भाजपा के उम्मीदवार ने गड़बड़ाए समीकरण, राजस्थान-दौसा में प्रत्याशी पर उलझी कांग्रेस

दौसा. प्रदेश में सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना हैं। इसी के चलते भाजपा ने दौसा सीट पर पूर्वी राजस्थान के कद्दावर नेता और भजनलाल सरकार में मंत्री किरोड़ीलाल मीणा के भाई जगमोहन मीणा पर दांव खेलते हुए उन्हें टिकट दिया है। राजस्थान की इस चर्चित सीट पर प्रदेश भर निगाहें हैं क्योंकि लोकसभा चुनाव में भाजपा ने यहां से जीतने के लिए ऐड़ी से चोटी तक का जोर लगाया था लेकिन भाजपा को यहां हार का सामना करना पड़ा था और कांग्रेस के मुरारीलाल मीणा यहां से सांसद निर्वाचित हुए थे। उसके बाद यह सीट खाली हुई अब इस दौसा सीट पर उपचुनाव होना हैं। इस सीट भाजपा द्वारा जगमोहन मीणा को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद कांग्रेस के समीकरण गड़बड़ा गए हैं। दौसा सांसद मुरारीलाल मीणा के करीबी हरिकेश मीणा, राजस्थान सरकार के सार्वजनिक निर्माण विभाग में मुख्य अभियंता के पद से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर चुनाव लड़ने की इच्छा जता चुके हैं लेकिन भाजपा के प्रत्याशी घोषित होने के बाद कांग्रेस की टेंशन बढ़ चुकी है। सूत्रों की मानें तो सांसद मुरारीलाल मीणा हरिकेश मीणा को कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ाना चाहते हैं लेकिन इस सामान्य सीट पर भाजपा ने पहले ही एसटी कैंडिडेट का नाम घोषित कर दिया है, जिससे अब कांग्रेस के पास सामान्य उम्मीदवार और एससी के उम्मीदवार को टिकट देना मजबूरी बन गया है। उधर भीतर खाने चर्चा है कि कांग्रेस यदि ब्राह्मण उम्मीदवार को टिकट देती है तो महेश शर्मा और समृद्धि शर्मा का नाम आ सकता है और एससी पर दांव लगाती है तो मात्र डीसी बैरवा का नाम निकलकर सामने आता है। इसी ऊहापोह के चलते कांग्रेस की तरफ से टिकट डिक्लीअर होने में देरी होती नजर आ रही है। माना तो यह भी जा रहा है कि कांग्रेस कहीं ना कहीं नए प्रत्याशी का विकल्प ढूंढने में लगी है। इधर हरिकेश मीणा भी VRS लेकर चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। अब कांग्रेस यदि किसी और को प्रत्याशी बनाती है तो दौसा विधानसभा उपचुनाव में त्रिकोणीय मुकाबला होने संभावना जताई जा रही है । recent visitors 95

हरियाणा से आई राशि की आयकर विभाग करेगा जांच, राजस्थान-दौसा में कार से पुलिस ने पकड़ी 2 करोड़ की नगदी

दौसा. राजस्थान में सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं। ऐसे में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। चुनाव आयोग की गाइडलाइंस के तहत की गई कार्रवाई का पहला बड़ा मामला दौसा जिले के सदर थाना इलाके के भांडारेज मोड नाके से सामने आया है। दौसा डिप्टी एसपी रवि प्रकाश शर्मा ने बताया कि देर रात करीब साढ़े 10 बजे भांडारेज नाके पर चौपहिया वाहनों की तलाशी के दौरान, मूलतः झुंझुनू निवासी एक कारोबारी की हरियाणा नंबर की ब्रेजा कार से नोटों से भरा बैग मिला। कारोबारी जयपुर से गुड़गांव की ओर जा रहे थे। पैसों से भरे बैगों की सूचना पर सिटी डिप्टी एसपी रवि शर्मा की अगुवाई और थानाधिकारी हवा सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस जाब्ता तैनात किया गया था। डिप्टी एसपी रवि प्रकाश शर्मा ने बताया कि विधानसभा उपचुनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से दौसा जिले में नाकेबंदी की जा रही है और सभी चौपहिया वाहनों की गहन जांच की जा रही है। ब्रेजा गाड़ी की तलाशी के दौरान 1 करोड़ 96 लाख 50 हजार रुपए नकद बरामद हुए। पुलिस ने गाड़ी को जब्त कर सदर थाने पहुंचाया, जहां जांच के बाद राशि को जब्त कर आयकर विभाग को सूचना दी गई। जयपुर से आयकर विभाग की टीम ने पहुंचकर राशि को जब्त कर लिया। पुलिस और आयकर विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि कार सवारों से राशि के बारे में पूछताछ की गई, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर यह कार्रवाई की गई। सीओ रवि प्रकाश शर्मा ने बताया कि कार में तीन लोग सवार थे, जिन्होंने राशि को प्रॉपर्टी से संबंधित बताया। फिलहाल पुलिस ने हरियाणा नंबर की ब्रेजा कार को जब्त कर लिया है और कार में सवार कारोबारी को हिरासत में ले लिया गया है। आदर्श आचार संहिता के तहत कैश रकम के परिवहन पर रोक डिप्टी एसपी रवि प्रकाश शर्मा ने बताया कि इस कार से बड़ी मात्रा में कैश बरामद हुआ है। 10 लाख रुपए तक की रकम पर पुलिस कार्रवाई कर सकती है, लेकिन इस मामले में 1 करोड़ 96 लाख 50 हजार रुपए मिले हैं। मामले की जांच आयकर विभाग की टीम कर रही है और पूरी जानकारी मिलने के बाद ही कोई अंतिम निर्णय लिया जाएगा। recent visitors 112

बढ़ाए सशक्तिकरण की ओर कदम, राजस्थान-दौसा में 200 दिव्यांगों को बांटा 2 करोड़ का लोन

दौसा. राजस्थान के दौसा जिले में दिव्यांगजन सशक्तिकरण के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। नेशनल दिव्यांगजन फाइनेंस एंड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (NDFDC) और राजस्थान जाति जनजाति वित्त एवं विकास निगम के सहयोग से रामचंद्र फॉर्म हाउस पर आयोजित ऋण मेले में 200 दिव्यांगजनों को 2 करोड़ के ऋण वितरित किए गए। यह आयोजन NDFDC के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक नवीन कुमार शाह की समाज में उचित बदलाव लाने की सोच का एक उदाहरण है, जो दिव्यांगजनों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस ऋण मेले के अंतर्गत अब तक 4 राज्यों के 9 स्थानों पर लगभग 5.5 करोड़ का ऋण वितरित किया जा चुका है। नवीन कुमार शाह ने अपने संबोधन में कहा कि दिव्यांगजन असीम क्षमताओं के प्रतीक हैं। वे अपनी कड़ी मेहनत और संघर्ष से न केवल स्वयं के जीवन में बदलाव ला रहे हैं, बल्कि समाज के अन्य लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बन रहे हैं। कार्यक्रम में राजस्थान के दौसा जिला कलेक्टर देवेन्द्र ने इस पहल को समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि NDFDC की यह पहल दिव्यांगजनों को स्वावलंबी बनाने के लिए सराहनीय है। इस कार्यक्रम में कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे, जिनमें राजस्थान अनुजा टीम के एमडी वीरेंद्र, जीएम करतार सिंह, आशीष चावला, NDFDC के जीएम अनिल कौशिक, सलाहकार रवि शंकर, बीसीएनएस के संस्थापक अध्यक्ष राम कृष्ण गोस्वामी, और राजस्थान के डेंटल स्पेशलिस्ट डॉक्टर विष्णु गुप्ता शामिल थे। यह ऋण मेला NDFDC की अन्य पहलों जैसे दिव्य कला मेले और पीएम दक्ष योजना का हिस्सा है। अब तक पूरे भारत में 20 दिव्य कला मेले आयोजित हो चुके हैं, जिनमें 15-16 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है। साथ ही, पीएम दक्ष योजना के माध्यम से 4,000 दिव्यांगजनों को कौशल प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया है, जिससे कई दिव्यांगजन छोटे ऋण लेकर स्वावलंबी बने हैं। दौसा जिले में आयोजित इस कार्यक्रम ने दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने की दिशा में एक नई शुरुआत की है। recent visitors 76

40 प्रिंसिपल के किये तबादले, राजस्थान-दौसा के 35 प्राचार्य इधर से उधर

दौसा. राजस्थान में आज जब उपचुनाव की तारीख का ऐलान होने वाला है, उससे ठीक पहले  दौसा से बड़ी संख्या में प्रिंसिपल को बांसवाड़ा और बाड़मेर ट्रांसफर कर दिए गए हैं। शिक्षा विभाग की तरफ से जारी 40 प्रिंसिपल के ट्रांसफर किए गए हैं। इनमें से 35 दौसा से हैं। ऐसे में इन तबादलों को सीधे उपचुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। काबिले गौर यह भी है कि लोकसभा चुनाव के दौरान दौसा सीट पर पार्टी की स्थिति बहुत मजबूत नहीं दिख रही थी और उस समय बीजेपी नेता और कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने सार्वजनिक तौर पर कुछ सरकारी कर्मचारियों को चेताया भी था कि दौसा में सरकारी कर्मचारी जो कर रहे हैं उसके लिए उन्हें बोरिया बिस्तर बांध कर तैयार रहना चाहिए। ऐसे में इस लिस्ट को उसी से जोड़ कर देखा जा रहा है। जिन प्रिंसिपल के ट्रांसफर किए गए है उनमे अधिकांश एसटी कम्युनिटी से हैं। ऐसे में ये तबादले चुनावी मुद्दा भी बन सकते हैं। recent visitors 76

जेल प्रहरी को किया गिरफ्तार, राजस्थान-दौसा की हाई सिक्योरिटी जेल में मिली ड्रग्स

दौसा. हाई सिक्योरिटी जेल में ड्रग्स सप्लाई को लेकर दौसा पुलिस पुलिस ने श्यालावास हाई सिक्योरिटी जेल के प्रहरी रामनाथ गिरफ्तार किया है और ड्रग सप्लाई करने वाले दो आरोपियों तलाश में जुट गई है। दरअसल जेल से 243 ग्राम अफीम और बीड़ी, सिगरेट बरामद होने के बाद यह कार्रवाई की गई। लालसोट अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश अग्रवाल ने बताया कि 9 अक्टूबर को पुलिस को यह सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति श्यालावास हाई सिक्योरिटी जेल ड्रग सप्लाई करने के लिए आ रहे हैं, जिसमें जेल में तैनात एक सिपाही की भूमिका भी संदिग्ध बताई जा रही थी। सूचना के बाद राजस्थान पुलिस हाई सिक्योरिटी जेल पहुंच लेकिन जैसे ही पुलिस जेल के अंदर दाखिल हुई जेल के गेट पर तैनात सिपाही को इसका अंदेशा हो गया, जिसके चलते जेल प्रहरी रामनाथ ने उन दोनों ड्रग्स सप्लाई करने वालों को दूसरे रास्ते से भगा दिया लेकिन जेल से भागने से पहले ड्रग सप्लाई करने वाले दोनों बदमाश जाते-जाते जेल में ड्रग्स और उनके पास मौजूद बीड़ी तंबाकू और गुटके जेल परिसर में फेंककर भाग गए। पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल प्रहरी रामनाथ को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ जांच की शुरू कर दी गई है। गौरतलब है कि इसी जेल से पूर्व में दस मोबाइल बरामद किए जा चुके हैं। इतना ही नहीं 28 जुलाई को सीएम भजनलाल शर्मा को यहीं से जान मारने की धमकी भी दी जा चुकी है। पिछले तीन-चार महीने के दौरान दौसा जिले की हाई सिक्योरिटी जेल पर सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। बहरहाल पुलिस ने जेल प्रहरी को गिरफ्तार किया है और इस संबंध में उससे पूछताछ की जा रही है। recent visitors 89

यूरोप में भी दिखा हिंदू नवरात्र का जलवा, राजस्थान-दौसा की धोली मीना संग विदेशियों ने भी किया गरबा

दौसा. नवरात्रि से लगातार त्योहारों का उत्सव शुरू हो जाता है और नवरात्रि का इंतज़ार पूरे साल रहता है। जैसे ही नवरात्र आते हैं, वैसे ही देश भर में ज़ोरो-शोरो से लोग नवरात्रि मनाने में लग जाते हैं। इसमें अब यूरोप भी पीछे नहीं रहा। वैसे तो यह उत्सव नौ दिन तक मनाया जाता है और इस नवरात्रि उत्सव पर गरबा व डांडिया नाइट का आयोजन किया जाता है। इधर, इसी कड़ी में विदेश में यूरोप में भी गरबे की धूम देखने को मिली। यूरोप में रहकर भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए जाने जानी वाली दौसा की बहू धोली मीना ने बताया कि वो यूरोप के माल्टा देश में भारतीय समुदाय के साथ नवरात्रि पर आयोजित गरबा कार्यक्रम आयोजित किया गया। जहां कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना करके की गई। इधर, धोली मीना ने पूजा-अर्चना करके सभी के कल्याण की कामना की। इसके बाद भारतीय समुदाय ने सामूहिक रूप से गरबा खेला। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में भारतीय समुदाय के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आकर्षित इनाम भी रखे गये। साथ ही में कार्यक्रम में यूरोपियन लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यूरोपियन लोगों को धोली मीना ने गरबा के बारे में जानकारी दी और उनको बताया कि गरबा कैसे किया जाता है एवं गरबे के महत्व के बारे में बताया। धोली मीना ने यूरोपियन लोगों को बताया कि गरबा नृत्य, प्रजनन क्षमता का जश्न मनाता है। नारीत्व का सम्मान करता है और मातृ देवियों के सभी नौ रूपों का सम्मान करता है। साथ ही उपस्थित यूरोपियन लोगों ने धोली मीना को बताया कि उनको भारत एवं भारत की संस्कृति खासकर राजस्थान से बेहद लगाव है। उन्होंने धोली को बताया कि वो भारत यात्रा के दौरान राजस्थान घूमकर गए एवं उनको राजस्थानी संस्कृति, खान-पान एवं मेहमाननवाजी बहुत पसंद आई। गरबा न सिर्फ गुजरात व राजस्थान, बल्कि देश के हर कोने में एवं विदेश में कई देशों में भारतीय समुदाय द्वारा खेला जाता है। गरबा के साथ ही ऐसे कुछ लोक नृत्य, भारत के कई हिस्सों में भी पाए जाते हैं। मुख्य रूप से दक्षिण-पूर्व में तमिलनाडु में और गुजरात के उत्तर पूर्वी पड़ोसी राजस्थान में भी। recent visitors 199

बीजेपी ज्वॉइन करने पर मेरा नहीं होता निलंबन, राजस्थान-दौसा में निलंबित सभापति ममता चौधरी का निशाना

दौसा. दौसा नगर परिषद सभापति ममता चौधरी डीएलबी द्वारा निलंबन आदेश के बाद ममता चौधरी की पहली प्रतिक्रिया सामने आ गई है। जहां उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनके पास बीजेपी ज्वॉइन करने के लिए फोन आए थे, यदि वह ज्वॉइन कर लेती तो सभापति का पद बना रहता। बड़ा बयान बीजेपी का अगला टारगेट बांदीकुई नगर पालिका हो सकता है। बता दें कि दौसा नगर परिषद से निलंबित सभापति ममता चौधरी ने कहा है कि उनके ऊपर जितने भी इल्जाम लगाए गए हैं, सारे इल्जाम बे-बुनियाद और झूठे हैं, बल्कि सच तो यह है कि उनको बीजेपी ज्वॉइन करने के लिए भाजपायों द्वारा फोन करके बोला जा रहा था। ममता चौधरी की मानें तो उनको फोन पर यह भी कहा जा रहा था कि सभापति का पद आपका उस सूरत में बरकरार रहेगा, जब आप बीजेपी ज्वॉइन कर लेंगे। धर इस बात के जवाब में ममता चौधरी ने कहा है कि हम लोग लंबे समय से कांग्रेसी हैं और हम बीजेपी ज्वॉइन नहीं कर सकते और ना कभी भविष्य में बीजेपी ज्वॉइन करूंगी। बस इसी बात का खामियाजा भुगतते हुए उनका सभापति पद से निलंबन हुआ है। खुद के निलंबन के मामले में ममता चौधरी ने यहां तक कह दिया कि सबसे पहले कांग्रेस से लालसोट नगर पालिका अध्यक्ष रक्षा मिश्रा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव बुलाया गया, उसके बाद महवा नगर पालिका अध्यक्ष नर्मदा देवी गुर्जर पर आरोप लगाते हुए उन्हें नगर पालिका अध्यक्ष पर से निलंबित किया गया। अभी कुछ ही दिन बीते थे कि दौसा नगर परिषद सभापति पर आरोप लगाते हुए मुझे भी सभापति के पद से निलंबित कर दिया है। अब ऐसा लगता है कि अगला टारगेट बांदीकुई नगर पालिका है। ध्यान रहे बांदीकुई नगरपालिका में कांग्रेस अध्यक्ष इंदिरा बैरवा कामकाज संभाल रही है। recent visitors 184