एसआई पेपर लीक में आया नया मोड़, राजस्थान-एसओजी की चार्जशीट में कई बड़े नाम

जयपुर. पुलिस सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में पेपर लीक की जांच में अब बड़े मगरमच्छ भी सामने आने लगे हैं। मामले में  SOG की टीम ने कोर्ट में चार्जशीट पेश की है, जिसमें राजस्थान लोक सेवा आयोग के तत्कालीन चेयरमैन संजय श्रोत्रिय से लेकर सदस्य मंजू शर्मा, संगीता आर्या, जसवंत राठी सबकी भूमिका संदेहास्पद बताई गई है। पुलिस में सब इंस्पेक्टर पेपर लीक की जांच को लेकर अब तक एसओजी पर सवाल उठ रहे थे कि जितनी भी गिरफ्तारियां हुई हैं, वे छोटे स्तर की हैं। कोई बड़ा नाम इसमें नहीं आ रहा लेकिन एसओजी ने कोर्ट में जो चार्जशीट पेश की है उसमें पूर्व आईपीएस और राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) के चेयरमैन संजय श्रोत्रिय का भी नाम लिया गया है।  SOG ने SI भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में 20 आरोपियों के खिलाफ 29 अक्टूबर को चार्जशीट पेश की थी, जिसमें SOG ने कई बड़े खुलासे किए हैं। SOG की चार्जशीट के मुताबिक इस पूरे मामले में राजस्थान लोक सेवा आयोग के तत्कालीन चेयरमैन संजय क्षोत्रिय से लेकर सदस्य मंजू शर्मा, संगीता आर्या, जसवंत राठी सबकी भूमिका संदेहास्पद है। इन सभी ने रामू राम राईका के बेटे-बेटी को फायदा पहुंचाया है। इंटरव्यू से पहले RPSC चेयरमैन से घर पर मिला था राइका चार्जशीट में कहा गया है कि RPSC सदस्य रामूराम राइका ने अपने बेटे देवेश और बेटी शोभा को थानेदार बनाने के लिए परीक्षा से एक माह पहले ही पेपर ले लिया था। यही नहीं इंटरव्यू से पहले राइका आरपीएससी के तत्कालीन चेयरमैन संजय श्रोत्रिय से उनके आवास पर भी मिला था, तब श्रोत्रिय ने कहा था कि देखते हैं। राइका को पेपर कटारा ने दिया SOG की चार्जशीट के मुताबिक रामू राम राईका को पेपर बाबूलाल कटारा ने उपलब्ध कराया था। बाबूलाल कटारा को मार्च महीने में तत्कालीन चेयरमैन भूपेंद्र सिंह ने SI भर्ती परीक्षा के लिखित परीक्षा के प्रश्न पत्र तैयार कराने की जिम्मेदारी दी थी। भूपेंद्र सिंह अक्टूबर 2020 से 1 दिसंबर 2021 तक आयोग के चेयरमैन थे। पहले यह परीक्षा एक दिन में आयोजित होनी थी, इसलिए बाबूलाल कटारा ने फर्स्ट और सेकंड पेपर के दो-दो सेट तैयार करके रख लिए थे। recent visitors 138

जल जीवन मिशन घोटाले में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, राजस्थान-पूर्व PHED मंत्री महेश जोशी पर केस दर्ज

जयपुर. जल जीवन मिशन घोटाले में राजस्थान की राजनीति में एक फिर हलचल हुई है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने पूर्व PHED मंत्री महेश जोशी और 22 अन्य अधिकारियों के खिलाफ गंभीर आरोपों में केस दर्ज किया है। यह केस एसीबी के एडिशनल एसपी बिशनाराम बिश्नोई की ओर से दर्ज किया गया है। इसमें महेश जोशी के साथ जल जीवन मिशन से जुड़े उच्चाधिकारियों के नाम भी शामिल हैं। एफआईआर में वित्तीय सलाहकार सुशील शर्मा, तत्कालीन मुख्य अभियंता आरके मीणा और दिनेश गोयल का नाम भी दर्ज किया गया है। इसके अलावा, अतिरिक्त मुख्य अभियंता अरुण श्रीवास्तव, रमेश चंद मीणा, परितोष गुप्ता, अधीक्षण अभियंता निरिल कुमार, विकास गुप्ता, महेंद्र प्रकाश सोनी, भगवान सहाय जाजू, जितेंद्र शर्मा, अधिशासी अभियंता विशाल सक्सेना, और पदमचंद जैन, संजय बड़ाया जैसे प्रमुख अधिकारी भी नामजद किए गए हैं। ACB का यह कदम राज्य में सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। जल जीवन मिशन में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते यह केस दर्ज किया गया है। recent visitors 96

धर्म परिवर्तन के खिलाफ नया कानून लाएगी सरकार, राजस्थान उपचुनाव में BJP-विधि मंत्री का दांव

जयपुर. धर्म परिवर्तन के खिलाफ राजस्थान सरकार विधानसभा में बिल लाएगी। राजस्थान सरकार में विधि मंत्री जोगाराम पटेल ने अगले विधानसभा सत्र में बिल लाने के संकेत दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि विधि विभाग धर्म परिवर्तन के खिलाफ बिल के ड्राफ्ट को फाइनल करने में जुटा हुआ है। मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा, उत्तराखंड और मध्यप्रदेश के धर्म परिवर्तन से जुड़े कानूनों की स्टडी की जा रही है। इस बिल को अगले विधानसभा सत्र में पारित किया जा सकता है। धर्म परिवर्तन के विरोध में लाए जा रहे इस बिल में कई कड़े प्रावधान किए जा सकते हैं। जैसे धर्म बदलवाने और उसमें सहयोग करने वालों पर जेल और भारी जुर्माना होगा। इसमें शामिल संस्थाओं के रजिस्ट्रेशन खारिज करने के साथ कड़ी कार्रवाई होगी। जबरन धर्म परिवर्तन पर पांच साल तक सजा और जुर्माने की सिफारिश है। गौरतलब है कि इससे पहले साल 2006 और 2008 में भी राजस्थान विधानसभा में तत्कालीन वसुंधरा सरकार के समय धर्म स्वातंत्र्य बिल दो बार पास हुआ था। लेकिन तब केंद्र की यूपीए सरकार से इसे मंजूरी नहीं मिल पाई थी। उस धर्म स्वातंत्र्य विधेयक 2008 के कई प्रावधानों को भी शामिल किया जाएगा। साल 2008 के धर्म स्वातंत्र्य बिल में कलेक्टर की मंजूरी के बिना धर्म बदलने पर रोक थी। recent visitors 92

रात 12 बजे पीक पर रहा पॉल्यूशन, राजस्थान में दिवाली के बाद बिगड़ी आबोहवा

जयपुर. राजस्थान में बीते एक सप्ताह में वायु प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया है। राजधानी जयपुर में शनिवार रात AQI का स्तर 305 तक पहुंच गया। वहीं, औसत रूप से यहां AQI का स्तर 142 रहा है। अगले एक सप्ताह में भी मौसम में प्रदूषण का स्तर कम नहीं होगा। राजस्थान के अन्य शहरों की बात करें तो अलवर का AQI स्तर औसतन 171 रहा, भरतपुर का 165, भिवाड़ी का 168, चूरू का 176, गंगानगर का 163 और पाली जिले का एक्यूआई स्तर 146 रहा। राजस्थान के हिल स्टेशन कहे जाने वाले माउंटआबू में फिलहाल हवा का स्तर सबसे अच्छा है। यहां सुबह पांच बजे के आसपास AQI का स्तर 25 रहा, जो विश्व स्वास्थ्य संगठन के मानकों के हिसाब से बेस्ट की श्रेणी में आता है। हालांकि, देर रात यहां भी वायु प्रदूषण का असर देखने को मिला, जिसमें यहां का AQI का स्तर 91 तक पहुंच गया। लेकिन औसत रूप से यहां AQI का स्तर 61 रहा है। वहीं, राजस्थान के अन्य पर्यटन स्थलों की बात करें तो धौरों के शहर जैसलमेर में AQI का स्तर देर रात 292 दर्ज किया गया। लेकिन सुबह यहां मौसम साफ रहा और AQI का स्तर भी 78 दर्ज किया गया। उदयपुर में AQI का औसत स्तर 122 के आसपास है। हिस्टोरिक ग्राफ से देखें तो यहां देर रात प्रदूषण बढ़ा, लेकिन सुबह होते-होते AQI का स्तर 49 रह गया। जो विश्व स्वास्थ्य संगठन के मानकों के हिसाब से श्रेष्ठ है। recent visitors 73

परिवारवाद को टिकट में मिलेगा महत्व, राजस्थान विधानसभा उपचुनावों में कांग्रेस की 23 तक आएगी लिस्ट

जयपुर. विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस की सूचियां भी आनी शुरू हो चुकी हैं। एआईसीसी ने झारखंड के 21 टिकट घोषित कर दिए हैं। राजस्थान का पैनल लेकर प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा दिल्ली रवाना हो चुके हैं। राजस्थान में विधानसभा चुनावों को लेकर सरगर्मियां तेज हो रही हैं। बीजेपी 6 सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर चुकी है अब कांग्रेस की सूची का इंतजार है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंद सिंह रंधावा टिकट दावेदारों के पैनल पर कल जयपुर स्थित कांग्रेस वॉर रूम में बैठक कर दिल्ली रवाना हो गए। अपने साथ वे नामों की सूची भी लेकर गए हैं और दिल्ली में हाईकमान के साथ बैठक करके सूची जारी करने की बात कहकर गए हैं। जानकारी के मुताबिक बुधवार 23 अक्टूबर को राजस्थान के लिए कांग्रेस की सूची जारी हो सकती है। इनको मिल सकता है मौका कांग्रेस की सूची में ज्यादातर टिकट परिवार से जुड़े हो सकते हैं। प्रभारी सुखजिंदर रंधावा का कहना है कि परिवारवाद में कोई परेशानी नहीं है, जिन सीटों के टिकट परिवार को जा सकते हैं उनमें रामगढ़, झुंझुनू और देवली उनियारा सीट शामिल हैं। दौसा में मुरारीलाल मीणा कह चुके हैं कि उपचुनावों में उनके परिवार से कोई दावेदारी नहीं कर रहा है। जानकारी के मुतबिक कांग्रेस किसी एससी चेहरे पर यहां दांव लगा सकती है। खींवसर में कांग्रेस-आरएलपी में अंदरखाने बातचीत हालांकि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा ने प्रदेश की सभी सातों सीटों पर प्रत्याशी उतारने और बिना गठबंधन के चुनाव लड़ने की घोषणा की है लेकिन जानकारी के मुताबिक अब भी कांग्रेस और आरएलपी के बीच खींवसर को लेकर बातचीत बंद नहीं हुई है। यदि यह गठबंधन नहीं होता है तो आरएलपी एक से ज्यादा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार सकती है, जिसका सीधा असर कांग्रेस पर होगा। बीएपी ने चौरासी-सलूंबर में प्रत्याशी उतारे इधर लोकसभा चुनावों में कांग्रेस की सहयोगी पार्टी रही बीएपी ने उपचुनावों के लिए चौरासी और सलूंबर पर अपना दावा ठोंक दिया है। इन दोनों सीटों पर पार्टी ने मजबूती से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। recent visitors 80

लॉरेंस बिश्नोई के एनकाउंटर पर एक करोड़ का इनाम, राजस्थान के क्षत्रिय करणी सेना अध्यक्ष का ऐलान

जयपुर. जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के एनकाउंटर के लिए क्षत्रिय करणी सेना ने कथित तौर पर इनाम की घोषणा की है। संगठन के अध्यक्ष राज शेखावत एक इस संबंध में एक वीडियो जारी करके कहा कि लॉरेंस बिश्नोई को मारने वाले किसी भी पुलिस अधिकारी को 1,11,11,111 रुपये का इनाम देंगे। राज शेखावत ने घोषणा करते हुए कहा कि लॉरेंस बिश्नोई का एनकाउंटर करने वाले पुलिसकर्मी को इनाम की यह राशि दी जाएगी। वीडियो में शेखावत ने जोर देते हुए कहा कि एनकाउंटर करने वाले बहादुर पुलिसकर्मी के परिवार की सुरक्षा एवं संपूर्ण व्यवस्थाओं का दायित्व भी हमारा ही रहेगा। बिश्नोई को देश के लिए खतरा बताते हुए क्षत्रिय करणी सेना प्रमुख ने कहा कि लॉरेंस बिश्नोई हमारे अनमोल रत्न और विरासत अमर शहीद सुखदेव सिंह गोगामेड़ी जी का हत्यारा है। गौरतलब है कि करणी सेना के प्रमुख सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की 5 दिसंबर 2023 को जयपुर में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी और उसके कुछ घंटों बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने उनकी हत्या की जिम्मेदारी ली थी। लॉरेंस इस समय ड्रग तस्करी के एक मामले में गुजरात की साबरमती जेल में बंद है। अप्रैल में मुंबई में सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी और उसके बाद एनसीपी नेता बाबा सिद्दिकी की हत्या में उसका नाम सामने आया है। बहरहाल क्षत्रिय करणी सेना का यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में बना हुआ है। recent visitors 139

माउंट आबू में पारा लुढ़का, राजस्थान में कार्तिक मास की शुरुआत से ही गुलाबी सर्दी की दस्तक

जैसलमेर. कार्तिक मास की शुरुआत के साथ शरद ऋतु शुरू हो चुकी है। राजस्थान की हवाओं में अब ठंड घुलने लगी है। बीते 20 दिनों तक प्रदेश के न्यूनतम तापमान में करीब 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ चुकी है। प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा चुका है। माउंट आबू प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका बना हुआ है यहां न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस तक चला गया है। बाजारों में गर्म कपड़ों की आवक शुरू हो गई है। राजधानी जयपुर की बात करें तो यहां गर्म कपड़ों के लिए तिब्बती बाजार लगना शुरू हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार अक्टूबर के आखिर तक तापमान में और तेजी से गिरावट शुरू होगी। बीते 24 घंटो में मौसम का हाल बीते 24 घंटों में श्रीगंगानगर में सर्वाधिक 39.4 डिग्री तापमान रहा। वहीं जैसलमेर में 38.5 डिग्री, बाड़मेर में 38.4 डिग्री, चूरू में 38.2 डिग्री, अलवर में 36.8 डिग्री, बीकानेर में 36.6 डिग्री, जोधपुर में 36.2 डिग्री, सीकर में 36.5 डिग्री, जयपुर में 36.1 डिग्री, अजमेर में 36 डिग्री रहा। वहीं भीलवाड़ा में 34.9 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 35.4 डिग्री और माउंट आबू में 27.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 19 अक्तूबर को राजस्थान में मौसम शुष्क रहेगा। राजधानी जयपुर की बात करें तो यहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। हालांकि दिन के समय यहां तेज धूप का असर है। लेकिन शाम होते-होते मौसम ठंडा हो जाता है। recent visitors 170