सरकार की पहली वर्षगांठ पर 15 हजार युवाओं को मुख्यमंत्री देंगे नियुक्ति पत्र, राजस्थान-जोधपुर में राज्य स्तरीय रोजगार सम्मेलन आज

जोधपुर/जयपुर। राज्य सरकार की पहली वर्षगांठ पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के क्रम में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा गुरूवार (12 दिसम्बर) को जोधपुर के मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव एवं युवा सम्मेलन में शिरकत करते हुए युवाओं को कई बड़ी सौगातें देंगे। इस उत्सव में मुख्यमंत्री श्री शर्मा प्रदेशभर में 15 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए 85 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया की शुरूआत करेंगे। युवाओं के रोजगार के सपने को पूरा करने में ये नियुक्तियां एवं विज्ञप्तियां महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी और ‘सुराज संकल्प’ की दिशा में अहम कदम साबित होंगी। उल्लेखनीय है कि निरंतर रोजगार उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता के क्रम में राज्य सरकार द्वारा पूर्व में आयोजित दो मुख्यमंत्री रोजगार उत्सवों में हजारों युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए हैं। शर्मा 4 हजार 10 स्कूलों में 8 हजार 20 स्मार्ट क्लास रूम, ई-पाठशाला एवं विद्या समीक्षा केन्द्र, लर्न, अर्न एण्ड प्रोग्रेस प्रोग्राम, राजस्थान टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना, स्पोर्टस लाइफ इंश्योरेंस स्कीम एवं बिजनेस इनोवेशन प्रोग्राम का शुभारम्भ करेंगे। इससे प्रदेश में अध्ययनरत विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा से जुड़ने के सुअवसर मिल सकेंगे। उत्सव के दौरान श्री शर्मा 155 स्टार्टअप को फंडिंग, 1 लाख 25 हजार छात्राओं को साइकिल, 75 हजार 325 विद्यार्थियों को व्यवसायिक टूल किट, 23 हजार 100 विद्यार्थियों को टैबलेट और 21 हजार बालिकाओं को स्कूटी भी वितरित करेंगे। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार अपनी पहली वर्षगांठ के अवसर पर प्रदेश में विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण के साथ ही युवाओं, किसानों, महिलाओं व श्रमिकों को विशेष सौगातें देने जा रही है। इन सौगातों से इन वर्गों का सशक्तीकरण होने के साथ-साथ विकसित राजस्थान-2047 की मजबूत नींव भी तैयार होगी। recent visitors 75

जवाई में मनाएंगे शादी की सालगिरह, राजस्थान-जोधपुर एयरपोर्ट पर विक्की कौशल और कैटरीना को देखने जुटी फैन्स की भीड़

जोधपुर. बॉलीवुड कपल विक्की कौशल और कैटरीना कैफ अपनी शादी की तीसरी सालगिरह मनाने जोधपुर पहुंचे। 9 दिसंबर को अपनी शादी की तीसरी वर्षगांठ के मौके पर यह जोड़ा सड़क मार्ग से पाली जिले के जवाई रिसॉर्ट के लिए रवाना हुआ। मुंबई से एयर इंडिया की फ्लाइट से जोधपुर पहुंचे विक्की और कैटरीना को एयरपोर्ट पर देखने के लिए फैंस की भीड़ उमड़ पड़ी। जैसे ही यह जोड़ा एयरपोर्ट बिल्डिंग में पहुंचा, यात्रियों के बीच उनके साथ सेल्फी और फोटो खिंचवाने की होड़ लग गई। पिंक कलर के सलवार सूट में कैटरीना बेहद खूबसूरत नजर आईं। विक्की उनका हाथ पकड़कर एयरपोर्ट से बाहर आए और जवाई के लिए सड़क मार्ग से रवाना हो गए। सूत्रों के अनुसार जवाई के खूबसूरत प्राकृतिक वातावरण के बीच यह कपल अपने खास पल सेलिब्रेट करेगा। recent visitors 215

देर रात पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह शामिल, राजस्थान-जोधपुर में BSF का स्थापना दिवस समारोह

जोधपुर. केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह देर रात जोधपुर पहुंचे। जोधपुर एयरफोर्स स्टेशन पर  उनका स्वागत केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल सहित कई पदाधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने किया। शाह आज जोधपुर में सीमा सुरक्षा बल के स्थापना दिवस और सरदार वल्लभभाई पटेल की मूर्ति के अनावरण समारोह में शामिल होंगे। उनके स्वागत के दौरान केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुलदस्ता भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात के दौरान गजेन्द्र सिंह शेखावत ने राजस्थान के विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की। शेखावत ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए कृत संकल्पित है। उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान का विकास लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच और विजन के अनुसार मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास के लिए कार्य शुरू कर दिए हैं और आगामी चार सालों में एमओयू के तहत योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा। बैरवा ने उपचुनाव और घोटालों के सवालों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीति हमेशा एकजुट रहने की रही है और पार्टी के कार्यों के आधार पर जनता ने उपचुनाव में फैसला दिया है। वहीं घोटालों पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसी भी घोटाले को बर्दाश्त नहीं करेगी और जो गलत हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। recent visitors 323

पुलिस पर झूठा फंसाने का लगाया आरोप, राजस्थान-जोधपुर में रंगदारी केस में लॉरेंस ने 8 साल बाद कोर्ट में दिए बयान

जोधपुर. पंजाब के कुख्यात और हार्डकोर बदमाश लॉरेंस बिश्नोई और उनके गुर्गों पर ट्रैवल्स कंपनी के मालिक को धमकाने और रंगदारी के मामले में महानगर मजिस्ट्रेट संख्या-7 में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लारेंस के बयान दर्ज किए गए। साबरमती जेल से वीसी के जरिए मजिस्ट्रेट हर्षित आडा के समक्ष लारेंस के बयान दर्ज किए गए। अधिवक्ता संजय विश्नोई ने बताया कि ट्रैवल्स एजेंसी के मालिक मनीष जैन से रंगदारी और डराने धमकाने एवं फायरिंग करने के मामले में साल 2017 में सरदारपुरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। लंबे समय से इस मामले में सुनवाई चल रही थी। लारेंस के बयान नहीं हो पा रहे थे। ऐसे में फिजिकली लारेंस को लाना संभव नहीं होने पर पिछली सुनवाई पर वीसी के जरिए बयान करवाने थे, लेकिन तकनीकी खराबी की वजह से बयान नहीं हो पाए थे। आज वीसी के जरिए साबरमती जेल से लारेंस ऑनलाइन कोर्ट के समक्ष पेश हुआ और उसके बयान दर्ज किए गए। लारेंस ने कोर्ट के समक्ष बयान दर्ज कराए। करीब 55 सवाल लारेंस के सामने रखे गए जिन पर उससे जवाब लिए गए। लारेंस ने सभी का जवाब दिया और कहा कि पुलिस ने इस मामले में उसे झूठा फंसाया है, क्योंकि घटना से तीन साल पहले से वह जेल में था। ऐसे में पुलिस केवल उसे फंसाने का प्रयास कर रही है। उसका कहा कि घटना के वक्त जेल में होने से वह घटना को कैसे अंजाम दे सकता है। अधिवक्ता विश्नोई ने कहा कि अभी उसके बयान पूरे नहीं हुए हैं। ऐसे में अगली पेशी पर उसके बयान होने के बाद इस मामले में बयानों पर जिरह होगी। उसके बाद ही इस मामले में कोर्ट की आगे की प्रोसेडिंग होने के साथ फैसला होगा। recent visitors 81

बीएसएफ की स्थापना दिवस परेड में आज होंगे शामिल, राजस्थान-जोधपुर पहुंचेंगे गृहमंत्री अमित शाह

जोधपुर. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज दो दिवसीय दौरे पर जोधपुर आएंगे। शाह शनिवार रात 9.30 बजे विशेष विमान से जोधपुर पहुंचेंगे और रात को बीएसएफ गेस्ट हाउस में रुकेंगे। इसके बाद रविवार को वे एसटीसी बीएसएफ ट्रेनिंग सेंटर में स्थापना दिवस परेड में हिस्सा लेंगे। हालांकि बीएसएफ का स्थापना दिवस कार्यक्रम 1 दिसंबर को होता है। बीएसएफ का स्थापना दिवस के दौरान डीजीपी कांफ्रेंस और महाराष्ट्र में नए मुख्यमंत्री के चयन के कार्यक्रम के चलते यह कार्यक्रम 8 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। गृहमंत्री अमित शाह के कार्यक्रम को लेकर गुरुवार को संभागीय आयुक्त, कलेक्टर और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें शाह के पूरे प्रोग्राम की तैयारियों को लेकर समीक्षा की गई।रविवार को होने वाली मुख्य परेड में स्वदेशी हेलिकॉप्टर ध्रुव व एमआई 17 शामिल होंगे, जो राष्ट्रीय ध्वज और सुरक्षा बलों के ध्वज के साथ परेड ग्राउंड के ऊपर से सलामी देते हुए गरजेंगे। रिहर्सल के दौरान स्टेडियम में एक श्वान आंखों पर पट्टी बांधकर पुल को पार करता नजर आया। शाह रविवार को जोधपुर के बीएसएफ कैंपस में परेड में शिरकत करने के बाद सीधे सर्किट हाउस पहुंचेंगे और सरदार वल्लभ भाई पटेल की 11 फीट ऊंची मूर्ति का अनावरण करेंगे। recent visitors 133

‘कांग्रेस का चाल-चरित्र बेनकाब, जनता कभी अवसर नहीं देगी’, राजस्थान-जोधपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री शेखावत

जोधपुर. केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत आज जोधपुर प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात की और मीडिया से बात करते हुए महाराष्ट्र चुनाव में सीएम के सवाल पर कहा कि मुझे लगता है कि हो सकता मीडिया को जनता, कार्यकर्ताओं और पार्टी वर्कर से ज्यादा जल्दी है जानने की। थोड़ा इंतजार करें इंतजार का फल मीठा होता है। वहीं धर्मांतरण के मामले में शेखावत ने कहा कि किसी का भी प्रलोभन के आधार पर जबरन धर्मांतरण ना हो सके। राजस्थान सरकार के इस फैसले पर हम सब लोग साथ में हैं। वहीं कांग्रेस के ठीकरा फोड़ने पर उन्होंने कहा कि जो लोग जीते हैं, पहले वह लोग अपना स्पष्टीकरण दे। खिसियानी बिल्ली खंबा नोचने वाली स्थिति बनी हुई है। प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और मैंने भी कहा था कि महाराष्ट्र के चुनाव परिणाम के बाद शाम तक EVM बदनाम हो जाएगी। वहीं प्रयागराज में कुंभ के सवाल पर उन्होंने कहा कि भारत के वर्ल्ड हेरिटेज व विश्व धरोहर सूची में शामिल है। हमारी कुंभ को लेकर यूपी सरकार के साथ कई बार बातचीत हुई है। इस तरह की अपेक्षा की है कि लगभग 45 करोड़ लोग 45 दिन में आएंगे। हर आने वाले व्यक्ति के कम्युनिकेशन, काॅम्यूटेशन व सेनिटेशन और इसका एक्सपीरियंस इन चारों चीजों को लेकर भारत सरकार व उत्तर प्रदेश सरकार निरंतर कम कर रही है, इसके साथ-साथ मैं कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं का और भारत को एक साथ एक ही जगह पर देखने आने वाले पर्यटकों का स्वागत करूंगा। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री ने कहा मैंने आपको पहले भी कहा था उपचुनाव से पहले हम एक से अनेक होने वाले हैं। हम प्रचंड बहुमत के साथ अधिकतम विधानसभा के चुनाव जीतेंगे। कांग्रेस को देश और प्रदेश की जनता ने पूरी तरह से नकार दिया है। recent visitors 59

नए कानूनों से सामंजस्य पर चर्चा, राजस्थान-जोधपुर में पुलिसिंग विथ एक्सीलेंस इश्यू एंड-वे फॉरवर्ड सम्मेलन

जोधपुर. जोधपुर पुलिस लाइन स्थित सरदार पटेल सभागार में शनिवार को पुलिसिंग विथ एक्सीलेंस इश्यू एंड वे फॉरवर्ड सम्मेलन का आयोजन हुआ। इस एक दिवसीय सम्मेलन में पुलिस कमिश्नर राजेंद्र सिंह सहित सभी अधिकारी मौजूद रहें। इसके लिए ड्रेस कोड भी निर्धारित किया गया। इसमें पुरुष पुलिसकर्मी ट्राउजर, शर्ट, टाई व ब्लेजर पहन कर आएं, जबकि महिलाओं के लिए ब्लेजर व साड़ी का ड्रेस कोड रखा गया था। कॉन्फ्रेंस के मुख्य अतिथि पूर्व एडीजीपी और सरदार वल्लभभाई पटेल विश्वविद्यालय के कुलपति आलोक त्रिपाठी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि पुलिस के सामने आ रही है। चुनौतियां वर्तमान समय में नए कानून लागू हुए हैं और पुलिस नए कानून के साथ सामंजस्य से बिठाते हुए कैसे काम कर सकती है, इसको लेकर इस कांफ्रेंस का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस कमिश्नर राजेंद्र सिंह ने यह सराहनीय प्रयास किया, क्योंकि जिस तरीके से नए कानून आने के बाद पुलिस के सामने कई चुनौतियां आ रही थी, ऐसे में बेहतर पुलिसिंग के लिए अधिकारियों को कांफ्रेंस की आवश्यकता थी। इसीलिए यह आयोजन की शुरुआत हुई और आने वाले समय में इस तरीके से कॉन्फ्रेंस होगा। साथ ही उन्होंने बताया कि पुलिस के सामने कई तरह की समस्याएं हैं। ट्रैफिक में भी कई तरह की समस्या है। इन समस्याओं को लेकर ही आज की कांफ्रेंस आयोजित की गई है। ट्रैफिक में कैसे हादसों को कंट्रोल किया जाए, इसके बारे में भी विस्तार चर्चा होगी और किस प्रकार से साइंटिफिक रूल का इस्तेमाल किया जाए और ट्रेंड किया जाए। किस तरीके से समाज को इंवॉल्व किया जाए, लोगों को इंवॉल्व किया जाए, ड्राइवरस को इंवॉल्व किया जाए और सेफ ड्राइविंग के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। इस तरह के कई इश्यूज है, उनपर आज इस कांफ्रेंस में चर्चा की जाएगी। recent visitors 56