकता को उजागर करती है। महिलाओं के कपड़ों की चोरी जैसी घटनाएं न केवल असुरक्षा की भावना पैदा करती हैं, बल्कि यह भी सवाल उठाती हैं कि ऐसे अपराधों को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की अपील की है। recent visitors 109

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां कर रहीं जांच, राजस्थान-बीकानेर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर फिर मिला पाकिस्तानी गुब्बारा

बीकानेर. बीकानेर के खाजूवाला क्षेत्र के 26BD खेत में शनिवार को संदिग्ध हरे और सफेद रंग का गुब्बारा मिला, जिस पर पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस लिखा हुआ था। यह गुब्बारा भारत-पाक अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पास एक खेत में मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हलचल मच गई है। ग्रामीणों ने यह संदिग्ध गुब्बारा देखकर तुरंत खाजूवाला पुलिस और सीमा सुरक्षा बल को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और BSF की टीम मौके पर पहुंची और गुब्बारे की जांच शुरू की। सुरक्षा एजेंसियां इसे किसी साजिश या संदेश का हिस्सा मानकर जांच कर रही हैं। गौरतलब है कि हाल ही में इसी क्षेत्र में हेरोइन की बड़ी खेप बरामद की गई थी। उस घटना में पुलिस और BSF ने सतर्कता दिखाते हुए तस्करों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद से ही सीमा क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। संदिग्ध गुब्बारे की जांच के लिए BSF और जी ब्रांच की टीमें सक्रिय हो गई हैं। पुलिस इसे सीमा पार से किसी संभावित साजिश के तहत भेजा गया संदेश मानकर विभिन्न कोणों से इसकी जांच कर रही है। साथ ही सुरक्षा एजेंसियां इस बात का पता लगाने की भी कोशिश कर रही हैं कि गुब्बारा सीमा पार से आया है या इसे किसी अन्य उद्देश्य से यहां छोड़ा गया। इस घटना ने सुरक्षा बलों को अलर्ट पर ला दिया है और क्षेत्र में निगरानी और कड़ी कर दी गई है। खाजूवाला पुलिस और BSF अधिकारियों ने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है, और सुरक्षा की दृष्टि से हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। recent visitors 105

आठ महीने पहले हुई थी पोस्टिंग, राजस्थान-बीकानेर में सेना के जवान ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

बीकानेर. महाजन के आर्मी नॉर्थ कैंप में सेना के एक जवान ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना देर रात की है। मृतक सैनिक की पहचान महाराष्ट्र निवासी संतोष पंवार के रूप में हुई है। सैनिक का शव महाजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) की मोर्चरी में रखवाया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही सैन्य अधिकारी और अन्य जवान अस्पताल पहुंचे। संतोष पंवार की पोस्टिंग करीब 8 महीने पहले हुई थी। वे महाजन फील्ड फायरिंग रेंज के नॉर्थ कैंप में तैनात थे। बुधवार शाम को वे कैंप से अपने कमरे में चले गए। इस दौरान कई देर तक कमरा बंद रहा। संतोष के साथियों को शक हुआ तो कमरे के बाहर से आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं आया। कई देर तक दरवाजा भी खटखटाया, लेकिन जब गेट नहीं खोला वे उसे तोड़कर अंदर गए। जहां कमरे में वे फंदे से लटके हुए मिले। सुसाइड की जानकारी मिलने के बाद महाजन पुलिस भी मौके पर पहुंची। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक सुसाइड के कारणों का अभी तक कोई खुलासा नहीं हो पाया है। recent visitors 77

पैलेस में पुलिस के साथ मौका कमिश्नर सर्वे कर रिपोर्ट पेश करें, राजस्थान-बीकानेर राजघराने के विवाद पर कोर्ट के आदेश

बीकानेर. राजमाता सुशीला कुमारी की संपत्ति को खुर्दबुर्द होने से रोकने के लिये न्यायालय ने त्रिलोचन शर्मा को मौका कमिश्नर नियुक्त कर दिनांक 3 दिसंबर को न्यायालय में रिपोर्ट पेश करने का आदेश जारी किया था। लेकिन न्यायालय आदेश के बावजूद मौका कमिश्नर को शिव विलास, लालगढ़ पैलेस में प्रवेश नहीं करने दिया गया। 3 दिसंबर को कोर्ट में तारीख पेशी के दिन मौका कमिश्नर त्रिलोचन शर्मा ने अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत कर न्यायालय को अवगत करवाया कि वे कोर्ट के आदेश की अनुपालना में उभय पक्षों के अधिवक्ताओं को सूचित कर शिव विलास, लालगढ़ पैलेस, बीकानेर में कमिश्नर रिपोर्ट तैयार करने के लिए 30 नवंबर को गये थे, लेकिन उन्हें शिव विलास, लालगढ़ पैलेस में गार्ड ने यह कहकर प्रवेश नहीं करने दिया कि सिद्धिकुमारी यहां नहीं हैं। इसलिए उनकी इजाजत के बिना किसी को भी प्रवेश करने नहीं दिया जायेगा। इसके अलावा लालगढ़ पैलेस के दरवाजे बंद कर ताला लगा दिया। जिसके बाद राजमाता सुशीला कुमारी की संपत्तियों की सूची नहीं बन पाई। इसके अलावा सिद्धि कुमारी के अधिवक्ता ने आवेदन प्रस्तुत कर मौका कमिश्नर की नियुक्ति पर उनकी सहमति को विथड्रा करने का आग्रह किया। प्रार्थना पत्र पर बहस सुनने के बाद न्यायालय द्वारा उक्त प्रार्थना पत्र को खारिज कर दिया गया तथा साथ ही सिद्धि कुमारी व गार्ड अविनाश व्यास को जानबुझ कर न्यायालय के आदेश की पालना ना होने देने के लिए कारण बताओं नोटिस जारी करने व मौका कमिश्नर त्रिलोचन शर्मा को निर्देशित किया। जिसमें ये कहा गया कि वे आज (गुरुवार) ही दोपहर 2 बजे पुन: शिव विलास, लालगढ़ पैलेस जाकर उपस्थित पक्षकारान की मौजूदगी में आवश्यक रुप से निरिक्षण कर 6 दिसंबर को अपनी विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें तथा सिद्धि कुमारी के अधिवक्ता को हिदायत दी कि वे न्यायालय के आदेश की पालना सुनिश्चित करें। यदि अब किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न किया जाता हैं तो कमीश्नर द्वारा नियमानुसार पुलिस इमदाद की मांग की जा सकेगी। नहीं खुले कमरों के ताले न्यायालय के उक्त आदेश की पालना में मौका कमिश्नर दोनों पक्षों की मौजूदगी में एक बार पुन: शिव विलास की रिपोर्ट तैयार करने के लिए पहुंचे, लेकिन एक बार फिर उन्हें यह बताया गया कि कमरों की चाभियां सिद्धि कुमारी के पास हैं तथा उनकी तबीयत ठीक नही हैं अत: वे शिव विलास के कमरें खुलवाने में सक्षम नहीं हैं। परिणामस्वरुप न्यायालय के आदेश के बावजूद मौंका कमिश्नर को एक बार पुन: बिना रिपोट तैयार किए लौटना पड़ा। मौका कमिश्नर ने आज न्यायालय में पेश की रिपोर्ट इधर, मौका कमीश्नर की ओर से आज न्यायालय में अपनी रिपोर्ट पेश की है। जिसमें बताया है कि अप्रार्थी संख्या 1 पक्ष के सहयोग के अभाव में मौका रिपोर्ट तैयार नहीं की जा सकी। अत: पुलिस अधीक्षक बीकानेर को तहरीर जारी कर निर्देशित फरमाए कि वे पर्याप्त सुरक्षा एवं पुलिस बल के सहयोग से कमिश्नर रिपोर्ट में आने वाली समस्त बाधाओं को निवारित कर आवश्यकता होने पर ताले तोड़कर रिपोर्ट बनाने में वांछित सहयोग प्रदान करें। recent visitors 147

दो की मौत और तीन लोग गंभीर घायल, राजस्थान-बीकानेर के भारतमाला एक्सप्रेस-वे दो वाहनों की भीषण टक्कर

बीकानेर. लूणकरणसर के पास भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेस मार्ग पर दो वाहनों की आपस में टक्कर के कारण यह हादसा हुआ। इस दुर्घटना में जालोर के सायला तहसील के इकबाल खान पुत्र आलम खान, बालोतरा निवासी तगाराम की मौत की सूचना है। जबकि नवाब खान, रजाक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि जालोर निवासी ट्रक चालक भारतमाला एक्सप्रेस मार्ग पर सहजरासर ढाणी भोपाला के पास ढाबे पर खाना खाकर ट्रक के पिछले हिस्से की जांच कर रहे थे। तभी तेज गति से आ रहा दूसरा ट्रक अंदर जा घुसा। दुर्घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर लूणकरणसर थाना पुलिस के हेड कांस्टेबल श्याम लाल, ड्राइवर हजारी सिंह और प्यारे लाल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक में फंसे ड्राइवरों को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए लूणकरणसर हॉस्पिटल भेजा। बाद में घायलों को गंभीर हालत में बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया। जहां घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। recent visitors 75