कांग्रेस प्रत्याशी डीसी बैरवा को बताया डायरेक्ट करंट, राजस्थान-दौसा प्रचार करने पहुंचे सचिन पायलट

दौसा. विधानसभा उपचुनाव का प्रचार अब परवान चढ़ने लगा है, जिसके चलते आज दौसा विधानसभा के कुंडल गांव में सचिन पायलट ने नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सभी जातियों के मंत्रियों को गली-गली में प्रचार के लिए घुमा रही है, कहीं आप लोग इसके बहकावे में मत आ जाना। पायलट ने कहा कि भाजपा चाहे कितने ही तंत्र लगा ले, कितने मंत्रियों को लगा ले लेकिन यहां से कांग्रेस ही जीतेगी। उधर भाजपा पर हमला बोलते हुए सचिन पायलट ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में प्रदेश में गोलियां चलीं, आपस में लोगों को लड़ाया ग़या, इतना ही नहीं भाजपा ने प्रदेश में जनकल्याणकारी योजनाओं को भी बंद कर दिया। एआईसीसी महासचिव सचिन पायलट ने कांग्रेस प्रत्याशी दीनदयाल बैरवा के पक्ष में कुंडल कस्बे में आयोजित नुक्कड़ सभा में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि लंबे समय तक कांग्रेस प्रत्याशी दीनदयाल बैरवा के पिता ने पार्टी की सेवा की है। उन्होंने कहा कि जनता के दिलों में राज होना चाहिए पद तो आते-जाते रहते हैं। पायलट ने मजाक में मंच से कांग्रेस प्रत्याशी दीनदयाल बैरवा के डीसी उपनाम की परिभाषा डायरेक्ट करंट से बताई। उन्होंने 12 तारीख को देवउठनी एकादशी के सावे को देखते हुए आम जनता से सारे काम छोड़कर 13 तारीख को मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा चाहे जितनी ताकत लगा ले लेकिन सातों सीटों पर कांग्रेस ही जीतेगी। recent visitors 77

‘कांग्रेसियों का मन मेरी तरफ, उनसे पूछना’, राजस्थान-दौसा के BJP प्रत्याशी जगमोहन ने चौकाया

दौसा. राजस्थान में उपचुनाव दिलचस्प होते जा रहे हैं। दौसा में मैच फिक्सिंग की चर्चाओं के बीच बीजेपी प्रत्याशी जगमोहन मीणा का एक रोचक बयान सामने आया। इसमें जगमोहन कह रहे हैं कि यहां सभी कांग्रेसी नेताओं का मेरी तरफ मन है। आज सचिन पायलट की भी दौसा में सभाएं कह रहे हैं। देखना यह है कि कांग्रेस की तरफ से जगमोहन को क्या जवाब मिलता है। राजस्थान की सबसे चर्चित सीट दौसा में जिस मैच फिक्सिंग की चर्चा हो रही थी, उस सीट से बीजेपी प्रत्याशी जगमोहन का एक रोचक बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। चर्चा यह थी कि जगमोहन के समर्थन में बीजेपी और कांग्रेस के नेताओं के बीच मैच फिक्सिंग हो गई। खुद पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने भी पिछले दिनों दौसा में हुई चुनावी सभा के दौसान इस चर्चा का जिक्र किया था। हालांकि उन्होंने इसे अफवाह बताया था। लेकिन अब बीजेपी प्रत्याशी जगमोहन मीणा ने भी इन चर्चाओं से मिलता जुलता बयान दे दिया है। दौसा में सचिन पायलट की सभा को लेकर पूछे सवाल में उन्होंने कहा, सचिन पायलट कांग्रेस के नेता हैं। सभी अपनी पार्टी के लिए प्रयास करते हैं, वह भी आएंगे। उनका क्या रहेगा, कितना रहेगा…मेरी तरफ सभी कांग्रेस नेताओं का मन है। मुरारीलाल मीणा को लेकर पूछे गए एक सवाल पर उन्होंने कहा कि वे मुझे लेकर पूछे गए सवालों पर कन्नी इसी लिए काटते हैं कि उनका मेरे प्रति स्नेह है। उनसे लंबा जुड़ाव रहा है। इनसे मिलकर चला हूं सदा, ये मेरा स्वभाव जानते हैं। आप तो कांग्रेस के किसी भी नेता से पूछ लो कि जगमोहन कैसा है…तो चार लाइन में आपको सारा जवाब मिल जाएगा। गौरतलब है कि बीजेपी के जगमोहन मीणा के जवाब में कांग्रेस ने यहां डीडी बैरवा को प्रत्याशी बनाया है। लेकिन मीणा बाहुल्य सीट होने के चलते यहां जगमोहन के पक्ष में एक जाति के वोट लामबद्ध हो रहे हैं। अब अन्य जातियों की स्थिति क्या रहती है इस पर चुनाव निर्भर करेगा। यहां गुर्जर वोट भी बड़ी संख्या में हैं और सचिन पायलट का उन पर बड़ा असर है। ऐसे में आज पायलट की सभा कांग्रेस के लिए काफी अहम रहने वाली है। recent visitors 95

किरोड़ीलाल ने गलतियों की मांगी माफी, राजस्थान-दौसा में हुआ गुर्जर दीपावली मिलन समारोह

दौसा. दौसा गुर्जर समाज के दीपावली स्नेह मिलन समारोह में उन्होंने कहा कि मैं किरोड़ीलाल मीणा नहीं बल्कि किरोड़ी सिंह बैंसला हूं और मेरा छोटा भाई सचिन पायलट है इसलिए गुर्जर समाज से आशीर्वाद लेने के लिए आप सबके बीच आया हूं। मैंने सुना है कि गुर्जर समाज जिसे सबसे पहले आशीर्वाद देता है, हमेशा उसके साथ रहता है। आशीर्वाद होटल में मीडिया से रूबरू होते हुए किरोड़ी ने कहा कि यदि दौसा विधानसभा उपचुनाव में यदि भाजपा जीती है तो मेरा और गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम का प्रमोशन होगा। गुर्जर मतदाता हमेशा भाजपा के साथ रहा है और अब भी भाजपा के साथ में है। लोकगीत पर डांस करने की बात पर उन्होंने कहा कि ये मेरी पुरानी आदत है जवानी से ऐसा करता आ रहा हूं। महिलाएं कहती हैं, नाच बाबा और नाचने से वोट मिल जाते हैं। डोटासरा के भवानी जाग गई वाले तंज पर किरोड़ी ने कहा कि भवानी जाग गई है इसलिये अब चुनाव में जीतेंगे। पूर्व मंत्री रघु शर्मा के बयान को लेकर उन्होंने कहा कि  हमने ब्राह्मण को तो मुख्यमंत्री बना रखा है। recent visitors 94

घाघरा लुगड़ी पहनकर धोली मीणा बनीं पायलट, राजस्थान-दौसा की बहू ने यूरोप में उड़ाया प्लेन

दौसा. दौसा की बहू धोली मीणा ने लुगड़ी पहनकर प्लेन उड़ाया, जिसके चलते एक बार फिर दौसा की बहू धोली मीणा सुर्खियों में आ गई। वैसे धोली मीणा यूरोप में अपने राजस्थानी परिवेश पहनकर के लिए अलग पहचान बना चुकी है। अब की बार तो धोली मीणा ने कमाल ही कर दिया है, जिसके चलते एक बार फिर लहराया सात-समंदर पार राजस्थानी संस्कृति का परचम। यूरोप के आसमान में राजस्थानी घाघरा-लुगड़ी पहनकर उड़ाया प्लेन। धोली मीना दौसा की फेमस पीली-लुगड़ी और झलरी का लहंगा पहने यूरोप में प्लेन चलाती नजर आ रही है। धोली मीणा ने इसके फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए तो लोग अब धोली मीणा की जमकर तारीफ़ कर रहे हैं। धोली मीणा ने बताया कि इसके माध्यम से वो भारतीय महिलाओं को यह संदेश देना चाहती हैं कि महिलाएं किसी से कम नहीं, ठान ले तो कुछ भी कर सकती हैं। बल्कि जरूरत सिर्फ अपने आत्मबल को पहचानने की है। अपने आसमान की ओर कदम बढ़ाने की है। आज की महिलाएं अपनी मेहनत से इतिहास रच रही हैं। महिला अबला नहीं वह एक शक्ति है।धोली मीणा ने कहा कि महिलाओं को विपरीत परिस्थितियों में भी साहस एवं धैर्य नहीं खोना चाहिए। महिला चाहे गृहिणी हो या सर्विस करती हो, हमेशा समाज में महिलाओं के घर से बाहर निकलने की पाबंदी होती है। उसका विरोध होना चाहिए, उन्हें भी पुरुषों के बराबर हक मिलना चाहिए। recent visitors 86

तीन बदमाश गिरफ्तार, राजस्थान-दौसा की श्यालावास हाई सिक्योरिटी जेल में ड्रग्स सप्लाई

दौसा. दौसा की केन्द्रीय श्यालावास हाईसिक्योरिटी जेल लगातार चर्चा में बनी हुई है। यह जेल हाईसिक्योरिटी के मामले में राजस्थान की दूसरे नंबर की जेल है। नांगल राजावतान थाना इलाके की श्यावास जेल में पिछले दिनों पुलिस ने जेल में ड्रग्स सप्लाई मामले का खुलासा करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। नांगल राजावतान डिप्टी एसपी चारूल गुप्ता ने बताया कि मामला 9 अक्तूबर 2024 का है। मालीराम थानाधिकारी पुलिस थाना पापडदा ने मामला दर्ज किया था। केन्द्रीय कारागृह श्यालावास में बंदियों तक मादक पदार्थ अफीम एवं जेल अवैध सामग्री पहुंचाने की सूचना पर केन्द्रीय कारागृह श्यालावास पर छापा डाला था। वहां केन्द्रीय कारागृह श्यालावास में तैनात RAC का प्रहरी रामनाथ मूंड से इशारा पाकर बदमाश जेल की दीवार कूदकर भाग गए थे, लेकिन भागते हुए जेल में 2 बैग फेंक गए। चेक करने पर बैग में 245 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम एवं जेल निषिद्ध सामग्री मिली। पुलिस ने आपराधिक मामला दर्ज किया और जांच शुरू करते हुए इस मामले की जांच हुसैन अली थानाधिकारी पुलिस थाना नांगल राजावतान को दी। उधर नांगल राजावतान डिप्टी एसपी चारूल गुप्ता ने बताया शातिर आरोपित बदमाश प्रवृत्ति के हैं, जिनके खिलाफ कई थानों में एनडीपीएस एक्ट में मामले दर्ज हैं। आरोपी तौफिक अली और बदमाश बंटी उर्फ गिर्राज गोस्वामी विशिष्ट केन्द्रीय कारागृह श्यालावास में सजा काट रहे हैं, जिनके द्वारा कारागृह में मोबाईल का उपयोग लिया जा रहा था। ये दोनों ही बंदी मोबाइल के जरिए बाहरी अपराधियों के संपर्क में थे। इन्हीं अपराधियों ने अवैध मादक पदार्थ एवं जेल प्रतिबंधित सामग्री जेल प्रहरी आरएसी जवान रामनाथ मूंड के सहयोग से जेल में पहुंचाई थी। बदमाश रवि कुमार रावल निवासी छीपाबडौद बारां और सद्दीक उर्फ सादिक हुसैन निवासी कोटा द्वारा जायसवाल अस्पताल विज्ञान नगर कोटा से चुराई गई। मोटरसाईकिल पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर 8 अक्तूबर 2024 को कोटा बारां से रवाना होकर दौसा शहर में आ गये थे। जिन्होंने दौसा में एक होटल में कमरा लिया तथा रात को वहीं पर रुककर मादक पदार्थ एवं जेल में प्रतिबंधित सामग्री के पॉलिथिनों में लपेटकर पैकिट तैयार किए और 9 अक्तूबर 2024 को जेल प्रहरी रामनाथ तथा बंदी तौफिक और बंटी से संपर्क हो जाने के बाद दौसा से रवाना होकर श्यालावास जेल पर पहुंचे। दोनों बंदियों ने मनीष नाम के आधार कार्ड से दूसरे विकास नाम के कैदी मुलाकात की पर्ची कटवाई और कारागृह के मुख्य दरवाजे पर जेल प्रहरी रामनाथ मूंड के पास पहुंच गए। उधर, पीछे ही पुलिस पहुंचीं, तो जेल प्रहरी रामनाथ ने दोनों शातिर को क्वार्टर परिसर की दीवार कूदवाकर भगा दिया, जिन्होंने भागते समय थैले वहीं पर फेंक कर भाग निकले। जिनको सीजर अधिकारी द्वारा चैक करने पर उनमें मादक मिले तो जेल प्रहरी रामनाथ मूंड को आपराधिक षड्यंत्र में सहयोग का मामला सामने आया। जेल प्रहरी रामनाथ मूंड को 11 अक्तूबर 2024 को ही गिरफ्तार कर जेल भिजवाया था। उसकी सैशन कोर्ट दौसा द्वारा जमानत याचिका भी खारिज हो चुकी हैं। पापडदा पुलिस ने तौफिक अली और बंटी उर्फ गिर्राज गोस्वामी को प्रोडेक्शन वारंट से केन्द्रीय कारागृह श्यालावास से गिरफ्तार किया गया हैं जेल भेज दिया है और मामले में आगे की जांच जारी है। recent visitors 65

अनियंत्रित ट्रक होटल से टकराकर नाले में फंसा, राजस्थान-दौसा में रेलवे स्टेशन के पास हादसा

दौसा. दौसा शहर में शनिवार शाम हुए हादसे में एक अनियंत्रित ट्रक एक होटल से जा टकराया। हादसे में होटल का शीशा फूट गया। हादसे के चलते आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी को कोई क्षति नहीं पहुंची। मामला दौसा रेलवे स्टेशन के नजदीक का है। यहां रेलवे स्टेशन के बाहर बने एक होटल में अचानक रेलवे ओवर ब्रिज से उतरते हुए ट्रक अनियंत्रित हो गया। ट्रक तेज रफ्तार के साथ सीधे दुकान की तरफ मुड़ गया। गनीमत रही कि ट्रक का अगला पहिया वहां बनी नाली में फंस गया और ट्रक वही रुक गया। दुर्घटना की बाद लोगों में दहशत बन गई। हादसे के बाद लोग इकट्ठा हुए मामला जानने का प्रयास किया। उधर प्रत्यक्ष दर्शियों की माने तो रेलवे ओवरब्रिज से नीचे उतरते समय ट्रक ने अचानक सीधे हाथ की तरफ घूम गया। वहां होटल और दुकान बनी हैं। ट्रक की स्पीड इतनी तेज थी कि चौड़े नाले में ट्रक का पहिया फंसने के बाद भी ट्रक बंद नहीं हुआ। इस सारे मामले में गनीमत रही कि ट्रक दुकान के आगे का शीशा फोड़कर फंसकर रुक गया। इस कारण अंदर से बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया। बता दें कि रेलवे स्टेशन के अंदर जाने वाले रास्ते पर दर्जनों टैंपो लाइन लगाए खड़े रहते हैं, जिसके चलते कई बार हादसे हो चुके हैं। आज की हादसे के समय रेलवे स्टेशन के रास्ते को रोककर टैंपो खड़े हुए थे। हो सकता है उसे बचाने के चक्कर में ड्राइवर ने ट्रक को सीधे हाथ की तरफ घुमा दिया हो। जैसे ही ट्रक नाले में घुसा चालक भागने की फिराक में था, लेकिन लोगों ने पड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। recent visitors 50

एससी-एसटी के बीच फंसीं जनरल सीटें, राजस्थान-दौसा से डीडी बैरवा बने कांग्रेस के उम्मीदवार

दौसा. दौसा सहित राजस्थान में विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने सात सीटों पर अपने प्रत्याशियों का एलान कर दिया है, जिसमें दौसा विधानसभा उपचुनाव सीट पर कांग्रेस ने दीनदयाल उर्फ डीडी बैरवा के रूप में एससी कार्ड खोल दिया है। उधर, भाजपा एसटी कार्ड खेलते हुए जगमोहन मीणा को चुनावी समर में उतार चुकी है। इन सभी के बीच अब दौसा विधानसभा सामान्य और ओबीसी वर्ग के मतदाता निर्णायक भूमिका में आ गए हैं। ऐसे में दौसा से डीडी बैरवा को कांग्रेस टिकट मिलने के बाद जनरल मतदाताओं साधने के लिए अच्छी खासी मशक्कत करनी पड़ सकती है। ध्यान रहे देवी सिंह दौसा इस विधानसभा सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में उपचुनाव लड़ने का एलान कर चुके हैं। जो कहीं न कहीं भाजपा और कांग्रेस की जीत में रोड़ा बन सकते हैं। लामबंद भी होने लगे मतदाता दौसा विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस का टिकट लेकर आए डीडी बैरवा जनरल को मतदाताओं को साधने के लिए अच्छा खासा पसीना बहाना पड़ सकता है, क्योंकि सामान्य और ओबीसी वर्ग के मतदाताओं को भाजपा के वोट बैंक के रूप में माना जाता है। दौसा विधानसभा में होने जा रहे इस चुनाव में भाजपा और कांग्रेस का टिकट वितरण होने के साथ ही जातिगत समीकरण के हिसाब से मतदाता लामबंद भी होने लगे हैं। राजनीतिक पृष्ठभूमि के उम्मीदवार हैं बैरवा दीनदयाल बैरवा उर्फ डीडी बैरवा राजनीतिक पृष्ठभूमि के उम्मीदवार हैं। इनके पिता किशन लाल बैरवा वर्ष 2005 से 2010 तक दौसा पंचायत समिति के कांग्रेस टिकट पर प्रधान रहे हैं। कोरोना काल से पूर्व डीडी बैरवा भी दौसा पंचायत समिति के प्रधान रह चुके हैं। वर्तमान में इनकी धर्मपत्नी बीना देवी लवाण पंचायत समिति की प्रधान हैं। डीसी बैरवा सामान्य और शील प्रभाव के नेता माने जाते हैं और सामाजिक स्तर पर इनकी पकड़ भी है। पहले से थे आश्वस्त डीसी बैरवा साल 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान सिकराय विधानसभा क्षेत्र से खुद के टिकट की दावेदारी की थी, जिसके बाद अब इन्हें दौसा विधानसभा उपचुनाव के दौरान कांग्रेस ने भरोसा करके टिकट दिया है। ऐसे में एससी और एसटी के बीच फंसीं यह जनरल सीट किसको मिलेगी फिलहाल यह कहना मुश्किल होगा। इधर, डीडी बैरवा खुद का टिकट आने से पूर्व ही अपने टिकट के प्रति आश्वस्त थे। इसलिए ही तो बीते दिन सुबह देव दर्शन यात्रा के साथ इन्होंने अपने प्रचार की शुरुआत भी कर दी थी, जबकि डीडी बैरवा के हाथ में टिकट देर रात को आया है। अब कल नामांकन की तारीख खत्म होने के बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के बीच फंसी दौसा विधानसभा की यह सामान्य सीट पर कोई नया और मजबूत कैंडिडेट इस चुनावी समर में आएगा या यह मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच ही रहेगा। recent visitors 131