दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर हादसे में 13 यात्री घायल, राजस्थान-दौसा में स्टेयरिंग फेल होने से बस पलटी

दौसा. दौसा जिले से गुजर रहे एक्सप्रेस हाईवे पर हादसे कम होने का नाम ही नहीं ले रहे। ताजा मामला सुबह 4:00 बजे का है, जब स्टेयरिंग फेल होने से बस एक्सप्रेस हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में बस में सवार 13 यात्रियों के घायल होने की खबर है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस हाईवे पर रविवार सुबह किशनगढ़-अजमेर से दिल्ली जा रही एक निजी वीडियो कोच बस स्टेयरिंग फेल हो जाने से पलट गई, इससे बस में सवार 13 यात्री घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना के बाद कोलवा थाने से जाप्ता मौके पर पहुंचा और तमाम घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। बस में लगभग 70 यात्री सवार थे। 13 घायलों के अलावा अन्य यात्रियों को भी हल्की चोटें आई हैं। बस पलटने से करीब आधे घंटे तक एक्सप्रेस हाईवे पर यातायात बाधित भी रहा। बाद में बस को क्रेन द्वारा एक्सप्रेस हाईवे से हटाया गया। recent visitors 96

वंचित लोगों को मिलेगा आरक्षण का लाभ, राजस्थान-दौसा में किरोड़ी मीणा ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को सही बताया

दौसा. दौसा जिले के नांगल राजावत तहसील के मीणा हाईकोर्ट में धूमधाम से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ आदिवासी दिवस का आगाज हुआ। इस मौके पर डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को सही बताते हुआ कहा कि क्रीमी लेयर का मतलब जो लोग आरक्षण का लाभ लेकर आईएएस, आरएएस या कुछ बन गए हैं, उसके बाद भी पिछड़ा, आदिवासी बनकर आरक्षण का लाभ लेना चाहते हैं। ऐसे लोगों को सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले पर दिक्कत है। आज विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर डॉ. किरोड़ीलाल मीणा सुप्रीम कोर्ट के उस फैसले में साथ दिखे, जिसमें सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि यदि सरकारी चाहे तो आरक्षण के अंदर आरक्षण की व्यवस्थाएं कर सकती है। कोर्ट की इस बात पर डॉक्टर मीणा ने कहा कि यह एक अच्छा फैसला है। जो लोग आरक्षण का लाभ ले चुके हैं, वे लोग इस फैसले का विरोध कर रहे हैं। जबकि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुसार जो लोग आरक्षण से वंचित हैं, उन लोगों को इस फैसले का लाभ मिलेगा। recent visitors 104

डंपर से टकराई अधिकारियों की कार, राजस्थान-दौसा में नायब तहसीलदार-पटवारी और गिरदावर की मौत

दौसा. दौसा जिले की लालसोट तहसील के शिवसिंहपुरा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 11A पर हुए भीषण सड़क हादसे में नायब तहसीलदार गिरिराज शर्मा, गिरदावर दिनेश शर्मा, और पटवारी दिनेश शर्मा की मौत हो गई। सरकारी काम से जा रहे इन अधिकारियों की गाड़ी की तेज रफ्तार डंपर से जोरदार टक्कर हो गई, जिससे गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। लालसोट विधानसभा के निर्झरना गिरिराज शर्मा (नायब तहसीलदार), दिनेश शर्मा (गिरदावर), दिनेश शर्मा (पटवारी) सरकारी काम से जा रहे थे। रास्ते में उनकी गाड़ी की डंपर से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादस में गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। गाड़ी में सवार तीनों राजस्व अधिकारियों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें प्रदीप पुत्र दामोदर शर्मा, मुकेश पुत्र रामनिवास मीणा और अभिषेक पुत्र अश्वनी शर्मा शामिल हैं। घटना के बाद तीनों मृतकों के शवों को लालसोट अस्पताल लाया गया, जहां उन्हें पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी में रखा गया है। घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया, और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की जांच जारी है और अधिकारियों द्वारा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। recent visitors 168

पेपर लीक के दोषी बड़े मगरमच्छ अंदर जाएंगे, राजस्थान-दौसा में सीएम भजनलाल ने की सभा

दौसा. दौसा में लालसोट विधानसभा के डूंगरपुर गांव में पहुंचे राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्थानीय लोक देवी-देवताओं के जयकारे के साथ अपने भाषण की शुरुआत की और कहा कि यह क्षेत्र पूर्वी राजस्थान का क्षेत्र है और मैं भी इसी क्षेत्र से आता हूं। उन्होंने कहा कि यहां किसानों के पास जमीन तो है लेकिन कमी थी तो पानी की। हमने हमारे संकल्प पत्र में वादा किया था और राजस्थान में पानी के लिए ईआरसीपी का एमओयू साइन कर दिया। जल्दी ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ईआरसीपी परियोजना का शिलान्यास करेंगे और इसका फायदा दौसा, सवाई माधोपुर, टोंक, करौली और भरतपुर समेत 13 जिलों को मिलेगा। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में सबसे ज्यादा समय तक कांग्रेस ने राज किया है, उन्होंने गरीबी हटाओ जैसा नारा दिया था लेकिन उनका गरीबों के साथ कोई रिश्ता नहीं रहा। सीएम ने कहा कि हमारी सरकार महिला युवा किसान और मजदूर की सरकार है इसलिए मैं विशेषकर उन युवाओं से कहना चाहता हूं, जो किसानों के बेटे हैं, जिनके माता-पिता को उनसे उम्मीदें हैं वे आगे आकर अपने घर और परिवार का सहारा बनें। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि इसीलिए मैंने इस साल बजट में 1 लाख नौकरियां देने का वादा किया है, हम 5 साल के दौरान पूरी 5 लाख नौकरियां देंगे। पेपर लीक के मामले में मुख्यमंत्री भजनलाल ने कहा कि कांग्रेस के समय 19 पेपर में से 17 पेपर लीक हुए। उन्होंने किसान और बेरोजगारों के सपने रौंदने का काम किया है। इसीलिए हमारी सरकार ने सरकार बनने के दूसरे दिन एसआईटी का गठन किया, जिसके चलते अब तक 115 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं और आने वाले समय में बड़े मगरमच्छ भी गिरफ्तार होंगे। लालसोट विधानसभा की बात करते हुए उन्होंने कहा कि आप पहले के कितने भी बजट उठाकर देख लेना लालसोट को जितना इस बजट में मिला है, उतना कभी नहीं मिला होगा। recent visitors 138

3 साल से एसएसओ आईडी बंद होने से विकास कार्य ठप, राजस्थान-दौसा के सरपंच का आरोप

दौसा. दौसा जिले के लवाण पंचायत समिति की कंवरपुरा पंचायत के सरपंच विजय बैरवा ने आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रशासनिक अधिकारियों ने उनके अधिकारों को साढ़े तीन साल बाद भी सीज कर रखा है क्योंकि वे जिला भाजपा मोर्चे में पदाधिकारी से संबंध रखता है। जिले की तत्कालीन गहलोत सरकार के समय से प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा ऐसा किया गया है और आज भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। सरपंच का कहना है कि यदि किसी मामले में प्रशासन ने उसे दोषी माना था तो उसे निलंबित किया जाना था लेकिन ग्राम विकास अधिकारी मनमोहित मीना, विकास अधिकारी नरेन्द्र मीना व कंचन वोहरा ने धारा 38 (ख)( 1) कार्रवाई प्रस्तावित करके सरपंच को दोषी मानते हुए ग्राम पंचायत की निधियों को दुरुपयोग किए जाने का आरोप लगाया है। बैरवा ने बताया कि तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी मनमोहित के बिलों के भुगतान में अनियमितता थी, जिसकी शिकायत करने पर 2022 में सरपंच की एस.एस.ओ. आईडी को निष्क्रिय कर दिया गया। उधर एसएसओ आईडी बंद होने के चलते सरपंच शक्तिविहिन हो गया लेकिन मामला बढ़ता देख तकनीकी खामी बताकर एसएसओ आईडी को वापस सक्रिय कर दिया गया। सरपंच का आरोप है कि शिकायत की जांच रिपोर्ट में भी ग्राम विकास अधिकारी दोषी पाया गया था और उस पर कार्रवाई की जानी थी लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों ने इस मामले में लीपापोती कर मामला रफा-दफा कर दिया। सरपंच विजय बैरवा की मानें तो प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्राम पंचायत भवन के निर्माण के लिए न्यायालय का स्थगन होने के बावजूद एकतरफा निर्णय लेकर ग्राम पंचायत में निर्माण समिति का गठन करते हुए सरपंच की एस.एस.ओ. आईडी को एक बार फिर से निष्क्रिय कर दिया। राजस्थान पंचायती राज में ग्राम विकास अधिकारी एवं विकास अधिकारी 10 हजार रुपये से अधिक भुगतान नही कर सकते लेकिन इसके लिए लाखों रुपयों का भुगतान किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने निविदा जारी करने के दौरान राजस्थान लोक उपापन नियम 2012 व 2013 की अनदेखी कर अपने परिचित निविदादाता को 3 प्रतिशत की धरोहर राशि लिए बिना ही पचास लाख रुपये की निविदा जारी कर दी। सरपंच विजय बैरवा का कहना है कि प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा माननीय उच्च न्यायालय के स्थगन के बावजूद ग्राम पंचायत भवन का निर्माण करवाया, जिसे माननीय उच्च न्यायालय की अवमानना मानते हुए नोटिस जारी किए गए, जो कि वर्तमान में माननीय उच्च न्यायालय के विचाराधीन हैं। निर्माण समिति को भंग करने व एस.एस.ओ. आईडी को पुन: चालू किए जाने की गुहार कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से की जा चुकी है लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। कांग्रेस कार्यकाल में बंद हुई सरपंच की एसएसओ आईडी भाजपा शासन आने के बाद अब भी बंद है। recent visitors 166

बिना कारण कार्रवाई से ग्रामीण आगबबूला, राजस्थान-दौसा में आबकारी अधिकारी ने ठेले वाले को पकड़ा

दौसा. मामला बीते देर शाम का है, जब आबकारी अधिकारी घनश्याम वैष्णव कार्रवाई करने के लिए अलूदा क्षेत्र में पहुंचे थे, जहां घनश्याम वैष्णव की मानें तो उन्हें सूचना मिली थी कि आलूदा गांव में अंडे का ठेला लगाने वाला रोशन अपने ठेले पर शराब बेचता है। जिसकी कार्रवाई के लिए मौके पर जाकर पूछताछ के लिए उन्होंने रोशन को गाड़ी में बिठाया था। रोशन को जैसे ही गाड़ी में घनश्याम वैष्णव ने बिठाया वहां मौके पर मौजूद लोगों का हुजूम रोशन के पक्ष में उमड़ पड़ा। इधर मामला गरमाते देख मौके पर पापडदा थाना पुलिस को भी बुलाया गया। उसके बाद भी काफी देर तक बहसबाजी चलती रही। फिर दोनों को थाने पर ले जाकर रात 10:30 बजे के आसपास दोनों पक्षों को समझाइश कर मामला शांत करवाया गया। आबकारी विभाग वैसे तो हर जगह चर्चाओं में रहता है, लेकिन अबकी बार दौसा जिला आबकारी विभाग इसलिए भी खास चर्चाओं में बना हुआ है, क्योंकि यहां के जिला आबकारी अधिकारी कैलाश प्रजापत को एंटी करप्शन ब्यूरो की जयपुर टीम ने रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। आलूदा के पूर्व सरपंच जुगल किशोर की मानें तो आबकारी सीआई घनश्याम वैष्णव का इस तरह बीते कल निर्दोष आदमी को उठाकर आबकारी की गाड़ी में बैठाना गलत था। उधर, इस मामले में पीड़ित रोशन बिलोनिया ने बताया कि वह ना तो शराब पीता है और ना शराब का धंधा करता है, लेकिन बीते कल घनश्याम वैष्णव आबकारी अधिकारी ने उसे शराब बेचने का आरोप लगाते हुए उसे जबरदस्ती आबकारी विभाग की गाड़ी में बिठा लिया। recent visitors 121

गुस्साए ग्रामीणों ने लगाया जाम, राजस्थान-दौसा में बेकाबू जीप की टक्कर से बाइक सवार की मौत

दौसा. कल पापड़दा के बिगास गांव रोड पर फाइनेंस कर्मचारियों की एक तेज रफ्तार जीप ने बाइक सवार को टक्कर मार दी और जीप लेकर भाग गए।  हादसे में युवक की मौत होने के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने पापड़दा-दौसा रोड पर जाम लगा दिया। इस दौरान उन्होंने मांग की है कि सड़क हादसे के जिम्मेदार फाइनेंसकर्मियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी देर समझाइश के बाद जाम खुलवाया। डिप्टी एसपी चारुल गुप्ता ने बताया ने कि मृतक युवक काली खाड़ का रहने वाला था। इधर मृतक के परिजनों का कहना है कि इस सड़क दुर्घटना का रूप देकर मारा गया है। मृतक जितेश मीना घर से दवाई लेने के लिए दौसा जा रहा था, इस दौरान पापड़दा के बिगास गांव में पीछे से आ रही फाइनेंसकर्मियों की बेकाबू जीप ने जितेश को टक्कर मार दी, जिससे वह आगे चल रहे ट्रैक्टर के नीचे आ गया और कुचला गया। फाइनेंसकर्मी जीप को लेकर मौके से फरार हो गए हैं, अब पुलिस मामले की जांच में जुटी है। recent visitors 164