एक आरोपी गिरफ्तार, राजस्थान-बीकानेर में फुटवियर व्यापारी से मांगी 10 लाख की फिरौती

बीकानेर. शहर के एक फुटवियर व्यापारी से दस लाख रुपये की फिरौती मांगी गई है। फिरौती की रकम नहीं देने पर व्यापारी को अंजाम भुगतने की धमकी भी दी गई है। इस संबंध में व्यापारी ने कोटगेट थाने में मामला दर्ज करवाया है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर एक आरोपी को पकड़ा है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। दरअसल सुदर्शना नगर में साईं मंदिर के पास रहने वाले मनीष बादलानी के पास मंगलवार को दो अलग-अलग नंबर से कॉल आया। बात पूरी होने से पहले ही फोन कट गया। बाद में उसे एक ऑडियो मैसेज भेजा गया। उस मैसेज में कहा गया कि दस लाख रुपये नहीं देने पर उसे बर्बाद कर दिया जाएगा। जान से मार दिया जाएगा। इसके बाद मनीष ने इस संबंध में पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कराई। साथ ही पुलिस को ऑडियो मैसेज भी उपलब्ध करवाया। मनीष सुदर्शना नगर में रहता है और उसकी फड़ बाजार में रुप चप्पल स्टोर के नाम से दुकान है। उससे दस लाख रुपये की फिरौती मांगने वाले ने दो अलग-अलग नंबरों का उपयोग किया है। मामला प्रकाश मे आने के बाद सीओ सिटी श्रवण दास संत कोटगेट थाना अधिकारी मनोज शर्मा ने मोबाइल नंबर के आधार पर एक आरोपी को धर दबोचा है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। recent visitors 107

परिजनों ने लगाए नारी निकेतन में छोड़ने के आरोप, राजस्थान-बीकानेर की नाबालिग को अयोध्या से दस्तयाब कर लाई पुलिस

बीकानेर. देशनोक पुलिस द्वारा एक नाबालिग को दस्तयाब कर वापस लाने के दौरान गंभीर आरोप सामने आए हैं। दरअसल थाने में दर्ज पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज मामले में दस्तयाब नाबालिग को पुलिसकर्मियों द्वारा प्रताड़ित करने और उसे भगाने वाले युवक पर पुलिस की मौजूदगी में दुष्कर्म किए जाने के आरोप नाबालिग के परिजनों ने लगाए हैं। सीएमओ तक मामला पहुंचने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा है। दरअसल इसी महीने देशनोक थाने में एक युवक द्वारा नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला दर्ज हुआ था, जिसकी जांच हवलदार गोपालदास को दी गई थी। युवक के यूपी के अयोध्या में होने की सूचना मिलने पर हवलदार गोपालदास, सिपाही सचिन और महिला कांस्टेबल सुमन आरोपी युवक और नाबालिग को दस्तयाब कर अयोध्या से ट्रेन के जरिए बीकानेर ला रहे थे। यह ट्रेन नोखा के बाद सीधे बीकानेर रुकती है। इस कारण ये लोग नोखा में उतरकर एक होटल में रुक गए। यहां से 18 अक्टूबर को पुलिस ने नाबालिग को नारी निकेतन भिजवा दिया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने इस प्रक्रिया में कथित तौर पर मनमानी की और कानूनी प्रक्रियाओं का उल्लंघन किया। परिजनों के मुताबिक नाबालिग को बिना समुचित वारंट या कानूनी नोटिस के जबरदस्ती ले जाया गया, जिससे परिवारजन में आक्रोश व्याप्त है। घटना के बाद स्थानीय लोग भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। दूसरी तरफ पुलिस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। फिलहाल पुलिस परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। recent visitors 136

फ्री में शराब नहीं देने पर हंगामा, राजस्थान-बीकानेर के होटल में बदमाशों ने मचाया उत्पात

बीकानेर. कोटगेट थाना इलाके में स्थित एक होटल में शुक्रवार देर रात कुछ बदमाशों ने जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ मचाई। प्राप्त जानकारी के अनुसार कोटगेट थाना क्षेत्र के सिद्धि विनायक होटल चार से पांच बदमाश होटल में दाखिल हुए और फ्री में शराब में देने की मांग की। फ्री में शराब नहीं देने से गुस्साए इन बदमाशों ने होटल के अंदर तोड़फोड़ शुरू कर दी और होटल के मुख्य गेट, फ्रीज और रिसेप्शन एरिया में कांच के दरवाजों को बुरी तरह से तोड़ दिया। घटना के बाद इंद्रप्रस्थ करणी नगर निवासी दीपेंद्र सिंह भाटी ने कोटगेट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि राजा भाटी, अभिषेक पंवार, छैलूसिंह के साथ तीन-चार अन्य लोग उसकी होटल में आए और फ्री में शराब मांगी। इस पर होटल में मौजूद स्टाफ ने इसके लिए मना कर दिया, जिससे गुस्साए आरोपियों ने होटल में तोड़फोड़ शुरू कर दी। होटल के मालिक ने बताया कि अचानक हुए इस हमले से न केवल होटल की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है, बल्कि वहां काम करने वाले कर्मचारियों और ग्राहकों में भी भय का माहौल बन गया। तोड़फोड़ की यह पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि बदमाश बिना किसी डर के होटल में घुसे और कुछ ही मिनटों में भारी नुकसान कर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू कर दी है। recent visitors 93

अस्पताल में जमीन पर लिटाकर मरीजों को चढ़ानी पड़ रही ड्रिप, राजस्थान-बीकानेर में मौसमी बीमारियों का अटैक

बीकानेर. बीकानेर संभाग का पीबीएम अस्पताल राम भरोसे ही चल रहा है। शहर में इन दिनों मौसमी बीमारियों का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है और अस्पताल प्रशासनिक लापरवाही के चलते मरीजों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। डेंगू, मलेरिया, और वायरल बुखार जैसे मौसमी रोगों से पीड़ित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन अस्पतालों में इनकी देखभाल के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि मरीजों को बेड के अभाव में फर्श पर लिटाकर उनका इलाज किया जा रहा है, जिससे अस्पताल की अव्यवस्थाओं की पोल खुल गई है। अस्पताल के विभिन्न वार्डों और मौसमी बीमारी वार्ड में मरीजों की भीड़ जमा है। कई मरीज गंभीर स्थिति में होने के बावजूद भी घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं। जगह की कमी के कारण अस्पताल के बरामदों और गलियारों में मरीजों को जमीन पर लिटाया जा रहा है। अस्पताल में भर्ती मरीजों को किराए पर बिस्तर लेकर इलाज करवाना पड़ रहा है। अस्पताल में प्रतिदिन मौसमी बिमारियों से पीड़ित लगभग 50 मरीज भर्ती हो रहे हैं। इसके बावजूद प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। मरीजों के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मौसमी बीमारियों के इस उछाल को देखते हुए पहले से ही तैयारी की जानी चाहिए थी, लेकिन अस्पताल प्रशासन पूरी तरह विफल साबित हुआ है। परिजनों का आरोप है कि हर साल इस मौसम में बीमारियों के मामले बढ़ते हैं, इसके बावजूद अस्पतालों में संसाधनों और डॉक्टरों की भारी कमी है। मरीजों को उचित चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने से उनकी हालत और भी विकट हो गए है। प्रशासनिक लापरवाही और अव्यवस्थाओं ने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति को और खराब कर दिया है। सरकार और स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी के दावे तो खूब किए जा रहे हैं, लेकिन अस्पताल में भर्ती मरीजों की तस्वीरें हकीकत बयान करने के लिए काफी है। recent visitors 80

अलर्ट मोड पर स्वास्थ्य विभाग, राजस्थान-बीकानेर में डेंगू के मरीज 400 के पार

बीकानेर. बीकानेर शहर में डेंगू मरीजों की संख्या 400 के पार पहुंचने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। डेंगू पीड़ितों मरीजों की संख्या 400 के पार कर चुकी है। इन मरीजों में एनएस-1 के मरीजों की संख्या लगभग 238 के करीब है। आईजीएम के 167 हैं। इसके अलावा मलेरिया के 63 केस हैं। सीएमएचओ डॉ. राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि जिला कलेक्टर के निर्देश पर 546 लोगों की मोबाइल टीमें बनाई है। टीमों में आशा सहयोगिनी, एएनएम, सीएचओ, जीएनएम, नर्सिंग स्टूडेंट्स, डोमेस्टिक ब्रीडिंग चेकर भी लगा रखे हैं। विभाग की टीमें रोजाना 30 से 50 घरों का सर्वे कर रही हैं।टीमों द्वारा सैंपलिंग कराई जा रही है। टीमों द्वारा घर-घर जाकर एंटी लारवल गतिविधियां करवाई जा रही हैं। डेंगू पॉज़िटिव के सरकारी और प्राइवेट दोनों जगहों की बात करें तो ये आंकड़ा अभी और ऊपर तक जाएगा। हालांकि, सीएमएचओ डॉ. गुप्ता ने बताया कि पिछले एक हफ्ते से मरीजों की संख्या में इजाफा देखने को मिला है। ऐसे में रोजाना करीब 50 से 60 लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं। इनमें से 2 या 3 लोगों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आ रही है। इसके अलावा कुछ मरीज ऐसे भी आ रहे हैं, जिनको बुखार काफी तेज रहता है। ऐसे मरीजों को भर्ती भी करना पड़ा रहा है, लेकिन इनकी संख्या बहुत कम रहती है। मौसमी बीमारियों के बढ़ते हुए मरीजों की तादाद का असर अब संभाग के सबसे बड़े अस्पताल की व्यवस्थाओं पर भी पड़ने लगा है। अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ने के चलते उन्हें भर्ती करने के लिए बेड भी कम पड़ने लगे हैं। ऐसे में जनाना अस्पताल के एमसीएच विंग के खाली पड़े वार्डों में इन मरीजों को शिफ्ट करने की तैयारी भी की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अलग-अलग जगहों पर हॉट-स्पॉट चिन्हित किए  हैं। विभाग की टीम इन इलाकों पर लगातार नजर बनाए हुए है। कैसे फैलता है डेंगू बता दें, डेंगू लोगों में एडीज प्रजाति की मादा मच्छरों के काटने से फैलता है। कभी-कभी टाइगर मच्छर के काटने से भी यह बीमारी फैलती है। जब एडीज प्रजाति का मच्छर किसी संक्रमित व्यक्ति को काटता है और उसके बाद वह स्वस्थ व्यक्ति को काटता है, जिससे वह भी संक्रमित हो जाता है। बता दें, यह वायरस गर्भवती महिला से उसके शिशु में या रक्तदान के माध्यम से भी फैल सकता है। ऐसे करें बचाव एडीज मच्छर जमे हुए पानी में पनपता है। ऐसे में घर के कूलर, पानी टंकी, चिड़ियों के लिए बर्तन में रखे गए पानी, फ्रिज के ट्रे और पौधों के गमलों में पानी को अधिक समय तक पानी न जमा होने दें। उसे हमेशा बदलते रहें। recent visitors 78

दुबई से 11 करोड़ का हवाला के जरिए लेनदेन, राजस्थान-बीकानेर में ड्रोन से पाकिस्तान से पहुंचाई हेरोइन

बीकानेर. जिले से लगती पाक सीमा की नीलकंठ पोस्ट के पास बीती 2 अक्टूबर को ड्रोन के जरिये गिराई गई हेरोइन के मामले में तस्करों से की जा रही पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। संयुक्त जांच एजेंसियों की तस्करों से पूछताछ में सामने आया है कि पाक में बैठे तस्कर ने ही हेरोइन को गिराने की लोकेशन तय की थी और इसके पैसों का लेनदेन हवाला के जरिए दुबई से किया गया था। गौरतलब है कि खाजूवाला बॉर्डर एरिया में बीएसएफ को नीलकंठ पोस्ट के पास एक ड्रोन और करीब 11 करोड़ रुपये की 2 किलो हीरोइन बरामद हुई थी। इस मामले को लेकर पुलिस और बीएसएफ ने 6 तस्करों को गिरफ्तार किया था। पुलिस, सीआईडी आईबी, बीएसएफ द्वारा तस्करों से 2 दिन की पूछताछ के बाद चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। हेरोइन तस्करी की डील पंजाब में बैठे मुख्य तस्कर ने पाकिस्तानी तस्कर से की थी। इस काम के लिए उन्होंने हाल ही में रोहतक जेल से छूट बलदेव सिंह को केरियर बनाया था। सौदा डेढ़ लाख रुपये में तय हुआ था और एक लाख रुपए अहमद ने दुबई से हवाला के जरिए बलदेव के बताए गए बैंक अकाउंट में ट्रांसफर किए थे लेकिन बीएसएफ पुलिस की चौकसी के चलते तस्कर अपने मकसद में कामयाब नहीं हो पाए। बताया जा रहा है कि बलदेव सिंह पिछले एक साल से पाकिस्तानी तस्कर अहमद के संपर्क में था। पुलिस ने इस मामले में पंजाब के फाजिल्का के बलजीत सिंह, हरभजन सिंह, अमरीक सिंह, मस्तान सिंह और हनुमानगढ़ निवासी महेंद्र सिंह और परगट सिंह को गिरफ्तार किया है। वहीं एक अन्य आरोपी तारा सिंह अभी फरार चल रहा है। मामले की जांच छतरगढ़ थाना प्रभारी संदीप कुमार कर रहे हैं। BSF अधिकारियों के अनुसार ड्रोन का इस्तेमाल तस्करों द्वारा तेजी से किया जा रहा है, क्योंकि यह सीमा पर लगे कड़े सुरक्षा इंतजामों को चकमा देने का एक नया तरीका है। सुरक्षा एजेंसियों ने हाल के महीनों में ऐसे कई ड्रोन पकड़े हैं, जिनके जरिए नशीले पदार्थ और हथियार भारतीय क्षेत्र में भेजे जा रहे हैं। इस घटना के बाद सुरक्षा बलों ने सीमा पर निगरानी और सख्त कर दी है। ड्रोन के खिलाफ लड़ाई को और कारगर बनाने के लिए उन्नत तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि तस्करों के इन प्रयासों को विफल करने के लिए सुरक्षा बल पूरी तरह से सतर्क हैं और इस तरह की घटनाओं पर कड़ी नजर रखी जा रही है। recent visitors 69

पचास लाख की व्यवस्था करो नहीं तो देख लेंगे, राजस्थान-बीकानेर में रोहित गोदारा के नाम से अड़ीबाजी

बीकानेर. जिले के लूणकरणसर निवासी एक व्यक्ति को रोहित गोदारा के नाम से धमकी भरा व्हाट्सएप कॉल आने के बाद एक बार फिर रोहित सुर्खियों में है। अभय राज बाफना पुत्र समर बाफना ने लूणकरणसर थाने में रिपोर्ट दी है कि 30 सितंबर की शाम उसके मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिये एक कॉल आया था, जिसमें 50 लाख रुपयों की मांग की गई थी। अभय ने पुलिस को जानकारी देते हुए बताया कि कॉल करने वाले ने खुद को रोहित गोदारा बताते हुए अभय को धमकाते हुए कहा था कि तुम्हारा सरदारशहर में क्या मैटर है। मैंने तुम्हारे नंबर सरदारशहर के सुनील पारीक से लिए हैं, सीधे-सीधे 50 लाख रुपये दे देना वरना मैं तुम्हें और तुम्हारे परिवार को मार दूंगा। इसके बाद परिवादी के पास रविवार की रात को फिर फोन आया और फोन करने वाले ने खुद को रोहित गोदारा बताते हुए धमकी भरे लहजे में कहा कि 50 लाख की व्यवस्था करो नहीं तो तुम्हें देख लेंगे हमारे पास पैसे निकलवाने के बहुत सिस्टम हैं। इस फोन के बाद से बाफना परिवार डरा-सहमा हुआ है। मामले को लेकर पीड़ित ने लूणकरणसर थाने में रिपोर्ट देकर सुरक्षा की मांग की है। जानकारी के लिए बता दें कि अभयराज और सुनील पारीक के बीच पुराना लेनदेन का चल रहा है, जिसका मुकदमा सरदारशहर थाने में दर्ज है। बहरहाल पुलिस अभय की रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच कर रही है। recent visitors 137